samacharsecretary.com

IND vs PAK से पहले रणनीति तैयार, पाकिस्तान बदल सकता है अपनी प्लेइंग XI

कोलंबो. पाकिस्तान रविवार को कोलंबो में चिर-प्रतिद्वंद्वी भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप के बड़े मुकाबले में चार विशेषज्ञ गेंदबाजों ( दो स्पिनर और दो तेज गेंदबाज) के साथ उतर सकता है। टीम के करीबी एक सूत्र ने बताया कि मुख्य कोच माइक हेसन और कप्तान सलमान अली आगा इस मैच में दोनों विशेषज्ञ स्पिनरों अबरार अहमद और उस्मान तारिक के साथ-साथ दो विशेषज्ञ तेज गेंदबाजों शाहीन शाह अफरीदी और सलमान मिर्जा को खिलाने के इच्छुक हैं। टीम प्रबंधन शादाब खान, मोहम्मद नवाज और फहीम अशरफ में से एक ऑलराउंडर को बाहर करने पर भी विचार कर सकता है। सूत्र ने कहा, ''टीम प्रबंधन के सामने एकमात्र समस्या यह है कि यदि वे चार विशेषज्ञ गेंदबाजों के साथ जाते हैं तो फहीम, शादाब और नवाज में से किसे बाहर बिठाना है, इस पर फैसला लेना होगा। '' उन्होंने बताया कि सईम अयूब, साहबजादा फरहान, सलमान अली आगा, बाबर आजम और उस्मान खान बल्लेबाजी क्रम में शीर्ष पांच स्थान पर हैं। ऐसे में टीम प्रबंधन को छठे और सातवें नंबर के लिए खिलाड़ियों का चयन करना होगा जिसके बाद चार गेंदबाज होंगे। सूत्र ने कहा कि नवाज के बाहर बैठने की संभावना है क्योंकि वह बाएं हाथ के स्पिनर हैं और भारत के पास अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दूबे, रिंकू सिंह, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव और अर्शदीप सिंह जैसे बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। सूत्र ने कहा, ''माहौल यह है कि फहीम को खिलाना बेहतर होगा क्योंकि वह अच्छी फॉर्म में हैं और जरूरत पड़ने पर तीसरे तेज गेंदबाज की भूमिका निभा सकते हैं। साथ ही शादाब की लेग स्पिन बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ उपयोगी होगी। '' उन्होंने कहा कि अबरार, उस्मान, शादाब और सईम अयूब स्पिन विकल्प के रूप में उपलब्ध हैं इसलिए टीम प्रबंधन को भरोसा है कि इस 'हाई-प्रोफाइल' मैच में नवाज के बिना भी काम चलाया जा सकता है। हालांकि उन्होंने जोर देकर कहा कि रविवार को आर प्रेमदासा स्टेडियम की पिच का अंतिम मुआयने और मौसम की स्थिति देखने के बाद अंतिम फैसला बदल भी सकता है। पाकिस्तान इस टूर्नामेंट में पहली बार प्रेमदासा स्टेडियम में खेलेगा। पिछले महीने पाकिस्तान ने श्रीलंका में टी20 सीरीज जीती थी लेकिन सभी मैच दांबुला में खेले गए थे जबकि टीम ने अपने दोनों टी20 विश्व कप मुकाबले नीदरलैंड और अमेरिका के खिलाफ सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब मैदान में खेले हैं। पाकिस्तान की संभावित प्लेइंग इलेवन: सईम अयूब, साहबजादा फरहान, सलमान अली आगा (कप्तान), बाबर आजम, उस्मान खान, शादाब खान, फहीम अशरफ, शाहीन शाह अफरीदी, सलमान मिर्जा, अबरार अहमद, उस्मान तारिक।

WTT स्टार कंटेंडर में स्नेहित का दम, ओइकावा को हराकर मेंस सिंगल्स के अंतिम-16 में एंट्री

