samacharsecretary.com

रात में चली गोलियों की गूंज: सपा नेता का बेटा ढेर, एक गंभीर रूप से घायल

प्रतापगढ़  यूपी के प्रतापगढ़ में कोतवाली इलाके के ताजपुर सरियावां गांव में शनिवार देर रात बच्चों के विवाद को लेकर सपा नेता पूर्व ग्राम प्रधान के एक बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सिर में गोली लगने से घायल दूसरा बेटा प्रयागराज रेफर किया गया है। झगड़े में दूसरे पक्ष के भी लोग घायल हुए हैं। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। गांव में तनाव फैला हुआ है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।   बताया जा रहा है कि ताजपुर सरियावां गांव निवासी सपा नेता व पूर्व प्रधान मोअज्जम उर्फ गुड्डू से पड़ोस के ही तनवीर आदि से पुरानी रंजिश चल रही है। आरोप है कि बच्चों के विवाद को लेकर शनिवार रात करीब 9:00 बजे दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने हो गए। दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। इसी दौरान तनवीर, उसके भाई सोहराब आदि ने मोअज्जम के बेटों एहतेशाम उर्फ साहिल के सिर और फुरकान के गले में गोली मार दी। फुरकान की गोली लगने से मौत हो गई। वहीं साहिल के सिर में गोली लगी है और उसका इलाज जारी है। पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस के साथ कोतवाल अवन कुमार दीक्षित मौके पर पहुंचे। उन्होंने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। वहीं, हत्या की बात फैलते ही सीएचसी कुंडा में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। गांव में तनाव फैल गया। भारी पुलिस बल के साथ एएसपी ने इलाके में माहौल को देखते हुए सुरक्षा बल तैनात कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों सपा नेता तनवीर और शाहबाज को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से राइफल भी बरामद की गई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।  

लक्ष्य सेन ने रचा कमाल, इस सीज़न का पहला टाइटल अपने नाम किया

सिडनी  भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इस सत्र का अपना पहला खिताब जीत लिया। लक्ष्य ने पुरुष एकल वर्ग के फाइनल में जापान के युशी तनाका को हराकर ऑस्ट्रेलियाई ओपन सुपर 500 टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। 24 साल के लक्ष्य से शानदार लय बरकरार रखते हुए 26 वर्षीय तनाका को 38 मिनट तक चले मैच में 21-15, 21-11 से हराया। लक्ष्य के लिए पिछले समय से चीजें सही नहीं चल रही थीं और वह पेरिस ओलंपिक 2024 में चौथे स्थान पर रहे थे। 2021 विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता लक्ष्य ने इससे पहले अपना आखिरी सुपर 300 खिताब पिछले साल लखनऊ में सैयद मोदी इंटरनेशनल में जीता था। वह सितंबर में हांगकांग सुपर 500 टूर्नामेंट में जीत के करीब थे, लेकिन उपविजेता रहे थे। लक्ष्य ने नहीं गंवाया एक भी गेम इस वर्ष ऑर्लियंस मास्टर्स सुपर 300 खिताब जीतने वाले विश्व के 26वें नंबर के खिलाड़ी तनाका का सामना करते हुए लक्ष्य ने शानदार नियंत्रण और तेज तर्रार खेल का नमूना पेश किया तथा एक भी गेम गंवाए बिना मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ मौजूदा राष्ट्रमंडल खेल चैंपियन लक्ष्य इस सत्र में बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर खिताब जीतने वाले केवल दूसरे भारतीय बन गए। इससे पहले आयुष शेट्टी ने अमेरिकी ओपन सुपर 300 टूर्नामेंट जीता था। भारत के अन्य खिलाड़ियों में सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी हांगकांग और चीन मास्टर्स के फाइनल में पहुंचे थे, जबकि किदांबी श्रीकांत भी साल की शुरुआत में मलयेशिया मास्टर्स में उपविजेता रहे थे। 

