samacharsecretary.com

मुंबई इंडियंस में बड़ा बदलाव संभव! IPL 2027 में रोहित शर्मा संभाल सकते हैं कप्तानी की कमान

मुंबई  इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सीजन 2027 से पहले मुंबई इंडियंस (MI) की तरफ से एक धमाकेदार खबर सामने आ रही है. लगातार गिरते प्रदर्शन और कप्तानी के विवादों से जूझने के बाद पांच बार की चैम्पियन मुंबई इंडियंस एक बार फिर अपने सबसे सफल कप्तान रोहित शर्मा के पास वापस लौटने की तैयारी में है।  सूत्रों के मुताबिक फ्रेंचाइजी का टॉप मैनेजमेंट 2027 सीजन के लिए रोहित शर्मा को दोबारा कप्तानी सौंपने का मन बना चुका है. रोहित शर्मा ने अपनी कप्तानी में मुंबई इंडियंस को 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में पांच IPL खिताब दिलाए थे।  लेकिन 2024 सीजन से ठीक पहले गुजरात टाइटन्स से लौटे हार्दिक पंड्या को अचानक कप्तानी सौंप दी गई थी. हार्दिक की कप्तानी में टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा. 2024 में टीम सबसे निचले पायदान पर रही और 2025 में प्लेऑफ तक पहुंचने के बावजूद मुंबई ट्रॉफी से दूर रह गई।  इसके अलावा ड्रेसिंग रूम के माहौल, खिलाड़ियों के बीच आपसी तालमेल और टीम भावना को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे थे. सूर्याकुमार यादव और युवा तिलक वर्मा जैसे विकल्प मौजूद होने के बावजूद मुंबई का प्रबंधन रोहित के अनुभव और उनके साथ जुड़े 5 ट्रॉफियों के ट्रैक रिकॉर्ड पर दांव लगाना चाहता है ताकि टीम में स्थिरता वापस लौट सके।  हार्दिक पंड्या का क्या होगा?  रोहित के कप्तानी में लौटते ही हार्दिक पंड्या के भविष्य को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं. खबरें हैं कि हार्दिक को किसी दूसरी फ्रेंचाइजी में ट्रेड किया जा सकता है, जिसमें कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के नाम सबसे आगे आ रहे हैं।  क्या यशस्वी की होगी टीम में एंट्री चर्चा तो यह भी है कि मुंबई और राजस्थान के बीच हार्दिक पंड्या के बदले यशस्वी जायसवाल को मुंबई लाने की बातचीत चल रही थी. रोहित शर्मा की उम्र को देखते हुए मुंबई की टीम यशस्वी के रूप में एक भविष्य का विस्फोटक भारतीय सलामी बल्लेबाज अपने साथ जोड़ना चाहती है. हालांकि, अभी तक इस ट्रेड डील की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। 

भारत-वेस्टइंडीज टी20 मुकाबले में छक्कों की बरसात की उम्मीद, हैदराबाद में टीम इंडिया बना चुकी है 297 रन

