samacharsecretary.com

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में अंतर्राष्ट्रीय शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सभी प्रयास करने की अपील की

प्रदेश में अंतर्राष्ट्रीय शिक्षा के लिये करें सभी प्रयास : मुख्यमंत्री डॉ. यादव टास्क फोर्स का गठन शीघ्र एरिजोना, पर्ड्यू एवं एशिया यूनिवर्सिटी से मध्यप्रदेश में अध्ययन केन्द्र खोलने के लिये संवाद तेज भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश के विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय शिक्षा मध्यप्रदेश में ही उपलब्ध कराई जाए, जिससे उच्च शिक्षा के इच्छुक विद्यार्थियों को विदेश जाकर अध्ययन करने की आवश्यकता कम पड़े और स्थानीय स्तर पर ही अंतर्राष्ट्रीय शिक्षा गुणवत्ता का अकादमिक वातावरण मिल सके। मुख्यमंत्री डॉ. यादव गत बुधवार को 'सुशासन भवन' में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक को संबोधित कर रहे थे। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार मध्यप्रदेश को वैश्विक शिक्षा मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में अब निर्णायक कदम बढ़ा रही है। राज्य सरकार ने अंतर्राष्ट्रीय विश्वविद्यालयों के अध्ययन केन्द्रों की स्थापना के लिए विशेष टास्क फोर्स गठित करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में आदेश शीघ्र ही जारी किए जाएंगे। अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान के अधिकारियों ने बताया कि इस सिलसिले में तेजी से प्रगति हो रही है। संयुक्त राज्य अमेरिका के दो विश्व विख्यात विश्वविद्यालयों Arizona State University (ASU) और Purdue University के साथ ताईवान की प्रतिष्ठित Asia University से मध्यप्रदेश में अपने अध्ययन केन्द्र स्थापित करने के लिए सक्रियता से संवाद चल रहा है। इन वर्ल्ड क्लास संस्थानों को उच्च स्तरीय शिक्षा, शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में वैश्विक पहचान प्राप्त है। शासन स्तर पर इन विश्वविद्यालयों के शीर्ष प्रबंधन से लगातार बातचीत हो रही है, जिससे संभावनाओं को बेहतर तरीके से मूर्त रूप देने में और तेजी लाई जा सके। राज्य सरकार की मंशा है कि प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के अध्ययन केन्द्र खुलने से प्रदेश में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता और बेहतर होगी। इंजीनियरिंग, एआई, डेटा साइंस, हेल्थ केयर साईंस, मैनेजमेंट और नये-नये उभरते तकनीकी क्षेत्रों में विद्यार्थियों को अंतर्राष्ट्रीय पाठ्यक्रम उपलब्ध होंगे। साथ ही स्थानीय उद्योगों, स्टार्टअप्स और इनोवेशन इकोसिस्टम को भी उच्च स्तरीय विशेषज्ञता और संयुक्त शोध कार्यक्रमों (ज्वाइंट रिसर्च प्रोग्राम्स) का भी लाभ मिलेगा। राज्य सरकार द्वारा इस संबंध में गठित की जा रही टास्क फोर्स में प्रो. संतोष विश्वकर्मा को अध्यक्ष नामांकित किया जा रहा है। यह टास्क फोर्स अंतर्राष्ट्रीय विश्वविद्यालयों के अध्ययन केन्द्रों की स्थापना से जुड़े सभी तकनीकी, शैक्षणिक और कानूनी पहलुओं का अध्ययन करेगी। साथ ही इन विश्वविद्यालयों के साथ होने वाले करार (समझौते) की प्रक्रिया को गति देगी। अंतर्राष्ट्रीय विश्वविद्यालयों से वार्ताएं सफल रहने पर भविष्य में मध्यप्रदेश उच्च शिक्षा के क्षेत्र में देश का सबसे आकर्षक एवं आइडियल डेस्टिनेशन बनेगा, जहां वैश्विक विश्वविद्यालयों का व्यापक शैक्षिक-तंत्र प्रदेश की प्रतिभाओं को नव विकसित परिदृश्य में नए अवसर और नई दिशाएं देगा। अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान द्वारा वर्तमान में फ्यूचर हायर एजुकेशन इंस्टीट्यूशंस, सेमीकंडक्टर्स, क्वांटम टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, एग्री-टेक तथा अन्य नवोन्मेषी क्षेत्रों में राज्य के तीव्र विकास के लिये आवश्यक विविध रणनीतिक पहलों पर काम किया जा रहा है। इन क्षेत्रों की उच्च विशेषज्ञता एवं निरंतर विकसित होती प्रकृति की पूर्ति को दृष्टिगत रखते हुए राष्ट्रीय/अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रख्यात विशेषज्ञों की आवश्यकता की पूर्ति की जा रही है, जो संस्थान को विषय-विशेष मार्गदर्शन, उच्च-स्तरीय वैज्ञानिक परामर्श और रणनीतिक दिशा प्रदान करेंगे। ऐसे विशेषज्ञों के जुड़ने से संस्थान की क्षमता संवर्धन के साथ यह नवाचार इन प्राथमिक क्षेत्रों में संस्थान के रूपांक, क्रियान्वयन और अनुश्रवण को भी मजबूत करेगा। बैठक में अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान के उपाध्यक्ष डॉ. राजीव दीक्षित, प्रमुख सचिव एवं संस्थान के चीफ एक्जीक्यूटिव ऑफिसर  गुलशन बामरा एवं डायरेक्टर  ऋषि गर्ग सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

