samacharsecretary.com

MI पर सेंटनर का आरोप: चोटिल होने के बाद 2 करोड़ की सैलरी में कटौती से नाराज़गी

 मुंबई मुंबई इंडियंस के स्टार स्पिन ऑलराउंडर मिचेल सेंटनर ने IPL 2026 के दौरान हुए अपने चोटिल होने और भुगतान को लेकर बड़ा दावा किया है. न्यूजीलैंड के सीमित ओवरों के कप्तान सेंटनर ने कहा कि टूर्नामेंट बीच में छोड़ने के बाद उन्हें मुंबई इंडियंस की ओर से उनकी तय सैलरी का केवल आधा हिस्सा ही मिला, जिससे उन्हें निराशा हुई. इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में 4 जून से शुरू होने वाले पहले टेस्ट से पहले ग्रेड क्रिकेटर पॉडकास्ट (Grade Cricketer Podcast) पर बातचीत के दौरान सेंटनर से IPL 2026 के दौरान लगी चोट और टूर्नामेंट छोड़ने को लेकर सवाल पूछा गया. हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर यह आरोप लगाए गए थे कि उन्होंने चोट का बहाना बनाकर IPL छोड़ा और कुछ ही समय बाद न्यूजीलैंड की टेस्ट टीम में शामिल हो गए. इन आरोपों पर जवाब देते हुए सेंटनर ने पूरी घटना बताई. उन्होंने कहा कि दूसरे बच्चे के जन्म के कारण वह मुंबई इंडियंस का पहला मैच नहीं खेल पाए थे. इसके बाद सीधे भारत पहुंचकर उन्होंने दिल्ली के खिलाफ मुकाबला खेला, जहां उनके दाएं कंधे में चोट लग गई. कुछ समय बाद वापसी करने पर उनके बाएं कंधे में भी चोट लग गई. मैंने अपना शरीर दांव पर लगाया, क्यों बोले सेंटनर? सेंटनर ने कहा- मैंने दो हफ्तों के भीतर दोनों कंधों में चोट झेली. मुझे लगा कि मैं टीम के लिए अपना शरीर दांव पर लगा रहा हूं, लेकिन शायद ऐसा नहीं माना गया. उन्होंने आगे दावा किया कि चोट के बाद मुंबई इंडियंस ने उन्हें उनकी 2 करोड़ रुपये की फीस का केवल आधा हिस्सा दिया. सेंटनर के मुताबिक यह बात उन्हें काफी खली. आईपीएल 2026 में सेंटनर का कैसा रहा प्रदर्शन IPL 2026 में सेंटनर ने मुंबई इंडियंस के लिए कुल 4 मैच खेले. इस दौरान उन्होंने पांच विकेट हासिल किए. उनका बॉल‍िंग एवरेज 25 रहा, जबकि इकोनॉमी रेट 8.92 रही. वहीं उन्होंने इस दौरान कुल 26 रन भी बनाए. 27 अप्रैल को उन्हें आधिकारिक तौर पर टूर्नामेंट से बाहर घोषित कर दिया गया था. उनके स्थान पर साउथ अफ्रीका के अनुभवी स्पिनर केशव महाराज को टीम में शामिल किया गया. डॉक्टरों ने सेंटनर को क्या सलाह दी? सेंटनर ने यह भी खुलासा किया कि डॉक्टरों के अनुसार उन्हें करीब आठ सप्ताह तक क्रिकेट से दूर रहना था, लेकिन उन्होंने उम्मीद से कहीं तेजी से रिकवरी की. न्यूजीलैंड के स्पिनर ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह आठ सप्ताह की चोट से केवल चार सप्ताह में उबर गए और अब मीडिया में सवालों का सामना कर रहे हैं. तो क्या MI ने सेंटनर के साथ गलत किया? दिलचस्प बात यह है कि IPL के नियमों के अनुसार यदि कोई खिलाड़ी टूर्नामेंट के दौरान चोटिल होता है, तो उसे नीलामी या अनुबंध के समय तय की गई पूरी राशि मिलने का प्रावधान है. ऐसे में सेंटनर का दावा कई सवाल खड़े करता है. वैसे बीसीसीआई ने ऐसा कोई न‍ियम नहीं बनाया है, जिसमें सीजन खत्म होते ही पूरी सैलरी ख‍िलाड़ी को म‍िल जाए. कई बार ये 2-3 क‍िश्तों में आती है, संभवत: इस बात की जानकारी सेंटनर को ना हो. फिलहाल मुंबई इंडियंस ने सेंटनर के आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है. फ्रेंचाइजी की ओर से न तो भुगतान संबंधी दावे पर और न ही खिलाड़ी के साथ हुई बातचीत पर कोई बयान जारी किया गया है. ऐसे में इस पूरे मामले पर अब सबकी नजरें मुंबई इंडियंस के जवाब पर टिकी हैं.

