samacharsecretary.com

वनडे क्रिकेट में कोच को मिल सकती है मैदान में एंट्री, ICC की बैठक में होगा फैसला

 नई दिल्ली इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) खेल के नियमों में बड़े बदलाव पर विचार कर रही है। ये फैसला 30 मई को अहमदाबाद में होने वाली आईसीसी की बैठक के बाद लिया जा सकता है। आईसीसी समय-समय पर क्रिकेट के नियमों में बदलाव करती है और ऐसे में अब वनडे और टी20 क्रिकेट के नियम में कुछ बदलाव किए जा सकते हैं। सबसे बड़ा बदलाव ये हो सकता है कि एक ही फॉर्मेट में अलग-अलग रंग की गेंदों का इस्तेमाल किया जा सकता है। फिलहाल इन सभी नियमों को लेकर विचार चल रहा है और इस पर विस्तृत चर्चा के बाद ही इसे लागू किया जाएगा। वनडे क्रिकेट में हेड कोच को लेकर भी कुछ नियम बदले जा सकते हैं, जबकि टी20 में पारी के ब्रेक के समय में भी कटौती की जा सकती है। हेड कोच को लेकर नियमों में हो सकते हैं बदलाव क्रिकबज की एक रिपोर्ट के मुताबिक हेड कोच को लेकर वनडे क्रिकेट में नए नियम बनाए जा सकते हैं। मौजूदा नियमों के मुताबिक मुख्य कोच को ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान मैदान में जाने की अनुमति नहीं होती है। सब्सीट्यूट प्लेयर्स को ही मैदान में जाने दिया जाता है। अब इसमें बदलाव किया जा सकता है और रणनीति बनाने के लिहाज से कोच को मैदान में एंट्री की अनुमति दी जा सकती है। अभी तक के रूल के हिसाब से जब कोई खिलाड़ी ड्रिंक लेकर मैदान में आता है, तो उसे एक खास तरह की जर्सी पहननी होती है। हालांकि, अभी तक ये स्पष्ट नहीं है कि कोच को भी ऐसा करना होगा या नहीं। वनडे क्रिकेट में एक पारी के दौरान दो बार ड्रिंक्स ब्रेक की अनुमति होती है। प्रत्येक ब्रेक 1 घंटे 10 मिनट के अंतराल पर लिए जाते हैं। अब कोच को इस दौरान मैदान पर जाने की अनुमति दी जा सकती है। वहीं टी20 क्रिकेट में ये अनुमति पहले से ही है और ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान रणनीति बनाने के लिए मैदान के अंदर जाते हैं। टी20 के नियमों में भी हो सकते हैं बदलाव टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के नियमों में भी बदलाव हो सकते हैं। इस समय टी20 में एक पारी के बाद 20 मिनट का ब्रेक होता है। अब इसे बदलने पर आईसीसी विचार कर रहा है। इसको 20 से घटाकर 15 मिनट किया जा सकता है।  

पीएचएफ पर खिलाड़ियों का असंतोष, शिविर भत्ता घटाकर 3.5 डॉलर किए जाने का मामला

कराची  पाकिस्तान के हॉकी खिलाड़ियों की आर्थिक परेशानियां जारी हैं। उन्हें पाकिस्तान हाकी महासंघ (पीएचएफ) से अभी तक बकाया राशि नहीं मिली है। इस साल अगस्त में नीदरलैंड और बेल्जियम में होने वाले एफआइएच विश्व कप से पहले पाक हॉकी खिलाड़ियों के दैनिक प्रशिक्षण शिविर भत्ते में भी कटौती की गई है। राष्ट्रीय महासंघ (पीएचएफ) के अंतरिम निकाय ने घोषणा की है कि राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ियों और अधिकारियों को अब विदेशी दौरों पर प्रतिदिन 110 डालर (लगभग 30647 पाकिस्तानी रुपये) का भत्ता मिलेगा। हालांकि खिलाड़ियों ने शिकायत की है कि उनके प्रशिक्षण शिविर भत्ते को 11 डॉलर (लगभग 3000 पाकिस्तानी रुपये) से घटाकर 3.5 डालर (लगभग 1000 रुपये) कर दिया गया है। पीएचएफ के एक सूत्र के अनुसार अनुभवी खिलाड़ियों ने पीएचएफ से प्रशिक्षण शिविर की अवधि के लिए मिलने वाले भत्ते की पुष्टि करने को कहा था। पाकिस्तान ने गुरुवार को बेल्जियम और इंग्लैंड में अगले महीने होने वाले एफआइएच प्रो लीग मैचों के लिए अपनी 20 सदस्यीय टीम की घोषणा की, लेकिन कप्तान का नाम नहीं बताया। पीएचएफ के इस रवैये से भी खिलाड़ी नाखुश हैं। शकील अम्माद बट पिछले साल की शुरुआत से ही पाकिस्तान की कप्तानी कर रहे हैं। एफआइएच प्रो लीग का तीसरा चरण 13 से 27 जून तक निर्धारित है, जिसमें पाकिस्तान बेल्जियम, स्पेन, इंग्लैंड और अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी भारत के विरुद्ध खेलेगा।

