samacharsecretary.com

मैदान पर मचा कोहराम: 17 चौके-9 छक्कों के साथ भारतीय स्टार ने ODI में जड़ा डबल सेंचुरी

नई दिल्ली  भारत के 17 साल के विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाज अभिज्ञान कुंडू ने इतिहास रच दिया है. अभिज्ञान कुंडू यूथ वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में दोहरा शतक जड़ने वाले भारत के पहले और इकलौते बल्लेबाज बन गए हैं. एसीसी मेंस U19 एशिया कप 2025 टूर्नामेंट में मलेशिया (MLY) के खिलाफ मैच के दौरान बल्ले से तबाही मचा दी है. अभिज्ञान कुंडू ने केवल 101 गेंद पर यूथ वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में दोहरा शतक ठोक दिया. भारत के खूंखार क्रिकेटर ने ODI में ठोका दोहरा शतक अभिज्ञान कुंडू ने मंगलवार को मलेशिया के खिलाफ U19 एशिया कप 2025 टूर्नामेंट के मैच में नंबर-5 पर बल्लेबाजी करते हुए 125 गेंदें पर नाबाद 209 रन जड़ दिए. अभिज्ञान कुंडू ने अपनी इस पारी में 167.20 की स्ट्राइक रेट से बैटिंग करते हुए 17 चौके और 9 छक्के उड़ाए. अभिज्ञान कुंडू की इस ऐतिहासिक पारी की बदौलत भारतीय U19 टीम (INDU19) ने मलेशिया U19 टीम (MLYU19) के खिलाफ 50 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 408 रन का स्कोर खड़ा कर दिया.   गेंदबाज त्राहि-त्राहि करते हुए नजर आए अभिज्ञान कुंडू के धमाके के सामने मलेशिया U19 टीम के गेंदबाज त्राहि-त्राहि करते हुए नजर आए. अभिज्ञान कुंडू ने अपना शतक महज 80 गेंदों पर ही पूरा कर लिया था. शतक बनाने के बाद अभिज्ञान कुंडू और भी ज्यादा खतरनाक हो गए और उन्होंने अपनी अगली 41 गेंदों पर 100 से ज्यादा रन जोड़ लिए.अभिज्ञान कुंडू अंत में 125 गेंद पर 209 रन बनाकर नाबाद लौटे. मलेशिया U19 टीम ने इस मैच में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया और भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया. मलेशिया U19 टीम का यह फैसला उन्हीं पर भारी पड़ गया. भारत ने दिया 409 रनों का टारगेट भारतीय U19 टीम (INDU19) ने मलेशिया U19 टीम (MLYU19) को 50 ओवर में जीत के लिए 409 रनों का टारगेट दिया है. भारतीय पारी में अभिज्ञान कुंडू के अलावा वेदांत त्रिवेदी ने नंबर-4 पर बल्लेबाजी करते हुए 106 गेंद पर 90 रन ठोक दिए. अभिज्ञान कुंडू यूथ वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में दोहरा शतक जड़ने वाले भारत के पहले और इकलौते बल्लेबाज बन गए हैं. अभिज्ञान कुंडू का 209 रन का स्कोर अब यूथ ODI इतिहास में किसी भारतीय द्वारा बनाया गया दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है. इससे पहले अगस्त 2002 में अंबाती रायडू ने टॉन्टन में इंग्लैंड के खिलाफ यूथ ODI मैच में 169 गेंदों पर नाबाद 177 रन बनाए थे. 

इंडिया आकर सीधे वृंदावन पहुंचे विराट कोहली और अनुष्का शर्मा, प्रेमानंद महाराज जी से की मुलाकात