भारत में मुथुसामी का धमाका: धुआंधार शतक जड़कर रचा बड़ा इतिहास

नई दिल्ली  साउथ अफ्रीका के हरफनमौला सेनुरन मुथुसामी ने भारत के खिलाफ गुवाहटी में जारी दूसरे टेस्ट में शतक जड़ा। यह उनके टेस्ट करियर की पहली सेंचुरी है। उनके इस शतक के साथ साउथ अफ्रीका मजबूत स्थिति में पहुंच गया है और उनका स्कोर 400 के पार पहुंच गया है। सेनुरन मुथुसामी इस शतक के साथ भारत में 7 या उससे नीचे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ने वाले तीसरे साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज बन गए हैं। सेनुरन मुथुसामी अभी तक 10 चौके और 2 छक्के लगा चुके हैं। मार्को जेनसन अर्धशतक जड़ उनका साथ दे रहे हैं, सेनुरन मुथुसामी के साथ 8वें विकेट के लिए उनकी साझेदारी 100 के करीब है।   सेनुरन मुथुसामी भारत के खिलाफ नंबर 7 या उससे नीचे से टेस्ट सेंचुरी बनाने वाले तीसरे साउथ अफ्रीका के बैटर हैं, उनसे पहले क्विंटन डी कॉक (111, विशाखापत्तनम, 2019) और लांस क्लूजनर (102*, केप टाउन, 1997) ने ऐसा किया था। यह पहली बार है जब साउथ अफ्रीका द्वारा भारत के खिलाफ टेस्ट इनिंग में नंबर-7 या उससे नीचे के दो बल्लेबाजों ने 50-प्लस स्कोर बनाए हैं। सेनुरन मुथुसामी के अलावा मार्को जेनसन इस पारी में 50 से अधिक रन बना चुके हैं। सेनुरन मुथुसामी के टेस्ट करियर की बात करें तो, अभी तक 8 मैचों की 11 पारियों में वह 64.33 की औसत के साथ 808 रन बना चुके हैं। भारत के खिलाफ अपने टेस्ट करियर का पहला शतक जड़ने से पहले वह 2 अर्धशतक लगा चुके हैं। इनमें से एक अर्धशतक उन्होंने हाल ही में पाकिस्तान दौरे पर लगाया था, जहां उन्होंने 89 रनों की पारी खेल साउथ अफ्रीका की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। दूसरे दिन लंच ब्रेक तक साउथ अफ्रीका 7 विकेट के नुकसान पर 428 रन बोर्ड पर लगा चुका है। मुथुसामी 107 तो मार्को जेनसन 51 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।  

मुख्यमंत्री डॉ. यादव राज्य स्तरीय कार्यशाला और वाटर शेड महोत्सव का करेंगे शुभारंभ