BCCI ने जारी किया न्यूजीलैंड टूर शेड्यूल, इस तारीख से शुरू होगा टीम इंडिया का दौरा

 नई दिल्ली भारतीय क्रिकेट टीम के व्यस्त इंटरनेशनल कैलेंडर में अब एक और बड़ा दौरा जुड़ गया है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अक्टूबर-नवंबर 2026 में होने वाले टीम इंडिया के न्यूजीलैंड दौरे का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है. इस दौरे पर भारत और न्यूजीलैंड के बीच कुल 12 मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें 5 टी20 इंटरनेशनल, 5 वनडे और 2 टेस्ट मैच शामिल हैं।  दौरे की शुरुआत 22 अक्टूबर 2026 को क्राइस्टचर्च में पहले टी20 मुकाबले से होगी. टी20 सीरीज के सभी मुकाबले भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे शुरू होंगे. इसके बाद दोनों टीमें पांच मैचों की वनडे सीरीज में आमने-सामने होंगी, जिसका पहला मुकाबला 4 नवंबर को ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जाएगा।  वनडे सीरीज के सभी मैच भारतीय समयानुसार सुबह 8:30 बजे शुरू होंगे. ऑकलैंड, वेलिंगटन, हैमिल्टन और माउंट माउंगानुई इस सीरीज की मेजबानी करेंगे।  BCCI ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि यह ऐतिहासिक दौरा अक्टूबर 2026 से शुरू होगा, जिसमें पांच टी20, पांच वनडे और दो टेस्ट मैच शामिल होंगे. टेस्ट सीरीज के दो मैच 19 और 27 नवंबर से होंगे।  भारतीय टीम के लिए यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि न्यूजीलैंड की परिस्थितियां हमेशा से विदेशी टीमों के लिए चुनौतीपूर्ण रही हैं. ऐसे में यह सीरीज खिलाड़ियों की तैयारी और टीम संयोजन को परखने का बड़ा अवसर होगी।  भारत बनाम न्यूजीलैंड 2026: टी20 सीरीज का शेड्यूल पहला टी20 – 22 अक्टूबर, क्राइस्टचर्च (हेगले ओवल), दोपहर 1:30 बजे दूसरा टी20 – 24 अक्टूबर, क्राइस्टचर्च (हेगले ओवल), दोपहर 1:30 बजे  तीसरा टी20 – 27 अक्टूबर, वेलिंगटन (एचएनआरवाई स्टेडियम), दोपहर 1:30  चौथा टी20 – 30 अक्टूबर, ऑकलैंड (ईडन पार्क), दोपहर 1:30 बजे  पांचवां टी20 – 1 नवंबर, हैमिल्टन (सेडन पार्क), दोपहर 1:30 बजे  भारत बनाम न्यूजीलैंड 2026: वनडे सीरीज का शेड्यूल पहला वनडे – 4 नवंबर, ऑकलैंड (ईडन पार्क), सुबह 8:30 बजे  दूसरा वनडे – 7 नवंबर, वेलिंगटन (एचएनआरवाई स्टेडियम), सुबह 8:30 बजे  तीसरा वनडे – 10 नवंबर, हैमिल्टन (सेडन पार्क), सुबह 8:30 बजे  चौथा वनडे – 13 नवंबर, माउंट माउंगानुई (बे ओवल), सुबह 8:30 बजे  पांचवां वनडे – 15 नवंबर, माउंट माउंगानुई (बे ओवल), सुबह 8:30 बजे  भारत बनाम न्यूजीलैंड 2026: टेस्ट सीरीज का शेड्यूल पहला टेस्ट: 19 से 23 नवंबर, वेल‍िंगटन (बेस‍िन र‍िजर्व), सुबह 4:30 बजे  दूसरा टेस्ट: 27 से 1 द‍िसंबर, क्राइस्टचर्च (हेगले ओवल), सुबह 4:30 बजे 

बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिपोर्ट करेंगे हार्दिक पांड्या, अफगानिस्तान सीरीज से पहले तैयारी तेज

नई दिल्ली  IND vs AFG ODI: भारतीय टीम और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट और तीन वनडे मैच की सीरीज कुछ ही दिन बाद खेली जाएगी। एकमात्र टेस्ट 6 जून से शुरू होगा, वहीं वनडे सीरीज 13 जून से होगी। बीसीसीआई ने दोनों फॉर्मेट के लिए भारतीय टीम का एलान पहले ही कर दिया है, जहां वनडे टीम में हार्दिक पांड्या और रोहित शर्मा को शामिल किया गया है, लेकिन बोर्ड ने ये भी बताया कि दोनों का खेलना फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर करेगा। अफगानिस्तान वनडे सीरीज में रोहित शर्मा और विराट कोहली की उपलब्धता पर एक बड़ा भी अपडेट सामने आया है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, हार्दिक बेंगलुरु में बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस यानी CoE पहुंचने वाले है। वो वहां एक हफ्ता बिताएंगे और फिर अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम से जुड़ेंगे। Rohit-Hardik को लेकर क्या अपडेट? रिपोर्ट में कहा गया कि बीसीसीआई ने हार्दिक और रोहित दोनों को CoE में रिपोर्ट करने को कहा था, लेकिन रोहित को फिलहाल कोई अपडेट नहीं सामने आया है। IND vs AFG ODI 2026: भारत की वनडे टीम इस प्रकार- शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे। अफगान टेस्ट से पहले बुलाए गए नेट बॉलर्स जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी डार को टीम मैनेजमेंट ने 6 जून से शुरू हो रहे अफगानिस्तान टेस्ट से पहले नेट्स में बॉलिंग के लिए बुलाया है। आकिब को टेस्ट टीम में नहीं चुने जाने पर काफी सवाल उठे थे। उनके साथ 6 और गेंदबाजों को भी नेट्स के लिए बुलाया गया है।  

नॉर्वे चेस में आर प्रज्ञानंद का शानदार प्रदर्शन जारी, कार्लसन को लगातार दूसरी बार दी मात

 नई दिल्ली नॉर्वे चेस 2026 के आठवें दौर में आर प्रज्ञानंद ने एक बार फिर वर्ल्ड नंबर 1 मैग्नस कार्लसन के खिलाफ दमदार खेल दिखाया है। 20 साल के चेन्नई के इस ग्रैंडमास्टर ने 3 जून को कार्लसन को फिर से हराकर इतिहस रचा। प्रज्ञानंद ने इसी टूर्नामेंट के राउंड 3 में भी नॉर्वे के कार्लसन को हराया था। इस तरह 19 साल में ये पहली बार देखने को मिला है जब नॉर्वे के वर्ल्ड नंबर 1 को एक ही क्लासिकल टूर्नामेंट में एक ही खिलाड़ी ने दो बार हराया है। इससे पहले साल 2007 में लिनारेस टूर्नामेंट में भारतीय दिग्गज विश्वनाथन आनंद ने कार्लसन को दो बार हराया था। इतना ही नहीं, खास बात ये भी है कि प्रज्ञानानंदा ने 2024 के नॉर्वे चेस में भी कार्लसन को मात दी थी। R Praggnanandhaa ने कार्लसन पर दर्ज की दूसरी जीत दरअसल, आर प्रज्ञानंद के हाथों मिली हार के बाद कार्लसन काफी परेशान नजर आए। उन्होंने अपना सिर हिलाया और इस युवा भारतीय से एक बार फिर हारने के बाद तुरंत खेल की जगह से बाहर चले गए। इस हार से नॉर्वे के कार्लसन का खिताब बचाना मुश्किल हो गया। वहीं, इस जीत के साथ प्रज्ञानंद के 12 अंक हो गए हैं और वो टेबल में तीसरे नंबर पर आ गए हैं। अभी दो राउंड बाकी हैं और वो खिताब की रेस में बने हुए हैं। वहीं वेस्ले सो 14 प्वाइंट के साथ टॉप पर हैं। अलीरेजा फिरोजा 13 पॉइंट के साथ दूसरे नंबर पर हैं। डी गुकेश की खिताब की उम्मीदें लगभग खत्म फिरोजा ने वर्ल्ड चैंपियन डी. गुकेश को हराकर उनकी खिताब की उम्मीदें लगभग खत्म कर दी हैं। लेकिन प्रज्ञानंद के लिए ये सही समय पर बनी लय है। कार्लसन के खिलाफ लगातार जीत से वो इस टूर्नामेंट के सबसे बड़े स्टार बन गए हैं। इतनी बड़ी कामयाबी के बाद भी 20 साल के प्रज्ञानंद शांत रहे और मैच के बाद उन्होंने कहा, "मैग्नस को हराने से ज्यादा जरूरी है कि इस टूर्नामेंट में मैच जीता जाए। इस समय यही अहम है। मैं खुश हूं कि मैं ये कर पाया। उन्होंने मैच के दौरान कार्लसन के जज्बे की भी तारीफ की और माना कि उसे हराना कितना मुश्किल था। प्रज्ञानंद ने कहा, "नहीं, वो सच में बहुत अच्छा खेल रहे थे और बेहतरीन डिफेंस कर रहे थे। मुझे लगता है कि कई दूसरे खिलाड़ी यहां-वहां छोटी पोजिशनल गलतियां कर देते, लेकिन वो लगातार सही चालें चल रहे थे। एक समय तो मुझे सच में लगा कि ये गेम ड्रॉ हो जाएगा। ये हैरानी की बात थी कि उन्होंने ऐसी गलती की, क्योंकि उससे पहले तक उन्होंने बहुत अच्छा बचाव किया था। कुल मिलाकर मुझे लगता है कि मैं अच्छा खेल रहा हूं। बस टाइम स्क्रैम्बल मेरे हिसाब से नहीं रहे। तो मैं कोशिश करूंगा कि घड़ी में ज्यादा समय रखूं और पिछले कुछ मैचों की तरह ही खेलता रहूं। मैं कल आराम करने की कोशिश करूंगा और फिर आखिरी राउंड्स के लिए पूरे जोश के साथ वापसी करूंगा।"

