samacharsecretary.com

क्रिकेट से समाज सेवा तक: शेफाली वर्मा को मिला बड़ा जिम्मा, बनीं हरियाणा महिला आयोग की ब्रांड एंबेसडर

चंडीगढ़ हरियाणा की विश्व चैम्पियन क्रिकेटर शेफाली वर्मा ने आज मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने संत कबीर कुटीर में शेफाली का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें हरियाणा सरकार की ओर से 1.50 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार तथा ग्रेड-ए ग्रेडेशन सर्टिफिकेट प्रदान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शेफाली वर्मा ने ना केवल हरियाणा प्रदेश बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि शेफाली आज देश के सभी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, “हरियाणा की बेटियां हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं, और शेफाली वर्मा ने खेल जगत में नया इतिहास रचा है।” इसी के साथ, हरियाणा महिला आयोग ने भी शेफाली वर्मा को अपना ब्रांड एंबेसडर नियुक्त करने की घोषणा की।   शेफाली वर्मा ने मुख्यमंत्री और हरियाणा सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “हरियाणा पूरे देश के लिए खेलों का रोल मॉडल बन चुका है। सरकार द्वारा खिलाड़ियों को जो प्रोत्साहन और सम्मान मिल रहा है, वह वाकई सराहनीय है।” उन्होंने अपने परिवार सहित मुख्यमंत्री और राज्य सरकार का धन्यवाद किया।

मुख्यमंत्री निवास में 13 नवंबर गुरुवार को होगा जनदर्शन

रायपुर मुख्यमंत्री निवास रायपुर में 13 नवंबर गुरुवार को जनदर्शन का आयोजन दोपहर 12:00 बजे से 3:00 बजे तक किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय इस अवसर पर प्रदेशवासियों से सीधे संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं का निराकरण करेंगे। मुख्यमंत्री श्री साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का त्वरित और संवेदनशील निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को समयबद्ध समाधान मिल सके। राज्य सरकार के जनदर्शन कार्यक्रम का उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। यह पहल मुख्यमंत्री श्री साय की जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता और पारदर्शी सुशासन के संकल्प को दर्शाती है, जिससे आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित हो सके।

कलेक्टर के निर्देश पर प्रशासन सख्त, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारी तेज़

देर रात हुई कार्रवाई, अवैध धान परिवहन और भंडारण पर कसी लगाम महासमुंद धान खरीदी के पूर्व जिला प्रशासन अवैध धान परिवहन, भंडारण एवं विक्रय पर सख्त रुख अपनाते हुए लगातार कार्रवाई कर रहा है। कलेक्टर श्री विनय लंगेह के निर्देश पर राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमों ने देर रात तक कई स्थानों पर छापामार कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में अवैध धान जप्त किया है। तहसील सराईपाली के ग्राम बालसी में देर रात अनिल ट्रेडर्स के गोदाम से 375 कट्टा और रोशन ट्रेडर्स के गोदाम से 50 कट्टा अवैध धान जप्त किया गया। यह कार्रवाई राजस्व विभाग, खाद्य निरीक्षक और मंडी सचिव की संयुक्त टीम द्वारा मंडी अधिनियम के तहत की गई। इसी प्रकार ओड़िशा सीमा से अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे 80 कट्टा धान को नायब तहसीलदार प्रकृति एवं मंडी टीम द्वारा जब्त किया गया। एक अन्य कार्रवाई में तहसील पिथौरा अंतर्गत ग्राम छोटे लोरम में साहेब लाल पटेल के गोदाम से 600 बोरी, ग्राम लालमाटी में बीसीकेशन पिता रूपसाय के घर से 200 बोरी, तथा गोमती पति गंगाराम के घर से 100 बोरी अवैध धान प्रशासनिक टीम ने जब्त किया। यह कार्रवाई एसडीएम पिथौरा श्री बजरंग वर्मा के मार्गदर्शन में की गई तथा मंडी सचिव को मंडी अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर श्री विनय लंगेह ने कहा कि धान खरीदी प्रारंभ होने से पूर्व कोई भी व्यक्ति या व्यापारी अवैध रूप से धान का भंडारण या परिवहन न करे। नियम विरुद्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले की सीमाओं पर निगरानी और सघन जांच अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहेगा, ताकि समर्थन मूल्य पर खरीदी में किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवैध परिवहन, भंडारण न हो सके।

