samacharsecretary.com

सरकारी योजना की सौगात: धनसिंह के परिवार को मिला पक्का आशियाना

रायपुर, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) से कोंडागांव जिले के नगर पंचायत फरसगांव के वार्ड क्रमांक 8 के निवासी श्री धनसिंह हिडको के पक्के मकान सपना पूरा हुआ। उन्होंने बताया कि वर्षों तक अपने परिवार के साथ एक कच्चे मकान में निवास करता था। हर मौसम अपने साथ नई परेशानी लेकर आता था। बारिश के दिनों में छत से पानी टपकता था, कच्ची दीवारों से नमी रिसती थी और हर साल छत की मरम्मत में मेहनत और पैसा दोनों लगते थे। ऐसे हालात में परिवार की सुरक्षा और बच्चों का भविष्य चिंता का विषय बना रहता था। उन्होंने बताया कि मेरी पत्नी की हमेशा यह इच्छा थी कि हमारा भी एक पक्का घर हो, जहाँ हम सुरक्षित और सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें। लेकिन एक सामान्य किसान के लिए पक्का मकान बनवाना केवल एक सपना ही था। तभी वार्ड में मुनादी और शिविर के माध्यम से उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी मिली, जिसके तहत शासन द्वारा पात्र हितग्राहियों को पक्के मकान निर्माण के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। धनसिंह ने आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन किया और सभी प्रक्रियाएँ पूरी कीं। जब स्वीकृति मिली तो उनकी पत्नी की आँखें खुशी से नम हो गईं। धीरे-धीरे निर्माण कार्य शुरू हुआ और कुछ ही समय में उनके सपनों का पक्का घर तैयार हो गया। अब उनका परिवार सुरक्षित वातावरण में रह रहा है, जहाँ बारिश और मौसम की मार का भय नहीं है। धनसिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना कई गरीब परिवारों के पक्का मकान के सपना को पूरा कर रही है।

भाजपा उपाध्यक्ष का बगावती कदम: अरविंद खन्ना ने पार्टी छोड़ी, राज्य में राजनीतिक हलचल

चंडीगढ़  भारतीय जनता पार्टी (BJP) की पंजाब इकाई के उपाध्यक्ष अरविंद खन्ना  संगरूर में शिरोमणि अकाली दल (SAD) में शामिल हो गए। BJP की पंजाब इकाई में शामिल होने से पहले खन्ना कांग्रेस के विधायक थे। खास बात है कि पंजाब में साल 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। फिलहाल, राज्य में मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी सरकार है। SAD प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने संगरूर में खन्ना के घर का दौरा किया, जहां उन्होंने पूर्व विधायक को SAD में शामिल किया। बादल ने कहा कि उन्हें अपने मित्र का SAD में स्वागत करते हुए और उन्हें संगरूर विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त करते हुए खुशी हो रही है। पूर्व कांग्रेस विधायक और व्यवसायी खन्ना जनवरी 2022 में BJP में शामिल हुए थे। वह 2002 में संगरूर विधानसभा क्षेत्र से और 2012 में धुरी सीट से कांग्रेस के टिकट पर विधायक चुने गए थे। खन्ना ने 2022 के विधानसभा चुनाव में संगरूर सीट से और 2024 के लोकसभा चुनाव में संगरूर संसदीय क्षेत्र से BJP के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली थी। पार्टी में शामिल होने के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए खन्ना ने कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत SAD से की थी और पार्टी में दोबारा शामिल होने को उन्होंने 'घर वापसी' बताया। संगरूर विधायक ने भाजपा पर लगाए ऑपरेशन लोटस के आरोप संगरूर सीट से आप विधायक नरिंदर कौर भरज ने गुरुवार को दावा किया था कि भाजपा ने उन्हें टिकट देने की पेशकश की है। उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का नाम लिया था। हालांकि, सैनी ने आरोपों का खंडन किया था। पीटीआई भाषा के अनुसार, जब पत्रकारों ने भरज के दावों पर टिप्पणी के लिए सैनी से संपर्क किया, तो मुख्यमंत्री ने कहा, मैं उन्हें नहीं जानता, न ही उनके निर्वाचन क्षेत्र को जानता हूं जिसका वह प्रतिनिधित्व करती हैं।' संगरूर सीट से आप विधायक ने यह भी दावा किया कि उन्हें बंद कमरे में बैठक की पेशकश की गई थी। दावे पर फरीदाबाद में मीडियाकर्मियों के सवालों पर सैनी ने पूछा, 'कब?' इससे पहले, भरज ने यहां मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए दावा किया कि भाजपा के 'ऑपरेशन लोटस' के तहत सैनी ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की और कुछ दिन पहले उनसे बात भी की थी। उन्होंने दावा किया कि सैनी ने बंद कमरे में एक बैठक का प्रस्ताव रखा।