हैदराबाद भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज अब ऐसे मैदान पर पहुंच गई है, जहां बल्लेबाजों के बल्ले से रन बरसने की पूरी उम्मीद है. इंदौर में भले ही रनों का वैसा तूफान देखने को नहीं मिला, जिसकी उम्मीद थी, लेकिन हैदराबाद में तस्वीर बदल सकती है. यह वही मैदान है, जहां भारतीय टीम टी20 इंटरनेशनल में 300 रन के आंकड़े को छूने से महज तीन रन दूर रह गई थी. अब एक बार फिर सवाल है- क्या हैदराबाद में चौके-छक्कों की ऐसी बरसात होगी कि 300 रन का आंकड़ा भी पीछे छूट जाए? पांच मैचों की सीरीज में भारत 2-1 से आगे है. ऐसे में टीम इंडिया की नजर बढ़त मजबूत करने पर होगी, जबकि वेस्टइंडीज के सामने सीरीज में बने रहने की चुनौती है. कैरेबियाई टीम को जीत की जरूरत है और उसकी आक्रामक बल्लेबाजी को देखते हुए हैदराबाद का मुकाबला दिलचस्प हो सकता है. अगर पिच ने साथ दिया और ओस ने गेंदबाजों की मुश्किलें बढ़ाईं, तो दोनों टीमों के बीच रनों की जबरदस्त जंग देखने को मिल सकती है।  हैदराबाद में भारत का 297 रन वाला धमाका 12 अक्टूबर 2024 को बांग्लादेश के खिलाफ हैदराबाद में भारतीय बल्लेबाजों ने ऐसा हमला बोला था कि स्कोरबोर्ड पर 20 ओवर में 297/6 रन दर्ज हो गए. भारत 300 रन से महज तीन रन दूर रह गया था. इस मैच में संजू सैमसन ने 47 गेंदों में 111 रन लूटे थे. यह टी20 इंटरनेशनल में टीम इंडिया का सर्वोच्च स्कोर है. भारतीय बल्लेबाजों ने उस पारी में 14.85 के रन रेट से रन बनाए थे।  भारत ने इससे पहले और बाद में भी बड़े टी20 स्कोर बनाए हैं. 15 नवंबर 2024 को जोहानिसबर्ग में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टीम इंडिया ने 283/1 रन ठोके थे. वहीं, 31 जनवरी 2026 को तिरुवनंतपुरम में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत ने 271/5 का स्कोर बनाया था. लेकिन हैदराबाद का 297 रन वाला रिकॉर्ड आज भी भारतीय टी20 बल्लेबाजी की सबसे बड़ी उपलब्धि बना हुआ है।  अब इसी मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबला होना है. भारत के पास अपना रिकॉर्ड बेहतर करने का मौका होगा, जबकि कैरेबियाई बल्लेबाज भी बड़े स्कोर की दौड़ में पीछे नहीं रहना चाहेंगे।  हैदराबाद में बड़े स्कोर का इतिहास राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की पहचान आईपीएल के उन मैदानों में होती है, जहां बल्लेबाज खुलकर अपने शॉट खेल सकते हैं. यहां आईपीएल में 286 और 277 रन जैसे बड़े स्कोर बन चुके हैं. इसके अलावा, भारत ने इसी मैदान पर बांग्लादेश के खिलाफ 297 रन बनाकर टी20 इंटरनेशनल में अपना सर्वोच्च स्कोर दर्ज किया था।  हालांकि, हैदराबाद में हाल ही में पिच को दोबारा तैयार किया गया है. ऐसे में पुराने रिकॉर्ड के आधार पर यह मान लेना सही नहीं होगा कि इस बार भी बल्लेबाजों को वैसी ही परिस्थितियां मिलेंगी. पिच का ताजा मिजाज, उछाल और गेंद की गति मुकाबले की दिशा तय करने में अहम होंगे।  फिर भी, मैदान का इतिहास बल्लेबाजों का हौसला बढ़ाने के लिए काफी है. अगर गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आती है, तो बड़े शॉट खेलने वाले खिलाड़ियों के लिए रन बनाना आसान हो सकता है. गेंदबाजों को अपनी लाइन-लेंथ में जरा भी ढील देने से बचना होगा, क्योंकि टी20 क्रिकेट में कुछ महंगे ओवर पूरे मैच का समीकरण बदल सकते हैं।  ओस आई तो गेंदबाजों की बढ़ेगी मुश्किल हैदराबाद में मुकाबले के दौरान ओस की भूमिका भी अहम हो सकती है. अगर दूसरी पारी में ओस पड़ती है, तो गेंद को पकड़ना और उस पर नियंत्रण बनाए रखना गेंदबाजों के लिए मुश्किल हो सकता है. इसका फायदा बल्लेबाजों को मिल सकता है, खासकर तब जब उन्हें बड़े लक्ष्य का पीछा करना हो।  टॉस जीतने वाली टीम को भी परिस्थितियों के हिसाब से फैसला लेना होगा. पिच की स्थिति, ओस की संभावना और पहली पारी के स्कोर को ध्यान में रखकर बल्लेबाजी या गेंदबाजी चुनना अहम रहेगा।  मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक बारिश से मैच में खलल पड़ने की आशंका नहीं है. यानी दर्शकों को पूरे मुकाबले में क्रिकेट का रोमांच देखने को मिल सकता है. अगर पिच और मौसम ने बल्लेबाजों का साथ दिया, तो हैदराबाद में एक और हाई-स्कोरिंग मुकाबले की उम्मीद बढ़ जाएगी।  SRH के मैदान पर अभिषेक से रहेंगी उम्मीदें हैदराबाद आईपीएल फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) का घरेलू मैदान भी है. इस टीम की पहचान आक्रामक बल्लेबाजी और बड़े स्कोर बनाने की क्षमता से बनी है. अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड और हेनरिक क्लासेन जैसे बल्लेबाजों ने टी20 क्रिकेट में तेज गति से रन बनाने की शैली को नई पहचान दी है।  अभिषेक भारतीय टीम के लिए भी बड़े शॉट खेलने की क्षमता रखते हैं. ऐसे में भारतीय बल्लेबाजी क्रम में उनसे तेज शुरुआत की उम्मीद होगी. हालांकि, भारत को सिर्फ एक बल्लेबाज पर निर्भर रहने की बजाय पूरी बल्लेबाजी इकाई से योगदान की जरूरत होगी. बड़े स्कोर वाले मुकाबलों में शुरुआती विकेट गंवाने के बाद वापसी करना आसान नहीं होता।  दूसरी ओर, वेस्टइंडीज के बल्लेबाज भी अपनी आक्रामक शैली के लिए जाने जाते हैं. कैरेबियाई टीम को अगर सीरीज में वापसी करनी है, तो उसके बल्लेबाजों को भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाना होगा. हैदराबाद की परिस्थितियां उसके लिए भी फायदेमंद साबित हो सकती हैं।  … वेस्टइंडीज के सामने 'करो या मरो' सीरीज में 2-1 की बढ़त भारत को मनोवैज्ञानिक फायदा देती है, लेकिन वेस्टइंडीज को हल्के में लेना बड़ी गलती हो सकती है. कैरेबियाई टीम के पास ऐसे बल्लेबाज हैं, जो कुछ ही ओवरों में मैच का रुख बदल सकते हैं. अगर उसके शीर्ष क्रम ने तेज शुरुआत दी, तो भारतीय गेंदबाजों के सामने बड़े स्कोर को रोकने की चुनौती होगी।  भारत की कोशिश होगी कि वह अपनी बल्लेबाजी की ताकत का फायदा उठाकर सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करे. वेस्टइंडीज के लिए जीत सिर्फ एक मैच जीतने तक सीमित नहीं होगी, बल्कि इससे सीरीज में बराबरी की उम्मीद भी जिंदा रहेगी।  अब सबसे बड़ा सवाल यही है- क्या हैदराबाद में भारत अपने 297 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़कर पहली बार 300 का आंकड़ा पार करेगा या वेस्टइंडीज के बल्लेबाज भी रनों की इस जंग में ऐसा पलटवार करेंगे कि मुकाबला आखिरी ओवर तक पहुंच जाए?

