samacharsecretary.com

कोर्ट के निर्देश पर केस दर्ज: राइस मिलर्स एसोसिएशन अध्यक्ष सहित 6 आरोपी पुलिस के घेरे में

दुर्ग. कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने राइस मिलर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कांतीलाल बोथरा की मां समेत 6 के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। मां की मौत के बाद उनके दायित्वों का निर्वहन करने की वजह से कांतिलाल को आरोपियों में शामिल किया गया है। इस प्रकरण में मेसर्स रिद्धि सिद्धि बिल्डर ने फर्म में इन्वेस्ट कराकर फ्लैट देने और निर्माण होने तक रकम पर ब्याज देने का वादा किया इसलिए प्रार्थी के परिवार के चार लोगों ने मिलकर अलग-अलग किस्तों में कुल 24.5 लाख रुपए दिए। आरोपियों ने कुछ समय तक ब्याज दिया। इसके बाद न रकम लौटाई और न फ्लैट बनाकर दिया। मामले में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी राहुल सोरी की अदालत ने आदेश पारित किया है। दरअसल, वार्ड 32 जैन गली, जय आनंद परिसर निवासी प्रार्थी रितेश जैन ने अपनी पत्नी आरती जैन और रिश्तेदार अरिहंत हाइट्स निवासी पदम जैन, रेणु देवी जैन और रुपाली जैन के माध्यम से कोर्ट में परिवाद दायर किया था। जिसमें जय आनंद मधुकर परिसर दुर्ग निवासी रूपेश जैन, शनिचरी बाजार दुर्ग निवासी विश्वास गुप्ता, शिवपारा दुर्ग निवासी मनीष शर्मा, जय आनंद परिसर दुर्ग निवासी सजल जैन, खंडेलवाल कॉलोनी निवासी अमृता खंडेलवाल और ऋषभ कॉलोनी दुर्ग निवासी कमला देवी बोथरा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई। ज्ञात हो कि, आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ईओडब्ल्यू) ने ‘चावल मिल घोटाला’ मामले में व्यवसायी दीपेन चावड़ा के खिलाफ पूरक आरोपपत्र पेश किया है। दीपेन चावड़ा, व्यवसायी अनवर ढेबर का साथी है और इस मामले में सहआरोपी भी है। ईओडब्ल्यू ने एक बयान में कहा है कि दीपेन चावड़ा के खिलाफ अपराध के पर्याप्त सबूत पाए जाने पर रायपुर स्थित भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम की विशेष अदालत में आरोपपत्र पेश किया गया है। 140 करोड़ की अवैध वसूली राज्य के ईओडब्ल्यू और एंटी-करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने पिछले वर्ष प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से मिली एक रिपोर्ट के आधार पर कथित चावल मिल घोटाले के संबंध में प्राथमिकी दर्ज किया था। ईडी इस मामले में धन शोधन की जांच कर रही है। राज्य की एजेंसी के अनुसार, जांच में इस मामले में चावल मिल मालिकों से लगभग 140 करोड़ रुपये की अवैध वसूली का पता चला है। ईडी के अनुसार, 175 करोड़ रुपये का कथित घोटाला खरीफ विपणन सीजन 2021-22 के दौरान किया गया था, जब छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार का शासन था।

