samacharsecretary.com

हमीरपुर में 10 वर्कमैन पदों पर सीधी भर्ती, इतने रुपये मिलेगा वेतन

हमीरपुर  बद्दी की प्रसिद्ध कंपनी इंडोरमा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड वर्कमैन के 10 पदों को भरने के लिए 18 जुलाई को सुबह साढे दस बजे से दोपहर 2 बजे तक जिला रोजगार कार्यालय हमीरपुर में साक्षात्कार लेगी। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता दसवीं, बारहवीं, आईटीआई फिटर, प्लम्बर और मशीनिस्ट रखी गई है। इन पदों के लिए 18 से 25 वर्ष तक के पुरुष आवेदक ही पात्र होंगे। चयनित आवेदकों को 16,375 रुपये तक मासिक वेतन मिलेगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 या कंपनी के मोबाइल नंबर 86290-66622 पर संपर्क किया जा सकता है।

श्री अमरनाथ यात्रा उमड़ा जनसैलाब: श्रद्धालुओं की संख्या 2 लाख पार, 6143 नए श्रद्धालु पहुंचे

कश्मीर पवित्र अमरनाथ यात्रा में भक्तों का सैलाब उमड़ रहा है। पिछले 11 दिनों में दो लाख से ज़्यादा श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। इसी कड़ी में सोमवार को 6,143 तीर्थयात्रियों का एक नया जत्था जम्मू से कश्मीर के लिए रवाना हुआ। नए जत्थे का रवाना होना अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह 6,143 यात्रियों का एक और जत्था जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से दो सुरक्षा काफिलों में घाटी के लिए निकला। पहला काफिला: 100 वाहनों का यह पहला काफिला 2,215 यात्रियों को लेकर सुबह 3:30 बजे बालटाल बेस कैंप के लिए रवाना हुआ। दूसरा काफिला: वहीं, 135 वाहनों का दूसरा सुरक्षा काफिला 3,928 यात्रियों को लेकर सुबह 4 बजे नुनवान (पहलगाम) बेस कैंप के लिए निकला। सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम अमरनाथ यात्रा के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब हाल ही में पहलगाम में एक हमला हुआ था, जिसमें पाकिस्तान समर्थित आतंकियों ने 26 नागरिकों की हत्या कर दी थी। सुरक्षा बढ़ाने के लिए, 180 अतिरिक्त सीएपीएफ (केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल) कंपनियों को सेना, बीएसएफ, सीआरपीएफ, एसएसबी और स्थानीय पुलिस की मौजूदा ताक़त में शामिल किया गया है। जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से लेकर गुफा मंदिर तक के पूरे रास्ते और दोनों आधार शिविरों (बालटाल और पहलगाम) के रास्ते में बने सभी पारगमन शिविरों को सुरक्षा बलों ने पूरी तरह सुरक्षित कर लिया है। यात्रा मार्ग और नियम पहलगाम मार्ग: इस मार्ग का उपयोग करने वाले श्रद्धालु चंदनवाड़ी, शेषनाग और पंचतरणी से होकर गुफा मंदिर तक पहुंचते हैं। यह 46 किलोमीटर की पैदल दूरी है जिसे तय करने में तीर्थयात्रियों को चार दिन लगते हैं। बालटाल मार्ग: यह छोटा मार्ग है, इस पर चलने वाले श्रद्धालुओं को गुफा मंदिर तक पहुँचने के लिए 14 किलोमीटर की पैदल यात्रा करनी पड़ती है और वे यात्रा पूरी करने के बाद उसी दिन आधार शिविर लौट आते हैं। सुरक्षा कारणों से, इस साल यात्रियों के लिए कोई हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध नहीं है। यात्रा की अवधि अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई को शुरू हुई थी और यह 38 दिनों तक चलेगी। इसका समापन 9 अगस्त को होगा, जो श्रावण पूर्णिमा और रक्षा बंधन का दिन है।