नई दिल्ली   भारतीय क्रिकेट स्टार विराट कोहली और एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा का वृंदावन में आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद महाराज से आशीर्वाद लेते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने देश भर के फैंस का ध्यान खींचा है। यह कपल जो अपनी गहरी आध्यात्मिक आस्था के लिए जाना जाता है, पवित्र शहर में प्रार्थना और ध्यान करने के लिए गए थे।   वीडियो में, विराट कोहली और अनुष्का शर्मा विनम्रता से प्रेमानंद महाराज को प्रणाम करते और ध्यान से उनकी बातें सुनते हुए दिख रहे हैं, जब वे उन्हें आशीर्वाद दे रहे हैं। सादे कपड़े पहने हुए इस कपल ने इस यात्रा के दौरान लो प्रोफाइल बनाए रखा, जो शांति और भक्ति की भावना को दिखाता है।  वीडियो में उन्हें सम्मानपूर्वक बैठे हुए, वृंदावन के आध्यात्मिक माहौल में डूबे हुए देखा गया जो भगवान कृष्ण से जुड़ा एक पवित्र स्थान है। ग्लोबल फेम के बावजूद आध्यात्म को अपनाने के लिए इस कपल की खूब तारीफ हो रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर उनके ज़मीन से जुड़े स्वभाव और भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं के प्रति सम्मान की तारीफ़ करने वाले मैसेज भर गए। विराट कोहली और अनुष्का शर्मा पहले भी आध्यात्म और माइंडफुलनेस के महत्व के बारे में बात कर चुके हैं, और अक्सर आश्रमों और आध्यात्मिक गुरुओं के पास जाते रहते हैं। वृंदावन की उनकी यात्रा ने एक बार फिर उनकी ज़िंदगी के इस पहलू को उजागर किया, जिससे फैंस को उनकी पर्सनल मान्यताओं की झलक मिली जो लाइमलाइट से परे उनकी यात्रा को आकार देने में मदद करती हैं।  

कठिन चुनौती के लिए तैयार सात्विक–चिराग, BWF वर्ल्ड टूर फाइनल्स में मिला ‘ग्रुप ऑफ डेथ’

हांगझोउ सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को बुधवार से यहां शुरू होने वाले सत्रांत बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर फाइनल्स में कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा क्योंकि भारत की शीर्ष पुरुष युगल जोड़ी को उस ग्रुप में जगह मिली है जिसे ‘ग्रुप ऑफ डेथ’ (सबसे मुश्किल ग्रुप) माना जा रहा है। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में हर वर्ग में आठ शीर्ष खिलाड़ी या जोड़ियां शामिल होती हैं जिनका चयन विश्व टूर कैलेंडर में प्रदर्शन के आधार पर किया जाता है। दुनिया की पूर्व नंबर एक और अब तीसरे नंबर की सात्विक और चिराग की जोड़ी इस एलीट प्रतियोगिता में एकमात्र भारतीय प्रतिनिधि हैं। एशियाई खेलों के चैंपियन सात्विक और चिराग को ग्रुप बी में कड़ी चुनौती का सामना करना होगा क्योंकि इस ग्रुप में कई ओलंपिक पदक विजेता शामिल हैं। भारतीय जोड़ी अपने अभियान की शुरुआत चीन के लियांग वेई केंग और वांग चांग के खिलाफ करेगी जो पेरिस ओलंपिक के रजत पदक विजेता हैं। इसके बाद उनकी भिड़ंत इंडोनेशिया के फजर अल्फियान और मुहम्मद शोहिबुल फिक्री से होगी। शुक्रवार को अपने आखिरी ग्रुप मैच में भारतीय जोड़ी अपनी चिर प्रतिद्वंद्वी आरोन चिया और सोह वूई यिक की मलेशियाई जोड़ी से भिड़ेगी जो पेरिस ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता हैं। चिया और यिक को यहां दूसरी वरीयता मिली है। आमने-सामने के रिकॉर्ड की बात करें तो सात्विक और चिराग ने दुनिया की सातवें नंबर की चीन की जोड़ी के खिलाफ तीन मैच जीते हैं जबकि सात मैच में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। सितंबर में हांगकांग ओपन फाइनल में भी सात्विक और चिराग को लियांग और वांग के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। भारतीय जोड़ी ने हालांकि चीन मास्टर्स में पिछले मुकाबले में इस जोड़ी के खिलाफ जीत दर्ज की थी। सात्चिक और चिराग को दुनिया की 11वें नंबर की इंडोनेशियाई जोड़ी के खिलाफ अपनी एकमात्र भिड़ंत में ऑस्ट्रेलियाई ओपन क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था जबकि आरोन और सोह के खिलाफ भारतीय जोड़ी को अपने करियर में अधिकांश समय परेशानी का सामना करना पड़ा है। प्रत्येक ग्रुप से केवल शीर्ष दो जोड़ियां सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी और ऐसे में गलती की गुंजाइश बहुत कम है। सात्विक और चिराग ने इस साल कोई खिताब नहीं जीता लेकिन भारतीय जोड़ी ने चोट के कारण ब्रेक के बाद वापसी करते हुए निरंतरता और लचीलापन दिखाया है। उन्होंने विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक के साथ फॉर्म में वापसी की और हांगकांग ओपन तथा चीन मास्टर्स में उपविजेता रहे। भारतीय जोड़ी मलेशिया ओपन, इंडिया ओपन, सिंगापुर ओपन, चीन ओपन और डेनमार्क ओपन में भी सेमीफाइनल में पहुंची। साल के आखिर में होने वाले फाइनल्स में भारत की उपस्थिति छिटपुट लेकिन महत्वपूर्ण रही है। पीवी सिंधू यह खिताब जीतने वाली एकमात्र भारतीय हैं जिन्होंने 2018 में महिला एकल का खिताब जीता था जबकि साइना नेहवाल 2011 में फाइनल में पहुंची थीं। युगल में ज्वाला गुट्टा और वी दिजू 2009 के सुपर सीरीज फाइनल में मिश्रित युगल के फाइनल में पहुंचे थे।  