बड़ी संख्या में जुटेंगे जनप्रतिनिधि व अधिकारी कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कंन्वेंशन सेंटर में 24 से 26 नवम्बर तक होगा आयोजन भोपाल प्रदेश की पंचायतों को आत्मनिर्भर व समृद्ध बनाने के लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा तीन दिन तक मंथन किया जाएगा। राज्य स्तरीय कार्यशाला होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कंन्वेंशन सेंटर, भोपाल में होने वाली राज्य स्तरीय कार्यशाला और वाटरशेड महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। कार्यशाला में उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल, श्री जगदीश देवड़ा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रहलाद पटेल, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह, पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह सहित जनप्रतिनिधि, विषय-विशेषज्ञ व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहेंगे। संचालक सह आयुक्त पंचायत राज श्री छोटे सिंह ने बताया कि भोपाल में 24, 25 एवं 26 नवंबर को तीन दिवसीय “आत्‍मनिर्भर पंचायत समृद्ध मध्‍यप्रदेश’’ पर केन्द्रित कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्‍य पंचायतों को आत्‍मनिर्भर के साथ समृद्ध बनाना है। कार्यशाला में त्रि-स्तरीय पंचायत से जुड़े जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जा रहा है। तीन दिनों तक चलने वाली कार्यशाला में पंचायतों के लिए “स्‍वनिधि से समृद्धि’’ अभियान की अवधारणा, शहरीकरण के साथ सामंजस्‍य, वाटरशेड परियोजना का क्रियान्‍वयन एवं शुद्ध पेयजल की उपलब्‍धता, स्‍वच्‍छ ग्राम, विभिन्न शासकीय योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री जनमन योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, पीएम पोषण एवं पेसा ग्राम सभाओं की वर्तमान स्थिति एवं सफल क्रियान्वयन सहित प्रशासनिक रूप से सक्षम पंचायत, प्रश्‍न-उत्‍तर इत्‍यादि विषयों पर विस्‍तृत रूप से चर्चा की जायेगी। 2000 से अधिक जनप्रतिनिधि व अधिकारी होंगे शामिल तीन दिन तक चलने वाली राज्य स्तरीय कार्यशाला में 2000 से अधिक लोग शामिल होंगे। इसमें जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मुख्य कार्यापालन अधिकारी, जिला पचांयत, जनपद पंचायत एवं ग्राम पंचायत के सरपंच एवं अन्य राज्य स्तरीय पदाधिकारी शामिल होंगे। राज्य स्तरीय कार्यशाला में जल गंगा संवर्धन अभियान में उत्कृष्ट कार्य वाले जिलों के साथ ही जिला एवं जनपद स्तर पर अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। जल गंगा संवर्धन अभियान में सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाले जिलों में खंडवा प्रथम, रायसेन द्वितीय एवं बालाघाट तीसरे नंबर रहा। खेत तालाब निर्माण में श्रेष्ठ कार्य वाले प्रथम जिले को दो श्रेणियों 'ए' और 'बी' में पुरस्कृत किया जाएगा। 'ए' श्रेणी में अनूपपुर जिला एवं 'बी' श्रेणी में बालाघाट जिला शामिल है। इसी तरह से जल गंगा संवर्धन अभियान में खेत तालाब निर्माण में विकासखंड स्तर पर श्रेष्ठ कार्य करने वाली जनपद पंचायतों को 'ए' और 'बी' श्रेणी में पुरस्कृत किया जाएगा। 'ए' श्रेणी में बालाघाट जिले की बिरसा जनपद एवं 'बी' श्रेणी में अनूपपुर जिले की पुष्पराजगढ़ जनपद पंचायत शामिल है। साथ ही जल गंगा संवर्धन अभियान के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले मनरेगा परिषद के राज्य स्तरीय अधिकारी-कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाएगा। इसमें राजीव गांधी जलग्रहण क्षेत्र प्रबंधन मिशन के अतिरिक्त संचालक श्री विवेक दवे, टेक्नीकल एक्सपर्ट सुश्री शिल्पी अधोलिया के साथ मनरेगा परिषद के सिस्टम एनालिस्ट श्री ओबेस अहमद, अधीक्षण यंत्री श्री सोमन सिंह डाबर, परियोजना अधिकारी श्रीमती आकांक्षा सिंह, सहायक प्रबंधक श्री पियूष प्रताप सिंह, नॉलेज पार्टनर टीम लीड श्री सुमेंद्र पुनिया, जीआईएस मैनेजर श्री राजेंद्र स्वामी, प्रोजेक्ट मैनेजर सुश्री नुपुन नवानी शामिल हैं। साथ ही परियोजना संचालक स्वान श्री अंशुमन राज सहित एमपीएसईडीसी के हेड डॉ. श्री राकेश दुबे, जनरल मैनेजर जीआईएस श्री अशोक पैडी, टेक्नीकल लीड श्री पुलकेश दास, एसोसिएट इंजीनियर श्री सागर तंतुवाय को भी सम्मानित किया जाएगा। कार्यशाला का उद्देश्य कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य पंचायतों को प्रशासनिक, वित्तीय एवं सामुदायिक स्तर पर मजबूत बनाते हुए उन्हें आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बनाने की दिशा में ठोस रणनीति तैयार करना है। इसके अंतर्गत स्थानीय शासन की पारदर्शिता व जवाबदेही, मनरेगा, आजीविका मिशन, सामाजिक अंकेक्षण, डिजिटल ट्रैकिंग एवं मॉनिटरिंग, वित्तीय प्रबंधन एवं पंचायत शासन, "स्‍वनिधि से समृद्धि" अभियान, वाटरशेड परियोजनाओं का क्रियान्वयन, शुद्ध पेयजल, स्वच्छ ग्राम तथा विभिन्न राष्ट्रीय योजनाओं का प्रभावी संचालन, पेसा ग्राम सभाओं की वर्तमान स्थिति एवं सफल क्रियान्वयन जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा और प्रशिक्षण दिया जाएगा। पैनल डिस्कशन एवं तकनीकी सत्र कार्यशाला के इन सत्रों में मंत्री, अपर मुख्य सचिव, विषय-विशेषज्ञ एवं विभाग के प्रमुख अधिकारियों की सहभागिता से उच्च स्तरीय पैनल डिस्कशन होगा। प्रत्येक दिन तकनीकी सत्रों में केस स्टडी, समूह गतिविधियाँ, फील्ड आधारित उदाहरण, अनुभव-साझा सत्र द्वारा प्रतिभागियों को व्यावहारिक सीख प्रदान की जाएगी।

लाइफलाइन कंज्यूमर्स, रूरल शेडयूल्ड मीटर्ड घरेलू कंज्यूमर्स और प्राइवेट ट्यूबवेल्स को पिछले साल की तरह ही सब्सिडी

