samacharsecretary.com

टीम इंडिया का दबदबा बरकरार: फिल सॉल्ट ने माना—जीत के लिए भाग्य भी चाहिए

इंग्लैंड. इंग्लैंड के बल्लेबाज फिल सॉल्ट का मानना है कि मौजूदा फॉर्म को देखते हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत को हराना बेहद मुश्किल चुनौती होगी। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम को हराने के लिए थोड़ी किस्मत की जरूरत होगी। अगस्त 2023 के बाद से भारतीय टीम ने टी20 इंटरनेशनल में दमदार प्रदर्शन किया है और आक्रमक खेल दिखाया है। पिछले विश्व कप के बाद से भारतीय टीम खेल के सबसे छोटे प्रारूप में सबसे सफल टीम रही है। भारत ने 63 मैच खेलते हुए 49 में जीत दर्ज की है और सिर्फ तीन गंवाए हैं। इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट ने कहा है कि भारत इस समय टी20 क्रिकेट में सबसे मजबूत टीम है और उन्हें हराने के लिए केवल कौशल ही काफी नहीं, किस्मत का भी साथ चाहिए। इंग्लैंड के स्टार ओपनर ने एक पॉडकास्ट और हालिया इंटरव्यू में कहा, ''मुझे लगता है कि उन्हें हराने के लिए सभी को थोड़ी किस्मत की जरूरत पड़ेगी। भारत इस समय टी20 विश्व कप में सबसे मजबूत टीम है। भारत के खिलाफ खेलना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है। लेकिन अगर आप उन्हें हराना चाहते हैं, तो आपको हर चीज सही करनी होगी और फिर भी थोड़ी किस्मत चाहिए।'' भारत ग्रुप ए में है, जहां उसके मुकाबले नामीबिया, अमेरिका, नीदरलैंड्स और संभावित रूप से स्कॉटलैंड या अन्य टीमों से होंगे। इंग्लैंड ग्रुप B में है और भारत से सेमीफाइनल या फाइनल में टकराव की संभावना है। टी20 विश्व कप में भारत का पहला मैच सात फरवरी को अमेरिका से है। फिल सॉल्ट ने भारत के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की भी तारीफ की है। उन्होंने कहा, ''सच तो यह है कि वह पहली ही गेंद पर उस तरह से छक्का जड़ सकता है, जिस तरह से वह पिच पर दौड़कर आता है, जिस तरह वह ऑफ-साइड के ऊपर से मारने के लिए सीधी गेंदों का मुकाबला करता है, और फिर अपने से दूर आती गेंदों को भी लेग-साइड के ऊपर से मार देता है यह पूरी तरह से अलग है। मैं कभी उसके जैसा नहीं बन पाऊंगा और वह कभी मेरे जैसा नहीं बनेगा। लेकिन मुझे उसे बल्लेबाजी करते हुए देखना बहुत पसंद है।''

PAK पीएम के जश्न पर आकाश चोपड़ा का ट्रोल अटैक, पाकिस्तानी फैंस भी नहीं बचेंगे

नई दिल्ली पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर तीन मैच की टी20 सीरीज का शानदार आगाज किया। लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए पहले मुकाबले में सलमान आगा की टीम ने 20 रनों से जीत दर्ज की। पाकिस्तान की इस जीत पर प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने खुद सोशल मीडिया पर टीम के साथ पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के मुखिया मोहसिन नकवी की तारीफ की। हालांकि पाकिस्तान के पीएम को उनके इस पोस्ट की वजह से ट्रोल होना पड़ा। सोशल मीडिया पर फैंस ने उनकी खूब टांग खींची, इनमें भारत के पूर्व क्रिकेटर और मौजूदा एक्सपर्ट आकाश चोपड़ा भी शामिल थे।   पाकिस्तान की जीत पर इतरा रहे थे PM शहबाज शरीफ शहबाज शरीफ ने पाकिस्तान की ऑस्ट्रेलिया पर पहले टी20 में जीत के बाद X पर लिखा, ‘पहले T20I में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार परफॉर्मेंस के लिए टीम पाकिस्तान को बहुत बढ़िया। मैं PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी और उनकी पूरी टीम की भी तारीफ करता हूं, जिन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट को मजबूत बनाने के लिए अथक प्रयास किए। यह देश के लिए गर्व का पल है।’ आकाश चोपड़ा ने दिखाया आईना आकाश चोपड़ा ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री को आईना दिखाते हुए कहा कि बाइलेटरल सीरीज में ऑस्ट्रेलिया की बी टीम को 20 रनों से हराना कोई जबरदस्त काम नहीं है। आकाश चोपड़ा ने लिखा, 'पूरी इज्जत के साथ… यह ऑस्ट्रेलिया की B टीम के खिलाफ एक बाइलेटरल T20I मैच है। कई मेन खिलाड़ियों ने इसमें हिस्सा नहीं लिया है। और 170 रन के गेम में 20 रन की जीत को 'जबरदस्त' तो नहीं कहा जा सकता।' कैसा रहा PAK vs AUS पहला टी20? टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 168 रन बोर्ड पर लगाए। इस दौरान एक भी बल्लेबाज अर्धशतक नहीं लगा पाया। सैम अयूब 40 रनों के साथ टीम के हाईएस्ट स्कोरर रहे, वहीं कप्तान सलमान आगा ने 39 रनों की पारी खेली। इस स्कोर का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया 8 विकेट के नुकसान पर 146 रन ही बना पाया। सैम अयूब ने गेंदबाजी में भी 2 विकेट चटकाए। उन्हें इस ऑलराउंड परफॉर्मेंस के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।  

