samacharsecretary.com

अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर राहुल गांधी का तंज, कहा– मोदी सरकार फिर कर सकती है सरेंडर

नई दिल्ली अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट द्वारा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का आयात शुल्क संबंधी फैसला पलटे जाने के बाद लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तीखा हमला करते हुए शनिवार को कहा कि वह एक बार फिर अमेरिका के सामने समर्पण करेंगे। गांधी ने कहा कि अमेरिका के साथ व्यापार समझौते में मोदी की स्थिति कमजोर हुई है। गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा 'प्रधानमंत्री ने देशहित से समझौता किया है। उनका विश्वासघात अब सबके सामने है।' गांधी ने कहा कि मोदी अब समझौते की शर्तों पर पुनः बातचीत नहीं कर सकते। वह एक बार फिर समर्पण करेंगे। गौरतलब है कि अमेरिका की सुप्रीम कोर्ट ने विभिन्न देशों पर भारी आयात शुल्क लागू करने के ट्रंप के फैसले को असंवैधानिक करार देते हुए कहा कि यह शक्ति सिर्फ अमेरिकी संसद के पास है। गांधी की यह टिप्पणी भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच बढ़ते राजनीतिक टकराव के बीच आयी है। कांग्रेस ने बार-बार इस समझौते के समय, पारदर्शिता और शर्तों को लेकर चिंता जताई है। उसकी चिंता खासकर भारतीय किसानों और छोटे व्यवसायियों पर इसके संभावित असर को लेकर है। कांग्रेस ने की ट्रेड डील स्थगित करने की मांग कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि अमेरिकी उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद अब अमेरिका के साथ अंतरिम व्यापार समझौते को स्थगित कर दिया जाना चाहिए और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दो टूक कहना चाहिए कि अमेरिकी पक्ष से स्पष्टीकरण आने तक भारत की तरफ से आयात उदारीकरण नहीं होगा। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने संवाददाताओं से कहा कि सरकार को इस समझौते पर अमेरिका के साथ फिर से बातचीत करनी चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि भारत के लाखों किसानों की आजीविका पर नकारात्मक असर नहीं हो। अमेरिकी उच्चतम न्यायालय ने शुक्रवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के वैश्विक 'टैरिफ' को खारिज कर दिया, जिससे उन्हें उनके आर्थिक एजेंडे के मुद्दे पर बड़ा झटका लगा है। जजों ने बहुमत से कहा कि संविधान बहुत स्पष्ट रूप से अमेरिकी कांग्रेस को कर लगाने की शक्ति देता है, जिसमें 'टैरिफ' भी शामिल है। रमेश ने कहा, 'अमेरिकी उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद इस अंतरिम समझौते को स्थगित कर दिया जाना चाहिए और प्रधानमंत्री को यह स्पष्ट करना चाहिए कि अमेरिका की तरफ से स्पष्टीकरण आने तक हम आयात उदारीकरण नहीं करेंगे।' रमेश ने कहा, 'प्रधानमंत्री, वाणिज्य मंत्री और सरकार को दिसंबर से जानकारी थी कि इस मामले में अमेरिकी उच्चतम न्यायालय का निर्णय आने वाला है और हो सकता है कि निर्णय ट्रंप के खिलाफ का सकता है। फिर ट्रंप पर दबाव क्यों डाला गया कि समझौते की घोषणा की जाए?' उन्होंने कहा, ''ट्रंप ने कहा कि उच्चतम न्यायालय के निर्णय का भारत-अमेरिका समझौते पर कोई असर नहीं होगा। क्या प्रधानमंत्री मोदी ट्रंप के इस बयान से सहमत हैं?'  

वोटर लिस्ट से 31 लाख नाम बाहर, राजस्थान में फाइनल सूची जारी

जयपुर राजस्थान में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के समापन के बाद शनिवार को फाइनल मतदाता सूची जारी की गई। इस नई सूची से 31 लाख से अधिक नामों को बाहर किया गया है। वर्तमान में कुल मतदाताओं की संख्या 5,15,19,929 है।चुनाव आयोग के अनुसार, 27 अक्टूबर 2025 की सूची में कुल मतदाता 5,46,56,215 थे। एसआईआर प्रक्रिया के दौरान 41,84,891 नामों को ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं किया गया, जिससे 16 दिसंबर 2025 को जारी ड्राफ्ट सूची में कुल मतदाता 5,04,71,324 थे। ड्राफ्ट सूची के बाद 12,91,365 नए मतदाताओं को शामिल किया गया, जबकि 2,42,760 नामों को हटाया गया। 21 फरवरी को जारी अंतिम सूची में कुल मतदाताओं की संख्या 5,15,19,929 है, जो 27 अक्टूबर 2025 के मुकाबले 3,136,286 कम है। चुनाव आयोग ने आधिकारिक तौर पर जानकारी दी कि मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन में कुल मतदाताओं की संख्या 5,15,19,929 में से 2,69,57,881 पुरुष मतदाता और 2,45,61,486 महिला मतदाता हैं। इसके अलावा, 562 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। एसआईआर के बाद कुल 10,48,605 मतदाताओं की वृद्धि हुई है, जो 2.08 प्रतिशत है। जयपुर जिले में 3.45 प्रतिशत, फलौदी में 3.22 प्रतिशत, भरतपुर में 2.78 प्रतिशत, सिरोही में 2.72 प्रतिशत व बूंदी में 2.71 प्रतिशत कुल मतदाताओं में वृद्धि हुई है। आयोग के अनुसार, फाइनल मतदाता सूची में लिंगानुपात में 2 अंकों की वृद्धि हुई है, जो प्रारूप प्रकाशन के समय 909 से अंतिम प्रकाशन के समय 911 हो गया है। राज्य में जयपुर जिले में 7 अंक, कोटा में 6 अंक और अजमेर, सिरोही, डूंगरपुर, बूंदी, झालावाड़ व बारां में 4 अंक की वृद्धि हुई है। फाइनल मतदाता सूची में युवा मतदाताओं (18 से 19 वर्ष आयुवर्ग) की संख्या में 4,35,061 की वृद्धि हुई है, जो 0.82 प्रतिशत है। जयपुर जिले में 1.30 प्रतिशत, बाड़मेर में 1.26 प्रतिशत, भरतपुर में 1.22 प्रतिशत, फलौदी में 1.18 प्रतिशत तथा बूंदी में 1.09 प्रतिशत युवा मतदाताओं की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई है।

शर्ट उतारकर विरोध करने पर कार्रवाई: चार यूथ कांग्रेसी कार्यकर्ता पुलिस कस्टडी में, अदालत ने दिखाई सख्ती

नई दिल्ली एआई सम्मेलन में शर्टलेस प्रदर्शन करने वाले युवा कांग्रेस के चार कार्यकर्ताओं पर कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। पटियाला कोर्ट ने इन चारों को पांच दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा है। चारों आरोपियों की बेल एप्लीकेशन खारिज कर दी गई है। गिरफ्तार किए गए युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को न्यायिक मजिस्ट्रेट रवि के समक्ष पेश किया गया। उन्होंने बहस पूरी होने के बाद फैसला सुरक्षित रखा था। गिरफ्तार किए गए प्रदर्शनकारियों में बिहार से युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कृष्णा हरि, बिहार से युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव कुंदन यादव, उत्तर प्रदेश से युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार और तेलंगाना से नरसिम्हा यादव शामिल हैं। दिल्ली पुलिस की क्या दलील दिल्ली पुलिस ने यह दलील देते हुए गिरफ्तार प्रदर्शनकारियों की पांच दिन की हिरासत का अनुरोध किया कि उन्होंने राष्ट्रविरोधी नारे लगाए और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आपत्तिजनक तस्वीरों वाली टी-शर्ट पहनी हुई थी। वहीं, आरोपियों के वकील ने तर्क दिया कि वे एक राजनीतिक दल से जुड़े हैं और उन्होंने भारत मंडपम में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने के अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग किया। वकील ने कहा कि ऐसी कोई फुटेज नहीं है जो यह साबित करती हो कि उन्होंने पुलिस अधिकारियों पर हमला किया था, न ही इस बात का कोई सबूत है कि कोई राष्ट्रविरोधी बात कही गई थी। भाजपा ने क्या कहा इससे पहले भाजपा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर एक बार फिर हमला बोलते हुए विपक्षी पार्टी की युवा इकाई द्वारा यहां ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ में किए गए विरोध प्रदर्शन को ‘देशद्रोह’ बताया। साथ ही आरोप लगाया कि ‘लश्कर-ए-राहुल के सिपाहियों’ ने देश की छवि खराब करने की कोशिश की। भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) के कार्यकर्ताओं के एक समूह ने शुक्रवार को एआई सम्मेलन के आयोजन स्थल भारत मंडपम के एक प्रदर्शनी हॉल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों द्वारा उन्हें वहां से हटा दिया गया। विरोध प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भाजपा के प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहाकि कांग्रेस ने जो किया है वह सिर्फ राजनीति नहीं है। इसे महज नकारात्मक राजनीति कहकर खारिज नहीं किया जा सकता, यह देशद्रोह के बराबर है। त्रिवेदी ने यहां पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि अब तक राहुल गांधी विदेश जाकर भारत के बारे में अपमानजनक, आपत्तिजनक और निंदनीय बयान देते थे। अब लश्कर-ए-राहुल के झंडाबरदार और सिपाही विदेशी मेहमानों के सामने भारत की छवि धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एआई सम्मेलन स्थल पर हुआ विरोध प्रदर्शन कांग्रेस के ओछेपन का शर्मनाक प्रदर्शन था।  