लखनऊ यूपीईआरसी ने नए यूपीईआरसी (वितरण के लिए बहुवर्षीय टैरिफ) विनियम, 2025 के अनुसार वित्त वर्ष 2025-26 के लिए राज्य डिस्कॉम के लिए बिजली की दरें घोषित की हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिजली उपभोक्ताओं के हितों का ध्यान रखा और लगातार छठे साल टैरिफ में कोई बदलाव नहीं किया।  लगातार छठे साल भी टैरिफ में कोई बदलाव नहीं  सभी कंज्यूमर कैटेगरी के लिए टैरिफ लगातार छठे साल भी वैसे ही रखे गए हैं। इसका मतलब ये है कि इस बार भी टैरिफ में कोई बदलाव नहीं किया गया है। वित्त वर्ष 2025-26 से वित्त वर्ष 2029-30 तक के कंट्रोल पीरियड के लिए डिस्ट्रीब्यूशन लॉस का ट्रैजेक्टरी तय किया गया। यू०पी०पी०सी०एल० को कुल डिस्ट्रीब्यूशन लॉस को वित्त वर्ष 24-25 के 13.78% से घटाकर वित्त वर्ष 29-30 में 10.74% करने का निर्देश दिया गया। सभी कंज्यूमर को ग्रीन एनर्जी टैरिफ का फायदा मिलेगा HV कैटेगरी के कंज्यूमर्स के लिए ग्रीन एनर्जी टैरिफ रु. 0.36 प्रति यूनिट से घटाकर रु. 0.34 प्रति यूनिट कर दिया गया है और LV कैटेगरी के कंज्यूमर्स के लिए रु. 0.17 प्रति यूनिट तय किया गया है। लाइसेंसी को उन कंज्यूमर्स के बिल में पावर फैक्टर बताना होगा जहां के वी.ए.एच. बिलिंग की जा रही है। यूपीपीसीएल को सिक्योरिटी डिपॉजिट पर दिए गए ब्याज से काटे गए इनकम टैक्स के लिए योग्य कैटेगरी के कंज्यूमर्स को टीडीएस सर्टिफिकेट जारी करने का निर्देश दिया गया। यूपीइआरसी मल्टी स्टोरी बिल्डिंग्स और टाउनशिप के लिए अलग कंसल्टेशन पेपर यूपीइआरसी मल्टी स्टोरी बिल्डिंग्स और टाउनशिप से जुड़े मुद्दों को सुलझाने के लिए एक अलग कंसल्टेशन पेपर जारी करेगा। 5 राज्य डिस्कॉम के टैरिफ ऑर्डर को, जिसमें वित्त वर्ष 2023-24 का टू-अप, वित्त वर्ष 2024-25 का एनुअल परफॉर्मेंस रिव्यू (एपीआर) और वित्त वर्ष  2025-26 का वार्षिक रेवेन्यू रिक्वायरमेंट (एआरआर) शामिल है, UPERC ने स्टेकहोल्डर्स, पब्लिक और स्टेट एडवाइजरी कमेटी के ऑब्जेक्शन, कमेट्स और सुझावों को ध्यान में रखते हुए फाइनल कर दिया है। टैरिफ ऑर्डर की जरूरी बातें नीचे दी गई हैं। वित्त वर्ष 2023-24 के लिए 5 राज्य डिस्कॉम का टू-अप आयोग द्वारा अनुमोदित 140,580.13 (मिलियन यूनिट) की खरीद के लिए 5 राज्य डिस्कॉम के वित्त वर्ष 21023-24 के लिए समेकित वार्षिक राजस्व आवश्यकता (एआरआर) 85,082.83 करोड़ रुपये है, जबकि वार्षिक राजस्व आवश्यकता (एआरआर) 90,328 62 करोड़ रुपये के लिए 141,931.68 एमयू की खरीद का दावा किया गया है। लाइसेंसधारियों ने 15.48% की वास्तविक वितरण घाटे का दावा किया है. जबकि आयोग ने 10 अक्टूबर 2024 के टैरिफ आदेश में अनुमोदित घाटे के मुकाबले वास्तविक वितरण घाटे के निचले स्तर के रूप में 14.69% की वितरण घाटे को मंजूरी दी है। आयोग ने राज्य सरकार की सब्सिडी को राज्य सरकार से राज्य डिस्कॉम द्वारा प्राप्त 17,093.73 करोड़ रुपये माना है। कमीशन ने 60,235.65 करोड़ रुपये (डीम्ड रेवेन्यू सहित) तय किया है। इस वजह से वित्त वर्ष 2023-24 के लिए रेगुलेटरी अकाउंट में 1,246.55 करोड रुपये का सरप्लस है। वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 5 राज्य डिस्कॉम का एआरआर आयोग ने हाल ही में अधिसूचित यूपीईआरसी (वितरण के लिए एमवाईटी) विनियम, 2025 के अनुरूप वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 