ऑस्ट्रेलियन ओपन: अल्कारेज ने ज्वेरेव को मात दी, फाइनल में जगह बनाई और रिकॉर्ड्स तोड़े

मेलबर्न  टेनिस स्टार कार्लोस अल्कारेज के लिए शुक्रवार का दिन बेहद खास रहा. एक साल पहले, स्पेन के इस युवा स्टार ने यानिक सिनर के खिलाफ फ्रेंच ओपन फाइनल में 5 घंटे 29 मिनट तक चली ऐतिहासिक जंग जीतकर खिताब अपने नाम किया था. अब 2026 में, अल्कारेज ने एक बार फिर ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में जगह बना ली है.  सातवां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने की कोशिश में जुटे अल्कारेज ने पुरुष एकल सेमीफाइनल में अलेक्ज़ेंडर ज़्वेरेव को 6-4, 7-6, 6-7, 7-6, 7-5 से हराया. यह मुकाबला 5 घंटे 27 मिनट तक चला और इसे आधुनिक टेनिस इतिहास के सबसे यादगार मैचों में गिना जाएगा. महज़ 22 साल की उम्र में अल्कारेज ओपन एरा में चारों ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंचने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए. उन्होंने 1993 में जिम कूरियर द्वारा बनाए गए रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. इसके अलावा, यह जीत उनके उस शानदार रिकॉर्ड को भी बरकरार रखती है जिसमें उन्होंने पहले दो सेट जीतने के बाद कभी कोई मैच नहीं गंवाया है. यह उनके फोकस और मानसिक मजबूती को दर्शाता है. शुरू से ही अल्कारेज ने बनाया दबाव मैच की शुरुआत में अल्कारेज पूरी तरह हावी नजर आए और पहले दो सेट जीतकर मुकाबले पर पकड़ बना ली. लेकिन इसके बाद ज़्वेरेव ने जोरदार वापसी की और स्पेनिश खिलाड़ी की परीक्षा लेनी शुरू कर दी. दूसरे सेट के बाद से ही अल्कारेज को ऐंठन की समस्या ने परेशान किया, जिससे उनका अभियान खतरे में पड़ता दिखा. वहीं ज़्वेरेव ने लगातार दबाव बनाते हुए मैच में वापसी की. लेकिन पांचवें सेट के अंतिम क्षणों में अल्कारेज ने अद्भुत हिम्मत और मानसिक ताकत दिखाई और दबाव में शानदार शॉट्स खेलते हुए जीत अपने नाम की. मैच के बाद क्या बोले अल्कारेज मैच के बाद अल्कारेज़ ने कहा, मैं हमेशा कहता हूं कि हालात चाहे जैसे भी हों, खुद पर भरोसा रखना चाहिए. तीसरे सेट के बीच में मैं शारीरिक रूप से काफी संघर्ष कर रहा था. यह मेरे छोटे से करियर का सबसे कठिन मैचों में से एक था. लेकिन मैं पहले भी ऐसे हालात में रहा हूं. मुझे अपना दिल इस मैच में झोंकना था. मैंने आखिरी तक लड़ाई लड़ी. ज़्वेरेव के लिए यह हार बेहद दर्दनाक रही. उन्होंने अपने करियर का सबसे लंबा मैच खेला, लेकिन जीत से बस एक कदम दूर रह गए.

