samacharsecretary.com

चिन्नास्वामी स्टेडियम को फिर से मैच आयोजित करने की अनुमति नहीं, कोहली की वापसी का सपना टूटा

बेंगलुरु बेंगलुरु का एम चिन्नास्वामी स्टेडियम एक बार फिर विराट कोहली की वापसी का गवाह नहीं बन पाएगा, क्योंकि इस वेन्यू को दोबारा मैच आयोजित करने की अनुमति नहीं दी गई है. यह फैसला स्टेडियम के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है, खासकर तब जब इसे अगले सीजन इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) मैचों की मेजबानी के लिए सैद्धांतिक रूप से हरी झंडी मिल चुकी थी. 4 जून को आईपीएल जीत के बाद आरसीबी के विक्ट्री परेड में हुई भगदड़ की घटना के बाद चिन्नास्वामी स्टेडियम से कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुकाबले हटा दिए गए थे. इसके बाद कर्नाटक सरकार ने स्टेडियम की संरचनात्मक और सुरक्षा से जुड़ी खामियों की जांच के लिए एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया था. समिति की रिपोर्ट में कई गंभीर कमियों को उजागर किया गया और दर्शकों व खिलाड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी बदलावों की सिफारिश की गई. देशभर में 50 ओवर के घरेलू सीजन के दोबारा शुरू होने के साथ ही कर्नाटक सरकार ने एक बार फिर ग्रेटर बेंगलुरु अथॉरिटी के कमिश्नर की अगुआई में एक उच्चस्तरीय समिति गठित की, ताकि चिन्नास्वामी स्टेडियम में क्रिकेट मैच कराए जाने की संभावनाओं का आकलन किया जा सके. यह कदम तब उठाया गया, जब कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) ने 24 दिसंबर को विजय हज़ारे ट्रॉफी का मुकाबला आयोजित करने की अनुमति मांगी थी और प्रस्ताव में यह स्पष्ट किया गया था कि मैच दर्शकों के बिना कराया जाएगा. अब यहां खेला जाएगा मैच चिन्नास्वामी स्टेडियम को दिल्ली बनाम गुजरात मुकाबले के लिए निर्धारित किया गया था, जहां विराट कोहली की घरेलू क्रिकेट में वापसी होने की उम्मीद थी. हालांकि, ऐन वक्त पर सरकारी अधिकारियों ने मंजूरी रोक दी, जिसके चलते आयोजकों को मुकाबला बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में शिफ्ट करना पड़ा. बेंगलुरु पुलिस आयुक्त ने क्या कहा बेंगलुरु पुलिस आयुक्त सीमंथ कुमार सिंह ने मंगलवार को मैच से ठीक एक दिन पहले इस घटनाक्रम की पुष्टि की. मीडिया से बातचीत में सीमंथ कुमार सिंह ने कहा, 'आप लोगों (मीडिया) के बीच यह भ्रम हो सकता है कि चिन्नास्वामी स्टेडियम में मैच की अनुमति है या नहीं. इसमें किसी तरह का भ्रम नहीं होना चाहिए. जैसा कि आप जानते हैं, हमारी समिति वहां गई थी. समिति की सिफारिशों के आधार पर अनुमति को खारिज कर दिया गया है. इसलिए कल वहां कोई मैच नहीं होगा.' मैचों के लिए असुरक्षित है चिन्नास्वामी एम चिन्नास्वामी स्टेडियम को 4 जून की भगदड़ की जांच के लिए गठित जस्टिस कुन्हा आयोग ने मैचों के लिए असुरक्षित घोषित किया था. आयोग ने सामूहिक प्रवेश और निकास के लिए पर्याप्त गेट, सार्वजनिक सड़कों से अलग बनाए गए कतार और आवागमन क्षेत्र, अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों के अनुरूप आपातकालीन निकासी योजनाएं, पर्याप्त पार्किंग सुविधाएं समेत कई अहम सिफारिशें की थीं.

