samacharsecretary.com

अवैध गैस स्टॉक पर बड़ी कार्रवाई: सीएम फ्लाइंग और खाद्य आपूर्ति विभाग ने 30 सिलिंडर किए जब्त

हरियाणा गांव पाली में एलपीजी सिलिंडर के अवैध स्टॉक की सूचना पर शुक्रवार को सीएम फ्लाइंग ने खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम के साथ मिलकर छापेमारी की। इसमें टीम को एक ही व्यक्ति के तीन स्थानों पर 30 सिलिंडर बरामद हुए। आरोपी गोपाल कृष्ण के खिलाफ सदर पुलिस थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। तीन अलग-अलग ठिकानों और पिकअप गाड़ी से बरामद हुए अवैध सिलिंडर बता दें कि सीएम फ्लाइंग को सूचना मिली थी कि पाली निवासी गोपाल कृष्ण ने एलपीजी सिलिंडर का अवैध स्टॉक कर रखा है। इस पर सीएम फ्लाइंग रेवाड़ी से एसआई सुरेंद्र सिंह और खाद्य आपूर्ति विभाग महेंद्रगढ़ से निरीक्षक प्रवीण ने दबिश दी। टीम गोपाल के घर पहुंची तो यहां पर जांच के दौरान एचपी गैस के 14 किलोग्राम के 5 खाली सिलिंडर, इंडेन के 5 किलोग्राम के 2 सिलिंडर पाए गए। इंडेन और एचपी गैस के सिलिंडरों के साथ पिकअप भी पकड़ी गई बाद में टीम पास की धर्मशाला में पहुंची तो यहां पर एचपी गैस के 14 किलोग्राम के 7 सिलिंडर, इंडेन के 4 सिलिंडर और एचपी के 5 किलोग्राम के 9 सिलिंडर बरामद हुए। ये सभी सिलिंडर खाली पाए गए।इसके अलावा यूपी नंबर की एक पिकअप गोपाल के घर के पास खड़ी मिली। इसकी जांच की तो इंडेन के 14 किलोग्राम एक भरा व एक खाली सिलिंडर और एक एचपी गैस का भरा सिलिंडर बरामद हुआ। आरोपी नहीं दिखा पाया साक्ष्य, पुलिस ने शुरू की जांच  टीम के पूछताछ करने पर गोपाल संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया और न ही इनसे संबंधित कोई साक्ष्य प्रस्तुत किया। इसके बाद टीम ने गोपाल कृष्ण पर गैस सिलिंडर का अवैध स्टॉक करने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया और सिलिंडर जब्त कर लिए। सूचना के आधार पर मौके पर दबिश दी गई और 30 गैस सिलिंडर बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। अब मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। – प्रवीण कुमार, निरीक्षक, खाद्य आपूर्ति विभाग, महेंद्रगढ़  

जल जीवन मिशन का बड़ा कदम: हरियाणा के हर जिले से एक गांव में शुरू होगी 24/7 पेयजल आपूर्ति

