samacharsecretary.com

IMD चेतावनी: अगले 14 घंटे में 27 जिलों में भारी से अतिभारी बारिश संभव

भोपाल मध्यप्रदेश में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून ट्रफ के गुजरने के साथ ही साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव होने से प्रदेश का मौसम बिगड़ने वाला है और आने वाले 14 घंटों में 27 जिलों में भारी से अतिभारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। रविवार को मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल भोपाल, शाजापुर, उज्जैन समेत कई जिलों में बारिश हुई है। इन जिलों में भारी से अतिभारी बारिश की चेतावनी मौसम विभाग ने रविवार को अगले 24 घंटों (सोमवार की सुबह 8.30 बजे) तक के लिए जो ताजा बुलेटिन जारी किया है उसमें प्रदेश के 27 जिलों में भारी से अतिभारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने मुरैना और श्योपुर जिलों अतिभारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है वहीं रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, भिंड, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, पांढुर्ना जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।   मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बीते 24 घंटों में इंदौर संभाग के अधिकांश स्थानों पर बारिश दर्ज की गई है इसके साथ ही नर्मदापुरम, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल संभाग के जिलों में अनेक स्थानों पर, भोपाल संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर और रीवा, जबलपुर, शहडोल संभाग के जिलों में कहीं कहीं पर बारिश दर्ज हुई है। 2 सितंबर को बनेगा नया सिस्टम ! मौसम विभाग की मानें तो वर्तमान में मानसून ट्रफ बीकानेर, अजमेर, गुना, दमोह से रायपुर होते हु पूर्व दक्षिण पूर्व की ओर मध्य बंगाल की खाड़ी तक विस्तर है। इसके साथ ही एक ऊपरी हवा का साइक्लोनिक सर्कुलेशन उत्तर पश्चिम मध्यप्रदेश और निकटवर्ती क्षेत्रों में सक्रिय है। एक अन्य चक्रवातीय परिसंचरण राजस्थान के मध्य भागों पर सक्रिय है और 2 सितंबर के आसपास उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।

अस्पताल तक नहीं पहुंची एंबुलेंस, महिला ने सड़क पर ही जन्मा दिया बच्चा

विदिशा जिले के शमशाबाद तहसील क्षेत्र के बरखेड़ा जागीर में शनिवार रात को डिलीवरी के लिए अस्पताल जा रही एक महिला ने रास्ते में ही बच्चे को जन्म दे दिया। जानकारी के अनुसार गांव की 27 वर्षीय ममता बाई पति छगन सिंह बंजारा को प्रसव पीड़ा हुई तो ससुराल वाले उन्हें गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने निकले, लेकिन गांव का उप स्वास्थ्य केंद्र बंद मिला। इसके बाद महिला का पति और ससुर उसे मोटरसाइकिल से 15 किलोमीटर दूर शमशाबाद अस्पताल लेकर जा रहे थे। तभी रास्ते में गिरधर मार्केट पहुंचते ही महिला को तेज दर्द हुआ और वहीं प्रसव हो गया। आसपास मौजूद नागरिकों ने मदद कर एक लोडिंग वाहन की व्यवस्था की और मां-बच्ची को शमशाबाद के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल दोनों स्वस्थ हैं।   स्वास्थ्य केंद्र में लगे थे ताले, नहीं मिली मदद महिला के ससुर घीसा लाल बंजारा ने बताया कि रात में उनकी बहू को दर्द शुरू होने के बाद वह तुरंत गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां गेट पर ताला लगा हुआ था। पास के सरकारी क्वार्टर में रहने वाली सफाई कर्मी ने कहा कि अस्पताल बंद है आप शमशाबाद लेकर चले जाओ। घीसालाल ने कहा कि हमने उनसे एम्बुलेंस बुलाने या नंबर देने को कहा लेकिन नंबर भी नहीं दिया गया। जब रास्ते में डिलीवरी हो गई तब शमशाबाद का अस्पताल 2 किलोमीटर दूर था। वह मोटरसाइकिल से अस्पताल पहुंचे। वहां की स्टाफ नर्स से एक वाहन उपलब्ध कराने की मांग की, लेकिन स्टाफ नर्स ने भी मदद नहीं की। हमसे कहा गया कि अपनी व्यवस्था से मां और बच्ची को अस्पताल लेकर आ जाओ। तब जाकर वहां एक लोडिंग वाहन मिला, जिस पर मां और बच्ची को अस्पताल पहुंचाया। स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ को दिया नोटिस मामला सामने आने के बाद रविवार सुबह शमशाबाद तहसीलदार प्रेमलता पाल ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरखेड़ा जागीर का निरीक्षण किया। इस दौरान कर्मचारियों को 24 घंटे अस्पताल में रहने के निर्देश दिए, वही ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर नीतू राय ने स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