5 राज्य डिस्कॉम के एआरआर को मंजूरी दे दी है, आयोग ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 163,778.24 एमयू की खरीद के लिए 1,10,993.33 करोड़ रुपये की समेकित वार्षिक राजस्व आवश्यकता (एआरआर) को मंजूरी दी है। जबकि राज्य डिस्कॉम द्वारा 164,592.49 एमयू की खरीद के लिए 1.12.865.33 करोड़ रुपये का अनुमानित वार्षिक राजस्व आवश्यकता (एआरआर) दायर किया गया था। आयोग ने राज्य डिस्कॉम द्वारा दावा किए गए 13.77% के मुकाबले 13.35% के वितरण घाटे को मंजूरी दी है। राज्य सरकार द्वारा 17,100 करोड़ रुपये की सब्सिडी प्रदान की जाएगी। आयोग ने कंज्यूमर्स द्वारा दिए जाने वाले 86.183.29 करोड़ रुपये के राजस्व को मंजूरी दे दी है। इससे UPPCL/DISCOMS को कुल 1,03.283.29 करोड़ रुपये का रेवेन्यू मिलेगा। इसके चलते लाइसेंसी के लिए FY 2025-26 में 7,710.04 करोड़ रुपये का रेगुलेटरी गैप होगा। हालांकि, यह देखते हुए कि 1.4.2025 तक यूपीपीसीएल / डिस्कॉम के पास 18592.38 करोड़ रुपये का अनमानित जमा रेगलेटरी सरप्लस है इसलिए आयोग को FY 25-26 के लिए टैरिफ रेट बढ़ाने का कोई कारण नहीं मिला है।  वित्त वर्ष 2025-26 के लिए टैरिफ ऑर्डर की अन्य मुख्य विशेषताएं 1. UPPCL/DISCOMS के लिए UPERC द्वारा FY 24-25 के लिए तय टारगेट और कंट्रोल पीरियड FY 25-26 से FY 29-30 के लिए तय DL ट्रैजेक्टरी टारगेट के मुकाबले डिस्ट्रीब्यूशन लॉस की स्थिति का सारांश आगे है। ये टारगेट अगले पांच सालों अर्थात 2029-30 के लिए रखा गया है जो प्रतिशत में है । DVVNL के लिए 3.70%, MVVNL के लिए 2.61%, PVVNL के लिए 1.92%, PuVVNL के लिए 4.28%, KESCO के लिए 1.18%, UPPCL के लिए 3.04% है।  2. सिर्फ मध्यांचल और पश्चिमांचल डिस्काम्स ही FY 24-25 के लिए डिस्ट्रीब्यूशन लॉस के लिए तय टारगेट हासिल कर पाए। सबसे खराब परफॉर्निंग PuVVNL की रही, उसके बाद DVVNL की रही। 3. यूपी सरकार लाइफलाइन कंज्यूमर्स (रूरल और अर्बन), रूरल शेडयूल्ड मीटर्ड घरेलू कंज्यूमर्स और प्राइवेट ट्यूबवेल्स को पिछले साल की तरह ही सब्सिडी देती रहेगी। 4. लाइसेंस होल्डर्स को निर्देश दिया गया है कि वे उन सभी कंज्यूमर्स की PAN डिटेल्स इकट्ठा करें और अपडेट करें, जहाँ भी सिक्योरिटी डिपॉजिट पर दिए जाने वाले इंटरेस्ट पर इनकम टैक्स एक्ट के प्रोविजन के अनुसार TDS काटा जाना है। लाइसेंस होल्डर्स काटे गए टैक्स को जमा करें और सिक्योरिटी डिपॉजिट पर इंटरेस्ट के पेमेंट के समय ऐसे कंज्यूमर्स को TDS सर्टिफिकेट जारी करें। कज्यूमर्स अपने ऑनलाइन अकाउंट में लॉग इन करके सर्टिफिकेट डाउनलोड कर सकें। 5. TOD टैरिफ कैटेगरी और टाइम पीरियड पिछले साल जैसे ही रहेंगे। 6. ओपन एक्सेस कंज्यूमर्स हेतु क्रॉस सब्सिडी सरचार्ज को और रैशनलाइज किया गया है और कुछ कैटेगरी के लिए कम किया गया है। 7. FY 25-26 के लिए सप्लाई की औसत लागत 8.18 (Rs/KWh) होने का अनुमान है, जबकि औसत बिलिंग दर 7.61 (Rs/KWh) होने का अनुमान है। 8- पब्लिक हियरिंग के दौरान, मल्टी स्टोरी बिल्डिंग और टाउनशिप में सिंगल पॉइंट कनेक्शन पर कंज्यूमर्स ने बिलिग में गड़बड़ियों, ट्रांसपेरेसी की कमी और दूसरी दिक्कतों के बारे में कई मुद्दे उठाए है। कमीशन जल्द ही स्टेकहोल्डर्स के कमेंट्स के लिए इन दिक्कतों और उन्हें हल करने के संभावित तरीकों पर … Read more