लड़े और डटे रहे अफगानिस्तानी खिलाड़ी, आखिरी बल्लेबाजों ने बांग्लादेश की जीत पर फेरा पानी

अबू धाबी अफगान‍िस्तान और बांग्लादेश के बीच अबू धाबी में खेला गया एकमात्र टेस्ट ड्रॉ पर छूट गया है. 9 अक्टूबर को शुरू हुआ मुकाबला मंगलवार (13 अक्टूबर) को ड्रॉ पर खत्म हुआ। खास बात यह रही कि इस मुकाबले में एक समय ऐसा लग रहा था कि बांग्लादेश की टीम आसान से जीत लेगी, लेकिन अफगान‍िस्तान के पुछल्ले बल्लेबाजों  कैस अहमद (49 रन नाबाद, 80 गेंद) और यामीन अहमजई (19 रन, 85 गेंद) ने मैच ड्रॉ करवाने में अहम भूम‍िका न‍िभाई।  दरअसल, एक समय बांग्लादेशी टीम ने एक समय अफगान‍िस्तान के 321 रनों पर 7 व‍िकेट ग‍िरा द‍िए थे. लेकिन इसी स्कोर कैस अहमद और यामीन अहमजई ने खेला कर दिया. हालांकि यामीन खेल के आख‍िरी पलों में आउट हो गए, पर इसके बाद आए ज‍िया उर रमान ने 12 गेंदें खेलकर अहम भूम‍िका न‍िभाई।  इस मुकाबले में बांग्लादेश ने पहली पारी में 346 रन बनाए थे, जवाब में अफगान‍िस्तान टीम की पहली पारी 240 रनों पर स‍िमट गई. इसके बाद बांग्लादेश ने 7 व‍िकेट पर 372 रन बनाकर घोष‍ित कर दी थी. जिसके बाद अफगानी टीम के सामने 479 रनों का व‍िशाल टारगेट म‍िला था. लेकिन अफगान‍िस्तान की टीम ने दूसरी पारी में 142 ओवर खेले और 346/8 का स्कोर बनाकर मैच ड्रॉ करवा द‍िया। अफगानिस्तान की प्लेइंग XI: अब्दुल मलिक, सेदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह (c), हशमतुल्लाह शाहिदी, इकराम अलीखिल (w), ज‍िया-उर-रहमान अकबर, शाहिदुल्लाह कमाल, यामिन अहमदजई, कैस अहमद, मोहम्मद सलीम सफ़ी, इस्मत आलम बांग्लादेश की प्लेइंग XI: शादमान इस्लाम, तंजीद हसन तमीम, मोमिनुल हक, नजमुल हुसैन शान्तो (c), मुश्फ‍िकुर रहीम, लिटन दास (w), मेहदी हसन मिराज, नईम हसन, हसन महमूद, तैजुल इस्लाम, इबादत हुसैन   

दिल्ली कैपिटल्स से जुड़े युवराज सिंह, मिली नई जिम्मेदारी

नई दिल्ली पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। 2011 विश्व कप विजेता युवराज सिंह को आईपीएल 2027 के लिए दिल्ली कैपिटल्स का सहायक और बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया गया है। 44 वर्षीय युवराज सिंह का यह लीग में कोचिंग का पहला अनुभव होगा और वे फ्रेंचाइजी के कोचिंग स्टाफ में अपने पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के साथ जुड़ेंगे। गांगुली मुख्य कोच होंगे।   राजस्थान को 170 रन की बढ़त दिल्ली कैपिटल्स ने अपने X पर अपने आधिकारिक हैंडल से यह जानकारी दी। पोस्ट करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने कैप्शन दिया- “एक चैंपियन। एक नेता। एक टाइगर। पीढ़ियों को प्रेरित करने वाला यह दिग्गज दिल्ली की विरासत को संवारने के लिए तैयार है। घर वापसी पर आपका स्वागत है, युवराज सिंह।” दिल्ली कैपिटल्स ने इस कैप्शन के साथ एक खास वीडियो शेयर किया, जिसमें युवराज सिंह अपने बैक होने और अस्टिस्टेंट और बैटिंग कोच बनने की जानकारी साझा करते हैं। सौरव गांगुली ने इस वीडियों में युवराज सिंह के करियर को बखूबी सिनेमैटिक और इमोशनल तरीके से समझाया है। युवराज ने जाहिर की खुशी, खास उपलब्धि पर क्या कहा? 44 वर्षीय युवराज सिंह ने भारत को 2007 टी20 विश्व कप और 2011 वनडे विश्व कप जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। युवराज का दिल्ली फ्रेंचाइजी के साथ एक पुराना इतिहास भी है, क्योंकि वह 2015 में रिकॉर्ड 16 करोड़ रुपये में दिल्ली डेयरडेविल्स में शामिल हुए थे और उस सीजन के सभी 14 मैचों में खेले थे। औपचारिक रूप से अपना पद शुरू करने के मौके पर युवराज सिंह ने कहा, “दिल्ली कैपिटल्स के साथ अपने जीवन का एक नया अध्याय शुरू करने को लेकर मैं बेहद उत्साहित हूं। इस फ्रेंचाइजी से मेरा पुराना जुड़ाव है और मैं मालिकों को अच्छी तरह जानता हूं, इसलिए यह मेरे लिए एक खास मौका है। मैं दादा के साथ कोच के तौर पर जुड़ने को लेकर भी उत्सुक हूं। कोचिंग मेरा जुनून है और मैं इस बेहद प्रतिभाशाली टीम के साथ शुरुआत करने के लिए बेताब हूं। मुझे पूरा यकीन है कि यह मेरे लिए एक रोमांचक सफर होगा और मैं टीम की सफलता में अपना योगदान देने के लिए तत्पर हूं।