हरियाणा महेंद्रगढ़ जिले के सिगड़ी गांव में अब जल एवं स्वच्छता सहायता संगठन की तरफ से घर-घर जाकर सर्वे किया जाएगा। अगर किसी के घर में नल पर टोटी नहीं मिली तो लगवाई जाएगी। वहीं, पानी की एक-एक बूंद बचाने के लिए लोगों को जागरूक भी किया जाएगा। प्रदेश के 23 गांवों में 24 घंटे पेयजल की आपूर्ति की जाएगी। इसके लिए प्रदेश के सभी जिलों से एक-एक गांव चयनित हुआ है। इन गांवों में अब 24 घंटे पेयजल की आपूर्ति की जाएगी। इसको लेकर शुक्रवार को जनस्वास्थ्य विभाग के सभी जिलों के अधिकारियों की बैठक होगी जिसमें आगामी रणनीति बनाई जाएगी। हर घर नल योजना फेल: गैरपटा में बूंद-बूंद को तरसे ग्रामीण, एक किमी दूर से ढोना पड़ रहा पानी 24 घंटे पानी की आपूर्ति के लिए महेंद्रगढ़ जिले के सिगड़ी गांव का चयन हुआ है। यहां पहले से ही वाटर टैंक बना है। इसके अलावा घर-घर नल भी लगे हैं। हालांकि 11 मार्च तक प्रदेश के 6 जिलों ने गांवों की सूची नहीं भेजी थी। इसके बाद उन्हें ऐसे गांवों का चयन कर जल्द सूची उपलब्ध करवाने के लिए कहा गया था। अब प्रदेश के 23 जिलों से एक-एक गांव का चयन किया जा चुका है। इन गांवों में 24 घंटे पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जल जीवन मिशन के तहत आवश्यक तकनीक और प्रबंधन संबंधी सुधार किए जाएंगे। प्रदेश में ग्रामीण क्षेत्र में 2841428 और शहरी क्षेत्र में 995691 पेयजल उपभोक्ता हैं। इनमें महेंद्रगढ़ जिले में शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में कुल 153845 उपभोक्ता हैं। संवाद जल और स्वच्छता सहायता संगठन गांव में करेगा सर्वे महेंद्रगढ़ जिले के सिगड़ी गांव में अब जल एवं स्वच्छता सहायता संगठन की तरफ से घर-घर जाकर सर्वे किया जाएगा। अगर किसी के घर में नल पर टोटी नहीं मिली तो लगवाई जाएगी। वहीं, पानी की एक-एक बूंद बचाने के लिए लोगों को जागरूक भी किया जाएगा। प्रदेश में इन जिलों से एक-एक गांव का किया गया चयन जिला                                        गांव अंबाला                                     टेपला भिवानी                                     रूपाना चरखी दादरी                            नोरंगाबास राजपूतान फरीदाबाद                                बहादुरपुर फतेहाबाद                               उदयपुर गुरुग्राम                                     खेड़ा हांसी                                        मोहला हिसार                                     फ्रांसी झज्जर                                     लंगरपुर/देसलपुर जींद                                        सुंदरपुरा कैथल                                     सलीमपुर महमूद करनाल                                     यूनिसपुर कुरुक्षेत्र                                     अरुनाई/रामगढ़ रोर महेंद्रगढ़                                     सिगड़ी नूंह                                           खोरी खुर्द पलवल                                     रसूलपुर पंचकूला                                     बरवाला पानीपत                                     थिराना रेवाड़ी                                     साबन रोहतक                                     सिंहपुरा खुर्द सिरसा                                     नकोरा सोनीपत                                     नहरा यमुनानगर                                 अलाहर अधिकारी के अनुसार गांव सिगड़ी में हर घर में नल पर टोली लगी हुई या नहीं, इसको लेकर सर्वे करवाया जाएगा। जिला सलाहकार मंगतूराम सरसवा की अध्यक्षता में एक टीम बनाई जाएगी। लोगों को जागरूक भी किया जाएगा। गांव सिगड़ी में पहले से ही वाटर टैंक बना हुआ है। -अमित जैन, एक्सईएन जनस्वास्थ्य विभाग महेंद्रगढ़।  

LPG की जगह अब पाइप से आएगी रसोई गैस: हरियाणा सरकार ने तय किया 13 लाख से ज्यादा नए PNG कनेक्शन का लक्ष्य