चेन्नई स्नेहित सुरवज्जुला ने शुक्रवार को जापान की 13वीं सीड मिजुकी ओइकावा के खिलाफ जीत दर्ज करते हुए मेंस सिंगल्स के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। राउंड ऑफ 16 में उनका सामना टॉप सीड ओह जुनसुंग से होगा। शुक्रवार को तमिलनाडु फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में हुए मुकाबले में स्नेहित ने 0-2 से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए मैच अपने नाम किया। इसके बाद हिम्मत दिखाते हुए अपना तीसरा मैच प्वाइंट 3-2 (9-11, 15-17, 11-4, 11-6, 18-16) से जीतकर राउंड ऑफ 16 में टॉप सीड ओह जुनसुंग के खिलाफ मैच तय किया। यह बताते हुए कि पांचवें गेम के आखिर में उनके दिमाग में क्या चल रहा था, स्नेहित ने कहा, “मैं बस खुद से कह रहा था कि एक बार में एक प्वाइंट पर फोकस करूं और स्कोर के बारे में न सोचूं, क्योंकि मैंने शुरुआती दो मैच प्वाइंट्स पर गलतियां की थीं।” 25 वर्षीय स्नेहित ने कहा कि वह बिना किसी उम्मीद के मैच में उतरे थे, लेकिन पहले दो गेम हारने से उन्हें असल में यह आत्मविश्वास मिला कि वह मुकाबला कर सकते हैं। उन्होंने कहा, “मैं पहला गेम 9-11 से हार गया था। मुझे यकीन नहीं हो रहा था कि मैं उनके स्तर की बराबरी कर पाऊंगा। फिर मैं दूसरा गेम हार गया, लेकिन इससे मुझे अगला गेम जीतने का आत्मविश्वास मिला।” इससे पहले, साथियान जी. और हरमीत देसाई की अनुभवी मेंस डबल्स जोड़ी ने फ्लोरियन बौरासॉड और एस्टेबन डोर की तीसरी सीडेड फ्रेंच जोड़ी को 3-0 (11-7, 11-9, 11-7) से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई, जहां उनका सामना कोरिया की दूसरी सीडेड जोड़ी लिम जोंगहून और ओह जुनसुंग से होगा। इस बीच, वाइल्ड कार्ड एंट्री पायस जैन और सिंड्रेला दास ने टॉप सीड मानुष शाह और दीया चितले को 3-1 (12-10, 13-11, 10-12, 11-9) से शिकस्त देकर मिक्स्ड डबल्स सेमीफाइनल में जगह बनाई।  

भारत-पाक मुकाबले से पहले कोलंबो में टीम इंडिया की परफॉर्मेंस, प्रेमदासा स्टेडियम से जुड़े तथ्य

