samacharsecretary.com

भूपेश बघेल को SC से झटका, ED मामले में कानून का पालन अनिवार्य

रायपुर  सुप्रीम कोर्ट ने प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग ऐक्ट (पीएमएलए) की धारा 44 के तहत जांच करने के प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारों को चुनौती देने वाली छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की याचिका पर विचार करने से सोमवार को इनकार कर दिया। देश की सबसे बड़ी अदालत ने उन्हें हाई कोर्ट जाने की नसीहत दी। जस्टिस सूर्य कांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की पीठ ने बघेल की याचिका पर सुनवाई से इनकार करते हुए कहा कि इस प्रावधान में कुछ भी गलत नहीं है। पीठ ने साथ ही कहा कि अगर इसका (धारा 44) दुरुपयोग हो रहा है तो पीड़ित पक्ष हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटा सकते हैं। पीठ की ओर से न्यायमूर्ति बागची ने कहा, 'दुर्भावना कानून में नहीं, बल्कि उसे दुरुपयोग में है।' कांग्रेस नेता ने पीएमएलए की धारा 44 के तहत ईडी को मूल शिकायत के बाद दर्ज की गई अन्य शिकायतों के आधार पर धन शोधन से संबंधित मामले में आगे की जांच के अधिकार को चुनौती दी थी। गौरतलब है कि ईडी छत्तीसगढ़ में बघेल के मुख्यमंत्री कार्यकाल में कथित तौर पर 2,000 करोड़ रुपए की शराब बिक्री से संबंधित धन शोधन के आरोपों की जाच कर रही है। केंद्रीय जांच एजेंसी का दावा है कि संबंधित मामले में अवैध रूप से कमीशन की वसूली की गई, जिससे सरकारी खजाने को काफी नुकसान हुआ।

बस्तर दशहरा की तैयारी तेज, भूमिगत बिजली लाइन से रथ परिक्रमा मार्ग होगा जगमग

जगदलपुर बस्तर के विश्व प्रसिद्ध दशहरा पर्व में अब रथ परिक्रमा मार्ग अंधेरे में नहीं, बल्कि रोशनी से जगमगाएगा. 07 करोड़ 16 लाख रुपये की लागत से भूमिगत विद्युत लाइन बिछाने के बहुप्रतीक्षित कार्य का आज टाऊन हॉल स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी सभागार में भूमिपूजन किया गया. इस कार्य के तहत सिरहासार चौक से लालबाग आमागुड़ा चौक तक भूमिगत केबल डाली जाएगी, जिससे दशहरा के दौरान रथ परिक्रमा मार्ग पर बिजली कटने की समस्या हमेशा के लिए खत्म होगी. रथ परिक्रमा के ऐतिहासिक मार्ग दंतेश्वरी मंदिर, सिरहासार चौक, गोलबाजार, टेकरी हनुमान मंदिर, बाहर-भीतर रैनी, स्टेट बैंक चौक, सिटी कोतवाली, लालबाग और कुम्हड़ाकोट अब निरंतर बिजली सप्लाई के साथ रथ के भव्य संचालन के साक्षी बनेंगे. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने बताया कि यह बस्तरवासियों की वर्षों पुरानी मांग थी, जिसे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वीकार कर स्वीकृति प्रदान की. उन्होंने विभाग को समय सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि इस वर्ष के दशहरा पर्व में ही लोग बिना रुकावट रोशनी का आनंद ले सकें. महापौर संजय पांडे ने इसे जगदलपुर के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम बताया और कहा कि इस परियोजना से न केवल दशहरा की गरिमा बढ़ेगी, बल्कि शहर की आधारभूत सुविधाओं में भी स्थायी सुधार होगा. भूमिपूजन कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, निगम अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति ने इस पल को और खास बना दिया. बस्तर दशहरा की सांस्कृतिक भव्यता में यह परियोजना अब नई रोशनी और नई ऊर्जा का संचार करेगी.

छत्तीसगढ़ में फीका रहा विश्व आदिवासी दिवस, पूर्व मंत्री बोले – राजनीति में दब गया उत्सव