भारत ने श्रीलंका को 7 विकेट से हराया, सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाई, शेफाली के बल्ले से तूफान

विशाखापत्तनम      भारत और श्रीलंका की महिला क्रिकेट टीम के बीच मंगलवार को दूसरा टी20 मैच विशाखापत्तनम में खेला गया. इस मुकाबले में भारतीय टीम ने एकतरफा 7 विकेट से जीत हासिल की. टॉस जीतकर भारत ने श्रीलंका को पहले बैटिंग का न्योता दिया था. श्रीलंका ने भारत के सामने 129 रनों का लक्ष्य रखा था. इसके जवाब में भारतीय टीम ने 12वें ओवर में ही इसे चेज कर लिया. शेफाली वर्मा ने तूफानी पारी खेली और 34 गेंदों में 69 रन बनाए. इस जीत के साथ ही भारत ने 5 मैचों की सीरीज में 2-0 से बढ़त बना ली है.  5 मैचों की सीरीज के पहले मैच में भी हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने श्रीलंका को 8 विकेट से रौंदा था. इस सीरीज को अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज से भी जरूरी माना जा रहा है. ऐसी रही भारत की बल्लेबाजी 129 रनों के जवाब में भारत की शुरुआत बेहद शानदार रही. स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने ठोस शुरुआत दिलाई. लेकिन चौथे ओवर में मंधाना 14 रन बनाकर आउट हो गईं. लेकिन इसके बाद जेमिमा और शेफाली ने तूफानी बल्लेबाजी की और 10 के औसत से रन बनाए. 8वें ओवर में जब भारत को जेमिमा के रूप में दूसरा झटका लगा तब भारत का स्कोर 87 रन था. इसके बाद शेफाली और हरमनप्रीत कौर ने कमान संभाली. शेफाली ने 27 गेंदों में पचासा जड़ा. इसके बाद हरमनप्रीत 10 रन बनाकर आउट हो गईं. लेकिन शेफाली 69 रन बनाकर नाबाद रहीं और भारत ने ये मैच जीत लिया. ऐसी रही श्रीलंका की बैटिंग पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही. पहले ही ओवर में गुणारत्ने अपना विकेट गंवा बैठीं. इसके बाद चमारी अट्टापट्टू ने पारी को कुछ संभालने की कोशिश जरूर की. लेकिन 38 के स्कोर पर श्रीलंका को दूसरा झटका लगा. ये मैच वैष्णवी के लिए काफी खास रहा. क्योंकि उन्हें दो सफलता मिली. ये वैष्णवी का दूसरा अंतरराष्ट्रीय मैच था. आखिरकार श्रीलंका ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 128 रन बनाए. भारत की ओर से श्री चरणी को 2 तो वैष्णवी को 2 विकेट मिले. जबकि क्रांति और स्नेह राणा को 1-1 सफलता मिली.   

सुनील गावस्कर के पर्सनैलिटी राइट्स की रक्षा, दिल्ली हाईकोर्ट ने विवादित कंटेंट हटाने को कहा