रोनाल्डो पर धनवर्षा: खिताबी जीत के बाद 105 करोड़ रुपये का बोनस तय

नई दिल्ली  क्रिस्टियानो रोनाल्डो का नाम फुटबॉल की दुनिया में किसी परिचय का मोहताज नहीं है. उन्होंने अपनी काबिलियत के दम पर दुनिया के कोने-कोने में फैंस बनाए हैं. अब पुर्तगाल के इस दिग्गज सुपरस्टार ने सऊदी अरब की धरती पर भी इतिहास रच दिया है. तीन साल की कड़ी मेहनत, अटूट प्रतिबद्धता और मैदान पर लगातार किए गए प्रयासों के बाद आखिरकार रोनाल्डो ने अल नसर के साथ अपना पहला सऊदी प्रो लीग खिताब जीत लिया है. इस खिताबी जीत के साथ ही जहां अल नसर का सात साल पुराना सूखा खत्म हुआ, वहीं रोनाल्डो पर धनवर्षा भी होने वाली है. 105 करोड़ का बोनस, अल नासर को चैंपियन बनाने वाले रोनाल्डो पर होगी धनवर्षा रोनाल्डो को 105 करोड़ रुपये बोनस मिलेंगे. अल नसर के साथ क्रिस्टियानो रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo) का जो कॉन्ट्रैक्ट हुआ है, वह खेल जगत के सबसे महंगे करारों में से एक है. इस कॉन्ट्रैक्ट में उनके प्रदर्शन के आधार पर कई बड़े बोनस और वित्तीय भत्तों का प्रावधान शामिल किया गया था. सऊदी प्रो लीग का खिताब अपने नाम करते ही रोनाल्डो के इस कॉन्ट्रैक्ट का एक विशेष क्लॉज एक्टिवेट हो गया है. लीग ट्रॉफी जीतने के इनाम के तौर पर रोनाल्डो को 11 मिलियन डॉलर का भारी-भरकम बोनस मिलेगा. भारतीय मुद्रा में यह रकम लगभग 105 करोड़ रुपये बैठती है. यह बोनस उनकी नियमित सैलरी और साइनिंग फीस के अलावा है. मैदान पर पसीना बहाने और टीम को चैंपियन बनाने के बदले मिलने वाला यह इनाम रोनाल्डो की इस सफलता को और भी ज्यादा खास और ऐतिहासिक बना देता है. रोनाल्डो को 105 करोड़ रुपये बोनस मिलेंगे. कहां गायब हो गई केन्या क्रिकेट टीम…जिसने 2003 वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल खेला, गलती कहां हुई? क्यों तैयार नहीं हो पाई नई पीढ़ी विनेश फोगाट मामले में हाईकोर्ट सख्त… रेसलिंग फेडरेशन को लगाई फटकार, कहा- बदले की भावना से काम न करें सीजन का आखिरी और निर्णायक मुकाबला रियाद के अल-अव्वल पार्क स्टेडियम में खेला गया. पूरा स्टेडियम खचाखच भरा हुआ था और फैंस को उम्मीद थी कि उनकी टीम इस बार इतिहास रचेगी. कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो की अगुवाई में अल नसर ने मैदान पर उतरते ही आक्रामक रुख अपनाया. इस बेहद दबाव वाले मैच में अल नसर ने दमैक क्लब को 4-1 से करारी शिकस्त दी. पूरे मैच के दौरान रोनाल्डो विपक्षी टीम के डिफेंस के लिए सिरदर्द बने रहे. उन्होंने अपनी कप्तानी और खेल दोनों से टीम को फ्रंट से लीड किया. मैच के शुरुआती दौर में ही रोनाल्डो ने एक शानदार फ्री-किक को गोल में तब्दील कर स्टेडियम में बैठे हजारों दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया. मैच के 81वें मिनट में जब दमैक वापसी की कोशिश कर रहा था, तब किंग्सले कोमैन ने एक बेहतरीन पास बढ़ाया. रोनाल्डो ने बिना कोई गलती किए गेंद को नेट के अंदर डाल दिया और स्कोर लाइन को अल नसर के पक्ष में सुरक्षित कर दिया. खत्म हुआ अल नसर का 7 साल लंबा सूखा यह जीत अल नसर क्लब और उसके प्रशंसकों के लिए केवल एक ट्रॉफी भर नहीं है, बल्कि यह एक बड़े कड़े इंतजार का सुखद अंत है. अल नसर ने इससे पहले आखिरी बार सीजन 2018-19 में सऊदी प्रो लीग का खिताब जीता था. इसके बाद से टीम लगातार कोशिश कर रही थी, लेकिन खिताबी सफलता उनसे दूर भाग रही थी. सात साल के इस लंबे सूखे को खत्म करने में रोनाल्डो की मौजूदगी सबसे बड़ा फैक्टर साबित हुई. जब रोनाल्डो सऊदी अरब आए थे, तो उन पर कई सवाल उठाए गए थे. उन्होंने कई व्यक्तिगत रिकॉर्ड तो अपने नाम किए, लेकिन टीम को कोई आधिकारिक बड़ा खिताब नहीं दिला पा रहे थे. अब इस जीत के साथ उन्होंने उन सभी आलोचकों को करारा जवाब दे दिया है. रोनाल्डो का मेगा कॉन्ट्रैक्ट क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने पिछले साल ही अल नसर के साथ दो साल का एक नया और बेहद आकर्षक करार किया था. इस कॉन्ट्रैक्ट के आंकड़े किसी को भी हैरान करने के लिए काफी हैं. इस नए करार के तहत रोनाल्डो को हर साल 178 मिलियन पाउंड (लगभग 2200 करोड़ भारतीय रुपये) की फिक्स्ड सैलरी मिलती है. रोनाल्डो जब भी मैदान पर टीम के लिए एक गोल दागते हैं, तो उन्हें बोनस के तौर पर लगभग 1 करोड़ रुपये दिए जाते हैं. यदि वह अपने साथी खिलाड़ी को गोल करने में मदद (असिस्ट) करते हैं, तो उन्हें हर असिस्ट के लिए अलग से लगभग 50 लाख रुपये मिलते हैं. यदि वह सीजन में सबसे ज्यादा गोल करके गोल्डन बूट अपने नाम करते हैं, तो उसके लिए भी उनके कॉन्ट्रैक्ट में करोड़ों रुपये का अलग से इनाम तय किया गया है.  

कुश्ती महासंघ के फैसले पर सवाल, कोर्ट ने कहा—खिलाड़ियों का नुकसान नहीं होना चाहिए

 नई दिल्ली  दिल्ली हाई कोर्ट ने भारतीय कुश्ती महासंघ के उस फैसले पर कड़े सवाल उठाए, जिसमें पहलवान विनेश फोगाट को घरेलू कुश्ती प्रतियोगिताओं के लिए अयोग्य घोषित कर दिया गया था। हाई कोर्ट ने विनेश की योग्यता तय करने के लिए एक विशेषज्ञ समिति बनाने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने दो टूक शब्दों में कहा कि महासंघ के अंदरूनी विवादों के कारण खेल और खिलाड़ियों का नुकसान नहीं होना चाहिए। सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने कहा कि ऐसा लगता है कि भारतीय कुश्ती महासंघ ने विनेश फोगाट के मामले में अपने पुराने चयन मानदंडों को बदल दिया है। कोर्ट ने अपने अहम टिप्पणी में कहा कि हमारे देश में मातृत्व का सम्मान किया जाता है और उसका जश्न मनाया जाता है। ऐसे संवेदनशील मामलों से पूरी निष्पक्षता के साथ निपटा जाना चाहिए। महासंघ में चाहे कोई भी मतभेद या विवाद हो, लेकिन उसकी वजह से कुश्ती का खेल प्रभावित नहीं होना चाहिए। विनेश फोगाट को जारी किया गया था नोटिस यह विवाद तब शुरू हुआ जब भारतीय कुश्ती महासंघ ने नौ मई को विनेश को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। महासंघ ने विनेश पर कई आरोप लगाए थे, जिनमें 2024 समर ओलंपिक्स के दौरान तय वजन सीमा में फिट न बैठ पाना, एंटी-डोपिंग नियमों के तहत लोकेशन की जानकारी देने में विफल होना और ओलंपिक क्वालीफायर के ट्रायल्स के दौरान दो अलग-अलग वजन श्रेणियों में हिस्सा लेना आदि शामिल है। इसके अलावा भारतीय कुश्ती महासंघ का तर्क था कि विनेश संन्यास के तुरंत बाद वापसी नहीं कर सकतीं, क्योंकि एंटी-डोपिंग नियमों के मुताबिक संन्यास के बाद दोबारा खेलने के लिए एथलीटों को छह महीने का नोटिस पीरियड पूरा करना होता है। पेरिस ओलंपिक में अयोग्य घोषित होने के बाद विनेश ने कुश्ती से संन्यास ले लिया था। इसके बाद जुलाई 2025 में उन्होंने एक बेटे को जन्म दिया। हालांकि, मां बनने के बाद 12 दिसंबर 2025 को उन्होंने खेल में दोबारा वापसी का एलान किया। नेशनल ओपन टूर्नामेंट में लिया हिस्सा महासंघ द्वारा अयोग्य ठहराए जाने के बावजूद विनेश ने गोंडा में आयोजित नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट में हिस्सा लिया। उन्होंने भारतीय कुश्ती महासंघ के कारण बताओ नोटिस का जवाब देते हुए महासंघ के स्टैंड का कड़ा विरोध किया। यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि विनेश फोगाट भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के विरुद्ध मोर्चा खोलने वाले प्रमुख चेहरों में से एक रही हैं। हाल ही में विनेश ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि वह उन छह महिला पहलवानों में शामिल थीं, जिन्होंने सिंह पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे और 2023 में न्याय की मांग को लेकर हुए पहलवानों के बड़े विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया था।  

‘हर सफर का एक अंत होता है…’ विजय शंकर ने क्रिकेट से लिया संन्यास, फैंस हुए भावुक

 नई दिल्ली स्टार ऑलराउंडर विजय शंकर ने भारतीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है. इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक लंबे और भावुक संदेश के जरिए उन्होंने अपने क्रिकेट सफर को याद किया. विजय शंकर ने अपने पोस्ट में लिखा कि क्रिकेट उनके लिए सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि पूरी जिंदगी रहा है. 10 साल की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू करने वाले विजय ने 25 साल लंबे सफर के बाद अब नए अवसरों की ओर बढ़ने का फैसला किया है।  35 साल के विजय शंकर ने लिखा, 'देश के लिए खेलना मेरे जीवन के सबसे गर्व और खुशी भरे पलों में से एक रहेगा. मैंने घरेलू क्रिकेट और आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) से संन्यास लेने का फैसला किया है, ताकि नए अवसरों की तलाश कर सकूं और आगे भी क्रिकेट से जुड़ा रहूं.' 2019 में भारत की वनडे वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा रहे विजय शंकर ने अपने करियर के खास पलों को भी याद किया. उन्होंने नागपुर में भारत के 500वें वनडे मैच में गेंदबाजी करने और वर्ल्ड कप में पहली ही गेंद पर विकेट लेने को अपने जीवन की सबसे यादगार उपलब्धियों में शामिल बताया।  अपने भावुक संदेश में विजय शंकर ने बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड), भारतीय टीम, तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन (TCA), त्रिपुरा टीम के साथ-साथ आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) फ्रेंचाइजीज गुजरात टाइटन्स (GT), सनराइजर्स हैदराबाद (SRH), चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) का धन्यवाद किया. उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि क्रिकेट करियर के दौरान उन्हें आलोचना, ट्रोलिंग और काफी नफरत का सामना करना पड़ा. हालांकि उन्होंने हर मुश्किल का सामना सकारात्मक सोच के साथ किया।  विजय शंकर का दर्द छलक पड़ा विजय शंकर ने लिखा, 'मैंने बहुत ज्यादा नफरत और निगेटिविटी देखी है, लेकिन मैंने उसे नजरअंदाज कर आगे बढ़ने का रास्ता चुना. अगर मैं ऐसा कर सकता हूं तो कोई भी कर सकता है. क्रिकेट ने मुझे जिंदगी जीना सिखाया है. क्रिकेट ही मेरी जिंदगी है.' उन्होंने अपने कोच, सपोर्ट स्टाफ, फिजियो, ट्रेनर, मीडिया, दोस्तों और परिवार का भी खास धन्यवाद किया।  विजय शंकर ने कहा कि उनके करीबी लोग हर मुश्किल समय में उनके साथ खड़े रहे. अपने संदेश के आखिर में विजय शंकर ने लिखा, 'मैं हमेशा क्रिकेट का आभारी रहूंगा. क्रिकेट ने मुझे पहचान दी, जिंदगी दी और सबकुछ सिखाया।  35 साल के विजय शंकर ने भारतीय टीम के 12 ओडीआई और 9 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले. वनडे इंटरनेशनल में विजय ने 223 रन बनाए और 4 विकेट झटके. वहीं टी20 इंटरनेशनल में उनके नाम पर 43 रन और पांच विकेट दर्ज हैं. विजय ने आईपीएल में कुल 78 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 1233 रन बनाए और 9 विकेट चटकाए। 

RCB vs SRH: मैदान से सोशल मीडिया तक पहुंची विराट कोहली और ट्रेविस हेड की भिड़ंत

हैदराबाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच शु्क्रवार (22 मई) को खेले गए धमाकेदार IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) मुकाबले के बाद अब मैदान की लड़ाई सोशल मीडिया तक पहुंच गई है. विराट कोहली और ट्रेविस हेड के बीच हुई ऑनफील्ड तकरार अभी शांत भी नहीं हुई थी कि ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज का एक इंस्टाग्राम पोस्ट इंटरनेट पर आग की तरह वायरल हो गया. मैच खत्म होने के कुछ देर बाद ट्रेविस हेड ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर तस्वीर शेयर की. यह तस्वीर गेंदबाजी के दौरान की है. तस्वीर के नीचे लिखा था, 'शरीर को असमंजस में रहने दो.' बस फिर क्या था… सोशल मीडिया पर फैन्स ने इस पोस्ट को सीधे विराट कोहली विवाद से जोड़ना शुरू कर दिया. कई यूजर्स का मानना है कि यह पोस्ट कहीं ना कहीं विराट कोहली के साथ हुई बहस का जवाब था. ट्रेविस हेड का रहस्यमयी पोस्ट हालांकि असल में यह एक फिटनेस और जिम से जुड़ा टर्म है, जिसका मतलब होता है शरीर को लगातार नई चुनौतियां देना, ताकि वह एक ही रूटीन का आदी ना बन जाए. लेकिन जिस तरह मैच में हेड ने गेंदबाजी की और विकेट भी लिया, उसके बाद यह पोस्ट चर्चा का बड़ा विषय बन गया. दिलचस्प बात यह रही कि ट्रेविस हेड आमतौर पर गेंदबाजी नहीं करते, लेकिन आरसीबी के खिलाफ उन्होंने गेंद हाथ में ली और आते ही असर भी दिखाया. हेड ने आरसीबी कप्तान रजत पाटीदार का विकेट झटका और फैन्स को चौंका दिया. मैच के दौरान विराट कोहली और ट्रेविस हेड के बीच कई बार तीखी बातचीत देखने को मिली थी. जब आरसीबी रनचेज कर रही थी, तब कोहली बार-बार हेड की तरफ देखकर उन्हें गेंदबाजी करने के लिए उकसाते नजर आए. कमेंटेटर्स के मुताबिक कोहली मजाकिया लेकिन आक्रामक अंदाज में कह रहे थे, 'आओ, कुछ गेंदें डालो.' ट्रेविस हेड ने बाद में विराट को जवाब देते हुए कहा, 'तुम तो आउट हो गए, इससे पहले कि मैं गेंदबाजी करने आता. हालांकि असली बवाल मैच खत्म होने के बाद मचा. कोहली ने ट्रेविस हेड से हाथ तक नहीं मिलाया. कोहली ने एसआरएच के कप्तान पैट कमिंस समेत बाकी खिलाड़ियों से हाथ मिलाया, लेकिन हेड के साथ उनका कोई इंटरैक्शन नजर नहीं आया. इस पूरे घटनाक्रम ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी. कुछ फैन्स ने विराट कोहली के एग्रेशन को नापसंद किया, जबकि कुछ का मानना था कि मैच खत्म होने के बाद मामला वहीं खत्म हो जाना चाहिए था. पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, 'मैदान पर गर्म माहौल में ऐसी बातें हो सकती हैं, लेकिन मैच के बाद जो हुआ, वह नहीं होना चाहिए था.'