फर्जी ऐप से नकली ट्रांज़ैक्शन कर ठगी: रील ने सिखाया तरीका, पुलिस ने पकड़ा जोड़ा

देवास सोशल मीडिया जैसे-जैसे बढ़ रहा है, वैसे ही अपराध करने के नए तरीके भी निकाले जा रहे हैं। इसका ताजा उदाहरण देवास शहर में देखने को मिला। यहां एक बंटी-बबली की जोड़ी ने मोबाइल पर रील देखकर फर्जी पेमेंट एप के बारे में सीखा और शहर के दो दुकानदारों को चूना लगा दिया। दोनों वारदातें सीसीटीवी में कैद हो गईं, जिसके चलते आखिरकार आरोपित जोड़ी को पकड़ लिया गया। मामले का खुलासा पुलिस कप्तान पुनीत गेहलोद ने बुधवार को पत्रकार वार्ता के दौरान किया। एसपी गेहलोद ने बताया कि 4 नवंबर को कोतवाली क्षेत्र में दिलीप सोनी की नावेल्टी चौराहा स्थित रत्नराज ज्वैलरी दुकान से शाम करीब 6 बजे युवक-युवती ने चांदी की पायल और अंगूठियां खरीदीं। कुल 6700 रुपये का भुगतान संबंधित व्यक्ति ने फोनपे क्यूआर के माध्यम से अपने मोबाइल से करते हुए स्क्रीन शाट दिखाया।   इधर दुकानदार को वह भुगतान नहीं मिला, तो संबंधित ने अपना मोबाइल नंबर दिया और कहा कि भुगतान नहीं मिले तो फोन लगा देना। इसके बाद मोटरसाइकिल से युवती-युवती वहां से रवाना हो गए। सोनी ने जब जांच की तो पता चला कि उसके साथ धोखाधड़ी हो गई है। अगले दिन सोनी ने कोतवाली थाने पर मामले की शिकायत की। इस प्रकार की ठगी दोनों युवक-युवती द्वारा नावेल्टी चौराहा स्थित इलेक्ट्रानिक दुकान पर भी कर गए। वहां से 18500 रुपये कीमत का एलईडी टीवी इसी प्रकार का फर्जी पेमेंट कर ले गए। कोतवाली टीआई श्यामचंद्र शर्मा ने बताया कि दोनों मामलों में जांच करने पर पता चला कि यह ठग जोड़ी दुकानदारों को फर्जी पेमेंट एप के माध्यम से धोखा देकर फरार हो गई है। इसके बाद पुलिस की टीमों को दुकानों व आसपास के सीसीटीवी कैमरों के साथ मुखबिरों को सक्रिय कर आरोपितों को पकड़ने के काम में लगाया गया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान दीपक वर्मा निवासी ग्राम गदईशा पिपलिया जिला देवास और बबली के रूप में हुई। पुलिस ने लगातार आरोपितों की तलाश के बाद आखिरकार राजगढ़ से उन्हें पकड़ने में सफलता हासिल की। दोनों के कब्जे से टीवी और आभूषण जब्त किए गए हैं। पूछताछ में पता चला कि युवती ने सोशल मीडिया पर रील देखकर फर्जी पेमेंट एप के बारे में जानकारी ली। इसके बाद मोबाइल के प्ले स्टोर से नकली पेमेंट दिखाने वाली एप अपने मोबाइल में डाउनलोड कर लोगों को ठगने लगे। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि इन दोनों ने और कहां-कहां इस प्रकार की ठगी की है। फिलहाल दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।