एयर कनेक्टिविटी को बढ़ावा, 31 मार्च से जगदलपुर-रायपुर के बीच उड़ान सेवा शुरू

जगदलपुर. लंबे समय से बंद जगदलपुर-रायपुर सेक्टर पर एलायंस एवर ने फ्लाइट शुरू करने की घोषणा कर दी है। 29 मार्च से शुरू हो रहे समर शेड्यूल में हैदराबाद-जगदलपुर-रायपुर सेक्टर पर 31 मार्च से फ्लाइट शुरू होगी। बीते लंबे समय से इस सेक्टर पर विमान सेवा की मांग लोग कर रहे थे। इधर जगदलपुर-जबलपुर-दिल्ली फ्लाइट को एलायंस एयर ने बंद कर दिया है। सोमवार को आखिरी बार दिल्ली के लिए एलायंस एयर के विमान ने जगदलपुर से उड़ान भरी। हैदराबाद-जगदलपुर-रायपुर सेक्टर में में फ्लाइट हैदराबाद-जगदलपुर, जगदलपुर-रायपुर, रायपुर-रीवा, रीवा-रायपुर, रायपुर-जगदलपुर व जगदलपुर-हैदराबाद के बीच चलेगी। हैदराबाद से एलायंस एयर की फ्लाइट सुबह 7.50 बजे टेकऑफ करेंगी, जो 9.10 बजे जगदलपुर में लैंड होगी। जगदलपुर से 9.35 बजे रायपुर के लिए टेकऑफ करने के बाद विमान 10.30 बजे रायपुर में लैंड होगी। वापसी में रायपुर से दोपहर 2.25 बजे उड़ान भरकर विमान 3.20 बजे जगदलपुर और यहां से 3.45 बजे टेकऑफ कर शाम 5.05 बजे हैदराबाद जाएगी। बिलासपुर से जबलपुर और जगदलपुर की उड़ान बंद बिलासपुर। आगामी 28 मार्च से लागू होने वाले नए समर शेड्यूल में जबलपुर और जगदलपुर हवाई सेवा को बंद कर दिया गया है. प्रयागराज के लिए चलने वाली फ्लाइट अब सप्ताह में सिर्फ एक दिन तक सीमित कर दी गई है. वहीं कोलकाता और दिल्ली की विमान व्हाया अंबिकापुर होकर चलेगी.समर शेड्यूल में पहले से सप्ताह में दो दिन चलने वाली बिलासपुर – प्रयागराज फ्लाइट को घटाकर सिर्फ एक दिन कर दिया गया है. प्रयागराज रूट धार्मिक, शैक्षणिक और न्यायिक कारणों से महत्वपूर्ण माना जाता है, लेकिन इसे सीमित कर देना यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है. वहीं एलाइंस एयर ने जबलपुर की हवाई सेवा को बंद करने का निर्णय लिया है. साथ ही बिलासपुर जगदलपुर हवाई सेवा को भी बंद करने का निर्णय लिया गया है. इसके अलावा कोलकाता – बिलासपुर की सीधी हवाई सेवा को व्हाया अंबिकापुर चलाने का निर्णय लिया है . इसी तरह सप्ताह में दो दिन दिल्ली की फ्लाइट व्हाया अंबिकापुर जाएगी. जिससे उक्त फ्लाइट में यात्रियों की संख्या कम होना तय है. हैदराबाद फ्लाइट एक बार फिर से लटकी हैदराबाद- बिलासपुर-हैदराबाद फ्लाइट चलाने की मांग का समर्थन केन्द्रीय विमानन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू ने दिल्ली में आंदोलन करने पहुंचे हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति को हैदराबाद उड़ान शुरू कराने का आश्वासन दिया था. लेकिन एक बार फिर से हैदराबाद विमान लटक गया है. उसका ट्रायल भी डेढ़ साल पहले हो चुका है. जो काफी सफल रहा था. पांच साल से चल रही जबलपुर फ्लाइट बंद एलाइंस एयर कंपनी ने फिर से पर्याप्त यात्रियों के साथ चलने वाली बिलासपुर-जबलपुर फ्लाइट को बंद किया गया है. उसको बंद करने का कारण नहीं बताया जा रहा है. इसके पहले भोपाल और इंदौर फ्लाइट भी चलाने के कुछ समय बाद बंद कर दी गई थी.

बर्ड फ्लू से हड़कंप: बिलासपुर में हजारों मुर्गियों की मौत, प्रशासन ने 10 किमी क्षेत्र में जारी किया अलर्ट

बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोनी स्थित सरकारी पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू के प्रकोप से हड़कंप मच गया है। बीते 19 से 24 मार्च के बीच यहां करीब 4,400 मुर्गियों की मौत हो गई। फार्म में कुल 5,037 मुर्गियां मौजूद थीं। अब प्रशासन ने फार्म के एक किलोमीटर क्षेत्र में अलर्ट जारी किया है। 10 किलोमीटर के दायरे में अलर्ट इस मामले की जानकारी देते हुए बिलासपुर के पशु चिकित्सा विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. जीएस तंवर ने बताया कि मृत पक्षियों के सैंपल भोपाल और पुणे की लैब में भेजे गए थे, जिनमें से भोपाल लैब ने एवियन इन्फ्लुएंजा यानी बर्ड फ्लू की पुष्टि कर दी है। संक्रमण की पुष्टि के बाद जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल ने तत्काल प्रभाव से रोकथाम और नियंत्रण के निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने फार्म के एक किलोमीटर के दायरे को ‘संक्रमित क्षेत्र’ और 10 किलोमीटर के दायरे को निगरानी क्षेत्र घोषित किया है। सीलिंग भी होगी प्रोटोकॉल के तहत संक्रमित क्षेत्र में सभी पोल्ट्री पक्षियों, अंडों और चारे को नष्ट किया जाएगा और इनके आवागमन पर पूरी तरह रोक रहेगी। प्रभावित पोल्ट्री मालिकों को पशुपालन विभाग की ओर से मुआवजा दिया जाएगा। कूलिंग (पक्षियों को मारने) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद फार्म को सील कर दिया जाएगा। स्थिति को संभालने के लिए टीम गठित स्थिति को संभालने के लिए रैपिड रिस्पॉन्स टीमें गठित की गई हैं, जो कूलिंग, निस्तारण, निगरानी और सैनिटाइजेशन का काम करेंगी। साथ ही इलाके में चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे और पोल्ट्री की बिक्री के साथ उनकी आवाजाही पर भी सख्त नजर रखी जाएगी। कर्मचारियों की भी हो रही जांच पोल्ट्री फार्म के कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच भी की जा रही है। किसी में लक्षण मिलने पर जांच और जरूरत पड़ने पर एंटीवायरल दवा दी जाएगी। फिलहाल इंसानों में संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया है। जिला प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क रहते हुए प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद पर कड़ा रुख, गृहमंत्री बोले—समयसीमा में होगा खात्मा

रायपुर. डिप्टी सीएम एवं गृहमंत्री विजय शर्मा जगदलपुर रवाना हुए, जहां उनके सामने कुख्यात नक्सली लीडर अपने साथियों के साथ सरेंडर करेंगे। रवानगी से पहले विजय शर्मा ने कहा, 8 एके 47 और अन्य हथियारों और साथियों के साथ आज पापाराव का पुनर्वास है। समाज के सामने आत्मसमर्पण होगा। मैं प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करूंगा। नियत समय 31 मार्च तक समूचे छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद खत्म होगा। 30-35 जो छिटपुट नक्सली बचे हैं उनका भी पुर्नवास होगा। नक्सल लीडर गणपति अभी कहां है पता नहीं, मिशीर भी अभी बचा है। 31 मार्च की रात कोई हैप्पी न्यू ईयर नहीं है। 31 मार्च के बाद भी एहतियात तो बरतना ही होगा। सुप्रीम कोर्ट के धर्मांतरण को लेकर दिए आदेश पर गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा, सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में आदेश दिया मगर यह प्रक्रिया पुरानी है। अगर कोई व्यक्ति इस्लाम या ईसाई समाज में जाएगा तो उनको SC समाज के मिलने वाले बेनिफिट नहीं मिलेंगे इसलिए संस्कृति बहुत ही महत्वपूर्ण है। गांव-गांव में विभेद उत्पन्न हो गए हैं। माओवाद पहले वर्ग संघर्ष प्रारंभ करना चाहता था, मगर नहीं कर पाया, वहीं धर्मांतरण ने यह वर्ग संघर्ष खड़ा कर दिया। वर्ग संघर्ष के चलते आदिवासी समाज के बड़े तपके की मांग है कि डीलिस्टिंग होनी चाहिए। अब निर्णय क्या होता है संविधान के आधार पर यह न्यायालय बताएगा। अफीम मामले में बोले – व्यक्ति का नहीं कानून का होता है राज अफीम की खेती पर कलेक्टरों की रिपोर्ट को लेकर गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा, कबसे यह चल रहा है इसको निकालना है।व्यक्ति का राज नहीं होता, कानून का राज होता है। दुर्ग के बाद बलरामपुर और रायगढ़ में भी कार्रवाई हुई। सीएम साय ने कलेक्टरों को आदेश किया था कि जहां भी गड़बड़ी हुई हो वहां कार्रवाई करें। जल्द इसको इंटीग्रेटेड कर सोचा जाएगा कि यह कैसे हो रहा है। अगर कोई गैंग इसके पीछे है तो उसे नेस्तानाबूत किया जाएगा।