गोद ग्राम टेमरी के ग्रामीणों ने किया लोकभवन का शैक्षिक भ्रमण

रायपुर, राज्यपाल रमेन डेका की पहल पर लोकभवन की गतिविधियों से जनसामान्य को जोड़ने के उद्देश्य से लोकभवन का भ्रमण कराया जा रहा है। इसी कड़ी में बेमेतरा जिले के ग्राम टेमरी के जनप्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूहों के सदस्यों और अन्य ग्रामीणों ने सरपंच शिवमूर्ति कोसले और विहान स्व-सहायता समूहों की प्रमुख सुश्री गीता बंजारे के साथ आज लोकभवन का भ्रमण किया। लोकभवन परिसर स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम, उदंती परिसर, कन्हार परिसर, डिस्पेंसरी, सचिवालय की विभिन्न शाखाओं और हरे-भरे उद्यान का भ्रमण कराया गया और इन स्थानों के संबंध में उन्हें विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई। ग्रामीणों ने परिसर में स्थापित तोप का भी अवलोकन किया यह वर्ष 1971 के भारत पाकिस्तान युद्ध के दौरान उपयोग में लाया गया था। भ्रमण एवं अवलोकन के बाद ग्रामीणों ने बताया कि लोकभवन में आकर उन्हें बहुत आनंद का अनुभव हो रहा है। उल्लेखनीय है कि इस ग्राम को राज्यपाल डेका ने गोद लिया है।

रोहतक में रोहिंग्या बाहर करने के लिए 3 गांवों की हुई पंचायत

रोहतक. रोहतक जिले के महम क्षेत्र में रोहिंग्या समुदाय के कथित अवैध तौर पर रहने को लेकर विवाद सामने आया है। रविवार को महम के अशोक नगर, इमलीगढ़ और किशनगढ़ गांव के ग्रामीणों की संयुक्त पंचायत में आरोप लगाया गया कि क्षेत्र में रह रहे रोहिंग्या परिवारों के कारण अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं। पंचायत ने प्रशासन से उन्हें क्षेत्र से निकालने की मांग की और चेतावनी दी कि 10 दिन के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण स्वयं बड़ा फैसला लेंगे। बैठक में रोहिंग्या समुदाय के लेबर प्रधान को भी बुलाया था। दूसरी ओर, जमीन मालिक जसवंत ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ये परिवार उनकी जमीन पर किराये पर रह रहे हैं और उनके पहचान संबंधी राशन कार्ड व वोटर कार्ड आदि सभी दस्तावेज प्रशासन व पुलिस के पास हैं। ये लोग असम से आए हैं और करीब आठ वर्षों से महम क्षेत्र में रह रहे हैं। पंचायत की अध्यक्षता भाजपा नेता अजीत अहलावत और महम के पार्षद विकास श्योराण ने की। महम थाना एसएचओ सब इंस्पेक्टर सुरेश ने बताया, इस बारे में शिकायत नहीं आई है। पुलिस अक्सर जांच करती रहती है। झुग्गियों में रहने वाले असम के रहने वाले हैं। लगभग दो सप्ताह पहले ही सभी की आईडी जांचीं थीं। गतिविधियों को बताया संदिग्ध पंचायत में वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र में रह रहे रोहिंग्या परिवारों की गतिविधियां संदिग्ध हैं और उनके कारण अपराध बढ़ने की आशंका है। भाजपा नेता अजीत अहलावत ने कहा कि सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।

