samacharsecretary.com

अस्पताल में भर्ती ऑस्ट्रेलिया के पूर्व स्टार Damien Martin, डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में

नई दिल्ली  ऑस्ट्रेलिया के लिए 67 टेस्ट मैच खेल चुके दिग्गज क्रिकेटर डेमियन मार्टिन को गंभीर हालत में ब्रिसबेन के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ऑस्ट्रेलियाई मीडिया के मुताबिक 54 वर्ष के दांए हाथ के पूर्व बल्लेबाज हाल में बीमार हुए थे। स्थानीय मीडिया के मुताबिक उन्हें मेनिनजाइटिस हुआ है और फिलहाल वह इंड्यूस्ड कोमा में हैं। डेमियन मार्टिन ने ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट और वनडे में कई यादगार पारियां खेली हैं। 2003 के वनडे विश्व कप में उन्होंने भारत के खिलाफ टूटी उंगली के साथ नाबाद 88 रन की पारी खेलकर ऑस्ट्रेलिया की जीत में बड़ी भूमिका निभाई थी।   क्या होता है इंड्यूस्ड कोमा? इंड्यूस्ड कोमा प्राकृतिक कोमा से अलग होता है। इसमें डॉक्टर दवाओं के जरिए मरीज को गहरी बेहोशी की स्थिति में पहुंचाते हैं। ऐसा मस्तिष्क को गंभीर चोट, सूजन या अन्य जानलेवा स्थितियों से बचाने और ठीक होने का समय देने के लिए किया जाता है, ताकि मस्तिष्क पर दबाव कम हो और ठीक हो सके। यह एक नियंत्रित प्रक्रिया है, जो प्राकृतिक कोमा से अलग है। यह मरीज को गंभीर दर्द या असहजता से बचाने के लिए भी किया जाता है जो चोट या बीमारी के कारण हो सकती है। डारेन लेहमैन ने की जल्द स्वस्थ होने की दुआ डेमियन मार्टिन के साथ खेल चुके पूर्व टेस्ट खिलाड़ी डारेन लेहमैन ने उनके जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखा है। लेहमैन ने लिखा, 'डेमियन मार्टिन के लिए बहुत सारा प्यार और दुआएं की जा रही हैं। मजबूत बने रहिए और लड़ते रहिए लिजेंड। परिवार को प्यार।' मार्टिन को मिल रहा सर्वश्रेष्ठ इलाज: ऐडम गिलक्रिस्ट न्यूज कॉर्प से बातचीत करते हुए डेमियन मार्टिन के करीबी दोस्त और पूर्व विकेटकीपर ऐडम गिलक्रिस्ट ने कहा, 'उन्हें सर्वश्रेष्ठ इलाज मिल रहा है। अमांडा (मार्टिन की पार्टनर) और उनका परिवार जानता है कि बहुत सारे लोग उनके लिए दुआएं कर रहे हैं।' क्रिकेट समुदाय और फैंस कर रहे दुआएं क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के चीफ एग्जिक्यूटिव टोड ग्रीनबर्ग ने मार्टिन के जल्द स्वस्थ होने की दुआ की है। उन्होंने कहा, ‘डेमियन की बीमारी के बारे में सुनकर दुखी हूं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया में सबकी तरफ से उनके लिए दुआएं। इस समय क्रिकेट समुदाय उनके साथ है।’ शानदार बल्लेबाज रहे हैं डेमियन मार्टिन डेमियन मार्टिन की पहचान एक शानदार बल्लेबाज की रही है। टेस्ट में उनका औसत 46.37 का है। डार्विन में पैदा हुए मार्टिन ने 21 की उम्र में वेस्टइंडीज के खिलाफ 1992-93 की सीरीज में टेस्ट डेब्यू किया था। उन्होंने डीन जोंस की जगह ली थी। 23 की उम्र में उन्होंने वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी भी की थी। डेमियन मार्टिन ने टेस्ट में 13 शतक जड़े हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर न्यूजीलैंड के खिलाफ 2005 में आया था जब उन्होंने 165 रन की पारी खेली थी। मार्टिन ने 2006-07 के एशेज में एडिलेड ओवल में अपना आखिरी टेस्ट मैच खेला था। उसके बाद वह कॉमेंट्री करने लगे थे। ओडीआई में भी दमदार रिकॉर्ड मार्टिन ने अपने करियर में 208 ओडीआई मैच खेले हैं जिनमें उन्होंने 40.8 के शानदार औसत से रन बनाए। वह 1999 और 2003 में विश्वकप जीतने वाली टीम का हिस्सा थे। 2003 के फाइनल में उन्होंने भारत के खिलाफ टूटी उंगली के साथ नाबाद 88 रन बनाए थे। वह 2006 में चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का भी हिस्सा थे।  