मदनी का वार: ‘मुस्लिम दबाने की कोशिश’—कांग्रेस ने भी सरकार पर साधा निशाना

नई दिल्ली  दिल्ली में लाल किले के पास हुए विस्फोट की चल रही जांच के बीच जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी द्वारा भारत में मुसलमानों के खिलाफ भेदभाव के आरोपों पर तीखी राजनीतिक प्रतिक्रिया हुई है। मौलाना अरशद मदनी ने दावा किया कि भारत में मुसलमानों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने विदेशों में मुस्लिम नेताओं के उच्च पदों तक पहुंचने का उदाहरण दिया, लेकिन भारत में ऐसे पदों पर पहुंचने वालों को जेल भेज दिया जाता है। उन्होंने न्यूयॉर्क के मेयर-इलेक्ट जोहरान ममदानी और लंदन के मेयर सादिक खान का उल्लेख किया।   उन्होंने कहा कि भारत में कोई मुस्लिम विश्वविद्यालय का कुलपति भी नहीं बन सकता और यदि कोई बनता है तो उसे जेल भेज दिया जाता है, जिसका उदाहरण आजम खान हैं। उन्होंने अल-फलाह यूनिवर्सिटी में हो रही जांच का भी हवाला दिया। मदनी ने आरोप लगाया कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए अथक प्रयास कर रही है कि मुसलमान कभी सिर न उठाए। भाजपा नेता यासिर जिलानी ने मदनी के बयानों की कड़ी आलोचना की। उन्हें भ्रमित करने वाला और गुमराह करने वाला बताया। जिलानी ने कहा कि मुसलमानों के लिए भारत से बेहतर कोई जगह नहीं हो सकती और हिंदुओं से बेहतर कोई बड़ा भाई नहीं हो सकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आजम खान और अल-फलाह यूनिवर्सिटी के मालिक के खिलाफ मामले कानूनी उल्लंघनों पर आधारित हैं। जिलानी ने कहा कि आजम खान विभिन्न अपराधों में शामिल हैं। आजम खान और उनके बेटे मोहम्मद अब्दुल्ला आजम खान को हाल ही में एक दोहरे पैन कार्ड जालसाजी मामले में 7 साल की जेल की सजा सुनाई गई है। उन पर धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश के तहत मामला दर्ज किया गया था। एक अन्य भाजपा नेता मोहसिन रजा ने आरोप लगाया कि मदनी और उनका परिवार देश के मुसलमानों को लूटता रहा है और वे दोषारोपण की राजनीति कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी के नेता उदित राज ने मौलाना अरशद मदनी के बयानों का समर्थन किया और सरकार पर भेदभाव का आरोप लगाया। उदित राज ने कहा कि वह मदनी के बयान का समर्थन करते हैं और उन्होंने सवाल किया कि मुसलमानों के घर बुलडोजर से क्यों गिराए जा रहे हैं? उन्होंने इस बात पर सहमति व्यक्त की कि अल-फलाह यूनिवर्सिटी में किसी ने आतंकवादी गतिविधि की होगी, लेकिन उनका कहना है कि पूरे विश्वविद्यालय को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए।  

गुवाहटी में भारत बेबस, मुथुसामी ने ठोका शतक, साउथ अफ्रीका 420 के पार

नई दिल्ली  गुवाहटी में इंडिया और साउथ अफ्रीका के बीच जारी दूसरे टेस्ट मैच का आज यानी रविवार 23 नवंबर को दूसरा दिन है। दूसरे दिन का खेल जारी है। साउथ अफ्रीका का 247/6 से आगे खेलना जारी है और दूसरे दिन के दूसरे सेशन का खेल खत्म होने से पहले साउथ अफ्रीका का स्कोर 320 के पार हो गया है। दूसरे दिन के पहले सेशन में भारत खाली हाथ रहा, जबकि दूसरे सेशन में एकमात्र विकेट मिला। सेनुरन मुथुसामी ने शतक जड़ दिया है। भारतीय गेंदबाज बेबस नजर आ रहे हैं। मुथुसामी ने ठोका शतक सेनुरन मुथुसामी ने 9 चौके और 2 छक्कों की मदद से शतक पूरा किया। 192 गेंदों का उन्होंने सामना किया। ये मुथुसामी का पहला शतक टेस्ट क्रिकेट में है। साउथ अफ्रीका 400 के पार साउथ अफ्रीका ने 132 ओवर में 400 रनों का आंकड़ा पार किया। भारतीय टीम के लिए यहां से मुश्किल बढ़ने वाली है, क्योंकि दूसरे दिन के दूसरे सेशन का खेल जारी है। भारत अभी भी साउथ अफ्रीका को ऑलआउट करने से 3 विकेट दूर है। 