डरबन टेस्ट के बाद WTC में बड़ा उलटफेर, पाकिस्तान सबसे नीचे

डरबन डरबन टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 214 रनों की विशाल जीत दर्ज की। इस जीत के स्थान ऑस्ट्रेलिया ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की रेस के लिए अपना शीर्ष स्थान और मजबूती से बरकरार रखा है। इस बड़ी हार के पिछली सीजन की विजेता रही साउथ अफ्रीका तासरे पायदान पर खिसक गई है। न्यूजीलैंड की टीम इस पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर आ गई है। दिलचस्प बात यह है कि बांग्लादेश ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इस साइकल में खास प्रदर्शन किया है। इस पड़ोसी देश ने पॉइंट्स टेबल पर अपना चौथा स्थान बरकरार रखा है, जबकि भारतीय टीम पांचवें स्थान पर है। हैरानी की बात ये भी है कि इस साइकल में इंग्लैंड ने भारत से भी खराब प्रदर्शन किया है और सातवें स्थान पर है। वेस्टइंडीज की टीम 8वें और पाकिस्तान 9वें स्थान पर मौजूद है।   जैसे-जैसे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की यह साइकल आगे बढ़ती जा रही है टीमें टॉप-2 में पहुंचने के लिए और तेजी से कोशिशें कर रही हैं। हाल के हफ्तों में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में अलग-अलग महाद्वीपों में कई रोमांचक टेस्ट मुकाबले देखने को मिले हैं। बीते महीने ऑस्ट्रेलिया में खेली गई बांग्लादेश के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज काफी रोमांचक रही। बांग्लादेश ने पहले टेस्ट में ऐतिहासिक जीत दर्ज की, वहीं मेजबान टीम ने दूसरे टेस्ट में शानदार वापसी करते हुए सीरीज को बराबर कर दिया। भारत ने गॉल में श्रीलंका के खिलाफ शानदार 165 रनों की जीत दर्ज की, हालांकि, दूसरा टेस्ट मैच ड्रॉ पर समाप्त करना पड़ा। इंग्लैंड ने लीड्स में पाकिस्तान के खिलाफ मिली शानदार जीत के बाद लॉर्ड्स में एक और बड़ी जीत हासिल की और अंततः एडजबेस्टन में एक आसान जीत दर्ज करते हुए सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया। डब्ल्यूटीसी फाइनल की दौड़ जारी है। 2025-27 सीजन में और भी कई रोमांचक मुकाबले खेले जाने की उम्मीद है और रैंकिंग में उठापटक हो सकती है। ऑस्ट्रेलिया टॉप पर, भारत से आगे बांग्लादेश 2025-27 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में अब तक ऑस्ट्रेलिया ने कुल 11 मैच खेले हैं, जिसमें से 9 में जीत हासिल की और और उनका जीत प्रतिशत अंक 81.82 है। न्यूजीलैंड इस टेबल में दूसरे स्थान पर है और फाइनल की रेस में बने रहने वाली सबसे बड़ी दावेदार है। न्यूजीलैंड ने अब तक इस चक्र में कुल 6 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें से चार में जीत दर्ज की है और उनका जीत प्रतिशत अंक 72.22 है। तीसरे स्थान पर साउथ अफ्रीका की टीम खिसक गई है, जो मंगलवार सुबह तक दूसरे स्थान पर थी। साउथ अफ्रीका ने अब तक इस चक्र में कुल पांच मैच खेले हैं, जिनमें से तीन में जीत दर्ज की है और उनका जीत प्रतिशत 60 है। बांग्लादेश ने इस सीजन शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 6 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से तीन में जीत दर्ज की है और उसका जीत प्रतिशत अंक 55.56 है। भारत इस लिस्ट में पांचवें स्थान पर है। भारत ने इस साइकल में अब तक कुल 11 मैच खेले हैं, जिसमें से पांच में जीत हासिल की है। जीत का प्रतिशत अंक 51.52 है, जिसके कारण वह पांचवें स्थान पर है। भारत की ओर से इस सीरीज शुभमन गिल ने 1024 रन बना दिए हैं और वे सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय हैं। मोहम्मद सिराज ने 43 विकेट लिए हैं। भारत के पास अभी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज और न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज बची हुई है और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने के लिए इन दोनों सीरीजों के अधिकांश मैचों को जीतना जरूरी है। अगर भारत को एक से अधिक मुकाबलों में हार मिलती है तो फिर फाइनल में पहुंचने का सपना धराशायी हो जाएगा।  