महंगाई की बारिश: सब्जियों ने तोड़े सारे रिकॉर्ड

शिमला मानसून की बारिश ने जहां आम जनजीवन अस्त-व्यस्त करके रख दिया है, वहीं इसका असर अब गृहिणियों के किचन पर भी पड़ने लगा है। लगातार लगी बारिश की झड़ी के कारण अब सब्जियों के दामों में भी उछाल आया है, जिससे गृहिणियों के किचन का बजट गड़बड़ा गया है, वहीं लोगों की जेबें भी ढीली होने लगी हैं। भिंडी के दाम जहां 50 रुपए प्रतिकिलो पहुंच गए हैं, वहीं बैंगन, काली तोरी, चुकंदर व लिंगड़ के दाम 60 रुपए, जबकि शिमला मिर्च, करेला, मटर, बैंगणी व पालक के दाम 80 रुपए पहुंच गए हैं और फ्रासबीन व फूलगोभी के दाम 100 रुपए प्रतिकिलो आ पहुंचे हैं।   यही नहीं, लाल सोना कहे जाने वाले टमाटर के दाम भी 40 रुपए प्रतिकिलो, जबकि प्याज 35 रुपए व आलू 25 रुपए प्रतिकिलो की दर से बिक रहा है। इसके अलावा अदरक 120 रुपए, पहाड़ी लहसुन 200 रुपए, देसी लहसुन 160 रुपए, नींबू 120 रुपए, हरी मिर्च 160 रुपए व हरा धनिया 200 रुपए प्रतिकिलो की दर से बिक रहा है। मानसून के सीजन में एक तो सब्जियों की कम खेप पहुंचती है, वहीं फसलों के खराब होने का भी अंदेशा रहता है। सीजनल सब्जियों के आने से आगामी में दिनों सब्जियों के दामों में गिरावट आ सकती है, लेकिन अभी कुछ दिन सब्जियों के दामों में तेजी रहेगी, लेकिन कुछ सब्जियों के दाम राहत भरे भी हैं। इसके अलावा मंडी में बंदगोभी 30 रुपए, तोरी 40 रुपए, गाजर 40 रुपए, घीया 40 रुपए, खीरा 30 रुपए, कद्दू 30 रुपए व बैंगन 40 रुपए प्रतिकिलो की दर से बिक रहे हैं। इनके दामों में थोड़ी नरमी है और लोग इन्हीं की अधिकतर खरीददारी कर रहे हैं। मंडी में सब्जियों के अलावा फलों की भी खरीद होती है और यहां नाशपाती 70 रुपए, सेब 100 रुपए, जामुन 200 रुपए, आम 70 रुपए व पलम 100 रुपए प्रतिकिलो की दर से बिक रहा है, जबकि केला 70 से 80 रुपए प्रति दर्जन की दर से बिक रहा है।

प्राकृतिक आपदा का प्रकोप: मौत, तबाही और लापता ज़िंदगियाँ

नई दिल्ली मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के तीन जिलों में सोमवार और मंगलवार को अत्यधिक भारी बारिश का ‘ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार को कांगड़ा, मंडी और सिरमौर के कुछ इलाकों में और मंगलवार को शिमला, सोलन तथा सिरमौर में अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। साथ ही, विभाग ने शुक्रवार तक 12 में से कुछ जिलों में भारी बारिश का 'येलो अलर्ट' भी जारी किया है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) के अनुसार, आपदा प्रभावित मंडी जिले की 157 सड़कों सहित कुल 208 सड़कें बारिश के कारण वाहनों के आवागमन के लिए बंद है जबकि सोमवार सुबह तक 745 जलापूर्ति योजनाएं और 139 बिजली वितरण ट्रांसफार्मर प्रभावित हुए हैं।  770 करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान हिमाचल प्रदेश को चालू मानसून सीजन में पहले ही 770 करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान हो चुका है। एसईओसी ने बताया कि 20 जून को मानसून की शुरुआत से लेकर 13 जुलाई तक, 98 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें 57 मौत बारिश से जुड़ी घटनाओं में और 41 मौतें सड़क दुर्घटनाओं में हुई जबकि 178 घायल हुए हैं और 34 लापता हैं। राज्य में 31 बार बाढ़, 22 बार बादल फटने और 18 बार भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं। इस बीच, राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई और सिरमौर जिले के राजगढ़ में रविवार शाम से 72 मिमी बारिश हुई, जबकि खदराला में 42.4 मिमी, पच्छाद में 38 मिमी, मंडी में 26.4 मिमी, भुंतर में 22 मिमी, शिलारू में 14.2 मिमी, सेओबाग में 12.2 मिमी, शिमला में 11.5 मिमी और रोहड़ू में 10 मिमी बारिश हुई। सेहत को बेहतर बनाए रखने के लिए खान-पान पर नियंत्रण जरूरी है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि केवल चीनी कम करना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि तले-भुने खाद्य पदार्थों का सेवन भी सीमित करना जरूरी है। हालांकि लोग अक्सर मीठे से बचते हैं, पर समोसा, पकौड़ा, पूरी, फ्रेंच फ्राइज जैसे तेलीय व्यंजनों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना लेते हैं।