परिवारिक त्रासदी: पत्नी-बच्चों की गला दबाकर हत्या, आरोपी पति ने भी दी जान; दुमका में सनसनी

दुमका  झारखंड के दुमका में खौफनाक घटना सामने आई है। यहां के हंसडीहा थाना क्षेत्र के बरदेही गांव में दम्पति और दो बच्चों सहित चार का शव पुलिस ने बरामद किया है। महिला और दोनों बच्चों का शव घर के भीतर मिला है, जबकि पुरूष का शव घर से करीब 500 मीटर दूर स्थित धान के खेत से मिला है। सभी के गले में काला दाग पड़ गया है। जानकारी के मुताबिक मृतक के पिता जब सुबह उठा तो घर में किसी को जगा हुआ नहीं पाया। जब उठाने के लिए गया तो सभी को मृत अवस्था मे देखा। थोड़ी देर बाद पुत्र का भी शव खेत में पड़े होने की सूचना मिली। जिसके बाद घटना की सूचना हंसडीहा थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटी है।   पुलिस के शुरुआती जांच में पति के द्वारा ही पत्नी और दोनों बच्चों की गला दबाकर हत्या करने, फिर घर से कुछ दूरी पर धान के खेत स्थित नीम का पेड़ से फांसी लगा आत्महत्या करने की आशंका जताई है। पुलिस के मुताबिक 6 साल पहले मृतक की शादी देवघर के पालाजोरी में हुई थी। शनिवार की शाम को ही पति ने अपनी पत्नी और दोनों बच्चे को ससुराल से लेकर घर आया था। पुलिस ने मृतक के घर से रस्सी का टुकड़ा भी बरामद किया है। बताया जाता है कि घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के पिता मनोज मांझी ने अपने पुत्र के शव को नीम का पेड़ से उतार कर जमीन पर रखा था और मामले की जानकारी पुलिस को दी थी। पुलिस सभी बिंदुओं पर अभी जांच कर रही है। सभी मृतक की पहचान हंसडीहा थाना क्षेत्र के बरदेही निवासी पति बीरेंद्र मांझी (30), पत्नी आरती कुमारी (24), बेटी रोहि (4) औ बेटा विराज कुमार (2) के रूप में हुई है। अभी घटना को लेकर कारण कुछ भी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है। एक साथ एक ही परिवार के चार लोगों की शव मिलने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।  

चंडीगढ़ पर बड़ा कदम: अनुच्छेद 240 के तहत खत्म हो सकता है पंजाब-हरियाणा का हस्तक्षेप

चंडीगढ़  केंद्र सरकार चंडीगढ़ को संविधान के अनुच्छेद 240 के तहत लाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए संसद के आगामी शीतकालीन सत्र में संविधान का 131वां संशोधन विधेयक पेश किया जाना है। इस कदम का उद्देश्य चंडीगढ़ के प्रशासन को अन्य केंद्र शासित प्रदेशों (UTs) के साथ लाना है। लोकसभा सचिवालय के बुलेटिन के अनुसार, इस विधेयक का उद्देश्य चंडीगढ़ को संविधान के अनुच्छेद 240 में शामिल करना है।   इस कदम से चंडीगढ़, अन्य गैर-विधायिका वाले केंद्र शासित प्रदेश जैसे अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव और पुडुचेरी के समान हो जाएगा। वर्तमान में पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ का प्रशासन पंजाब के राज्यपाल द्वारा संभाला जाता है। अनुच्छेद 240 के तहत आने वाले सभी केंद्र शासित प्रदेशों में स्वतंत्र प्रशासक होते हैं। यह बदलाव चंडीगढ़ को एक स्वतंत्र प्रशासक देने की संभावना को जन्म देगा। संविधान का अनुच्छेद 240 भारत के राष्ट्रपति को कुछ केंद्र शासित प्रदेशों के लिए सीधे नियम बनाने का अधिकार देता है। यह राष्ट्रपति को उन केंद्र शासित प्रदेश के लिए शांति, प्रगति और सुशासन हेतु नियम बनाने का अधिकार देता है। इस अनुच्छेद के तहत राष्ट्रपति द्वारा बनाए गए किसी भी विनियमन में संसद द्वारा बनाए गए किसी भी अधिनियम को निरस्त करने या संशोधित करने की शक्ति होती है और इसे संसद के अधिनियम के समान कानूनी बल और प्रभाव प्राप्त होता है। पंजाब कर रहा विरोध यह कदम पंजाब और हरियाणा दोनों राज्यों के लिए एक अत्यंत संवेदनशील राजनीतिक मुद्दा है, क्योंकि दोनों चंडीगढ़ पर अपना पूर्ण दावा करते हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सहित अन्य नेताओं ने इस कदम का कड़ा विरोध किया है। मान ने जोर देकर कहा कि चंडीगढ़ हमेशा पंजाब का अभिन्न अंग रहेगा। साहनी ने कहा कि चंडीगढ़ के विभाजन के बाद पंजाब की राजधानी बनने का ऐतिहासिक महत्व है और केंद्र ने कई समझौतों के तहत चंडीगढ़ को पंजाब की राजधानी बनाने का वादा किया था। विरोध करने वाले नेताओं का मानना है कि यह संशोधन पंजाब के ऐतिहासिक और प्रशासनिक नियंत्रण को खत्म करने, राज्य के संघीय अधिकारों पर हमला करने और पंजाब को उसकी राजधानी से दूर करने की साजिश है। अगस्त 2016 में भी केंद्र ने सेवानिवृत्त नौकरशाह केजे अल्फोंस को चंडीगढ़ का स्वतंत्र प्रशासक नियुक्त करने की कोशिश की थी, लेकिन तत्कालीन शिरोमणि अकाली दल के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार के कड़े विरोध के बाद इसे टाल दिया गया था।  