साल के आखिरी दिन सरफराज खान का ऐतिहासिक कारनामा, रोहित शर्मा का रिकॉर्ड हुआ ध्वस्त

नई दिल्ली  स्टार बल्लेबाज सरफराज खान ने बुधवार को विजय हजारे ट्रॉफी में अपने करियर की सबसे यादगार पारी में से एक खेली। घरेलू क्रिकेट में 'रन मशीन' के नाम से मशहूर सरफराज खान ने साल के आखिरी दिन मैदान पर गेंदबाजों की जमकर धज्जियां उड़ाई। विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई और गोवा के बीच खेले गए मुकाबले में सरफराज ने सिर्फ 75 गेंदों में 157 रनों की अविश्वसनीय पारी खेली। आईपीएल से पहले इस तरह की पारी खेलकर उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स का ध्यान अपनी ओर खींचा है, जिन्होंने इसी महीने हुई नीलामी में सरफराज खान को अपनी टीम का हिस्सा बनाया है।   मुंबई के बल्लेबाज सरफराज खान ने अपनी इस दमदार पारी की बदौलत मुंबई के लिए लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने का रोहित शर्मा का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। रोहित ने हाल ही में सिक्किम के खिलाफ 62 गेंदों में शतक जड़ा था, लेकिन सरफराज ने आज गोवा के खिलाफ केवल 56 गेंदों में अपना सैकड़ा पूरा कर इतिहास रच दिया। मैदान पर सरफराज का साथ उनके छोटे भाई मुशीर खान ने बखूबी निभाया। मुंबई ने गोवा के खिलाफ 50 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 444 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो टूर्नामेंट के इतिहास के सबसे बड़े स्कोर में से एक है। सरफराज ने भारत के लिए छह टेस्ट मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 37.10 की औसत और 74.94 के स्ट्राइक रेट से 371 रन बनाए हैं जिसमें उनका उच्चतम स्कोर 150 है। आईपीएल नीलामी 2026 में 28 साल के सरफराज के लिए पहले दौर में किसी ने बोली नहीं लगाई लेकिन बाद में सुपरकिंग्स ने उन्हें खरीद लिया। मध्यक्रम के इस आक्रामक बल्लेबाज ने पिछली बार 2023 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आईपीएल मैच खेला था। इसके बाद के दो सत्र में उन्हें कोई खरीदार नहीं मिला। यहां तक ​​कि उनका अंतरराष्ट्रीय करियर भी अभी मुश्किल में है क्योंकि घरेलू क्रिकेट में अच्छे प्रदर्शन के बावजूद उन्हें किसी भी प्रारूप में भारतीय टीम में जगह नहीं मिली। वह अतीत में आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के लिए भी खेल चुके हैं। सरफराज ने 2015 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए आईपीएल में पदार्पण किया था। यह दाएं हाथ का बल्लेबाज इस साल सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार फॉर्म में रहा है जिसमें उन्होंने 82.25 की औसत और 204.34 के स्ट्राइक रेट से 329 रन बनाए हैं जिसमें एक शतक भी शामिल है।  

उस्मान ख्वाजा जल्द कहेंगे क्रिकेट को अलविदा? पूर्व कप्तान के बयान ने बढ़ाईं अटकलें

