samacharsecretary.com

बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की पहल: झारखंड स्वास्थ्य मंत्री खुद पहुँचे OPD में

रांची  झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारीइन दिनों एक्शन मोड में है और राज्य के अलग-अलग अस्पतालों का निरीक्षण कर रहे हैं और ओपीडी वार्ड में खुद ही बैठकर मरीजों का भी इलाज कर रहे हैं।        आज जमशेदपुर में OPD का लेंगे जायजा डॉक्टर अंसारी ने आज कहा कि आज मैं जमशेदपुर में रहूंगा। ओपीडी की सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण करूंगा और यह सुनिश्चित करूँगा कि किसी भी मरीज को इलाज में ज़रा भी परेशानी न हो। मैं स्वयं स्थल पर मौजूद रहकर डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को पूरा सहयोग दूंगा। बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ जनता तक पहुँचाना-इसी मिशन के लिए हम पूरी तरह संकल्पित हैं।' स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि नई उम्मीद, नया विश्वास – जनता से मिले संकल्प को जिला स्वास्थ्य व्यवस्था के ज़मीनी स्तर तक ले जाना हमारा प्रमुख लक्ष्य है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दूरद्दष्टि और निष्ठा का परिणाम है कि झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था आज नई दिशा में आगे बढ़ रही है।

JDU के वरिष्ठ नेता को मिलेगी अहम जिम्मेदारी, नीतीश के करीबी का नाम सबसे आगे

पटना बिहार की राजनीति से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। दरअसल, JDU के वरिष्ठ नेता नरेंद्र नारायण यादव  बिहार विधानसभा के डिप्टी स्पीकर हो सकते हैं। बस अभी औपचारिक ऐलान होना बाकी है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, नरेंद्र नारायण यादव के नाम पर मुहर लग गई है और 4 दिसंबर को इसका ऐलान होगा। बता दें कि नरेंद्र नारायण यादव 1995 में पहली बार आलमनगर सीट से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे। तब से वह लगातार आठ बार इस सीट से चुनाव जीतते आ रहे हैं। नरेंद्र नारायण यादव को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का करीबी नेता माना जाता है। वह मधेपुरा जिला के पुरैनी प्रखंड अन्तर्गत बालाटोल के रहने वाले हैं और जेपी आंदोलन के दौरान चर्चा में आए। नरेंद्र नारायण यादव  पूर्व में बिहार सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। बता दें कि इससे पहले आज बीजेपी के विधायक डॉ. प्रेम कुमार को विधानसभा अध्यक्ष बनाया गया है। प्रेम कुमार निर्विरोध स्पीकर चुने गए हैं। उन्होंने सोमवार को विधानसभा सचिवालय में अपना नामांकन भरा था।