टी20 वर्ल्ड कप विवाद में श्रीलंका की एंट्री, बोला– भारत, पाक और बांग्लादेश हमारे दोस्त

नई दिल्ली भारत और श्रीलंका में होने वाले आगामी टी20 विश्व कप को शुरू होने में अब सिर्फ कुछ दिन बचे हैं लेकिन पाकिस्तान की टीम टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी या नहीं, इसको लेकर संशय बरकरार है। बांग्लादेश ने भारत में सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया था। जिसके बाद आईसीसी ने स्कॉटलैंड को उसकी जगह विश्व कप में शामिल किया है। आईसीसी के इस फैसले से पाकिस्तान ने कड़ा ऐतराज जताया और टूर्नामेंट से बाहर होने की धमकी दी। हालांकि भारत, बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच चल रही खींचतान के बीच श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने इस मामले पर चुप्पी तोड़ी है।   श्रीलंका क्रिकेट के सचिव बंदुला दिसानायके ने कोलंबो में एएफपी को बताया कि श्रीलंका क्षेत्रीय विवादों में फंसने से बचना चाहता है। टी20 विश्व कप 2026 को लेकर चल रहे विवाद के बीच श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने कहा है कि भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश तीनों देश श्रीलंका के मित्र राष्ट्र हैं और इनके साथ संबंध हमेशा सौहार्दपूर्ण रहे हैं। उन्होंने कहा, "भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच होने वाले इन विवादों में हम न्यूट्रल बने हुए हैं; ये सभी हमारे मित्र देश हैं। हम सभी टीमों का स्वागत करने के लिए तैयार हैं।'' उन्होंने यह भी जोड़ा कि यदि भविष्य में कभी भी उनसे पूछा गया, तो श्रीलंका इनमें से किसी भी देश के लिए टूर्नामेंटों की मेजबानी करने के लिए तैयार रहेगा। बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों से भारत जाने से इनकार करते हुए वैकल्पिक वेन्यू की मांग की थी। आईसीसी ने इस मांग को खारिज करते हुए उनकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल करने का आधिकारिक ऐलान कर दिया। पीसीबी के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए आईसीसी पर भारत के पक्ष में दोहरा मापदंड अपनाने का कड़ा आरोप लगाया। टूर्नामेंट में पाकिस्तान का पहला मैच ही ओपनिंग गेम है, जो 7 फरवरी को कोलंबो में नीदरलैंड्स के खिलाफ खेला जाना है। आईसीसी के मूल्यांकन के अनुसार बांग्लादेश क्रिकेट टीम को भारत में सुरक्षा का कोई खतरा नहीं था, लेकिन देश के क्रिकेट बोर्ड ने फिर भी वहां की यात्रा नहीं करने का फैसला किया। इसके बाद आईसीसी ने सात फरवरी से शुरू होने वाले टूर्नामेंट के लिए बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया।  