सांस्कृतिक प्रकोष्ठ भाजपा की प्रथम वर्चुवल बैठक संपन्न

सांस्कृतिक प्रकोष्ठ भाजपा की प्रथम वर्चुवल बैठक संपन्न रायपुर  छत्तीसगढ़ भाजपा की इकाई सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के नवनियुक्त पदाधिकारियों की आज प्रथम बैठक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक अनुपम पाल के नेतृत्व में संपन्न हुई जिसका संचालन सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक शरद श्रीवास्तव ने किया l बैठक के प्रथम सत्र में सभी 14 पदाधिकारियों ने अपना परिचय दिया और सभी ने पूरी निष्ठा से अपने दायित्व के निर्वहन की बात कही l सहसंयोजक शरद श्रीवास्तव ने अपने अनुभव और शीर्ष नेतृत्व के आदेश को साझा करते हुये कहा कि हमें एक हजार से अधिक कलाकारों की एक भव्य टीम बनाना है ताकि समय पड़ने पर हम अपने अपने कला के माध्यम से पूरे प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के लिये सकारात्मक कार्य कर सके l वही प्रदेश संयोजक अनुपम पाल ने प्रकोष्ठ के सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि कला एक ऐसा माध्यम है जिसके सहयोग से हम सरकारी योजनाओं आम जनमानस तक अल्प समय में प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर सकते है साथ ही भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ में कोई ईमानदारी और निष्ठा से संयमित होकर कार्य करने हेतु प्रोत्साहित किया। अंत में शरद अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापित कर आज के महत्वपूर्ण वर्चुवल बैठक के  समाप्ति की घोषणा की l  आज के इस बैठक में सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के संयोजक अनुपम पाल,सहसंयोजक शरद श्रीवास्तव,शरद अग्रवाल, उर्वशी साहू,रवि शर्मा, कोषाध्यक्ष मुकेश जोशी,कार्यालय प्रभारी तरल सोलंकी,सहकार्यालय प्रभारी जीवनमिश्रा, कार्यक्रम प्रभारी  तेजराम साहू, कार्यक्रम सह प्रभारी सुतापा पाल, मिडिया प्रभारी निशु पाण्डेय,सह मिडिया प्रभारी सतेंद्र सोनी,सोशल मिडिया प्रभारी रवि जग्गी,सोशल मिडिया सह प्रभारी रामानंद त्रिपाठी उपस्थित थे l

स्कॉलरशिप के लिए मिला मौका: पोस्ट-मैट्रिक आवेदन अब 27 तक, छात्रों को बड़ी राहत

रायपुर. पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाकर 27 मार्च 2026 कर दी गई है। पहले यह तिथि 23 मार्च थी। इससे छात्रों को आवेदन करने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है। रायपुर जिले के सभी शासकीय और निजी कॉलेज, यूनिवर्सिटी, इंजीनियरिंग, मेडिकल, नर्सिंग, पॉलिटेक्निक और आईटीआई में पढ़ने वाले विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। संस्थाओं के लिए प्रस्ताव लॉक करने की अंतिम तिथि 29 मार्च और सैंक्शन ऑर्डर लॉक करने की अंतिम तिथि 30 मार्च तय की गई है। छात्रवृत्ति के लिए एससी-एसटी वर्ग के अभिभावकों की आय सीमा 2.50 लाख रुपये और ओबीसी के लिए 1 लाख रुपये रखी गई है। आवेदन के साथ जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र और पिछले साल का रिजल्ट देना जरूरी होगा। प्रशासन ने बताया कि तय तारीख के बाद पोर्टल बंद हो जाएगा। साथ ही अब जियो-टैगिंग, NSP पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन और नई संस्थाओं के लिए बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन अनिवार्य कर दिया गया है।

औचक निरीक्षण में खुलासा: दुर्ग की पानी-जूस फैक्ट्रियों में गड़बड़ी, खाद्य विभाग ने की कार्रवाई

दुर्ग. भीषण गर्मी के आगमन को देखते हुए जिला खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जिले की पानी फैक्ट्रियों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है. कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देशानुसार खाद्य नियंत्रक एवं औषधि प्रशासन के मार्गदर्शन में विभाग ने विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया. इस कार्यवाही के दौरान आर. एस. इंटरप्राइसेस जामुल और पाल एक्वा छावनी भिलाई से पानी की बोतलों के नमूने लिए गए. वहीं कुम्हारी स्थित आई. बी. सॉल्यूशन में नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर 180 बोरी पानी पाऊच जब्त किए गए. इसके अतिरिक्त अमर बेवरेजेस कैलाश नगर भिलाई से पानी की बोतल और ज्योति इंडस्ट्रीज जेवरा सिरसा से लीची जूस के नमूने संकलित कर जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं. जांच के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रिचा शर्मा और खाद्य सुरक्षा अधिकारी नारद राम कोमरे ने फर्मों के संचालकों को कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाणपत्र और पानी की शुद्धता की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए. साथ ही स्वच्छता बनाए रखने और कार्य के दौरान कर्मचारियों को हैंड ग्लव्स व हेड कैप अनिवार्य रूप से पहनने की हिदायत दी गई है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 (विनियम (2011) के तहत कड़ी कार्यवाही की जाएगी. निरीक्षण निरंतर जारी रहेगा.