हरियाणा सीएम नायब सैनी ने कहा कि सरकार का फोकस एलपीजी से पीएनजी की ओर शिफ्ट करने पर है। इसके तहत 13,33,603 कनेक्शन देने का लक्ष्य तय किया गया है, जबकि अब तक 5,759 कनेक्शन ही लगाए गए हैं। हरियाणा सरकार ने प्राकृतिक गैस नेटवर्क को बढ़ावा देने के लिए बड़ा फैसला सरकार ने पीएनजी पाइपलाइन पर लगने वाले लीज रेट को 3 लाख रुपये प्रति किलोमीटर से घटाकर मात्र 1 हजार रुपये प्रति किलोमीटर एकमुश्त कर दिया है। इस फैसले से गैस कंपनियों को बड़ी राहत मिलेगी और राज्य में पाइपलाइन बिछाने की रफ्तार तेज होगी।   वर्तमान में प्रदेश में 28,377 किलोमीटर पीएनजी पाइपलाइन बिछ चुकी है, जिसे और विस्तार देने की योजना है। हरियाणा में वाणिज्य सिलिंडर का आपूर्ति 20 फीसदी और बढ़ाई, अब 70 फीसदी आपूर्ति होगी। चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास पर प्रेसवार्ता के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जानकारी दी।सीएम ने कहा कि सरकार का फोकस एलपीजी से पीएनजी की ओर शिफ्ट करने पर है। इसके तहत 13,33,603 कनेक्शन देने का लक्ष्य तय किया गया है, जबकि अब तक 5,759 कनेक्शन ही लगाए गए हैं। अधिकारियों को जल्द से जल्द 2 लाख कनेक्शन शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश में 586 सीएनजी स्टेशन भी संचालित हैं, जिससे गैस आधारित ईंधन को बढ़ावा मिल रहा है। पेट्रोल-डीजल और गैस की पर्याप्त उपलब्धता का दावा मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पेट्रोलियम उत्पादों पर एक्साइज ड्यूटी में कटौती से आम लोगों को राहत मिली है और कीमतें स्थिर बनी हुई हैं। राज्य में 4,032 पेट्रोल पंप संचालित हैं, जहां रोजाना 4,804 किलोलीटर पेट्रोल और 12,003 किलोलीटर डीजल की आपूर्ति हो रही है। एलपीजी की उपलब्धता पर भी सरकार ने संतोष जताया प्रतिदिन 2 लाख सिलेंडर राज्य में पहुंच रहे हैं, जिनमें से करीब 1.90 लाख सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं। बोटलिंग प्लांट पर पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। अस्पतालों और स्कूलों के लिए वाणिज्य एलपीजी की आपूर्ति भी सुनिश्चित की जा रही है, फिलहाल 1.73 लाख वाणिज्य सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है। सरकार ने कालाबाजारी और जमाखोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 928 सिलेंडर और 4 वाहन जब्त किए हैं तथा 86 लोगों की पहचान की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गैस आपूर्ति को निर्बाध बनाए रखने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं और प्रदेश में किसी भी तरह की कमी नहीं है।  

भारत पर युद्ध का कोई असर नहीं,अनिल विज ने वैश्विक ईंधन मूल्य वृद्धि से नागरिकों को बचाने के लिए PM मोदी की सराहना की