टीम में बदलाव: बाबर आजम अब तीसरे नंबर पर नहीं, कप्तान सलमान ने पोजिशन संभाली

इस्लामाबाद  पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को पहले टी20 मैच में 22 रनों से हराया। ये जीत पाकिस्तान के लिए काफी खास है। क्योंकि सलमान आगा के नेतृत्व वाली टीम 2650 दिन बाद ऑस्ट्रेलिया को टी20 इंटरनेशनल में हराने में कामयाब हुई है। लाहौर में खेले गए पहले मैच में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 168 रन बनाए। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 146 रन ही बना सकी। पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने पहले मैच में बैटिंग पोजिशन में बदलाव किया था और इस वजह से वह खुद बाबर आजम से पहले बैटिंग करने के लिए उतरे थे और उनका ये फैसला सही साबित हुआ है, जिसकी वजह से बाबर आजम की तीसरे नंबर की बैटिंग पोजिशन अब छिन गई है। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम का तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए रिकॉर्ड अच्छा रहा है। बाबर आजम ने पाकिस्तान के लिए खेलते हुए टी20 इंटरनेशनल में करीब 35 पारियों में 1245 रन बनाए हैं। हालांकि टी20 विश्व कप और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जारी टी20 सीरीज में बाबर आजम अपने पसंदीदा स्थान पर नहीं खेल सकेंगे। क्योंकि पाकिस्तान के नियमित कप्तान सलमान अली आगा ने कहा है कि वह अब खुद इस जगह पर खेलते हुए नजर आएंगे। सलमान अली आगाा पाकिस्तान के लिए टी20 इंटरनेशनल में ज्यादातर मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते हुए दिखे हैं। लेकिन उन्होंने हाल ही में खुद को बैटिंग पोजिशन में ऊपर रखा है, जिससे वह स्पिनरों के खिलाफ ज्यादा आक्रमक खेल सके। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले मैच में 39 रन की पारी खेली। कप्तान सलमान अली आगा ने कंफर्म किया है कि ऑस्ट्रेलिया और आगामी टी20 विश्व कप में वह तीसरे नंबर पर ही बल्लेबाजी करेंगे। उनका मानना है कि उनके खेलने का तरीका जैसा है वह इस नंबर पर सही बैठता है। सलमान ने कहा, ''हां, मैं नंबर तीन पर बल्लेबाजी करूंगा।'' उन्होंने आगे कहा, ''हम बहुत स्पिन का सामना करने की उम्मीद कर रहे हैं और मुझे लगता है कि मैं पावरप्ले में स्पिन को पूरी तरह डोमिनेट कर सकता हूं। इसलिए मैंने ऊपर बैटिंग करने का फैसला किया है, और यहीं पर मैं बने रहूंगा।'' सलमान अली आगा के तीसरे नंबर पर आने का मतलब है कि बाबर आजम को नई भूमिका मिल सकती है। बाबर आजम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे मैच में 20 गेंद में 24 रन बनाकर आउट हुए। बाबर आजम ने वनडे विश्व कप 2023 में पाकिस्तान के खराब प्रदर्शन के बाद सभी फॉर्मेट्स से कप्तानी छोड़ी थी। इसके बाद 31 मार्च 2024 को उन्हें दोबारा T20I और वनडे कप्तान बनाया गया। हालांकि उन्होंने अक्टूबर 2024 में कप्तानी से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कार्यभार कम करने और बल्लेबाजी पर फोकस करने का कारण बताया। इसके बाद मोहम्मद रिजवान को व्हाइट-बॉल कप्तान बनाया गया। हालांकि वह भी ज्यादा दिन तक इस पर नहीं रह सके और फिर सलमान अली आगा ने कमान संभाली।

वर्ल्ड कप की दहलीज़ पर संजू सैमसन के लिए ‘करो या मरो’, ईशान–अक्षर की वापसी पर टिकी निगाहें

तिरुवनंतपुरम भारत और न्यूजीलैंड के बीच शनिवार को पांच मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा। टी20 विश्व कप से पहले भारत का यह आखिरी मैच होगा जिसमें एक बार फिर सभी की नजरें सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन पर रहेंगी। सैमसन इस सीरीज में अब तक अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं, लेकिन दिलचस्प बात यह है कि अब वह अपने होम ग्राउंड पर खेलने उतरेंगे। भारत पहले ही सीरीज में 3-1 से आगे चल रहा है, ऐसे में उसकी कोशिश इस मैच से संयोजन और विश्व कप से पहले तैयारियां परखने की होगी। सैमसन के लिए क्यों अहम है मैच?     अपनी निर्भीक बल्लेबाजी के लिए मशहूर सैमसन इस सीरीज में रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं।     सैमसन की फॉर्म के बजाय उनकी तकनीकी कमजोरी चिंता का विषय है जिससे उनका आत्मविश्वास भी डगमगा गया है।     वह सात फरवरी से शुरू होने वाले विश्व कप से पहले बड़ी पारी खेलने के लिए बेताब होंगे।     सैमसन के पास फॉर्म में आने का यह संभवत: आखिरी अवसर होगा क्योंकि टीम के पास ईशान किशन के रूप में उनका विकल्प मौजूद है। बल्लेबाजी क्रम में बदलाव की संभावना कम विश्व कप को देखते हुए भारत का संयोजन लगभग तय है और टीम प्रबंधन बस बेंच स्ट्रेंग्थ को परख रहा है। इस बात की संभावना कम है कि बल्लेबाजी विभाग में बदलाव होगा। बस यह देखना होगा कि पिछले मैच में चोट के कारण बाहर रहे ईशान किशन वापसी करेंगे या नहीं। वहीं, अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे भी लय में रहना चाहेंगे क्योंकि भारतीय टीम के लिए आने वाले दिन काफी महत्वपूर्ण हैं। ऑलराउंडर अक्षर पटेल भी नागपुर में खेले गए पहले टी20 मैच में अंगुली में चोट लगने के बाद से नहीं खेले हैं। बाएं हाथ के इस स्पिनर ने विशाखापत्तनम में खेले गए चौथे मैच से पहले नेट पर गेंदबाजी की थी। उम्मीद है कि अक्षर पांचवें टी20 मैच के लिए प्लेइंग-11 का हिस्सा होंगे।   गेंदबाजी विभाग में हो सकता है परिवर्तन विशाखापत्तनम में खेले गए चौथे टी20 मैच में भारत ने प्रयोग करते हुए पांच मुख्य गेंदबाजों को ही खिलाया तथा ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे से गेंदबाजी नहीं करवाई। जैसा कि सीरीज के पिछले मैचों में देखा गया, भारत अपने गेंदबाजी विभाग में एक बार फिर फेरबदल कर सकता है। भारतीय टीम प्रबंधन पिछले दो मैचों में आराम देने के बाद मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को मौका दे सकता है। इस मैच के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11: भारत: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती। न्यूजीलैंड: टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), डेवोन कॉनवे, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चापमैन, डेरिल मिचेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), जेम्स नीशाम, जैक फोल्क्स, मैट हेनरी, ईश सोढ़ी।  

