samacharsecretary.com

कप्तानी में भी बल्लेबाजी का जलवा: टेस्ट में सर्वाधिक शतक लगाने वाले 5 कप्तान, नंबर-1 ने रचा इतिहास

नई दिल्ली ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच हाल ही संपन्न हुई पांच टेस्ट मैचों की एशेज सीरीज के आखिरी मैच में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ ने शानदार शतकीय पारी खेली और ऑस्ट्रेलिया को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्टीव स्मिथ ने ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी में शानदार 138 रन बनाए थे। इस बेहतरीन शतक के साथ दाएं हाथ के ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज बल्लेबाज ने एक एलिट लिस्ट में अपनी जगह और मजबूत की है। स्मिथ टेस्ट क्रिकेट में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में चौथे स्थान पर हैं।   ग्रीम स्मिथ: बेहतरीन कप्तान और बल्लेबाज टेस्ट इतिहास में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा शतक लगाने का विश्व रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज ग्रीम स्मिथ के नाम है। स्मिथ ने 109 टेस्ट मैचों में टीम की कमान संभाली और 193 पारियों में रिकॉर्ड 25 शतक जड़े। उन्होंने न केवल दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट को नई दिशा दी, बल्कि एक कप्तान के तौर पर बल्ले से ऐसा कीर्तिमान स्थापित किया जिसे तोड़ना आज भी बेहद मुश्किल नजर आता है। विराट कोहली: भारत के सबसे सफल कप्तान इस सूची में भारत के विराट कोहली दूसरे स्थान पर काबिज हैं। कोहली न केवल एक आक्रामक बल्लेबाज रहे, बल्कि आंकड़ों के लिहाज से वे भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान भी हैं। उनकी कप्तानी में भारत ने 68 मैच खेले, जिनमें से 40 में जीत दर्ज की। कोहली का जीत प्रतिशत 58.82% है, जो सभी कप्तानों में सबसे अधिक है। उन्होंने कप्तान रहते हुए 113 पारियों में 20 शतक लगाए हैं। पोंटिंग और कोहली के करीब पहुंचे स्मिथ ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ ने हाल ही में सिडनी टेस्ट की पहली पारी में इंग्लैंड के खिलाफ 138 रनों की यादगार पारी खेलकर चौथे स्थान पर अपनी स्थिति को और मजबूत किया है। मात्र 76 पारियों में बतौर कप्तान अपना 18वां शतक पूरा कर उन्होंने रिकी पोंटिंग के 19 शतकों के रिकॉर्ड की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। वे विराट कोहली से भी सिर्फ 2 शतक ही पीछे हैं। इस सूची में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ 15 शतकों के साथ पांचवें स्थान पर हैं। टेस्ट क्रिकेट में बतौर कप्तान सर्वाधिक शतक जड़ने वाले 5 बैटर 1. ग्रीम स्मिथ (दक्षिण अफ्रीका): 25 शतक 2. विराट कोहली (भारत): 20 शतक 3. रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया): 19 शतक 4. स्टीव स्मिथ (ऑस्ट्रेलिया): 18 शतक 5. स्टीव वॉ (ऑस्ट्रेलिया): 15 शतक बता दें कि स्टीव स्मिथ ऑस्ट्रेलिया के नियमित कप्तान नहीं हैं। वे सिडनी टेस्ट में रेगुलर कैप्टन पैट कमिंस की गैर मौजूदगी में टीम की कमान संभाल रहे थे, जहां उन्होंने शानदार शतक जड़ते हुए टीम को जीत दिलाई। स्मिथ बतौर कप्तान सर्वाधिक शतक लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में विराट कोहली से 2 और रिकी पोंटिंग से 1 शतक पीछे हैं।

कनाडा सरकार ने पंजाबियों को दिया झटका, बुजुर्गों की PR पर रोक, केयरगिवर प्रोग्राम भी रोका