एलएसजी बनाम पंजाब: जीत के बावजूद PBKS को रहेगी राजस्थान के नतीजे की चिंता

 लखनऊ  आईपीएल के 68वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स की भिड़ंत पंजाब किंग्स से होगी। पंजाब के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है, क्योंकि उसकी नजरें प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखने पर होंगी। वहीं, एलएसजी घरेलू मैदान पर जीत के साथ अपने अभियान का समापन करना चाहेगी। हालांकि, ऋषभ पंत की कप्तानी वाली टीम अपने खराब प्रदर्शन की वजह से पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है, लेकिन पिछले मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स पर मिली जीत ने खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ाया है। इकाना में खेले गए मैच में निकोलस पूरन और मिचेल मार्श ने शानदार बल्लेबाजी कर टीम की जीत सुनिश्चित की। सिर्फ जीत नहीं का काफी पंजाब ने 13 मैचों में छह मुकाबले जीते हैं और अंक तालिका में पांचवें नंबर पर है। ऐसे में एलएसजी के खिलाफ जीत से उसके 15 अंक हो जाएगा। हालांकि, अगले मैच में जीतने के बाद भी पंजाब को राजस्थान रॉयल्स की जीत-हार पर निर्भर रहना होगा, जो इतने ही मैचों में 14 अंक के साथ चौथे स्थान पर है। यदि राजस्थान अपना आखिरी मुकाबला जीतती है तो 16 अंकों के साथ उसे प्लेऑफ का टिकट मिल जाएगा। लखनऊ की चिंता अस्थिरता लखनऊ के लिए इस सीजन में सबसे बड़ी चिंता बल्लेबाजी और गेंदबाजी में अस्थिरता रही है। मोहम्मद शमी और आवेश खान जैसे अनुभवी गेंदबाज लगातार असर नहीं छोड़ सके। हालांकि, युवा तेज गेंदबाज आकाश सिंह और प्रिंस यादव ने कुछ मुकाबलों में प्रभावित किया है। बल्लेबाजी में मिचेल मार्श, निकोलस पूरन और एडेन मार्करम टीम की सबसे बड़ी ताकत रहे हैं। जोश इंग्लिस आखिरी मैचों में टीम से जुड़े, लेकिन उन्होंने बढ़िया बल्लेबाजी की है। ऋषभ पंत लगातार दूसरे सीजन में भी बल्ले से संघर्ष कर रहे है, जिसके कारण टीम ने 13 मैचों में नौ गंवाए और सिर्फ चार में जीत मिल सकी। हालांकि, इन सबको भुलाकर मेजबान टीम घर में आखिरी मुकाबला जीतने के लिए पूरी ताकत झोंकेगी। आसान नहीं होगी पंजाब की राह लगातार छह हार ने पंजाब किंग्स की इस प्लेऑफ की राह मुश्किल बना दी है। सीजन की शुरुआत में शानदार लय में दिख रही टीम अब दबाव में नजर आ रही है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब ने शुरुआती मुकाबलों में आक्रामक क्रिकेट खेलते हुए खुद को खिताब के दावेदारों में शामिल कर लिया था, लेकिन टूर्नामेंट के दूसरे चरण में टीम का प्रदर्शन पूरी तरह बिखर गया। पंजाब किंग्स ने अपने पहले दस मुकाबलों में छह जीत दर्ज कर अंक तालिका में मजबूत स्थिति बना ली थी। उस समय टीम का नेट रन रेट भी बेहतर था और बल्लेबाजी इकाई संतुलित दिखाई दे रही थी, लेकिन इसके बाद टीम लगातार हार के भंवर में फंस गई। लगातार छह मैच गंवाने के बाद अब पंजाब के लिए नॉक आउट की राह केवल अपनी जीत पर नहीं, बल्कि दूसरी टीमों के परिणामों पर भी निर्भर हो गई है निरंतरता की कमी टीम की सबसे बड़ी समस्या प्रदर्शन में निरंतरता की कमी रही। शुरुआती मैचों में जहां शीर्ष क्रम ने जिम्मेदारी निभाई, वहीं पिछले मुकाबलों में बल्लेबाज बड़े मौकों पर विफल रहे। श्रेयस अय्यर, प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्या जैसे बल्लेबाज अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल सके। मध्यक्रम भी दबाव के समय टीम को संभालने में नाकाम रहा। कई मुकाबलों में पंजाब अच्छी स्थिति में होने के बावजूद मैच गंवाती नजर आई। गेंदबाजी विभाग में भी पंजाब को लगातार संघर्ष का सामना करना पड़ा। आखिरी ओवरों में रन रोकने में टीम असफल रही, जबकि स्पिन आक्रमण अपेक्षित असर नहीं छोड़ सका। ऐसे में इकाना स्टेडियम में होने वाला यह मुकाबला पंजाब किंग्स के पूरे सीजन का सबसे बड़ा इम्तिहान माना जा रहा है। यदि टीम अपनी गलतियों से सीख लेकर संतुलित प्रदर्शन करती है तो वापसी की उम्मीद बनी रह सकती है, लेकिन एक और हार पंजाब के अभियान का अंत साबित हो सकती है। रिकॉर्ड पंजाब के साथ लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स के बीच आईपीएल इतिहास में अब तक कुल सात मुकाबले खेले गए हैं। इन मैचों में लखनऊ ने चार बार जीत हासिल की है, जबकि पंजाब को तीन में जीत मिली है। ऐसे में रिकार्ड पंजाब के पक्ष में है।  

SRH के विस्फोटक बैटर ने IPL में रचा इतिहास, ऋषभ पंत का ‘महारिकॉर्ड’ टूटा; हारकर भी टॉप पर RCB

 हैदराबाद इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मैच नंबर-67 में शुक्रवार (22 मई) को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से हुआ. हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में हुए इस मैच में एसआरएच ने 55 रनों से जीत हासिल की. एसआरएच ने आरसीबी को जीत के लिए 256 रनों का टारगेट दिया था, लेकिन वो चार विकेट पर 200 रन ही बना सकी।  इस जीत के बाद भी एसआरएच को एलिमिनेटर मुकाबला खेलना होगा. वहीं हार के बावजूद आरसीबी पहला क्वालिफायर 26 मई को गुजरात टाइटन्स (GT) से खेलेगी. आरसीबी अंकतालिका में पहले नंबर पर रही. आरसीबी को अंकतालिका में टॉप-2 पर बने रहने के लिए 166 रन बनाने थे, जो उसने आसानी से बनाए।  सनराइजर्स हैदाराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पहले ही प्लेऑफ में जगह बना चुकी थी. सनराइजर्स हैदाराबाद ने 14 मुकाबले खेलकर नौ में जीत हासिल की और उसके 18 अंक रहे. दूसरी ओर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने भी 14 मुकाबलों में से 9 में जीत दर्ज की. आरसीबी के भी 18 पॉइंट्स रहे।  रनचेज में वेंकटेश अय्यर ने विराट कोहली के साथ मिलकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को ताबड़तोड़ शुरुआत दिलाई. वेंकटेश ने 4 छ्क्के और 4 चौके की मदद से 19 गेंदों पर 44 रन बनाए. ईशान मलिंगा ने वेंकटेश अय्यर कोआउट कर 62 रनों की ओपनिंग साझेदारी को ब्रेक किया. फिर साकिब हुसैन ने विराट कोहली का विकेट लिया, जिन्होंने दो चौके की मदद से 11 गेंदों पर 15 रनों का योगदान दिया।  देवदत्त पडिक्कल (21 रन) भी ज्याादा बड़ी इनिंग्स नहीं खेल पाए और ईशान मलिंगा का शिकार बने. यहां से रजत पाटीदार (56 रन) और क्रुणाल पंड्या (नाबाद 41 रन) ने चौथे विकेट के लिए 84 रन जोड़कर ये सुनिश्चित किया कि टीम क्वालिफायर-1 में भाग ले. टिम डेविड ने नाबाद 15 रन बनाए।  SRH के बैटर ने IPL में रच दिया नया इतिहास विस्फोटक बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में इतिहास रच दिया है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए हाईस्कोरिंग मुकाबले में क्लासेन ने ऐसी उपलब्धि हासिल की, जो टी20 क्रिकेट के इतिहास में आज तक कोई बल्लेबाज नहीं कर पाया था।  हेनरिक क्लासेन अब दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं जिन्होंने किसी टी20 सीरीज या टूर्नामेंट में नंबर-4 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए 600 से ज्यादा रन बनाए हैं. इसी के साथ उन्होंने भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत का बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।  आरसीबी के खिलाफ मुकाबले से पहले हेनरिक क्लासेन को इस ऐतिहासिक आंकड़े तक पहुंचने के लिए सिर्फ 45 रनों की जरूरत थी. उन्होंने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 24 गेंदों में 51 रनों ठोक दिए और मौजूद आईपीएल सीजन में 600 रनों का आंकड़ा पार कर लिया।  इससे पहले नंबर-4 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए किसी टी20 टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड ऋषभ पंत के नाम था. पंत ने आईपीएल 2018 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के लिए 579 रन बनाए थे. अब क्लासेन ने उस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए नया इतिहास लिख दिया है।  क्लासेन ने ये रिकॉर्ड भी बनाया इतना ही नहीं, हेनरिक क्लासेन आईपीएल इतिहास के पहले विदेशी बल्लेबाज भी बन गए हैं जिन्होंने किसी एक सीजन के लीग स्टेज के सभी 14 मैचों में दहाई का आंकड़ा पार किया हो. उनकी यह लगातार शानदार बल्लेबाजी सनराइजर्स हैदराबाद के लिए सबसे बड़ी ताकत बन चुकी है।  सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन से पहले हेनरिक क्लासेन को 23 करोड़ रुपये में रिटेन किया था और उन्होंने अपने प्रदर्शन से टीम के फैसले को पूरी तरह सही साबित किया है. आईपीएल 2026 में वह एसआरएच के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं और अब तक 6 अर्धशतक जड़ चुके हैं।  आरसीबी के खिलाफ क्लासेन ने अपनी पारी में 2 चौके और 5 लंबे छक्के लगाए. उन्होंने ईशान किशन के साथ तीसरे विकेट के लिए सिर्फ 48 गेंदों में 113 रनों की विस्फोटक साझेदारी भी की, जिसने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया. हालांकि पारी के 17वें ओवर में बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में वह क्रुणाल पंड्या की गेंद पर वेंकटेश अय्यर को कैच दे बैठे. लेकिन तब तक क्लासेन अपना काम कर चुके थे और एसआरएच को विशाल स्कोर की ओर पहुंचा दिया था।  हैदराबाद की पारी की हाइलाइट्स सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए चार विकेट पर 255 रन बनाए. सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत तूफानी रही. ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा ने मिलकर पहले विकेट के लिए 45 रनों की पार्टनरशिप की. रसिक सलाम डार ने ट्रेविस हेड (26 रन) को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया. हेड के आउट होने के बाद भी अभिषेक शर्मा ने ताबड़तोड़ बैटिंग जारी रखते हुए सिर्फ 20 गेंदों पर फिफ्टी जमा दी. इस दौरान अभिषेक ने ईशान किशन ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 52 रन जोड़े. स्पिनर सुयश शर्मा ने अभिषेक को पवेलियन भेजा. अभिषेक ने 22 गेंदों का सामना करते हुए 56 रन बनाए, जिसमें पांच छक्के और चार चौके शामिल रहे।  यहां से हेनरिक क्लासेन और ईशान किशन के बीच तीसरे विकेट के लिए 113 रनों की पार्टनरशिप हुई, जिसने सनराइजर्स हैदराबाद को बड़े स्कोर तक पहुंचाया. ईशान ने आठ चौके और तीन छक्के की मदद से 46 बॉल पर 79 रनों का योगदान दिया. वहीं क्लासेन ने 24 बॉल पर 51 रनों की पारी खेली, जिसमें पांच छक्के और दो चौके शामिल रहे. नीतीश कुमार रेड्डी ने तीन छक्के और एक चौके की मदद से सिर्फ 12 गेंदों पर तूफानी 29* रन बनाए।  इंडियन प्रीमियर लीग में सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच अब तक 28 मुकाबले खेले गए हैं. इस दौरान सनराइजर्स हैदराबाद ने 15 मैचों में जीत हासिल की. वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 12 मैचों में सफलता मिली. जबकि एक मुकाबला बेनतीजा रहा. मौजूदा सीजन में दोनों टीमों दूसरी बार आमने-सामने हुई हैं. 28 मार्च 2026 को सीजन के ओपनिंग मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट से परास्त किया था।  हैदराबाद vs बेंगलुरु h2h कुल आईपीएल मुकाबले: 28 हैदराबाद ने जीते: 16 बेंगलुरु ने जीते: 12 बेनतीजा: 1