IRCTC का नया नियम: ट्रेन छूटने से 8 घंटे पहले जारी होगा रिजर्वेशन चार्ट, जानें नया नियम

भोपाल  पश्चिम मध्य रेलवे में अब यात्रियों के लिए आरक्षण सूची तैयार करने की समय-सीमा में बदलाव होने जा रहा है। इसके तहत ट्रेन के प्रस्थान समय से आठ घंटे पहले आरक्षण सूची जारी हो जाएगी। भोपाल मंडल के साथ पश्चिम मध्य रेलवे के अन्य मंडलों में भी इसे 15-16 जुलाई की मध्य रात्रि से लागू कर दिया जाएगा। यह नई व्यवस्था यात्रियों को यात्रा से पहले टिकट कन्फर्मेशन की स्थिति जानने में बड़ी राहत देगी। रेल अधिकारियों ने बताया कि 16 जुलाई को सुबह आठ बजे रवाना होने वाली ट्रेनों की आरक्षण सूची 15-16 जुलाई की रात 12 बजे जारी हो जाएगी। छिंदवाड़ा से इंदौर जाने वाली पंचवैली एक्सप्रेस पहली ट्रेन होगी, जिसकी आरक्षण सूची भोपाल में रात 12 बजे तैयार हो जाएगी। अभी तक की व्यवस्था में ट्रेन के प्रस्थान समय से चार घंटे पहले आरक्षण सूची जारी होती थी। स्टेशन जाने के बाद पता चलता है टिकट कन्फर्म हुआ या नहीं इसकी वजह से प्रतीक्षा सूची में शामिल ऐसे लोगों को दिक्कत होती थी, जो दूर से आते थे। उन लोगों को पांच-छह घंटे पहले रेलवे स्टेशन के लिए निकलना पड़ता था, तब तक उन्हें यह पता नहीं रहता था कि उनका टिकट कन्फर्म हुआ है या नहीं। प्राय: ऐसे लोगों को स्टेशन जाने के बाद पता चलता कि उनका टिकट कन्फर्म नहीं हुआ। इस स्थिति में उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता था। नई व्यवस्था के लागू होने से यात्रियों को ट्रेन छूटने से आठ घंटे पहले से ही जानकारी मिल सकेगी कि उनका टिकट कन्फर्म हुआ है या नहीं। इससे वे समय रहते वैकल्पिक यात्रा की योजना बना सकेंगे। रेलवे बोर्ड ने टिकट आरक्षण व्यवस्था में यह बदलाव एक जुलाई से लागू किया था। ये किए गए बदलाव . जिन ट्रेनों का प्रस्थान समय 05:00 बजे सुबह से 14:00 बजे दोपहर के बीच है, उनका पहला आरक्षण चार्ट पिछले दिन रात 9:00 बजे तक तैयार कर लिया जाएगा. . जिन ट्रेनों का प्रस्थान 14:00 बजे दोपहर से 23:59 रात तथा 00:00 से 05:00 बजे सुबह के बीच है, उनका पहला चार्ट प्राथमिकता के अनुसार 8 घंटे पहले तैयार किया जाएगा. . द्वितीय आरक्षण चार्ट की तैयारी की वर्तमान व्यवस्था यथावत बनी रहेगी। . ये निर्देश रिमोट लोकेशनों (Remote Locations) पर चार्टिंग के लिए भी लागू होंगे. यानी सभी ट्रेनों में यह नियम लागू रहेगा. इमरजेंसी कोटा के आवेदन में किए गए बदलाव चार्ट तैयार करने की प्रक्रिया में बदलाव के अनुसार, EQ (आपातकालीन कोटा) के आवेदन समय में भी बदलाव किया गया है. .अगर ट्रेन छूटने का समय 13:00 से 15:00 के बीच है तो ट्रेन प्रस्थान वाले दिन 10:00 बजे तक आवेदन देना होगा. .अगर ट्रेन छूटने का समय 15:00 से 18:00 के बीच है तो ट्रेन प्रस्थान वाले दिन 12:00 बजे तक देना होगा और शनिवार, रविवार अवकाश पर ट्रेन प्रस्थान वाले दिन 12:00 बजे तक आवेदन देना होगा. . अगर ट्रेन छूटने का समय 18:00 से 24:00 और 00:00 से 13:00 तक है तो ट्रेन प्रस्थान के एक दिन पूर्व 14:00 बजे तक आवेदन देना होगा और शनिवार, रविवार अवकाश पर एक दिन पूर्व 12 :00 बजे तक देना होगा.   रेल यात्रियों को मिलेगी सुविधा     रेल यात्रियों की सुविधा के लिए अब ट्रेन के रवाना होने से आठ घंटे पहले आरक्षण सूची जारी की जाएगी। भोपाल मंडल सहित पश्चिम मध्य रेलवे में यह व्यवस्था 15-16 जुलाई की मध्यरात्रि से लागू की जा रही है। -नवल अग्रवाल, जनसंपर्क अधिकारी, भोपाल रेल मंडल