अरुणाचल में खाई में गिरा मजदूरों से भरा ट्रक, 17 की मौत की संभावना

अंजाव अरुणाचल प्रदेश में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। इसकी खबर आज सामने आई है। वहां एक ट्रक खाई में गिर गया। हादसे में 17  लोगों की मौत की खबर है। ये सारे असम के मजदूर थे। बताया जा रहा है कि इस हादसे में सिर्फ एक मजदूर की जान बची है। उसी की सूचना के आधार पर खबर सामने आई है।हादसा भारत-चीन बॉर्डर के पास हयुलियांग–चगलागम रोड पर हुआ। अंजाव जिले के डिप्टी कमिश्नर मिलो कोजिन ने हादसे की पुष्टि की है। अभी तक 13 बॉडीज रिकवर की जा चुकी है।  डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि हादसा बेहद खतरनाक पहाड़ी मोड़ पर हुआ। सड़क बहुत संकरी है और कई हिस्सों में ढलान काफी तेज है। मजदूर इस इलाके में चल रहे बॉर्डर रोड निर्माण कार्य के लिए जा रहे थे। कैसे हुआ हादसा ? अंजाव जिले के डिप्टी कमिश्नर मिलो कोजिन ने पुष्टि की कि हादसा बेहद खतरनाक पहाड़ी मोड़ पर हुआ. उन्होंने बताया कि सड़क बहुत संकरी है और कई हिस्सों में ढलान काफी तेज है. मजदूर इस इलाके में चल रहे बॉर्डर रोड निर्माण कार्य के लिए जा रहे थे. हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों ने सबसे पहले मौके पर पहुंचकर मदद शुरू की. बाद में पुलिस, जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन और सेना की टीमों ने रेस्क्यू शुरू किया. खाई बहुत गहरी होने के कारण बचाव मुश्किल हो रहा है. कई मजदूरों को खाई में नीचे फंसे देखा गया है जिन तक पहुंचने में समय लग रहा है. स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है और कई मजदूरों के शरीर खाई में अलग-अलग हिस्सों में मिले हैं. इंडो-चीन बॉर्डर से जुड़े सड़क पर हुआ हादसा यह इलाका अपनी मुश्किल भौगोलिक परिस्थितियों के लिए जाना जाता है. इंडो-चीन बॉर्डर से जुड़े सड़क प्रोजेक्ट पर काम करने वाले मजदूरों को रोजाना बेहद खतरनाक रास्तों से गुजरना पड़ता है. कई बार खराब मौसम, भूस्खलन और संकरी सड़कें हादसों की वजह बनती हैं. अधिकारियों ने कहा कि घटना की जांच की जाएगी ताकि यह पता चले कि ट्रक तेज रफ्तार में था या सड़क की हालत वजह बनी. प्रशासन ने परिवारों से संपर्क भी शुरू कर दिया है और उन्हें पूरी मदद देने का भरोसा दिया है. पहाड़ी इलाके में हादसा यह हादसा समुद्र तल से करीब 10 हजार फीट की ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाके में हुआ। यहां सड़क बहुत संकरी और खतरनाक बताई जा रही है। मजदूर अरुणाचल से असम के तिनसुकिया जिले के छाट (पोरा घर) की ओर जा रहे थे, तभी वाहन फिसलकर ढलान से नीचे जा गिरा। शवों को निकालने में दिक्कत आ रही NDRF की टीम अभी भी मौके पर तैनात है, लेकिन खाई बहुत गहरी होने और सीमित संसाधनों की वजह से शवों को निकालने में मशक्कत करनी पड़ रही है। खराब मौसम और अत्यधिक ऊंचाई की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन काफी धीमी गति से चल रहा है। अरुणाचल और असम पुलिस की जॉइंट टीम हादसे की जांच और रेस्क्यू में लगी है। 