भावांतर योजना में आज बढ़कर 4077 रुपए मॉडल रेट जारी

भोपाल भावांतर योजना 2025 अंतर्गत  सोयाबीन विक्रेता किसानों के लिए बुधवार 12 नवंबर को 4077 रुपए प्रति क्विंटल का मॉडल रेट जारी किया गया है। यह मॉडल रेट उन किसानों के लिए है जिन्होंने अपनी सोयाबीन की उपज मंडी प्रांगणों में विक्रय की है। इस मॉडल रेट के आधार पर ही भावांतर की राशि की गणना की जाएगी। मॉडल रेट में लगातार वृद्धि जारी रही। पहला मॉडल रेट 7 नवंबर को 4020 रुपए प्रति क्विंटल जारी किया गया था। इसी तरह 8 नवंबर को 4033 रुपए, 9 और 10 नवंबर को 4036 रुपए तथा 11 नवंबर को 4056 रुपए प्रति क्विंटल  का मॉडल रेट जारी हुआ।

मनेंद्रगढ़ को नई सौगात: बरदर जलाशय नहर जीर्णोद्धार के लिए 3.52 करोड़ की मंजूरी

स्थानीय विधायक और कैबिनेट मंत्रीश्याम बिहारी जायसवाल ने मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार रायपुर, मनेंद्रगढ़ के स्थानीय विधायक एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की पहल पर क्षेत्र को एक और सौगात मिली है। एमसीबी जिले के विकासखंड खड़गंवा की बरदर जलाशय योजना के नहर का जीर्णोद्धार कार्य की प्रशासकीय स्वीकृति जल संसाधन विभाग की तरफ से दी गयी है। यह स्वीकृति 3 करोड़ 52 लाख रुपये की  है। इस परियोजना के पूर्ण हो जाने से क्षेत्र की सिंचाई क्षमता बढ़कर 586 हेक्टेयर क्षेत्र तक पहुंच जाएगी। इससे क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिलेगी और जल संसाधनों के बेहतर उपयोग को बढ़ावा मिलेगा। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया है। वहीं मनेंद्रगढ़ की स्थानीय जनता ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए विधायक तथा कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार जताया है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए प्रशासकीय स्वीकृति मिलने के बाद कहा है कि नहर जीर्णोद्धार के कार्य से सिंचाई की क्षमता बढ़ेगी और क्षेत्र के किसानों को बेहतर फसलों के लिए एक नई दिशा मिलेगी।