कोलंबो ऑफ-फील्ड ड्रामा और राजनीतिक शोर-शराबे के बाद आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप का सबसे बहुप्रतीक्षित मैच आखिरकार तय कार्यक्रम के अनुसार होने जा रहा है. भारत और पाकिस्तान रविवार को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में आमने-सामने होंगे. क्रिकेटीय कारणों से इस प्रतिद्वंद्विता को लेकर उत्साह अब भी बरकरार है. इस मुकाबले में कई लोग भारत को प्रबल दावेदार मान रहे हैं, क्योंकि इस भिड़ंत में उनका दबदबा रहा है. मौजूदा टी20 विश्व कप में उनका प्रदर्शन भी इस दलील को मजबूत करता है. भारत ने अपने अभियान की शुरुआत संयुक्त राज्य अमेरिका पर जीत के साथ की. सूर्यकुमार यादव ने कठिन परिस्थिति में अहम पारी खेलकर टीम को संभाला और जीत दिलाई. इसके बाद भारत ने नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया को 93 रन से हराया. यह टी20 विश्व कप इतिहास में रन के अंतर से भारत की सबसे बड़ी जीत भी रही.  पाकिस्तान का ऐसा रहा है प्रदर्शन दूसरी ओर, पाकिस्तान को नीदरलैंड्स के खिलाफ कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा, जहां फहीम अशरफ की उपयोगी कैमियो पारी ने उन्हें रोमांचक मुकाबले में जीत दिलाई. इसके बाद उन्होंने अमेरिका के खिलाफ अधिक पेशेवर प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की. रविवार का मुकाबला हाई-वोल्टेज थ्रिलर होने की उम्मीद है. लगातार जीत के साथ भारत लय में है और मानसिक बढ़त भी रखता है. पिछले दशक में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पाकिस्तान पर उनका दबदबा उन्हें मनोवैज्ञानिक बढ़त देता है. हालांकि, इस बड़े मुकाबले से पहले यह समझना जरूरी है कि भारत को जीत के लिए क्या करना होगा. प्रेमदासा स्टेडियम भारत के लिए अनजाना नहीं है. यहां की परिस्थितियां उन्हें भली-भांति मालूम हैं. कोलंबो में भारत का प्रदर्शन कैसा रहा है? भारत ने कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में शानदार सफलता हासिल की है. 2009 से अब तक यहां खेले गए 15 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत ने 11 जीते और सिर्फ 4 हारे हैं. आईसीसी टी20 विश्व कप 2012 में भारत ने इस मैदान पर पांच में से चार मैच जीते थे, जबकि एकमात्र हार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आई थी. मेजबान श्रीलंका के अलावा केवल ऑस्ट्रेलिया ही इस मैदान पर भारत को हरा सका है. भारत का टी20I रिकॉर्ड (आरपीएस, कोलंबो): मैच – 15 जीत – 11 हार – 4 कोलंबो में कितना स्कोर चाहिए? आर प्रेमदासा स्टेडियम में अक्सर लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों को फायदा मिला है. यहां खेले गए 51 टी20I मैचों में औसत स्कोर 152 रहा है, जबकि 28 बार लक्ष्य का सफल पीछा किया गया है. हालांकि मौजूदा टूर्नामेंट में पीछा करना कठिन साबित हुआ है. वर्तमान टूर्नामेंट में औसत स्कोर 158 रहा है. भारत ने जब-जब यहां पहले बल्लेबाजी करते हुए 150 से अधिक रन बनाए हैं, तब छह में से पांच मैच जीते हैं. ऐसे में 165 या उससे थोड़ा अधिक का स्कोर रविवार को जीत के लिए पर्याप्त हो सकता है. **कोलंबो में भारत का सर्वोच्च स्कोर:** 176/3 बनाम बांग्लादेश (मार्च 2018) **न्यूनतम स्कोर:** 81/8 बनाम श्रीलंका (जुलाई 2021) **औसत स्कोर:** 157 (15 मैचों में) स्पिन से मिलेगी जीत? कोलंबो में टी20I में तेज और स्पिन गेंदबाजों दोनों को सफलता मिली है. पेसरों ने 323 विकेट लिए हैं, जबकि स्पिनरों के नाम 282 विकेट हैं. हाल ही में वनींदु हसरंगा और माहेश थीक्षाना ने आयरलैंड के बल्लेबाजों को रोका, जबकि एडम जाम्पा ने शानदार चार विकेट लिए. तेज गेंदबाजों में जसप्रीत बुमराह की वापसी भारत के लिए बड़ी मजबूती है. वहीं पाकिस्तान के मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक को भी भारत के खिलाफ बड़ा हथियार माना जा रहा है. रविवार को मुकाबले का फैसला केवल स्पिन से नहीं होगा. तेज गेंदबाज भी नतीजे में अहम भूमिका निभा सकते हैं.  