खुफिया चेतावनी के बाद राजधानी में सुरक्षा कड़ी, हर गतिविधि पर नजर

नई दिल्ली दिल्ली में आतंकी हमले के खुफिया इनपुट के बाद हाई अलर्ट जारी किया गया है। सुरक्षा बल और एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। सीसीटीवी और बम निरोधक दस्तों के जरिए निगरानी बढ़ाई गई है। दिल्ली में आतंकी हमले का खतरा मंडरा रहा है जिसके बाद शनिवार को दिल्ली में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। खुफिया रिपोर्टों के मुताबिक, लश्कर-ए-तैयबा इस्लामाबाद में हुए धमाके का बदला लेने के लिए चांदनी चौक के प्रसिद्ध गौरी शंकर मंदिर जैसे धार्मिक स्थलों और लाल किले के आसपास बम ब्लास्ट करने की साजिश रच रहा है। इन खुफिया रिपोर्टों को लेकर सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हो गए हैं। दिल्ली में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। इस रिपोर्ट में लश्कर की धमकी से 'रिवेंज' थ्योरी और सुरक्षा के इंतजामों तक, बड़ी बातें… दिल्ली में आतंकियों के निशाने पर क्या? अधिकारियों ने बताया कि इस बात के खुफिया इनपुट हैं कि पाकिस्तान का आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा आतंकी हमलों की योजना बना रहा है। इस खुफिया इनपुट को देखते हुए शनिवार, 21 फरवरी से दिल्ली हाई अलर्ट पर है। दिल्ली के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थल निशाने पर हो सकते हैं। इनमें लाल किले के पास चांदनी चौक इलाके में एक मंदिर को संभावित टारगेट के तौर पर पहचाना गया है। इस्लामाबाद ब्लास्ट का ‘बदला’ सूत्रों की मानें तो आतंकी संगठन कथित तौर पर 6 फरवरी को इस्लामाबाद की एक शिया मस्जिद में हुए सुसाइड बॉम्बिंग का बदला लेना चाहता है। उस ब्लास्ट में 31 लोगों की मौत हो गई थी। पाक पहले भी इस ब्लास्ट में बाहरी लोगों का हाथ होने का इशारा किया है। भारत ने इसे खारिज करते हुए कहा था कि दुर्भाग्यपूर्ण है कि अपनी समस्याओं को सुलझाने के बजाय पाकिस्तान इसके लिए दूसरों को दोष देकर खुद को धोखा दे रहा है। फिर दिल्ली को दहलाने की साजिश दिल्ली पुलिस के कम से कम दो सीनियर अधिकारियों ने नाम नहीं बताने की शर्त पर कहा कि इन खतरों के बारे में पहले इनपुट रिपब्लिक डे सेलिब्रेशन से पहले मिले थे। उन शुरुआती इनपुट की बाद में गहनता से जांच की गई। इसी बीच शनिवार को मिली खास खुफिया रिपोर्ट से पता चलता है कि इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) हमले की साजिश रची जा रही है। यानी आतंकी एक बार फिर दिल्ली को दहलाने की साजिश रच रहे हैं। बढ़ाई गई सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि खतरे को देखते हुए दिल्ली की खास धार्मिक और पुरानी जगहों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एजेंसियां ​​और दिल्ली पुलिस खास धार्मिक और पुरानी जगहों पर कड़ी नजर बनाए हुए है। CCTV मॉनिटरिंग और गाड़ियों की कड़ी चेकिंग की जा रही है। बम डिस्पोजल स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और क्विक रिएक्शन टीमों को भी स्टैंडबाय पर रखा गया है। हाल ही में चांदनी चौक के गौरी शंकर मंदिर में ट्रेंड कमांडो के साथ एक DCP रैंक के अधिकारी को तैनात किया गया था। एहतियात के तौर पर उठाए कदम अधिकारियों ने कहा कि ताजा कदम सावधानी के तौर पर उठाए गए हैं। लोगों को सतर्क रहना चाहिए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देनी चाहिए। सनद रहे 10 नवंबर, 2025 को लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट 1 के पास एक जानलेवा कार धमाका हुआ था। इसमें 15 लोग मारे गए थे। इस हमले के पीछे एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश हुआ था। जनवरी में भी खालिस्तानी और बांग्लादेश के आतंकी संगठनों से खतरों का इनपुट जारी हुआ था।