पराली जलाने से बढ़ा प्रदूषण, प्रशासन की सख्ती बेअसर – जिले के 5 गांव खतरे में

गोहाना  हरियाणा के सोनीपत जिले में एयर क्वालिटी बेहद ख़राब है। इसके बावजूद भी किसान अपने खेतों में पराली जलाने से बाज नहीं आ रहे हैं। गोहाना में कृषि विभाग के अधिकारियों ने पराली जलाने के मामले में गोहाना व आस पास के गांव के तीन किसानों पर एफआईआर दर्ज करवाने के साथ-साथ पर एकड़ के हिसाब से जुर्माना व दो फसलों पर एमएसपी पर रोक लगाई है।  कृषि विभाग के अधिकारी लगातार गांव गांव जाकर किसानों को पराली न जलाने को लेकर जागरूक भी कर रहे है। सरकार की सख्ती के बावजूद किसान अपने खेतों में पराली में आग लगा रहा है। हालांकि इस साल पिछले सालों की अपेक्षा गोहाना में कम मामले सामने आए हैं। गोहाना में पांच गांवों को येलो जोन में रखा गया है।   वहीं गोहाना कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के SDO राजेंद्र कुमार ने बताया कि गोहाना क्षेत्र में तकरीबन अस्सी प्रतिशत धान की कटाई हो चुकी है। किसान धान की कटाई के बाद तुरंत नवंबर माह में गेहूं की बिजाई करता है। हमारे क्षेत्र में पचास प्रतिशत गेहूं की बिजाई हो चुकी है। इस बार किसानों द्वारा पराली जलाने के मामले बहुत की कम आए है। हमने पांच गांवों को येलो जॉन पर रखा था। सेटेलाइट के जरिए अब तक पंद्रह लोकेशन मिली है जबकि मौके से तीन ही किसानों के पराली जलाने के केस मिले है। जिनके खिलाफ सरकार के आदेश अनुसार पांच हजार का जुर्माना करते हुए उनकी रेड इंट्री पोर्टल पर कर दी है। यह किसान आगामी दो फसलें सरकारी खरीद MSP पर नहीं बेच पाएंगे।  कृषि विभाग द्वारा किसानों को पराली नहीं जलाने को लेकर जागरूक किया जा रहा है जिस के चलते पिछले साल की अपेक्षा इस बार किसानों द्वारा अपने धान की कटाई के बाद बचे अवशेष यानी पराली में आग लगाने के बजाय उसका प्रबंधन सही तरीके से किया जा रहा है। सरकार से शख्स आदेश है जो भी किसान अपने खेतो में पराली जलाता मिला उसके खिलाफ कानूनी कार्यवाही के साथ उनकी दो फसलों को भी MSP पर नहीं नहीं खरीदा जाएगा। 

दिल्ली ब्लास्ट केस में नया मोड़ः डॉ. शाहीन की सोच और विदेशी सपनों का राज़ खोला पूर्व पति ने

कानपुर फरीदाबाद से गिरफ्तार डॉ शाहीन के कारनामे से उसके पूर्व पति डॉ जफर हयात भी सदमे में हैं। कानपुर के एक सरकारी अस्पताल में बतौर नेत्र रोग विशेषज्ञ काम कर रहे डॉ जफर कहते हैं कि हमारी शादी सिर्फ 10 साल ही चली। 2003 में शादी होने के बाद 2012 के लास्ट में तलाक हो गया। तलाक की ठोस वजह के बारे में डॉक्टर जफर को आज तक खुद कुछ नहीं मालूम है। वह कहते हैं कि मुझे इसका जवाब आज तक नहीं पता चला। दोनों के दो बेटे हैं जो कि डॉक्टर जफर के पास ही हैं। तलाक के बाद कभी शाहीन ने डॉ जफर से संपर्क भी नहीं किया। वह बताते हैं कि शाहीन को बुर्का पहनना बिल्कुल भी पसंद नहीं था। वह रिश्तेदार और दोस्त परिवार से भी ज्यादा तालुकात नहीं रखती थी। हालांकि वह अपने परिवार की देखभाल बेहतर पत्नी और मां की तरह करती थी। हालांकि इसका ज्यादातर वक्त लैपटॉप के साथ ही बीतता था। तलाक के बाद एक बार भी उसने बच्चों से संपर्क तक नहीं किया।   डॉ. शाहीन कभी कानपुर मेडिकल कॉलेज में पढ़ाती थी। इसे लेकर मंगलवार को एटीएस की एक टीम जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज पहुंची थी। टीम ने शाहीन के बारे में मेडिकल कालेज प्रबंधन से जानकारी जुटाई। एटीएस ने शाहीन के दस्तावेजों के बारे में पूछा इसके साथ ही मेडिकल कालेज में रहने के दौरान उसकी गतिविधियों और दोस्तों के बारे में भी जानकारी जुटाई। सूत्र बताते हैं कि एटीएस को इसमें कुछ खास जानकारी हासिल नहीं हो सकी। ऐसे में संभावना जतायी जा रही है कि एक दो दिनों में एनआईए की टीम भी कानपुर आ सकती है। कानपुर के पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि एटीएस के अधिकारी शाहीन से जुड़ी जानकारियों के सिलसिले में आए थे। उन्होंने बताया कि कमिश्नरेट पुलिस जांच एजेंसियों के संपर्क में है। सुरक्षा और आतंकी गतिविधियों से जुड़ी हर जानकारी जांच एजेंसियों से साझा की जा रही है। जैश-ए-मोहम्मद से कनेक्शन जांच एजेंसियों का दावा है कि डॉ. शाहीन प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद की महिला इकाई जमात-उल-मोमिनात का हिस्सा है। उसके जिम्मे भारत में आतंकी संगठन की महिला विंग बनाने का काम था। वह कानपुर के जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के फार्माकोलॉजी विभाग में सात साल तक प्रोफेसर रही। बताया जा रहा है कि डॉ.शाहीन पाकिस्तान में बैठे हैंडलर के संपर्क में थी। डॉ. शाहीन ने उसने डॉ.जफर हयात से शादी की थी मगर 2012 में तलाक हो गया। इसके बाद डॉ. शाहीन ने फरीदाबाद की अल फलाह विवि में काम शुरू किया। पिता सईद अहमद अंसारी ने बताया कि जब उन्हें पता चला कि शाहीन ऐसे काम में लिप्त है तो पैरों तले जमीन खिसक गई। पिता की शाहीन से एक महीने पहले बात हुई थी। पिता ने कभी डॉ. मुज्जमिल का नाम भी नहीं सुना था। खुफिया के अनुसार जैश अब आईएसआई की रणनीति के तहत महिलाओं को भी आतंकी संगठन में शामिल कर रहा है। जैश के सरगना मसूद अजहर के नाम से जारी पत्र के जरिए जमात-उल-मोमिनात की घोषणा की गई थी। इसका प्रमुख सादिया अजहर को बनाया गया था।  