क्या फिर दोहराएगा इतिहास? भारत बनाम पाकिस्तान के 8 मैचों का पूरा हिसाब

नई दिल्ली T20 World Cup 2026 का फाइनल से भी बड़ा मैच रविवार 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाना है, जो कि इंडिया वर्सेस पाकिस्तान मैच है। हर कोई यही बात कह रहा है कि ये क्रिकेट की सबसे बड़ी राइवलरी है, लेकिन आंकड़ों पर गौर करेंगे तो आप पाएंगे कि इसमें राइवलरी नाम का कुछ है ही नहीं। टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास के आंकड़ों को उठाया जाए तो आप देखेंगे कि पाकिस्तान भारत के आगे टिकता ही नहीं है। टीम इंडिया और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप के इतिहास में अब तक 8 मुकाबले खेले गए हैं। इन 8 मैचों में से सिर्फ एक बार पाकिस्तान को जीत मिली है। 7 बार भारतीय टीम ने मुकाबला जीता है। इसके अलावा 8 में से 3 मैचों में प्लेयर ऑफ द मैच एक ही खिलाड़ी रहा है, जो इस बार टीम का हिस्सा नहीं है, लेकिन उसके आगे पाकिस्तान के गेंदबाजों को एक नहीं चलती थी। ये थे क्रिकेट के किंग विराट कोहली। हालांकि, एक बार ऐसा भी हुआ है, जब पाकिस्तान का एक खिलाड़ी प्लेयर ऑफ द मैच रहा, लेकिन उनकी टीम को भारत से हार का सामना करना पड़ा। ऐसा हुआ था साल 2007 के टी20 विश्व कप के ग्रुप फेज के मैच में, जब मोहम्मद आसिफ को 4 विकेट लेने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था। ये मैच टाई रहा था और बॉल आउट के जरिए मैच का नतीजा निकला था, जिसमें भारत को जीत मिली थी। पाकिस्तान का एक और खिलाड़ी इंडिया वर्सेस पाकिस्तान टी20 विश्व कप मैच में प्लेयर ऑफ द मैच रहा है, जो कि शाहीन शाह अफरीदी हैं। 2021 के टी20 विश्व कप के लीग फेज के मैच में शाहीन ने 4 ओवर में 31 रन देकर 3 विकेट निकाले थे। इसमें केएल राहुल, रोहित शर्मा और विराट कोहली का विकेट शामिल था। इसके अलावा 6 मैचों में भारतीय खिलाड़ी प्लेयर ऑफ द मैच रहे हैं। उनमें भी 3 बार विराट कोहली ने ये खिताब जीता है। विराट कोहली ने 2012, 2016 और 2022 के टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीता है। 2007 के टी20 विश्व कप फाइनल में इरफान पठान प्लेयर ऑफ द मैच थे। 2014 में अमित मिश्रा ने ये अवॉर्ड अपने नाम किया था। 2024 में जसप्रीत बुमराह ने प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड हासिल किया था। एशिया कप 2025 में भारत ने लगातार तीन मैचों में पाकिस्तान को हराया था। ऐसे में पाकिस्तान का मनोबल गिरा हुआ होगा।

पाकिस्तान मुकाबले से पहले खुशखबरी, अभिषेक शर्मा की एंट्री पर सूर्यकुमार यादव ने लगाई मुहर

कोलंबो पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से पहले भारतीय प्रशंसकों के लिए खुशखबरी है। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि अभिषेक शर्मा रविवार को कोलंबो में चिर-प्रतिद्वंदी टीम के खिलाफ खेलते नजर आएंगे। दरअसल, विस्फोटक बल्लेबाज हाल ही में नामीबिया के खिलाफ मैच में भारत की प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं बन पाए थे। उन्हें पेट में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती भी होना पड़ा था। हालांकि, उन्हें छुट्टी मिल गई थी। अभिषेक की होगी वापसी टी20 विश्व कप के हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पुष्टि कर दी है कि इस मैच में अभिषेक शर्मा खेलते नजर आएंगे। उन्होंने कहा, 'अगर आप सब चाहते हैं कि अभिषेक शर्मा खेले तो हम उसे खिलाएंगे।' मौजूदा टूर्नामेंट में अभिषेक ने अब तक सिर्फ एक मैच खेला है। अमेरिका के खिलाफ वह खाता भी नहीं खोल पाए थे। वहीं, नामीबिया के खिलाफ वह खराब स्वास्थ्य के कारण शामिल नहीं हुए। अब वह पाकिस्तान के खिलाफ मैच में वापसी करेंगे। एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ अभिषेक का प्रदर्शन अभिषेक ने पिछले साल एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ दो टी20 मैचों में 31 और 74 रन बनाए थे, जबकि फाइनल में वह सिर्फ 5 रन पर आउट हुए थे। बावजूद इसके भारत ने दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज की थी। कम समय में अभिषेक शर्मा भारत के उभरते हुए टी20 सितारे बन गए हैं। 39 मैचों में 1297 रन बनाते हुए उन्होंने दो शतक और आठ अर्धशतक लगाए हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 135 रन है, जो उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में बनाया था।