रांची हेल्थॉन 2026 हाफ मैराथन के अमरदीप और बिरसी बने चैंपियन

रांची. सुबह के 5 बजे से ही मोरहाबादी मैदान में कदमों की थाप और जोश की लहरें गूंजने लगीं। वजह थी दैनिक जागरण आईनेक्स्ट की ओर से आयोजित हेल्थॉन 2026 हाफ मैराथन। सूरज की पहली किरण के साथ हजारों धावक- युवा, बुजुर्ग, प्रोफेशनल रनर्स से लेकर आम फिटनेस लवर तक एक साथ मैदान पर उतर आए। यह सिर्फ दौड़ नहीं थी, बल्कि स्वास्थ्य जागरूकता का महोत्सव था, जहां हर कदम ने संदेश दिया- फिट रहो, जिंदगी जियो। झारखंड की शान मिस यूनिवर्स झारखंड 2025 रिया तिर्की ने किया धमाकेदार फ्लैग-ऑफ। अपनी खूबसूरती और आत्मविश्वास से रिया ने सभी धावकों का हौसला बढ़ाया। कार्यक्रम में काफी देर तक रहीं और कहा, यह पहल कमाल की है। हर किसी को अपनी सेहत के प्रति जागरूक रहना चाहिए। रेगुलर एक्सरसाइज से जिंदगी बदल सकती है। रिया के अलावा रांची म्यूनिसिपल कमिश्नर आईएएस सुशांत गौरव, अडानी एसीसी के रीजनल ट्रेड सेल्स मैनेजर अंजन मंडल, कृष्णा कच्ची घानी मस्टर्ड आयल के डिप्टी मैनेजर अरुण गुप्ता, दैनिक जागरण के जीएम पारितोष झा, आईनेक्स्ट के डिप्टी एडिटर सौरभ सुमन, संपादकीय प्रभारी नदीम अख्तर भी इस उत्सव में शामिल रहे। चार कैटेगरी में हजारों ने रचा इतिहास  टोप्पो होटल से यूटर्न वाली इस रोमांचक दौड़ में सुबह 6:25 बजे 21 किमी की हाफ मैराथन शुरू हुई। उसके 5 मिनट बाद 10 किमी, फिर 5 किमी और आखिर में 2 किमी फन रन के धावक मैदान पर छा गए। पूरा रास्ता ऊर्जा, हंसी और प्रेरणा से भरा रहा। विजेताओं की चमकती ट्रॉफी और गर्व भरी जीत   21 किमी बॉयज में अमरदीप उरांव ने बाजी मारी—1 घंटा 13 मिनट 24 सेकंड में फिनिश। देवी दयाल कसना दूसरे और अनूप उरांव तीसरे रहे।   21 किमी गर्ल्स में बिरसी कुमारी ने कमाल किया—1 घंटा 31 मिनट 11 सेकंड। सुमन दूसरे और आरती कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं।   10 किमी बॉयज में सतीश कुमार महतो पहले, हेमंत कुमार महतो दूसरे, सुरेश उरांव तीसरे रहे।   10 किमी गर्ल्स में सीमा कुमारी पहले, अंजू कुमारी दूसरे, प्रज्ञा नीलम तीरू तीसरे स्थान पर रहीं।   5 किमी बॉयज में राजू कुमार पहले, प्रकाश मुंडा दूसरे, करण पाहन तीसरे रहे।   5 किमी गर्ल्स में रीतू कुमारी टॉप पर, दीपा पासवान और सीखा मंडी क्रमशः दूसरे-तीसरे स्थान पर रहीं। हर विजेता को पुरस्कार और सम्मान से नवाजा गया। यह दौड़ सिर्फ स्पीड की नहीं, बल्कि इच्छाशक्ति, एकजुटता और स्वस्थ जीवन की जीत थी।