सबालेंका का दमदार प्रदर्शन जारी, लगातार 14वें ग्रैंडस्लैम क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं

पेरिस, एपी  विश्व नंबर एक एरिना सबालेंका ने अपने पहले फ्रेंच ओपन खिताब की ओर मजबूत कदम बढ़ाते हुए पूर्व विश्व नंबर एक नाओमी ओसाका को 7-5, 6-3 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। रोलां गैरो में तीन वर्षों बाद आयोजित नाइट सेशन मुकाबले में सबालेंका ने शुरुआती संघर्ष के बाद शानदार वापसी की और लगातार 14वें ग्रैंडस्लैम में कम से कम क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने का रिकॉर्ड कायम रखा। वहीं मंगलवार को रूस की मीरा आंद्रीवा ने रोमानिया की सोराना क्रिस्टिया को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। 19 वर्षीय आंद्रीवा ने क्रिस्टिया पर सीधे सेटों में 6-0, 6-3 से जीत दर्ज की। सबालेंका का जलवा इससे पहले, फ्रेंच ओपन में अपने फैशन से जलवा बिखेरने वाली ओसाका ने सोमवार देर रात खेले गए मुकाबले में सबालेंका के विरुद्ध मुकाबले में शुरुआत आक्रामक अंदाज में की और शुरुआती बढ़त हासिल कर ली, लेकिन सबालेंका ने अपनी ताकतवर ग्राउंडस्ट्रोक्स और आक्रामक खेल से मैच पर नियंत्रण स्थापित कर लिया। पहले सेट में 5-5 की बराबरी के बाद उन्होंने निर्णायक ब्रेक हासिल किया और फिर दूसरे सेट में भी दबदबा बनाए रखा। जीत के बाद सबालेंका ने कहा कि ओसाका बेहद आक्रामक खिलाड़ी हैं और उनके खिलाफ दबाव बनाए रखना आसान नहीं था। अब क्वार्टर फाइनल में सबालेंका का सामना रूस की डियाना श्नाइडर से होगा। श्नाइडर ने अमेरिकी खिलाड़ी मेडिसन कीज को 6-3, 3-6, 6-0 से हराकर अंतिम आठ में प्रवेश किया। दूसरी बार सेमीफाइनल में आंद्रीवा मीरा एंड्रीवा ने अपने करियर में दूसरी बार फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल में जगह बनाई। मैच की शुरुआत से ही आंद्रीवा ने अपना दबदबा बनाए रखा। रूसी खिलाड़ी ने पहले छह गेम में सिर्फ नौ अंक गंवाए और 36 वर्षीय क्रिस्टी को एक भी गेम प्वाइंट नहीं दिया। एंड्रीवा ने पहला सेट सिर्फ 22 मिनट में अपने नाम कर लिया। दूसरे सेट में क्रिस्टी ने खाता खोला। इसके बाद वह पहले छह गेम तक आंद्रीवा के साथ बराबरी पर रहीं। आंद्रीवा ने तुरंत ही मैच पर अपना दबदबा फिर से कायम किया और अगले तीन गेम बिना कोई प्वाइंट गंवाए जीत लिए, जिसके साथ ही 6-0, 6-3 से जीत सुनिश्चित कर ली। इसके साथ आंद्रीवा का क्रिस्टी के विरुद्ध हेड-टू-हेड रिकार्ड 2-0 हो गया है। वह इस सीजन में डब्ल्यूटीए टूर पर सर्वाधिक 34 मैच जीतने वाली खिलाड़ी बन गई हैं। इस साल क्ले कोर्ट पर आंद्रीवा की यह 20वीं जीत है। सेमीफाइनल में आंद्रीवा का सामना यूक्रेन की मार्टा कोस्त्युक से होगा, जिन्होंने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में हमवतन एलिना स्वितोलिना को 6-3, 2-6, 6-2 से पराजित किया।

IPL 2026 स्टार वैभव सूर्यवंशी की कमाई में उछाल, मैदान के बाहर भी छाए

नई दिल्ली इंड‍ियन प्रीम‍ियर लीग (IPL) 2026 में अपने बल्ले से हाहाकार मचाने वाले युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) अब मैदान के बाहर भी बड़ी कमाई की ओर बढ़ रहे हैं. महज 15 साल की उम्र में भारतीय क्रिकेट के नए पोस्टर बॉय बन चुके वैभव की ब्रांड वैल्यू में जबरदस्त उछाल आया है. मीड‍िया र‍िपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने अपनी एंडोर्समेंट फीस लगभग दोगुनी कर दी है और अब एक विज्ञापन डील के लिए 1.5 करोड़ से 2 करोड़ रुपये तक की चार्ज कर रहे हैं. वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 776 रन बनाए. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 237.30 का रहा, जिसने पूरे सीजन में क्रिकेट प्रेमियों और विशेषज्ञों को प्रभावित किया. उनके इसी प्रदर्शन की बदौलत उन्हे और मोस्ट वैल्युबल (MVP) जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कार भी मिले. राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने वाले वैभव फिलहाल 1.10 करोड़ रुपये के सालाना IPL कॉन्ट्रैक्ट पर हैं. हालांकि IPL नियमों के चलते उनकी सैलरी में तत्काल बदलाव नहीं होगा और इसके लिए उन्हें अभी इंतजार करना पड़ सकता है. लेकिन ब्रांड मार्केट में उनकी कीमत तेजी से बढ़ चुकी है. मीड‍िया र‍िपोर्ट्स के मुताबिक, IPL 2026 शुरू होने से पहले वैभव ने कुछ प्रमुख कंपनियों के साथ लगभग 1 करोड़ रुपये प्रति डील के हिसाब से करार किए थे. इनमें कॉम्पलैन और रेड बुल जैसे बड़े नाम शामिल हैं. अब उनके शानदार सीजन के बाद कई अन्य कंपनियां भी उन्हें अपने ब्रांड से जोड़ने की कोशिश कर रही हैं. कौन संभाल रहा है वैभव की ब्रांड्स डील बताया जा रहा है कि वैभव की ब्रांड एंडोर्समेंट डील्स फिलहाल उनके माता-पिता संभाल रहे हैं. वहीं उनकी IPL फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स भी इस प्रोसेस में उनके परिवार की मदद कर रही है. क्रिकेट और विज्ञापन जगत के जानकारों का मानना है कि आने वाले समय में उनकी ब्रांड वैल्यू और तेजी से बढ़ सकती है. वैभव अभी अपने क्रिकेट करियर की शुरुआती सीढ़ियां चढ़ रहे हैं, लेकिन IPL 2026 में उनके प्रदर्शन ने उन्हें भारतीय क्रिकेट का अगला बड़ा सितारा बना दिया है. कई पूर्व क्रिकेटर और विशेषज्ञ उनकी तुलना सच‍िन तेंदुलकर, व‍िराट कोहली, सुनील गावस्कर जैसे दिग्गजों से करने लगे हैं. हालांकि क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि प्रतिभा के बावजूद वैभव के सामने अभी लंबा सफर है और उनके करियर को सही दिशा में आगे बढ़ाना सबसे बड़ी चुनौती होगी.

BCCI का बड़ा फैसला, पूर्व ऑलराउंडर साईराज बहुतुले संभालेंगे Team India के बॉलिंग कोच की कमान