होंठों से जानें शरीर की छिपी बीमारियां, क्या आप पहचान रहे हैं इन अहम संकेतों को?”

हम सभी चाहते हैं क‍ि हमारे होंठों का रंग गुलाबी हो। लेक‍िन कुछ कमी और अनहेल्‍दी लाइफस्‍टाइल के कारण होंठों का रंग बदल जाता है। लेक‍िन क्‍या आपको मालूम है क‍ि ये हमारी सेहत का आईना भी हैं। आमतौर पर हमारे होंठ नरम, चिकने और गुलाबी दिखते हैं, जो सही पानी और पोषण का संकेत देते हैं। अगर इनमें जरा भी बदलाव द‍िखे तो ये कई बीमार‍ियों का संकेत भी हो सकते हैं। आज का हमारा लेख भी इसी व‍िषय पर है। हम आपको बताएंगे क‍ि हमारे होंठ कौन-कौन सी बीमारी होने का संकेत देते हैं। आइए जानते हैं व‍िस्‍तार से- नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन में छपी एक स्‍टडी बताती है क‍ि होंठों का रंग और बनावट दिल और सांस की सेहत से गहराई से जुड़े होते हैं। इसके अलावा हमारे होंठ ओवरऑल सेहत का संकेत भी देते हैं। होंठ का सफेद या नीला होना बहुत सफेद या नीले होंठ खून में ऑक्सीजन की कमी का संकेत देते हैं। ये एनीमिया, सांस की दिक्कत या ब्‍लड सर्कुलेशन में गड़बड़ी का संकेत हो सकते हैं। होंठ का ड्राई होना ठंड के मौसम में हमारे होंठ अक्‍सर ड्राई हो जाते हैं। लेकिन लगातार ड्राईनेस की समस्‍या है तो ये पानी की कमी, विटामिन की कमी खासकर व‍िटाम‍िन बी या कुपोषण की वजह से भी हो सकता है। NIH के अनुसार, होंठ सबसे जल्दी डिहाइड्रेशन और पोषण की कमी दिखा देते हैं। होंठों में सूजन होंठों की सूजन एलर्जी, इन्फेक्शन या सूजन वाली बीमारियों के कारण हो सकती है। अचानक या बार-बार सूजन होना एलर्जी या एंजियोएडेमा जैसी गंभीर स्थिति का संकेत हो सकता है। छाले या घाव होंठों पर छाले या घाव अक्सर वायरल इन्फेक्शन की वजह से होते हैं। बार-बार छाले आना इम्यून सिस्टम की कमजोरी या तनाव का असर हो सकता है। होंठों के क‍िनारों पर दरार होंठों के किनारों पर दरारें (एंगुलर चेलाइटिस) आयरन या विटामिन बी की कमी या फंगल इन्फेक्शन से जुड़ी हो सकती हैं। हेल्‍दी डाइट और होंठों की सफाई से इसे रोका जा सकता है। होंठ का रंग बदलना होंठों पर काले धब्बे या रंग बदलना हार्मोन की गड़बड़ी, विटामिन की कमी या दवाओं का असर हो सकता है। कई बार ये शरीर के अंदर चल रही परेशानी का शुरुआती संकेत भी होते हैं। होंठों को हेल्‍दी रखने के ट‍िप्‍स     पानी ज्यादा पिएं     लिप बाम और SPF लगाएं     होंठ चाटने से बचें     हेल्‍दी डाइट लें     हाइजीन मेंटेन करें  