एशेज : बॉन्डी बीच गोलीबारी की घटना के बाद एडिलेड टेस्ट में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

एडिलेड ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच बुधवार से एडिलेड ओवल में खेला जाना है। इससे पहले प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी करने का ऐलान किया है। यह फैसला सिडनी के बॉन्डी बीच पर हुई गोलीबारी की घटना के बाद लिया गया है। दक्षिण ऑस्ट्रेलिया के स्टेट प्रीमियर पीटर मलिनाउस्कस ने बताया कि स्टेडियम के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा नियम लागू किए जाएंगे। इनमें राइफल से लैस पुलिसकर्मियों की तैनाती भी शामिल होगी। उन्होंने कहा कि सिडनी की घटना को देखते हुए यह कदम एहतियात के तौर पर उठाया गया है और फिलहाल सतर्क रहना जरूरी है। डेली मेल के हवाले से मलिनाउस्कस ने कहा, “सिडनी में हुई घटनाओं को देखते हुए, एडिलेड ओवल में अतिरिक्त प्रोटोकॉल लागू किए जाएंगे। यह सिर्फ़ एहतियात के तौर पर किया जा रहा है, लेकिन यह सही है कि इस समय हम ज़्यादा सतर्क रहें।” बॉन्डी बीच पर यह हमला एक यहूदी धार्मिक कार्यक्रम के दौरान हुआ था, जिसमें दो लोगों ने गोलीबारी की। इस घटना में 16 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए। हमलावरों को जल्द ही पकड़ लिया गया, जिनमें से एक की मौत हो गई और दूसरा अस्पताल में गंभीर हालत में है। इस घटना के बाद दक्षिण ऑस्ट्रेलिया पुलिस आयुक्त ग्रांट स्टीवंस ने बताया कि मैच के दौरान एडिलेड ओवल के आसपास विशेष रूप से प्रशिक्षित सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे, जो किसी भी आपात स्थिति से निपटने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की मौजूदगी लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी है। हालांकि, अधिकारियों ने साफ किया है कि फिलहाल क्रिकेट मैच या अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों पर किसी बड़े खतरे के संकेत नहीं मिले हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने संयुक्त बयान जारी कर इस हमले पर गहरा दुख जताया है और पीड़ितों व उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। सम्मान के तौर पर मैच शुरू होने से पहले एक मिनट का मौन रखा जाएगा और दोनों टीमों के खिलाड़ी काली पट्टी बांधकर मैदान में उतरेंगे। पांच मैचों की इस सीरीज में ऑस्ट्रेलिया फिलहाल 2-0 से आगे है और तीसरा टेस्ट जीतकर एशेज ट्रॉफी अपने पास बनाए रखने की कोशिश करेगा।  