पीटी ऊषा पर टूटा दुखों का पहाड़, जीवनसाथी वी. श्रीनिवासन नहीं रहे

 कोझिकोड  उड़नपरी के नाम से व‍िख्यात भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद पीटी ऊषा (P T Usha) के पति वी श्रीनिवासन का शुक्रवार तड़के निधन हो गया. वह 67 वर्ष के थे. पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक- श्रीनिवासन अपने आवास पर अचानक गिर पड़े, जिसके बाद उन्हें तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके. केंद्र सरकार के पूर्व कर्मचारी रहे श्रीनिवासन, पीटी उषा के खेल और राजनीतिक जीवन में हमेशा उनके साथ खड़े रहे. उन्हें उषा की सफलता के पीछे सबसे मजबूत स्तंभ माना जाता था. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीटी उषा से फोन पर बात कर उनके पति के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया. दंपत‍ि का एक बेटा उज्ज्वल है. श्रीनिवासन के निधन से खेल और सामाजिक जगत में शोक की लहर है. पीटी उषा की  उनसे शादी शादी 1991 में 25 अप्रैल 1991 को हुई थी. श्रीनिवासन एक सीआईएसएफ (CISF) के इंस्पेक्टर थे. वहीं वो कबड्डी खिलाड़ी भी रहे.  पीटी उषा की बात की जाए तो वो 1984 के लॉस एंजिल्स ओलंपिक में 400 मीटर बाधा दौड़ के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनीं थीं, जहां वह मात्र 1/100 सेकंड से कांस्य पदक से चूक गई थीं. उन्हें भारत सरकार द्वारा पद्म श्री और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया है. 