लोकायुक्त ने महिला एवं बाल विकास अधिकारी को दबोचा, नौकरी बचाने के लिए मांगी रिश्वत

देवास  कम्प्यूटर ऑपरेटर को नौकरी पर बरकरार रखने के एवज में रिश्वत मांगना महिला व बाल विकास परियोजना अधिकारी को महंगा पड़ गया. बागली में लोकायुक्त की टीम ने कार्रवाई करते हुए परियोजना अधिकारी को कार में 5 हजार रु की रिश्वत लेते पकड़ा है. हालांकि, अधिकारी ने मीडिया से बातचीत में आरोपों को निराधार बताया और कहा कि उसे षड्यंत्र रचाकर फंसाया गया है. कंप्यूटर ऑपरेटर ने लगाए थे रिश्वत मांगने के आरोप देवास के बागली क्षेत्र के महिला व बाल विकास विभाग में आउटसोर्सिंग कम्प्यूटर ऑपरेटर प्रीतेश तंवर का आरोप है कि उसे नौकरी पर कन्टिन्यू रखने के एवज में 18 हजार रू की रिश्वत मांगी गई थी. उसने उज्जैन लोकायुक्त की टीम को इस मामले की लिखित शिकायत की थी. पहले लोकायुक्त उज्जैन ने शिकायत कंफर्म करने के लिए शिकायतकर्ता को कुछ पैसे लेकर अधिकारी के पास भेजा और कंफर्मेशन के बाद ट्रैप की प्लानिंग की. इसके बाद बुधवार को अगली किश्त के रूप में शिकायतकर्ता से 5 हजार रु रिश्वत के रूप में दिलवाए, तभी लोकायुक्त की टीम ने महिला व बाल विकास परियोजना अधिकारी को रंगे हाथों पकड़ लिया. उज्जैन लोकयुक्त की टीम ने आगे की कार्रवाई देवास सर्किट हाउस में की और लोकल जमानत पर अधिकारी को छोड़ दिया है. डीएसपी लोकायुक्त ने बताई पूरी कहानी वहीं, मामले को लेकर लोकायुक्त डीएसपी उज्जैन दिनेशचंद्र पटेल ने कहा, '' 4 दिसंबर को शिकायतकर्ता प्रीतेश तंवर, निवासी बागली, जिला देवास ने पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त उज्जैन आनंद यादव को शिकायत की थी कि वह कार्यालय परियोजना अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग में कम्प्यूटर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत है. उसे ऑनलाइन सेंटर वफोटोकॉपी सेंटर से प्रपत्र टाइपिंग कार्य और ईमेल आदि कार्यों के संपादन के लिए 9000 रु प्रतिमाह मिलता है. लेकिन आरोपी रामप्रवेश तिवारी, परियोजना अधिकारी ने उसी कार्यालय में लगातार उसे कार्य करने देने के लिए दो महीने के हिसाब से 18 हजार रु की मांग की थी. इसके बाद शिकायतकर्ता की शिकायत के बाद ट्रैप की कार्वाई की गई.'' लोकायुक्त डीएसपी ने आगे कहा, '' 10 दिसंबर को आवेदक द्वारा आरोपी रामप्रवेश तिवारी को रेलवे स्टेशन रोड देवास पर रिश्वत की अगली किस्त दी गई, तभी टीम ने रिश्वत राशि लेते हुए आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा है.''

पति की प्रशंसा में बह गईं रिवाबा? टीम इंडिया पर किया गया बयान सोशल मीडिया पर तहलका मचा रहा है

जामनगर  राजनीति में एंट्री के बाद से ही क्रिकेटर रविंद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा अक्सर सुर्खियों में रहती हैं। हाल ही में वह गुजरात की शिक्षा मंत्री बनाई गईं। इस बीच उनका एक बयान की सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। रिवाबा जडेजा ने पति रविंद्र जडेजा की तारीफ करते हुए टीम इंडिया के बाकी खिलाड़ियों पर गंभीर आरोप लगा दिया। हालांकि, लाइव हिन्दुस्तान के पड़ताल में पता चला कि रिवाबा ने यह बात करीब एक महीने पहले एक समारोह के दौरान दिया था, जिसे अब वायरल किया जा रहा है। जामनगर उत्तर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रिवाबा जडेजा जामनगर में दीपसिंहजी ध्रोल भयात राजपूत छात्रावास विद्या सम्मान समारोह में शामिल होने के लिए पहुंची थीं। इस दौरान भाषण देते हुए उन्होंने बेटे-बेटी में समानता, बच्चों को अच्छे संस्कार देने की जरूरत, बेटियों की तरह बेटों से भी सवाल करने की आवश्यकता पर जोर दिया। रिवाबा ने नशे से दूरी की अपील करते हुए अपने रविंद्र जडेजा की तारीफ की और कहा कि वह नशे को हाथ भी नहीं लगाते हैं। पति की तारीफ करते हुए उन्होंने टीम के बाकी खिलाड़ियों पर गलत कामों में शामिल होने का आरोप जड़ दिया। रिवाबा जडेजा कहती हैं, 'मेरे पति (रविंद्र जडेजा) लंदन, दुबई ऑस्ट्रेलिया खेलने के लिए जाते हैं। लेकिन आज तक उन्होंने नशे को हाथ नहीं लगाया। बाकी टीम खूब व्यस्न करती है।' रिवाबा जडेटा ने कहा कि ऐसा नहीं है कि उनके पति गलत काम नहीं कर सकते हैं, उन्हें कोई रोक टोक है। वह चाहें तो कर सकते हैं, लेकिन वह ऐसा नहीं करते हैं क्योंकि अपनी जवाबदेही समझते हैं। अब करीब एक महीने पुराने वीडियो को लेकर कई लोग सोशल मीडिया पर रिवाबा की आलोचना भी कर रहे हैं। हालांकि, रिवाबा की ओर से इस पर कोई सफाई नहीं दी गई है।

राजस्थान में शीतलहर का असर बढ़ा, पारा 3° तक गिरा, 12 दिसंबर से मिलेगी मामूली राहत

जयपुर  राजस्थान में ठंड लगातार कहर बरपा रही है। बुधवार को राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की गई। माउंट आबू, नागौर और फतेहपुर प्रदेश के सबसे ठंडे स्थान रहे, जहाँ पारा क्रमशः 3°, 3.3° और 3.4° सेल्सियस तक पहुंच गया। शेखावाटी और मारवाड़ इलाके में सुबह-शाम हाड़ कंपाने वाली ठंड ने लोगों की दिनचर्या प्रभावित कर दी है। 20 से ज्यादा शहरों का तापमान 10° सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड हुआ। सीकर में न्यूनतम तापमान 5°, लूणकरणसर में 5.1°, दौसा 5.7°, जालौर 5.9°, और करौली में 6.6° सेल्सियस दर्ज किया गया। अलवर में बुधवार सुबह हल्की धुंध छाई रही, जबकि सीकर में आसमान साफ रहा और हल्के बादल दिखाई दिए। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, गुरुवार और शुक्रवार को भी ठंड से राहत की उम्मीद नहीं है। हालांकि, 12 दिसंबर से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे उत्तर से आने वाली बर्फीली हवाएं कमजोर पड़ेंगी। इसके चलते न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होगी और लोगों को कड़ाके की ठंड से मामूली राहत मिल सकती है। ठंड बढ़ने के बीच दिन में निकली तेज धूप ने कुछ राहत जरूर दी। बुधवार को अधिकतम तापमान कई शहरों में 25° से ऊपर रहा और बाड़मेर में दिन का तापमान 32.6° सेल्सियस तक पहुंच गया।

सिंहस्थ 2028 के लिए सरकार ने लिया बड़ा फैसला, नगर निगम आयुक्त और महापौर के वित्तीय अधिकार होंगे दोगुने

उज्जैन मध्यप्रदेश के उज्जैन महाकाल की नगरी में होने वाले आगामी सिंहस्थ के लिए नगर निगम अयुक्त और महापौर के वित्तीय अधिकार दोगुने हो जाएंगे। सरकार ने तैयारियों की गति बढ़ाने के उद्देश्य से यह फैसला लिया है। बता दें कि उज्जैन में आगामी साल 2028 में सिंहस्थ महाकुंभ होगा। इसी कड़ी में उज्जैन नगर निगम आयुक्त (कमिश्नर), महापौर (मेयर) और एमआईसी के वित्तीय अधिकार दोगुने कर दिए है। बढ़ी हुई शक्तियां 30 मई 2028 तक लागू रहेंगी। सिंहस्थ से जुड़े कार्यों के लिए शहरी निकायों की सभी वित्तीय शक्तियां मेयर-इन-काउंसिल और प्रेजिडेंट-इन-काउंसिल को सौंपी गईं है। उज्जैन मेयर 10 से 20 करोड़ रुपए तक के सिंहस्थ संबंधित कार्यों को मंजूरी दे पाएंगे। बिना नोटिस किसी भी भवन या परिसर में जाकर निरीक्षण का अधिकार होगा। इसका उद्देश्य नियमों का उल्लंघन, टैक्स वसूली, स्वच्छता और अन्य निरीक्षण कार्य शामिल हैं।

इंदौर में शुक्रवार को बाबा रणजीत की प्रभातफेरी, होगा रंगारंग उत्सव

 इंदौर  इंदौर के पश्चिमी क्षेत्र से शुक्रवार सुबह चार बजे रणजीत हनुमान की प्रभातफेरी निकलेगी। जिसमे दो लाख से अधिक लोगों के जुटने का अनुमान है। कड़ाके की ठंड में इतनी सुबह भक्तों का इतना जमावड़ा देश में शायद ही कही और होता होगा। चारों तरफ भगवा पताकाएं, भजन गाती मंडलियां, भक्ती में डूबे लोगों का हुजूम सड़क पर नजर आएगा। मंदिर में चार दिनी उत्सव की शुरुआत हो चुकी है। बुधवार को दीपोत्सव मनाया गया तो गुरुवार को अनुष्ठान हुआ । रात से ही रणजीत हनुमान मार्ग पर प्रभातफेरी की तैयारियां शुरू हो जाएगी। प्रभातफेरी को लेकर ट्रैफिक और सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए है। सुबह चार बजे मंदिर परिसर से बाबा रणजीत अपने पारंपरिक रथ में सवार होकर निकलेंगे। इस दौरान भव्य आतिशबाजी होगी। प्रभातफेरी धीरे-धीरे महूनाका की तरफ बढ़ेगी। अन्नपूर्णा, दशहरा मैदान, नरेंद्र तिवारी मार्ग होते हुए प्रभातफेरी फिर मंदिर पहुंचेगी।  रामायण पर आधारित दो झांकियों का निर्माण कराया जा रहा है। इसके अलावा दस से ज्यादा भजन मंडलियां भी प्रभातफेरी में चलेगी। प्रभातफेरी में शामिल भक्त नंगे पैर चलेंगे।  तीन मार्गों पर वाहन प्रतिबंधित प्रभात फेरी के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। 12 दिसबंर को सुबह तीन बजे से फूठीकोटी, उषा नगर, और अन्नपूर्णा मार्ग पर वाहन प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा फूटी कोठी चौराहा से रणजीत हनुमान रोड होकर महुनाका चौराहा तक आवागमन बंद रहेगा। तीनों मार्ग पर ट्रैफिक गुरुवार रात दो बजे से शुक्रवार सुबह आठ बजे तक बंद रहेगा। तीन स्थानों पर पार्किंग कलेक्टोरेट की दिशा से आने वाले वाहन लालबाग परिसर में वाहन पार्क कर सकेंगे। गंगवाल क्षेत्र से आने वाले वाहन, सराफा स्कूल एमअेाजी लाइन में वाहन पार्क कर सकेंगे। अन्नपूर्णा मार्ग की तरफ से आने वाले वाहन दशहरा मैदान में वाहन पार्क सकेंगे। पांच सौ पुलिस जवान रहेंगे तैनात रणजीत हनुमान की प्रभातफेरी में पांच सौ से ज्यादा पुलिस जवान तैनात रहेंगे। इसके अलावा मार्ग के बड़े भवनों से भी पुलिस जवान निगरानी करेंगे। ड्रोन के जरिए भी पुलिस संदिग्ध लोगों पर नजर रखेगी। रथ के आसपास भी पुलिस सुरक्षा के घेरा बना रहेगा। चार किलोमीटर लंबे यात्रा मार्ग से जुड़ी गलियों में भी पुलिस जवान तैनात रहेंगे और गलियों में बैरिकेड लगाए जाएंगे।    