नई दिल्ली  दिल्ली हाईकोर्ट ने मंगलवार को भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर की पर्सनैलिटी और पब्लिसिटी राइट्स की रक्षा के लिए एक अंतरिम रोक लगाई और सोशल मीडिया माध्यमों और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स को उनकी अनुमति के बिना उनके नाम और तस्वीर के इस्तेमाल वाले कंटेंट को हटाने का निर्देश दिया। जस्टिस मनमीत प्रीतम सिंह अरोड़ा की सिंगल-जज बेंच ने मेटा और एक्स कॉर्प समेत प्लेटफॉर्म्स को यह आदेश दिया कि गावस्कर के बारे में गलत बयान वाले यूआरएल 72 घंटे के अंदर हटा दिए जाएं। दिल्ली हाईकोर्ट ने साफ किया कि अगर उपभोक्ता तय समय के अंदर उल्लंघन करने वाले कंटेंट को हटाने में असफल रहते हैं, तो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को ऐसे कंटेंट तक एक्सेस को बंद करना होगा। जस्टिस अरोड़ा ने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स को गावस्कर के नाम पर बिना अनुमति के बेचे जा रहे उत्पादों की सूची हटाने का भी निर्देश दिया, और कहा कि अगर विक्रेता 72 घंटे के अंदर उल्लंघन करने वाले उत्पाद हटाने में फेल हो जाते हैं, तो प्लेटफॉर्म्स उन्हें डीलिस्ट कर देंगे। यह अंतरिम राहत गावस्कर को उस केस में मिली जिसमें उन्होंने सोशल मीडिया और ऑनलाइन मार्केटप्लेस पर बिना उनकी इजाजत के उनसे जुड़ी चीजों के खिलाफ इस्तेमाल के खिलाफ अपनी पर्सनैलिटी के अधिकारों की सुरक्षा की मांग की थी। पूर्व क्रिकेटर ने आरोप लगाया कि कई सोशल मीडिया पेज उनके नाम से मनगढ़ंत बातें बता रहे थे, जबकि कई ऑनलाइन विक्रेता उनसे गलत तरीके से जुड़े नकली ऑटोग्राफ वाले आइटम और दूसरा सामान बेच रहे थे। पहले की सुनवाई में, जस्टिस अरोड़ा ने गावस्कर से गूगल, मेटा और एक्स को गलत यूआरएल देने को कहा था, साथ ही इंटरमीडियरी को एक हफ्ते के अंदर सूचना तकनीक नियम, 2021 के तहत उनके अनुरोध पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। गावस्कर का मामला उन हाई-प्रोफाइल पर्सनैलिटी की बढ़ती सूची में शामिल हो गया है जो दिल्ली हाई कोर्ट के सामने अपनी पर्सनैलिटी और पब्लिसिटी के अधिकारों का इस्तेमाल कर रहे हैं। दिल्ली हाईकोर्ट ने गावस्कर के केस की अगली सुनवाई 22 मई, 2026 को तय की है।

प्रधानमंत्री मोदी से मिले नीरज चोपड़ा, खेल और आने वाले लक्ष्यों को लेकर साझा किया विजन

नई दिल्ली दो बार के ओलंपिक पदक विजेता भाला फेंक स्टार नीरज चोपड़ा ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस खास मुलाकात में नीरज के साथ उनकी पत्नी हिमानी मोर भी मौजूद रहीं। बातचीत के दौरान खेल और उससे जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। 7 लोक कल्याण मार्ग पर हुई खास मुलाकात प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस मुलाकात की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा कि 7 लोक कल्याण मार्ग पर नीरज चोपड़ा और उनकी पत्नी हिमानी मोर से मुलाकात हुई, जहां खेल समेत कई विषयों पर सार्थक बातचीत हुई। निजी जीवन में नई शुरुआत नीरज चोपड़ा ने इस साल की शुरुआत में पूर्व टेनिस खिलाड़ी हिमानी मोर से निजी समारोह में विवाह किया था। फिलहाल नीरज किसी प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले रहे हैं और आगामी सत्र की तैयारी पर ध्यान दे रहे हैं। मिला-जुला रहा नीरज का साल 2025 का साल नीरज चोपड़ा के लिए उतार-चढ़ाव भरा रहा। उन्होंने दोहा डायमंड लीग में पहली बार 90 मीटर से ज्यादा भाला फेंककर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। हालांकि फिटनेस समस्याओं के कारण वह विश्व चैंपियनशिप में अपने खिताब का बचाव नहीं कर सके और आठवें स्थान पर रहे। कोच बदला, भविष्य पर नजर सत्र की शुरुआत में नीरज ने चेक गणराज्य के दिग्गज जान जेलेजनी को अपना नया कोच नियुक्त किया। जेलेजनी तीन ओलंपिक स्वर्ण पदकों के विजेता हैं और उनके नाम 98.48 मीटर का विश्व रिकॉर्ड दर्ज है। नीरज ने बेंगलुरु में अपने नाम से आयोजित भाला फेंक प्रतियोगिता की मेजबानी की और खिताब भी जीता।  

दुबला दिखना ही फिटनेस नहीं: रोहित शर्मा के समर्थन में उतरे पूर्व दिग्गज क्रिकेटर

नई दिल्ली  रोहित शर्मा ने चैंपियंस ट्रॉफी के बाद अपनी फिटनेस पर जबरदस्त काम किया है। इस साल ऑस्ट्रेलिया दौरे से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में करीब 7 महीने बाद जब उन्होंने वापसी की तो एक अलग ही रोहित शर्मा नजर आए। 11 किलोग्राम वेट लॉस। यंग लुक और मैदान पर गजब की चुस्ती-फुर्ती। वापसी भी क्या शानदार की। प्लेयर ऑफ द सीरीज बने। उसके बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ओडीआई की होम सीरीज में भी उन्होंने 2 अर्धशतकों के साथ 146 रन ठोके। फिट दिखने को उन्होंने चुनौती के रूप में लिया और 38 वर्ष की उम्र में अपने ट्रांसफॉर्मेशन से चौंका दिया। इस बीच भारत के पूर्व क्रिकेटर अमित मिश्रा ने रोहित शर्मा की फिटनेस को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वह तो पहले भी फिट थे।   रोहित शर्मा अब 24 दिसंबर से शुरू होने जा रहे विजय हजारे ट्रॉफी में खेलते दिखेंगे। उनकी फिटनेस को लेकर अमित मिश्रा ने मेन्स एक्सपी यूट्यूब चैनल से बातचीत में कहा कि हिटमैन पहले भी फिट थे। फिट होने का मतलब पतला होना नहीं है। आप सिर्फ फिट दिखने के लिए फिट मत बनिए। मिश्रा ने कहा, 'हर किसी का शरीर एक जैसा नहीं होता। अंतर होता है। अलग-अलग प्रकार होता है। इन दिनों फिटनेस का अंदाजा लुक से ज्यादा लगाया जा रहा। पतला दिखिए। लेकिन बेहतर ये है कि आप अपने असली बॉडी के साथ फिटनेस मैंटेन कीजिए। अच्छा खाइए। कड़ी मेहनत कीजिए। आप फिट रहेंगे। अपने डाइट का ध्यान रखिए और चीजों को स्वाभाविक ढंग से कीजिए। सिर्फ फिट दिखने के लिए फिट मत होइए।' अमित मिश्रा ने कहा, ‘रोहित शर्मा ने वापसी की है और वह फिट हैं। वह पहले भी फिट थे। मैं उनके साथ खेला हूं। लोग उन्हें हैवी कहते थे लेकिन मैंने कभी भी महसूस नहीं किया कि मैदान पर वह धीमा है या रन नहीं बना रहे। ऐसा नहीं था कि वह बल्लेबाजी करने जा रहे हैं और आउट हो रहे हैं, वह फील्डिंग भी करते थे और ऐक्टिव थे। सबकी अपनी राय होती है।’ रोहित शर्मा टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके हैं। उनका सारा फोकस ओडीआई पर है और उनकी नजर 2027 के वर्ल्ड कप पर है। ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले बढ़ती उम्र को लेकर उनके ओडीआई भविष्य पर सवाल भी उठे थे लेकिन उन्होंने बल्ले से आलोचकों का मुंह सील दिया। ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद अब वह विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई के लिए खेलेंगे। ट्रॉफी की शुरुआत 24 दिसंबर से हो रही है। रोहित शर्मा विजय हजारे ट्रॉफी के कुछ शुरुआती मैच खेलेंगे। उसके बाद वह न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 वनडे मैचों की सीरीज में खेलेंगे जो 11 जनवरी से शुरू हो रही है।

घुटने की सर्जरी से गुज़रे नेमार, विश्व कप खेलने को लेकर सकारात्मक संकेत

साओ पाउलो स्टार स्ट्राइकर नेमार के बाएं घुटने की सर्जरी हुई है लेकिन उन्हें अगले साल अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में होने वाले फुटबॉल विश्व कप में खेलने और ब्राजील की तरफ से फाइनल में गोल करने की उम्मीद है। नेमार के क्लब सैंटोस ने बताया कि इस 33 वर्षीय खिलाड़ी के बाएं घुटने की मामूली सर्जरी हुई है। इस चोट के कारण वह इस साल लंबे समय तक बाहर रहे। उनकी आर्थ्रोस्कोपी सर्जरी रोड्रिगो लास्मार ने की, जो ब्राजील टीम से भी जुड़े हुए हैं। पिछले सप्ताहांत साओ पाउलो में एक संगीत कार्यक्रम के दौरान नेमार ने कहा था उन्हें अब भी विश्व कप में खेलने और फाइनल में गोल करने की उम्मीद है। ब्राजील के कोच कार्लो एंसेलोटी ने अभी तक नेमार को टीम में शामिल नहीं किया है। नेमार ने कहा, ‘‘हम इस बार कप को ब्राजील लाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। जुलाई में आप हमें इसकी याद दिला सकते हैं। एंसेलोटी इसमें हमारी मदद करना।’’  

AUS को डबल झटका! पैट कमिंस के लिए एशेज खत्म, T20 वर्ल्ड कप खेलना भी अनिश्चित

नई दिल्ली  ऑस्ट्रेलिया की टीम के कप्तान पैट कमिंस के लिए एशेज सीरीज 2025-26 समाप्त हो गई है। पहले दो टेस्ट मैचों में वे उपलब्ध नहीं थे, लेकिन तीसरे टेस्ट मैच में वे खेले। तीनों टेस्ट ऑस्ट्रेलिया ने जीतकर सीरीज पर कब्जा कर लिया है, लेकिन अब खबर है कि पैट कमिंस बाकी के दो मैचों में नहीं खेलेंगे। चौथे टेस्ट मैच से वे पहले ही बाहर कर दिए गए हैं। इसके पीछे का कारण उनकी चोट है, जिससे वे उबर गए हैं, लेकिन लॉन्ग टर्म हेल्थ को देखते हुए उन्हें फिलहाल के लिए टेस्ट टीम से दूर रखा जा रहा है। हालांकि, एक खबर ऑस्ट्रेलिया के लिए 440 वोल्ट के करंट जैसी है, क्योंकि वे टी20 वर्ल्ड कप 2026 से भी बाहर हो सकते हैं।   दरअसल, टी20 वर्ल्ड कप 2026 फरवरी-मार्च में भारत और श्रीलंका में होना है, लेकिन ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट की मानें तो ऑस्ट्रेलिया की टीम के सिलेक्टर और मेडिकल स्टाफ उनको इस मेगा इवेंट से दूर रहने की सलाह दे सकता है। बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम का ऐलान हो गया है, जिसमें पैट कमिंस नहीं हैं। हेड कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने सिलेक्शन के कुछ घंटे बाद कहा कि कमिंस की सीरीज एक मैच के बाद खत्म हो गई, जिससे एशेज जीतने में मदद मिली। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025 के फाइनल के बाद वेस्टइंडीज टूर पर पैट कमिंस को लम्बर स्ट्रेस रिएक्शन का पता चला था, लेकिन एक एग्रेसिव रिहैब प्रोग्राम के बाद उन्होंने एडिलेड में शानदार बॉलिंग की, जहां उन्होंने छह विकेट लिए और ऑस्ट्रेलिया को कप्तानी करते हुए 82 रन से जीत दिलाई। अब चौथे टेस्ट से पहले ऑस्ट्रेलिया के कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने कहा, "वह ठीक हो गया है। वह बाकी सीरीज में कोई रोल नहीं निभाएगा और उसकी वापसी को लेकर हमने काफी समय से इस पर बात की थी।" उन्होंने आगे बताया, "हम कुछ रिस्क ले रहे थे और जिन लोगों ने उस पर रिपोर्ट किया था, वे उस रिबिल्ड से जुड़े रिस्क को समझेंगे। अब हम सीरीज जीत चुके हैं और यही हमारा गोल था। इसलिए, उसे और रिस्क में डालना और लंबे समय के लिए उसे खतरे में डालना कुछ ऐसा नहीं है जो हम करना चाहते हैं और पैट इसके साथ सच में कम्फर्टेबल है।" मैकडोनाल्ड ने आगे टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पैट कमिंस की भागेदारी को लेकर कहा कि यह मंगलवार को दूसरे सिलेक्टर्स के साथ बातचीत के बाद फैसला लिया जाएगा। नहीं खेले एक भी T20I मैच कमिंस ने 2024 के बीच में कैरिबियन और USA में हुए पिछले टी20 वर्ल्ड कप के बाद से ऑस्ट्रेलिया के लिए कोई T20I नहीं खेला है। भारत और श्रीलंका में होने वाले अगले एडिशन के तुरंत बाद IPL 2026 शुरू होगा, जहां कमिंस सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की कप्तानी करेंगे। ऐसे में कमिंस के T20 वर्ल्ड कप के चांस के बारे में मैकडोनाल्ड ने कहा, "यह एक असेसमेंट होगा। मुझे लगता है कि किसी समय उनका चेक-इन स्कैन होगा और उनकी पीठ की स्थिति के बारे में और जानकारी इकट्ठा की जाएगी। वर्ल्ड कप का इंतजार है, कि वह वहां होंगे या नहीं। मैं सच में नहीं कह सकता। अभी यह काफी धुंधला है। हमें उम्मीद है।"  

खराब फॉर्म के बावजूद सूर्या और शुभमन सुरक्षित, उपकप्तान की छुट्टी क्यों? कैफ ने बताई असली वजह

नई दिल्ली  पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 की टीम को लेकर बात की, जिसमें कप्तान सूर्यकुमार यादव बहुत खराब फॉर्म के बावजूद बरकरार हैं, जबकि उपकप्तान शुभमन गिल का पत्ता साफ हो गया है। मोहम्मद कैफ का कहना है कि मैच विजेता खिलाड़ी सूर्यकुमार यादव की तुलना शुभमन गिल से नहीं होनी चाहिए। कैफ ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई और सिलेक्टर्स के फैसले का समर्थन किया, जिसमें उन्होंने उपकप्तान शुभमन गिल को टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम से बाहर रखा। मोहम्मद कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि इस फॉर्मेट में सूर्यकुमार के पिछले प्रभुत्व ने उन्हें विस्तारित समर्थन दिलाया, कुछ ऐसा जो गिल अभी भी हासिल करने का प्रयास कर रहे हैं। कैफ ने कहा, “गिल और सूर्या के केस में फर्क है। सूर्या T20s में एक प्रूवन मैच-विनर रहे हैं। वह ICC रैंकिंग में टॉप पर रहे हैं और उन्होंने मैच भी जिताए हैं। हम यहां दोनों की तुलना नहीं कर सकते। गिल को इंडियन टीम में इस फॉर्मेट में खुद को साबित करना था।” उन्होंने आगे विराट कोहली का उदाहरण दिया और कहा, "कोहली का उदाहरण लें, उन्होंने COVID के दौरान उन दो सालों में बहुत रन नहीं बनाए, लेकिन क्योंकि उनका पिछला रिकॉर्ड बहुत अच्छा था और वे लगभग 10 साल तक मैच विनर रहे, तो आपने उनकी रेप्युटेशन पर उनका साथ दिया और वे उस फेज से बाहर निकलकर फिर से रन बनाने लगे। सूर्या भी इसी कैटेगरी में हैं। गिल इस फॉर्मेट में सूर्या के आस-पास भी नहीं हैं। यह कहना कि अगर वे फॉर्म में नहीं हैं तो दोनों को हटा देना चाहिए, यह सही नहीं है। सूर्या ने यह कमाया है।" सूर्या को लेकर एक सवाल है… हालांकि, मोहम्मद कैफ ने कहा है कि सवाल यह है कि वह इस दौर से कैसे निकल सकते हैं? पूरे साल में उनसे टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक अर्धशतक तक नहीं निकला। क्रिकेटर से कमेंटेटर बने कैफ ने माना है कि कप्तानी सूर्यकुमार पर ज्यादा प्रेशर डालकर उनके परफॉर्मेंस पर बुरा असर डाल रही है। कैफ ने कहा, "उसे ड्रॉप नहीं किया जा सकता। सूर्या के मामले में, उसे सपोर्ट करना होगा। आपको इस बात पर फोकस करना होगा कि वह कहां गलतियां कर रहे हैं और वह स्कोर क्यों नहीं कर पा रहा हैं? क्या कैप्टेंसी वजह है? क्या उस पर प्रेशर पड़ रहा है? यही सवाल है।"  

सलाह के गोल से मिस्र ने जिम्बाब्वे को हराया

रबात (मोरक्को) स्टार स्ट्राइकर मोहम्मद सलाह के गोल की मदद से मिस्र ने जिम्बाब्वे को 2-1 से हराकर अफ्रीका कप ऑफ नेशंस फुटबॉल टूर्नामेंट में जीत के साथ शुरुआत की। विश्व रैंकिंग में 129वें स्थान की टीम जिम्बाब्वे ने मिस्र के सामने कड़ी चुनौती पेश की और एक समय वह मैच ड्रॉ कराने के करीब पहुंच गया था। ऐसे में सलाह में इंजरी टाइम में गोल करके मिस्र को जीत दिलाई। एक अन्य मैच में दक्षिण अफ्रीका ने अंगोला को 2-1 से हराया। यह दक्षिण अफ्रीका की अंगोला के खिलाफ पिछले छह मैचों में पहली जीत है। ⁠कैसाब्लांका में खेले गए एक अन्य मैच में पैटसन डाका ने स्टॉपेज टाइम में गोल किया जिससे जाम्बिया ने माली के खिलाफ मैच 1-1 से ड्रॉ कराया। मेजबान देश मोरक्को ने रविवार को कोमोरोस पर 2-0 से जीत हासिल की थी।  

नेरेस के दो गोल से नेपोली ने इटालियन सुपर कप जीता

रियाद डेविड नेरेस ने दोनों हाफ में एक-एक गोल किया जिससे मौजूदा सीरी ए चैंपियन नेपोली ने सऊदी अरब में खेले गए फाइनल में बोलोग्ना को 2-0 से हराकर तीसरी बार इटालियन सुपर कप फुटबॉल टूर्नामेंट जीता। नेरेस का 39वें मिनट में पहला गोल किया। उनका 25 मीटर की दूरी से बाएं पैर से लगाया गया शॉट दूर के कोने में जाकर लगा। उन्होंने बोलोग्ना के गोलकीपर फेडेरिको रावग्लिया को इसे बचाने का कोई मौका नहीं दिया। उन्होंने मैच का एक घंटा पूरा होने के बाद अपना दूसरा गोल किया। नेरेस ने रावाग्लिया के एक ढीले पास का फायदा उठाया और जॉन लुकुमी से गेंद छीनकर गोलकीपर के ऊपर से उसे गोल में डाल दिया। नेपोली ने इससे पहले 1990 और 2014 में सुपर कप जीता था।