‘जीवन का अद्भुत अनुभव है कैलाश यात्रा’ – विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह का बड़ा बयान

रायपुर  लंबे इंतजार के बाद कैलाश मानसरोवर यात्रा फिर से शुरू होने जा रही है। इसको लेकर छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि “देश और दुनिया भर से लोग मानसरोवर यात्रा पर जाते हैं। जिस स्थान पर भगवान शिव के दर्शन हों, वहां जाना जीवन का अद्भुत अनुभव है। कठिन यात्रा के बाद भी लोग वहां जाते हैं, मेरी शुभकामनाएं।” 2020 में लगा था प्रतिबंध दरअसल, भारत-चीन सीमा पर तनाव के कारण साल 2020 में चीन सरकार ने कैलाश मानसरोवर यात्रा पर रोक लगा दी थी। अब पांच साल बाद 2025 की गर्मियों में यह यात्रा दोबारा शुरू की गई है। क्यों खास है कैलाश मानसरोवर हिंदू धर्म में कैलाश पर्वत और मानसरोवर झील का अत्यधिक धार्मिक महत्व माना जाता है। समुद्र तल से करीब 6,657 मीटर की ऊंचाई पर स्थित कैलाश पर्वत के दोनों ओर दो पवित्र झीलें हैं, जहां पहुंचना श्रद्धालुओं के लिए एक आध्यात्मिक और जीवनभर याद रहने वाला अनुभव माना जाता है।

‘दीदी के गोठ‘ रेडियो कार्यक्रम का पूरे प्रदेश में प्रसारण

ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण की नई पहल रायपुर छत्तीसगढ़ में ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने एक नई और अभिनव पहल की है। ‘दीदी के गोठ‘ नामक विशेष रेडियो कार्यक्रम का प्रसारण 31 अगस्त को दोपहर 12.15 बजे आकाशवाणी रायपुर केंद्र सहित राज्य के सभी आकाशवाणी केंद्रों से एक साथ किया गया। इस कार्यक्रम को प्रदेशभर में उत्साहपूर्वक सुना गया। इस कार्यक्रम के माध्यम मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री तथा उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री विजय शर्मा की प्रेरणादायी शुभकामनाएँ और मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।  उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कवर्धा जिले में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूह की दीदियों और पदाधिकारियों के साथ ‘दीदी के गोठ‘ का श्रवण किया और कार्यक्रम की सफलता के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस मंच पर साझा की जा रही सफलता की कहानियाँ अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगी। विभागीय अधिकारियों ने भी विभिन्न जिलों में पहुँचकर सामूहिक श्रवण में भाग लिया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव श्री भीम सिंह ने गरियाबंद, विशेष सचिव श्री धर्मेश साहू ने जांजगीर, प्रधानमंत्री आवास योजना के संचालक एवं आयुक्त मनरेगा श्री तारन प्रकाश सिन्हा ने धमतरी और पंचायत विभाग की संचालक श्रीमती प्रियंका महोबिया ने दुर्ग जिले में समूह सदस्यों के बीच बैठकर कार्यक्रम का श्रवण किया तथा महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। रायपुर के सेरीखेड़ी स्थित समुदाय प्रबंधन प्रशिक्षण संस्थान में भी संकुल स्तरीय प्रसारण हुआ, जहाँ बिहान मिशन संचालक श्री अश्विनी देवांगन, संयुक्त मिशन संचालक श्री आर.के. झा सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। ‘दीदी के गोठ‘ कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को शासन की योजनाओं से जोड़ते हुए उन्हें आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाना है। इसके अंतर्गत स्व-सहायता समूहों की सफल महिलाओं की प्रेरणादायक कहानियाँ साझा की जा रही हैं, ताकि अन्य महिलाएँ भी स्वरोजगार और आत्मविश्वास की राह पर आगे बढ़ें। इस विशेष प्रसारण को प्रदेश के 33 जिलों, 146 विकासखंडों और 580 संकुल संगठनों में सामूहिक श्रवण के रूप में आयोजित किया गया। लाखों महिलाएँ इस कार्यक्रम से जुड़ीं और पूरे प्रदेश में ‘दीदी के गोठ‘ को लेकर उत्साह देखने को मिला। ‘दीदी के गोठ‘ न केवल एक रेडियो कार्यक्रम है, बल्कि यह ग्रामीण महिलाओं के संघर्ष, आत्मबल और सफलता की कहानियों को सामने लाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन का सशक्त मंच भी है।

रोड एक्सीडेंट में दमोह के GRP ASI की मौत, तेज बस ने मारी टक्कर

दमोह शहर के क्रिश्चियन कॉलोनी क्षेत्र में रहने वाले जीआरपी सहायता केंद्र दमोह के प्रभारी महेश कोरी की रविवार सुबह करीब 9 बजे सड़क हादसे में मौत हो गई। एएसआई कोरी सुबह अपनी ड्यूटी पर वारंट तामील के लिए बाइक से निकले थे। शहर के बीचों बीच जबलपुर से सागर जाने वाले मुख्य मार्ग पर किल्लाई नाका चौराहे के पास एक यात्री बस चालक ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। अस्पताल में हुई मौत हवा में उछलकर करीब 15 फीट दूर गिरे एएसआई गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया जहां ड्यूटी डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। खबर मिलते ही कोतवाली टीआई मनीष कुमार मौके पर पहुंचे और उन्होंने मृतक एएसआई कोरी के परिजनों को सूचना दी।   परिजनों ने कहा- प्रशासन करे कड़ी कार्रवाई एएसआई महेश कोरी के भाई लखन कोरी ने बताया कि वह सुबह करीब 8 बजे घर से निकले और सड़क पर पहुंचते ही यह हादसा हो गया। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि शहर के भीतर तेज रफ्तार बसों पर नियंत्रण किया जाए। इस मार्ग पर कई स्कूल है जहां बच्चों का आवागमन होता रहता है। प्रशासन को कड़े फैसले लेकर इस लापरवाही पर प्रतिबंध लगाना चाहिए, ताकि हमारे परिवार की तरह किसी और दूसरे के परिवार को इस तरह का दुख ना झेलना पड़े। आरोपी चालक की तलाश जारी कोतवाली टीआई ने बताया कि बस को जब्त कर लिया गया है। आरोपी चालक फरार हो गया है उसकी तलाश की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। घटना की सूचना मिलने के बाद दमोह पहुंचे सागर जीआरपी एसआई एच एल चौधरी ने बताया कि कल ही उन्होंने एएसआई को स्थाई वारंट के नोटिस तामील करने के निर्देश दिए थे और वह उस ड्यूटी को निभाने के लिए निकले थे तभी यह हादसा हो गया और उनकी दुखद मौत हो गई।

ठगों का शिकार हुआ MP का व्यापारी, सोने के नाम पर पीतल की माला और 7 लाख की चोरी

जबलपुर विजय नगर थाना क्षेत्र निवासी एमपीईबी के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी को दो युवकों ने सोना बताकर पीतल की गुरिया वाली माला पकड़ाया। उसे गिरवीं रखने का बोलकर बदले में मिले लिए सात लाख रुपये हड़प लिए। आरोपितों ने ठगी से पहले सेवानिवृत्त कर्मी को विश्वास में लिया। फिर धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम दिया। कर्मचारी को ठगों ने ऐसे फंसाया एकता नगर निवासी प्रकाश नारायण दुबे (64) एमपीईबी के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। उनके घर में कॉस्टमेटिक की दुकान है। वह भी खाली समय पर दुकान में बैठते है। 25 जुलाई को जब वह दुकान में थे, दो युवक पहुंचे। दोनों ने उसने बातचीत की। दुकान से कुछ सामान खरीदा और चले गए। अगले दिन दोनों फिर युवक पहुंचे। सेवानिवृत्त कर्मी से जान पहचान बढ़ाई और चले गए।  27 जुलाई को सेवानिवृत्त कर्मी जब दुकान पर थे, दोनों युवक फिर पहुंचे। इस पर उनके पास में सोने की दो गुरिया थी। बोले कि उनकी मां अस्वस्थ्य है। उन्हें उपचार के लिए रुपये चाहिए है। सेवानिवृत्त कर्मचारी ने जांचा तो दोनों गुरिया सोने की थी। उसने बदले में रुपये उधार दे दिए। ऐसा करके दोनों शातिर युवकों ने सेवानिवृत्त कर्मी पर विश्वास जमा लिया। सोना बताकर थमाई पीतल की माला एक अगस्त को फोन कर बताया कि मां को इलाज के लिए बाहर लेकर जाना पड़ रहा है। उनके पास में 15 तोला सोना है। उसे गिरवीं रखकर रुपये लेना है। सात लाख रुपये की आवश्यकता होना बताया। 15 तोला सोना गिरवीं रखकर बदले में सात लाख रुपये देने को सेवानिवृत्त कर्मी तैयार हो गया। तब दोनों युवकों ने उसे दीनदनयाल चौक अंतरराज्यीय बस अड्डा के प्रवेश द्वार के पास रुपये लेकर बुलाया। वह जैसे ही पहुंचे उनसे रुपये लेकर सोने जैसे दिखने वाली गुरिया की एक माला थमा दिया। जिसे घर में आकर जांचा तो वह पीतल की निकली। पुलिस ने जांच के बाद शुक्रवार की रात को एफआईआर पंजीबद्ध किया है। सीसीटीवी फुटेज देखकर दोनों आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में की मध्यप्रदेश की मिनी ब्राजील विचारपुर फुटबॉल टीम व वॉटर स्पोर्ट्स टीम की सराहना

मंत्री सारंग ने जताया आभार, कहा- प्रदेश के खिलाड़ियों को मिलेगी वैश्विक पहचान भोपाल  प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 125वें संस्करण में मध्यप्रदेश की 'मिनी ब्राजील' विचारपुर फुटबॉल टीम और वॉटर स्पोर्ट्स टीम की उपलब्धियों की सराहना की। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने प्रदेश के खिलाड़ियों की सराहना किए जाने पर आभार व्यक्त किया। मंत्री श्री सारंग ने कहा कि यह हम सबके लिए गर्व का क्षण है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने दो वर्ष पूर्व ‘मन की बात’ (30 जुलाई 2023) में शहडोल जिले के विचारपुर ग्राम को ‘मिनी ब्राजील’ के रूप में उल्लेखित किया था। आज वही फुटबॉल क्रांति विश्वस्तर पर स्थापित हो रही है। प्रधानमंत्री द्वारा पॉडकास्ट में विचारपुर टीम का उल्लेख किए जाने के बाद जर्मनी के प्रतिष्ठित फुटबॉल क्लब FC Ingolstadt 04 ने विचारपुर के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण का अवसर प्रदान करने की इच्छा व्यक्त की है। यह न केवल मध्यप्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए गौरव की बात है। मंत्री श्री सारंग ने बताया कि जर्मनी के फुटबॉल क्लब ने विचारपुर ग्राम के 2 बालक, 2 बालिका एवं 1 प्रशिक्षक को 4 से 12 अक्टूबर तक जर्मनी आमंत्रित किया है, जहां उन्हें प्रशिक्षण एवं सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह अवसर विचारपुर के खिलाड़ियों के भविष्य को नई दिशा देगा और प्रदेश की खेल प्रतिभा की वैश्विक पहचान बनेगा। मंत्री श्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी का छोटे-छोटे विषयों को गंभीरता से लेना और आदिवासी अंचलों की प्रतिभाओं को मंच देना अत्यंत उत्साहवर्धक है। प्रधानमंत्री का यह दृष्टिकोण न केवल खिलाड़ियों को प्रेरित करता है बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा भी प्रदान करता है। प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा मध्यप्रदेश की वॉटर स्पोर्ट्स टीम की प्रशंसा पर भी प्रसन्नता व्यक्त की। प्रथम खेलो इंडिया वॉटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल, श्रीनगर में मध्यप्रदेश ने 10 स्वर्ण, 3 रजत और 5 कांस्य पदक सहित कुल 18 पदक जीतकर प्रथम स्थान प्राप्त किया था। इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री श्री मोदी ने खिलाड़ियों को बधाई दी। मंत्री श्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी की यह बधाई हमारे लिए ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत है। मध्यप्रदेश में वॉटर स्पोर्ट्स और फुटबॉल जैसे खेलों को बढ़ावा देने के लिए हम निरंतर कार्य कर रहे हैं। विचारपुर और हमारे खिलाड़ियों को विश्व स्तर पर पहचान मिलना हम सबके लिए अत्यंत गर्व का क्षण है।  

चिराग पासवान की शर्तों से NDA में खींचतान, बिहार चुनावी रणनीति पर संकट

पटना बिहार विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही NDA के भीतर सीट बंटवारे पर खींचतान तेज हो गई है। जदयू और भाजपा के बीच सीटों का बंटवारा लगभग तय है, लेकिन लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने अपनी मांग से पूरे समीकरण को उलझा दिया है। जानकारी के मुताबिक एनडीए कोऑर्डिनेशन कमेटी ने JDU को 102, BJP को 101, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा को 10 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा को 10 सीटें देने पर सहमति बना ली है। वहीं, लोजपा (रामविलास) को 20 सीटें दी जा रही हैं, लेकिन चिराग पासवान  इस प्रस्ताव से संतुष्ट नहीं हैं। उनकी पार्टी 40 से ज्यादा सीटों की दावेदारी पेश कर रही है। बहनोई के जरिए NDA पर बना रहे दबाव चिराग पासवान ने अपने बहनोई और जमुई से सांसद अरुण भारती को आगे कर दबाव बनाने की रणनीति अपनाई है। अरुण भारती ने तो 43 से 103 सीटों तक की मांग रखकर NDA की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चिराग पासवान का यह रुख उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं का मनोबल ऊंचा रखने के लिए है। वहीं, जदयू किसी भी हालत में उन्हें बड़ी हिस्सेदारी देने को तैयार नहीं है। भाजपा की ओर से कोशिशें जारी हैं कि चिराग को समझाकर समझौते पर लाया जाए। 2020 के विधानसभा चुनाव में चिराग पासवान गौरतलब है कि 2020 के विधानसभा चुनाव में चिराग पासवान ने 145 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन सिर्फ एक सीट पर जीत मिली थी। हालांकि उस चुनाव में जदयू की स्थिति कमजोर हुई और उसकी संख्या 71 से घटकर 41 रह गई। तब जदयू ने भी माना था कि लोजपा ने उसके प्रदर्शन को नुकसान पहुंचाया। लोजपा की स्थापना 2003 में हुई थी और उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन फरवरी 2005 में रहा, जब 178 सीटों पर चुनाव लड़कर 29 विधायक जीते थे और 12.62 प्रतिशत वोट हासिल किया था। रामविलास पासवान की विरासत संभाल रहे चिराग अब एनडीए में अपनी ताकत दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। चुनाव की तारीखों की घोषणा से पहले सीट बंटवारे का फार्मूला तय करना एनडीए के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।

वॉटर स्पोर्ट्स शो में खिलाड़ियों ने बड़े तालाब में दिखाये करतब

भोपाल  राष्ट्रीय खेल दिवस के अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय खेल महोत्सव का समापन रविवार को राजधानी भोपाल में फिट इंडिया साइकिल रैली और वॉटर स्पोर्ट्स शो के साथ हुआ। साइकिल रैली का नेतृत्व सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने किया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा भारतीय खेल प्रधिकरण भोपाल शाखा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित साइकिल रैली का शुभारंभ वीआईपी रोड स्थित राजाभोज प्रतिमा से हुआ, जिसमें हजारों की संख्या में साइकिलिस्टों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली वीआईपी रोड होते हुए लेक व्यू स्थित वॉटर स्पोर्ट्स अकादमी तक पहुँची। पूरे मार्ग में फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और अनुशासन का संदेश जन-जन तक पहुँचाया गया। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने पूरे देश को फिट इंडिया मूवमेंट का आहवान किया था और उनका मंत्र है “फिट इंडिया से ही हिट इंडिया होगा”। “संडे ऑन साइकिल” कार्यक्रम ने उसी संदेश को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि तीन दिवसीय इस खेल महोत्सव के दौरान पूरा प्रदेश खेलमय हो गया और राजधानी भोपाल ने इस आयोजन के माध्यम से पूरे देश को स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया है। मंत्री श्री सारंग ने साइकिल राइडर एसोसिएशन को बधाई देते हुए कहा कि साइकिल चलाना केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि यह हमारी जीवनशैली में अनुशासन और संतुलन लाने वाला साधन है। प्रदेश में हम साइकलिंग को और बढ़ावा देने के लिये सार्थक प्रयास करेंगे। साइकिल रैली के समापन पर वॉटर स्पोर्ट्स अकादमी में भव्य जल क्रीड़ा गतिविधियों का आयोजन हुआ। यहाँ खिलाड़ियों ने बड़े तालाब में अपने खेल कौशल का रोमांचक प्रदर्शन किया। कायकिंग, कैनोइंग, स्लैलम और सेलिंग जैसी प्रतियोगिताओं ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने राजधानी में खेल महोत्सव के समापन को यादगार बना दिया और यह आयोजन लंबे समय तक खेल प्रेमियों की स्मृतियों में अंकित रहेगा। इस अवसर पर भोपाल सांसद श्री आलोक शर्मा, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक श्री राकेश गुप्ता, उप निदेशक श्री बी.एस. यादव, भारतीय खेल प्राधिकरण के मध्य क्षेत्रीय केन्द्र भोपाल के क्षेत्रीय निदेशक श्री अभिषेक सिंह चौहान सहित विभागीय अधिकारी, खेल संगठन और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। 

महुआ मोइत्रा पर पुलिस ने दर्ज की FIR, अमित शाह पर विवादित बयान के कारण

रायपुर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ विवादित बयान के मामले में TMC सांसद महुआ मोइत्रा फंस गई हैं, जहां उन पर एफआईआर दर्ज की गई है। उन पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196 और 197 के तहत माना कैंप पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। उनकी टिप्पणी से छत्तीसगढ़ में विरोध तेज हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे विपक्ष की दूषित मानसिकता का परिचायक बताते हुए कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति पर की गई टिप्पणी नहीं, बल्कि पूरे देश की गरिमा और राष्ट्रीय चेतना पर हमला है। न केवल यह आपत्तिजनक है, बल्कि यह गंभीर आपराधिक कृत्य है।   गृहमंत्री देश की सुरक्षा और एकता के सर्वोच्च प्रहरी हैं और उन पर इस प्रकार की अभद्र टिप्पणी वास्तव में लोकतांत्रिक मर्यादाओं का अपमान है। विपक्ष किस प्रकार राजनीति में निम्न स्तर तक गिर चुका है और किस प्रकार व्यक्तिगत आक्षेपों के माध्यम से लोकतांत्रिक संवाद की गरिमा को लगातार ठेस पहुंचाई जा रही है। टूलकिट एजेंडे पर अमल कर रहा विपक्ष भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता व सांसद संतोष पांडेय ने भी इसे गंभीर अपराध मानते हुए, विपक्ष पर लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल देश में अराजकता फैलाने के अपने टूलकिट एजेंडे पर अमल कर रहे हैं। बिहार में राहुल गांधी की सभा के मंच से प्रधानमंत्री व उनकी स्वर्गस्थ माताजी के लिए अश्लील टिप्पणी के बाद टीएमसी सांसद मोइत्रा ने यह कहकर विपक्ष की कलुषित मानसिकता का परिचय दिया है। एफआइआर दर्ज करने सौंपा ज्ञापन रायपुर में गोपाल सावनेर, गोपाल सामंतो और अंजना गाइन ने पुलिस अधीक्षक के नाम माना पुलिस थाना प्रभारी को एक लिखित शिकायत पत्र सौंपकर टीएमसी सांसद मोइत्रा के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने इसे देशद्रोह की संज्ञा देते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत की जांच शुरू कर दी है।