दुर्ग ने मारी बाजी: पीएम आवास क्रियान्वयन में 93.3% स्वीकृति के साथ देश में अव्वल

दुर्ग. प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के क्रियान्वयन में जिला दुर्ग ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है. राज्य कार्यालय द्वारा 19 मार्च को जारी रैंकिंग में दुर्ग में 93.3 प्रतिशत की स्वीकृति इनमें किस्त जारी 91.7 एवं आवास पूर्णता 80.9 है. वहीं मनरेगा मजदूरी के भुगतान में औसत 88.5% के साथ पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है. कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देशानुसार एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बजरंग कुमार दुबे के मार्गदर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के बेहतर क्रियान्वयन हेतु प्रयास किए जा रहे हैं. दुबे ने बताया कि योजना अंतर्गत हितग्राहियों को लगातार आवास निर्माण हेतु राशि हस्तांतरित की जा रही है, जिससे हितग्राहियों द्वारा भी अधिक रुचि लेकर लगातार आवास पूर्ण किया जा रहा है. विगत 15 दिवसों में वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में जनपद पंचायत धमधा में 77, दुर्ग में 39 एवं पाटन में 11 हितग्राहियों को द्वितीय किश्त की राशि हस्तांतरित की गई है. इसी प्रकार जनपद पंचायत धमधा 95, दुर्ग में 65 एवं पाटन में 31 हितग्राहियों को तृतीय किस्त की राशि आवास निर्माण पूर्ण करने के उपरांत हस्तांतरित की गई है. जारी किए गए किस्त की कुल राशि 116 लाख रुपए से अधिक है. इसके अतिरिक्त निर्माणाधीन या पूर्ण हो चुके हितग्राहियों 586 हितग्राहियों का एफटीओ हस्तांतरण हेतु तैयार किया कर लिया गया है जिसकी कुल राशि 259 लाख रुपए से अधिक है जो आने वाले कुछ दिवसों में हितग्राहियों के खाते में पहुंच जाएगी. जिले में आवास निर्माण का कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है. प्रत्येक सप्ताह जिले में लगभग 80 से अधिक आवास प्रारंभ एवं 200 से अधिक आवास पूर्ण कराया जा रहे हैं. पूर्व में राज्य कार्यालय द्वारा दिए गए माह फरवरी में 831 आवास पूर्णता के लक्ष्य में से जिला द्वारा 852 आवास पूर्ण किया गया है. लगातार राशि हस्तांतरण से हितग्राहियों द्वारा स्वयं के आवास को शीघ्रता से पूर्ण किया जा रहा है.

नक्सल मोर्चे पर बड़ी सफलता: पापाराव समेत कई माओवादी करेंगे सरेंडर, गृहमंत्री विजय शर्मा रहेंगे मौजूद