यात्री ध्यान दें! एक महीने तक बंद रहेंगी ये ट्रेनें, देखें पूरा शेड्यूल

रांची झारखंड के रेल यात्रियों के लिए अहम खबर है। रांची रेलवे स्टेशन का रेनोवेशन कार्य किया जा रहा है। जिस कारण 20 ट्रेनों को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है, जबकि 10 ट्रेनों को शॉर्ट-टर्मिनेट किया गया है। 10 दिसंबर से 07 जनवरी तक रद्द रहेंगी ये ट्रेनें रेलगाड़ी संख्या 58665/58666 हटिया–सांकी पैसेंजर, ट्रेन नंबर 18602/18601 हटिया–टाटानगर एक्सप्रेस, रेलगाड़ी संख्या 58663/58664 हटिया–सांकी पैसेंजर, रेलगाड़ी संख्या 58034/58033 रांची–बोकारो स्टील सिटी पैसेंजर 10 दिसंबर से 07 जनवरी तक रद्द रहेंगी। 23 दिसंबर से 7 जनवरी तक रद्द रहने वाली ट्रेनें ट्रेन नंबर 18085/18086 खड़गपुर–रांची एक्सप्रेस,  रेलगाड़ी संख्या 13303/13304 धनबाद–रांची एक्सप्रेस,  ट्रेन नंबर 13319/13320 दुमका–रांची–दुमका एक्सप्रेस, रेलगाड़ी संख्या 68035/68036 टाटानगर–हटिया मेमू  23 दिसंबर से 7 जनवरी तक के लिए रद्द किया गया। वहीं  रेलगाड़ी संख्या 18631 रांची–चोपन एक्सप्रेस  24, 26, 28, 31 दिसंबर, 02, 04, 07 जनवरी तक रद्द रहेंगी। जबकि ट्रेन नंबर 18632 चोपन–रांची एक्सप्रेस 25, 27, 29 दिसंबर, 01, 03, 05, 08 जनवरी कैंसिल की गई। ट्रेन नंबर 13403/13404 रांची–भागलपुर–रांची एक्सप्रेस  06 और 07 जनवरी को रद्द कर दिया गया। ये ट्रेनें शॉर्ट टर्मिनेट 10 दिसंबर से 07 जनवरी तक गाड़ी संख्या 13503/13504 वर्द्धमान–हटिया–वर्द्धमान एक्सप्रेस बोकारो स्टील सिटी तक शॉर्ट टर्मिनेट होगी। गाड़ी संख्या 63598/63597 आसनसोल–रांची मेमू, ट्रेन नंबर 18035/18036 खड़गपुर–हटिया एक्सप्रेस मुरी स्टेशन तक शॉर्ट-टर्मिनेट होगी। ट्रेन नंबर 13513/13514 आसनसोल–हटिया–आसनसोल एक्सप्रेस  24, 25, 27, 28, 29, 31 दिसंबर और 01, 03, 04, 05, 07 जनवरी तक मेसरा स्टेशन तक शॉर्ट-टर्मिनेट रहेगी। ये ट्रेनें पिस्का स्टेशन से चलेगी ट्रेन नंबर 18635 रांची–सासाराम एक्सप्रेस 23-27 दिसंबर, 29 दिसंबर–03 जनवरी, 05–07 जनवरी, वहीं गाड़ी संख्या 18636 सासाराम–रांची एक्सप्रेस 24–28 दिसंबर, 30 दिसंबर–04 जनवरी, 06–08 जनवरी तक पिस्का स्टेशन से चलेगी।

मौसम विभाग अलर्ट: अगले पाँच दिनों तक कड़ाके की ठंड, पारा लुढ़कने की उम्मीद

पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी जारी की है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बिहार में ठंड का असर तेजी से बढ़ रहा है और आगामी चार से पांच दिनों में राज्य में न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। विभाग के अनुसार, इस बार दिसंबर पिछले वर्ष की तुलना में अधिक ठंडा रहेगा और लोगों को कड़ाके की ठंड और कोल्ड वेव का सामना करना पड़ सकता है। उत्तर बिहार के जिलों में कोहरे की घनत्व बढ़ने की संभावना है। आने वाले दो दिनों में कुछ इलाकों में सुबह हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति बन सकती है, जिससे द्दश्यता कम हो सकती है। विभाग का कहना है कि अगले चार से पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं देखा जाएगा। 48 घंटों में दो से चार डिग्री तक गिर सकता है तापमान हालांकि, न्यूनतम तापमान अगले 48 घंटों में दो से चार डिग्री तक गिर सकता है, जिसके बाद यह सामान्य स्तर पर लौट आएगा। सुबह और शाम की ठंड में बढ़ोतरी तय है। पिछले 24 घंटों में बिहार का मौसम पूरी तरह शुष्क रहा और किसी भी जिले में बारिश नहीं हुई। राज्य में अधिकतम तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा और सबसे अधिक 28 डिग्री सेल्सियस मोतिहारी में दर्ज किया गया। उसी प्रकार किशनगंज में न्यूनतम तापमान 11.8 से 17.7 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। कई जिलों में तापमान सामान्य रहा। वहीं पूर्णिया में घने धुंध के कारण न्यूनतम द्दश्यता 500 मीटर दर्ज की गई। 

भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल चोरी , जज को लगाया लाखों का चूना, रांची पुलिस अलर्ट

रांची झारखंड की राजधानी रांची में एक हैरान करने वाली खबर आई, जहां चोरों ने जज को निशाना बनाया ओर भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल चोरी कर ली। मिली जानकारी के अनुसार, जज खूंटी जिले में पदस्थापित हैं। वहीं चोरी के कुछ ही देर बाद उनके बैंक खाते से 2.88 लाख रुपये की बड़ी राशि डिजिटल माध्यम से निकाल ली गई। इस संबंध में जज ने जगन्नाथपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई है।         पुलिस सूत्रों के अनुसार, जज धुर्वा के सेक्टर-2 बाजार में सब्जी खरीदने गए थे। इसी दौरान किसी अज्ञात अपराधी ने बड़ी चतुराई से उनका मोबाइल फोन चुरा लिया। जब तक जज को मोबाइल चोरी होने का पता चला, उससे पहले अपराधियों ने फोन के जरिये उनके बैंक खाते को निशाना बनाया। चोरों ने डिजिटल माध्यम से दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन किए और उनके अकाउंट से कुल 2 लाख 88 हजार रुपये सफलतापूर्वक निकाल लिए।