ओटावा कनाडा ने वीजा नियमों में बदलाव कर पंजाबियों को बड़ा झटका दिया है। इसके तहत अब देखभाल के बहाने बुजुर्गों के परमानेंट रेसिडेंस वीजा पर रोक लगा दी गई है। हालांकि अभी भी इनके पास सुपर वीजा का आप्शन खुली रहेगी। इसके तहत 5 साल तक लगातार कनाडा में रहा जा सकता है।  कनाडा इमिग्रेंट डिपार्टमेंट ने केवल बुजुर्गों की PR पर रोक लगाई है। कनाडा जाने पर रोक नहीं है। अगर वे घूमने या कुछ समय तक जाना चाहते हैं तो ऐसे वीजा पर कोई रोक नहीं रहेगी। कनाडा सरकार 2026-2028 के लिए PR की संख्या कम कर रही है। इस कटौती के तहत माता-पिता और दादा-दादी को बुलाने वाले प्रोग्राम (PGP) के नए आवेदनों को रोका गया है। 2025 में PGP के तहत नए आवेदन नहीं लिए जा रहे हैं। केवल 2024 में सबमिट किए गए आवेदनों को ही प्रोसेस किया जाएगा। साल 2024 में, कनाडा ने माता-पिता और दादा-दादी कार्यक्रम (PGP) के तहत लगभग 27,330 नए PR वीजा दिए थे। इसके अलावा कनाडा सरकार ने अपना केयरगिवर कार्यक्रम को भी बंद कर दिया है। हर साल 6 हजार पंजाबी बुजुर्ग करते PR के लिए अप्लाई कनाडा में दूसरे देशों से आकर रहने वाले लोग अपने बुजुर्गों को यहां बुलाते हैं। हर साल लगभग 25 से 30 हजार बुजुर्गों को PR मिलती है। इसमें 6 हजार के लगभग पंजाबी बुजुर्ग शामिल होते हैं। कनाडा के इमिग्रेशन डिपार्टमेंट के अनुसार इस वक्त कनाडा में कुल 81 लाख के करीब लोग ऐसे हैं जिनकी उम्र 65 साल से ज्यादा है। कनाडा सरकार का कहना है कि ये रोक 2026-2028 तक के लिए है। इसके बाद रिव्यू किया जाएगा। समीक्षा के बाद PGP प्रोग्राम को दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा। केयरगिवर प्रोग्राम पर भी लगाई गई रोक दिसंबर 2025 में कनाडा सरकार ने केयरगिवर के नाम से शुरू 'होम केयर वर्कर' पायलट प्रोग्राम को भी अगले आदेश तक रोक दिया है। यह प्रोग्राम उन लोगों के लिए था जो बुजुर्गों या बच्चों की देखभाल के लिए कनाडा जाना चाहते थे। अब यह मार्च 2026 में दोबारा नहीं खुलेगा। कनाडा सरकार ने अपनी इमिग्रेशन पॉलिसी 2026-2028 के तहत इमिग्रेशन की संख्या को सीमित करने का फैसला किया है। इसका मुख्य कारण आवास की कमी और सेहत सेवाओं पर बढ़ता दबाव बताया जा रहा है। तीर्थ सिंह ने बताया- अभी नियम जानना बाकी, बच्चों से मिलने के कई आप्शन जालंधर बस स्टैंड के पास पिनेकल वीजा के मालिक तीर्थ सिंह ने बताया कि कनाडा ने बुजुर्गों के पीआर को लेकर जो रोक लगाई है, उसके नियम अभी स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पूरी पॉलिसी पढ़ने के बाद पता चल सकेगा। बच्चों से मिलने जाने वाले बुजुर्गों में ये पैनिक वाली न्यूज है। मुझे कई बुजुर्गों के फोन आ चुके हैं कि अब क्या करेंगे। मैंने उनको बताया है कि डरने की बात नहीं है, कई और भी आप्शन हैं। बच्चों से मिलने के लिए जा सकते हैं। कनाडा ने ऐसा पहली बार नहीं किया है, पहले भी ऐसा किया जा चुका है।

भारत-कनाडा के संबंधों में सुधार से नाराज खालिस्तान समर्थक, कनेडियन सिखों को अलग-थलग करने का आरोप

चंडीगढ़  खालिस्तान समर्थक हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के बाद कनाडा और भारत सरकार के संबंधों में आई दरार के बाद कनाडा सरकार अब भारत के साथ संबंध बहाल करके व्यापार करना चाहती है। इसके लिए ब्रिटिश कोलंबिया के प्रीमियर डेविड एबी एक प्रतिनिधि मंडल के साथ भारत दौरे पर।  ब्रिटिश कोलंबिया के प्रीमियर डेवी एबी 12 जनवरी से 17 जनवरी तक भारत दौरे पर आ रहे हैं। डेवी एबी का यह दौरा ट्रेड मिशन के तहत किया जा रहा है। वहीं बीसी में रहने वाले खालिस्तान समर्थकों ने कनाडा को सरकार भारत के साथ व्यापार न करने को कहा है। उनका कहना है कि भारत ने कनाडा में रहने वाले सिखों का कत्ल किया है। सिखों को अलग-थलग कर रही है सरकार गुरु नानक सिख गुरुद्वारा सरे के सेक्रेटरी भूपिंदर सिंह होथी का कहना है कि बीसी प्रीमियर डेविड एबी कह रहे हैं कि बीसी सिटिजन के फायदे के लिए व्यापार का फैसला लिया जा रहा है। इसका मतलब यह है कि कनेडियन सिखों को अलग-थलग किया जा रहा है। सिखों के कत्ल हो रहे हैं। सिखों के बिजनेस को खतरा पहुंचाया जा रहा है। कनाडा भारत से न करे व्यापार बीसी गुरुद्वारा काउंसिल के मोहिंदर सिंह ने कहा कि, हम उन लोगों के साथ हाथ मिलाने जा रहे हैं जिनके हाथ सिखों के खून से रंगे हैं। कनेडियन सिटिजन के खून से रंगे हैं। इसमें कोई भी ठोस बात सामने नहीं निकलेगी। अगर हमनें इकॉनोमिक व ट्रेड डाइवरसीफिकेशन को देखना है तो भारत के अलावा कई देश हैं जिनसे बात की जा सकती है। भारत ने यहां पर हिंसा की है। उनके साथ हाथ मिलाना ठीक नहीं है। उनका कहना है कि अमेरिका की तर्ज पर कनाडा को टैरिफ लगाना चाहिए। दरअसल, खालिस्तान समर्थक हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के लिए वो भारत को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। खालिस्तान समर्थकों के एजेंडे को होगा नुकसान उन्होंने कहा कि, भारत-कनाडा के संबंधों में सुधार से खालिस्तान समर्थकों के एजेंडे को नुकसान हो सकता है। इसलिए खालिस्तान समर्थक नहीं चाहते कि भारत और कनाडा के संबंध अच्छे हों। दरअसल, कनाडा में बैठे खालिस्तान समर्थक भारत के खिलाफ अपना एजेंडा चलाते हैं। उन्हें डर है कि अगर भारत से संबंध अच्छे हुए तो उनकी गतिविधियों पर रोक लग सकती है। 12 से 17 जनवरी तक भारतीय दौरे पर रहेंगे ब्रिटिश कोलंबिया के प्रीमियर डेविड एबी (David Eby) और बीसी के जॉब्स और इकोनॉमिक्स मंत्री रवि कालोन 12 से 17 जनवरी 2026 तक भारत के दौरे पर आ रहे हैं। यह दौरा एक व्यापार मिशन के रूप में किया जा रहा है। जिसे दोनों देशों के बीच आर्थिक और कारोबारी संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से बनाया गया है। इस मिशन के दौरान प्रतिनिधि मंडल नई दिल्ली, मुंबई, चंडीगढ़ और बेंगलुरु जैसे प्रमुख स्थानों पर भारत सरकार के अधिकारियों, उद्योगों और व्यापारिक समुदाय के साथ मुलाकात करेंगे। इस दौरे के जरिए बीसी के उत्पादों और व्यवसायों को भारतीय बाजार में बढ़ावा देना, नए निवेश और व्यापारिक समझौते किए जा सकते हैं।

पंजाब सरकार ने लिया बड़ा फैसला, झज्जर बचौली सैंक्चुअरी का नाम गुरु तेग बहादुर साहिब रखा

चंडीगढ़  पंजाब राज्य वन्यजीव बोर्ड की स्टैंडिंग कमेटी ने वीरवार को अहम फैसला लिया है जिसमें रूपनगर जिले की झज्जर-बचौली वन्यजीव सेंक्चुअरी का नाम नौवें सिख गुरु श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के नाम पर रखने की मंजूरी दी गई है। बैठक की अध्यक्षता करते हुए वन एवं वन्यजीव सुरक्षा मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी का 350वां शहीदी दिवस पिछले साल 25 नवंबर को श्री आनंदपुर साहिब में श्रद्धा के साथ मनाया गया था। कैबिनेट मंत्री हरजोत बैंस ने झज्जर-बचौली जंगली जीव सेंक्चुअरी का नाम बदलकर श्री गुरु तेग बहादुर जी के नाम पर रखने की सिफारिश भेजी थी जिसे बोर्ड ने मान लिया है। यह सेंक्चुअरी तीन गांवों झज्जर, बचौली और लमलेहरी में 289 एकड़ क्षेत्र में फैली हुई है।  आनंदपुर साहिब में स्थित है सैंक्चुअरी झज्जर-बचौली वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी पंजाब के रूपनगर जिले में, श्री आनंदपुर साहिब के पास स्थित है। आनंदपुर साहिब से करीब 15 किलोमीटर दूर है और सतलुज नदी के आसपास फैली हुई है। यह सैंक्चुअरी जंगल और जानवरों की सुरक्षा के लिए बनाई गई है। यहां खैर, शीशम, नीम और आंवला जैसे पेड़-पौधे हैं, जिससे यह इलाका हरा-भरा रहता है। सैंक्चुअरी में नीलगाय, हिरण, जंगली सूअर और सियार जैसे जानवर पाए जाते हैं। यह जगह वन्यजीवों को बचाने और प्रकृति देखने वाले लोगों के लिए खास है। सरकार इसे पर्यटन के रूप में भी विकसित करना चाहती है। पहले आनंदपुर साहिब को यह सौगात मिली थी पंजाब सरकार द्वारा इस समय गुरु तेग बहादुर जी का 350वां शहीदी शताब्दी समारोह मनाया जा रहा है। इस संबंध में सरकार की तरफ से श्री आनंदपुर साहिब में भव्य समारोह करवाया गया था। इस दौरान सर्वधर्म संत सम्मेलन भी आयोजित किया गया था। क्योंकि शहीदी के बाद उनके शीश को यहां लगाया था। वहीं, 24 नवंबर को पंजाब सरकार की तरफ से पहली बार चंडीगढ़ से बाहर विशेष विधानसभा सत्र आयोजित किया गया था। इस दौरान सीएम भगवंत मान ने श्री आनंदपुर साहिब समेत तीन तख्तों को होली सिटी बनाने का ऐलान किया था। इसके बाद उन्होंने आनंदपुर साहिब में गुरु तेग बहादुर जी के नाम पर वर्ल्ड क्लास यूनिवर्सिटी बनाने की घोषणा की थी।

पंजाब में हाई-सिक्योरिटी नंबर प्लेट के लिए ऑनलाइन आवेदन, 2019 से पुराने वाहनों को भी शामिल किया गया