तेज़ रफ्तार ने छीनी 7 ज़िंदगियाँ: बिहार के तीन जिलों में दर्दनाक हादसे

पटना  बिहार में रविवार को रफ्तार का कहर बरपा। अबतक 7 मौत की खबर आ चुकी है। छपरा और दरभंगा में हुए हादसों में 6 लोग जख्मी हुए हैं। सभी घायलों का इलाज विभिन्न अस्तालों में चल रहा है जबकि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। छपरा में हादसे के बाद बवाल मचाया गया और लोगों ने सड़क जाम कर दिया। पुलिस मौके पर मौजूद है। जानकारी के मुताबिक मुजफ्फरपुर-छपरा एनएच 722 पर गड़खा थाना क्षेत्र के जासोसती के पास रविवार की सुबह अज्ञात वाहन ने ऑटो में टक्कर मार दी जिसमें दो लोगों की मौत। ऑटो पर सवार अन्य चार लोग जख्मी। वहीं मकेर के फुलवरिया एन एच 722 पर रविवार की ही सुबह ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा दिया। उसके बाद गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दिया। रामनगर में हसड़क दुघर्टना में एक की मौत बेतिया के रामनगर – लौरिया मुख्य पथ पर शनिवार की देर रात हुए सड़क दुर्घटना में कार सवार एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान चरघरवा – बिशुनपुरवा गांव निवासी मुख्तार शाह के 22 वर्षीय पुत्र मो इरशाद के रूप में हुई हैं। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम में भेज दिया हैं। गाड़ी में चार लोग सवार थे। जिसमें गाड़ी चला रहे युवक की मौत हो चुकी थी। उसमें सवार तीन अन्य लोगों को भी चोटें आई थी। जो बाद में वहां से निकल गये। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच में जुट गई। थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम में बगहा अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया हैं। पुलिस उस पर सवार अन्य लोगों की पहचान में जुटी हुई है। लेकिन संवाद प्रेषण तक इसमें सफलता नही मिल सकी हैं। उधर परिजनों की माने तो वह अपने किसी मित्र के साथ बेतिया की तरफ किसी गांव में न्योता में गया हुआ था। जहां से लौटने के दौरान वह हादसे का शिकार हो गया। बांका में एक्सीडेंट इधर बांका के भरको पेट्रोल पंप के समीप सोमवार देर शाम दो वाहनों की जोरदार टक्कर में बारात जा रहा एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। तेज रफ्तार में हुए हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। ऑटो और बाइक के बीच टक्कर में तीन जख्मी अररिया-फारबिसगंज फोरलेन मार्ग स्थित टोल प्लाजा के समीप ऑटो और बाइक के बीच हुई टक्कर में बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गये। इसे स्थानीय लोगों व परिजनों की मदद से सदर अस्पताल अररिया लाया गया। जहां चिकित्सकों की देखरेख में तीनों जख्मी व्यक्ति का इलाज किया जा रहा है। जख्मी व्यक्ति नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र के पुलहा निवासी मैना देवी, द्रोपती देवी और विद्यानंद सादा बताया जा रहा है। बाइक असंतुलित होकर गिरने से युवक घायल अररिया-पूर्णिया फोरलेन मार्ग स्थित गैयारी के समीप बाइक असंतुलित होकर गिरने से बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गये। इसे स्थानीय लोगों व परिजनों की मदद से सदर अस्पताल अररिया लाया गया। जहां चिकित्सकों की देखरेख में जख्मी युवक का इलाज किया जा रहा है। जख्मी युवक खुर्शीद बताया जा रहा है।