सुपर ओवर में हार के बाद अफगानिस्तान टीम को झटका, परफॉर्मेंस एनालिस्ट हुआ अस्वस्थ

 नई दिल्ली     आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अफगानिस्तान का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है. अफगानिस्तान को न्यूजीलैंड के हाथों पांच विकेट से हार झेलनी पड़ी थी. फिर उसे साउथ अफ्रीका ने उसे डबल सुपर ओवर में हरा दिया. दो हार के चलते अफगानी टीम अब टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर है. ग्रुप-डी में मौजूद अफगानिस्तान को अब संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और कनाडा का सामना करना है. अफगानिस्तान को सुपर-8 में पहुंचने के लिए ना सिर्फ ये दोनों मैच जीतने होंगे, बल्कि इस ग्रुप में बाकी नतीजे भी उनके अनुकूल होने चाहिए. इस सबके बीच अफगानी टीम को बड़ा झटका लगा है. टीम के परफॉर्मेंस एनालिस्ट केसी रामा सुब्रमणियन को नई दिल्ली में हल्का दिल का दौरा पड़ा. डेली मिरर की रिपोर्ट के अनुसार बुधवार को उन्हें सीने में दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद तुरंत फोर्टिस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गयाा. कैसी है सुब्रमणियन की सेहत? डॉक्टरों ने उनकी एंजियोप्लास्टी की और अब उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. टीम सूत्रों के मुताबिक उनका स्वास्थ्य पहले से बेहतर है और वे रिकवरी कर रहे हैं. चेन्नई से ताल्लुक रखने वाले केसी रामा सुब्रमणियन अफगानिस्तान टीम के भीतर एक अहम सदस्य माने जाते हैं और स्पोर्ट्स एनालिटिक्स कंपनी के डायरेक्टर भी हैं. यह घटना उस बेहद रोमांचक मुकाबले के कुछ ही दिन बाद हुई, जिसमें अफगानिस्तान ने साउथ अफ्रीकी टीम के खिलाफ ऐतिहासिक मैच खेला था. वो मुकाबला दो सुपर ओवर तक चला और खिलाड़ियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से थका देने वाला रहा. अफगानिस्तान की टीम ने शानदार लड़ाई लड़ी, लेकिन बेहद करीबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा. उस मैच में रहमानुल्लाह गुरबाज का प्रदर्शन चर्चा में रहा. अफगानी टीम पर शुरुआती दो हारों के बाद दबाव बढ़ गया है और सुपर-8 की राह मुश्किल नजर आ रही है. अफगानिस्तान अब 16 फरवरी को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में यूएई के खिलाफ अपना अगला ग्रुप मुकाबला खेलेगा. टीम के लिए यह मैच 'करो या मरो' जैसा माना जा रहा है. फिर उसे 19 फरवरी को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में कना़डा से मुकाबला करना है. अफगानिस्तान का फुल स्क्वॉड: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, गुलबदीन नईब, सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान (कप्तान), मुजीब उर रहमान, जियाउर रहमान शरीफी, फजलहक फारूकी, शाहिदुल्लाह कमाल, मोहम्मद इशाक, नूर अहमद और अब्दुल्ला अहमदजई.

शूटिंग: एशियन चैंपियनशिप में भारत के अभियान का शानदार अंत, 94 मेडल के साथ नंबर-1

नई दिल्ली एशियन राइफल/पिस्टल चैंपियनशिप 2026 में भारत ने कुल 94 मेडल (51 गोल्ड, 23 सिल्वर और 20 ब्रॉन्ज मेडल) के साथ अपने अभियान का अंत किया। मेजबान टीम ने प्रतियोगिता के अंतिम दिन 6 गोल्ड, 3 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल जीतकर अपनी मजबूत स्थिति बनाई। आखिरी दिन, भारतीय शूटर्स ने 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल और 25 मीटर पिस्टल जूनियर इवेंट्स में पोडियम पर कब्जा जमाया। इसके साथ ही 50 मीटर राइफल प्रोन विमेन सीनियर और जूनियर इवेंट्स में तीन मेडल भी जीते। उन्होंने टीम इवेंट्स में भी चार गोल्ड मेडल जीतकर चैंपियनशिप को शानदार तरीके से खत्म किया। 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल में अमनप्रीत सिंह ने प्रिसिजन और रैपिड स्टेज पर 589-24x के फाइनल स्कोर के साथ गोल्ड पर निशाना साधा। ओलंपियन गुरप्रीत सिंह ने 584-20x के स्कोर के साथ सिल्वर जीता, जबकि अंकुर गोयल ने 570-11x के स्कोर के साथ ब्रॉन्ज अपने नाम किया। 25 मीटर पिस्टल जूनियर इवेंट में सूरज शर्मा ने साल की अपनी शानदार शुरुआत जारी रखते हुए 585-25x के स्कोर के साथ गोल्ड जीता। मुकेश नेलावल्ली ने चैंपियनशिप में एक और मेडल जीता। इस बार उन्होंने 582-21x के स्कोर के साथ सिल्वर पर निशाना साधा। डेफलिंपिक्स मेडलिस्ट अभिनव देशवाल ने 573-17x के स्कोर के साथ ब्रॉन्ज जीता। तीनों ने इवेंट में टीम गोल्ड भी जीता। 50 मीटर राइफल प्रोन इवेंट में कजाकिस्तान की येलिजावेता बेज्रुकोवा ने गोल्ड जीता। वहीं, ओलंपियन सिफ्ट कौर समरा ने 623.2 के स्कोर के साथ सिल्वर पर निशाना साधा। तेजस्विनी सावंत ने इंटरनेशनल मेडल जीतने के 5 साल बाद ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया है। सिफ्ट और तेजस्वनी ने मानिनी कौशिक के साथ भारत के लिए टीम गोल्ड जीता। जूनियर कैटेगरी में धवलिका देवी न्यामुरस ने 614.1 के स्कोर के साथ ब्रॉन्ज मेडल पर निशाना साधा, जबकि कजाकिस्तान की निशानेबाज टोमिरिस अमानोवा और डारिया पोनोमारेंको ने क्रमशः गोल्ड और सिल्वर मेडल पर निशाना साधा। प्राची गायकवाड़, अनुष्का थोकुर और देवी की तिकड़ी ने मिलकर टीम गोल्ड जीता।  

हैंडशेक मुद्दे पर सलमान अली आगा बोले – फैसला भारत के हाथ में

कोलंबो भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच को लेकर तमाम संशय के बादल छंट गए हैं। दोनों देशों के बीच कोलंबो में रविवार को मुकाबला होना है। मैच को लेकर करोड़ों क्रिकेट फैंस रोमांचित हैं। फैंस के मन में एक सवाल है कि क्या भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ी मैच के बाद पहले की तरह एक दूसरे के साथ हाथ मिलाएंगे या एशिया कप वाली 'हाथ नहीं मिलाने' की नीति ही काम करेगी। शनिवार को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा से पूछा गया कि क्या मैच के दौरान दोनों देशों के खिलाड़ी एक दूसरे से हाथ मिलाएंगे? इसके जवाब में आगा ने कहा, "यह भारत पर है कि वे सही भावना के साथ खेलना चाहते हैं या नहीं।" उन्होंने कहा, "क्रिकेट को भावना के साथ खेला जाना चाहिए। मेरी निजी राय शायद मायने न रखे, लेकिन क्रिकेट वैसे ही खेला जाना चाहिए जैसा हमेशा से खेला जाता रहा है। यह उन्हें तय करना है कि क्या करना है।" मैच को लेकर पाकिस्तान के कप्तान ने कहा, "भारत के खिलाफ हमारा रिकॉर्ड अच्छा नहीं है, लेकिन हम इतिहास नहीं बदल सकते। हर दिन एक नया दिन होता है।" अप्रैल में हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के आपसी रिश्ते निचले स्तर पर हैं। इसका असर क्रिकेट पर भी पड़ा है। एशिया कप 2025 के दौरान हुए तीन मैचों में भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के खिलाड़ियों के साथ मैच के बाद होने वाला पारंपरिक 'हैंड शेक' नहीं किया था। महिला क्रिकेट टीम और जूनियर टीमों ने भी ऐसा ही किया। विमेंस वर्ल्ड कप, अंडर-19 एशिया कप, अंडर-19 विश्व कप और राइजिंग स्टार्स एशिया कप में भी दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाया था। पाकिस्तान को हराकर एशिया कप का खिताब जीतने वाली भारतीय टीम ने एसीसी अध्यक्ष मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से भी इनकार कर दिया था। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड द्वारा टी20 विश्व कप से बाहर होने और उसकी जगह आईसीसी द्वारा स्कॉटलैंड को मौका दिए जाने के बाद पाकिस्तान ने बांग्लादेश के समर्थन में भारत के साथ 15 फरवरी वाला मैच खेलने से इनकार कर दिया था। आईसीसी की मध्यस्थता के बाद पाकिस्तान ने अपना फैसला बदला। रविवार को कोलंबो में मैच के अलावा दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच आपसी व्यवहार कैसा रहता है, इस पर भी फैंस की नजरें रहेंगी।