हॉकी विश्वकप ट्रॉफी पहुंची उत्तर प्रदेश, सीएम योगी बोले- यह प्रदेशवासियों के लिए गौरव का पल

लखनऊ  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तमिलनाडु में होने वाले एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप 2025 की प्रतिष्ठित ट्रॉफी का बुधवार को भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि लखनऊ में एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप 2025 की प्रतिष्ठित ट्रॉफी का स्वागत करना मेरे और प्रदेशवासियों के लिए आह्लादित करने वाला क्षण है। जूनियर पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप में भारत, चीन, बेल्जियम जापान, स्पेन, न्यूजीलैंड चिली, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया समेत 24 टीम हिस्सा ले रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में इस ट्रॉफी का आना यूपी के स्वर्णिम इतिहास का स्मरण कराने वाला क्षण है। हॉकी इंडिया में उत्तर प्रदेश का योगदान अविस्मरणीय है। सीएम योगी ने हॉकी के जादूगर के रूप में विख्यात मेजर ध्यानचंद को भी याद किया। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने उत्तर प्रदेश की धरती में जन्म लिया था। उनके नेतृत्व में भारतीय हॉकी टीम ने तीन ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने में सफलता प्राप्त की थी। हमारी सरकार मेरठ में मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का निर्माण कर रही है। इस वर्ष से पहला सत्र प्रारंभ हो चुका है। मुख्यमंत्री ने हॉकी के यशस्वी खिलाड़ी केडी सिंह बाबू का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह भी उत्तर प्रदेश में जन्मे थे। उनकी स्मृति को जीवंत रखने के लिए बाराबंकी में उनके निवास को एक म्यूजियम के रूप में बनाया जा रहा है। सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश हॉकी खिलाड़ियों का भी जिक्र किया और कहा कि प्रदेश ने अनेक ऐसे खिलाड़ी दिए हैं, जिन्होंने हॉकी इंडिया को सम्मान दिलाया। सीएम योगी ने पद्म पुरस्कार से सम्मानित मोहम्मद शाहिद, अशोक कुमार, रवींद्र पाल, सैयद अली, डॉ. आरपी सिंह, सुजीत कुमार, अब्दुल अजीज, सुबोध खांडेकर, रजनीश मिश्र, मोहम्मद शकील, देवेश चौहान, एमपी सिंह, जगवीर सिंह, राहुल सिंह, विवेक सिंह, ललित उपाध्याय, दानिश मुतजबा, राजकुमार पाल, प्रेम माया, रंजना श्रीवास्तव, मंजू बिष्ट, पुष्पा श्रीवास्तव, और प्रीति दुबे जैसे हॉकी के खिलाड़ियों के योगदान को भी याद किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्तमान में भी उत्तर प्रदेश के राजकुमार पाल, उत्तम सिंह, विष्णुकांत सिंह, मुमताज, साक्षी, ज्योति, पूर्णिमा महिला व पुरुष वर्ग की सीनियर-जूनियर भारतीय टीम में चयनित होकर प्रदेश और देश को गौरवान्वित कर रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप से जुड़े समस्त पदाधिकारियों का लखनऊ आगमन पर स्वागत करते हुए एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप 2025 के सफल आयोजन की भी शुभकामना दी। उन्होंने विश्वकप में भारतीय खिलाड़ियों के सफलता की मंगलकामना भी की। बता दें कि एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप 2025 का आयोजन 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक चेन्नई और मदुरै में होगा। टूर्नामेंट में पहली बार 24 टीमें भाग लेंगी। मेजबान भारत, जिसने वर्ष 2001 और 2016 में यह खिताब जीता था, इस बार घरेलू धरती पर तीसरी बार खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगा।