SGPC अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी कल गुरुद्वारे का करेंगे उद्घाटन

रायपुर. सिक्ख पंथ की सर्वोच्च संस्था के अध्यक्ष, एसजीपीसी के प्रधान हरजिंदर सिंह धामी का एक दिवसीय प्रवास छत्तीसगढ़ में 17 फरवरी को होने जा रहा है. वे विमान द्वारा सुबह अमृतसर से रायपुर पहुंचेंगे. उनके भव्य स्वागत की तैयारी की जा रही है. स्वागत उपरांत वे होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल में छत्तीसगढ़ की सभी गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी, सामाजिक संस्थानों के पदाधिकारियों के साथ छत्तीसगढ़ में चल रही सिक्ख समाज की गतिविधियों पर चर्चा करेंगे. इसके बाद वे बिलासपुर रोड रांवाभाठा में निर्मित भव्य ऐतिहासिक गुरुद्वारे का उद्घाटन करेंगे. शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी अमृतसर के मार्गदर्शन में भव्य गुरमत संगीत विद्यालय का भी यहां शुभारंभ होगा. इस गुरुद्वारे की साज-सज्जा आधुनिक और आकर्षक शैली में की गई है, जिसकी भव्यता देखते ही बन रही है. इस पूरे आयोजन को मूर्त रूप प्रदान कर रहे समाजसेवी जगजीत सिंघ खनूजा, जी.एस. भाम्बरा व रावांभाठा के नवीनीकृत गुरुद्वारे के प्रभारी अजीत सिंग ने सर्व सिक्ख समाज से अपील की है कि पंथ की सर्वोच्च संस्था के अध्यक्ष धामी के भव्य स्वागत के लिए सभी माना विमानतल पहुंचकर और गुरुद्वारे के उद्घाटन समारोह में अधिकाधिक संख्या में सम्मिलित होकर गुरु घर की खुशियां प्राप्त करें. इस कार्यक्रम में दरबार साहिब के रागी जत्थे सिक्ख गुरु गाथा का गुणगान कर गुरु नाम लेवा संगत को निहाल करेंगे. उद्घाटन के पश्चात् धामी, अमरजीत सिंग छाबड़ा के विशेष आग्रह पर अपने पूरे काफिले के साथ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के कार्यालय भी पहुंचेंगे. जहां भी वे सिक्ख पंथ की गतिविधियों एवं विकासपरक योजनाओं पर चर्चा कर अपनी राय व मार्गदर्शन देंगे. इस पूरे कार्यक्रम में सिक्ख फोरम के अध्यक्ष बलदेव सिंग भाटिया, राज्य अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष अमरजीत सिंग छाबड़ा समेत सिक्ख समाज के गणमान्यजन व सभी गुरुद्वारों के प्रधान प्रमुख रूप से सम्मिलित होंगे. श्रीगुरुग्रंथ साहिब का पहला प्रकाश सुबह 10 बजे भाठागांव में गुरुद्वारा गुरु नानक साहिब के नवीनीकरण के बाद मंगलवार को उद्घाटन होगा. संगत के सहयोग से इस गुरुद्वारे का जीर्णोद्धार कराया गया है. नवीनीकरण के बाद मंगलवार की सुबह 10 बजे श्रीगुरुग्रंथ साहिब का पहला प्रकाश होगा. दरअसल यह गुरुद्वारा 2004 में बनाया गया था. जीर्ण-शीर्ण अवस्था में होने के कारण इसका रिनोवेशन कराया गया. इसके तहत दरबार हॉल में नई पालकी साहिब बनवाई गई है. इंटीरियर के काम कराए गए हैं. साथ ही बेल्जियम से मंगाई कालीन लगाई गई है, जिसकी कीमत करीब 4 लाख रुपए है. गुरुद्वारे के भवन में भी रंग-रोगन किया गया है. बाहर पंजाब से मंगाया गया स्टील का खंडा स्थापित किया गया. वहीं 100 फीट लंबा व 40 फीट चौड़ा लंगर भवन भी तैयार किया गया है. गुरुद्वारे के इंचार्ज अजीत सिंह ने बताया कि दोपहर 3 बजे तक गुरमत समागम में श्रीदरबार साहिब के हजूरी रागी भाई स्वरूप सिंह कीर्तन करेंगे, जबकि भाई गुरसेवक जीत सिंह का ढाढ़ी जत्था गुरु इतिहास का वाचन करेगा. गुरमत संगीत विद्यालय का उद्घाटन, बच्चे सीखेंगे संगीत गुरुद्वारे के उद्घाटन के बाद वहां गुरमत संगीत विद्यालय शुरू किया जाएगा. यहां बच्चों को नि:शुल्क संगीत सिखाया जाएगा. हर समाज के बच्चे इसमें शामिल हो सकेंगे. इसके अलावा वहां जरूरतमंदों के लिए 8 कमरों की सराय बनाई गई है. जहां रात्रि विश्राम की व्यवस्था रहेगी.