U-19 वर्ल्ड कप: भारत-पाक सेमीफाइनल पर संकट, इंग्लैंड की एंट्री से बदला गणित

 नई दिल्ली अंडर-19 वर्ल्ड कप में ग्रुप स्टेज का आखिरी दौर शुरू होने वाला है. सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए हर ग्रुप से टॉप-2 में जगह बनानी जरूरी है, ऐसे में मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है. ग्रुप-1 से ऑस्ट्रेलिया पहले ही सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुका है, जबकि ग्रुप-2 से इंग्लैंड सबसे मजबूत दावेदार के रूप में उभरा है. इंग्लैंड के साथ इसी ग्रुप में भारत और पाकिस्तान हैं. ऐसे में सेमीफाइनल को लेकर इस ग्रुप का पेंच फंस गया है. ग्रुप-2: इंग्लैंड मजबूत, भारत-पाकिस्तान में कड़ा मुकाबला ग्रुप-2 में इंग्लैंड की स्थिति सबसे मजबूत है. टीम ने अब तक खेले तीनों मुकाबले जीते हैं, जिनमें पाकिस्तान और जिम्बाब्वे के खिलाफ मिली जीत भी शामिल है, जो ग्रुप C से आगे बढ़ी थी. इंग्लैंड का रिकॉर्ड 3-0 का है और उसके खाते में छह अंक हैं. इंग्लैंड का आखिरी मुकाबला शुक्रवार को न्यूजीलैंड से होगा. न्यूजीलैंड का प्रदर्शन इस टूर्नामेंट में बेहद कमजोर रहा है. टीम को भारत के खिलाफ 141 गेंद शेष रहते हार मिली थी, जबकि पाकिस्तान ने उसे 197 गेंद बाकी रहते हराया था. अगर इंग्लैंड न्यूजीलैंड को हरा देता है, तो वह आठ अंकों के साथ सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा. रविवार को भारत-पाक में टक्कर इस ग्रुप का सबसे रोमांचक मुकाबला रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा. अगर इंग्लैंड शुक्रवार को जीत जाता है, तो भारत और पाकिस्तान में से सिर्फ एक टीम ही सेमीफाइनल में जगह बना पाएगी. फिलहाल भारत छह अंकों और 3.337 के बेहतर नेट रन रेट (NRR) के साथ मजबूत स्थिति में है, जबकि पाकिस्तान के चार अंक हैं और उसका नेट रन रेट 1.484 है. हालांकि, पाकिस्तान बड़े अंतर से जीत हासिल कर नेट रन रेट के मामले में भारत को पीछे छोड़ सकता है. नेट रन रेट का अंतर देखने में बड़ा लगता है, लेकिन असल में यह उतना मुश्किल नहीं है. * अगर पाकिस्तान पहले बल्लेबाजी करता है और 300 रन बनाता है, तो उसे भारत को करीब 85 रन से हराना होगा. * अगर पाकिस्तान पहले गेंदबाजी करता है और भारत को 200 रन पर रोक देता है, तो उसे लक्ष्य करीब 31.5 ओवर में हासिल करना होगा. * अगर लक्ष्य 251 रन का होता है, तो पाकिस्तान को करीब 33.2 ओवर में जीत दर्ज करनी होगी. ये लक्ष्य कठिन जरूर हैं, लेकिन नामुमकिन नहीं. खास बात यह है कि एक महीने पहले एशिया कप अंडर-19 के फाइनल में पाकिस्तान ने भारत को 191 रन से हराया था. क्या भारत और पाकिस्तान दोनों सेमीफाइनल में जा सकते हैं? यह संभावना पूरी तरह खत्म नहीं हुई है. इसके लिए न्यूजीलैंड को इंग्लैंड को हराना होगा. इसके बाद अगर पाकिस्तान भारत को हरा देता है, तो इंग्लैंड, भारत और पाकिस्तान  तीनों के छह अंक हो जाएंगे और फिर फैसला नेट रन रेट के आधार पर होगा. हालांकि, मौजूदा फॉर्म को देखते हुए इंग्लैंड का न्यूजीलैंड से हारना काफी मुश्किल लग रहा है.

RCB की फाइनल एंट्री के हीरो! WPL 2026 में इन 4 खिलाड़ियों के दम पर टीम रची सफलता की कहानी

नई दिल्ली स्मृति मंधाना की अगुवाई वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने WPL 2026 फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। प्लेऑफ के लिए पहले ही क्वालीफाई कर चुकी आरसीबी ने यूपी वॉरियर्स को लीग स्टेज के 18वें मुकाबले में 8 विकेट से धूल चटाकर अपनी 6ठी जीत दर्ज की। इस जीत ने आरसीबी की फाइनल में जगह पक्की की। अब प्लेऑफ के लिए बचे दो पायदानों के लिए चार टीमों के बीच जंग जारी है। बता दें, WPL में कुल तीन टीमें प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करती है। टेबल टॉपर को सीधा फाइनल का टिकट मिलता है, वहीं दूसरे और तीसरे पायदान पर रहने वाली टीमें एलिमिनेटर मुकाबला खेलती है। ग्रेस हैरिस लिस्ट में पहले नंबर पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओपनर बल्लेबाज ग्रेस हैरिस का नाम आता है, जिन्होंने बल्ले से तूफान मचाया है। 8 मैचों की 8 इनिंग में हैरिस ने 228 रन बनाए हैं, जिसमें 180.95 की स्ट्राइक रेट और 28.00 का औसत रहा है। यूपी वॉरियर्स के खिलाफ अहम मुकाबले में 37 गेंदों पर 75 रनों की विस्फोटक पारी खेली थी। इससे पहले भी इसी टीम के सामने दूसरे मैच में 40 गेंदों पर 85 रन बनाए थे। गेंद से भी 1 इनिंग में 2 विकेट लिए, जो पिछले मैच में भी यूपी के सामने किया है। लॉरेन बेल दूसरे नंबर पर लंबे कद के तेज गेंदबाज लॉरेन बेल का नाम शामिल है, जिन्होंने अभी तक पूरे टूर्नामेंट में धमाकेदार प्रदर्शन करके दिखाया है। बेल ने 8 इनिंग में 12 विकेट चटकाए हैं, जिसमें उनका इकोनॉमी रेट 5.63 का रहा है। 2 बार उन्होंने 3 विकेट हॉल लिया है। एक बार भी उन्होंने 4 ओवर में 30 या उससे रन नहीं दिए हैं। यही वजह है कि आज आरसीबी की टीम फाइनल में पहुंची है। पहले मुकाबले में ही मुंबई इंडियंस की कमर तोड़ दी थी। यूपी वॉरियर्स के खिलाफ भी 4 ओवर में सिर्फ 21 रन दिए और 1 बल्लेबाज को जाल में फंसाया। नदीन डी क्लर्क साउथ अफ्रीका की धाकड़ ऑलराउंडर नदीन डी क्लर्क ने पूरे टूर्नामेंट में धमाल मचाया है। 5 इनिंग में उन्होंने लाजवाब 128 रन बनाए हैं, जिसमें मुंबई इंडियंस के खिलाफ 44 गेंदों में नाबाद 63* रन बनाए थे। उनकी इस घातक पारी के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने सीजन की शुरुआत जीत के साथ की थी। उन्होंने बल्ले से ज्यादा गेंद से बड़ा योगदान दिया है। 8 इनिंग में 15 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया है। उनका इकोनॉमी रेट भी 7.25 का रहा है। यूपी वॉरियर्स के खिलाफ जीत में अहम भूमिका निभाई। 4 ओवर में 24 रन देकर 4 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। स्मृति मंधाना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की कप्तान स्मृति मंधाना ने इस सीजन बल्ले से लाजवाब प्रदर्शन करके दिखाया है। उन्होंने अपनी टीम को आगे से लीड किया है। स्मृति ने 8 इनिंग में 290 रन बनाए हैं, जिसमें औसत 48.33 और स्ट्राइक रेट 141.46 का रहा है। यूपी वॉरियर्स के खिलाफ भी 27 गेंदों पर नाबाद 54 रनों की पारी खेली। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने 96 रन बनाए थे, वो भी सिर्फ 61 बॉल पर। उस मैच में टीम ने एकतरफा जीत दर्ज की थी। कैसा रहा आरसीबी वर्सेस यूपी मैच? टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी यूपी वॉरियर्स की टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 143 ही रन बोर्ड पर लगा पाई। दीप्ति शर्मा ने जरूर अर्धशतक जड़ते हुए 55 रनों की पारी खेली, वहीं मेग लैनिंग ने 41 रन बनाए। मगर इन दोनों के आउट होने के बाद टीम की कोई बैटर 20 रन का आंकड़ा तक नहीं छू पाई। नादिन डी क्लर्क ने 4 ओवर के कोटे में 22 रन खर्ज कर सबसे अधिक 4 विकेट चटकाए। 144 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी आरसीबी की ओपनिंग जोड़ी ने तबाही मचा दी। ग्रेस हैरिस और स्मृति मंधाना ने पहले विकेट के लिए 9.1 ओवर में 108 रनों की साझेदारी कर मैच वहीं समाप्त कर दिया था। ग्रेस हैरिस ने 37 गेंदों पर 75 रन बनाए, वहीं मंधाना 27 गेंदों पर 54 रन बनाकर नाबाद रहीं। WPL 2026 प्लेऑफ की रेस बड़ी रोमांचक आरसीबी के फाइनल में जगह पक्की करने के बाद बचे दो पायदानों के लिए चार टीमों के बीच रेस जारी है। गुजरात जाएंट्स 8 पॉइंट्स के साथ दूसरे पायदान पर है, मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के खाते में 6-6 अंक है। वहीं यूपी वॉरियर्स 4 पॉइंट्स के साथ सबसे नीचे हैं। अधिकारिक रूप से कोई टीम अभी तक टूर्नामेंट से बाहर नहीं हुई है। WPL 2026 के अगले दो मैच बेहद ही रोमांचक होने वाले हैं। गुजरात जाएंट्स की भिड़ंत मुंबई इंडियंस से तो दिल्ली कैपिटल्स की यूपी वॉरियर्स से होने वाली है। यह दो मुकाबले ही प्लेऑफ में पहुंचने वाली बाकी दो टीमों की तस्वीर साफ करेंगे।