नई दिल्ली  ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा अपने करियर के आखिरी पड़ाव पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क ने उस्मान को लेकर चौंकाने वाली भविष्यवाणी की है। क्लार्क का मानना है कि उस्मान सिडनी टेस्ट के बाद रिटायरमेंट का ऐलान कर देंगे। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की एशेज सीरीज का आखिरी टेस्ट चार जनवरी से सिडनी के मैदान पर खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलिया सीरीज में 3-1 से आगे है। बाएं हाथ के बल्लेबाज उस्मान ने चार में से तीन टेस्ट मैच खेले हैं लेकिन नई ओपनिंग जोड़ी ट्रैविस हेड और जेक वेदराल्ड के अच्छे प्रदर्शन के बाद उन्हें मिडिल ऑर्डर में उतरना पड़ा।   साल 2025 उस्मान के लिए कुछ खास नहीं रहा। उन्हें नियमित छाप छोड़ने में दिक्कत हुई। उन्होंने 10 टेस्ट मैचों में कुल 614 रन बनाए। 39 साल के ख्वाजा मौजूदा ऑस्ट्रेलियाई टीम के सबसे उम्रदराज प्लेयर हैं। उन्हें पर्थ में पहले एशेज टेस्ट के दौरान करियर में पहली बार पीठ में ऐंठन भी हुई थी। चोट के कारण वह दूसरा टेस्ट नहीं खेल पाए थे। हालांकि, उन्होंने तीसरे मैच में शानदार वापसी करते हुए एडिलेड ओवल में 87 और 40 रन बनाए। वह मेलबर्न में चौथे मैच में फ्लॉप रहे। उन्होंने पांचवें नंबर पर उतरने के बाद पहली पारी में 29 रन बनाए जबकि दूसरी पारी में खाता नहीं खोल पाए। ऑस्ट्रेलिया को मेलबर्न में चार विकेट से हार मिली थी। क्लार्क का मानना ​​है कि उस्मान को सिडनी टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन में जरूर चुना जाएगा। उन्होंने कोड स्पोर्ट्स से कहा, ''मुझे लगता है कि यह उस्मान का फेयरवेल टेस्ट होगा। मुझे नहीं लगता कि यह कोई नाम मात्र का सिलेक्शन है। टीम मैनेजमेंट ने उन्हें मेलबर्न के लिए चुना गया था। इसलिए अगर उस दिशा गए हैं तो आप उन्हें सिडनी के लिए भी चुनें। लेकिन मुझे लगता है कि वह इस टेस्ट के बाद रिटायर हो जाएंगे। ऑस्ट्रेलिया सीरीज जीतेगा। उम्मीद है वह बड़ा स्कोर बनाएंगे। मैं चाहूंगा कि उस्मान सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में सेंचुरी बनाएं और खुशी से जाएं क्योंकि बहुत कम लोगों को यह मौका मिलता है।'' उस्मान ने अब तक 87 टेस्ट मैचों में 6206 रन बनाए हैं, जिसमें उन्होंने 28 फिफ्टी और 16 सेंचुरी हैं।

विजय हजारे ट्रॉफी: बडोदा ने हैदराबाद को दिया 418 रनों का विशाल लक्ष्य, अन्य टीमों ने भी सेट किए टारगेट

नई दिल्ली  विजय हजारे ट्रॉफी के चौथे राउंड के मैच साल के आखिरी दिन खेले जा रहे हैं। इसमें दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा खेलते हुए नजर नहीं आएंगे।पंजाब की कप्तानी युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा कर रहे हैं। उन्होंने हिमाचल के सामने पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। नागालैंड ने बिहार के सामने बैटिंग, मणिपुर ने मिजोरम के सामने बॉलिंग करने का फैसला लिया है। अरुणाचल प्रदेश ने मेघालय के सामने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। उत्तर प्रदेश और असम के बीच खेले जा रहे मुकाबले में असन ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का निर्णय लिया है। बडोदा ने दिया 418 का विशाल लक्ष्य हैदराबाद के सामने बडोदा ने 418 रनों का लक्ष्य रखा है। अन्य टीमों ने भी अपनी विपक्षी टीम के लिए टारगेट सेट कर दिए हैं। छत्तीसगढ़ ने सिक्किम को दिया बड़ा लक्ष्य छत्तीसगढ़ ने सिक्किम के खिलाफ निर्धारित 50 ओवरों में 356 रनों का लक्ष्य दिया है।