जीविका दीदी ने CM नीतीश कुमार को सुनाई रियल स्टोरी

मुजफ्फरपुर. बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के सकरा प्रखंड के मोहद्दीपुर की रहने वाली चंदू भारती ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से सोमवार को लाइव संवाद किया। यह कार्यक्रम समाहरणालय सभागार में आयोजित किया गया था। चंदू भारती ने जीविका से जुड़ने के बाद अपने जीवन में आए बदलाव की चर्चा की। उन्होंने मुख्यमंत्री को नीतीश भैया कहकर संबोधित किया। उन्होंने बताया कि जीविका से जुड़ने के बाद आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त हो रही हैं। नल जल योजना का लाभ मिला, बच्चों को नियमित पोशाक की राशि मिल रही है। दस हजार रुपये उन्हें पिछली बार मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत मिले थे। उन्होंने इसमें कुछ राशि मिलाकर गाय खरीदी और अब इससे रोजगार कर रही हैं। उनका सपना है कि इस योजना से दो लाख रुपये मिलेंगे तो इससे सिलाई सेंटर अपने दरवाजे पर खोलेंगी। जीविका दीदी ने सीएम को दिया धन्यवाद कार्यक्रम के दौरान सकरा प्रखंड के महदीपुर निवासी जीविका दीदी चंदू भारती ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री के समक्ष अपना अनुभव साझा किया। सीएम को भैया संबोधित करते हुए इस योजना को महिलाओं के जीवन में बदलाव लाने वाली पहल बताया और सभी जीविका दीदियों की ओर से धन्यवाद दिया। चंदू भारती ने कहा कि सरकार की इस पहल से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है। वे अब अपने पैरों पर खड़ी होकर परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी संभाल रही हैं। इस योजना से हमारे जैसे लोगों को बहुत फायदा हुआ है इस योजना से गांव की महिलाओं की स्थिति सुधर रही है। पहले से ज्यादा सशक्त बन रही हैं। अब हमलोग दूसरों के बारे में सोच रहे हैं। पहली बार 10 हजार रुपए मिला तो उसमें कुछ अपना पैसा मिलाकर गाय खरीदी। इससे रोजगार कर रही हूं। 2 लाख रुपए मिलने पर अपने घर पर ही सिलाई सेंटर खोलने की योजना है। यहां गांव की महिलाओं को ट्रेनिंग देकर उन्हें रोजगार मुहैया कराने की कोशिश रहेगी। महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक जीवन में परिवर्तन जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने सभी जीविका दीदियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के माध्यम से महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक जीवन में व्यापक परिवर्तन आया है। पहले जो महिलाएं केवल लाभार्थी के रूप में देखी जाती थीं, आज वे सफल उद्यमी के रूप में अपनी पहचान बना रही हैं। वे न केवल अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही हैं, बल्कि अन्य महिलाओं को भी रोजगार उपलब्ध कराकर सामूहिक सशक्तिकरण की मिसाल कायम कर रही हैं। यह योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के साथ-साथ सामाजिक बदलाव का भी प्रतीक है। गांव से लेकर शहर तक महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर नई कहानी गढ़ रही हैं और बिहार की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। प्रशासन की ओर से जीविका दीदियों को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। उनके स्वरोजगार कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। अब तक भेजी गई राशि का विवरण योजना के तहत 26 सितंबर 2025 को 3,41,211 लाभार्थियों के खातों में 341.21 करोड़, 3 अक्टूबर 2025 को 97,448 लाभार्थियों को 97.44 करोड़, 24 अक्टूबर 2025 को 1,60,585 महिलाओं के खातों में 160.58 करोड़, 31 अक्टूबर 2025 को 7,548 लाभार्थियों को 7.54 करोड़ रुपए मिले। इसके अतिरिक्त, 28 नवंबर 2025 को 50,547 लाभार्थियों के खातों में 50.54 करोड़ और 11 दिसंबर 2025 को 17,670 लाभार्थियों को 17.67 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई गई। यहां पर स्वयं और गांव की महिला और युवतियों को सिलाई का प्रशिक्षण देकर उन्हें भी रोजगार मुहैया कराएंगी। उन्होंने कहा कि जीविका से जुड़ने के बाद उनकी सोच भी विकसित हुई है। अब वे अपने साथ दूसरे महिलाओं के बारे में भी सोच रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया और कहा कि इस योजना से गांव-गांव की महिलाओं की स्थिति तेजी से सुधर रही है और वे सशक्त बन रही हैं।