जीपीएफ स्टेटमेंट, वेबसाइट पर अपलोड, शिकायत निवारण की भी सुविधा

भोपाल महालेखाकार कार्यालय (लेखा एवं हकदारी)-द्वितीय, मध्यप्रदेश, ग्वालियर द्वारा राज्य के शासकीय सेवकों के सामान्य भविष्य निधि (GPF) खातों के वर्ष 2024-25 के वार्षिक लेखा विवरण को अब ऑनलाइन उपलब्ध है। अधिकारी एवं कर्मचारी अब अपना GPF स्टेटमेंट कार्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.agmp.nic.in पर जाकर अपनी सीरीज, खाता क्रमांक तथा पासवर्ड दर्ज कर सीधे डाउनलोड कर सकते हैं। यह व्यवस्था न केवल पारदर्शिता बढ़ाएगी, बल्कि समय की भी बचत करेगी। शिकायत निवारण भी अब ऑनलाइन जीपीएफ विवरण में यदि किसी भी प्रकार की विसंगति या त्रुटि पाई जाती है, तो अभिदाता ऑनलाइन शिकायत निवारण प्रणाली के माध्यम से शिकायत दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए वेबसाइट पर जाकर “Accountant General (A&E)-II” में “Online Services” विकल्प से “Register Grievances (AG)” पर क्लिक कर संबंधित जानकारी और दस्तावेज अपलोड किए जा सकते हैं। शिकायतों का निराकरण एक माह के भीतर महालेखाकार की निगरानी में किया जाएगा। शिकायत दर्ज करने के लिए कर्मचारी दूरभाष नंबर 0751-2432457 या व्हाट्सएप नंबर 8827409410 पर भी संपर्क कर सकते हैं।  

इंदौर से गाजियाबाद के लिए डायरेक्ट फ्लाइट की सौगात, 20 जुलाई से उड़ानें होंगी शुरू