हरियाणा मिडिल ईस्ट (खाड़ी देशों) में चल रहे युद्ध का असर पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है. इसी बीच, भारत सरकार ने कंपनियों को बड़ी राहत देते हुए पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क (Excise Duty) में 10 रुपये प्रति लीटर की भारी कटौती की है. इस कटौती के बाद पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क घटकर मात्र 3 रुपये प्रति लीटर रह गया है, जबकि डीजल पर इसे शून्य (Zero) कर दिया गया है. केंद्र सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की है और देश में फैल रही कई अफवाहों पर कड़ा प्रहार किया है. पेट्रोल-डीजल पर 10 रुपये की कटौती कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर परिस्थिति में देश की जनता का पूरा ध्यान रखते हैं. विज ने कहा कि खाड़ी देशों में युद्ध छिड़ा हुआ है, जिसके कारण दुनिया भर में और हमारे आस-पास के देशों में तेल के दाम तेजी से बढ़े हैं. उन्होंने जोर देते हुए कहा, "हमारे देश के लोगों की जेब पर इस युद्ध का बोझ न पड़े और उन्हें परेशानी न हो, इसलिए मोदी सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर 10 रुपये की एक्साइज ड्यूटी कम कर दी है." लॉकडाउन की अफवाहों पर सख्त पलटवार मिडिल ईस्ट के युद्ध के चलते भारत में 'लॉकडाउन' लगने की सोशल मीडिया पर उड़ रही अफवाहों पर भी विज ने तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि जो लोग विदेशी ताकतों के हाथों में खेल रहे हैं और जो देश विरोधी ब्लॉगर हैं, वे हर वक्त कोई न कोई भ्रांति फैलाकर रखना चाहते हैं. विज ने तर्क दिया, "यह युद्ध यहां से 4000 से 5000 किलोमीटर दूर हो रहा है. हमारा देश खुद 4-5 युद्ध लड़ चुका है, तब भी यहां लॉकडाउन नहीं लगा था." उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल लोगों को भ्रमित करने और डराने के लिए ऐसी अफवाहें फैलाई जा रही हैं, जिसका जवाब जनता खुद देगी. अंबाला की साइंस इंडस्ट्री और LPG की किल्लत पर दिया भरोसा कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को दिए समस्याओं के तुरंत समाधान के निर्देश युद्ध के चलते देश में LPG गैस की किल्लत की चर्चाओं और अंबाला की प्रसिद्ध 'साइंस इंडस्ट्री' पर इसके प्रभाव को लेकर भी अनिल विज ने स्थिति स्पष्ट की. उन्होंने आश्वासन दिया कि देश में गैस की किसी भी प्रकार की कोई किल्लत नहीं है और यह उचित मात्रा में उपलब्ध है. अंबाला की साइंस इंडस्ट्री के लोगों को आ रही कुछ दिक्कतों पर विज ने बताया कि उन्होंने उच्च अधिकारियों से बातचीत कर ली है और उद्योगपतियों की समस्याओं का तुरंत समाधान करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं.

किसानों को बड़ी राहत, बिजली की लागत बढ़ी पर नहीं बढ़ेंगे दाम

  हरियाणा हरियाणा में किसानों को 10 पैसे प्रति यूनिट की दर से ट्यूबवेल बिजली मिलती रहेगी, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिलेगी. बढ़ती लागत के बावजूद सरकार सब्सिडी बढ़ाकर बिजली दरें स्थिर रखेगी. हरियाणा में किसानों को बड़ी राहत देते हुए सरकार ने 2026-27 के लिए बिजली दरों को लेकर अहम फैसला लिया है. हरियाणा विद्युत नियामक आयोग (HERC) के आदेश के मुताबिक, किसानों को ट्यूबवेल कनेक्शन पर 10 पैसे प्रति यूनिट की रियायती दर पर बिजली मिलती रहेगी. यह फैसला राज्यभर के लाखों किसानों को सीधे फायदा पहुंचाएगा. क्या है नया टैरिफ आदेश? हरियाणा विद्युत नियामक आयोग ने बिजली वितरण कंपनियों के लिए 2026-27 का टैरिफ आदेश जारी किया है. इसके तहत कृषि क्षेत्र को राहत जारी रखते हुए सब्सिडी व्यवस्था को और मजबूत किया गया है. राज्य में कुल 83.79 लाख से अधिक बिजली उपभोक्ता हैं, जिनमें लगभग 7.15 लाख किसान ट्यूबवेल कनेक्शन के जरिए बिजली का उपयोग करते हैं.   सब्सिडी और लागत का पूरा गणित बिजली आपूर्ति की लागत 7.35 रुपये से बढ़कर 7.48 रुपये प्रति यूनिट हो गई है, जिससे सरकार पर अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ा है. इस बढ़ी हुई लागत को संतुलित करने के लिए राज्य सरकार 1,088.61 करोड़ रुपये की अतिरिक्त सब्सिडी देगी. इसके साथ ही 2026-27 में कुल सब्सिडी बढ़कर 7,870.32 करोड़ रुपये हो जाएगी, जो पिछले साल 6,781.71 करोड़ रुपये थी. किसानों और उपभोक्ताओं को मिलने वाले फायदे कृषि क्षेत्र को 2026-27 के लिए 1068.664 करोड़ यूनिट बिजली आवंटित की गई है, जो पिछले वर्ष के 930.427 करोड़ यूनिट से ज्यादा है. किसानों के लिए कुल बिजली लागत करीब 7,993.61 करोड़ रुपये आंकी गई है, जिसमें से केवल 123.30 करोड़ रुपये किसानों से वसूले जाएंगे, जबकि बाकी राशि सरकार सब्सिडी के रूप में वहन करेगी. इससे किसानों पर आर्थिक बोझ कम रहेगा और बिजली दरें स्थिर बनी रहेंगी. अतिरिक्त सुविधाएं और नई पहल सरकार ने उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए कुछ और फैसले भी लिए हैं. ट्यूबवेल कनेक्शन के पात्र आवेदकों को 31 मई 2026 तक एक बार लोड बढ़ाने की अनुमति दी गई है. इसके अलावा, प्रीपेड स्मार्ट मीटर उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं को ऊर्जा और फिक्स्ड चार्ज पर 5 प्रतिशत की छूट मिलेगी. साथ ही, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने के लिए प्रमुख शहरों में EV चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए हैं.