राज्यपाल पटेल से केरल के पार्षदों की मुलाकात, राजधानी के स्वच्छता मॉडल की सराहना

राज्यपाल  पटेल से केरल राज्य के पार्षदगणों ने की मुलाकात राजधानी के स्वच्छता प्रबंधन कार्यों की सराहना की भोपाल  राज्यपाल  मंगुभाई पटेल से रविवार को लोकभवन में केरल राज्य के विभिन्न स्थानीय निकायों के पार्षद एवं जनप्रतिनिधियों ने शिष्टाचार भेंट की। राज्यपाल  पटेल ने सभी का आत्मीय स्वागत कर परिचय प्राप्त किया। उनके क्षेत्र के राजनैतिक और प्रशासनिक नवाचारों की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी भी मौजूद थे। राज्यपाल  पटेल ने कहा कि मध्यप्रदेश के भ्रमण पर आए केरल के जनप्रतिनिधि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के “सबका साथ-सबका विकास” के मंत्र के साथ समाज और राष्ट्र की सेवा करें। प्रदेश सरकार के अनुकरणीय नवाचारों और भ्रमण के अनुभवों को अपने क्षेत्रों में जनकल्याणकारी और विकासात्मक कार्यों  में लागू करें। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं को अंतिम पंक्ति तक पहुँचाने में आपकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी से स्थानीय शासन को और अधिक प्रभावी बनाएं। हमेशा गरीब, वंचितों और जरूरतमंदों की सेवा के संकल्प का पालन करें। राज्यपाल  पटेल से केरल के जनप्रतिनिधियों ने मध्यप्रदेश भ्रमण के अनुभव साझा किए। देश की स्वच्छतम राजधानी के रूप में भोपाल के सफ़ाई प्रबन्धन की सराहना की। प्रदेश के जल प्रबन्धन, स्मार्ट सिटी परियोजना, कचरा निस्तारण, सौर ऊर्जा आदि की चर्चा की। शिष्टाचार भेंट कार्यक्रम में राजभवन के अधिकारी और प्रदेश में निवासरत मलयाली समाज के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।  

काला हिरण मामले में सलमान खान को बड़ी राहत, हाईकोर्ट ने अनादर बेंच को जारी किए आदेश

जोधपुर बहुचर्चित कांकाणी काला हिरण शिकार प्रकरण में सोमवार को राजस्थान हाईकोर्ट में अहम सुनवाई हुई. राजस्थान हाई कोर्ट के जस्टिस बलजिंदर सिंह संधू ने सुनवाई से किया इनकार. कोर्ट ने पुट अप अनादर बेंच के दिए निर्देश. अब मामले में किसी अन्य बेंच में होगी सुनवाई. अभिनेता सलमान खान की भूमिका से जुड़ी अपील पर अदालत को विचार करने के लिए याचिका दायर की गई थी. जोधपुर की निचली अदालत ने 5 अप्रैल 2018 को सलमान खान को पांच साल के जेल की सजा सुनाई थी. इस फैसले के खिलाफ उन्होंने हाईकोर्ट में अपील दायर कर रखी है, जिस पर अब सुनवाई होनी है. इससे पहले उनके अधिवक्ता हस्तीमल सारस्वत ने सभी संबंधित अपीलों पर एक साथ सुनवाई की मांग की थी, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया था. इसी प्रकरण में सह-अभियुक्त सैफ अली खान, तब्बू, नीलम, सोनाली बेंद्रे और स्थानीय निवासी दुष्यंत सिंह को ट्रायल कोर्ट ने बरी कर दिया था. राज्य सरकार ने इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी है. सरकार की ओर से दायर ‘लीव टू अपील’ याचिका पर भी सुनवाई निर्धारित की गई थी. अब अदालत राज्य की अपील को अस्वीकार कर लिया है. इसके अतिरिक्त, 15 अक्टूबर 1998 को लूणी थाने में दर्ज आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले की अपील भी 21 मार्च 2022 को हाईकोर्ट में स्थानांतरित की जा चुकी है. क्या है काला हिरण शिकार का पूरा मामला? साल 1998 में फिल्म ‘हम साथ-साथ हैं’ की शूटिंग जोधपुर के आसपास ग्रामीण इलाकों में चल रही थी. इसी दौरान आरोप लगा कि सलमान खान समेत अन्य कलाकारों ने काले हिरणों का शिकार किया. इस घटना के बाद सलमान खान के खिलाफ हिरण शिकार के तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए गए, जबकि एक मामला अवैध हथियार रखने से संबंधित था. निचली अदालत ने दो मामलों में उन्हें पांच-पांच वर्ष की सजा सुनाई, जबकि एक अन्य मामले में एक वर्ष का कारावास दिया गया. अब हाईकोर्ट में एक साथ होने वाली सुनवाई से इस लंबे समय से चल रहे मामले में अहम मोड़ आने की उम्मीद की जा रही है.

मेले में गोलगप्पे खाने से 25 से अधिक बच्चे बीमार

पलामू. पांकी थाना क्षेत्र के द्वारिका इलाके में महाशिवरात्रि मेले के दौरान गोलगप्पा खाने के बाद 25 से अधिक बच्चे बीमार हो गए। सभी बच्चों को उल्टी-दस्त और डिहाइड्रेशन की शिकायत है। अधिकांश बच्चों का इलाज ग्रामीण स्तर पर ही कराया जा रहा है। मामले की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव के लिए रवाना हो गई। एंबुलेंस भी भेजी गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया जा सके। जानकारी के अनुसार, द्वारिका के रघुआखाड़ में महाशिवरात्रि के मौके पर मेला लगा था। मेले में द्वारिका, यादव टोला, जमुआटांड़ समेत आसपास के गांवों के बच्चों ने गोलगप्पा खाया था। रविवार रात से एक-एक कर बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। सोमवार सुबह कई बच्चों की स्थिति और खराब हो गई। इसके बाद ग्रामीणों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पांकी को सूचना दी। अलर्ट पर स्वास्थ्य विभाग द्वारिका निवासी ध्रुव कुमार गुप्ता ने बताया कि उनके बेटे ने भी मेले में गोलगप्पा खाया था, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। स्थानीय स्तर पर उसका इलाज कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गांव के कई अन्य बच्चे भी बीमार पड़े हैं। इधर, पांकी के चिकित्सा प्रभारी डॉ. महेंद्र प्रसाद ने बताया कि कई बच्चों के बीमार होने की सूचना मिली है। स्वास्थ्य विभाग की टीम और एंबुलेंस को मौके पर भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है। कुछ ग्रामीण अपने स्तर पर भी बच्चों का इलाज करा रहे हैं।