विराट कोहली ने नए प्लेटफॉर्म पर रखा कदम, पोस्ट ने मचाया धमाल

 नई दिल्ली भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने खेल के मैदान से दूर अब पेशेवर नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म लिंक्डइन पर अपनी नई शुरुआत की है। इस मंच के जरिए उन्होंने भारतीय खेल क्षेत्र के लिए अपने विजन को साझा किया और एगिलाटास स्पोर्ट्स में अपने निवेश का जिक्र किया। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के साथ एक पेशेवर खिलाड़ी के रूप में अपनी पहचान बताने के अलावा, लिंक्डइन प्रोफाइल में खुद को बिजनेसमैन बताया है। कोहली ने प्रोफाइल में खुद को एगिलाटास का निवेशक और वन8वर्ल्ड का सह-संस्थापक बताया है। कोहली के पोस्ट से उत्साहित हुए यूजर्स लिंक्डइन पर कोहली के पहले पोस्ट को फैंस का जबरदस्त प्यार मिला है, जिसे महज कुछ घंटे के भीतर हजारों लाइक्स, सैकड़ों कमेंट्स और रीपोस्ट मिल चुके हैं। इस स्टार बल्लेबाज ने भारतीय खेलों के भविष्य के लिए अपना दृष्टिकोण साझा करते हुए एक ऐसा व्यवसाय स्थापित करने की अपनी महत्वाकांक्षा पर जोर दिया, जो पेशेवर क्रिकेटर के रूप में उनके संन्यास के बाद भी लगातार आगे बढ़ता रहे। खेल प्रतिभाओं को विकसित करने पर की बात कोहली ने भारत में विश्व स्तर की खेल प्रतिभाओं को विकसित करने और वैश्विक पहुंच वाले घरेलू ब्रांड तैयार करने की अपार संभावनाओं पर भी बात की। बिजनेस में आना उनके एक बड़े प्लान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य विनिर्माण, उपभोक्ता ब्रांड और वितरण को शामिल करते हुए एक एकीकृत खेल व्यवसाय का निर्माण करना है। लिंक्डइन पर साझा किए गए अपने पहले पोस्ट में विराट कोहली ने लिखा, मैं हमेशा से एक ऐसा भारत देखना चाहता था जहां हर खेल को फॉलो किया जाए, उसका जश्न मनाया जाए और उसे खेला जाए। आज, वह विजन पहले से कहीं अधिक करीब महसूस होता है। एक नई पीढ़ी यह साबित कर रही है कि भारत विश्व स्तर के एथलीट तैयार कर सकता है और वैश्विक मंच के लिए ब्रांड बना सकता है। उन्होंने लिखा, भारत से एक एंड-टू-एंड स्पोर्ट्स प्लेटफॉर्म बनाने का विजन, जिसमें मैन्युफैक्चरिंग, कंज्यूमर ब्रांड और स्पोर्ट्स डिस्ट्रीब्यूशन शामिल हैं। यह इस विश्वास पर आधारित है कि भारत केवल वैश्विक खेल में भाग नहीं ले सकता, बल्कि उसके भविष्य को आकार देने में मदद कर सकता है। यही वजह है कि मैं एक निवेशक के रूप में जुड़ा हूं। विजन बिल्कुल स्पष्ट है। अब कुछ ऐसा बनाने का समय आ गया है जो हम सभी से आगे भी चलता रहे। हम इसी सफर पर हैं। शानदार फॉर्म में चल रहे हैं कोहली खेल के मैदान पर भी विराट कोहली यह लगातार साबित कर रहे हैं कि वह एक ऐसी ताकत हैं जिनका मुकाबला करना आसान नहीं है। उन्होंने अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप में अपनी जगह पक्की करने के लिए अपना दावा मजबूत करना जारी रखा है। कोहली हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलते नजर आए थे।  

इंग्लैंड टीम में 2 नए खिलाड़ियों को मौका, ऑस्ट्रेलिया दौरे पर इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें

नई दिल्ली इंग्लैंड ने नवंबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज और पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है. हैरी ब्रूक दोनों फॉर्मेट में टीम की कप्तानी करेंगे. वनडे टीम में जोफ्रा आर्चर और जैकब बेथेल की वापसी हुई है, जबकि एडी जैक और थॉमस रेव को पहली बार सीनियर टीम में शामिल किया गया है. बेथेल जुलाई में भारत के खिलाफ वनडे सीरीज जीत के दौरान घुटने में चोटिल हो गए थे. अब फिट होने के बाद उनकी वापसी हुई है. आर्चर को पाकिस्तान में होने वाली ट्राई सीरीज के लिए आराम दिया गया था. अब वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलेंगे.   T20 टीम में दो नए चेहरे, साल्ट की भी वापसी 18 साल के थॉमस रेव टीम के सबसे युवा खिलाड़ी हैं. उन्होंने फरवरी में यंग लायंस की कप्तानी करते हुए ICC अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल तक का सफर तय किया था. एडी जैक और रेव दोनों ने पिछले साल इंग्लैंड लायंस के साथ ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया था. अब उन्हें पहली बार इंग्लैंड की सीनियर टीम में बुलाया गया है. टी20 टीम में चार ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें अभी इंग्लैंड के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करना है. फिल साल्ट भी क्वाड इंजरी से उबरकर लौटे हैं. इसी चोट के कारण वह पिछले महीने श्रीलंका के खिलाफ इंग्लैंड की 3-0 से जीती टी20 सीरीज में नहीं खेल पाए थे. अन्यूरिन डोनाल्ड को श्रीलंका के खिलाफ डेब्यू के बाद टीम में बरकरार रखा गया है, जबकि ल्यूक वुड की भी वापसी हुई है. बटलर और महमूद टीम से बाहर जोस बटलर हैमस्ट्रिंग सर्जरी के बाद रिहैबिलिटेशन शुरू करेंगे, इसलिए वह टीम से बाहर रहेंगे. साकिब महमूद घुटने की चोट के कारण चयन के लिए उपलब्ध नहीं हैं. वनडे सीरीज के बाद तेज गेंदबाज आर्चर, गस एटकिंसन, सोन्नी बेकर और जोश टंग ऑस्ट्रेलिया से रवाना हो जाएंगे. इंग्लैंड इन गेंदबाजों को साउथ अफ्रीका के टेस्ट दौरे से पहले वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आराम देना चाहता है. वर्ल्ड कप की तैयारी पर इंग्लैंड का फोकस इंग्लैंड के नेशनल सेलेक्टर मार्कस नॉर्थ ने कहा कि बेथेल और आर्चर की वापसी से वनडे टीम लगभग पूरी ताकत के साथ मैदान पर उतरेगी. टीम एक साल बाद होने वाले वर्ल्ड कप की तैयारियों को तेज कर रही है. नॉर्थ ने कहा कि हैरी ब्रूक की कप्तानी में इंग्लैंड की टी20 टीम शानदार फॉर्म में रही है. ऑस्ट्रेलिया की परिस्थितियों में मजबूत टीम के खिलाफ खुद को परखने का यह अच्छा मौका होगा. उन्होंने नए खिलाड़ियों को मौका देने पर भी उत्साह जताया. इंग्लैंड की टीम इस दौरे पर वनडे और टी20, दोनों फॉर्मेट में अपनी तैयारियों को मजबूत करने उतरेगी. इंग्लैंड वनडे टीम: हैरी ब्रूक (कप्तान), जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, सोन्नी बेकर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जॉर्डन कॉक्स, हेनरी क्रोकोम्ब, सैम करन, लियाम डॉसन, बेन डकेट, विल जैक्स, जेमी ओवर्टन, आदिल राशिद, जो रूट, जोश टंग इंग्लैंड टी20 टीम: हैरी ब्रूक (कप्तान), टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जेम्स कोल्स, जॉर्डन कॉक्स, हेनरी क्रोकोम्ब, सैम करन, लियाम डॉसन, अन्यूरिन डोनाल्ड, एडी जैक, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, आदिल राशिद, थॉमस रेव, फिल साल्ट, ल्यूक वुड

डेनमार्क ओपन सुपर 750: पहले दौर में सिंधू और लक्ष्य सेन की कड़ी परीक्षा, इन खिलाड़ियों से होगा मुकाबला

डेनमार्क दो बार की ओलिंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू और पुरुष वर्ग में भारत के शीर्ष खिलाड़ी लक्ष्य सेन को मंगलवार से शुरू हो रहे डेनमार्क ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पहले दौर में ही कड़ी चुनौती का सामना करना होगा। सिंधू का सामना पहले दौर में विश्व की नंबर एक खिलाड़ी और मौजूदा चैंपियन एन से यंग से होगा। लक्ष्य को भी पुरुष वर्ग के पहले दौर में तीसरी वरीयता प्राप्त चोउ टिएन चेन की चुनौती से पार पाना होगा। पूर्व विश्व चैंपियन सिंधू का पिछले कुछ समय में प्रदर्शन उतार चढ़ाव वाला रहा है। इस 31 वर्षीय खिलाड़ी को इस बात की चिंता होगी कि उन्हें एन से यंग खिलाफ अपने पिछले सभी 10 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। लक्ष्य के अलावा ये खिलाड़ी भी होंगे हिस्सा लक्ष्य का भी पिछले दो वर्षों में प्रदर्शन काफी उतार-चढ़ाव वाला रहा है। वह हाल में पीठ की चोट से भी परेशान रहे हैं। उन्हें अगर चोउ के विरुद्ध जीत हासिल करनी है तो अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। पुरुष वर्ग में भाग लेने वाले एक अन्य भारतीय खिलाड़ी आयुष शेट्टी अपने शानदार प्रदर्शन को बरकरार रखने की कोशिश करेंगे। पहले दौर में उनका सामना इंडोनेशिया के अलवी फरहान से होगा, जिन्होंने विश्व चैंपियनशिप के प्री-क्वार्टर फाइनल में उन्हें हराया था। किदांबी श्रीकांत फ्रांस के अर्नाउड मर्कल के विरुद्ध अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। भारत की तरफ से महिला सिंगल्स में तन्वी शर्मा, अश्मिताा चालिहा, देविका सिहाग और उन्नति हुड्डा भी चुनौती पेश करेंगी।

रोनाल्डो का कोच पर बड़ा आरोप, भरोसा तोड़ने और माफी न मांगने से बढ़ा विवाद

नई दिल्ली  पुर्तगाल और विश्व फुटबॉल के सबसे बड़े सितारे क्रिस्टियानो रोनाल्डो एक बार फिर चर्चा में हैं। इंटरनेट मीडिया पर काफी चर्चा बटोरने के बाद डिलीट हुए सीएनएन पुर्तगाल के एक इंटरव्यू की कुछ लाइनों पर लोग दिल खोलकर चर्चा कर रहे हैं। हालांकि सोमवार सुबह शुरू हुई इस चर्चा का प्रभाव ये रहा कि शाम होते-होते सीएनएन पुर्तगाल ने रोनाल्डो का वो इंटरव्यू डिलीट कर दिया। रोनाल्डो ने इस इंटरव्यू में कहा था, "लोग मेरी मौजूदा फॉर्म और मेरे गोलों की अहमियत नहीं समझ रहे हैं। 1000 करियर गोलों के रिकॉर्ड का पीछा कर रहे रोनाल्डो से इस बारे में भी सवाल हुआ था। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह 1,000 गोल के आंकड़े तक पहुंचना चाहते हैं, तो रोनाल्डो ने जवाब दिया, "चीजें अपने-आप होनी चाहिए।" 'मुझसे बेहतर कोई नहीं' यही नहीं, रोनाल्डो ने इस इंटरव्यू में ये भी कह दिया कि फुटबॉल की दुनिया में उनसे बेहतर खिलाड़ी कोई नहीं है। रोनाल्डो ने एक लाइन में कहा, "इतिहास में सबसे बेहतरीन खिलाड़ी मैं ही हूं, बस बात खत्म। आंकड़े खुद सब कुछ बयां करते हैं। अगर मैं वहां (1,000 गोल तक) पहुंचता हूं, तो यह बहुत बढ़िया बात होगी, एक लक्ष्य होगा, लेकिन मैं लंबे समय की योजना नहीं बनाता।" असल में रोनाल्डो ये बातें फरवरी 2025 में ही ला सेक्सटा नाम के स्पेनिश टीवी चैनल पर कह चुके थे और सीएनएन पुर्तगाल ने वही पुराना इंटरव्यू बिना किसी स्पष्टीकरण के दोबारा से साझा कर दिया था। हाल के दिनों में यह कम से कम चौथी बार था जब रोनाल्डो से जुड़ी बातों ने इंटरनेट मीडिया पर हंगामा खड़ा किया हो। शुक्रवार दो अक्टूबर को हुए पुर्तगाल-डेनमार्क मैच से ठीक पहले वह राष्ट्रीय टीम का कैंप छोड़कर चले गए थे। बताया गया कि नॉर्वे के विरुद्ध मैच में उन्हें मैदान पर उतरने का मौका नहीं मिला और इससे गुस्साए रोनाल्डो ने टीम से अलग होने का फैसला कर लिया। जारी किया संदेश इंटरनेट मीडिया पर एक संदेश जारी कर उन्होंने प्रशंसकों से वादा किया था कि जल्दी ही वह इसका पूरा सच बताएंगे। रोनाल्डो के हिस्से का सच बुधवार सात अक्टूबर को हुए अर्जेंटीना बनाम बेनिन मैच से ठीक पहले आया जब उन्होंने खुद एक लंबा लेख लिखकर दावा किया कि पुर्तगाल फुटबॉल टीम के मुख्य कोच जॉर्ज जेसुस ने उनका भरोसा तोड़ा। रोनाल्डो द्वारा एक लिस्ट भी साझा की गई जिसमें उन्होंने बताया था कि कैसे नॉर्वे के विरुद्ध मैच के बाद कोच, पुर्तगाल फुटबॉल फेडरेशन और उनके बीच एक लिखित समझौता हुआ था कि जेसुस मीडिया के सामने रोनाल्डो से माफी मांगेंगे, क्योंकि मामले को खत्म करने का यही एकमात्र तरीका है। कोच ने नहीं मांगी माफी हालांकि कोच ने प्रेस वार्ता में जाकर इनमें से एक भी बात नहीं बोली और बकौल रोनाल्डो यह दूसरी बार था जब कोच जेसुस ने उन्हें धोखा दिया। रोनाल्डो के कैंप छोड़ने के बाद पुर्तगाल ने नेशंस लीग का अपना हर मैच जीता और हाल ही में पुर्तगाल फुटबॉल संघ ने बताया था कि रोनाल्डो द्वारा कैंप छोड़ने के मामले में उन पर कार्यवाही की शुरुआत हो चुकी है और इस मामले में वह अभी निलंबित रहेंगे। रोनाल्डो ने अपने बयान में इस समझौते के सारे बिंदु भी साझा किए। इनके मुताबिक जेसुस को मीडिया से यह बातें करनी थीं- 1. मैंने खुद क्रिस्टियानो को नेशनल टीम के साथ इस सीजन के लिए एक प्लान का प्रस्ताव दिया था। यह एक लंबी और बहुत अच्छी बातचीत थी। 2. मैं जानता हूं कि वह नेशनल टीम को कितना चाहते हैं और उससे कितना जुड़ाव महसूस करते हैं, और दुनिया में उनकी क्या अहमियत है, और उससे भी ज्यादा, पिछले 24 सालों से नेशनल टीम पर उनका कितना सकारात्मक प्रभाव रहा है। 3. क्रिस्टियानो ने मेरे बताए प्लान को मंजूरी दे दी। 4. उन्होंने मेरे फैसलों पर कभी सवाल नहीं उठाया। उनका व्यवहार मिसाल कायम करने वाला, वफादार और पेशेवर था। 5. नॉर्वे वाला मैच उस प्लान का हिस्सा नहीं था जो मैंने उनके लिए बनाया था। हालांकि, मुझे लगा कि वह पहले मैच के बाद शारीरिक रूप से ठीक हो गए हैं, इसलिए मैंने उन्हें बता दिया कि मुझे शायद उन्हें खिलाना पड़ सकता है। क्रिस्टियानो सहमत हो गए। 6. पेले या माराडोना जैसे बड़े खिलाड़ी को वॉर्म-अप के लिए बुलाना और फिर मैच में न खिलाना- यह मेरी गलती थी। अगर आज ऐसा करना हो, तो मैं ऐसा नहीं करूंगा। 7. बात खत्म करते हुए: मैं क्रिस्टियानो को नेशनल टीम में चाहता हूं। असल में, मैं उन्हें थोड़ा-बहुत नहीं, बल्कि बहुत ज्यादा चाहता हूं। अच्छी बात यह है कि वह भी मुझ पर भरोसा करते हैं। उन्होंने अल-नस्र में भी मुझ पर भरोसा किया था और यहां भी करते हैं। 8. प्रशंसकों का अभिवादन न करने के बारे में। "हम इस बारे में पहले ही बात कर चुके हैं। जिस खिलाड़ी ने राष्ट्रीय टीम के लिए 230 से ज्यादा मैच खेले हों, उसे पुर्तगाल के लिए प्यार के बारे में मुझसे सीखने की जरूरत नहीं है। वह निराशा का एक पल था, जिससे कुछ भी बदल नहीं जाता। वह ऐसा खिलाड़ी है जो सबसे ज्यादा ऑटोग्राफ देता है, सबसे ज्यादा सेल्फी लेता है और प्रशंसकों के प्रति सबसे ज्यादा प्यार दिखाता है। जहां कोई समस्या नहीं है, वहां समस्याएं न बनाएं। जब हम खुश नहीं होते तो प्रतिक्रिया देते हैं।  

ICC अवॉर्ड्स में भारत का जलवा, शुभमन गिल और शेफाली वर्मा ने जीता प्लेयर ऑफ द मंथ खिताब

नई  दिल्ली गिल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के शुरुआती दो मुकाबलों में 333 रन बनाए थे. इसमें एक शतक और नाबाद दोहरा शतक शामिल था. दूसरी ओर, शेफाली ने सितंबर में सात टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में 360 रन बनाने के साथ छह विकेट भी झटके. दोनों खिलाड़ियों के लिए यह सम्मान उनके शानदार प्रदर्शन पर ICC की मुहर है. गिल ने 223 रनों की पारी से रचा इतिहास शुभमन गिल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 27 सितंबर को तिरुवनंतपुरम में खेले गए पहले वनडे में 108 गेंदों पर 110 रन बनाए. भारत ने 296 रनों का लक्ष्य दो विकेट खोकर हासिल कर लिया. इसके तीन दिन बाद गुवाहाटी में गिल ने वनडे क्रिकेट की यादगार पारियों में से एक खेली. वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 405/7 रन बनाए थे. जवाब में भारतीय कप्तान ने महज 133 गेंदों पर नाबाद 223 रन ठोक दिए. उनकी पारी में 26 चौके और आठ छक्के शामिल थे. रोहित शर्मा ने भी 75 गेंदों पर 101 रन बनाए. दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 255 रनों की साझेदारी हुई, जो भारत की धरती पर वनडे में उसकी सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी है. भारत ने 43.3 ओवरों में दो विकेट पर 406 रन बनाकर मुकाबला आठ विकेट से जीत लिया. गिल ने 62 गेंदों में शतक और 117 गेंदों में दोहरा शतक पूरा किया. उनका दोहरा शतक वनडे इतिहास का सबसे तेज दोहरा शतक और सफल रन चेज में किसी बल्लेबाज का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बना. यह गिल का पांचवां ICC मेन्स प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड है. इससे पहले वह जनवरी 2023, सितंबर 2023, फरवरी 2025 और जुलाई 2025 में यह सम्मान जीत चुके हैं. इस तरह उन्होंने पुरुष क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार यह अवॉर्ड जीतने का अपना रिकॉर्ड और मजबूत किया. शेफाली का बल्ले और गेंद से कमाल महिला क्रिकेट में शेफाली वर्मा ने सितंबर में अपने ऑलराउंड प्रदर्शन से प्रभावित किया. उन्होंने सात टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में 72 की औसत और 184.61 के स्ट्राइक रेट से 360 रन बनाए. ऑफ स्पिन गेंदबाजी करते हुए उन्होंने छह विकेट भी हासिल किए. उनका गेंदबाजी औसत 13 और इकॉनमी रेट 4.33 रहा. यह दूसरी बार है, जब शेफाली को ICC विमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया है. इससे पहले नवंबर 2025 में भारत को घरेलू मैदान पर महिला क्रिकेट विश्व कप जिताने में अहम भूमिका निभाने के बाद उन्हें यह सम्मान मिला था. एशिया कप में सबसे ज्यादा रन, एशियन गेम्स में शतक शेफाली UAE में खेले गए महिला एशिया कप में भारत की सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रहीं. उन्होंने पांच पारियों में 236 रन बनाए. बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल में 64 और श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में 68 रनों की पारियां खेलीं. भारत ने इस जीत के साथ रिकॉर्ड आठवीं बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया. इसके बाद जापान के नागोया में हुए एशियन गेम्स में भी शेफाली का बल्ला खूब चला. उन्होंने तीन पारियों में 188 रन बनाए. जापान के खिलाफ नाबाद 40 रन बनाने के बाद उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल में महज 49 गेंदों पर 100 रनों की नाबाद पारी खेली. यह उनका पहला टी20 इंटरनेशनल शतक था. उनके प्रदर्शन से भारत ने फाइनल में जगह बनाई और बाद में श्रीलंका को हराकर स्वर्ण पदक जीता. स्वर्ण पदक के मुकाबले में शेफाली ने बल्ले से 48 रन बनाए. गेंद से भी उन्होंने दो विकेट लेकर भारत की 147 रनों की बड़ी जीत में अहम योगदान दिया. एशिया कप में उन्होंने दो और एशियन गेम्स में चार विकेट हासिल किए. इस शानदार प्रदर्शन के बाद वह ICC महिला टी20 इंटरनेशनल बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष चार में पहुंच गईं. अवॉर्ड जीतने पर क्या बोले दोनों खिलाड़ी? शुभमन गिल ने पांचवीं बार यह सम्मान मिलने पर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि घरेलू दर्शकों के सामने रन बनाना और सफल रन चेज में टीम का हिस्सा होना बेहद संतोषजनक रहा. उन्होंने यह भी कहा कि वनडे क्रिकेट की रफ्तार तेजी से बढ़ी है और खिलाड़ियों को परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालना जरूरी है. वहीं, शेफाली वर्मा ने दूसरी बार ICC प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड जीतने को शानदार सम्मान बताया. उन्होंने कहा कि एशिया कप और एशियन गेम्स की जीत में योगदान देना उनके लिए बेहद संतोषजनक रहा और इस अवॉर्ड ने उन उपलब्धियों को और खास बना दिया. शेफाली ने आगे जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत की आगामी व्हाइट-बॉल सीरीज और अगले साल फरवरी में होने वाली ICC महिला चैंपियंस ट्रॉफी को लेकर उत्साह जताया. उन्होंने कहा कि विश्व कप जीतने की यादें अब भी ताजा हैं और घरेलू मैदान पर एक और ICC टूर्नामेंट में खेलने का इंतजार है.