 सरगुजा विश्व आदिवासी दिवस को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासत तेज हो गई है. पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने भाजपा सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है. उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस लेकर कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने स्वयं को विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजन से किनारा किया. छत्तीसगढ़ में आदवासी मुख्यमंत्री रहते हुए यहां कोई बड़ा आयोजन नहीं किया गया. अमरजीत भगत ने कहा कि छत्तीसगढ़ एक आदिवासी बाहुल्य राज्य है और इस राज्य का मुखिया या कहें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय स्वयं आदिवासी समाज से आते हैं. ऐसे में सरकार के मंत्री और जिला प्रशासन द्वारा इस आयोजन से किनारा करते दूरी बनाए रखने से आदिवासी समाज में काफी नाराजगी है, जिसका असर आने वाले दिनों में देखने को मिलेगा. उन्होंने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस राजनीति की भेंट चढ़ गया, जिसके कारण ना किसी का सम्मान हुआ ना ही प्रदेश में कोई बड़ा आयोजन हुआ. ऐसे में अब कई सवाल खड़े हो रहे हैं. आखिर ऐसा क्यों हुआ. इन तमाम बातों को लेकर अमरजीत भगत ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर ना तो मुख्यमंत्री कोई कार्यक्रम में गए ना उनका मंत्रीमंडल का कोई मंत्री गया. छत्तीसगढ़ आदिवासियों की उपेक्षा हुई है.

खुले आसमान के नीचे कक्षा: छात्रों की सुरक्षा और शिक्षा पर सवाल

रायपुर अभनपुर विकासखंड के हसदा 2 गांव के शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय इस समय बदहाली की तस्वीर पेश कर रहा है। यहां कक्षा 6वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राएं खुले आसमान के नीचे, कैंटीन या लैब में बैठकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं। स्कूल भवन की छत और खंभे जर्जर होकर गिर चुके हैं, जिससे बच्चों की जान को खतरा बना रहता है। स्कूल के छात्रो ने बताया कि बारिश के दिनों में क्लास रोककर छुट्टी दे दी जाती है, क्योंकि खुले में बैठना और जर्जर छत के नीचे पढ़ना खतरनाक है। खंडहर बना स्कूल भवन 1981 में बना यह भवन आज खंडहर में बदल चुका है, 2012-13 में जनसहयोग से लैब और चार कमरे बने, लेकिन वे भी पर्याप्त नहीं हैं, 90% अंक लाने वाले छात्र कहते हैं कि खुले में पढ़ाई से ध्यान भटकता है। कभी सड़क से गुजरते वाहन, कभी कुत्ते-बंदर, तो कभी बारिश का पानी कई छात्रों के परिणाम 20-30% तक गिर गए हैं, स्कूल के एक छात्र ने कहा, 'हमारे पास किताबें हैं, टीचर हैं, लेकिन भवन नहीं है,डर हमेशा बना रहता है कि कहीं छत गिरकर जान न लेले।' खुले में, कैंटीन या लैब में लगती है क्लास प्रिंसिपल रामकृष्ण निषाद ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा के लिए उन्हें खुले में, कैंटीन या लैब में क्लास लेनी पड़ती है। 'हमने कई बार नए भवन के लिए प्रस्ताव दिया है, सांसद-विधायक तक गुहार लगाई है, लेकिन अभी तक मंजूरी नहीं मिली'। गांव के सरपंच ने बताया कि 1981 से अब तक, यानि 44 साल में, कई बार शासन को नए भवन की मांग भेजी गई,15 साल से लगातार पत्राचार और आश्वासन का सिलसिला चल रहा है, जनवरी में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने एक साल में नया भवन देने की घोषणा की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। 'दिया तले अंधेरा' की मिसाल बना स्कूल सरकार स्मार्ट क्लास, नई शिक्षा नीति और विकास के दावे करती है, लेकिन हसदा का स्कूल 'दिया तले अंधेरा' की मिसाल है, यहां न बिजली की सही व्यवस्था है, न सुरक्षित क्लासरूम, बच्चे और शिक्षक दोनों खतरे में हैं, और शिक्षा का माहौल बदतर हो चुका है, गांववाले और अभिभावक सरकार से अपील कर रहे हैं कि जल्द से जल्द नया भवन बनाया जाए, ताकि बच्चों की जान सुरक्षित रहे और पढ़ाई प्रभावित न हो।  

रायपुर में अपराध का कहर: पिज्जा बॉय की जान ली, अज्ञात शव मिलने से हड़कंप

रायपुर राजधानी में सोमवार को दो अलग-अलग घटनाएं हुई हैं। आपराधिक घटनाओं ने शहर को दहला दिया। डीडी नगर इलाके में पिज्जा डिलीवरी करने गए युवक की चाकूबाजी में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, गाड़ी टकराने के विवाद में आरोपी पप्पू यादव ने डिलीवरी बाय हेमंत कोठरी (निवासी रायपुर) पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल हेमंत को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। डीडी नगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आमानाका में झाड़ियों से मिला अज्ञात शव आमानाका थाना क्षेत्र के रिंग रोड नंबर-02 तेंदुआ गांव के पास झाड़ियों में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की उम्र करीब 40 से 45 साल है। शव पर कोई चोट के निशान नहीं मिले हैं। मृतक ने चड्डी और टी-शर्ट पहन रखी थी और कद-काठी से ट्रक ड्राइवर प्रतीत हो रहा है। पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या कर शव यहां फेंका गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।