इंदौर  इंदौर से गाजियाबाद के लिए 20 जुलाई से सीधी उड़ान शुरू होने जा रही है। इसके शुरू होने से नोएडा और नई दिल्ली जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा विकल्प मिलेगा। इंदौर एयरपोर्ट से 20 जुलाई से गाजियाबाद (उप्र) के लिए सीधी उड़ान शुरू होने जा रही है। इंडिगो विमान कंपनी ने करीब एक माह पहले ही इसकी घोषणा करते हुए बुकिंग शुरू कर दी थी। यह उड़ान प्रतिदिन संचालित होगी, जो गाजियाबाद से दोपहर में इंदौर आएगी और शाम को वापस इंदौर से रवाना होगी। ट्रेवल एजेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष हेमेंद्र सिंह जादौन का कहना है कि नई उड़ान शुरू नहीं होने से नई दिल्ली और नोएडा जाने वाले यात्रियों को फायदा होगा। गाजियाबाद से नई दिल्ली की दूरी करीब 32 किमी है। ऐसे में गाजियाबाद जाकर यात्री दिल्ली जा सकेंगे। इंदौर-गाजियाबाद उड़ान का फेयर 10 हजार रुपये के करीब है। इंदौर एयरपोर्ट से अगस्त में तीन शहरों की उड़ानें बंद होंगी। इंडिगो विमान कंपनी ने इंदौर से नासिक, उदयपुर और जोधपुर के लिए संचालित होने वाली एकमात्र सीधी उड़ान की बुकिंग बंद कर दी है। इन तीनों शहरों की सीधी उड़ान बंद होने से यात्रियों को परेशानी होगी और उन्हें अन्य शहर की कनेक्टिंग उड़ान के माध्यम से हवाई यात्रा करनी होगी। यह रहेगा शेड्यूल गाजियाबाद-इंदौर : फ्लाइट 6ई 2558 गाजियाबाद से दोपहर 2.10 बजे रवाना होकर दोपहर 3.30 बजे इंदौर पहुंचेगी। इंदौर-गाजियाबाद : फ्लाइट 6ई 2559 इंदौर से शाम 4 बजे रवाना होगी और शाम 5.20 बजे गाजियाबाद पहुंचेगी।  

SC का बड़ा फैसला: कार्टूनिस्ट हेमंत मालवीय को नहीं मिली राहत, स्वतंत्रता के अधिकार की सीमाएं तय

इंदौर  सुप्रीम कोर्ट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आरएसएस पर कथित आपत्तिजनक कार्टून बनाने वाले आरोपी कार्टूनिस्ट की याचिका पर सुनवाई की है। कोर्ट ने  कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के अधिकार का ‘दुरुपयोग’ हो रहा है। जस्टिस सुधांशु धूलिया और अरविंद कुमार की पीठ ने आरोपी कार्टूनिस्ट हेमंत मालवीय की अग्रिम जमानत याचिका की सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की वकील वृंदा ग्रोवर से कहा कि आप (याचिकाकर्ता) यह सब क्यों करते हैं? कोविड के दौरान बनाए गए कार्टून को लेकर है मामला ग्रोवर ने कहा कि यह मामला 2021 में कोविड-19 महामारी के दौरान बनाए गए एक कार्टून को लेकर है। उन्होंने कहा कि यह (कार्टून) अरुचिकर हो सकता है। मैं कहना चाहूंगी कि यह घटिया भी है। लेकिन क्या यह अपराध है? माननीय न्यायाधीश ने कहा है कि यह आपत्तिजनक हो सकता है, लेकिन यह अपराध नहीं है। मैं केवल कानून पर बात कर रही हूं। मैं किसी भी चीज को सही ठहराने की कोशिश नहीं कर रही हूं। पोस्ट हटाने को सहमत ग्रोवर याचिकाकर्ता द्वारा की गई पोस्ट को हटाने के लिए सहमत हो गईं। जस्टिस धूलिया ने कहा कि हम इस मामले में चाहे जो भी (निर्णय) करें, लेकिन यह निश्चित रूप से अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का दुरुपयोग है। बार-बार हो रहीं ऐसी चीजें मध्य प्रदेश सरकार की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल के. एम. नटराज ने कहा कि ऐसी ‘चीजें’ बार-बार की जा रही हैं। जब ग्रोवर ने कहा कि कुछ परिपक्वता दिखानी चाहिए, तो इस पर नटराज ने कहा कि यहां केवल परिपक्वता का सवाल नहीं है, (बल्कि) यह इससे कहीं अधिक है।ग्रोवर ने कार्टून के प्रकाशन के समय का उल्लेख करते हुए कहा कि तब से कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि मुद्दा व्यक्तिगत स्वतंत्रता का है और क्या इसके लिए गिरफ्तारी और हिरासत की आवश्यकता होगी। 15 जुलाई को अगली सुनवाई पीठ ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 15 जुलाई (मंगलवार) की तारीख निर्धारित की। ग्रोवर ने पीठ से याचिकाकर्ता को तब तक अंतरिम संरक्षण प्रदान करने का अनुरोध किया। हालांकि, पीठ ने कहा कि हम इस पर कल (मंगलवार को) विचार करेंगे। नहीं मिली थी अग्रिम जमानत हेमंत मालवीय ने उन्हें अग्रिम जमानत न देने संबंधी मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के तीन जुलाई के आदेश को शीर्ष अदालत में चुनौती दी है। वकील और आरएसएस कार्यकर्ता विनय जोशी की शिकायत पर मई में इंदौर के लसूड़िया पुलिस थाने में मालवीय के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ा जोशी ने आरोप लगाया है कि मालवीय ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री अपलोड करके हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई और सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ा। प्राथमिकी में कई ‘आपत्तिजनक’ पोस्ट का उल्लेख किया गया है, जिनमें भगवान शिव पर कथित रूप से अनुचित टिप्पणियों के साथ-साथ कार्टून, वीडियो, तस्वीरें और मोदी, आरएसएस कार्यकर्ताओं तथा अन्य लोगों के बारे में टिप्पणियां शामिल हैं। उच्च न्यायालय में मालवीय के वकील ने दलील दी थी कि उन्होंने केवल एक कार्टून पोस्ट किया था, लेकिन अन्य फेसबुक उपयोगकर्ताओं द्वारा उस पर की गई टिप्पणियों के लिए उन्हें जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। प्राथमिकी में उन पर हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और आरएसएस की छवि धूमिल करने के इरादे से अभद्र और आपत्तिजनक विषय-वस्तु पोस्ट करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196 (विभिन्न समुदायों के बीच सद्भाव बनाए रखने के प्रतिकूल कार्य), 299 (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के इरादे से जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कार्य) और 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान) के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67-ए (इलेक्ट्रॉनिक प्रारूप में स्पष्ट रूप से किसी भी यौन सामग्री को प्रकाशित या प्रसारित करना) के तहत मामला दर्ज किया है।