CSK का मास्टरस्ट्रोक! IPL 2026 ऑक्शन में प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा पर करोड़ों की बोली

अबू धाबी  प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा आईपीएल नीलामी के सबसे महंगे 'अनकैप्ड खिलाड़ी' बन गए हैं। पांच बार की आईपीएल चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने इन दोनों युवा खिलाड़ियों को 14.2-14.2 करोड़ रुपए में अपने साथ जोड़ा है। बाएं हाथ के खिलाड़ी प्रशांत वीर का बेस प्राइज 30 लाख रुपए था। उन्हें खरीदने के लिए लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने सबसे पहले दिलचस्पी दिखाई। इसके बाद मुंबई इंडियंस बिड वॉर में कूद पड़ी। 1.30 करोड़ रुपए की बोली लगाते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने भी प्रशांत को अपने साथ जोड़ने में दिलचस्पी दिखाई। इस बीच राजस्थान रॉयल्स भी इस होड़ में शामिल हो गया। सनराइजर्स हैदराबाद ने 6.80 करोड़ रुपए की बोली लगाकर सभी को चौंकाया, लेकिन सीएसके ने आखिरकार प्रशांत को अपने साथ जोड़ने में कामयाबी हासिल की। 20 वर्षीय प्रशांत वीर ने 2 फर्स्ट क्लास मुकाबलों में 2 विकेट हासिल किए हैं, जबकि 9 टी20 मुकाबलों में 16.66 की औसत के साथ 12 विकेट निकाले। इस खिलाड़ी ने 28 की औसत के साथ 112 रन भी बनाए हैं। दूसरी ओर, रणजी ट्रॉफी में शतक लगाने वाले 19 वर्षीय विकेटकीपर-बल्लेबाज कार्तिक शर्मा को खरीदने के लिए मुंबई इंडियंस, लखनऊ सुपर जायंट्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद ने दिलचस्पी दिखाई। आखिरकार, चेन्नई सुपर किंग्स ने 30 लाख रुपए के बेस प्राइज वाले इस खिलाड़ी को 14.20 करोड़ रुपए की बोली लगाकर अपने साथ जोड़ने में सफलता हासिल की। कार्तिक 8 फर्स्ट क्लास मुकाबले, 9 लिस्ट-ए मुकाबले और 12 टी20 मैच खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने लिस्ट-ए क्रिकेट में 2 शतक, जबकि फर्स्ट क्लास मुकाबलों में 3 शतक लगाए हैं। इससे पहले, आईपीएल नीलामी में सबसे महंगे 'अनकैप्ड खिलाड़ी' का रिकॉर्ड आवेश खान के नाम पर था, जिन्हें आईपीएल 2022 की नीलामी में लखनऊ सुपर जायंट्स ने 10 करोड़ रुपए में खरीदा था। आईपीएल 2021 की नीलामी में चेन्नई सुपर किंग्स ने कृष्णप्पा गौतम पर 9.25 करोड़ रुपए खर्च किए थे। शाहरुख खान (पंजाब किंग्स) और राहुल तेवतिया (गुजरात टाइटंस) आईपीएल 2022 की नीलामी में 9-9 करोड़ रुपए में खरीदे गए थे।

रैकेट की बजाय सोशल मीडिया की गूंज से सुर्खियों में ओशियान डोडिन, जानिए कमाई का तरीका

पेरिस  टेनिस की दुनिया में वापसी आमतौर पर रैकेट की गूंज से होती है, लेकिन ओशियान डोडिन की वापसी ने सुर्खियों, कैमरों और सोशल मीडिया पर अलग ही शोर मचा दिया. 29 साल की फ्रेंच टेनिस खिलाड़ी ने न सिर्फ कोर्ट पर लौटकर सबको चौंकाया, बल्कि करियर के बीच लिए गए अपने निजी फैसलों से भी खेल जगत में नई बहस छेड़ दी        2024 के अंत में इनर-ईयर कंडीशन के चलते डोडिन को टेनिस से लंबा ब्रेक लेना पड़ा. चोट इतनी गंभीर थी कि उनकी WTA सिंगल्स रैंकिंग गिरकर 744 तक पहुंच गई. बड़े टूर्नामेंट्स से दूर, वह महीनों तक प्रतिस्पर्धी टेनिस से बाहर रहीं.  इसी खामोशी भरे दौर में डोडिन ने वह किया, जो वह लंबे समय से चाहती थीं- मिड-करियर ब्रेस्ट एन्हांसमेंट सर्जरी. सितंबर में जब उन्होंने ITF टूर्नामेंट के जरिए वापसी की, तो टेनिस की दुनिया ने उन्हें एक नए अंदाज में देखा. फ्रांस में दिए गए इंटरव्यू में डोडिन ने बिना किसी झिझक के अपने फैसले पर बात की. उन्होंने कहा, अगर मुझे छह महीने रुकना ही था, तो मैंने सोचा कि क्यों न वही करूं जो मैं सच में चाहती हूं. मैं 40 की उम्र में यह करने से बेहतर अभी करना चाहती थी.'  उनकी साफगोई ने उन्हें सुर्खियों में ला दिया. डोडिन पहली सक्रिय टेनिस खिलाड़ी बनीं, जिन्होंने खुले तौर पर मिड-करियर कॉस्मेटिक सर्जरी की बात स्वीकार की. कुछ ने तारीफ की, कुछ ने सवाल उठाए- लेकिन चर्चा थमी नहीं. अब, तीन महीने बाद, डोडिन ने एक और बड़ा कदम उठाया है. वह OnlyFans से जुड़ गई हैं. OnlyFans एक सब्सक्रिप्शन-आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां क्रिएटर्स अपने फैन्स के लिए एक्सक्लूसिव कंटेंट साझा करते हैं. हालांकि यहां फिटनेस, लाइफस्टाइल और स्पोर्ट्स कंटेंट भी मौजूद हैं. हाल के वर्षों में कई खिलाड़ी और सेलेब्रिटी पारंपरिक कमाई से अलग सीधी कमाई के लिए इस प्लेटफॉर्म का रुख कर चुके हैं.  डोडिन भी सचिया विकरी और निक किर्गियोस जैसे टेनिस खिलाड़ियों की राह पर चल पड़ी हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह OnlyFans से एक साल में अपने पूरे टेनिस करियर (करीब 2.85 मिलियन डॉलर) से ज्यादा कमाई कर सकती हैं. डोडिन का कहना है कि वह सिर्फ टेनिस तक सीमित होकर नहीं जीना चाहतीं. 'हम खिलाड़ी हैं, लेकिन सामान्य लोग भी हैं. हमारी निजी जिंदगी है, हमारी पसंद है.' उनके फैसले को लेकर चेतावनियां भी मिलीं- यहां तक कहा गया कि वह अब खेल नहीं पाएंगी. 

IPL ऑक्शन में ग्रीन का तूफान, ₹25.20 करोड़ की बोली ने उड़ाए सबके होश

अबू धाबी इंडियन प्रीमियर लीग (2026) के लिए 16 दिसंबर (मंगलवार) को अबू धाबी में आयोजित मिनी नीलामी में ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन पर पैसों की बारिश हुई. ग्रीन को तीन बार की चैम्पियन कोलकाता नाइट राइडर्स ने 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा. ग्रीन आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बन गए. ग्रीन ने अपने हमवतन मिचेल स्टार्क का रिकॉर्ड तोड़ दिया. बाएं हाथ के तेज गेंदबाज स्टार्क को आईपीएल 2024 की नीलामी में केकेआर ने 24.75 करोड़ रुपये में खरीदा था. ऋषभ पंत (27 करोड़ रुपये) आईपीएल के सबसे महंगे प्लेयर हैं.  कैमरन ग्रीन के लिए पहली बिड मुंबई इंडियंस (MI) ने 2 करोड़ रुपये की लगाई, जो ग्रीन का बेस प्राइस था. इसके बाद राजस्थान रॉयल्स (RR) ने एंट्री की. फिर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने 2.8 करोड़ की बोली लगाई. देखते ही देखते बोली 8 करोड़ के पार पहुंच गई, जहां केकेआर और रॉयल्स के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली. राजस्थान रॉयल्स ने बोली बढ़ाकर 11.8 करोड़ कर दी, जो उनके कुल पर्स का 80 प्रतिशत से ज्यादा था. वहीं, सबसे ज्यादा पर्स वाली केकेआर ने बोली को 12 करोड़ तक पहुंचा दिया. राजस्थान की टीम ने एक आखिरी कोशिश करते हुए बोली 13.6 करोड़ कर दी, शायद यह जानते हुए कि केकेआर यहां रुकने वाली नहीं है. इसके बाद राजस्थान की टीम बाहर होती नजर आई. इसी बीच चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने 13.8 करोड़ की बोली लगाकर एंट्री मारी. अब मुकाबला केकेआर और सीएसके के बीच था. बोली तेजी से बढ़ते हुए 16.2 करोड़ तक पहुंच गई, जिसमें सीएसके आगे थी. देखते ही देखते केकेआर ने बोली को 18.4 करोड़ तक पहुंचाया, लेकिन सीएसके ने बिना देर किए बोली को 18.6 करोड़ रुपये कर दिया. पैडल इतनी तेजी से उठ रहे थे कि टेबल पर रखी कैलकुलेटर भी पीछे छूट गई. अब बोली 24 करोड़ के पार जा चुकी थी, लेकिन सीएसके फिर भी पीछे हटने को तैयार नहीं थी. आखिरकार केकेआर ने 25.2 करोड़ रुपये की ऐतिहासिक बोली लगाई. सीएसके ने यहां हार मान ली और कोलकाता नाइट राइडर्स ने कैमरन ग्रीन को अपने नाम कर लिया. अपने पहले ही सीजन में छा गए थे कैमरन ग्रीन ने आईपीएल में अपना डेब्यू साल 2023 में मुंबई इंडियंस (MI) के लिए किया था, अपने पहले ही सीजन में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 452 रन बनाए और साथ ही 6 विकेट भी झटके. उनके ऑलराउंड खेल ने उन्हें लीग के सबसे प्रभावशाली युवा खिलाड़ियों में शामिल कर दिया. इसके बाद आईपीएल 2024 से पहले उन्हें एमआई ने 17.5 करोड़ रुपये में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के हाथों ट्रेड कर दिया गया. आरसीबी के लिए खेलते हुए कैमरन ग्रीन ने 255 रन बनाए और गेंदबाजी में भी अहम योगदान देते हुए 10 विकेट अपने नाम किए, हालांकि, पीठ की चोट के चलते उन्हें सर्जरी करानी पड़ी, जिस वजह से कैमरन ने आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में हिस्सा नहीं लिया.अब वह पूरी तरह फिट हो चुके हैं और आईपीएल में केकेआर के लिए धमाल मचाने के लिए उत्सुक हैं.

पैट कमिंस की टेस्ट टीम में वापसी, ऑस्ट्रेलिया ने घोषित की प्लेइंग-11, 2 खिलाड़ी बाहर

सिडनी  ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच इन दिनों पांच टेस्ट मैचों की एशेज सीरीज खेली जा रही है. इस सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच 17 दिसंबर यानी बुधवार से एडिलेड में खेला जाने वाला है. इस टेस्ट के लिए इंग्लैंड ने सोमवार को अपनी प्लेइंग-11 का ऐलान कर दिया था. अब ऑस्ट्रेलिया ने भी अपनी प्लेइंग-11 का ऐलान कर दिया है. ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग-11 में 2 बदलाव ऑस्ट्रेलिया ने एडिलेड में खेलने जाने वाले तीसरे टेस्ट मैच के लिए अपनी प्लेइंग-11 में 2 बड़े बदलाव किए हैं. टीम में कप्तान पैट कमिंस की वापसी हुई है, जो अपने पेश बॉलिंग से कंगारूओं को मजबूती प्रदान करते हुए नजर आएंगे. इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया की टीम अनुभवी स्पिनर नाथन लियोन को भी जगह मिली है. इन दोनों की जगह ब्रेंडन डॉगेट और माइकल नेसर को बाहर किया गया है. उस्मान ख्वाजा को नहीं मिली टीम में जगह इसका मतलब है कि अनुभवी ओपनर उस्मान ख्वाजा अभी भी टीम से बाहर हैं, क्योंकि वह पीठ की समस्या के बाद प्लेइंग-11 में वापसी की कोशिश कर रहे हैं, जबकि बैक-अप बल्लेबाज जोश इंग्लिस ने टीम में अपनी जगह बनाए रखी है और नंबर 7 पर बल्लेबाजी करेंगे. कमिंस ने कहा कि 2-0 की सीरीज बढ़त के बावजूद ऑस्ट्रेलियाई टीम में अपनी जगह वापस न पाने से ख्वाजा निराश थे, लेकिन उन्होंने जिस तरह से इस खबर को संभाला, उसकी तारीफ की है. कमिंस ने मंगलवार को एडिलेड में ख्वाजा के बारे में कहा, 'वह एक सच्चे टीम मैन हैं. टीम को जो भी चाहिए, वह करेंगे. यह सिर्फ उजी ही नहीं हैं, ब्यू वेबस्टर भी हैं, जो इन तीन टेस्ट से बाहर रहे हैं. नेसर ने पांच विकेट लिए हैं और डॉगी (डॉगेट) पहले दो टेस्ट में खेले और बहुत अच्छा कर रहे हैं'. वापसी पर क्या बोले कप्तान कमिंस कमिंस के लिए यह मैच साल के बीच में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलने के बाद पहला टेस्ट मैच होगा, दाएं हाथ के गेंदबाज ने बताया कि वह वापसी के लिए तैयार हैं और जितने ओवर वह गेंदबाजी कर सकते हैं, उससे सीमित नहीं होंगे. कमिंस ने कहा, 'हां, मैं खेलने के लिए तैयार हूं. मैं कुछ समय से 100 प्रतिशत पर गेंदबाजी कर रहा हूं. अगर मैं ब्रिस्बेन में खेलता तो शायद सीमित ओवरों में गेंदबाजी करता लेकिन इस हफ्ते यह किसी भी अन्य टेस्ट मैच की तरह खेलना है'. #WTC23 फाइनल का जीत का पल ऑस्ट्रेलिया : जेक वेदरल्ड, ट्रैविस हेड, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, कैमरन ग्रीन, एलेक्स कैरी, जोश इंग्लिस, पैट कमिंस (कप्तान), मिशेल स्टार्क, नाथन लियोन, स्कॉट बोलैंड. इंग्लैंड : जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), विल जैक्स, ब्रायडन कार्स, जोफ्रा आर्चर, जोश टंग.

सरफराज खान का धमाका: 15 गेंदों में फिफ्टी जड़कर IPL ऑक्शन से पहले बने हॉट प्रॉपर्टी

नई दिल्ली  मुंबई के सरफराज खान ने आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन से कुछ घंटे पहले सभी 10 फ्रेंचाइजियों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। सरफराज ने राजस्थान के खिलाफ जारी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मुकाबले में 217 रनों के विशाल टारगेट का पीछा करते हुए 15 गेंदों पर अर्धशतक ठोक टीम को जीत की राह दिखाई। इस दौरान उन्होंने खूब छक्के-चौकों की बरसात की। सरफराज की पारी का अंत 73 के निजी स्कोर पर हुआ, इस दौरान उन्होंने कुल 22 गेंदों का सामना करते हुए 6 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के लगाए। सरफराज खान का स्ट्राइक रेट इस पारी के दौरान 331.82 का रहा। IPL 2026 के ऑक्शन में सरफराज खान कैप्ड प्लेयर्स के पहले सेट में 75 लाख रुपए के बेस प्राइज के साथ मौजूद हैं। अब देखने वाली बात यह होगी कि कौन-कौन सी टीमें उनपर दांव लगाएगी। बात मुंबई वर्सेस राजस्थान मुकाबले की करें तो, मुंबई के कप्तान शार्दुल ठाकुर ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बॉलिंग करने का फैसला लिया था। राजस्थान ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 216 रन बोर्ड पर लगाए। राजस्थान के लिए दीपक हुड्डी और मुकुल चौधरी ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। इस स्कोर का पीछा करने उतरी मुंबई की यशस्वी जायसवाल और अजिंक्य रहाणे की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 41 रन जोड़े। जायसवाल 15 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद नंबर-3 पर बैटिंग करने आए सरफराज खान ने तो तबाही ही मचा दी। सरफराज की तूफानी पारी के दम पर मुंबई जीत की ओर बढ़ रही है। वहीं अजिंक्य रहाणे अर्धशतक जड़ एक छोर को संभाले हुए हैं। खबर लिखे जाने तक मुंबई को 44 गेंदों पर 56 रनों की दारकार है।

1996 के वर्ल्ड चैंपियन कप्तान अर्जुन रणतुंगा का नाम तेल घोटाले में, गिरफ्तारी की तैयारी

 कोलंबो श्रीलंका को 1996 का वनडे वर्ल्ड कप जिताने वाले कप्तान अर्जुन रणतुंगा की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. श्रीलंका के भ्रष्टाचार निरोधक आयोग (CIABOC) ने सोमवार को अदालत को बताया कि पूर्व क्रिकेटर और पूर्व मंत्री अर्जुन रणतुंगा को जल्द गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जाएगा. अर्जुन रणतुंगा पर सीलोन पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (CPC) को लगभग 80 करोड़  रुपये (श्रीलंका) का कथित नुकसान पहुंचाने का आरोप है. डेली मिरर, श्रीलंका की रिपोर्ट के अनुसार यह नुकसान उस समय हुआ जब दीर्घकालिक टेंडरों को रद्द कर महंगे दामों पर स्पॉट टेंडर लागू किए गए. सीलोन पेट्रोलियम कॉरपोरेशन के लिए 2017-18 के दौरान ईंधन खरीद से जुड़े तीन लॉन्ग-टर्म टेंडर रद्द कर दिए गए थे. इसके बाद उच्च कीमतों पर स्पॉट टेंडर अपनाए गए. आरोप है कि इससे सरकारी कंपनी को करीब 800 मिलियन रुपये का नुकसान हुआ. भ्रष्टाचार निरोधक आयोग की ओर से सहायक निदेशक (कानूनी) अनुषा समंथाप्पेरुमा अदालत में पेश हुईं. उन्होंने बताया कि CPC के पूर्व चेयरमैन धम्मिका रणतुंगा को इसी मामले में गिरफ्तार किया गया है. पेट्रोलियम मंत्री रह चुके रणतुंगा धम्मिका रणतुंगा को पहला आरोपी, जबकि तत्कालीन पेट्रोलियम मंत्री अर्जुन रणतुंगा को दूसरा आरोपी नामित किया गया है आयोग ने बताया कि अर्जुन रणतुंगा फिलहाल विदेश में हैं, इसलिए उन्हें सोमवार को गिरफ्तार नहीं किया जा सका. आयोग ने अदालत से हस्तक्षेप का अनुरोध करते हुए संदिग्ध को रिमांड पर लेने का आदेश मांगा क्योंकि घटना की जांच अभी भी जारी है. राष्ट्रपति के वकील सलिया पियरिस ने अदालत में कहा कि उनका मुवक्किल जांच में पूरा सहयोग कर रहा है, इसलिए उसे जमानत पर रिहा किया जाए. मुख्य मजिस्ट्रेट ने आरोपी (धम्मिका) को 10 लाख की दो जमानतों पर रिहा करने का आदेश दिया. साथ ही विदेश यात्रा पर प्रतिबंध भी लगा दिया. अर्जुन रणतुंगा का नाम श्रीलंका के महानतम कप्तानों में शुमार किया जाता है. उनकी कप्तानी में ही श्रीलंका ने 1996 का क्रिकेट विश्व कप जीतकर इतिहास रचा था. लाहौर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए फाइनल मुकाबले में अर्जुन रणतुंगा के बल्ले से ही विजयी रन निकले थे। अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में रणतुंगा ने श्रीलंका के लिए 93 टेस्ट और 269 वनडे मैच खेले. साल 2000 में क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद उन्होंने 2001 में राजनीति में कदम रखा. बाद में वे 2015 से 2019 के बीच यूएनपी सरकार में मंत्री भी रहे.