दिनदहाड़े कारोबारी से 15 लाख की लूट, हथियारबंद बदमाशों ने कार रोककर दिया वारदात को अंजाम

रायपुर  राजधानी में सोमवार दोपहर एक बड़ी लूट की वारदात हुई। पंडरी थाना क्षेत्र के कांपा रेलवे फाटक के पास बोरवेल कारोबारी चिराग जैन से तीन बाइक सवार बदमाशों ने 15 लाख रुपए लूट लिए। वारदात इतनी सटीक योजना के तहत हुई कि कारोबारी को भनक तक नहीं लगी। जानकारी के अनुसार, आरोपी कारोबारी का करीब एक किलोमीटर तक पीछा कर रहे थे। जैसे ही वह सुनसान जगह पहुंचे, बदमाशों ने उनकी कार को रुकवाया और जबरन अंदर घुस गए। तीनों ने चेहरा ढका हुआ था और गले में हथियार लगाकर धमकी दी, 'चुपचाप बैठे रहो, वरना मार देंगे'। इसके बाद उनके पास रखे 15 लाख रुपए लेकर फरार हो गए। बिना नंबर प्लेट वाली बाइक से आए लुटेरे जानकारी के अनुसार, लुटेरे बिना नंबर की बाइक पर आए थे, जिस पर अंग्रेजी में “BOSS” लिखा हुआ था। घटना के बाद कारोबारी ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पंडरी थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। जांच में जुटी पुलिस पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। इसके साथ ही ये आशंका जताई जा रही है कि आरोपी वारदात के बाद शहर से बाहर निकल गए होंगे।

स्कूली बच्चों ने दिया हर घर तिरंगा का संदेश, साइकिल रैली का भव्य आयोजन

बिलासपुर आजादी के 79 वें वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य  से भव्य तिरंगा साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रिवर व्यू से शुरू हुई रैली का शुभारंभ बिल्हा विधायक श्री धर्मलाल कौशिक ने हरी झंडी दिखा कर किया। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल,पुलिस अधीक्षक श्री रजनीश सिंह और  अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने रैली की अगुआई की। रैली में स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्ण भागीदारी करते हुए हर घर तिरंगा का संदेश दिया।      तिरंगा सायकिल रैली लाला बहादुर शास्त्री स्कूल मार्ग, सिटी कोतवाली चौक, गोल बाजार मार्ग, देवकीनंदन चौक और नेहरू चौक से होते हुए न्यू सर्किट हाउस तक पहुंची, स्कूली छात्रों ने तिरंगा लहराकर जोश और उत्साह से देशभक्ति के गीत गाए और "वंदे मातरम्", "भारत माता की जय" के नारे लगाए। छात्रों ने सभी नागरिकों से हर घर तिरंगा अभियान में भागीदारी की अपील की। बिल्हा विधायक श्री धर्मलाल कौशिक, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, निगम कमिश्नर श्री अमित कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री रजनीश सिंह,जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल ने रैली की अगुआई की।      बिल्हा विधायक श्री धर्मलाल कौशिक  ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देश की एकता और अखंडता का प्रतीक है और  ऐसी रैलियां राष्ट्रीय भावना को सशक्त करती हैं और लोगों को जागरूक करती है। उन्होंने बच्चों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि नई पीढ़ी को देशभक्ति और संविधान के प्रति सम्मान की भावना जगाना हम सब का दायित्व है। रैली में शामिल स्कूली छात्रों ने हर घर तिरंगा अभियान में भागीदारी करने पर खुशीजताई। सायकल रैली का समापन न्यू सर्किट हाउस में हुआ। इस अवसर पर स्कूली बच्चों, युवा, स्वयंसेवकों, सामाजिक संगठनो के पअधिकारी,कर्मचारियों  व आम नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। रेहाना/

घरवालों का गुस्सा फूटा: आधी रात BJP नेता और प्रेमिका की पिटाई से मचा हड़कंप

अंबेडकरनगर यूपी के अंबेडकरनगर में रविवार की देर रात प्रेमिका से मिलने पहुंचे भाजपा नेता आनंद कन्नौजिया (24) की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। प्रेमिका के परिजनों पर हत्या का आरोप है। बताया गया कि छह साल से दोनों का प्रेम-प्रसंग चल रहा था। यह बात प्रेमिका के घरवालों को गंवारा न थी। आनंद, शाहपुर चहोड़ा गांव का रहने वाला था। घटना आलापुर के मगनपुर महिमापुर गांव की है। बताया गया कि रात को प्रेमिका के घरवालों ने आनंद को रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद लाठी-डंडे बरसाने शुरू कर दिए। इतना पीटा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रात भर लाश घर के अंदर ही पड़ी रही। सुबह ग्रामीणों ने घर के अंदर लहूलुहान शव देखा तो चर्चा फैल गई। हिरासत में लेकर पुलिस कर रही पूछताछ देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। सूचना पर सीओ प्रदीप सिंह चंदेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली। थानाध्यक्ष अजय यादव ने बताया कि मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान हैं। इससे यह साफ है कि बेरहमी से पिटाई की गई है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।  