 नई दिल्ली  भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम इंडिया के स्पिन विभाग को मजबूत करने के लिए बड़ा फैसला लिया है. बोर्ड ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर साईराज बहुतुले को भारतीय पुरुष सीनियर टीम का नया स्पिन बॉलिंग कोच नियुक्त किया है. यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब भारतीय टीम आने वाले महीनों में कई अहम अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों का सामना करने वाली है।  साईराज बहुतुले भारतीय क्रिकेट में एक जाना-पहचाना नाम हैं. उन्होंने भारत के लिए दो टेस्ट और आठ वनडे मुकाबले खेले थे. हालांकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनका करियर लंबा नहीं रहा, लेकिन घरेलू क्रिकेट में उन्होंने लगभग दो दशक तक शानदार प्रदर्शन किया. प्रथम श्रेणी क्रिकेट में बहुतुले ने 6176 रन बनाए और 630 विकेट हासिल किए, जो उन्हें भारतीय घरेलू क्रिकेट के सबसे सफल ऑलराउंडरों में शामिल करता है।  खिलाड़ी के रूप में सफल करियर के बाद बहुतुले ने कोचिंग में भी अपनी अलग पहचान बनाई. उन्होंने विदर्भ, केरल, गुजरात और बंगाल जैसी घरेलू टीमों के हेड कोच के रूप में काम किया. इसके अलावा IPL में राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स के साथ स्पिन बॉलिंग कोच की भूमिका भी निभाई। भारतीय क्रिकेट के प्रतिभा विकास कार्यक्रम में भी उनका अहम योगदान रहा है. वह 2022 में ICC अंडर-19 पुरुष क्रिकेट विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के बॉलिंग कोच थे. इसके बाद 2024 अंडर-19 विश्व कप में भी कोचिंग स्टाफ का हिस्सा रहे. उन्होंने इंडिया ए और भारतीय सीनियर टीम के साथ कई दौरों पर स्पेशलिस्ट बॉलिंग कोच के रूप में भी काम किया है।  साईराज बहुतुले 2021 से 2024 तक BCCI की नेशनल क्रिकेट अकादमी (अब सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) में कोचिंग सेटअप का महत्वपूर्ण हिस्सा रहे. इस दौरान उन्होंने देश के कई युवा स्पिनरों के विकास में अहम भूमिका निभाई।  नियुक्ति के बाद बहुतुले ने कहा कि भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के स्पिन बॉलिंग कोच के रूप में चुना जाना उनके लिए बेहद सम्मान की बात है. उन्होंने कहा कि भारत का प्रतिनिधित्व खिलाड़ी के रूप में करना उनके जीवन का गर्व भरा पल था और अब कोच के रूप में दोबारा भारतीय क्रिकेट की सेवा करने का अवसर उनके लिए बेहद खास है. उन्होंने भरोसा जताया कि वह खिलाड़ियों के साथ मिलकर सभी प्रारूपों में टीम की सफलता के लिए काम करेंगे।  भारतीय टीम के पास इस समय कई प्रतिभाशाली स्पिनर मौजूद हैं और ऐसे में बहुतुले का अनुभव टीम के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है. BCCI को उम्मीद है कि उनके मार्गदर्शन में भारतीय स्पिन आक्रमण आने वाले वर्षों में और मजबूत होगा।  कौन हैं साईराज बहुतुले, इस ऐत‍िहास‍िक टेस्ट में खेले… सच‍िन से है कनेक्शन  53 साल के साईराज बहुतुले डोमेस्ट‍िक सर्किट में बहुत बड़ा नाम रहे हैं. हालांकि, इंटरनेशनल लेवल पर वो टीम इंडिया के लिए ज्यादा मैच नहीं खेल पाए. अपने जमाने के द‍िग्गज लेग स्प‍िनर साईराज ने टीम इंडिया के लिए महज 2 टेस्ट खेले, जहां उन्होंने 3 विकेट लिए और 39 रन बनाए. वहीं 8 वनडे में उनके नाम 2 विकेट ही रहे. साईराज का टेस्ट में डेब्यू ऑस्ट्रेलिया के ख‍िलाफ 2001 की ऐत‍िहास‍िक की टेस्ट सीरीज में चेन्नई में हुआ था।  वहीं साईराज ने 188 फर्स्ट क्लास मैचों में 630 विकेट लिए थे, इसके अलावा 143 ल‍िस्ट ए में उनके नाम 197 विकेट रहे. वह घरेलू क्रिकेट में सबसे ज्यादा मुंबई की टीम से खेले. इसके अलावा वह आंध्र प्रदेश, असम, महाराष्ट्र, विदर्भ की टीम से भी खेले. काउंटी क्रिकेट में उन्होंने सरे की टीम का प्रत‍िन‍िध‍ित्व किया।  बहुतुले ने 1 जनवरी 2013 को प्रथम श्रेणी क्रिकेट से संन्यास ले लिया था. जून 2014 में, उन्हें केरल क्रिकेट टीम का कोच नियुक्त किया गया. जुलाई 2015 में, उन्हें बंगाल क्रिकेट टीम के कोच की ज‍िम्मेदारी संभाली. इसके बाद फरवरी 2018 में उन्होंने IPL में राजस्थान रॉयल्स के लिए स्पिन गेंदबाजी कोच की ज‍िम्मेदारी ली. हाल में बीते आईपीएल में वो पंजाब किंग्स के स्प‍िन बॉल‍िंंग कोच थे।  1988 में जब सचिन तेंदुलकर और विनोद कांबली ने लॉर्ड हैरिस शील्ड इंटर-स्कूल गेम में शारदाश्रम विद्यामंदिर के लिए 664 रन की अटूट साझेदारी की थी, तब बहुतुले सेंट जेवियर्स हाई स्कूल के गेंदबाजों में से एक थे। 

अंडर-18 एशिया कप 2026: भारत की रिकॉर्ड जीत, नूशिन नाज के 7 गोल से सिंगापुर पस्त

नई दिल्ली  भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने अंडर-18 एशिया कप 2026 में अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए सिंगापुर को 25-0 के रिकॉर्ड अंतर से रौंद दिया। पूल-ए के इस एकतरफा मुकाबले में भारतीय टीम ने शुरू से लेकर अंत तक मैच पर अपना दबदबा बनाए रखा। इस ऐतिहासिक और धमाकेदार जीत के साथ ही भारत ने पूल-ए में अपने सभी मैच जीतकर अपराजित रहते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। यह अंडर-18 स्तर पर भारतीय टीम की अब तक की सबसे बड़ी जीतों में से एक है। नम्मी गीताश्री ने दागे 5 गोल मैच में भारत की स्टार खिलाड़ी नम्मी गीताश्री ने अपने आक्रामक खेल से सिंगापुर के डिफेंस को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया। गीताश्री ने मैच में अकेले ही 5 शानदार गोल दागे, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। भारतीय फॉरवर्ड लाइन ने विपक्षी टीम को संभलने का एक भी मौका नहीं दिया और मुकाबले के चारों क्वार्टर में लगातार अंतराल पर गोल दागकर सिंगापुर की टीम को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया। भारतीय खिलाड़ियों का जलवा इस ऐतिहासिक मुकाबले में प्लेयर ऑफ द मैच गीताश्री के अलावा भारत की दो और फारवर्ड बल्लेबाजों ने सिंगापुर के डिफेंस की धज्जियां उड़ा दीं। स्टार खिलाड़ी नूशिन नाज ने मैच में सबसे ज्यादा 7 गोल (8वें, 13वें, 17वें, 18वें, 40वें, 52वें और 58वें मिनट में) दागकर विपक्षी टीम को पूरी तरह घुटनों पर ला दिया। वहीं, स्वीटी कुजूर ने भी उनका बखूबी साथ निभाते हुए मैच के दूसरे ही मिनट में भारत का खाता खोला और कुल 4 शानदार गोल (2रे, 24वें, 38वें और 45वें मिनट में) अपने नाम किए। इन दोनों की जुगलबंदी के आगे सिंगापुर की गोलकीपर असहाय नजर आईं। दीया की हैट्रिक के साथ इन खिलाड़ियों का कमाल भारतीय टीम के इस गोल उत्सव में युवा खिलाड़ी दीया ने भी अपनी चमक बिखेरी और 27वें, 32वें और 53वें मिनट में गोल दागकर अपनी शानदार हैट्रिक पूरी की। टीम की इस सामूहिक आक्रामकता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मैच में भारत की तरफ से कुल 10 अलग-अलग खिलाड़ियों ने स्कोरशीट में अपना नाम दर्ज कराया। प्रियंका मिंज (22वें), नैन्सी सरोहा (36वें), श्रुति कुमारी (40वें), रशमीन कौर (47वें), पुष्पा मांझी (47वें) और संदीप कुमारी (51वें मिनट) ने भी बहती गंगा में हाथ धोते हुए एक-एक गोल दागे, जिसकी बदौलत भारत ने 25-0 का यह अविश्वसनीय स्कोर बोर्ड पर टांग दिया। सेमी फाइनल के लिए तैयार टीम इंडिया इस विशाल जीत के बाद भारतीय टीम का आत्मविश्वास सातवें आसमान पर है और वे सेमीफाइनल के नॉकआउट मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार हैं। ग्रुप स्टेज में अजेय रहने के बाद अब भारतीय टीम की नजरें इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचकर खिताब अपने नाम करने पर टिकी हैं। कोच ने टीम के इस प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए कहा कि खिलाड़ी अपनी योजनाओं को मैदान पर बखूबी लागू कर रहे हैं, जो आगामी नॉकआउट मैचों के लिहाज से बेहद सकारात्मक संकेत है।  

World Cup में दिखेगा भारतीय कनेक्शन, इन 4 भारतीय मूल के खिलाड़ियों को मिला बड़ा मौका

नई दिल्ली फीफा विश्व कप 2026 की शुरुआत 12 जून से हो रही है. भारत में फुटबॉल के इस महाकुंभ को लेकर फैंस में गजब का उत्साह है. फैंस का यह उत्साह तब और चरम पर पहुंच गया, जब अंतिम समय में हुए एक समझौते के बाद जी (Zee) ने भारत में मैचों के लाइव प्रसारण राइट्स मिलने का ऐलान किया. हालांकि, इसके बावजूद भारतीय फुटबॉल फैंस को इस बात की कसक जरूर रहती है कि आखिर उनकी नेशनल टीम फीफा विश्व कप में क्यों नहीं खेलती? इसके पीछे कई वजहें हैं, लेकिन फैंस के लिए एक खुशखबरी यह है कि फीफा विश्व कप में बेशक भारतीय टीम हिस्सा नहीं ले रही है, लेकिन इस बार भारतीय मूल के चार खिलाड़ी अलग-अलग टीमों से खेलते हुए नजर आ सकते हैं।  फीफा विश्व कप 2026 में इस बार कुल 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं. हालांकि, भारत में फ्रांस, अर्जेंटीना, ब्राजील और स्पेन जैसी चुनिंदा यूरोपीय व लैटिन अमेरिकी टीमों के समर्थक ज्यादा हैं. इस लिस्ट में अगर आप कतर जैसी टीम का नाम लेंगे, तो भारत में गिने-चुने लोग ही उसके सपोर्टर मिलेंगे. लेकिन इस बार भारत में खासकर मलयाली लोग कतर को जरूर सपोर्ट करेंगे. दरअसल, कतर की टीम में केरल का एक खिलाड़ी शामिल है, जिनका नाम तहसीन जमशीद है. तहसीन का जन्म दोहा में, कन्नूर जिले के रहने वाले मलयाली माता-पिता के यहां हुआ था।  शशि थरूर भी तहसीन को लेकर हैं उत्साहित 19 साल के विंगर तहसीन को विश्व कप के लिए कतर की प्रारंभिक टीम में शामिल किया गया था. अब केरल के फैंस को उम्मीद है कि तहसीन को संयुक्त राज्य अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए अंतिम टीम में भी जगह मिलेगी. यही वजह है कि कतर की टीम में तहसीन के नाम की चर्चा से लोगों में उत्साह भर गया है. तहसीन को फीफा विश्व कप में खेलते हुए देखने के लिए तिरुवनंतपुरम के सांसद शशि थरूर भी उत्सुक हैं. बता दें कि तहसीन के पिता भी पूर्व फुटबॉलर रहे हैं और वह कतर के लिए अंडर-17 और अंडर-19 स्तर पर खेल चुके हैं।  न्यूजीलैंड के लिए मैदान पर उतरेंगे सरप्रीत सिंह तहसीन के अलावा सरप्रीत सिंह पर भी फुटबॉल फैंस की नजरें होंगी. 27 साल के सरप्रीत न्यूजीलैंड के लिए एक अटैकिंग मिडफील्डर के रूप में खेलेंगे. सरप्रीत का परिवार पंजाब के जालंधर से ताल्लुक रखता है. वह 2018 से न्यूजीलैंड की सीनियर टीम के लिए खेल रहे हैं और अब तक तीन गोल दाग चुके हैं।  सैमुअल मुतुसामी कांगो के लिए खेलेंगे तमिल मूल के खिलाड़ी सैमुअल मुतुसामी डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो की टीम में शामिल हैं. सैमुअल की मां कांगो की हैं, जबकि उनके पिता तमिल मूल के इंडो-गुआराडेलूपियन हैं. पेरिस में जन्मे 29 वर्षीय डिफेंसिव मिडफील्डर ने 2019 में कांगो के लिए अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था. बता दें कि 2006 के बाद यह पहला विश्व कप होगा, जिसमें कोई भारतीय मूल का खिलाड़ी दिखाई देगा. आखिरी बार विकास धोरासू फ्रांस के लिए खेले थे. इसके अलावा भारतीय मूल के निशान वेलुपिल्ले ऑस्ट्रेलियाई टीम में शामिल हैं. विंगर के रूप में वाले निशान के पिता तमिलनाडु से जुड़े एक मलेशियाई नागरिक हैं, जबकि उनकी मां एक एंग्लो-इंडियन हैं।   

हार्दिक पंड्या और रोहित शर्मा पर BCCI सख्त, फिटनेस टेस्ट के बाद ही होगा चयन

 नई द‍िल्ली  अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को अपनी फिटनेस साबित करनी होगी. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने साफ कर दिया है कि अंतिम एकादश में जगह से पहले उन्हें सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) से फिटनेस क्लियरेंस हासिल करना होगा।  हार्दिक पंड्या को अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल तो किया गया है, लेकिन उनके नाम के साथ फिटनेस संबंधी शर्त भी जोड़ी गई है. रिपोर्ट के मुताबिक हार्दिक 2 जून को बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पहुंचे और सीरीज शुरू होने से पहले वहां एक सप्ताह से अधिक समय बिताएंगे।  इस दौरान 32 वर्षीय ऑलराउंडर को फिटनेस ड्रिल, फिजिकल असेसमेंट से गुजरना होगा. सभी मानकों पर खरा उतरने के बाद ही उन्हें RTP (Return To Play) मंजूरी मिलेगी. इसके बाद ही अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में उनकी उपलब्धता पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।  हार्दिक के लिए यह फिटनेस टेस्ट इसलिए भी अहम है क्योंकि IPL 2026 में मुंबई इंडियंस की कप्तानी करते हुए उन्हें पीठ में ऐंठन (Back Spasms) की समस्या हुई थी. इसी वजह से वह टूर्नामेंट के दौरान कुछ मुकाबलों में नहीं खेल पाए थे. उनका आखिरी वनडे मुकाबला ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ था।  रोहित शर्मा को भी CoE में रिपोर्ट करने का निर्देश सिर्फ हार्दिक ही नहीं, पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को भी BCCI ने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिपोर्ट करने के लिए कहा है. रोहित IPL 2026 के दौरान हैमस्ट्रिंग चोट से जूझ रहे थे. इसी कारण अफगानिस्तान सीरीज के लिए घोषित भारतीय टीम में उनके नाम के आगे भी फिटनेस संबंधी शर्त लगाई गई है।  हालांकि मुंबई इंडियंस के हेड कोच महेला जयवर्धने ने हाल ही में दावा किया था कि रोहित पूरी तरह फिट हैं. जयवर्धने के मुताबिक रोहित को चोट से उबरने के लिए पर्याप्त समय दिया गया था और मेडिकल टीम ने उन्हें 100 प्रतिशत फिट माना है।  उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि IPL में रोहित का इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर इस्तेमाल टीम की रणनीति का हिस्सा था, इसका उनकी फिटनेस से कोई संबंध नहीं था. जयवर्धने ने कहा कि मुंबई इंडियंस अपनी टीम की जरूरतों के हिसाब से फैसले लेती है और रोहित हमेशा टीम की मांग के अनुसार खुद को ढालते हैं।  भारत और अफगान‍िस्तान की वनडे सीरीज कब से है? भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 13 जून से धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में शुरू होगी. दूसरा मुकाबला 17 जून को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि तीसरा और अंतिम वनडे 20 जून को चेन्नई में आयोजित होगा।  अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की वनडे टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा*, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या*, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बरार और हर्ष दुबे।  अब सबकी नजर हार्दिक पंड्या और रोहित शर्मा की फिटनेस रिपोर्ट पर रहेगी. अगर दोनों खिलाड़ियों को समय पर क्लियरेंस मिल जाती है तो अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की टीम और भी मजबूत नजर आएगी।