अब नहीं चलेगी मनमानी छुट्टी! पंजाब में अफसरों को मंजूरी लेना होगा अनिवार्य

खमाणों  डिप्टी कमिश्नर डॉ. सोना थिंद ने शहीदी सभा के अग्रिम प्रबंधों को लेकर बचत भवन में अधिकारियों के साथ बैठक की और दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के छोटे साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह, बाबा फतेह सिंह और माता गुजरी जी की बेमिसाल शहादत को समर्पित शहीदी सभा के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है, इसलिए विभाग द्वारा किए जाने वाले सभी प्रबंध समय पर पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी पर्व को समर्पित भव्य धार्मिक यात्रा 21 नवंबर को जिला फतेहगढ़ साहिब की सीमा में प्रवेश करेगी, जिसके मद्देनजर जरूरी प्रबंध जल्द पूरे कर लिए जाएं। बैठक के दौरान उन्होंने पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जल आपूर्ति एवं स्वच्छता, नगर परिषद, लोक निर्माण विभाग, मंडी बोर्ड, जन स्वास्थ्य, स्वास्थ्य विभाग समेत विभिन्न विभागों द्वारा निभाई जाने वाली जिम्मेदारियों के बारे में निर्देश दिए। डीसी ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मिनी बसें, ई-रिक्शा की सुविधा उपलब्ध करवाने, एंबुलेंस की तैनाती, मेडिकल टीमों का गठन, अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था, साफ-सफाई, संपर्क सड़कों की मरम्मत प्रक्रिया में तेजी लाने सहित अन्य प्रबंधों के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि दिसंबर माह में कोई भी अधिकारी उनकी मंजूरी के बिना छुट्टी नहीं लेगा। उन्होंने ए.डी.सी. विकास को जिला प्रशासनिक परिसर में लगने वाली प्रदर्शनियों के लिए उचित प्रबंध करने और शहर में प्रवेश के लिए बनाए गए गेटों की आवश्यक सजावट करने के भी निर्देश दिए। बैठक के दौरान ए.डी.सी. (अतिरिक्त कार्यभार) अरविंद गुप्ता, ए.डी.सी. विकास सुरिंदर सिंह धालीवाल, एस.डी.एम. चेतन बांगड़, एस.डी.एम. हरवीर कौर, मुख्यमंत्री के फील्ड अधिकारी शंकर शर्मा, जिला राजस्व अधिकारी करुण गुप्ता, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी जसप्रीत कौर सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।