WPL में आज बड़ा टकराव! MI vs GG मैच तय करेगा प्लेऑफ की किस्मत

वडोदरा मौजूदा चैंपियन और दो बार की विजेता मुंबई इंडियंस की टीम महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में शुक्रवार को जब गुजरात जॉइंट्स से भिड़ेगी तो दोनों के लिए यह मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण होगा। दोनों टीमें इस मैच में जीत हासिल कर प्लेऑफ में अपनी जगह सुरक्षित करने की कोशिश करेंगी। गुजरात जॉइंट्स फिलहाल 8 अंकों के साथ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है और उसका नेट रन रेट -0.271 है। वह मुंबई इंडियंस (छह अंक, नेट रन रेट +0.146) और दिल्ली कैपिटल्स (छह अंक, नेट रन रेट -0.164) से दो अंक आगे है। GG बड़े अंतर से जीती तो प्लेऑफ क्या, सीधे फाइनल में पहुंचेगी गुजरात जॉइंट्स का भाग्य अब उसके अपने हाथों में है। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली मुंबई इंडियंस पर जीत उसे डब्ल्यूपीएल प्लेऑफ में जगह दिला देगी, जबकि रिकॉर्ड अंतर से जीत उसे सीधे फाइनल में पहुंचा सकती है। अगर गुजरात जॉइंट्स हारी तो? हालांकि मामूली अंतर से मिली हार भी जॉइंट्स के अभियान को समाप्त कर सकती है। अगर गुजरात जॉइंट्स शुक्रवार को मुंबई इंडियंस से हार भी जाती है, तब भी उसके प्लेऑफ में पहुंचने की थोड़ी संभावना बनी रहेगी, लेकिन ऐसा तभी संभव होगा जब यूपी वॉरियर्स गुरुवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और फिर दिल्ली कैपिटल्स को हरा दे। गुजरात जॉइंट्स की टीम मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपने पिछले सभी आठ मुकाबलों में हार चुकी है, जिससे कप्तान एशले गार्डनर का काम और भी मुश्किल हो गया है। उसकी टीम हार के इस सिलसिले को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध होगी लेकिन मुंबई इंडियंस भी अपना रिकॉर्ड और बेहतर करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी। गुजरात जॉइंट्स की टीम फिलहाल लय में है। दिग्गज सोफी डिवाइन के शानदार प्रदर्शन से उसने पिछले मैच में दिल्ली कैपिटल्स को तीन रन से हराया था। मुंबई इंडियंस ने भी पिछले मैच में आरसीबी को 15 रन से पराजित किया था जिससे निश्चित तौर पर उसका मनोबल बढ़ा हुआ होगा। अगर मुंबई इंडियंस हारी तो? मुंबई इंडियंस की तरफ से पिछले मैच में नैट साइवर-ब्रंट ने इस प्रतियोगिता के इतिहास में पहला शतक बनाया था। उन्होंने हेली मैथ्यूज के साथ मिलकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। मैथ्यूज ने गेंद से भी अपनी छाप छोड़ी और तीन महत्वपूर्ण विकेट लिए। मुंबई इंडियंस को इन दोनों विदेशी खिलाड़ियों से फिर से इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद होगी। मुंबई इंडियंस के लिए यह सकारात्मक पहलू है कि जितनी भी टीम प्लेऑफ में जगह बनाने की दौड़ में उनमें उसका नेट रन रेट सबसे बेहतर है। ऐसे में अंक बराबर होने पर मुंबई इंडियंस को फायदा मिलेगा जबकि गुजरात जॉइंट्स हार जाने पर अगर मगर की कठिन डगर में चला जाएगा। अगर हरमनप्रीत की टीम गुजरात जॉइंट्स से हार जाती है, तो उसे उम्मीद करनी होगी कि दिल्ली अपने आखिरी लीग मैच में यूपी वॉरियर्स से हार जाए। ऐसे में नेट रन रेट मायने रखेगा। टीम इस प्रकार हैं गुजरात जॉइंट्स: एशले गार्डनर (कप्तान), डैनी व्याट-हॉज, बेथ मूनी (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, शिवानी सिंह (विकेटकीपर), कनिका आहूजा, सोफी डिवाइन, किम गार्थ, अनुष्का शर्मा, आयुषी सोनी, काशवी गौतम, राजेश्वरी गायकवाड़, जिन्तिमणि कलिता, तनुजा कंवर, रेणुका सिंह ठाकुर, जॉर्जिया वेयरहम। मुंबई इंडियंस: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), पूनम खेमनार, हेली मैथ्यूज, राहिला फिरदौस (विकेटकीपर), मिल्ली इलिंगवर्थ, अमनजोत कौर, अमेलिया केर, नैट साइवर-ब्रंट, सजीवन सजना, निकोला कैरी, संस्कृति गुप्ता, सैका इशाक, शबनीम इस्माइल, क्रांति रेड्डी, वैष्णवी शर्मा, त्रिवेणी वशिष्ठ। समय: मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा।