samacharsecretary.com

न्यूड पार्टी के खिलाफ छत्तीसगढ़ पुलिस का एक्शन, फार्म हाउस संचालक हिरासत में

रायपुर राजधानी रायपुर में 'स्ट्रेंजर हाउस पार्टी' यानी कि 'न्यूड पार्टी' का पोस्टर सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा था. यह पार्टी अपरिचित क्लब द्वारा 21 सितंबर को भाठागांव स्थित एसएस फार्म हाउस में आयोजित की जाने वाली थी. जिसमें युवाओं को अपनी शराब खुद लाने तक की अनुमति दी गई थी. हालांकि, आयोजन से पहले ही बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. 21 सितंबर को होने वाली थी पार्टी गिरफ्तार आरोपियों में पार्टी आयोजक, फार्म हाउस मालिक से लेकर सोशल मीडिया और डिजिटल प्रमोटर तक शामिल हैं. जानकारी के अनुसार 12 सितंबर को सोशल मीडिया पर "Aparichit Club Present” नाम से वायरल हो रहे पोस्टर की खबर पुलिस को लगी. इसके बाद पुलिस स्वतः संज्ञान लेकर जांच में जुटी. इस दौरान पुलिस को जानकारी प्राप्त हुई कि पार्टी 21 सितंबर को होगी. जिसका आयोजन 4 बजे से मध्य रात्रि तक व्हीआईपी रोड के किसी फार्म हाऊस/पब/पूल में आयोजित किया जाएगा. इसके बाद पुलिस ने अपरिचित क्लब के संचालक और पूल पार्टी के आयोजकों एवं मोबाइल नंबर के धारकों के विरूद्ध थाना तेलीबांधा में धारा 4, स्त्री अशिष्ट रूपण प्रतिषेध अधिनियम, धारा 67 आईटी एक्ट एवं धारा 79 के तहत मामला दर्ज किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई के निर्देश दिए. जिसके बाद साइबर विंग टीम द्वारा सोशल मीडिया की मदद ली गई और 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. न्यूड पार्टी मामले पर कांग्रेस ने साधा निशाना न्यूड पार्टी मामले को लेकर प्रदेश कांग्रेस चीफ दीपक बैज ने BJP पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि बिना सरकार की शह के इस तरह की आपत्तिजनक घटनाएं संभव ही नहीं. यह पूरा मामला बीजेपी सरकार की  “नग्न सोच” को उजागर करता है. बैज ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार के संरक्षण में ही ऐसे लोग बेलगाम हो रहे हैं.  यह छत्तीसगढ़ की संस्कृति को बिगाड़ने की एक साजिश है. राज्य में गलत परंपरा शुरू करने का काम चल रहा है. वहीं बीजेपी के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इसकी घोर निंदा की. उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन नहीं होने चाहिए.  

तेजस्वी यादव ने एशिया कप मैच को लेकर भाजपा को घेरा, कहा- ‘भाजपा का असली साथी पाकिस्तान’

पटना  राजद नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव  ने रविवार को दुबई में खेले गए एशिया कप मैच को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा का असली पार्टनर पाकिस्तान है। पाकिस्तान भाजपा का सहयोगी तेजस्वी यादव ने यह टिप्पणी तब की जब पत्रकारों ने से जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच के बहिष्कार की मांग पर सवाल किया। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि यह सवाल तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूछा जाना चाहिए, जिन्होंने कभी अपनी रगों में सिंदूर बहने का दावा किया था। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान भाजपा का सहयोगी है, जो पहले सैन्य संघर्ष और सिंधु जल संधि को टालना पसंद करता है और बाद में युद्धविराम की घोषणा करता है। अब वही भाजपा अपनी सुविधा के अनुसार क्रिकेट खेलने के लिए तैयार हो गई है। गौरतलब है कि केंद्र की भाजपा नेतृत्व वाली राजग सरकार ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए नृशंस आतंकी हमले के एक दिन बाद पाकिस्तान के साथ 1960 में हस्ताक्षरित सिंधु जल संधि को निलंबित करने का फैसला किया था। इस हमले में 20 से अधिक लोगों की जान गई थी।  

गोल्डन पंच! मीनाक्षी हुड्डा ने कजाकिस्तान की बॉक्सर को हराकर दिलाया भारत को स्वर्ण

रोहतक  विश्व मुक्केबाजी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रोहतक की बॉक्सर  मीनाक्षी हुड्डा ने गोल्ड मेडल जीता है। मीनाक्षी ने कजाकिस्तान की बॉक्सर नाजिम क्यजैबे को हराकर स्वर्ण पदक जीता। मीनाक्षी ने दो माह बाद ही बदला ले लिया। नाजिम क्यजैबे चार बार वर्ल्ड चैंपियन रह चुकी है। इसके अलावा पिछले पेरिस ओलंपिक की रजत पदक विजेता खिलाड़ी है। कोच विजय हुड्डा ने बताया कि जुलाई में बॉक्सिंग का वर्ल्ड कप कजाकिस्तान में हुआ था। इस वर्ल्ड कप में कजाकिस्तान की बॉक्सर नाजिम क्यजैबे के साथ ही मीनाक्षी का फाइनल मैच था। उन्होंने दावा किया कि इसमें मीनाक्षी को विवाद पूर्ण तरीके से हरा दिया था जिसके कारण रजत पदक से संतोष करना पड़ा। जहां वर्ल्ड कप हो रहा था उसी देश की होने के कारण उस खिलाड़ी को फायदा हुआ। उन्होंने बताया कि उसी समय से मीनाक्षी ने मन में ठान लिया था। इस बॉक्सर से बदला जरूर लूंगी। वह बदला पूरा हो गया। उन्होंने विजेता खिलाड़ी को बधाई दी व आगे भी शानदार प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। मीनाक्षी ने बताया कि फाइनल मैच में पहला राउंड 4-1 से जीता, लेकिन दूसरे राउंड में 3-2 से हार का सामना करना पड़ा। मन में था इससे बदला लेना है। किसी भी हालत में तीसरा राउंड जितना है। तीसरे राउंड में शुरू से ही अपना दबदबा बनाया। राउंड को एक तरफा करते हुए 4-1 से पदक जीता। मीनाक्षी के पिता कृष्ण ने बताया कि बेटी की जीत से पूरे परिवार में खुशी का माहौल है। उसने पूरे गांव, कोच, प्रदेश व देश का नाम रोशन कर दिया। पूरे परिवार ने मीनाक्षी के सभी मैच लाइव देखे। पिता ने कहा कि मुझे बेटी पर गर्व है। मीनाक्षी आगे भी शानदार प्रदर्शन करके देश का नाम रोशन करेगी। 

उद्योगों की समस्याओं पर चर्चा के लिए समालखा में हुआ उद्यमी सम्मेलन, सीएम सैनी और केंद्रीय मंत्री रहे मौजूद

समालखा मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी और केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल सेवा साधना एवं ग्राम विकास केंद्र समालखा में पहुंचे। यहां लघु उद्योग भारती द्वारा आयोजित उद्यमी सम्मेलन में शिरकत की। इनके साथ राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सह कार्यवाह डॉ. कृष्णगोपाल ने शिरकत की। देशभर से ढाई हजार उद्यमी इस सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं।  संगठन के राष्ट्रीय महासचिव ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि समालखा  के पट्टी कल्याणा गांव में स्थित सेवा साधना एवं ग्राम विकास केंद्र में तीन दिवसीय सम्मेलन सोमवार को सम्पन्न होगा जिसमें उद्यमियों ने वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों और उद्योगों को चलाने में आने वाली कठिनाइयों पर चर्चा की और इन्हें प्रस्ताव बनाकर दिया।  

‘भारत बंटेगा नहीं, और मज़बूत हुआ है’ – मोहन भागवत ने ब्रिटेन को दिया इतिहास का जवाब

इंदौर  राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख ने मध्य प्रदेश के इंदौर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए. यहां उन्होंने कहा कि भारत विकास की राह पर तेजी से चल रहा है. जो लोग इसे नहीं मानते थे, वह अब ग़लत साबित हुए हैं. उन्होंने ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री विंस्टन चर्चिल का ज़िक्र करते हुए तंज कसा है.  मोहन भागवत ने कहा कि भारत का अस्तित्व और उसकी शक्ति हमारे पूर्वजों द्वारा दिए गए उस भाव में है, जो सबमें अपनापन और भक्ति का संदेश देता है. भारत का जीवनदर्शन हमेशा से यही रहा है कि हम सब एक हैं – पेड़ और इंसान, नदी और इंसान, पहाड़ और इंसान – सबमें एक ही चैतन्य है. इसी भाव से भारत ने हजारों वर्षों तक पूरी दुनिया का नेतृत्व किया है.  भागवत ने कहा कि भारत में यह शिक्षा बचपन से दी जाती है कि हर वस्तु में पवित्रता है. चाहे किताब हो या कागज, उसमें मां सरस्वती का वास माना जाता है. यही विद्या और संस्कार भारत की सबसे बड़ी ताकत रहे हैं. उन्होंने कहा कि इसी भाव के कारण भारत 3000 सालों तक विश्वगुरु रहा. उस समय दुनिया में कोई कलह नहीं था, पर्यावरण संतुलित था और तकनीकी प्रगति भी ऊंची थी. मानव जीवन सुखी और सुसंस्कारित था. विश्व के लिए भारत का योगदान भागवत ने कहा कि भारत ने कभी किसी देश को जीता नहीं, न ही किसी पर अपने धर्म या व्यापार को थोपने का प्रयास किया. जहां भी भारत गया, वहां सभ्यता और शास्त्रों के ज्ञान से जीवन को उन्नत किया. प्रत्येक राष्ट्र अपनी पहचान के साथ सम्मानित रहा, लेकिन आपसी संवाद बना रहा. उन्होंने बताया कि विदेशी विद्वान विलियम डेली ने अपनी किताब द गोल्डन वे में भारत की इसी वैश्विक भूमिका और प्रभाव का उल्लेख विस्तार से किया है. ब्रिटेन पर तंज मोहन भागवत ने ब्रिटेन के मौजूदा हालात पर तंज कसा. उन्होंने ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री विंस्टन चर्चिल का जिक्र करते हुए कहा कि चर्चिल कहते थे कि भारत आजादी के बाद बंटेगा और स्थिर नहीं रह पाएगा. लेकिन भारत एकजुट है और बंटा नहीं है. जबकि ब्रिटेन बंटवारे जैसी स्थिति में आ रही है. आधुनिक समय की चुनौतियां भागवत ने कहा कि आज भले ही विज्ञान और तकनीक में प्रगति हुई है, लेकिन पर्यावरण बिगड़ा है, परिवार टूट रहे हैं और माता-पिता को सड़क पर छोड़ने जैसी स्थितियां पैदा हो रही हैं. नई पीढ़ी में संस्कारों की कमी और विकृत प्रवृत्तियां बढ़ रही हैं. उन्होंने कहा कि दुनिया में हर प्रकार के प्रयोग हुए, लेकिन असली बात, यानी भक्ति और अपनापन, गायब हो गया है. यही कारण है कि आज समस्याएं बढ़ी हैं.

परिधि चौहान को राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना ने बनाया जिला अध्यक्ष

भोपाल, देश के सबसे बड़े एकीकृत राजपूत संगठन राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना महिला इकाई द्वारा भोपाल जिले के लिए नई जिला अध्यक्ष की घोषणा की गई है। संगठन ने परिधि चौहान को जिला अध्यक्ष, भोपाल (महिला इकाई) पद पर नियुक्त किया है। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष बिंदु दिलीप सिंह राठौड़ ने कहा कि परिधि चौहान संगठन की सक्रिय, ऊर्जावान और समाज सेवा के प्रति समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्हें यह जिम्मेदारी इसलिए सौंपी गई है ताकि संगठन की गतिविधियों को जिले में और सशक्त तरीके से आगे बढ़ाया जा सके। उन्होंने आगे कहा कि “माँ करणी के चरणों में आस्था रखने वाली परिधि चौहान संगठन की रीति-नीति और मर्यादाओं को सर्वोपरि मानकर समाज में महिलाओं को संगठित करने, उनके अधिकारों की रक्षा और राजपूत समाज की गौरवशाली परंपराओं को संरक्षित रखने के कार्य में अहम योगदान देंगी।” परिधि चौहान ने संगठन द्वारा जताए गए विश्वास के लिए आभार प्रकट करते हुए कहा कि वे पूर्ण निष्ठा और समर्पण भाव से संगठन को मजबूत बनाने और समाज के हित में कार्य करने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगी।

गरियाबंद में माओवादी कमांडर का सरेंडर, सुरक्षा बलों की सफलता

गरियाबंद महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले की निवासी जानसी उर्फ वछेला मटामी ने माओवादी संगठन को अलविदा कहकर गरियाबंद पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया. वे 8 लाख रूपए की ईनामी माओवादी थी. पुलिस के मुताबिक जानसी ने माओवादियों की खोखली विचारधारा, निर्दोष ग्रामीणों पर अत्याचार और संगठन के भीतर छोटे कैडरों के शोषण से तंग आकर यह कदम उठाया. पुलिस के मुताबिक जानसी का माओवादी संगठन से लंबा जुड़ाव रहा. 2005 में जनमिलिशिया सदस्य के रूप में शुरुआत करने वाली जानसी को 2006 में माओवादी कमांडर रनिता ने संगठन में भर्ती किया. इसके बाद उन्होंने विभिन्न भूमिकाओं में काम किया, जिसमें 2007 में गार्ड, 2008 से 2011 तक प्रेस संबंधी कार्य, और 2014 से 2022 तक नगरी एरिया कमेटी में कमांडर के पद शामिल हैं. 2022 से वह नगरी एरिया कमेटी की सचिव थीं.  लल्लूराम की खबर के मुताबिक जानसी ने बताया कि माओवादी संगठन अब निर्दोष ग्रामीणों की हत्या, विकास कार्यों में बाधा, ठेकेदारों से अवैध वसूली और युवाओं को जबरन भर्ती करने का अड्डा बन चुका है. संगठन के बड़े कैडर छोटे कार्यकर्ताओं का शोषण करते हैं और स्थानीय लोगों को सरकार के खिलाफ भड़काते हैं. 2011 में डीव्हीसीएम सत्यम गावड़े से शादी करने वाली जानसी, उनके मुठभेड़ में मारे जाने के बाद मानसिक रूप से टूट गईं. जंगल की मुश्किल जिंदगी और आत्मसमर्पण करने वाले साथियों के बेहतर जीवन से प्रेरित होकर उन्होंने आत्मसमर्पण का फैसला किया. सरेंडर के बाद जानसी ने बताया कि समाचार पत्रों और गरियाबंद पुलिस के पोस्टर-पैंफलेट्स के जरिए उन्हें आत्मसमर्पण नीति की जानकारी मिली. कई अन्य माओवादी साथी जैसे आयतु, संजय, मल्लेश आदि भी इस नीति का लाभ उठा चुके हैं. सुकमा पुलिस की मदद से जानसी अब अपने परिवार के साथ नया और सम्मानजनक जीवन शुरू करना चाहती हैं.

झारखंड में नक्सलियों पर बड़ी कार्रवाई, हजारीबाग एनकाउंटर में तीन ढेर, एक पर था 1 करोड़ का इनाम

बरकट्ठा  झारखंड में चल रहे नक्सल अभियान के तहत हजारीबाग जिला अंतर्गत बरकट्ठा के गोरहर पांतितीरी गांव में आज सोमवार की सुबह पुलिस को बहुत बड़ी सफलता हासिल हुई है. हजारीबाग पुलिस और कोबरा बटालियन के संयुक्त अभियान में 1 करोड़ के इनामी सहित तीन नक्सली ढेर हो गये हैं. भाकपा माओवादी सेंट्रल कमेटी सदस्य 1 करोड़ का इनामी सहदेव महतो उर्फ प्रवेश, सैक सदस्य 25 लाख का इनामी रघुनाथ हेंब्रम उर्फ चंचल और 10 लाख का इनामी जोनल कमांडर बिरसेन गंझू एनकाउंटर में मारे गये. पुलिस मुख्यालय सूत्रों के द्वारा तीनों नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि की गयी है. बरही कोबरा के तीन जवान घायल इस अभियान में बरही कोबरा के तीन जवानों के घायल होने की खबर है. बरकट्ठा के गोरहर थाना क्षेत्र में यह मुठभेड़ हुई है. सर्च अभियान में तीनों नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गये हैं. साथ ही मौके से तीन एके-47 भी बरामद किए गए हैं. नक्सलियों ने शुरू की फायरिंग उक्त कार्रवाई हजारीबाग एसपी अंजनी अंजन के नेतृत्व में हुई. हजारीबाग पुलिस और कोबरा बटालियन के जवान ने गोरहर थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर जंगल में छापामारी की. इसकी भनक लगते ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस और कोबरा बटालियन के जवानों की जवाबी कार्रवाई में तीनों नक्सली ढेर हो गये.

सभा से पहले मनीष कश्यप का हंगामा! भाई से हाथापाई, कुर्सी फेंकी और मंच छोड़कर चले गए

चनटपटिया/पटना बिहार के पश्चिम चंपारण जिले की चनपटिया विधानसभा सीट से 2020 में निर्दलीय लड़कर हारे चर्चित यूट्यूबर मनीष कश्यप 2025 में जन सुराज पार्टी से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। भाजपा छोड़कर जन सुराज में शामिल हुए कश्यप की टिकट को लेकर राज किशोर चौधरी से तकरार चल रही है, जो गुरुवार को प्रशांत किशोर की जनसभा से पहले खुलकर सामने आ गई। सभा के पंडाल में पोस्टर लगाने को लेकर मनीष के भाई करण कश्यप और चौधरी के समर्थकों में बहस हाथापाई में बदल गई। इससे गुस्साए मनीष कश्यप का पंडाल से कुर्सी फेंककर तमतमाते हुए निकलने का एक वीडियो वायरल है। वीडियो की पुष्टि लाइव हिन्दुस्तान नहीं करता है। गुरुवार को चनपटिया के कुड़ियाकोठी खेल मैदान में प्रशांत किशोर की जनसभा हुई थी। इससे पहले दोपहर करीब 12 बजे मनीष कश्यप और जन सुराज पार्टी के युवा जिलाध्यक्ष राज किशोर चौधरी के समर्थक पोस्टर-बैनर लगाने को लेकर आपस में ही भिड़ गए। वायरल वीडियो में दोनों के समर्थक आपस में उलझते और हाथापाई करते दिख रहे हैं। इस बात की खबर मिलने पर मनीष कश्यप भी वहां पहुंच गए और अपने समर्थकों को पोस्टर लगाने को कहा। इसके बाद राज किशोर चौधरी के समर्थकों और कश्यप के बीच कहासुनी होने लगी। तब मनीष कश्यप गुस्से से तिलमिलाते हुए कुर्सी फेंक सभा स्थल से निकले और गाड़ी में बैठकर चले गए। उसके बाद करण कश्यप भी चले गए। हालांकि बाद में जब प्रशांत किशोर की सभा हुई तो मंच पर मनीष कश्यप नजर आए और भाषण भी किया।

जयपुर पुलिस की कार्रवाई: कांस्टेबल परीक्षा में नकल माफिया के चाचा-भतीजा गिरफ़्तार

जयपुर राजस्थान कांस्टेबल भर्ती परीक्षा-2025 में इस बार नकल रोकने के लिए अपनाई गई आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक ने बड़ा असर दिखाया है। दो दिन चली इस परीक्षा के दौरान प्रदेशभर में 13 डमी अभ्यर्थी पकड़े गए, जो असली उम्मीदवारों की जगह परीक्षा दे रहे थे। ये सभी मामले AI आधारित बायोमेट्रिक पहचान प्रणाली से सामने आए। जयपुर का मुरलीपुरा सबसे चर्चित मामला शनिवार को जयपुर के मुरलीपुरा स्थित शहीद हिम्मत सिंह राजकीय स्कूल में परीक्षा देने पहुंचे धौलपुर निवासी भूपेंद्र गुर्जर को बायोमेट्रिक सिस्टम ने अलर्ट कर दिया। जांच में पता चला कि भूपेंद्र ने जून में अपने भतीजे धर्मवीर के नाम से परीक्षा दी थी। परीक्षा खत्म होते ही पुलिस ने भूपेंद्र को हिरासत में ले लिया, और बाद में धर्मवीर को भी गिरफ्तार किया गया। बायोमेट्रिक व AI फोटो मिलान से खुली पोल AI तकनीक से लैस बायोमेट्रिक स्कैनर ने न केवल अंगुलियों की पहचान की, बल्कि चेहरे के फोटो मिलान से भी सटीक जानकारी दी। सभी 13 मामलों में अभ्यर्थियों की पहचान इस तकनीक के जरिए ही हो सकी। 3 लाख 76 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी परीक्षा में बैठे राजस्थान पुलिस में कॉन्स्टेबल के 10,000 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए 13 और 14 सितंबर, 2025 को आयोजित की गई लिखित परिक्षा सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। इस परीक्षा के लिए कुल 5 लाख 24 हजार 740 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। जिनमें से 3 लाख 76 हजार 902 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। दोनों दिनों में करीब 72% अभ्यर्थियों ने इसमें हिस्सा लिया।   अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड बिपिन कुमार पाण्डेय ने बताया कि रविवार 14 सितम्बर को जिला पुलिस कॉन्स्टेबल, इन्टेलीजेंस, आरएसी, एमबीसी के कॉन्स्टेबल सामान्य व चालक पद के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन प्रदेश के 21 जिलों में किया गया। प्रातः 10.00 बजे से 12.00 बजे तक पहली पारी में 582 परीक्षा केंद्रों पर हुई और अपरान्ह 03.00 बजे से 05.00 तक दूसरी पारी में 21 जिलो के 580 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई। इन दोनों पारियों की परीक्षाओं में तीन लाख से कुछ अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए।  उल्लेखनीय है कि विज्ञापित पदों के अनुसार कांस्टेबल सामान्य नॉन टीएसपी के 8512 पद, टीएसपी के 867, चालक नॉन टीएसपी के 503,  टीएसपी के 47 और कांस्टेबल बैण्ड के 71 पद है। विज्ञापित पदों में 3 नवसृजित आरएसी महिला बटालियन अमृता देवी, कालीबाई व पदमनी देवी के कुल 1500 पदों एवं पुलिस दूर संचार में कानिस्टेबल आईटी के 1469 पदों को सम्मिलित किया गया है। कांस्टेबल बैंड पद के अभ्यर्थियों के लिए लिखित परीक्षा का प्रावधान नहीं रखा गया है।