हरियाणा चुनाव में टिकट बेचने का विवाद, कांग्रेस से जुड़े लोगों पर FIR

 रोहतक  हरियाणा में 2024 के विधानसभा चुनाव को लेकर रेवाड़ी जिले की बावल विधानसभा सीट की कथित टिकट बेचने का मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। गौरव कुमार की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस पार्टी से जुड़े लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। महिला कांग्रेस की पूर्व पदाधिकारी सुचित्रा देवी ने कांग्रेस हाईकमान और गांधी परिवार पर आरोप लगाया था कि बावल सीट के टिकट के नाम पर करोड़ों रुपए की रकम ऐंठी गई। उनके पति गौरव कुमार ने इस पूरे मामले को लेकर दिल्ली पुलिस को शिकायत दी थी। गौरव कुमार ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस पार्टी के कई नामी नेताओं और उनके निजी सचिवों ने रेवाड़ी की बावल विधानसभा सीट से टिकट देने के नाम पर करोड़ों रुपये लिए लेकिन अंत में टिकट नहीं दिया। इस पूरे मामले से जुड़े दस्तावेज और व्हाट्सएप चैट भी उन्होंने पुलिस को उपलब्ध कराए। इन दस्तावेजों में पैसे की ट्रांजेक्शन, बातचीत और टिकट देने के वादों का विवरण मौजूद है। इस शिकायत के आधार पर 26 मार्च को दिल्ली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। दिल्ली की नॉर्थ एवेन्यू थाने में कांग्रेस पार्टी से जुड़े लोगों के खिलाफ FIR दर्ज सूत्रों के मुताबिक दिल्ली की नॉर्थ एवेन्यू थाने में दर्ज केस में कांग्रेस पार्टी से जुड़े लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और नॉर्थ एवेन्यू थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पति गौरव कुमार द्वारा थाने दर्ज शिकायत में पार्टी के बड़े नेताओ पर करोड़ों की ठगी का आरोप लगाया गया था. गौरव कुमार ने आरोप लगाया था कि इस लेन-देन में के.सी. वेणुगोपाल और कोडिकुन्निल सुरेश सहित कई बड़े चेहरों के नाम जुड़े हैं।  टिकट के लिए वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और सहयोगियों को दिए 7 करोड़ रुपए गौरव का दावा है कि उन्होंने पत्नी को टिकट दिलाने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और उनके सहयोगियों को लगभग 7 करोड़ रुपये दिए थे. उनका आरोप है कि न तो उन्हें टिकट मिला और न ही उनके पैसे वापस किए जा रहे. उन्होंने सबूत के तौर पर व्हाट्सएप चैट और अन्य दस्तावेज दिल्ली पुलिस कमिश्नर को सौंपे हैं. उन्होंने बताया कि, हमने इस मामले में कई सबूत दिए हैं, इसमें बैंक स्टेटमेंट से लेकर ऑडियो रिकॉर्डिंग शामिल है।  यह एफआईआर नॉर्थ एवेन्यू थाने में दर्ज हुई है और इसे भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 61(2), 318(4) और 316(2) के तहत दर्ज किया गया है। दिल्ली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। फिलहाल किसी भी आरोपी को गिरफ्तार करने की जानकारी नहीं मिली है। हालांकि मामले की जांच जारी है और जल्द ही इसके खुलासे की उम्मीद है। इस मामले ने राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है। एक तरफ जहां सुचित्रा देवी और उनके पति ने कथित भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है, वहीं कांग्रेस पार्टी ने अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। हालांकि जब सुचित्रा ने यह मुद्दा मीडिया में उठाया था तो हरियाणा कांग्रेस ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया था। केसी वेणुगोपाल के एक आदमी द्वारा दो करोड़ रुपए का ऑफर देने का दावा इससे पहले गौरव ने दावा किया था कि मामले को लेकर उन्हें केसी वेणुगोपाल के एक आदमी का फोन आया और दो करोड़ रुपये का ऑफर दिया गया. उनसे कहा गया कि वो मेरे खिलाफ झूठे बयान प्रेस ब्रीफिंग में दे दें. लेकिन केसी वेणुगोपाल यह भूल गए कि हमारे भी कुछ रिश्ते होते हैं. पैसे देकर आप कोई भी साजिश नहीं रच सकते. अगर आप मेरे खिलाफ बयान देने के लिए दो करोड़ दे सकते हैं, तो मेरे वो पैसे वापस कर दीजिए।  हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में कांग्रेस को 37 सीटों से संतोष करना पड़ा गौरतलब है साल 2024 में हुए हरियाणा विधानसभा चुनाव में  भारतीय जनता पार्टी ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया था. भाजपा पहली पार्टी बन गई थी, जिसने लगातार तीसरी बार हरियाणा में सरकार बनाने में सफल हुई थी. भाजपा 90 सीटों वाली हरियाणा विधानसभा में जीत के लिए जरूरी 46 सीटों से 2 सीट अतिरिक्त सीटें जीतकर सत्ता पर काबिज हुई थी, जबकि कांग्रेस को 37 सीटो से संतोष करना पड़ा था। 

ट्रैफिक नियमों की अनदेखी: गुरुग्राम में हजारों चालान के बाद भी नहीं रुके बिना नंबर वाहन

गुड़गांव. गुड़गांव ट्रैफिक पुलिस द्वारा नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भले ही कार्रवाई की जा रही हो, लेकिन इस कार्रवाई का खास असर होता दिखाई नहीं दे रहा है। शहर में पिछले 26 दिनों में गुड़गांव ट्रैफिक पुलिस ने 7657 वाहनों के बिना नंबर प्लेट अथवा बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट के वाहनों पर कार्रवाई की. लेकिन इस कार्रवाई के बाद भी हजारों वाहन बिना नंबर प्लेट लगाए गुड़गांव की सड़कों पर दौड़ते नजर आ रहे हैं जो पुलिसकर्मियों को चकमा देकर बच निकलने में कामयाब हो जाते हैं। डीसीपी ट्रैफिक राजेश मोहन ने बताया कि बिना नम्बर प्लेट और बिना HSRP नम्बर प्लेट वाले वाहन चालकों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही करते हुए 1 मार्च से 26 मार्च तक बिना नम्बर प्लेट के 3206 चालान किए जिनकी कुल जुर्माना राशि 26 लाख 36 हजार रुपए है और बिना HSRP नंबर प्लेट के 4451 चालान किए गए जिनकी कुल जुर्माना राशि 41 लाख 84 हजार 500 रुपए है। गुरुग्राम पुलिस द्वारा यातायात का संचालन सुगम, व्यवस्थित व सुरक्षित करने के उद्देश्य से यातायात के नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ उपरोक्त कार्यवाही की गई। डीसीपी ने कहा कि सभी वाहन चालक अपने वाहनों पर HSRP नंबर प्लेट लगवाना सुनिश्चित करें, बगैर HSRP नंबर प्लेट के वाहन ना चलाए। यदि सभी वाहन चालक HSRP नंबर प्लेट लगाकर वाहन चलाए तो पुलिस को शरारती/अपराधी तत्व को पकड़ने में सहायता होगी तथा अपराधिक, असामाजिक तत्वों को इसका फायदा नही मिल जाएगा। HSRP नंबर प्लेट का प्रयोग करने से सुरक्षा सुनिश्चित होगी और अपराधी/शरारती तत्वों पर आसानी से नकेल कसी जा सकेगी।

दिल दहला देने वाली घटना: कुरुक्षेत्र में आवारा कुत्तों के हमले में 50 से अधिक भेड़ों की मौत

कुरुक्षेत्र. कुरुक्षेत्र में झांसा गांव के सरकारी अस्पताल के पास कुत्तों के झुंड ने भेड़ों पर हमला बोल दिया। इसमें 50 से अधिक भेड़ें मारी गईं। घटना से चरवाहा परिवार पर लगभग पांच लाख रुपये का आर्थिक संकट टूट पड़ा है। गांव सलपानी कलां निवासी कुलदीप ने बताया कि 10 महीने पहले उसने ब्याज पर पैसे लेकर 70 भेड़ें खरीदी थीं। रोज की तरह वह अपने चचेरे भाई बीरा राम और साथियों बलदेव व मनीष के साथ झांसा व शांति नगर क्षेत्र में भेड़ें चरा रहा था। रात अधिक होने पर वे सतलुज-यमुना लिंक नहर के किनारे रुक गए। रात करीब दो बजे 10 से 12 कुत्ते आए, जिन्हें उन्होंने भगा दिया। लेकिन आधे घंटे बाद कुत्तों का एक बड़ा झुंड दोबारा हमला करने लौटा, तब तक वे चारों सो चुके थे। हमले में 25 भेड़ें मौके पर ही मर गईं, जबकि 25 से 30 भेड़ें डरकर नहर में कूद गईं और बह गईं। कई भेड़ें घायल भी हैं। पशुपालक कुलदीप ने बताया कि कुत्तों ने भेड़ को खाया नहीं, सिर्फ मारकर छोड़ दिया। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक मदद की मांग की है, ताकि वे फिर से अपना रोजगार संभाल सकें।

6 बेटियों के पिता की अपील रंग लाई: CM सैनी के निर्देश पर 2 घंटे में मिला गैस सिलेंडर

फरीदाबाद. फरीदाबाद के मुजेसर क्षेत्र के आजाद नगर की झुग्गियों में रहने वाले एक परिवार ने सिलेंडर के लिए सीएम से गुहार लगाते हुए अपनी समस्या सोशल मीडिया पर उठाई है। परिवार के मुखिया ओम कुमार ने रसोई गैस सिलेंडर न मिलने की परेशानी को लेकर हरियाणा के सीएम से मदद की अपील की थी। सीएम से मद की अपील के कुछ देर बाद ही व्यक्ति के घर गैस सिलेंडर पहुंचा दिया गया है, जिसके बाद उसने सीएम का धन्यवाद जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर मैसेज लिखकर अपनी स्थिति बताई और कहा कि उनके घर में कई दिनों से गैस खत्म हो चुकी है। जिससे परिवार के सामने भोजन बनाने की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। सोशल मीडिया पर सीएम को भेजी समस्या परेशान होकर ओम कुमार ने हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी को सोशल मीडिया के जरिए अपनी समस्या बताई है। उन्होंने सीएम कार्यालय सीएमओ हरियाणा को भी संदेश भेजकर मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने यह भी लिखा कि 24 मार्च को उन्होंने गैस सिलेंडर के लिए बुकिंग करवाई थी और उन्हें 27 मार्च की तारीख दी गई थी। लेकिन जब वह सिलेंडर लेने पहुंचे तो एजेंसी ने उन्हें 10 अप्रैल की नई तारीख दे दी। उन्होंने सीएम से आग्रह करते हुए लिखा कि उनके परिवार में 6 बेटियां हैं और अगर जल्द सिलेंडर नहीं मिला तो उनके परिवार को भूखे रहने की नौबत आ सकती है। ओम ने परिवार के साथ तस्वीर की शेयर ओम कुमार ने एक और संदेश में अपनी पत्नी और 6 बेटियों के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि उनकी बेटियों का चेहरा देखकर उनकी मदद की जाए। उन्होंने लिखा कि अगर उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिला तो वह अपने परिवार को खाना कैसे खिलाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि एजेंसी की ओर से उन्हें सिलेंडर नहीं दिया जा रहा है, इसलिए सरकार से मदद की उम्मीद है।