कार्लसन का शानदार प्रदर्शन, 9वीं बार ब्लिट्ज चैंपियन बनने का रिकॉर्ड

 दोहा दोहा में खेली गई वर्ल्ड ब्लिट्ज चैम्पियनशिप में शतरंज के दिग्गज मैग्नस कार्लसन ने एक बार फिर अपनी बादशाहत साबित कर दी. नॉर्वे के इस ग्रैंडमास्टर ने रिकॉर्ड बढ़ाते हुए नौवीं बार वर्ल्ड ब्लिट्ज खिताब अपने नाम किया. खिताब जीतने के बाद कार्लसन ने माना कि इस बार का टूर्नामेंट बेहद चुनौतीपूर्ण रहा और शुरुआती दौर में झटकों के बावजूद किस्मत भी उनके साथ रही. दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन ने अपने शानदार एंडगेम कौशल का प्रदर्शन करते हुए खिताबी मुकाबले में उज्बेकिस्तान के ग्रैंडमास्टर नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव को 2.5–1.5 से हराया. इससे पहले कार्लसन ने पिछले हफ्ते वर्ल्ड रैपिड चैम्पियनशिप का स्वर्ण पदक भी जीता था और इस तरह उन्होंने रैपिड के बाद ब्लिट्ज का ताज पहनकर टूर्नामेंट को यादगार बना दिया. खास बात यह रही कि शुरुआती राउंड्स में उतार-चढ़ाव से गुजरने के बावजूद कार्लसन ने निर्णायक मुकाबलों में जबरदस्त वापसी की. अनुभव और मानसिक मजबूती के दम पर उन्होंने एक बार फिर साबित किया कि बड़े मंच पर दबाव में उनका खेल और निखर जाता है. भारतीय शतरंज प्रेमियों के लिए टूर्नामेंट मिला-जुला रहा. भारतीय ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगैसी ने 19 राउंड के क्वालिफिकेशन (स्विस फॉर्मेट) में शानदार प्रदर्शन करते हुए सबका ध्यान खींचा. हालांकि सेमीफाइनल में उनका खेल बिखर गया और उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा. इसके बावजूद एरिगैसी का प्रदर्शन भारत के उभरते शतरंज भविष्य की झलक देता है. लगातार मजबूत नतीजों के साथ उन्होंने यह दिखा दिया है कि वे विश्व स्तर पर बड़े खिताब के दावेदार बनते जा रहे हैं. कुल मिलाकर, दोहा में आयोजित यह वर्ल्ड ब्लिट्ज चैम्पियनशिप मैग्नस कार्लसन की महानता को और मजबूती देने वाला टूर्नामेंट साबित हुआ, वहीं अर्जुन एरिगैसी जैसे युवा सितारों ने भी यह संकेत दे दिया कि आने वाले समय में विश्व शतरंज में भारत की मौजूदगी और मजबूत होने वाली है.

घरेलू प्रदर्शन से प्रभावित, मोहम्मद शमी भारतीय टीम में लौट सकते हैं

नई दिल्ली पिछले कई महीनों से फिटनेस, फॉर्म और भविष्य को लेकर चल रही अटकलों के बाद 35 वर्षीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी एक बार फिर चर्चा में हैं. अब 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए उनकी टीम में वापसी हो सकती है. एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, शमी के घरेलू प्रदर्शन पर बारीक नजर रखी जा रही है. जहां शमी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई में मोहम्मद शमी को लेकर प्लानिंग चल रही है. वह चयन की दौड़ से बाहर नहीं हैं. हालांकि, शमी की फिटनेस को लेकर अब भी कुछ मसले हैं. लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि वह न्यूजीलैंड के खिलाफ 11 जनवरी से शुरू हो रही वनडे सीरीज में वापसी कर सकते हैं. अगर ऐसा हुआ तो शमी 2027 वनडे वर्ल्ड कप की प्लानिंग का भी हिस्सा रहेंगे. लंबे समय से शमी हैं बाहर यह रुख उस खिलाड़ी के लिए बड़ा बदलाव दर्शाता है, जिसने मार्च 2025 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के बाद से भारत के लिए कोई मुकाबला नहीं खेला है, जबकि उस टूर्नामेंट में उन्होंने 9 विकेट लेकर भारत के संयुक्त रूप से सबसे सफल गेंदबाज़ के रूप में समाप्त किया था. उनका आखिरी वनडे भी उसी प्रतियोगिता में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ था, जबकि उनका पिछला टेस्ट मुकाबला इससे भी पहले जून 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में हुआ था. घरेलू मैच में शमी का जलवा शमी का मामला इसलिए ठंडा नहीं पड़ा क्योंकि उनके आंकड़े लगातार चर्चा को ज़िंदा रखे हुए हैं. उन्होंने अपने पिछले छह मैचों में 17 विकेट लिए हैं, जिनमें तीन विजय हज़ारे ट्रॉफी और तीन सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मैच शामिल हैं. इसके अलावा, मौजूदा रणजी ट्रॉफी सीज़न में उन्होंने सिर्फ चार मैचों में 20 विकेट चटकाए हैं, जिससे साफ है कि उनकी धार अब भी बरकरार है. कई पूर्व दिग्गजों ने उठाए हैं सवाल पूर्व भारतीय क्रिकेटरों ने भी शमी को लगातार नजरअंदाज किए जाने पर सवाल उठाए हैं. मोहम्मद कैफ ने सार्वजनिक रूप से हैरानी जताई कि जब सीनियर तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज को आराम दिया गया, तब भी शमी को हालिया वनडे टीमों में जगह नहीं मिली. तेज़ गेंदबाज़ी विभाग में प्रयोग के दौर में शमी की गैरमौजूदगी और ज्यादा खली, खासकर बड़े टूर्नामेंटों में उनके साबित रिकॉर्ड को देखते हुए. यह तनाव इस साल उस वक्त खुलकर सामने आया, जब शमी ने ऑस्ट्रेलिया के व्हाइट-बॉल दौरे के लिए नजरअंदाज किए जाने पर चयन समिति पर सार्वजनिक रूप से तंज कसा. उन्होंने कहा कि अगर वह घरेलू क्रिकेट खेल रहे हैं, तो चयनकर्ताओं को अपनी फिटनेस की जानकारी देते रहना उनकी जिम्मेदारी नहीं है.  