अब दुबला नहीं रहेगा बच्चा! वजन बढ़ाने के लिए 6 बेस्ट फूड्स

अक्सर कई माता-पिता इस बात से परेशान रहते हैं कि उनका बच्चा खाना तो अच्छे से खाता है, लेकिन फिर भी वह दुबला-पतला है और उसका वजन नहीं बढ़ रहा है। अगर आप भी इसी समस्या का सामना कर रहे हैं, तो चिंता न करें। विशेषज्ञ के मुताबिक, आप अपने बच्चे की डाइट में कुछ खास फूड्स को शामिल करके इस परेशानी को दूर कर सकते हैं। इस आर्टिकल में हम उन 6 बेहतरीन चीजों के बारे में बता रहे हैं, जो बच्चे का वजन बढ़ाने में मदद करती हैं। दाल और घी आप किसी भी दाल को अच्छी तरह उबाल लें। फिर उसे अच्छे से मैश करके उसमें घी मिलाएं और बच्चे को खिलाएं। यह वजन बढ़ाने का एक बहुत अच्छा तरीका है। पनीर, टोफू या अंडा बच्चे के सही विकास के लिए ये जरूरी पोषक तत्व हैं। पनीर, टोफू या अंडे में प्रोटीन होता है, जो बच्चे का वजन बढ़ाने में काफी मददगार साबित होता है। शकरकंद या आलू शकरकंद या आलू को अच्छी तरह उबालकर और मैश करके बच्चे को दें। इसमें फाइबर और कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट होते हैं, जो शरीर को एनर्जी देते हैं और तेजी से वजन बढ़ाते हैं। पीसे हुए सूखे मेवे सूखे मेवों को बारीक पीस लें। इस पाउडर को आप दूध, दही या दाल में मिलाकर बच्चे को दे सकते हैं। ड्राई फ्रूट्स बच्चे का वजन बढ़ाने में बहुत असरदार होते हैं। आटे का हलवा और ओट्स का दलिया बच्चे को हल्की चीनी डालकर आटे का हलवा बनाकर खिलाने से भी वजन बढ़ता है। इसके अलावा, आप बच्चे को ओट्स का दलिया बनाकर भी दे सकते हैं, यह भी वजन बढ़ाने में मदद करता है। फुल फैट दही के साथ फल फुल फैट दही में केला, चीकू या आम मिलाकर एक स्वादिष्ट फ्रूट योगर्ट तैयार करें और बच्चे को खिलाएं। इससे भी बच्चे का वजन तेजी से बढ़ता है। अगर आपका बच्चा अंडरवेट है और उसका वजन नहीं बढ़ रहा है, तो आप उसे ये पौष्टिक चीजें दे सकते हैं। डॉक्टर का कहना है कि इससे उसका वजन भी बढ़ेगा और उसके शरीर में किसी भी तरह के पोषण की कमी नहीं रहेगी।  

मिट्टी की महक ने बुलाया वतन: ब्रिटेन के AI मंत्री की 23 साल बाद बिहार वापसी

मुजफ्फरपुर बिहार के मुजफ्फरपुर में जन्म और भारत पर लगभग दो सदी तक राज करने वाले देश युनाइटेड किंगडम में आर्टिफिसियल इंटेलिजेंस विभाग के मंत्री। सुनने में ख्वाब जैसा लगता है पर इसे सच कर दिखाया है कनिष्क नारायण ने। दिल्ली में एआई समिट में इंगलैंड का प्रतिनिधित्व करने आए तो बिहार की धरती पटना खींच लाई। शाही लीची और आम की महक के दीवाने कनिष्क नारायण अपनी जन्मस्थली मुजफ्फरपुर आए हैं जहां से अपनी पहचान बनाने वे मात्र 12 साल की उम्र में दिल्ली के रास्ते लंदन रवाना हुए थे। उन्होंने अमेरिका में पढ़ाई की। 23 साल बाद बिहार पहुंचे कनिष्क प्रदेश की तरक्की और बदली हुई सूरत देखकर वे काफी प्रसन्न हैं। पटना में जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय झा ने मिथिला संस्कृति में उनका स्वागत किया। कनिष्क नारायण मुजफ्फरपुर के काजी मोहम्मदपुर थाना अंतर्गत छाता चौक के पास रहता है। उनके चाचा जयंत कुमार एसकेजे लॉ कॉलेज के प्रिंसिपल थे। नवंबर 1989 में मुजफ्फरपुर में जन्मे कनिष्क नारायण ने पढ़ाई की शुरुआत शहर के प्रभात तारा स्कूल से की। उनके पैत्रिक गांव वैशाली ज़िले के गोरौल में है। उनके दादाजी कृष्ण कुमार मुज़फ़्फ़रपुर डिस्ट्रिक्ट बोर्ड के अध्यक्ष रहे। बाद में परिवार दिल्ली गया और फिर लगभग 12 वर्ष की आयु में वे अपने माता-पिता के साथ इंगलैंड चले गए और वेल्स में जाकर बस गए। ब्रिटेन में उन्होंने कार्डिफ़ के स्कूल में पढ़ाई की और फिर छात्रवृत्ति के आधार पर Eton College में दाख़िला पाया। आगे चलकर उन्होंने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से राजनीति, दर्शनशास्त्र और अर्थशास्त्र में ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई की। बाद में एमबीए करने अमेरिका चले गए और स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से मास्टर ऑफ बिजनेश मैनेजमेंट कोर्स किया। कनिष्क बताते हैं कि वह 18 वर्ष की उम्र में लेबर पार्टी से जुड़ गए। राजनीति में आने से पहले कनिष्क ने ब्रिटिश सिविल सर्विस जॉइन किया। वे कैबिनेट ऑफिस में एडवाइजर के तौर पर सेवा देते रहे। पर्यावरण, खाद्य और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में काफी काम किया। 4 जुलाई 2024 को कनिष्क नारायण वेल्स लेबर पार्टी के उम्मीदवार के रूप में सांसद चुने गए। उनकी गिनती वेल्स से चुने जाने वाले पहले भारतीय-मूल के सांसदों में होती है। सितंबर 2025 में उन्हें ब्रिटेन सरकार में एआई और ऑनलाइन सुरक्षा मंत्री बनाया गया। उन्होंने AI पॉलिसी, ऑनलाइन सुरक्षा, सेमीकंडक्टर, बौद्धिक संपदा और एमर्जिंग टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में अहम योगदान दिया। भारत मंडपम दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में उन्होंने भाग लिया। उन्होंने कहा कि 23 साल बाद बिहार आया तो पाया कि यह राज्य बहुत बदल गया है। राज्य में काफी तरक्की हुई है। मुजफ्फरपुर की लीची और आम का स्वाद उन्हें याद है। अभी तो इसका सीजन नहीं है पर घर के लोगों से मिलने मुजफ्फरपुर आए हैं। स्थानीय एसकेजे लॉ कॉलेज में उन्होंने छात्र छात्राओं के साथ संवाद किया।  