आस्था की यात्रा शुरू: रामलला दर्शन के लिए भारत गौरव ट्रेन रवाना, CM सैनी करेंगे शुभारंभ

अंबाला. मुख्यमंत्री तीर्थ योजना के तहत 28 मार्च को अम्बाला छावनी रेलवे स्टेशन से अयोध्या धाम के लिए स्पेशल ट्रेन चलेगी। इस ट्रेन को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। अम्बाला छावनी रेलवे स्टेशन से 28 मार्च को बाद दोपहर 4 बजे अम्बाला से अयोध्या के लिए स्पेशल ट्रेन जाएगी तथा यहां से अम्बाला, पंचकूला व यमुनानगर के श्रद्धालु जिन्होंने सरल पोर्टल पर पंजीकरण किया था वे यहां से अयोध्या यात्रा के लिए रवाना होंगे। मंडल वाणिज्य प्रबंधक नवीन कुमार झा ने बताया कि सभी श्रद्धालुओं को यात्रा के लिए मैसेज कर दिया गया है। रेलवे विभाग से आए अधिकारियों को स्टेशन की साफ-सफाई व्यवस्था बारे, आईआरसीटीसी रेलवे से आए सम्बन्धित को ट्रेन से सम्बन्धित डैकोरेशन व्यवस्था के साथ-साथ श्रद्धालुओं के लिए ट्रेन में जलपान की व्यवस्था के साथ-साथ अन्य कार्य करने बारे, रेलवे जीआरपी से आए सम्बन्धित पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा की दृष्टि से व्यवस्था करने बारे, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 28 मार्च के दिन स्टेशन परिसर में हैल्प डैस्क की व्यवस्था करने बारे, स्टेशन परिसर से श्रद्धालुओं को ट्रेन में ले जाने के लिए वॉलंटियर्स की व्यवस्था करने  अम्बाला छावनी एसडीएम कार्यक्रम स्थल का जायजा ले रहें है ताकि जो भी व्यवस्थाएं कार्यक्रम के दृष्टिगत करनी है वे समय रहते होनी सुनिश्चित हो सके। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के पात्र बुजुर्ग श्रद्धालुओं को विभिन्न तीर्थ स्थलों की निशुल्क तीर्थ यात्रा करवाने के लिए मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना शुरू की गई है। इसी कड़ी में अम्बाला छावनी रेलवे स्टेशन से श्रद्धालुओं के लिए अयोध्या के लिए विशेष ट्रेन 28 मार्च को चलेगी। यह ट्रेन यहां से कुरूक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत होते हुए दिल्ली के रास्ते होते हुए अयोध्या के लिए जाएगी। उन्होंने बताया कि यह भारत गौरव नामक विशेष ट्रेन में 270 के लगभग यात्रियों की बुकिंग की गई है लेकिन प्रदेश सरकार की जांच के बाद कितने लोग इसमें सवार होंगे यह लिस्ट आनी बाकी है! 31 मार्च को यह ट्रेन अयोध्या से वापस अंबाला पहुंचेगी। वही उन्होने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से राज्य सरकार के अलावा रेलवे की GRP व RPF भी तैनात रहेगी।