अमृतसर  पंजाब में अब लोगों को अपने वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (HSRP) लगवाने के लिए केवल ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके लिए ट्रांसपोर्ट दफ्तर या सुविधा केंद्र जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। 1 अप्रैल 2019 से पहले पंजीकृत वाहनों की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया भी अब ऑनलाइन ही होगी। यह सारा काम एक निजी कंपनी के सहयोग से किया जाएगा। इसके बाद जिन वाहनों पर हाई-सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं लगी होगी, उनके खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। ऐसे बुक करनी होगी अप्वाइंटमेंट पंजाब सरकार की ओर से यह जिम्मेदारी सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) को सौंपी गई है। ऐसे में लोगों को अपने वाहनों के लिए हाई- सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाने के लिए SIAM की वेबसाइट www.siam.in पर जाना होगा। वेबसाइट पर जाकर वाहन की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद विभाग की ओर से तय तारीख पर नंबर प्लेट लगवाने के लिए बुलाया जाएगा। इसी तरह पूरी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। दलालों से बचने की सलाह विभाग ने लोगों को सख्त हिदायत दी है कि वे किसी भी एजेंट या दलाल के झांसे में न आएं। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और ऑनलाइन है। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब हाल ही में विजिलेंस विभाग ने लाइसेंस और आरसी घोटाले का पर्दाफाश किया था।

मुख्यमंत्री योगी ने ‘प्रारंभिक उत्तर भारत व इसके सिक्के’ पुस्तक का विमोचन किया

दुनिया में जिसे भी लोकतंत्र को जानना है उसे भारत से सीखना होगा : योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री योगी ने ‘प्रारंभिक उत्तर भारत व इसके सिक्के’ पुस्तक का विमोचन किया सिक्कों के प्रमाण से भारत की एकता और लोकतांत्रिक परंपरा को मुख्यमंत्री योगी ने किया रेखांकित पश्चिमी दुष्प्रचार को तथ्य और साक्ष्य से चुनौती देने वाला ग्रंथ है प्रारंभिक उत्तर भारत व इसके सिक्के: मुख्यमंत्री योगी लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को कहा कि भारत ने हमेशा सनातन संस्कृति और इतिहास से जुड़े प्रमाणों को प्रमुखता से रखा है। उन्होंने कहा कि ‘प्रारंभिक उत्तर भारत व इसके सिक्के’ पुस्तक भारत की लोकतांत्रिक चेतना, ऐतिहासिक एकता और हजारों वर्षों पुरानी सांस्कृतिक विरासत को प्रमाणों के साथ प्रस्तुत करने वाला एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है, जो वर्षों से किए जा रहे पश्चिमी दुष्प्रचार का तथ्यात्मक उत्तर देता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के बारे में यदि किसी को जानना है तो उसे भारत से सीखना होगा। इसी को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जी-20 समिट के दौरान कहा था कि भारत केवल दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र नहीं है बल्कि भारत लोकतंत्र की जननी भी है। इसका प्रमाण वैशाली है जो दुनिया के प्रारंभिक गणराज्यों में से एक था।             मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास के सभागार में हिंदुजा फाउंडेशन द्वारा प्रकाशित पुस्तक ‘प्रारंभिक उत्तर भारत व इसके सिक्के’ का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने फाउंडेशन द्वारा संग्रहित दुर्लभ और प्राचीन ऐतिहासिक सिक्कों का अवलोकन भी किया। कार्यक्रम में हिंदुजा फाउंडेशन के जनकल्याणकारी कार्यों को दर्शाती लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। भारत ने सभी को दिया समान अवसर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दुनिया की कौन सी ऐसी जाति, मत व संप्रदाय हैं जिसकी भारत ने मदद नहीं की और शरण देकर फलने-फूलने का अवसर नहीं दिया। दुनिया के अंदर क्या कोई और देश या मत, मजहब है जो इस बात की घोषणा करता हो "अयं निजः परो वेति गणना लघुचेतसाम्, उदारचरितानां तु वसुधैव कुटुम्बकम्", ये केवल भारत ही कर सकता है। मुख्यमंत्री योगी ने “दुर्लभं भारते जन्म, मानुष्यं तत्र दुर्लभम्” का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत में जन्म लेना सौभाग्य है और मनुष्य के रूप में जन्म लेना उससे भी अधिक दुर्लभ। उन्होंने कहा कि पश्चिमी विद्वानों द्वारा लंबे समय तक यह प्रचार किया गया कि भारत कभी एक इकाई नहीं था, जबकि वर्ष 1947 का विभाजन स्वयं ब्रिटिश साजिश का परिणाम था। उन्होंने “उत्तरं यत् समुद्रस्य हिमाद्रेश्चैव दक्षिणम्। वर्षं तद् भारतं नाम भारती यत्र सन्ततिः॥” श्लोक का उल्लेख करते हुए कहा कि यही भारतवर्ष है, जिसमें ऐतिहासिक रूप से आज का पाकिस्तान और बांग्लादेश भी सम्मिलित रहे हैं। हजारों वर्षों की इस विरासत को भुलाने वाले ही भारत की अखंडता पर प्रश्न उठाते हैं। सिक्कों में सुरक्षित भारत का प्रामाणिक इतिहास मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पुस्तक में अयोध्या, मथुरा, कौशाम्बी, काशी और पांचाल सहित अनेक क्षेत्रों के तांबे, चांदी और मिश्रित धातुओं से बने सिक्के उस समय की ऐतिहासिक, भौगोलिक और व्यापारिक स्थिति को प्रमाणित करते हैं। भारत ने सदैव तथ्य और साक्ष्य के साथ अपनी बात रखी है, जबकि पश्चिमी देशों ने लोकतंत्र को अपना योगदान बताकर इतिहास को विकृत करने का प्रयास किया।  मापन, मुद्रा और विज्ञान की सनातन परंपरा मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भारत ने सबसे पहले मापन और तोल की वैज्ञानिक व्यवस्था दी। माशा, तोला जैसी इकाइयां आज भी प्रचलन में हैं, विशेषकर धातुओं और सोने की तोल में। प्राचीन सिक्कों के मापक भी उसी वैज्ञानिक प्रणाली पर आधारित थे, जो भारत की उन्नत बौद्धिक परंपरा को दर्शाते हैं। मुख्यमंत्री योगी ने मौर्य शासनकाल को भारत का स्वर्ण युग बताते हुए कहा कि उस समय विश्व की अर्थव्यवस्था में भारत की हिस्सेदारी 46 प्रतिशत थी। 15वीं सदी तक यह 24 प्रतिशत रही, लेकिन विदेशी शासकों के दोहन के कारण स्वतंत्रता के समय यह घटकर डेढ़ से दो प्रतिशत रह गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। विजन-2047 और विरासत पर गौरव मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का विजन-2047 पंच प्रण और 11 संकल्पों के साथ हर भारतीय को जोड़ता है। इसका पहला प्रण ही विरासत पर गौरव की अनुभूति करना है। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम का पुनरोद्धार और सनातन धरोहरों का संरक्षण इसी विजन का साकार रूप है। सावित्री-सत्यवान ऐतिहासिक प्रमाणों से पुष्ट कार्यक्रम में पुस्तक के लेखक प्रो. देवेन्द्र हांडा ने बताया कि ब्रिटिश म्यूजियम में संरक्षित एक सिक्के पर ‘सावित्री पुत्र जनपदस’ अंकित है। इससे सिद्ध होता है कि सावित्री-सत्यवान की कथा केवल कल्पना नहीं, बल्कि सनातन इतिहास की वास्तविक घटनाओं से जुड़ी है। उन्होंने मद्र राज तथा पोरस के वंशजों के सिक्कों का भी उल्लेख किया, जो प्रचलित ऐतिहासिक धारणाओं को चुनौती देते हैं। हिंदुजा फाउंडेशन का शोधपरक प्रयास हिंदुजा समूह के अशोक हिंदुजा ने कहा कि अब समय आ गया है कि भारत अपनी सनातन संस्कृति को वैज्ञानिक शोध और प्रमाणों के साथ दुनिया के सामने रखे। यह पुस्तक उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए उत्तर प्रदेश में आगे भी निवेश का भरोसा जताया। कार्यक्रम में हिंदुजा समूह के ट्रस्टी पीपी हिंदुजा, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, पुस्तक के लेखक प्रो. देवेन्द्र हांडा तथा हिंदुजा परिवार के वरिष्ठ सदस्य और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: दिसंबर 2026 तक सेंसेक्स 95,000 तक पहुंच सकता है

मुंबई   भारत का शेयर बाजार आने वाले समय में अच्छा-खासा मुनाफा दे सकता है। मजबूत आर्थिक स्थिति, स्थिर बाजार, सही कीमत पर शेयरों की उपलब्धता और ग्रोथ साइकिल के चलते भारतीय शेयर बाजार में तेजी की संभावना जताई गई है। बुधवार को जारी एमएस रिसर्च की रिपोर्ट में कहा गया है कि बीएसई सेंसेक्स दिसंबर 2026 तक 95,000 अंक तक पहुंच सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, इसके इस लेवल तक पहुंचने की 50 प्रतिशत संभावना है। इसका मतलब है कि सेंसेक्स में लगभग 13 प्रतिशत की बढ़त देखी जा सकती है। रिपोर्ट में माना गया है कि सरकार खर्च पर नियंत्रण बनाए रखेगी, निजी कंपनियों का निवेश बढ़ेगा और देश की आर्थिक वृद्धि दर ब्याज दरों से बेहतर रहेगी। इन सभी कारणों से शेयर बाजार को सपोर्ट मिलेगा।रिपोर्ट के अनुसार, सेंसेक्स से जुड़ी कंपनियों की कमाई साल 2028 तक हर साल लगभग 17 प्रतिशत की दर से बढ़ सकती है। इससे निवेशकों का भरोसा और मजबूत होगा।रिपोर्ट में कहा गया है कि पिछले करीब पांच वर्षों में पहली बार शेयर बाजार की कीमतें ब्याज दरों की तुलना में बेहतर दिख रही हैं, जिससे शेयरों में आगे और बढ़त की संभावना बनती है। रिपोर्ट के अनुसार, उपभोक्ता वस्तुओं और उद्योग क्षेत्र में करीब 300 बेसिस प्वाइंट्स, जबकि वित्तीय क्षेत्र में लगभग 200 बेसिस प्वाइंट्स की अतिरिक्त तेजी आ सकती है। इसकी वजह शहरों में मांग का बढ़ना, जीएसटी दरों में कटौती, सरकार का ज्यादा खर्च, कर्ज में बढ़ोतरी और कम कर्ज नुकसान है। रिपोर्ट में कहा गया है कि तेज विकास, कम उतार-चढ़ाव और घटती ब्याज दरों के चलते लोग बचत को शेयर बाजार में लगाना ज्यादा पसंद कर रहे हैं। इससे बाजार को और मजबूती मिल रही है। सरकार द्वारा रेपो रेट में कटौती, कैश रिजर्व रेशियो में कमी, बैंकों के नियमों में आसानी और बाजार में तरलता बढ़ाने जैसे कदमों से आर्थिक विकास को बढ़ावा मिल रहा है।इसके अलावा, सरकार द्वारा पहले से किया गया पूंजी खर्च, लगभग डेढ़ लाख करोड़ रुपए की वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) दरों में कटौती, चीन के साथ संबंधों में सुधार और वहां की नई नीतियां भी बाजार के लिए फायदेमंद मानी गई हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि यदि वैश्विक अर्थव्यवस्था धीमी होती है या दुनिया में राजनीतिक तनाव बढ़ता है, तो इससे बाजार पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।

WPL 2026 का भव्य आगाज आज, ओपनिंग सेरेमनी कब, कहां और कितने बजे? पूरी गेस्ट लिस्ट देखें

नई दिल्ली महिला क्रिकेट के सबसे बड़े मंचों में से एक विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 का चौथा सीजन शानदार अंदाज में शुरू होने जा रहा है. टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले 9 जनवरी को एक भव्य ओपनिंग सेरेमनी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्रिकेट के साथ-साथ बॉलीवुड का तड़का भी देखने को मिलेगा. इस खास मौके पर डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच पहला मुकाबला खेला जाएगा. कब और कहां होगी WPL 2026 की ओपनिंग सेरेमनी WPL 2026 की ओपनिंग सेरेमनी शुक्रवार, 9 जनवरी को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में आयोजित होगी. टूर्नामेंट का पहला मुकाबला शाम 7:30 बजे (IST) से शुरू होगा, जबकि ओपनिंग सेरेमनी की शुरुआत इससे करीब एक घंटे पहले यानी शाम 6:30 बजे होने की उम्मीद है. भारत में फैंस इस रंगारंग कार्यक्रम और मैच का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकेंगे. वहीं, मोबाइल और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाइव स्ट्रीमिंग जियोसिनेमा ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी. बॉलीवुड सितारों से सजी रहेगी शाम BCCI ने इस बार ओपनिंग सेरेमनी को खास बनाने के लिए बड़े सितारों को आमंत्रित किया है. मशहूर सिंगर यो यो हनी सिंह अपने पॉपुलर गानों से स्टेडियम में माहौल बनाएंगे. उनके अलावा बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस भी परफॉर्म करेंगी. बताया जा रहा है कि जैकलीन का डांस परफॉर्मेंस महिला खिलाड़ियों के आत्मविश्वास और जज्बे को समर्पित होगा. इसके साथ ही मिस यूनिवर्स 2021 हरनाज संधू भी इस समारोह में शिरकत करेंगी, जिससे इवेंट की रौनक और बढ़ जाएगी. पिछले तीन संस्करणों से अलग होगी वाइब इस बार का सीजन पिछले तीन संस्करणों से अलग होगा। ऐसा इसलिए क्योंकि भारतीय टीम की सफलता के बाद दर्शकों का उत्साह, स्टेडियम का माहौल और खिलाड़ियों की लोकप्रियता नए स्तर पर पहुंच चुकी है। हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना, दीप्ति शर्मा और शेफाली वर्मा अब सिर्फ चेहरे नहीं, बल्कि राष्ट्रीय आइकॉन बन चुकी हैं। इस बार भारतीय महिला खिलाड़ी दबाव में नहीं, बल्कि कामयाबी के आत्मविश्वास के साथ उतरेंगी…एक विश्व चैंपियन के तौर पर उतरेंगी और उम्मीदों पर खरी उतरने के लिए पूरा दमखम लगाती दिखेंगी। 2007 टी20 विश्व कप जीत के बाद जिस तरह आईपीएल ने भारतीय पुरुष क्रिकेटरों की तकदीर बदल दी थी, कुछ वैसे ही भारतीय महिला क्रिकेट टीम के चैंपियन बनने के बाद यह लीग अब खिलाड़ियों की कामयाबी में चार चांद लगाती दिखेगी।   WPL से टी20 विश्व कप की तैयारी भी 2026 में इंग्लैंड में महिला टी20 विश्व कप होना है, इसलिए महिला प्रीमियर लीग खिलाड़ियों के लिए तैयारी का मैदान भी बनेगा। यहां प्रदर्शन, स्किल्स और प्लानिंग सीधे विश्व कप कॉम्बिनेशन को प्रभावित करेगी।पिछले सीजन ने क्रांति गौड़, काश्वी गौतम और श्री चरणी जैसी नई प्रतिभाएं दीं और इस बार भी नए नाम सामने आने की पूरी उम्मीद है। इसलिए डब्ल्यूपीएल अब सिर्फ लीग नहीं, बल्कि भविष्य के क्रिकेटर तैयार करने की फैक्ट्री बन चुकी है। कब और कहां देख सकेंगे महिला प्रीमियर लीग के मैच? दोपहर वाले मैच भारतीय समयानुसार दोपहर साढ़े तीन बजे (3:30 PM IST) बजे शुरू होंगे, जबकि रात वाले मैच शाम साढ़े सात बजे (7:30 PM IST) शुरू होंगे। टॉस इससे आधे घंटे पहले होगा, यानी साढ़े तीन बजे शुरू होने वाले मैच का टॉस तीन बजे और शाम साढ़े सात बजे शुरू होने वाले मैच का टॉस सात बजे होगा। किस चैनल और ओटीटी पर लाइव देख सकेंगे मैच? महिला प्रीमियर लीग 2026 के प्रसारण अधिकार स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास हैं। मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार एप पर उपलब्ध होगी। इसके साथ ही मैच के लाइव अपडेट्स और इस लीग से जुड़ी अन्य खबरें आप अमर उजाला एप और अमर उजाला वेबसाइट पर पढ़ सकते हैं।  पिछले सीजन्स के विजेता मुंबई इंडियंस ने 2023 में खिताब जीता था, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 2024 में चैंपियनशिप जीती थी। अब देखना दिलचस्प होगा कि 2026 में कौन सी टीम ट्रॉफी पर कब्जा जमाती है। अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी, जबकि दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को एलिमिनेटर खेलना होगा। सभी टीमें इस प्रकार हैं- मुंबई इंडियंस: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जी कमलिनी (विकेटकीपर), रहीला फिरदौस (विकेटकीपर), हेले मैथ्यूज़, अमनजोत कौर, एमीलिया केर, नैट शीवर-ब्रंट, निकोला कैरी, शबनिम इस्माइल, पूनम खेन्मार, मिली इलिंगवर्थ, एस सजाना, संस्कृति गुप्ता, सायका इशाक, क्रांति रेड्डी, त्रिवेणी वशिष्ठ। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: स्मृति मंधाना, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जॉर्जिया वॉल, गौतमी नाइक, ग्रेस हैरिस, नादिन डी क्लर्क, पूजा वस्त्राकर, राधा यादव, श्रेयंका पाटिल, अरुंधति रेड्डी, लॉरेन बेल, डी हेमलता, सयाली सतघरे (एलिस पेरी की जगह), प्रेमा रावत, लिन्सी स्मिथ, कुमार प्रत्युशा। नोट: एलिस पेरी निजी कारणों से बाहर हुईं, सयाली सतघरे रिप्लेसमेंट। दिल्ली कैपिटल्स: जेमिमा रॉड्रिग्स (कप्तान), तान्या भाटिया (विकेटकीपर), एम ममता (विकेटकीपर), एल वोल्वार्ट, शेफाली वर्मा, मरिजाने कैप, चिनेल हेनरी, लिजेल ली, एलाना किंग (एनाबेल सदरलैंड की जगह), लूसी हैमिल्टन, स्नेह राणा, मिन्नू मणी, श्री चरणी, दिया यादव, निक्की प्रसाद, नंदनी शर्मा। नोट: एनाबेल सदरलैंड बाहर, उनकी जगह एलाना किंग शामिल। यूपी वॉरियर्स: मेग लैनिंग (कप्तान), श्वेता सेहरावत (विकेटकीपर), शिप्रा गिरी (विकेटकीपर), किरण नवगिरे, हरलीन देओल, फीबी लिचफील्ड, दीप्ति शर्मा, डिएंड्रा डॉटिन, सोफी एक्लेस्टोन, आशा सोभना जॉय, शिखा पांडे, क्रांति गौड़, प्रतिका रावल, सिमरन शेख, क्लो ट्रायोन, जी त्रिशा, सुमन मीणा, चार्ली नॉट। नोट: महिला टी20 विश्व कप क्वालिफायर के लिए यूएसए टीम में चुने जाने के बाद तारा नॉरिस ने नाम वापस ले लिया। उनकी जगह चार्ली नॉट को टीम में शामिल किया गया है। गुजरात जाएंट्स: एशले गार्डनर (कप्तान), बेथ मूनी (विकेटकीपर), यस्तिका भाटिया (विकेटकीपर), शिवानी सिंह (विकेटकीपर), डैनी वायट-हॉज, सोफी डिवाइन, जॉर्जिया वेयरहैम, किम गार्थ, रेणुका सिंह ठाकुर, तितास साधू, तनुजा कंवर, काश्वी गौतम, कनिका आहूजा, राजेश्वरी गायकवाड़, भारती फुलमाली, हैप्पी कुमार, अनुष्का शर्मा, आयुषी सोनी। WPL 2026 पूरा शेड्यूल मैच नं.     तारीख     होम टीम     अवे टीम     वेन्यू 1     9 जनवरी 2026     मुंबई इंडियंस     रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु     नवी मुंबई 2     10 जनवरी 2026     यूपी वॉरियर्स     गुजरात जाएंट्स     नवी मुंबई 3     11 जनवरी 2026     मुंबई इंडियंस     दिल्ली कैपिटल्स     नवी मुंबई 4     12 जनवरी 2026     दिल्ली कैपिटल्स     गुजरात जाएंट्स     नवी मुंबई 5     13 जनवरी 2026     रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु    … Read more

छत्तीसगढ़ में शीतलहर का अलर्ट: अंबिकापुर में 3.5°C पारा, अगले 2 दिन और गिरेगा तापमान

रायपुर  छत्तीसगढ़ में ठंड ने अचानक तेवर तीखे कर लिए हैं। हिमालय की ओर से आ रही बर्फीली हवाओं के चलते प्रदेश के बड़े हिस्से में शीतलहर जैसी स्थिति बन गई है। मौसम विभाग ने राज्य के 18 जिलों के लिए कोल्ड वेव अलर्ट जारी किया है और चेतावनी दी है कि अगले दो दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के इलाकों में ठंड का असर सबसे ज्यादा महसूस किया जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, सरगुजा संभाग इस समय सबसे अधिक प्रभावित है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सर्दी के सबसे निचले स्तरों में से एक है। वहीं बलरामपुर जिले के रामानुजगंज क्षेत्र में रात का तापमान 1 से 2 डिग्री के बीच बना हुआ है। यहां खुले खेतों और पराल पर जमी ओस की बूंदें बर्फ की तरह जमती देखी गईं, जिससे ग्रामीण इलाकों में कड़ाके की ठंड का असर साफ नजर आ रहा है। पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो दुर्ग में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि कई अन्य जिलों में दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। ठंडी हवाओं और साफ आसमान के कारण रातें ज्यादा सर्द हो रही हैं, जिससे सुबह और देर शाम लोगों को घरों से निकलने में कठिनाई हो रही है। सिनोप्टिक सिस्टम के चलते बढ़ेगी ठंड पश्चिमी विक्षोभ हिमालय और उत्तर भारत से ठंडी हवाओं को नीचे की ओर धकेलता है। वहीं तेज जेट स्ट्रीम इन हवाओं को तेजी से मध्य भारत की तरफ आगे बढ़ा देती है, नतीजा यह होता है कि उत्तर भारत की ठंड छत्तीसगढ़ तक पहुंचने लगती है। इसी वजह से रात का तापमान तेजी से गिरता है। सुबह-शाम ठंड ज्यादा महसूस होती है, कुछ इलाकों में शीतलहर की स्थिति बन जाती है। उदाहरण के साथ समझाया जाए तो मान लीजिए जैसे फ्रिज का दरवाजा खुला रह जाए और पंखा चलने लगे तो ठंडी हवा दूर तक फैल जाती है। यहां पश्चिमी विक्षोभ फ्रिज है और जेट स्ट्रीम पंखा, जो ठंडी हवा को छत्तीसगढ़ तक पहुंचा रहा है। यात्री प्रतीक्षालय में ठंड से मौत 7 जनवरी को कोरबा के सरई सिंगार निवासी हरप्रसाद भैना (55) की मौत ठंड लगने से हो गई। उनकी लाश कसईपाली के यात्री प्रतीक्षालय में मिली। हरप्रसाद मंगलवार को रलिया गांव में छठी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पैदल घर लौट रहे थे। रात की ठंड में थकान के कारण वे प्रतीक्षालय में सो गए थे। बुधवार सुबह लोगों ने उनकी लाश देखी। शव की स्थिति और मौके की परिस्थिति देखकर उनकी ठंड से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। मौसम विभाग के विशेषज्ञों का कहना है कि इस ठंड की मुख्य वजह सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और तेज जेट स्ट्रीम है। पश्चिमी विक्षोभ हिमालय क्षेत्र से ठंडी हवा को दक्षिण की ओर धकेल रहा है, जबकि जेट स्ट्रीम इन हवाओं को तेजी से मध्य भारत तक पहुंचा रही है। इसी प्रक्रिया के चलते उत्तर भारत की ठंड छत्तीसगढ़ तक फैल रही है और शीतलहर जैसी स्थिति बन रही है। ठंड के इस दौर का मानवीय असर भी सामने आ रहा है। हाल ही में कोरबा जिले में एक 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत की आशंका ठंड लगने से जताई गई है। उनका शव एक यात्री प्रतीक्षालय में मिला था। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने लोगों से रात के समय खुले स्थानों पर न रुकने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है। स्वास्थ्य विभाग ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। वहीं प्रशासन ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में रैन बसेरों और अस्थायी आश्रयों की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक शीतलहर का असर बना रहेगा। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने पर तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है, लेकिन फिलहाल छत्तीसगढ़ को सर्दी की इस परीक्षा से गुजरना पड़ेगा।

राजेंद्र शुक्ल का शहडोल दौरा, जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक आज होगी

 शहडोल मध्यप्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री एवं शहडोल जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल की अध्यक्षता में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक आज शुक्रवार को आयोजित की जाएगी। उप मुख्यमंत्री गुरुवार रात्रि सर्किट हाउस शहडोल पहुंचे, जहां उन्होंने रात्रि विश्राम किया। तय कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार को दोपहर 12 बजे उप मुख्यमंत्री पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके पश्चात दोपहर 1 बजे कलेक्टर कार्यालय स्थित विराट सभागार में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक लेंगे। बैठक के बाद दोपहर 2:30 बजे उप मुख्यमंत्री शहडोल से अनूपपुर जिले के लिए प्रस्थान करेंगे। सिविल अस्पताल ब्यौहारी का औचक निरीक्षण, मरीजों से की चर्चा शहडोल जिले के एक दिवसीय दौरे के दौरान उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने गुरुवार रात्रि सिविल अस्पताल ब्यौहारी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। अस्पताल में भर्ती मरीजों से संवाद कर उपचार, दवाइयों एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी भी प्राप्त की। स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश उप मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज का उपचार संवेदनशीलता एवं मानवीय दृष्टिकोण के साथ किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि आवश्यक दवाइयां पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें और किसी भी मरीज को असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों, दवाइयों की स्थिति एवं एम्बुलेंस सेवाओं की जानकारी भी ली। सर्किट हाउस पहुंचने पर हुआ स्वागत गुरुवार रात उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के सर्किट हाउस शहडोल पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।