चेन्नई सुपर किंग्स करेगी बड़ा फेरबदल, 14 करोड़ वाला खिलाड़ी भी बाहर होने की कगार पर

चेन्नई चेन्नई सुपर किंग्स लगातार तीसरा मैच हारकर IPL 2026 में प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है. लगातार तीसरी बार है जब 5 बार की चैंपियन CSK प्लेऑफ में क्वालीफाई नहीं कर पाई. अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रही चेन्नई अगले साल कई परिवर्तन करना चाहेंगी. ऐसे में कई प्लेयर्स हैं, जिनको लेकर माना जा रहा है कि चेन्नई उन्हें रिलीज कर देगी।  IPL 2027 से पहले मेगा ऑक्शन होगा, जिसमें सभी फ्रेंचाइजियों के लिए रिटेन करने वाले खिलाड़ियों की संख्या निश्चित होती है. ऐसे में चेन्नई कई प्लेयर्स को रिलीज कर सकती है, जो उनकी योजना में फिट नहीं बैठे या बैठेंगे. वहीं कई को इसलिए अलग किया जा सकता है क्योंकि उनसे पहले टीम दूसरे खिलाड़ियों को प्रायोरिटी देगी।  सरफराज खान सरफराज खान को चेन्नई सुपर किंग्स ने 75 लाख रुपये में खरीदा था. इस सीजन उन्हें 8 मैच खेलने को मिले, जिसमें खेली 7 पारियों में उन्होंने कुल 161 रन बनाए. मेगा ऑक्शन से पहले चेन्नई शायद ही सरफराज को रिटेन करे, हालांकि उनका प्राइस कम ही है लेकिन फिर भी टीम शायद उन्हें रिलीज कर दे।  खलील अहमद खलील अहमद प्रभाव नहीं छोड़ पाए, शुरूआती मैचों में वह बेअसर रहे और फिर चोट के कारण नहीं खेल पाए. उन्होंने 5 मैचों में सिर्फ 2 ही विकेट लिए. चेन्नई की गेंदबाजी इस बार अच्छी नहीं रही. मेगा ऑक्शन से पहले चेन्नई शायद ही खलील को भी रिटेन करे, टीम उन्हें रिलीज कर सकती है।  प्रशांत वीर प्रशांत को चेन्नई सुपर किंग्स ने रिकॉर्ड बोली (14 करोड़ 20 लाख रुपये) लगाकर खरीदा था, लेकिन वह कोई छाप नहीं छोड़ पाए. उन्होंने 6 मैच खेले और सिर्फ एक ही मैच में उन्हें गेंदबाजी दी गई, जिसमें डाले 2 ओवरों में उन्होंने 25 रन दिए और कोई विकेट नहीं लिया. ऐसा नजर आया कि प्रशांत उनकी योजना में फिट नहीं बैठ पा रहे. मेगा ऑक्शन से पहले फ्रेंचाइजी निश्चित संख्या तक ही प्लेयर्स को रिटेन कर सकती हैं, ऐसे में शायद चेन्नई प्रशांत वीर को रिलीज कर दे और अपने पर्स को बढ़ाना चाहे।  मुकेश चौधरी 29 वर्षीय तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी 2022 से चेन्नई सुपर किंग्स के लिए ही खेल रहे हैं, इस साल उन्होंने 8 मैचों में 8 ही विकेट लिए. उनका इकॉनमी 8.89 का रहा, लेकिन शायद चेन्नई अब नए खिलाड़ियों को तलाशे. हालांकि मुकेश में शानदार प्रतिभा है, वह इस टीम के महत्वपूर्ण खिलाड़ी रहे हैं लेकिन शायद वह उन खिलाड़ियों में न आएं जिन्हे चेन्नई मेगा ऑक्शन से पहले रिटेन करना चाहे।  स्पेंसर जॉनसन ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन को भी चेन्नई सुपर किंग्स रिटेन नहीं करना चाहेगी. जॉनसन ने इस साल खेले 3 मैचों में 2 विकेट लिए. जॉनसन को चेन्नई ने रिप्लेसमेंट के तौर पर सीजन के बीच में शामिल किया था, उनका प्राइस 1.5 करोड़ रुपये है. चेन्नई उन्हें अगले संस्करण के लिए होने वाले मेगा ऑक्शन से पहले रिलीज कर सकती है। 

विनेश केस में हाई कोर्ट की तीखी टिप्पणी, बोला- मातृत्व को सजा नहीं बना सकते

रोहतक  मां बनने के बाद वापसी की राह पर चल रहीं भारतीय स्टार पहलवान विनेश फोगाट के समर्थन में दिल्ली हाई कोर्ट खुलकर सामने आ गया. कोर्ट ने भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) को फटकार लगाते हुए साफ कहा कि 'मातृत्व कोई अपराध नहीं है' और किसी खिलाड़ी के साथ 'बदले की भावना' से व्यवहार नहीं किया जा सकता।  मुख्य न्यायाधीश डीके उपाध्याय और जस्टिस तेजस करिया की बेंच ने केंद्र सरकार को निर्देश दिया कि तुरंत विशेषज्ञों की एक समिति बनाई जाए, जो विनेश फोगाट की फिटनेस और प्रतिस्पर्धा में वापसी का आकलन करे. कोर्ट ने यह भी कहा कि हर हाल में विनेश को आगामी एशियन गेम्स चयन ट्रायल्स में हिस्सा लेने का मौका मिलना चाहिए।  सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने WFI के रवैये पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को पहले राहत दी जाती रही है, लेकिन विनेश के मामले में अचानक नियम बदल देना 'बहुत कुछ कहता है.' अदालत ने दो टूक कहा, 'इस देश में मातृत्व का सम्मान किया जाता है… इसे किसी खिलाड़ी के करियर के खिलाफ हथियार नहीं बनाया जा सकता।  दरअसल, WFI ने विनेश को 26 जून 2026 तक घरेलू टूर्नामेंट खेलने के लिए 'अयोग्य' घोषित कर दिया था. संघ का दावा था कि संन्यास के बाद वापसी करने वाले खिलाड़ियों को एंटी-डोपिंग नियमों के तहत छह महीने पहले नोटिस देना जरूरी है. लेकिन जुलाई 2025 में मां बनने के बाद वापसी की तैयारी कर रहीं विनेश इसके बावजूद गोंडा में आयोजित नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट में पहुंच गईं।  विनेश की ओर से अदालत में दलील दी गई कि 9 मई को जारी शो-कॉज नोटिस सिर्फ उन्हें बाहर करने की कोशिश थी. कोर्ट ने उस नोटिस पर भी नाराजगी जताई, जिसमें 2024 Summer Olympics में 100 ग्राम अधिक वजन के कारण हुए उनके डिस्क्वालिफिकेशन को 'राष्ट्रीय शर्म' कहा गया था।  अदालत ने सख्त लहजे में कहा, 'खेल किसी व्यक्तिगत दुश्मनी से बड़ा होता है. खिलाड़ियों के भविष्य के साथ इस तरह का व्यवहार खेल के हित में नहीं है।  गौरतलब है कि विनेश फोगाट 2023 में महिला पहलवानों के उस ऐतिहासिक आंदोलन का चेहरा भी रही थीं, जिसमें WFI के पूर्व अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए गए थे।