लालू के महुआबाग महल पर BJP का निशाना, ED की कार्रवाई के संकेत से राजनीतिक माहौल गरमाया

पटना भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने पटना के महुआबाग इलाके में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव की बन रही कथित आलीशान हवेली को निशाने पर लिया है। पार्टी के एक्स हैंडल से निर्माणाधीन महल का एक वीडियो पोस्ट करके लिखा गया है कि लालू के समाजवाद का मतलब लूट-खसोट से संपन्न परिवार है। पार्टी के प्रवक्ता नीरज कुमार ने नौकरी के बदले जमीन घोटाले की चर्चा करते हुए चेतावनी दी है कि लूट-खसोट की संपत्ति को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जब्त भी कर सकता है। ईडी ने जुलाई, 2023 में लालू यादव के परिवार और उनसे जुड़ी कंपनियों की पटना, दिल्ली और गाजियाबाद में 6 करोड़ से ऊपर की जमीन और मकान को जब्त किया था। इसमें राबड़ी देवी के नाम पर महुआबाग की भी एक जमीन थी। लेकिन यह साफ नहीं है कि बीजेपी ने जिस बंगले का वीडियो दिखाकर लालू पर निशाना साधा है, वो कौन सी जमीन है और किसके नाम पर है। कहा जाता है कि लालू यादव इस मकान के निर्माण का जायजा लेने नियमित तौर पर जाते रहे हैं। चर्चा है कि सरकार से 10, सर्कुलर रोड का बंगला खाली करने का नोटिस मिलने के बाद लालू परिवार 39, हार्डिंग रोड के नए बंगले में जाने के बदले महुआबाग के महल में भी शिफ्ट हो सकता है। बिहार बीजेपी ने ट्वीट में लिखा है- “लालू जी का ‘समाजवाद’ यानी लूट-खसोट से संपन्न है एकमात्र परिवार! लालू परिवार एंड प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने ऐशो-आराम और शानदार जीवन का पूरा इंतजाम किया है। पटना शहर के बीचों-बीच इनका एक और निर्माणाधीन आलीशान महल’। दल के प्रवक्ता नीरज कुमार ने वीडियो बयान जारी करके चेतावनी दी है कि लूट-खसोट की संपत्तियों को ईडी जब्त भी कर सकती है। नीरज ने कहा- ‘लालू यादव का सामाजिक न्याय और उनका समाजवाद, सिर्फ परिवारवाद और पारिवारिक न्याय बनकर रह गया है। महुआबाग में जो आलीशान कोठी वो बना रहे हैं, वह भी लूट की जमीन है। वहां भी नौकरी के बदले जमीन ली थी। ईडी ने वहां एक बार छापा भी मारा था। लालू सावधान रहें, संभलकर रहें, लूट की संपत्ति बहुत दिन टिकती नहीं है। और हो सकता है कि आपका ये मकान-जमीन भी ईडी फिर से जब्त करे। आपने राजनीति को भ्रष्टाचार और लूट का अड्डा बना दिया था। पूरा परिवार पूरे बिहार को लूटे हैं। आपको बताना चाहिए कि यह अकूत संपत्ति आप कहां से लाए हैं।’  

ईडी ने नरेश केजरीवाल के खिलाफ रांची, मुंबई और सूरत में चलाया छापा अभियान

रांची प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार सुबह झारखंड के चर्चित चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) नरेश केजरीवाल के ठिकानों पर फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट (फेमा) के तहत बड़ी कार्रवाई की है. उनके रांची, मुंबई और सूरत के कुल 15 ठिकानों पर सुबह छह बजे से ईडी की टीमों ने एक साथ दबिश दी है. नरेश केजरीवाल कई प्रमुख राजनेताओं के वित्तीय मामलों को संभालते रहे हैं. विदेशों में अवैध रूप से धन निवेश और नियमों के उल्लंघन से जुड़े आरोपों के आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है. ईडी की टीम रांची में चर्च कॉम्प्लेक्स स्थित केजरीवाल के कार्यालय के अलावा उनके आवासीय परिसरों की भी तलाशी ले रही है. फेमा के तहत की गई झारखंड में ईडी की यह पहली छापेमारी बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक, आयकर विभाग की ओर से पूर्व में की गई छापेमारी में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल डेटा मिले थे. इन्हीं तथ्यों के आधार पर ईडी ने फेमा के तहत जांच प्रारंभ की. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि केजरीवाल और उनसे जुड़े व्यक्तियों की ओर से दुबई और अमेरिका समेत कुछ अन्य देशों में धन का निवेश किया गया है. जांच अधिकारियों को विदेशों में किए गए निवेश से जुड़े लेनदेन, कंपनियों और बैंक खातों के बारे में अहम जानकारी मिली है. ईडी का कहना है कि विदेशों में किए गए निवेश के दौरान निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया. प्रारंभिक जांच में कई ऐसे दस्तावेज मिले हैं, जो फेमा के प्रावधानों के उल्लंघन की ओर संकेत करते हैं. इसी आधार पर मंगलवार को बहु-राज्यीय कार्रवाई की गई. तलाशी के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, कंप्यूटर डेटा, विदेशी लेनदेन के कागजात और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की जा रही है. 

डॉ. प्रेम कुमार: 35 साल की विधायक यात्रा, 9वीं बार विधायक और नए स्पीकर

पटना भाजपा के वरिष्ठ विधायक डॉ. प्रेम कुमार को निर्विरोध और सर्वसम्मति से बिहार विधानसभा का अगला अध्यक्ष चुना गया. चुनाव की औपचारिक घोषणा होते ही सदन में “हर हर महादेव” और “जय श्री राम” के नारे गूंज उठे. प्रेम कुमार गया टाउन, यानी गयाजी शहरी क्षेत्र के मतदाताओं के प्रतिनिधि चुनकर 9वीं बार भी विधानसभा पहुंचे हैं. 202 सीटों की बड़ी जीत के साथ ही उनका नाम चल निकला था. इंतजार हो रहा था कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लें और मंत्रिपरिषद् के बाकी सदस्यों का भी शपथ ग्रहण हो जाए. तभी यह हुआ और तय हो गया कि डॉ. प्रेम कुमार के सामने इस कुर्सी के लिए किसी की ओर से कोई विकल्प नहीं है. डॉ. प्रेम कुमार ने सोमवार को नामांकन भरा. 35 विधायकों वाले महागठबंधन से किसी अन्य ने इस पद के लिए नामांकन नहीं भरा. यानी, प्रेम कुमार को निर्विरोध चुना गया. जिसके बाद सभी नेताओं ने उन्हें बधाई दी. प्रेम कुमार ने अपने संबोधन की शुरुआत गीता के श्लोक से की.उन्होंने कहा कि- आप सभी ने सर्वसहमति से मुझे चुना इसके लिए आभार. अध्यक्ष के रूप में मेरा कर्तव्य होगा कि सदन के संचालन के नियमों का पालन करते हुए सभी सदस्यों के अधिकारों का पालन हो. आवश्यकता है विचारों के विविधता के बीच संवाद को बढ़ाएं. हमें जनता की सेवा का मौका मिला है. मेरे लिए सरकार और विपक्ष दिनों समान रूप से होंगे. कौन हैं डॉ. प्रेम कुमार डॉ. प्रेम कुमार 35 साल से गया जिले की टाउन सीट से विधायक हैं. वह लगातार 9 बार से विधायकी जीत रहे हैं. एनडीए सरकार में कई बार मंत्री भी रहे हैं. उनकी गिनती भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में होती है. वे सुशील मोदी, नंद किशोर यादव, नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के जमाने के नेता हैं. प्रेम कुमार अति पिछड़ी जाति कहार जाती से आते हैं. 70 साल के प्रेम कुमार एलएलबी और पीएचडी कर चुके हैं. उनकी संपत्ति की बात की जाए, तो उनकी पास 13 करोड़ से अधिक की संपत्ति है. इसके अलावा उनके ऊपर 18 आपराधिक मुकदमे भी दर्ज हैं.  

दिसंबर की दस्तक के साथ झारखंड में ठंड तेज, तीन दिन बाद चलेगी शीतलहर

रांची झारखंड में दिसंबर की शुरुआत होते ही कड़ाके की ठंड ने लोगों की रफ्तार पकड़ ली है। रांची, पलामू, लोहरदगा, खूंटी और लातेहार जैसे जिलों में बर्फीली हवाएं हड्डियां जमा रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आज न्यूनतम तापमान 10-13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि अधिकतम 24-27 डिग्री तक पहुंचा। इन इलाकों में ठंड का असर सबसे ज्यादा पड़ा जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां में न्यूनतम पारा 16 डिग्री तक दर्ज हुआ, लेकिन ठंडी हवाओं ने सुबह-शाम कंपकंपी बढ़ा दी। रांची के मैक्लुस्कीगंज और कांके में पारा 5 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से रातें और ज्यादा ठंडी होंगी। पिछले 24 घंटे में चाईबासा का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री रहा, जबकि गुमला का न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री दर्ज किया गया। दिन में हल्की गर्माहट महसूस हुई, लेकिन हवा की ठंडक ने स्वेटर पहनना लोगों की मजबूर कर दिया है। रांची, कोडरमा, गढ़वा, लातेहार, गुमला और पलामू में न्यूनतम तापमान 10-11 डिग्री पर अटका रहा, जिससे इन इलाकों में ठंड का असर सबसे ज्यादा पड़ा। हिमालयी प्रभाव से राज्य में शुष्क मौसम बना हुआ है, कोई बारिश की संभावना नहीं। सुबह-शाम गर्म कपड़े, ग्लव्स और मफलर पहनें मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 4 और 5 दिसंबर को कई जिलों में शीतलहर जैसी स्थिति बन सकती है। जिन जगहों पर पारा 4 से 5 डिग्री तक पहुंचेगा, वहां पाला पड़ने की आशंका भी है। सुबह घना कोहरा और धुंध छाएगी, द्दश्यता बेहद कम हो जाएगी। न्यूनतम तापमान 4-8 डिग्री तक गिर सकता है, तेज बर्फीली हवाएं चलेंगी। रांची सहित कई जिलों में अगले चार दिनों तक ठंड और कोहरे का दौर रहेगा। किसानों को फसलों को पाला और ठंड से बचाने की सलाह दी गई है। विभाग ने कहा कि मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन ठंड बढ़ने से नुकसान हो सकता है। आम लोगों से अपील है कि सुबह-शाम गर्म कपड़े, ग्लव्स और मफलर पहनें। वाहन चालकों को कोहरे में सावधानी बरतने को कहा गया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सर्दी-जुकाम से बचाव के लिए गर्म भोजन करने की आवश्यकता बताया है।  

बिहार में चक्रवात का प्रभाव: तापमान गिरा, कोहरे से जनजीवन प्रभावित

पटना दित्वाह चक्रवात का असर आज से बिहार में दिखने लगा है। सोमवार की सुबह राज्य के ज्यादातर हिस्सों में धूप नदारद रही। पटना, पूर्णिया, बेतिया, बेगूसराय, मोतिहारी, गोपालगंज समेत कई जिलों में देर रात से कोहरा छाया रहा। पछुआ हवा चलने के कारण सुबह और रात में ठंड अचानक बढ़ गई। मौसम विभाग ने लोगों से सावधान रहने की अपील की है। विभाग का कहना है कि चक्रवाती प्रणाली की वजह से अगले कुछ दिनों में राज्य के अधिकतर हिस्सों में ठंड और तेज़ी से बढ़ेगी। बताया गया है कि 5 दिसंबर के बाद न्यूनतम तापमान गिरावट के साथ 10 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जिससे ठंड का असर और व्यापक होगा। बिहार में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम पूरी तरह शुष्क रहा और राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश दर्ज नहीं की गई। अधिकतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस से 29.5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जिसमें अररिया में 29.4 डिग्री सेल्सियस का सर्वाधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस से 20.5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा और किशनगंज में सबसे कम 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूर्णिया में 500 मीटर की न्यूनतम दृश्यता के साथ सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहा, जबकि तापमान में कोई खास उतार-चढ़ाव नहीं देखा गया। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के ऊपर बहने वाली हवाओं की दिशा और दबाव में बदलाव फिलहाल दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के कारण है। उत्तरी पंजाब और आसपास ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जिसका असर उत्तरी हरियाणा तक पहुंच रहा है। इसके साथ ही 5.8 किमी ऊंचाई पर मौजूद द्रोणिका के रूप में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ 20 डिग्री उत्तरी अक्षांश के उत्तर में 61 डिग्री पूर्वीदेशांतर की ओर बढ़ रहा है। इन दोनों प्रणालियों की वजह से पछुआ हवा लगातार बिहार में प्रवेश कर रही है, जिससे ठंड का प्रभाव धीरे-धीरे बढ़ने लगा है।   मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना जताई है और वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। आगामी 4 से 5 दिनों में अधिकतम तापमान में किसी खास परिवर्तन की उम्मीद नहीं है, जबकि न्यूनतम तापमान अगले 48 घंटों तक स्थिर रहेगा। इसके बाद राज्य के अधिकांश हिस्सों में रात का पारा नीचे जाने के आसार हैं, जिससे ठंड और बढ़ेगी।