इगोर ट्यूडर बने टोटेनहम हॉटस्पर के अंतरिम कोच

नई दिल्ली इगोर ट्यूडर ने सीजन के आखिर तक इंग्लिश प्रीमियर लीग क्लब टोटेनहम हॉटस्पर का अंतरिम कोच बनने के लिए एक एग्रीमेंट किया है। क्लब ने इस हफ्ते की शुरुआत में थॉमस फ्रैंक को बर्खास्त किया था। टोटेनहम हॉटस्पर ने तब एक्शन लिया जब खराब फॉर्म के कारण वे रेलीगेशन जोन से सिर्फ पांच प्वाइंट्स ऊपर थे, जिससे क्लब को सीजन के आखिर में गिरावट से बचने के लिए अल्पकालिक स्थिरता की तलाश करनी पड़ी। 47 वर्षीय ट्यूडर अक्टूबर 2025 में जुवेंटस छोड़ने के बाद मैनेजमेंट में वापस आ रहे हैं। ट्यूरिन में उनका कार्यकाल आठ मैचों की बिना जीत के सीक्वेंस के बाद खत्म हुआ, जिससे इटैलियन जायंट्स सीरी ए में आठवें स्थान पर खिसक गए। क्रोएशियाई कोच ने पूरे यूरोप में एक मजबूत प्रबंधकीय प्रोफाइल तैयार की है। वह लाजियो, मार्सिले, गैलाटसराय और उडिनीस जैसे क्लबों के साथ काम कर चुके हैं। मार्च 2024 में उन्होंने मौरिजियो सारी की जगह लाजियो के हेड कोच का पद संभाला, जब रोम स्थित क्लब खराब प्रदर्शन के चलते तालिका में नौवें स्थान पर था। ट्यूडर के नेतृत्व में लाजियो ने नौ मुकाबलों में पांच जीत दर्ज कीं और सिर्फ एक हार झेली, जिससे टीम सातवें स्थान पर रही और यूएफा यूरोपा लीग के लिए क्वालीफाई किया। इसके बावजूद, उन्होंने उस सीजन के अंत में पद छोड़ने का फैसला किया। बतौर कोच उनकी एकमात्र ट्रॉफी अपने गृह नगर के क्लब हजदुक स्प्लिट के साथ आई, जिसे उन्होंने 2013 में क्रोएशियाई कप जिताया। ट्यूडर ने जुवेंटस में 9 साल बिताए, जहां उन्होंने दो लीग खिताब जीते और 2003 के यूईएफए चैंपियंस लीग फाइनल में उपविजेता रहे। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर, वह क्रोएशिया की नेशनल फुटबॉल टीम का हिस्सा थे, जिसने फीफा वर्ल्ड कप 1998 के सेमीफाइनल तक का सफर तय किया और अंततः तीसरा स्थान हासिल किया। टोटेनहैम ने बोरुसिया डॉर्टमुंड के पूर्व कोच एडिन टेर्जिक और आरबी लीपजिग के पूर्व बॉस मार्को रोज सहित दूसरे शॉर्ट-टर्म ऑप्शन भी देखे थे। हालांकि, ट्यूडर की नियुक्ति अल्पकालिक है, लेकिन अगर वह बेहतरीन प्रभाव डालते हैं तो स्थायी भूमिका के लिए अभी भी तैयार हो सकते हैं। पूर्व स्पर्स मैनेजर मौरिसियो पोचेतीनो लंबे समय से उम्मीदवार बने हुए हैं, उनका यूनाइटेड स्टेट्स मेंस नेशनल सॉकर टीम के हेड कोच के तौर पर कॉन्ट्रैक्ट इस वर्ल्ड कप तक चलेगा। इस बीच रॉबर्टो डी जर्बी के नाम पर भी विचार किया जा रहा है, जो इस हफ्ते की शुरुआत में आपसी सहमति से मार्सिले से अलग हो गए थे।  

आईएसएल 2025-26: जमशेदपुर एफसी की 28 सदस्यीय टीम घोषित

जमशेदपुर करीब एक साल बाद इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के जमशेदपुर लौटने पर, जमशेदपुर एफसी ने आगामी सीजन के लिए अपनी 28 सदस्यीय टीम घोषित की है। शील्ड जीतने वाले कोच ओवेन कॉयल एक बार फिर टीम का मार्गदर्शन कर रहे हैं, जो जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 9 अहम घरेलू मैच होस्ट करेगी। मेन ऑफ स्टील 15 फरवरी को जेआरडी स्टेडियम में मोहम्मडन एससी के खिलाफ अपने आईएसएल सीजन की शुरुआत करेगी। यह टीम काफी संतुलित नजर आ रही है, जिसमें 6 इंटरनेशनल खिलाड़ी टैलेंटेड भारतीय कोर में अनुभव और गुणवत्ता ला रहे हैं। यह अनुभवी दिग्गजों और होनहार युवा टैलेंट के संयोजन से और बेहतर होता है, जिससे विशेषज्ञता और युवा एनर्जी का मेल है। जमशेदपुर एफसी का मिडफील्ड खासतौर पर मजबूत है, जिसमें खास विदेशी खिलाड़ी निकोला स्टोजानोविक और मादिह तलाल के साथ-साथ प्रणय हलदर भी हैं। रेई ताचिकावा भारतीय मिडफील्डर्स को मजबूती दे रहे हैं। डिफेंसिव तौर पर प्रतीक चौधरी, स्टीफन एजे और लजार सिरकोविक जैसे पुराने खिलाड़ी टीम को मजबूती देते हैं, जबकि अटैकिंग लाइनअप में मेस्सी बाउली, सनन और ऋत्विक शामिल हैं। क्लब में वापसी के बाद से ओवेन कॉयल ने खिलाड़ियों की प्रतिबद्धता की तारीफ करते हुए कहा, “हम इस बात से बहुत खुश हैं कि जब से हम आए हैं, स्क्वॉड कितनी मेहनत कर रहा है। हमें सुपर कप से पहले बनी टीम विरासत में मिली थी, लेकिन खिलाड़ियों ने बहुत अच्छा रवैया, बहुत प्रतिबद्धता दिखाई है और ट्रेनिंग में बहुत मेहनत की है। अब हम ट्रेनिंग ग्राउंड से उस काम को मैदान पर लाना चाहते हैं, जिसकी शुरुआत रविवार को आईएसएल मैच से होगी।” जमशेदपुर एफसी की टीम: गोलकीपर- अल्बिनो जियोवानी गोम्स, रवि कुमार, अमृत गोप और आयुष जेना। डिफेंडर- स्टीफन एजे, लजार सिरकोविक, प्रतीक चौधरी, सार्थक गोलुई, मार्क जोथनपुइया, प्रफुल्ल कुमार, कार्तिक चौधरी और निखिल बारला। मिडफील्डर- प्रणय हलदर, जर्मनप्रीत सिंह, मोबाशिर रहमान, मदीह तलाल, निकोला स्टोजानोविक, रेई ताचिकावा, ऋत्विक दास, सौरव दास, लालहरियातपुइया चावंगथु, विंसी बैरेटो, श्रीकुट्टन वीएस और समीर मुर्मू। फॉरवर्ड- मेसी बाउली, सनन मोहम्मद के, मनवीर सिंह और रोसेनबर्ग गेब्रियल।