स्वच्छता में अव्वल रहे बुधनी और शाहगंज, राष्ट्रपति करेंगे सम्मानित

बुधनी /शाहगंज केंद्र सरकार द्वारा स्वच्छता सर्वेक्षण-2024 के विजेता शहरों की घोषणा कर दी गई है, जिसमें मध्यप्रदेश के सीहोर जिले के बुधनी और शाहगंज नगर परिषदों को बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। यह सम्मान न केवल इन दोनों शहरों के लिए, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश के लिए गर्व का विषय है। बुधनी को मिला 'सुपर स्वच्छ लीग सिटी' में प्रथम स्थान स्वच्छता सर्वेक्षण-2024 में बुधनी को ‘20 हजार से कम आबादी’ वाले कस्बों की श्रेणी में देशभर में पहला स्थान मिला है। बुधनी को ‘सुपर स्वच्छ लीग सिटी’ श्रेणी में भी नामांकित किया गया है, जो कि सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले नगरों को दिए जाने वाला नया सम्मान है। इस श्रेणी में लगातार तीन वर्षों से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शहरों को ‘प्रेसिडेंट अवॉर्ड’ से सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इन शहरों के पदाधिकारियों के साथ एक विशेष समूह फोटो सेशन भी करेंगी। इस श्रेणी में मध्यप्रदेश के इंदौर और उज्जैन को भी शामिल किया गया है। शाहगंज को मिलेगा प्रेसिडेंटल अवॉर्ड सीहोर जिले की शाहगंज नगर परिषद को भी इस वर्ष 'प्रेसिडेंटल अवॉर्ड' के लिए चुना गया है। शाहगंज के साथ ही भोपाल और देवास नगर निगमों को भी इस श्रेणी में नामांकित किया गया है। 17 जुलाई को विज्ञान भवन में होगा सम्मान समारोह स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 के विजेताओं को 17 जुलाई को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर ‘गार्बेज फ्री सिटी’ के अंतर्गत स्टार रैंकिंग की घोषणा भी की जाएगी। समारोह में भाग लेने के लिए विजेता नगरीय निकायों से 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल दिल्ली भेजा जाएगा। प्रशासन और नागरिकों का साझा प्रयास सीहोर कलेक्टर बालागुरू के. ने बुधनी और शाहगंज की नगर परिषद टीमों और स्थानीय नागरिकों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान नागरिकों की जागरूकता और स्थानीय निकायों की सतत मेहनत का परिणाम है। उन्होंने भरोसा जताया कि भविष्य में भी यह प्रयास जारी रहेंगे और जिले को और स्वच्छ, हरा-भरा और विकसित बनाया जाएगा।  