डेब्यू में चमके मिचेल हे, वेस्टइंडीज की दूसरी पारी में शुरुआती झटके

नई दिल्ली  मिचेल हे ने टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण पर अपनी पहली पारी में ही 61 रन बनाए जिससे न्यूजीलैंड ने गुरुवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच के दूसरे दिन पहली पारी में 73 रन की बढ़त हासिल की। वेलिंगटन में खेले जा रहे इस मैच पर मेजबान टीम का शिकंजा कस गया है क्योंकि दूसरी पारी में वेस्टइंडीज के 2 विकेट गिर भी चुके हैं। न्यूजीलैंड ने वेस्टइंडीज के 205 रन के जवाब में अपनी पहली पारी में 278 रन बनाए। वेस्टइंडीज ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी दूसरी पारी में दो विकेट पर 32 रन बनाए हैं और वह अभी न्यूजीलैंड से 41 रन पीछे है। स्टंप उखड़ने के समय ब्रैंडन किंग 15 और केवम हॉज तीन रन पर खेल रहे थे। माइकल रे ने जॉन कैंपबेल (14) को बोल्ड किया जबकि जैकब डफी ने नाइटवॉचमैन एंडरसन फिलिप (00) को एलबीडब्ल्यू आउट किया। सात एकदिवसीय और 12 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके विकेटकीपर बल्लेबाज मिचेल हे को चोटिल टॉम ब्लंडेल के स्थान पर टेस्ट क्रिकेट में मौका दिया गया। उन्होंने अपने चयन को सही साबित किया। उन्होंने 93 गेंदों का सामना करके नौ चौके और एक छक्का लगाया। न्यूजीलैंड ने सुबह अपनी पहली पारी बिना किसी नुकसान के 24 रन से आगे बढ़ाई। कप्तान टॉम लैथम (11) ज्यादा देर तक नहीं टिक पाए लेकिन उनके सलामी जोड़ीदार डेवोन कॉनवे ने 60 रन की उपयोगी पारी खेली। पूर्व कप्तान केन विलियमसन ने 37 रन बनाए। दिन के पांचवें ओवर में केमार रोच की गेंद पर लैथम बोल्ड हो गए। गेंद ऑफ स्टंप के बाहर से तेजी से अंदर की ओर आई और उनके रक्षात्मक शॉट को भेद गई। विलियमसन को फिलिप ने बोल्ड किया। कॉनवे ने लंच से पहले 87 गेंदों में अपना 15वां टेस्ट अर्धशतक पूरा किया, जो वेस्टइंडीज के खिलाफ उनका पहला अर्धशतक है। इसके बाद दूसरे सत्र की शुरुआत में ही कॉनवे और रचिन रविंद्र (05) लगातार ओवरों में आउट हो गए, जिससे न्यूजीलैंड का स्कोर चार विकेट पर 117 रन हो गया। मिचेल हे और डैरिल मिशेल (25) ने पांचवें विकेट के लिए 73 रन की साझेदारी की। ग्लेन फिलिप्स ने रोस्टन चेज़ की गेंद पर डीप मिडविकेट पर कैच आउट होने से पहले 18 रन बनाए। जैक फाउल्क्स 23 रन बनाकर नाबाद रहे। पहले दिन फील्डिंग के दौरान कंधे में चोट लगने के कारण ब्लेयर टिकनर बल्लेबाजी नहीं कर पाए।  