रायपुर. छत्तीसगढ़ से नक्सल खात्मे की तय डेडलाइन 31 मार्च 2026 से करीब एक सप्ताह पहले खूंखार नक्सली पापाराव ने मंगलवार को पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। उसने आधुनिक हथियार एके-47 के साथ पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया। हालांकि आधिकारिक तौर पर पुलिस ने सरेंडर की पुष्टि नहीं की है। कल 25 मार्च को जगदलपुर में बस्तर आईजी सुंदरराज पी के सामने कुल 18 नक्सली सरेंडर करेंगे। 11 पुरुष और सात महिला नक्सली समेत कुल 18 नक्सलियों ने सरेंडर किया है। नक्सली अपने साथ 8 AK-47 और अन्य हथियार भी लेकर पहुंचे। उम्मीद है कि सरकारी कार्यक्रम में प्रदेश के मुखिया सीएम विष्णुदेव साय और गृहमंत्री विजय शर्मा भी शामिल हो सकते हैं। उनके सामने नक्सलियों के सरेंडर की आधिकारिक तौर पर घोषणा की जायेगी। सरेंडर करने वाले नक्सलियों में डीकेएसजेडसी मेंबर पापाराव समेत डीवीसीएम और एसीएम रैंक के नक्सली शामिल हैं। नक्सली कई किलोमीटर पैदल चलकर जंगल के रास्ते बीजापुर पहुंचे। फिर बस से नक्सलियों को जगदलपुर लाया गया। बताया जाता है कि पापा राव एके-47 समेत कई आधुनिक हथियारों से लैस रहता है। वह वेस्ट बस्तर डिवीजन का सचिव और दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी (डीकेएसजेडसी) का सदस्य है। छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा ने इस संबंध में बड़ा बयान देते हुए कहा कि नक्सली पापाराव के आत्मसमर्पण के साथ छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद खत्म होगा। अब छत्तीसगढ़ में बड़े कैडर का एक भी नक्सली नहीं बचा है। छत्तीसगढ़ सरकार ने उस पर 25 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। गृहमंत्री के सामने आज सरेंडर करेगा कुख्यात नक्सली पापाराव छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा आज जगदलपुर दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह 9:30 बजे रायपुर एयरपोर्ट से जगदलपुर के लिए रवाना होंगे। जगदलपुर में गृहमंत्री की मौजूदगी में कुख्यात नक्सली पापा राव सरेंडर करेंगे। यह सरेंडर कार्यक्रम प्रशासन और पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। गौरतलब है कि राज्य सरकार लगातार नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सरेंडर और पुनर्वास नीति को बढ़ावा दे रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगे हैं। इस सरेंडर को नक्सल उन्मूलन अभियान में एक अहम उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है। नक्सलियों का रणनीतिकार है पापा राव सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, पापा राव को लेने के लिए पुलिस बल की टीम इंद्रावती नेशनल पार्क क्षेत्र के एक गोपनीय स्थान के लिए रवाना हो चुकी है। पापा राव लंबे समय से नक्सलियों का रणनीतिकार रहा है। वह कई बड़े नक्सली वारदात में शामिल रहा है। जिनमें कुटरू-बेदरे रोड पर हुआ आईईडी ब्लास्ट भी शामिल है। इसमें आठ जवान वीरगति को प्राप्त हुए थे। इस हमले का मास्टरमाइंड पापा राव को माना जाता है। इसके साथ ही एंबुश लगाने और फोर्स पर हमले की रणनीति बनाने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती है। उसकी पत्नी उर्मिला भी पीएलजीए बटालियन की सदस्य थी, वह एक मुठभेड़ में मारी गई थी। 1990 के दशक से माओवादी आंदोलन से जुड़ा पापा राव बता दें कि पापा राव का असली नाम मंगू दादा या चंद्रन्ना है। वह सुकमा जिले के निमलगुड़ा गांव का रहने वाला है। 56 वर्ष से अधिक उम्र का यह नक्सली 1990 के दशक से माओवादी आंदोलन से जुड़ा हुआ था।  …तो खत्म हो जायेगा नक्सलवाद पापा राव के सरेंडर या ढेर होने से पश्चिम बस्तर डिवीजन में नक्सलवाद की पूरी संरचना ताश के पत्ते की तरह बिखरकर टूट जायेगी। बस्तर में अब सिर्फ 100-125 नक्सली बचे हैं। हालांकि कोई बड़ा नक्सली कमांडर नहीं बचा है। ऐसे में छत्तीसगढ़ सरकार और केंद्र सरकार के नक्सल अभियान की सबसे बड़ी सफलता मानी जायेगी। बता दें कि अब तक 500 से ज्यादा नक्सली सरेंडर कर चुके हैं। 

मुख्यमंत्री का ऐलान: खल्लारी रोप-वे दुर्घटना में पीड़ितों को मिलेगी सहायता, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई

खल्लारी रोप-वे दुर्घटना: मुख्यमंत्री ने सहायता राशि की घोषणा की, दोषियों पर होगी कठोर कार्रवाई रायपुर  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने  महासमुंद जिले के खल्लारी माता मंदिर में हाल ही में हुई रोप-वे दुर्घटना में प्रभावित परिवारों के लिए सहायता राशि की घोषणा की है। उन्होंने दिवंगत श्रद्धालु के परिजन को 5 लाख रुपए एवं घायलों को 50 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान करने का निर्णय लिया है, ताकि इस कठिन समय में उन्हें संबल मिल सके। मुख्यमंत्री साय ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस दुःख की घड़ी में उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और हर संभव सहायता के लिए तत्पर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की विस्तृत जांच जारी है और दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।