महात्मा गांधी चित्रकूट विश्वविद्यालय को UGC ने दी श्रेणी-1 की मान्यता, बढ़ेगा अकादमिक अधिकार

यूजीसी ने महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय को श्रेणी-1 की स्वायत्तता दी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय को UGC से मिला श्रेणी-1 का दर्जा, मिली पूर्ण स्वायत्तता महात्मा गांधी चित्रकूट विश्वविद्यालय को UGC ने दी श्रेणी-1 की मान्यता, बढ़ेगा अकादमिक अधिकार मंत्री परमार ने दी बधाई भोपाल उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इन्दर सिंह परमार ने प्रदेश के चित्रकूट स्थित महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय को, 'विश्वविद्यालय अनुदान आयोग द्वारा “श्रेणीबद्ध स्वायत्तता” अंतर्गत श्रेणी-1 की स्वायत्तता अर्जित करने की महत्वपूर्ण उपलब्धि मिलने पर उच्च शिक्षा विभाग एवं विश्वविद्यालय परिवार शुभकामनाएं एवं बधाई दी हैं। उच्च शिक्षा मंत्री परमार ने कहा कि यह उपलब्धि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा उच्च शिक्षा की गुणवत्ता एवं उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे सतत् एवं व्यापक प्रयासों का प्रमाण है। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सतत् नवीन आयाम स्थापित हो रहे हैं। राज्य सरकार, विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के परिप्रेक्ष्य में गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारमूलक उच्च शिक्षा प्रदान करने की दिशा में प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। उच्च शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों के समग्र विकास एवं प्रगति के साथ शैक्षणिक एवं अकादमिक स्तर पर गुणवत्ता की उत्कृष्टता के लिए उत्तरोत्तर वृद्धि हो रही है। मंत्री परमार ने कहा कि यह कीर्तिमान राज्य सरकार की उच्च शिक्षा शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है। अब विश्वविद्यालय, अपनी स्वायत्तता के अनुरूप शिक्षण-प्रशिक्षण, शोध एवं नवाचार को बढ़ावा देते हुए विद्यार्थियों को गुणवतापूर्ण उच्च शिक्षा के माध्यम से सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित कर सकेगा। परमार ने कहा कि श्रेणी-1 की स्वायत्तता मिलने से विश्वविद्यालय को अकादमिक, प्रशासनिक एवं वित्तीय स्तर पर अधिक स्वतंत्रता प्राप्त होगी जिससे पाठ्यक्रम, शोध, नवाचार एवं मूल्यपरक शिक्षा को और अधिक मजबूती मिलेगी। यह उपलब्धि, विश्वविद्यालय को गुणवत्तापूर्ण और नवाचारोन्मुखी शिक्षा के लिए आत्मनिर्भरता प्रदान करेगी और नव अवसरों का सृजन करने में सहायक सिद्ध होगी। ज्ञातव्य है कि चित्रकूट स्थित महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय, प्रदेश के विश्वसनीय एवं प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में से एक है। विश्वविद्यालय ने, वर्ष 2024 में राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) द्वारा "A++" ग्रेड प्रत्ययित होकर देश के अग्रणी विश्वविद्यालयों की श्रेणी में स्थान बनाया है। विश्वविद्यालय ने निरंतर प्रगति और नवाचारयुक्त कार्यप्रणाली के फलस्वरूप विश्वविद्यालय अनुदान आयोग द्वारा निर्धारित मानकों पर खरा उतरकर, यूजीसी द्वारा (स्वायत्तता प्रदान करने हेतु विश्वविद्यालयों का श्रेणीकरण) विनियम, 2018 के अंतर्गत ग्रेड-वन में सम्मिलित होकर श्रेणीबद्ध स्वायत्तता की मान्यता प्राप्त की है। महात्मा गाँधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय को अब 'विश्वविद्यालय अनुदान आयोग' द्वारा स्वायत्तता की श्रेणी-1 में वर्गीकृत किया गया है।