Aston Martin ने Timex के साथ मिलकर भारत में पेश किया शानदार प्रीमियम वॉच कलेक्शन

मुंबई  कुछ समय पहले ही स्पोर्ट्स मोटरसाइकिल निर्माता कंपनी Ducati India ने घड़ी निर्माता कंपनी Titan के साथ साझेदारी कर अपनी प्रीमियम घड़ियों की रेंज बाजार में उतारी थी. अब आइकॉनिक स्पोर्ट्सकार बनाने वाली कंपनी Aston Martin ने Timex के साथ मिलकर भारत में घड़ियों का एक खास कलेक्शन लॉन्च किया है. यह पहली बार है जब यह कंपनी फाइन वॉचमेकिंग की दुनिया में कदम रख रहा है. यह कलेक्शन Aston Martin के आइकॉनिक डिज़ाइन लैंग्वेज को सड़क से ग्राहकों की कलाई तक दो पिलर्स – टाइमलेस और आइकॉन के ज़रिए लाता है. इन घड़ियों में टाइटेनियम और कार्बन फाइबर जैसे प्रीमियम मटीरियल के साथ-साथ ऑटोमोटिव से प्रेरित डिटेलिंग भी देखने को मिलती है. कंपनी से मिली जानकारी के अनुसार, यह क्यूरेटेड डिज़ाइन लैंग्वेज कलेक्टरों, शौकीनों और स्टाइल पसंद करने वालों सभी को पसंद आएगी. जहां टाइमलेस सीरीज़ में Aston Martin की विरासत का सम्मान करने वाली विंटेज-प्रेरित घड़ियां शामिल हैं, वहीं आइकॉन एक आधुनिक लग्ज़री रेंज मिलती है, जो इस ब्रांड के शानदार समकालीन प्रोफ़ाइल को दिखाती है. टाइटेनियम, कार्बन फ़ाइबर और सिलिकॉन स्ट्रैप जैसे सिग्नेचर मटीरियल इस रेंज में शामिल हैं, साथ ही कार के इंटीरियर से प्रेरित स्टिचिंग पैटर्न और व्हील रिम के आकार में फ़िनिश किए गए डायल भी हैं. इसका मकसद पहनने वाले और परफॉर्मेंस की दुनिया के बीच एक गहरा जुड़ाव बनाना है. कंपनी ने इन घड़ियों की कीमत 17,995 रुपये से 57,995 रुपये के बीच रखी है. इस कलेक्शन का मुख्य आकर्षण TRG ऑटोमैटिक है, जो एक स्केलेटन-डायल मास्टरपीस है, जिसमें जापानी ऑटोमैटिक मूवमेंट लगाया गया है और यह हल्के टाइटेनियम टोन्यू केस में बना हुआ है. इसका खुला स्ट्रक्चर Aston Martin के सिग्नेचर रिम्स को श्रद्धांजलि देता है, जबकि इसका कार्बन फाइबर केस फ्लैंक और परफॉर्मेंस-टेक्सचर्ड स्ट्रैप सटीकता और पावर दोनों का एहसास दिलाते हैं. Timex Group India के मैनेजिंग डायरेक्टर दीपक छाबड़ा ने कहा कि, "हम भारत में एस्टन मार्टिन के साथ इस पार्टनरशिप को लेकर बहुत उत्साहित हैं, उनकी विरासत और खास डिज़ाइन हमारे क्राफ़्ट्समैनशिप और इनोवेशन के प्रति कमिटमेंट से पूरी तरह मेल खाते हैं, जिससे एक ऐसा टाइमपीस कलेक्शन पेश करने के रोमांचक मौके मिलेंगे जो दोनों ब्रांड्स की ताकत और प्रीमियम प्रोडक्ट्स पर हमारे लगातार फोकस को दिखाता है." Aston Martin के ब्रांड डाइवर्सिफिकेशन के डायरेक्टर स्टेफानो सैपोरेटी ने कहा कि, "यह कलेक्शन Aston Martin की हाई-परफॉर्मेंस आर्टिस्टिक और सोफिस्टिकेटेड डिज़ाइन के असली सार को एक पर्सनल, पहनने लायक रूप में पेश करता है। यह उन लोगों के लिए है जो हर दिन कुछ असाधारण चलाते हैं."