रामलला के दर्शन को अयोध्या आए गुयाना के उपराष्ट्रपति, तीन घंटे का रहेगा राम मंदिर परिसर में प्रवास

अयोध्या भारत और गुयाना के सांस्कृतिक रिश्तों के बीच एक और महत्वपूर्ण कड़ी जुड़ने जा रही है। दक्षिण अमेरिकी देश गुयाना के उप राष्ट्रपति डॉ. भरत जगदेव शनिवार सुबह अयोध्या पहुंचें। उनका निजी विमान सुबह 9:40 बजे वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा पर उतरा। एयरपोर्ट पर औपचारिक स्वागत के बाद उप राष्ट्रपति सड़क मार्ग से सीधे राम मंदिर परिसर के लिए रवाना हुए। वे करीब 11:15 बजे राम मंदिर परिसर पहुंचे। उन्होंने रामलला के दरबार में हाजिरी लगाई है। वे मंदिर निर्माण कार्यों का अवलोकन भी करेंगे। डॉ. जगदेव लगभग तीन घंटे तक राम जन्मभूमि परिसर में रहेंगे। दौरे के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों और मंदिर ट्रस्ट के प्रतिनिधियों द्वारा उन्हें निर्माण की प्रगति और भावी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। दर्शन और निरीक्षण के बाद उप राष्ट्रपति सीधे एयरपोर्ट के लिए रवाना हो जाएंगे।

यौन शोषण मामले में बड़ा निर्देश: शंकराचार्य के खिलाफ केस दर्ज होगा

उत्तर प्रदेश उत्तर प्रदेश के प्रयागराज की एडीजे रेप एवं पोक्सो स्पेशल कोर्ट ने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और उनके शष्यि स्वामी मुकुंदानंद गिरी के खिलाफ यौन शोषण के आरोपों के मामले में एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है। एडीजे (पोक्सो एक्ट) विनोद कुमार चौरसिया ने पुलिस को मामले में एफआईआर दर्ज कर विधिवत विवेचना करने के नर्दिेश दिए हैं।कोर्ट के आदेश के बाद झूंसी थाने में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, यह अर्जी शाकुंभरी पीठाधीश्वर आशुतोष ब्रह्मचारी द्वारा दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 173(4) के तहत दाखिल की गई थी। आरोप है कि संबंधित आश्रम में नाबालिग बच्चों के साथ यौन शोषण हुआ। आवेदक ने अदालत में कथित साक्ष्य के रूप में सीडी भी प्रस्तुत करने का दावा किया है। 13 फरवरी को आरोप लगाने वाले दोनों नाबालिगों के बयान अदालत में वीडियोग्राफी के साथ दर्ज किए गए थे। कोर्ट ने पुलिस रिपोर्ट को भी संज्ञान में लिया था और सुनवाई के बाद नर्णिय सुरक्षित रख लिया था। अब आदेश जारी होने के बाद मामले में विधिक कार्रवाई आगे बढ़ेगी। आशुतोष ब्रह्मचारी ने कहा है कि उन्हें न्यायालय से न्याय मिला है और वे प्रयागराज से वाराणसी स्थित वद्यिा मठ तक पैदल यात्रा निकाल कर लोगों के सामने तथ्य रखने की बात कह रहे हैं। उल्लेखनीय है कि यह मामला न्यायालय के आदेश पर दर्ज किया जा रहा है और आरोपों की सत्यता की जांच पुलिस विवेचना के बाद ही स्पष्ट होगी।

मौसम विभाग की चेतावनी: लो-प्रेशर बना, आज-कल इन इलाकों में तेज बारिश और अलर्ट जारी

नई दिल्ली दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी एवं सटे हिंद महासागर पर बने कम दबाव के क्षेत्र की वजह से तमिलनाडु, दक्षिण केरल में 21 व 22 फरवरी (आज और कल) को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा, उत्तर पश्चिम भारत में अगले सात दिनों के दौरान अधिकतम तापमान मे दो से चार डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण तमिलनाडु और दक्षिण केरल में 21 व 22 फरवरी को भारी बारिश होगी। केरल व माहे में 21 व 22 फरवरी को छिटपुट से काफी हल्की से मध्यम बारिश और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के चलने का अनुमान है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल में 21 व 24 फरवरी, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 21 व 23 फरवरी, तटीय आंध्र प्रदेश व यनम, रायलसीमा, तेलंगाना, विदर्भ, छत्तीसगढ़, गंगा तटीय पश्चिम बंगाल में 23 व 24 फरवरी को गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ छिटपुट से काफी हल्की बारिश होगी। अंडमान व निकोबार द्वीप में 23 से 25 फरवरी को बारिश होगी। वहीं, हिमाचल प्रदेश में 23 फरवरी को और उत्तराखंड में 23 और 24 फरवरी को कुछ स्थानों पर बारिश व बर्फबारी होने वाली है। दिल्ली में गर्मी बढ़ी, अगले हफ्ते 33 डिग्री तक पहुंच सकता है दिन का तापमान वहीं, राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने से धीरे-धीरे गर्मी बढ़ने लगी है। मौसम विभाग ने शनिवार को बताया कि राजधानी में तेज़ धूप खिलने के साथ न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से लगभग 2.4 डिग्री ज़्यादा है। विभाग ने संकेत दिया है कि अगले छह दिनों में तापमान बढ़ने का अनुमान है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री तक ज़्यादा हो सकता है। विभाग के अनुमान के मुताबिक शहर में दिन के तापमान में भी तेज़ी से बढ़ोतरी होने की संभावना है। अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री से ज़्यादा बढ़कर अगले हफ़्ते शुक्रवार तक 30 डिग्री के निशान को पार करके 33 डिग्री तक पहुंच सकता है।  

अजेय चैंपियन Floyd Mayweather की वापसी की चर्चा तेज, क्या फिर बनेंगे इतिहास?

नई दिल्ली दिग्गज मुक्केबाज फ्लॉयड मेवेदर जूनियर ने एक बार फिर से पेशेवर मुक्केबाजी रिंग में वापसी के संकेत दिए हैं। पूर्व विश्व चैंपियन ने कहा है कि वह आधिकारिक पेशेवर फाइट लड़ने पर विचार कर रहे हैं। मेवेदर के बयान ने मुक्केबाजी की दुनिया में हलचल मचा दी है। मेवेदर ने 2017 में कॉनर मैकग्रेगर को हराकर 50-0 का रिकॉर्ड बनाया था। उस मुकाबले में उन्होंने दसवें राउंड में टीकेओ से जीत दर्ज की और इसके तुरंत बाद संन्यास की घोषणा कर दी थी। हालांकि, संन्यास के बाद भी मेवेदर पूरी तरह मुक्केबाजी से दूर नहीं हुए। वह पेशेवर मुक्केबाजों, एमएमए फाइटर्स और सेलिब्रिटीज के खिलाफ कई प्रदर्शनी मुकाबलों के लिए रिंग में उतरे हैं। अगस्त 2024 में मेक्सिको में उनका मुकाबला जॉन गोटी तृतीय से हुआ था। 2026 में मेवेदर 59 साल के माइक टायसन के साथ मुकाबले की तैयारी कर रहे हैं। यह मुकाबला अप्रैल 2026 में कांगो में प्रस्तावित है। इसे बॉक्सिंग इतिहास के सबसे चर्चित आयोजनों में से एक माना जा रहा है। दोनों मुक्केबाजों की कुल उम्र 100 वर्ष से अधिक होने के बावजूद, फैंस के बीच इस इवेंट को लेकर जबरदस्त उत्साह है। मेवेदर ने बयान में कहा कि उनके इवेंट्स से अधिक गेट रेवेन्यू, वैश्विक दर्शक संख्या और कमाई शायद ही कोई और फाइटर हासिल कर सके। टायसन के साथ होने वाला इवेंट उनकी संभावित वापसी की दिशा में एक कदम हो सकता है। अगर यह वापसी आधिकारिक रूप लेती है, तो यह लगभग नौ साल बाद उनकी पहली पेशेवर फाइट होगी। पांच अलग-अलग वेट डिवीजन में विश्व चैंपियन रह चुके मेवेदर का करियर ऐतिहासिक रहा है। टायसन के साथ होने वाला मुकाबला तय करेगा कि 48 साल के मेवेदर का पेशेवर मुक्केबाज के रूप में क्या भविष्य होगा। हालांकि, मेवेदर के फैन जरूर चाहेंगे कि वह रिंग में वापसी करें।