दीप्ति शर्मा ने रचा इतिहास, महिला टी20 में बनीं सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज

भारत का दमदार प्रदर्शन: श्रीलंका को 15 रन से हराकर वर्ल्ड कप से पहले 5-0 से सीरीज पर कब्जा दीप्ति शर्मा ने रचा इतिहास, महिला टी20 में बनीं सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज 17 वर्षीय कमलिनी का शानदार डेब्यू, स्मृति मंधाना को आउट कर हासिल किया खास मौका    तिरुवनंतपुरम भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने मंगलवार को तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में श्रीलंका को आखिरी टी20 मैच में 15 रनों से करारी शिकस्त दी. इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने सीरीज 5-0 से अपने नाम कर ली है. इस मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी. भारतीय टीम ने श्रीलंका के सामने 176 रनों का लक्ष्य रखा था. हरमनप्रीत कौर ने शानदार फिफ्टी लगाई थी. इसके जवाब में श्रीलंका की टीम 160 रन ही बना सकी. भारतीय टीम की ये जीत इसलिए भी खास है क्योंकि भारत को अगले साल यानी 2026 में टी20 वर्ल्ड कप खेलना है. इसकी तैयारी के लिहाज से ये सीरीज काफी अहम मानी जा रही थी. भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका के खिलाफ आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के लिए स्मृति मंधाना को आराम देने का फैसला किया है. उनकी जगह 17 वर्षीय जी कमलिनी ने भारतीय राष्ट्रीय टीम के लिए अपना डेब्यू किया. मंधाना चौथे टी20I में प्लेयर ऑफ द मैच रही थीं, जहां उन्होंने शानदार वापसी करते हुए 80 रनों की पारी खेली थी. हालांकि मैच के अंतिम क्षणों में उन्हें हल्की सी परेशानी (निगल) महसूस हुई थी, जिसके बाद सीरीज पहले ही जीत चुकी टीम प्रबंधन कोई जोखिम नहीं लेना चाहता था. कौन हैं जी कमलिनी जी कमलिनी ने इस साल की शुरुआत में खेले गए अंडर-19 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए खुद को उभरते हुए बल्लेबाज के रूप में स्थापित किया था. वह टूर्नामेंट में सात पारियों में 143 रन बनाकर तीसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रहीं. उनका औसत 35.75 रहा, जिसमें नाबाद 56 रनों की संयमित पारी खास रही.      महिला प्रीमियर लीग में किया था कमाल कमलिनी पहली बार बड़े स्तर पर तब चर्चा में आई थीं, जब पिछले सीजन महिला प्रीमियर लीग (WPL) की नीलामी में मुंबई इंडियंस ने उन्हें 1.60 करोड़ रुपये में खरीदा था. इससे पहले, 18 फरवरी को उन्होंने इतिहास रचते हुए WPL में खेलने वाली सबसे कम उम्र की खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड बनाया था. महज 16 साल और 213 दिन की उम्र में बाएं हाथ की इस बल्लेबाज ने 2023 की चैंपियन मुंबई इंडियंस के लिए गुजरात जायंट्स के खिलाफ वडोदरा के कोटाम्बी स्टेडियम में डेब्यू किया था. उनकी तेज तरक्की से प्रभावित होकर मुंबई इंडियंस ने WPL 2026 की नीलामी से पहले कमलिनी को रिटेन किया. वह अब हरमनप्रीत कौर, नैट साइवर-ब्रंट, हेली मैथ्यूज और अमनजोत कौर जैसी सीनियर खिलाड़ियों के साथ टीम का हिस्सा बनी हुई हैं. स्मृति मंधाना के साथ-साथ रेणुका सिंह ठाकुर को भी इस मुकाबले के लिए आराम दिया गया है, जिनकी जगह स्नेह राणा को टीम में शामिल किया गया है. वहीं, बुखार के कारण चौथा मैच नहीं खेल सकीं जेमिमा रोड्रिग्स को भी इस मैच में आराम दिया गया है. इसके अलावा, प्रमुख तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ भी इस मुकाबले का हिस्सा नहीं हैं. श्रीलंका टीम में इनोका रणवीरा और मल्की मदारा की वापसी हुई है. उन्हें मल्शा शहानी और काव्या कविंदी की जगह प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है. मैच में दीप्ति शर्मा ने भी एक शानदार रिकॉर्ड अपने नाम किया. दीप्ति शर्मा महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गई हैं. दीप्ति ने इस मामले में ऑस्ट्रेलिया की मेगन शट को पीछे छोड़ दिया है. दीप्ति के टी20 में अब 133 मैचों में 152 विकेट हो गए हैं. दीप्ति ने श्रीलंका के खिलाफ इस मुकाबले में  सिर्फ एक ही विकेट लिया, लेकिन ये एक विकेट उन्हें उपलब्धि हासिल कराने के लिए काफी था.  ऐसा करने वाली पहली भारतीय दीप्ति महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में 150 विकेट पूरे करने वाली पहली भारतीय और ओवरऑल कुल दूसरी खिलाड़ी बन गई थीं.  इस मुकाबले की बात करें तो भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए हरमनप्रीत कौर की फिफ्टी के दम पर श्रीलंका के सामने 176 रनों का लक्ष्य रखा था. लेकिन इसके जवाब में उतरी श्रीलंका पहले मजबूत दिख रही थी. लेकिन आखिर में उनकी बल्लेबाजी बिखर गई और पूरी टीम 160 रन ही बना सकी. भारत ने इस जीत के साथ 5-0 से सीरीज अपने नाम की.  ऐसे रही श्रीलंका की बल्लेबाजी 176 रनों के जवाब में उतरी श्रीलंका की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और दूसरे ही ओवर में कप्तान चमारी अट्टापट्टू आउट हो गईं. उनके बल्ले से केवल 2 रन आए. लेकिन इसके बाद हसीनी परेरा और दुल्हानी के बीच कमाल की साझेदारी हुई. दोनों ने 86 तक स्कोर को पहुंचाया और भारतीय टीम को दूसरी सफलता 12वें ओवर में मिली. जब दुल्हानी का विकेट गिरा. लेकिन एक छोर पर परेरा टिकी रहीं. उन्होंने 65 रनों की पारी खेली और 17वें ओवर में उनका विकेट गिरा. लेकिन दूसरे छोर से विकेट गिरता रहा. जब परेरा का विकेट गिरा तो श्रीलंका को जीत के लिए 20 गेंदों में 44 रन चाहिए थे. आखिरी 2 ओवर में श्रीलंका को 34 रन चाहिए थे. लेकिन श्रीलंका की टीम 160 रन ही बना सकी और भारत ने ये मैच 15 रनों से जीतकर सीरीज 5-0 से अपने नाम की. ऐसी रही भारत की बल्लेबाजी इस मुकाबले में स्मृति मंधाना नहीं खेल रही थीं. उनकी जगह जी कमलिनी को डेब्यू का मौका मिला. लेकिन भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही. शेफाली वर्मा दूसरे ही ओवर में आउट हो गईं. उनके बल्ले से केवल 5 रन आए. इसके बाद डेब्यू कर रहीं कमलिनी ने पारी को संभालने की कोशिश की. लेकिन 5वें ओवर में वह अपना विकेट गंवा बैठी. कमलिनी ने 12 रन बनाए. इसके बाद भारत के लगातार विकेट गिरते रहे. लेकिन हरमनप्रीत ने कमाल की पारी खेली. मुश्किल वक्त में उन्होंने धैर्य दिखाया और बाद में विस्फोटक बैटिंग की. हरमनप्रीत ने 43 गेंद में 68 रन बनाए. अपनी पारी में उन्होंने 9 चौके और एक छक्का जड़ा. इसके बाद अरुंधति रेड्डी ने 11 गेंदों में 27 रन बनाए. उनकी इस पारी के … Read more

2026 में विराट और रोहित के खेल कार्यक्रम की पूरी जानकारी, कितने मुकाबले होंगे?

नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली और रोहित शर्मा ने 2025 अपनी बेहतरीन फॉर्म दिखाकर जोरदार वापसी की. इन दोनों के दमदार खेल की बदौलत भारत ने टेस्ट क्रिकेट में खराब प्रदर्शन के बाद तीन मैचों की सीरीज में दक्षिण अफ्रीका को 2-1 से हराया. टी20 और टेस्ट से संन्यास लेने के बाद दोनों पूर्व कप्तान अब सिर्फ एक ही फॉर्मेट खेलते हैं. 2027 वर्ल्ड कप से पहले उनके भविष्य को लेकर चल रही अटकलों के बावजूद वनडे क्रिकेट में टीम इंडिया के लिए टॉप परफॉर्मर बने हुए हैं. कोहली ने प्रोटियाज के खिलाफ तीन मैचों में 302 रन बनाए, जिसमें दो शतक और एक अर्धशतक शामिल था. वहीं, रोहित ने तीन मैचों में दो अर्धशतकों की मदद से 146 रन बनाए. यह दोनों का 2025 में टीम इंडिया के लिए आखिरी मैच था. अब रोहित शर्मा और विराट कोहली कब दिखेंगे? अब फोकस टी20 इंटरनेशनल पर शिफ्ट होगा, क्योंकि टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी के तहत बुधवार (9 दिसंबर) से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज शुरू हो रही है. रोहित और विराट एक महीने बाद फिर से मैदान पर लौटेंगे. 2026 में उनका पहला मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ होगा, जहां भारत नए साल में तीन वनडे मैच खेलेगा. इसके बाद कोहली और रोहित लगभग छह महीने तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर रहेंगे और 2026 टी20 वर्ल्ड कप और 2026 आईपीएल के बाद ही भारत के लिए खेलेंगे. 2026 में किन टीमों के साथ भारत का मुकाबला किस टीम से मुकाबला                   होस्ट    सीरीज में कितने मैच    सीरीज कब होगी भारत बनाम न्यूजीलैंड                    भारत            3                    11-18 जनवरी 2026 भारत बनाम अफगानिस्तान              भारत           3                     जून 2026 भारत बनाम इंग्लैंड                        इंग्लैंड             3                   14 -19 जुलाई 2026 भारत बनाम बांग्लादेश                  बांग्लादेश           3                  सितंबर 2026 भारत बनाम वेस्टइंडीज               वेस्टइंडीज          3                सितंबर-अक्टूबर 2026 भारत बनाम न्यूजीलैंड                न्यूजीलैंड             3               अक्टूबर-नवंबर 2026 2027 वर्ल्ड कप से पहले कितने मैच मार्च 2027 के बाद का फ्यूचर टूर प्रोग्राम (एफटीपी) अभी तय नहीं हुआ है, लेकिन उस साल एशिया कप और वर्ल्ड कप की तैयारी में भारत को और द्विपक्षीय सीरीज खेलनी होंगी. यह भी गौर करने वाली बात है कि न्यूजीलैंड सीरीज से पहले रोहित और विराट मुंबई और दिल्ली के लिए विजय हजारे ट्रॉफी (वीएचटी) में खेलने उतरे.

RCB और दिल्ली कैपिटल्स की बढ़ी मुश्किलें, WPL से बाहर हुईं दो बड़ी खिलाड़ी

मुंबई  रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की हरफनमौला एलिस पेरी और दिल्ली कैपिटल्स की अनाबेल सदरलैंड ने मंगलवार को निजी कारणों का हवाला देते हुए अगले महीने होने वाली महिला प्रीमियर लीग (WPL) से अपना नाम वापस ले लिया। WPL की विज्ञप्ति के मुताबिक ऑस्ट्रेलिया की हरफनमौला पेरी के स्थान पर भारतीय ऑलराउंडर सायली सतघरे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम में शामिल होंगी, जबकि उनकी हमवतन ऑलराउंडर सदरलैंड के स्थान पर दिल्ली कैपिटल्स ने ऑस्ट्रेलिया की लेग स्पिनर अलाना किंग को टीम में शामिल किया है।  WPL की विज्ञप्ति के मुताबिक, ‘ऑस्ट्रेलिया की हरफनमौला एलिस पेरी (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) और एनाबेल सदरलैंड (दिल्ली कैपिटल्स) ने निजी कारणों से लीग के आगामी सत्र से अपना नाम वापस ले लिया है। RCB ने पेरी की जगह सायली सतघारे को टीम में शामिल किया है। सतघारे 30 लाख रुपए की आधार कीमत पर RCB में शामिल होंगी। दिल्ली कैपिटल्स ने सदरलैंड की जगह अलाना किंग को टीम में शामिल किया है।' उन्होंने कहा, ‘ऑस्ट्रेलिया की इस लेग स्पिनर ने पिछले सत्र में यूपी वॉरियर्स का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने 27 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 27 विकेट लिए है। किंग 60 लाख रुपए की आधार कीमत पर दिल्ली की टीम में शामिल होंगी।'  यूपी वॉरियर्स बाएं हाथ की तेज गेंदबाज तारा नॉरिस की जगह भी ऑस्ट्रेलिया की ऑलराउंडर चार्ली नॉट को टीम में शामिल किया है। डब्लयूपीएल के शुरुआती सत्र में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने वाली नॉरिस को अगले साल नेपाल में होने वाले महिला टी20 विश्व कप क्वालीफायर के लिए अमेरिका की टीम में शामिल किया गया है। WPL ने बताया, ‘नॉट के साथ 10 लाख रुपए की आधार कीमत पर करार किया गया है।' WPL का चौथा सत्र नौ जनवरी से पांच फरवरी तक नवी मुंबई और वडोदरा में दो चरणों में आयोजित किया जाएगा।   

‘जिस फॉर्मेट ने पहचान दी, उसका सम्मान करो’ — चौथे एशेज के दो दिन में खत्म होने पर ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज नाराज़

मेलबर्न  ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच चौथा एशेज टेस्ट सिर्फ दो दिन में खत्म होने के बाद ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ग्रेग चैपल ने कहा है कि दोनों टीमों को खेल के उस फॉर्मेट की इज्जत करनी चाहिए जिसने उन्हें पहचान दी है। गौरतलब है कि यहां मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेला गया मुकाबला दूसरे दिन के तीसरे सत्र में खत्म हो गया। ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के सामने 178 रन का लक्ष्य रखा, जिसे बेन स्टोक्स की टीम ने छह विकेट गंवाकर हासिल कर लिया।  चैपल ने अपने एक लेख में कहा, 'इतिहास के पन्नों में दर्ज ‘मॉन्युमेंट्स मेन' वे लोग हैं जो अतुल्य खजानों की रक्षा करते हैं। ये ऐसे महिला और पुरुष कलाकारों, इतिहासकारों, शिल्पकारों और संग्रहालय निदेशकों का का समूह था जिन्होंने दूसरे विश्व युद्ध के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर जंग में झोंके गए कला और शिल्प के शाहकारों की हिफाजत की।'  उन्होंने कहा, 'हमें एशेज को भी इसी तरह देखना चाहिए। सन 1877 में शुरू हुई 148 साल पुरानी यह ‘दुश्मनी' अब अपने 150 साल पूरे करने के बहुत करीब है। ऐसे में जब बॉक्सिंग डे टेस्ट सिर्फ दो दिन में खत्म हो जाता है तो मन में इस पवित्र विरासत के लिये डर पैदा होता है।'  चैपल ने कहा कि जो मैच टेस्ट क्रिकेट के सबसे बड़े आयोजन के वैभव की मिसाल बन सकता था, वह एक तमाशा बनकर रह गया। इस अनंत प्रतियोगिता में बंधे हुए दो देश इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया अपने दर्शकों को सिर्फ दो दिन का मुकाबला ही परोस सके। चैपल ने मैच के जल्दी खत्म होने के लिये पिच क्यूरेटर मैट पेज को ज़म्मिेदार ठहराने के बजाय बल्लेबाज़ों की कुशलता पर सवाल उठाया।  उन्होंने कहा, 'दोनों टीमों के बल्लेबाज ऐसे बिखर गए जैसे तेज हवा में पतझड़ के पत्ते। विकेट गुच्छों में गिरे। टीमों के स्कोर 200 भी पार न कर सके। एमसीजी में मौजूद 90,000 लोगों का मजमा उस यादगार मुकाबले से महरूम रह गया जिसका वह हकदार था।'  उन्होंने अपने लेख के अंत में कहा, 'मैं समझता हूं कि व्हाइट-बॉल क्रिकेट ने खेल को बदल दिया है और आज बाज़ार में दबाव झेलने की क्षमता से ज्यादा ताकत को अहमियत दी जाती है, लेकिन अगर आधुनिक खेल के खिलाड़ी टेस्ट क्रिकेट को सच में अहमियत देते हैं, जैसा कि वे कहते हैं, तो उन्हें किसी भी परिस्थिति में कम से कम 100 ओवर तक मिलकर बैटिंग करके यह दिखाना होगा। अगर वे ऐसा नहीं कर सकते, या नहीं करेंगे, तो यह फॉर्मेट खत्म हो जाएगा।' ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड अब पांचवें टेस्ट के लिये चार जनवरी से मैदान पर उतरेंगे। ऑस्ट्रेलिया इस सीरीज में 3-1 की अविजित बढ़त बना चुका है।