जिला कोर्ट के स्टेनो की करतूत: CCTV में कैद मिर्च पाउडर हमला और लूट का प्रयास

 बेमेतरा शहर के मध्य स्थित रतन टॉकीज के पास लीना स्टूडियो सीएससी लोक सेवा केंद्र में एक नाबालिग युवक पर लूट का प्रयास हुआ। बदमाश ने युवक की आंखों में मिर्ची पाउडर डाला, लेकिन लूट सफल नहीं हो पाई। गुस्साए आरोपी ने लोहे की भारी हथौड़ी से युवक के सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पूरा मामला सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी बेमेतरा जिला न्यायालय में स्टेनो के पद पर कार्यरत है। इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर एक न्यायालय में काम करने वाला कर्मचारी इस तरह का अपराध क्यों अंजाम दे रहा है और उसका मकसद क्या था। न्यायालय में कार्यरत किसी कर्मचारी द्वारा इस प्रकार की हरकत करना न केवल हैरानी की बात है, बल्कि यह न्याय व्यवस्था की छवि के लिए भी चिंता का विषय है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई करेगी।

छत्तीसगढ़ की पहली महिला सांसद मिनीमाता की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री का नमन

रायपुर  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ की प्रथम महिला सांसद और महान समाजसेविका स्वर्गीय मिनीमाता जी की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका जीवन निस्वार्थ सेवा, अटूट साहस और सामाजिक परिवर्तन का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मिनीमाता जी ने वंचित वर्गों, महिलाओं, दलितों और गरीबों के अधिकारों की रक्षा को अपने जीवन का उद्देश्य बनाया और समाज में सम्मान, समानता एवं न्याय की नींव मजबूत की। मुख्यमंत्री साय ने स्मरण किया कि संसद में अपने कार्यकाल के दौरान मिनीमाता जी ने बाल विवाह, दहेज प्रथा और छुआछूत जैसी सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध सशक्त और निर्भीक स्वर उठाया। उन्होंने मजदूरों के अधिकारों की रक्षा, महिला शिक्षा के प्रसार और सामाजिक समानता की स्थापना के लिए जो योगदान दिया, वह इतिहास के स्वर्णिम अध्यायों में दर्ज है। उनकी सादगी, संवेदनशीलता और सेवाभाव ने उन्हें जनमानस में अमिट स्थान दिलाया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मिनीमाता जी की विचारधारा केवल अतीत की धरोहर नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के वर्तमान और भविष्य के लिए प्रकाशस्तंभ की तरह है। उन्होंने आह्वान किया कि हम सभी उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर, भाईचारे, समानता और न्याय पर आधारित एक सशक्त, समावेशी और प्रगतिशील छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएँ।मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ की पहली महिला सांसद मिनीमाता  की पुण्यतिथि पर उनके अविस्मरणीय योगदान को किया नमन रायपुर, 11 अगस्त 2025/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ की प्रथम महिला सांसद और महान समाजसेविका स्वर्गीय मिनीमाता जी की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका जीवन निस्वार्थ सेवा, अटूट साहस और सामाजिक परिवर्तन का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मिनीमाता जी ने वंचित वर्गों, महिलाओं, दलितों और गरीबों के अधिकारों की रक्षा को अपने जीवन का उद्देश्य बनाया और समाज में सम्मान, समानता एवं न्याय की नींव मजबूत की। मुख्यमंत्री साय ने स्मरण किया कि संसद में अपने कार्यकाल के दौरान मिनीमाता जी ने बाल विवाह, दहेज प्रथा और छुआछूत जैसी सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध सशक्त और निर्भीक स्वर उठाया। उन्होंने मजदूरों के अधिकारों की रक्षा, महिला शिक्षा के प्रसार और सामाजिक समानता की स्थापना के लिए जो योगदान दिया, वह इतिहास के स्वर्णिम अध्यायों में दर्ज है। उनकी सादगी, संवेदनशीलता और सेवाभाव ने उन्हें जनमानस में अमिट स्थान दिलाया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मिनीमाता जी की विचारधारा केवल अतीत की धरोहर नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के वर्तमान और भविष्य के लिए प्रकाशस्तंभ की तरह है। उन्होंने आह्वान किया कि हम सभी उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर, भाईचारे, समानता और न्याय पर आधारित एक सशक्त, समावेशी और प्रगतिशील छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएँ।