samacharsecretary.com

IND vs PAK से पहले गावस्कर का बड़ा बयान, बोले- कुलदीप को खिलाओ, अर्शदीप को आराम दो

नई दिल्ली भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर को उम्मीद है कि रविवार को कोलंबो में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले टी20 विश्व कप मैच में भारतीय टीम तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की जगह लेग स्पिनर कुलदीप यादव को अंतिम एकादश में शामिल करेगी। नामीबिया के बल्लेबाजों ने गुरुवार को अर्शदीप की जमकर धुनाई की और उन्होंने अपने कोटे के चार ओवर भी पूरे नहीं किए। गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स के एक कार्यक्रम में कहा, ‘‘हमारे सभी गेंदबाजों ने विकेट लिए। अर्शदीप ने अपने चार ओवर पूरे नहीं किए, जबकि शिवम दुबे ने दो ओवर और हार्दिक ने अपना कोटा पूरा किया। इससे संकेत मिलता है कि कुलदीप यादव पाकिस्तान के खिलाफ मैच में अर्शदीप की जगह ले सकते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘श्रीलंका की पिचें स्पिनरों के लिए मददगार हैं और भारत का तीन स्पिनरों के साथ खेलने का इतिहास रहा है। मुझे उम्मीद है कि कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मैच में कुलदीप को अंतिम एकादश में शामिल किया जाएगा।’’ गावस्कर ने कहा कि भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच को ध्यान में रखते हुए ही अपनी गेंदबाजी में बदलाव किये। उन्होंने कहा, ‘‘हार्दिक ने पहला ओवर किया जिससे संकेत मिलता है कि अर्शदीप पाकिस्तान के खिलाफ शायद नहीं खेलेंगे। वरुण चक्रवर्ती ने केवल दो ओवर फेंके और अगर उन्होंने अपने पूरे चार ओवर फेंके होते तो वह पांच या छह विकेट ले लेते।’’ गावस्कर ने कहा, ‘‘वरुण की सबसे अच्छी बात यह है कि जब भी उसे गेंदबाजी करने के लिए कहा जाता है, वह विकेट लेता है। अक्षर पटेल ने तीन ओवर में दो विकेट लिए, यह अच्छा संकेत है।’’ गावस्कर ने इसके साथ ही कहा कि अस्वस्थ अभिषेक शर्मा की जगह अंतिम एकादश में बल्लेबाज के रूप में शामिल किए गए संजू सैमसन को क्रीज से काफी दूर जाकर खेलने में परेशानी हो रही है। सैमसन आठ गेंदों में 22 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें तीन छक्के शामिल थे। उन्होंने कहा, ‘‘संजू सैमसन की समस्या तकनीकी है। वह क्रीज में बहुत पीछे चले जाते हैं और फ्लिक शॉट खेलते हैं। उन्हें सुधार करने की जरूरत है, खासकर जब वह पारी की शुरुआत करते हैं।’’  

भारत पर अर्जेंटीना का तूफान, हॉकी प्रो लीग में 8-0 से करारी शिकस्त

राउरकेला भारत को बृहस्पतिवार को यहां एफआईएच पुरुष प्रो लीग के राउरकेला चरण में अर्जेंटीना से 0-8 से हार का सामना करना पड़ा। अर्जेंटीना के लिए टॉमस डोमेने ने चार गोल दागे। डोमेन (15, 20, 26, 60वें मिनट) के अलावा टॉमस रुइज (14वें मिनट), लुसियो मेंडेज (22वें मिनट), इग्नासियो इबारा (25वें मिनट) और निकोलस डेला टोरे (30वें मिनट) ने भी गोल किए। भारत ने शुरुआत में बढ़त बनाने की कोशिश की, लेकिन कुछ देर तक दबदबे के बाद उन्होंने पहले क्वार्टर के अंत में पेनल्टी स्ट्रोक मिलने पर बढ़त लेने का सुनहरा मौका गंवा दिया। हरमनप्रीत सिंह के प्रयास को अर्जेंटीना के गोलकीपर ने रोक दिया। अर्जेंटीना ने तुरंत गोल दाग दिया। रुइज ने अपनी टीम को बढ़त दिला दी। मेहमान टीम ने जल्द ही अपनी बढ़त दोगुनी कर ली जब डोमेने ने सूरज करकेरा को छकाते हुए अपनी टीम को शुरुआती क्वार्टर में 2-0 की बढ़त दिला दी। भारत ने दूसरे क्वार्टर की शुरुआत अच्छी की जिसमें शिलानंद लाकड़ा और हरमनप्रीत सिंह को पेनल्टी कॉर्नर मिले। हालांकि वे गोल नहीं कर पाए। अर्जेंटीना ने दबाव बनाना जारी रखा। डोमेने ने बढ़त को तीन गुना कर दिया और मेंडेज ने जल्द ही चौथा गोल कर दिया। इबारा पांचवां गोल किया जबकि डोमेने ने जल्द ही अपनी हैट्रिक पूरी की। निकोलस डेला टोरे के गोल से अर्जेंटीना पहले हाफ में 7-0 से बढ़त बनाए था। भारत ने कुछ मौके बनाए लेकिन गोल नहीं हुआ। फिर अर्जेंटीना ने डोमेने के गोल से शानदार जीत दर्ज की।  

कोपा डेल रे सेमीफाइनल: एटलेटिको मैड्रिड ने बार्सिलोना को 4-0 से रौंदा

मैड्रिड कोपा डेल रे सेमीफाइनल के पहले चरण में एटलेटिको मैड्रिड ने डिफेंडिंग चैंपियन बार्सिलोना को 4-0 से करारी शिकस्त देकर फाइनल की ओर मजबूत कदम बढ़ा दिए। घरेलू मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में डिएगो सिमेओने की टीम ने पहले हाफ में ही चार गोल दागकर मैच लगभग एकतरफा कर दिया। मैच के छठे मिनट में बार्सिलोना के गोलकीपर जोआन गार्सिया की बड़ी गलती का एटलेटिको ने फायदा उठाया और बढ़त बना ली। इसके बाद 14वें मिनट में शानदार मूव के जरिए एंटोइन ग्रीजमैन ने दूसरा गोल दागा। 33वें मिनट में जूलियानो सिमेओने के क्रॉस पर एडेमोला लुकमैन ने तीसरा गोल किया। पहले हाफ के अंत से ठीक पहले लुकमैन और जूलियन अल्वारेज़ की बेहतरीन साझेदारी ने चौथा गोल दिलाया। हालांकि पहले हाफ में बार्सिलोना ने 70 प्रतिशत बॉल पजेशन रखा, लेकिन एटलेटिको के तेज काउंटर अटैक के सामने वह बेअसर साबित हुआ। दूसरे हाफ में कोच हांसी फ्लिक ने रॉबर्ट लेवांडोव्स्की को मैदान पर उतारा, लेकिन इससे भी टीम की स्थिति में सुधार नहीं हुआ। 52वें मिनट में पाउ क्यूबर्सी ने फ्री-किक पर मिले रीबाउंड को गोल में बदला, लेकिन लंबी वीएआर समीक्षा के बाद इसे ऑफसाइड करार दिया गया। मैच के 86वें मिनट में एलेक्स बेएना को पीछे से गिराने पर बार्सिलोना के खिलाड़ी को पहले पीला कार्ड दिया गया, जिसे बाद में वीएआर की मदद से सीधे लाल कार्ड में बदला गया। एटलेटिको के डिफेंडर मार्कोस योरेंटे ने कहा, “यह पागलपन था, खासकर बार्सा के खिलाफ। टीम ने हर चीज सही की — डिफेंस मजबूत रखा, हाई प्रेसिंग की और स्पेस का बेहतरीन इस्तेमाल किया।” अब इस मुकाबले का दूसरा चरण 3 मार्च को कैंप नोउ में खेला जाएगा। इस सेमीफाइनल के विजेता का सामना फाइनल में रियल सोसिएदाद या एथलेटिक बिलबाओ से होगा। फिलहाल रियल सोसिएदाद 1-0 की बढ़त के साथ दूसरे चरण में उतरेगा।  

पैरा तैराक सतेंद्र लोहिया का कमाल, कुक स्ट्रेट पार कर बढ़ाया मध्य प्रदेश का मान

ग्वालियर मध्य प्रदेश के इंटरनेशनल पैरा स्विमर सतेंद्र सिंह लोहिया ने दुनिया के सबसे मुश्किल ओपन-वॉटर समुद्री चैनलों में से एक, न्यूजीलैंड के कुक स्ट्रेट को सफलतापूर्वक पार करके इतिहास रच दिया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गुरुवार को उन्हें इस कामयाबी पर बधाई देते हुए कहा कि इस कामयाबी के साथ, पद्म श्री अवॉर्डी (2024) लोहिया कुक स्ट्रेट को पार करने वाले एशिया के पहले पैरा स्विमर बन गए हैं। अपनी खुशी जाहिर करते हुए, मुख्यमंत्री ने इस कामयाबी को देश और मध्य प्रदेश दोनों के लिए गर्व का पल बताया। यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “पद्म श्री और तेनजिंग नोर्गे नेशनल एडवेंचर अवॉर्डी, मध्य प्रदेश के इंटरनेशनल पैरा स्विमर सतेंद्र सिंह लोहिया ने दुनिया के सबसे मुश्किल समुद्री चैनलों में से एक, न्यूजीलैंड के कुक स्ट्रेट को कामयाबी से पार करके इतिहास रच दिया है।” उन्होंने आगे कहा, “मैं इस अनोखी कामयाबी के लिए उन्हें दिल से बधाई देता हूं। देश और मध्य प्रदेश के लिए यह गर्व का पल उनके जबरदस्त जज्बे और पक्के इरादे को दिखाता है, जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा।” 38 साल के पैरा स्विमर, जिनके दोनों पैरों में चलने-फिरने की क्षमता कम है, ने अपने करियर में कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। उनमें से एक है मुंबई में 33 किलोमीटर का स्विम सर्किट 5 घंटे 42 मिनट में पूरा करना। मध्य प्रदेश के ग्वालियर-चंबल डिवीजन के भिंड जिले के गाटा गांव के रहने वाले लोहिया ने इससे पहले 2018 में एक टीम के साथ 36 किलोमीटर का इंग्लिश चैनल पार करके इतिहास रचा था। 2019 में, उन्होंने यूनाइटेड स्टेट्स में कैटालिना चैनल पूरा किया। उन्होंने इंग्लिश चैनल की तैराकी 12 घंटे और 26 मिनट में पूरी की। अपनी उपलब्धियों के लिए, उन्हें 2020 में तेनजिंग नोर्गे नेशनल एडवेंचर अवॉर्ड मिला और उन्होंने कहा कि वह यह सम्मान पाने वाले पहले पैरा-एथलीट थे। लोहिया को 2014 में मध्य प्रदेश के सबसे बड़े राज्य-स्तरीय खेल सम्मान, विक्रम अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया था। 2021 में, उन्हें बेस्ट स्पोर्ट्सपर्सन का नेशनल अवॉर्ड मिला। खेलों में उनके योगदान के लिए, उन्हें 2024 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया।  

RR के कप्तान बनने की दौड़ में शामिल नया नाम, जडेजा और यशस्वी को किया बाहर

जयपुर  इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स (RR) ने बड़ा दांव खेल दिया है. 24 साल के रियान पराग को टीम का नया कप्तान बनाए जाने की तैयारी पूरी हो चुकी है. यह फैसला ऐसे समय आया है जब लंबे समय तक टीम की कमान संभालने वाले संजू सैमसन का ट्रेड होकर चेन्नई सुपर किंग्स (CSK)  में जाना लगभग तय हो गया है. इस ट्रेड के बदले राजस्थान को दो अनुभवी ऑलराउंडर- रवींद्र जडेजा और सैम करन मिले हैं, जिससे टीम का संतुलन तो मजबूत हुआ है, लेकिन नेतृत्व में बदलाव अनिवार्य हो गया. पहले भी संभाल चुके हैं कमान रियान पराग के लिए कप्तानी बिल्कुल नई जिम्मेदारी नहीं है. पिछले सीजन में जब संजू सैमसन चोट के कारण आठ मैच नहीं खेल पाए थे, तब पराग ने टीम की अगुवाई की थी. उन आठ मुकाबलों में राजस्थान को सिर्फ दो जीत मिलीं, लेकिन व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिहाज से पराग प्रभावशाली रहे. उन्होंने 38.57 की औसत से रन बनाए और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ Eden Gardens में 95 रनों की करियर-बेस्ट पारी खेलकर अपनी नेतृत्व क्षमता और बल्लेबाजी कौशल दोनों का परिचय दिया. इंटरव्यू के बाद हुआ फैसला! सूत्रों के मुताबिक, हेड कोच कुमार संगकारा ने कप्तानी के लिए कुछ खिलाड़ियों का इंटरव्यू लिया था, जिनमें पराग सबसे आगे रहे. टीम मैनेजमेंट युवा नेतृत्व की ओर बढ़ना चाहता था और पराग की फ्रेंचाइजी के साथ लंबी प्रतिबद्धता ने भी उनके पक्ष में काम किया. यह बदलाव ऐसे समय आया है, जब टीम के सपोर्ट स्टाफ में भी हलचल रही. 2025 सीजन में टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा- 14 में से सिर्फ चार मैच जीतकर राजस्थान की टीम अंकतालिका में नीचे से दूसरे स्थान पर रही. इसी सीजन के बाद राहुल द्रविड़ ने फ्रेंचाइजी से अलग होने का फैसला किया. अब नए कप्तान और नए कोचिंग ढांचे के साथ टीम नई शुरुआत की ओर देख रही है. 2019 से लगातार राजस्थान के साथ रियान पराग ने 2019 में आईपीएल डेब्यू किया था और तब से वे लगातार राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा हैं. पिछले दो सीजन में उन्हें सभी मैच खेलने का मौका मिला. 2024 का सीजन उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ रहा, जब उन्होंने 573 रन बनाए. इस दौरान एवरेज 52.09 और स्ट्राइक रेट 149.21 का रहा. यह प्रदर्शन उन्हें टीम का बल्लेबाजी स्तंभ साबित करता है. अब तक वे राजस्थान के लिए 84 मैच खेल चुके हैं, जिनमें 1566 रन और 7 विकेट उनके नाम हैं. आंकड़े बताते हैं कि पराग सिर्फ भविष्य की परियोजना नहीं, बल्कि वर्तमान की जरूरत भी हैं. नई दिशा, नई उम्मीद संजू सैमसन ने 11 सीजन तक राजस्थान का प्रतिनिधित्व किया और पिछले सीजन के बाद बदलाव की इच्छा भी जताई थी. ऐसे में फ्रेंचाइजी ने युवा चेहरे पर दांव लगाकर दीर्घकालिक रणनीति अपनाई है. राजस्थान रॉयल्स (25 खिलाड़ी): यशस्वी जायसवाल, रियान पराग, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, शुभम दुबे, युद्धवीर सिंह, संदीप शर्मा, तुषार देशपांडे, शिमरॉन हेटमायर, लुआन-ड्रे प्रीटोरियस, जोफ्रा आर्चर, क्वेना मफाका, नांद्रे बर्गर, रवींद्र जडेजा (चेन्नई से ट्रेड), सैम करन (चेन्नई से ट्रेड), डोनोवन फरेरा (दिल्ली से ट्रेड), रवि बिश्नोई, सुशांत मिश्रा, यश राज पुंजा, विघ्नेश पुथुर, रवि सिंह, अमन राव, ब्रिजेश शर्मा, एडम मिल्ने और कुलदीप सेन.  

17वें स्थान पर रहीं गुंतास कौर संधू, भारतीय उम्मीदों को मिली नई उड़ान

वेलिंगटन (न्यूज़ीलैंड) भारत की गुंतास कौर संधू ने गुरुवार को यहां रॉयल वेलिंगटन गोल्फ क्लब में वन-अंडर 71 का कार्ड खेला और विमेंस एमेच्योर एशिया-पैसिफिक के शुरुआती राउंड के बाद 17वें नंबर पर रहकर बेस्ट इंडियन बनीं। यह टूर्नामेंट द रॉयल एंड एंशिएंट, स्कॉटलैंड होस्ट कर रहा है, जो गोल्फ के नियमों के लिए वर्ल्ड गवर्निंग बॉडी है, और एशिया-पैसिफिक गोल्फ कन्फेडरेशन के साथ मिलकर खेल रही है। इंडियन गोल्फ यूनियन (आईजीयू) की भेजी गई चार मेंबर वाली टीम का हिस्सा, गुंतास ने पहले होल पर बोगी के साथ ठीक-ठाक शुरुआत की, फिर तीसरे, आठवें और 12वें होल पर बर्डी लगाईं। लेकिन 15वें होल पर बोगी ने उन्हें पीछे कर दिया। वह लीडर साउथ कोरिया की युनसेओ यांग से सात स्ट्रोक पीछे हैं। मुकाबले में शामिल दूसरी भारतीय, अनन्या सूद (2-ओवर 74; संयुक्त 42वें), ज़ारा आनंद (7-ओवर 79; संयुक्त 66वें) और जिया कटारिया (9-ओवर 81; संयुक्त 75वें) का पहला राउंड निराशाजनक रहा। दुनिया में 545वें नंबर पर मौजूद गुंतास कौर संधू का घरेलू सीज़न शानदार रहा, उन्होंने आईजीयू सर्किट पर चार बार जीत हासिल की, जिसमें गुजरात लेडीज एंड जूनियर गर्ल्स एमेच्योर, ईस्टर्न इंडिया लेडीज एंड जूनियर गर्ल्स एमेच्योर, सदर्न इंडिया लेडीज एंड जूनियर गर्ल्स एमेच्योर और महाराष्ट्र लेडीज एंड जूनियर गर्ल्स एमेच्योर गोल्फ चैंपियनशिप शामिल हैं। वह 2025 आईजीयू ऑल इंडिया लेडीज एंड जूनियर गर्ल्स एमेच्योर चैंपियनशिप में तीसरे स्थान पर रहीं। वर्ल्ड एमेच्योर एशिया-पैसिफिक के विजेता को तीन बड़ी चैंपियनशिप – एआईजी विमेंस ओपन, अमुंडी एवियन चैंपियनशिप और द शेवरॉन चैंपियनशिप में खेलने का न्योता मिलता है।  

नामीबिया के खिलाफ मैच में उजागर हुई कमजोरियां, पाकिस्तान मुकाबले से पहले बढ़ा दबाव

नई दिल्ली नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस की अपरंपरागत स्पिन गेंदबाजी के सामने गुरुवार को भारतीय बल्लेबाज कमजोर नजर आए। उन्हें अब रविवार को कोलंबो में होने वाले T20 विश्व कप के महत्वपूर्ण मुकाबले से पहले पाकिस्तान के स्पिनर उस्मान तारिक की इसी तरह की गेंदबाजी के खतरे से निपटने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी।   नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस की अपरंपरागत स्पिन गेंदबाजी के सामने गुरुवार को भारतीय बल्लेबाज कमजोर नजर आए। उन्हें अब रविवार को कोलंबो में होने वाले टी20 विश्व कप के महत्वपूर्ण मुकाबले से पहले पाकिस्तान के स्पिनर उस्मान तारिक की इसी तरह की गेंदबाजी के खतरे से निपटने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी। इरास्मस और तारिक दोनों ही मूल रूप से ऑफ स्पिन गेंदबाजी करते हैं और उसमें असामान्य विविधताओं का इस्तेमाल करते हैं। इरास्मस ने गुरुवार रात को राउंड ऑर्म ऐक्शन से काफी गेंदें फेंकीं और उनकी स्टंप्स के काफी पीछे से फेंकी गई कुछ गेंदों ने भी भारतीय बल्लेबाजों को चकमा दिया। उन्होंने चार ओवरों में 20 रन देकर चार विकेट लिए। इरास्मस ने डेथ ओवरों में भी बेहतरीन गेंदबाजी की और भारतीय बल्लेबाजों पर भारी पड़े। दूसरी ओर तारिक गेंद फेंकने से पहले एक अजीबोगरीब विराम लेते हैं। वह गेंद फेंकने के दौरान इतने समय तक रुक जाते हैं कि उनकी गेंदबाजी की वैधता पर सवाल उठाए जा रहे हैं। भारत को टी20 विश्व कप में सपाट विकेटों की उम्मीद थी, लेकिन मुंबई और दिल्ली की पिचों ने बल्लेबाजों की खूब परीक्षा ली। कोलंबो की पिच पारंपरिक रूप से धीमी मानी जाती है जिससे दोनों टीमों के स्पिनरों को काफी मदद मिल सकती है। नामीबिया के खिलाफ भारत की तरफ से अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में ईशान किशन भी शामिल थे और जीत के बाद उनसे पूछा गया कि क्या इरास्मस का सामना करना रविवार को तारिक और उनकी टीम के खिलाफ खेलने के लिए अच्छी तैयारी थी। किशन ने कहा, 'मुझे लगता है कि हमने तैयारी पहले ही कर ली है। अब बस गेंद को देखना और अपना स्वाभाविक खेल खेलना बाकी है। इसलिए अगर गेंद सही जगह पर पड़ती है तो एक बल्लेबाज के रूप में हम बस आगे बढ़ना चाहते हैं क्योंकि यह एक टी20 मैच है।' उन्होंने कहा, ‘हम अच्छा स्कोर बनाने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन हमें अपने मजबूत पक्षों पर भी भरोसा रखना होगा। तैयारी करने जैसी कोई बात नहीं है। मुझे लगता है कि इस स्तर पर हम बस कुछ वीडियो देखते हैं और हमें अंदाजा हो जाता है कि किस तरह की गेंद आने वाली है। इसलिए हम इसे सरल बनाए रख रहे हैं।’ किशन ने हालांकि स्वीकार किया कि अपरंपरागत ऐक्शन से गेंदबाजी करने वाला कोई गेंदबाज बल्लेबाज के दिमाग पर असर डाल सकता है। उन्होंने कहा, ‘हां, कुछ गेंदों के लिए यह बात आपके दिमाग में चल सकती है, लेकिन मुझे लगता है कि इस स्तर पर आपको अपनी मजबूती पर भी भरोसा रखना होगा। भले ही वह कुछ करने की कोशिश कर रहा हो, हम छक्के या चौके लगा सकते हैं। जब गेंदबाज कुछ अलग करने की कोशिश कर रहा होता है, तो उस समय हम कैसे सोच रहे होते हैं, यह काफी मायने रखता है।’

फैंस की बढ़ी चिंता: चोट के कारण मेस्सी का ओपनिंग मैच खेलना संदिग्ध

फोर्ट लॉडरडेल (अमेरिका) स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेस्सी की बायीं हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया है जिसके कारण उनका इंटर मियामी की तरफ से एमएलएस कप में 21 फरवरी को एलएएफसी के खिलाफ होने वाले सत्र के पहले मैच में खेलना संदिग्ध है। इंटर मियामी की टीम ने बुधवार को मेस्सी के चोटिल होने के बारे में जानकारी दी। एमएलएस के लगातार दो बार के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी मेस्सी ने पिछले सप्ताहांत इक्वाडोर में सत्र से पहले खेले गए मैच में एक गोल किया, लेकिन दूसरे हाफ के लगभग 12 मिनट बाद उन्हें संभवतः हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण मैदान छोड़ना पड़ा था। इंटर मियामी ने एक बयान में कहा, ‘‘अभ्यास में उनकी वापसी आने वाले दिनों में उनकी फिटनेस की प्रगति पर निर्भर करेगी।’’  

एशियाई खेलों की उलटी गिनती शुरू, मिशन ओलंपिक सेल ने ताइक्वांडो और कराटे के लिए बनाई खास रणनीति

नई दिल्ली एशियाई खेल 2026 को ध्यान में रखते हुए भारत ने अपने कॉम्बैट खेलों के खिलाड़ियों की तैयारियों को और धार देने की दिशा में कदम बढ़ाया है। मिशन ओलंपिक सेल (एमओसी) ने ताइक्वांडो और कराटे खिलाड़ियों के लिए विशेष अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर, कोचिंग और सपोर्ट स्टाफ की सुविधाओं को मंजूरी दी है। यह निर्णय एमओसी की 168वीं बैठक में लिया गया, जिसमें खिलाड़ियों के हालिया प्रदर्शन और भविष्य की संभावनाओं का आकलन किया गया। कुल मिलाकर विभिन्न प्रस्तावों पर लगभग 1.70 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई। ताइक्वांडो खिलाड़ी रोडाली बरुआ को यूरोप और ओशिनिया में होने वाली कई प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी। इनमें बुल्गारिया, स्लोवेनिया और डच ओपन जैसे जी2 स्तर के टूर्नामेंट शामिल हैं, साथ ही नेपाल में जी1 स्तर की चैंपियनशिप भी उनके कार्यक्रम का हिस्सा है। इन प्रतियोगिताओं के लिए लगभग 21 लाख रुपये से अधिक की सहायता स्वीकृत की गई है। बरुआ ने पिछले वर्ष ओशिनिया क्षेत्र के प्रेसिडेंट्स कप में कांस्य पदक जीतकर अपनी क्षमता साबित की थी। दूसरी ओर रूपा बायोर को नौ महीने तक फिजियोथेरेपी, मसाज और स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कार्यक्रम का समर्थन मिलेगा। वह फिलहाल विश्व रैंकिंग में शीर्ष खिलाड़ियों में गिनी जाती हैं और एशिया में नंबर एक स्थान पर हैं। एमओसी का मानना है कि यह सहयोग उन्हें निरंतर उच्च स्तर का प्रदर्शन बनाए रखने में मदद करेगा। कराटे में भुवनेश्वरी जाधव को तीन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के साथ एक संरचित प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए सहायता दी गई है। उनका प्रशिक्षण उज्बेकिस्तान में विदेशी कोच की देखरेख में होगा। इस पूरे कार्यक्रम पर करीब 20 लाख रुपये खर्च होंगे, जिसमें उनके कोच और स्पैरिंग पार्टनर का सहयोग भी शामिल है। वहीं कराटे खिलाड़ी अलीशा और उनके कोच को भी दो अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए आर्थिक समर्थन मिला है। भुवनेश्वरी और अलीशा दोनों ने हालिया एशियाई चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीते थे। बैठक में अन्य खेलों से जुड़े प्रस्ताव भी मंजूर किए गए। स्क्वैश खिलाड़ी अनाहत सिंह के लिए स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच, नीरज चोपड़ा के विदेशी प्रशिक्षण शिविर के विस्तार और पैरा-एथलीटों के अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों को भी हरी झंडी दी गई। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि लक्षित अंतरराष्ट्रीय एक्सपोज़र से खिलाड़ियों को उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिलेगा, जो एशियाई खेल जैसे बड़े मंच पर पदक की संभावनाएं बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा।  

भारत-पाक मैच से पहले हलचल तेज, अभिषेक शर्मा की बात का खुलासा कर वरुण चक्रवर्ती ने बढ़ाया रोमांच

नई दिल्ली ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए मशहूर अभिषेक शर्मा अनफिट होने के कारण टी20 वर्ल्ड कप 2026 में नामीबिया के खिलाफ नहीं खेले। हालांकि, पेट के संक्रमण से जूझ रहा यह सलामी बल्लेबाज बेहतर महसूस कर रहा है। अभिषेक भारत बनाम पाकिस्तान मैच में मैदान पर उतर सकते हैं। यह बड़ा अपडेट स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने दिया है। अभिषेक को दो दिन अस्पताल में रहना पड़ा था। उन्हें बुधवार को अस्पताल से छुट्टी मिली थी। भारत को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से रविवार (15 फरवरी) को कोलंबो में भिड़ना है, जिस पर सभी की नजरें टिकी होंगी। पाकिस्तान सरकार ने शुरुआत में इंडिया मैच बॉयकॉट का फैसला किया था लेकिन बाद में यू-टर्न ले लिया। चक्रवर्ती ने गुरुवार को दिल्ली में नामीबिया के खिलाफ कातिलाना गेंदबाजी की। उन्होंने दो ओवर में सात रन देकर तीन विकेट चटकाए। डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने 209/9 का स्कोर बनाने के बाद नामीबिया को 93 रनों से धूल चटाई। भारत की टूर्नामेंट में यह लगातार दूसरी जीत है। स्पिनर ने मैच के बाद कहा, ''मुझे लगता है कि अभिषेक अगला मैच खेलेगा। मुझे उसकी स्थिति के बारे में पूरी तरह नहीं पता। लेकिन मैंने उससे बात की है, वह अच्छी स्थिति में लग रहा है। उसने आज कुछ प्रैक्टिस भी की। उसने मुझे बताया कि वह वापसी की प्रक्रिया में है।'' वहीं, टॉस के समय भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा था कि अभिषेक को पूरी तरह से फिट होने में समय लगेगा और वह एक या दो मैच मिस कर सकते हैं। अभिषेक अमेरिका के खिलाफ मुंबई में खेले गए मुकाबले में पहली गेंद पर आउट हो गए थे और उसके बाद मैच में आगे हिस्सा नहीं लिया था। उनकी जगह संजू सैमसन ने फील्डिंग की थी। समझा जाता है कि मैच के दौरान उनकी तबीयत खराब थी और दिल्ली पहुंचने के बाद और बिगड़ गई। अभिषेक की गैरमौजूदगी में संजू सैमसन ने ईशान किशन के साथ ओपनिंग की। सैमसन ने 8 गेंदों में तूफानी अंदाज में 22 रन बटोरे। चक्रवर्ती ने नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस की भी सराहना की जिन्होंने 20 रन देकर चार विकेट चटकाए और बीच के ओवरों में भारतीय रन गति पर अंकुश लगाया। स्पिनर कहा, ''उन्होंने बहुत रणनीतिक तरीके से गेंदबाजी की। वह बहुत बढ़िया था। मैं देख सकता था कि उन्होंने अपनी गेंदबाजी की योजना कैसे बनाई थी। उन्होंने इस पर काम किया था और काफी सोच-विचार किया था। अगर आप आखिरी चार ओवर देखें तो उनके पास एकदम सही योजना थी। वह अच्छी रिसर्च और योजना के साथ आए।''