samacharsecretary.com

वनडे मुकाबले से पहले अलर्ट मोड: IG-DIG ने बनाई रणनीति, 2 हजार जवान संभालेंगे सुरक्षा

रायपुर नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में पहली बार होने वाले अंतर्राष्ट्रीय वनडे मैच को लेकर तैयारियां जोरों पर है. फैंस अपने फेवरेट क्रिकेटर्स को देखने के लिए उत्साहित हैं. मैच की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सोमवार को पुलिस अधिकारियों की बड़ी बैठक हुई. रायपुर रेंज आई अमरेश मिश्रा और डीआईजी गिरिजाशंकर जायसवाल की अध्यक्षता में यह बैठक हुई, जिसमें एसएसपी रायपुर समेत डीएसपी और एएसपी लेवल के अधिकारी शामिल हुए हैं. भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (बीसीसीआई) को शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम हैंडओवर किए जाने के बाद यह पहला मौका जब अंतर्राष्ट्रीय वनडे मैच होने जा रहा है. बीसीसीआई के नियमों के तहत सुरक्षा व्यवस्था लगाई जाएगी. यातायात समेत 2 हजार पुलिस अधिकारी और जवान तैनात रहेंगे. होटल, स्टेडियम समेत पूरे रूट पर पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे. कब खेला जाएगा मैच ?     मैच: भारत vs दक्षिण अफ्रीका दूसरा वनडे     तारीख: बुधवार, 3 दिसंबर 2025     स्थान: नवा रायपुर, शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम     मैच टाइमिंग: दोपहर 1:00 बजे टॉस होगा, 1:30 बजे से मैच शुरु क्यों खास है यह मुकाबला?     स्टेडियम पहली बार CSCS की पूर्ण जिम्मेदारी में एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय मैच आयोजित कर रहा     हाल ही में स्टेडियम को 30 साल की लीज पर संघ को सौंपा गया     यहां टेस्ट क्रिकेट की संभावनाएं भी इसी फैसले से मजबूत हुई हैं     फैंस को लंबे समय बाद इस प्रतिष्ठित मैदान पर टीम इंडिया को लाइव देखने का मौका मिलेगा मुकाबले में स्टेडियम हाउसफुल रहने का अनुमान मैच के लिए फैन्स की दीवानगी को देखते हुए उम्मीद है कि आने वाले दिनों में सभी टिकटें पूरी तरह बिक जाएंगी. आयोजनकर्ताओं का अनुमान है कि मुकाबले के दिन स्टेडियम खचाखच भरा होगा, और दर्शकों को बेहतरीन क्रिकेट का रोमांच देखने को मिलेगा.

मंत्री खुशवंत का कांग्रेस पर हमला, कहा घोटालों से जीती चुनाव, शैलेश त्रिवेदी बोले – पूरा देश जान रहा वोट चोर कौन

रायपुर एसआईआर को लेकर फिर प्रदेश में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कांग्रेस पर बड़ा आरोप लगाया कि सवाल वही उठाता है, जिसके मन में खोट होता है. वे (कांग्रेस) अच्छे काम में भी सवाल उठा रहे हैं. इससे ये प्रदर्शित होता है कि आज तक उन्होंने जितने चुनाव जीते हैं, घोटाले करके जीते हैं. कांग्रेस को इसलिए डर सता रहा है कि आने वाले समय में वे घोटाले कैसे करेंगे, गलत तरीके से चुनाव कैसे जीतेंगे? जनता इनके गलत काम पहचान चुकी है, जनता भाजपा के साथ है. इस बयान पर कांग्रेस के पूर्व संचार प्रमुख शैलेश नितिन त्रिवेदी ने पलटवार किया है. मंत्री खुशवंत के बयान पर शैलेश नितिन त्रिवेदी ने पलटवार करते हुए कहा कि पूरा देश जानता है कि निर्वाचन प्रक्रिया में कैसे छेड़छाड़ हो रही है, वोट चोरी हो रही है. बिहार में 65 लाख मतदाताओं के नाम काटे गए. खुद गलती करना और दोष कांग्रेस पर मढ़ना वाली स्थिति है. उन्होंने कहा कि देश में आज भाजपा की सरकार है. भाजपा नेताओं का कांग्रेस पर आरोप लगाना सबसे बेतुकी बात है. आज से बिजली बिल हाफ योजना लागू बिजली उपभोक्ताओं को आज से बिजली बिल हाफ योजना का लाभ दिया जाएगा. इसे लेकर मंत्री गुरु खुशवंत ने कहा कि आज से बिजली बिल हॉफ योजना का लाभ मिलेगा, गरीब और भी आगे बढ़ेंगे. लोग पीएम सूर्यघर योजना का लाभ भी ले सकते हैं. नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति को मंत्री ने बताया प्रोपोगेंडा कांग्रेस अपने नए जिलाध्यक्षों को ट्रेनिंग देने जा रही है. इसपर मंत्री गुरु खुशवंत ने कहा कि कांग्रेस कुछ भी कर ले, जनता का विश्वास खो चुकी है. नियुक्त किए गए नाम पहले से तय थे, यह सिर्फ प्रोपोगेंडा है. जनता कांग्रेस के भ्रष्टाचार को जान चुकी है.

दर वृद्धि का विरोध उग्र: पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर बरसाई लाठियाँ

दुर्ग शहर के पटेल चौक पर आज भूमि की गाइडलाइन दर और रजिस्ट्री दर में वृद्धि के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले लोगों ने चक्का जाम कर दिया। इस दौरान पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए लाठीचार्ज किया। प्रदर्शन का नेतृत्व मनोज राजपूत, बिल्डर्स एंड डेवलपर्स के संचालक द्वारा किया जा रहा था। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि नई गाइडलाइन दर और रजिस्ट्री दर में वृद्धि से आम जनता और छोटे व्यवसायियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। आज सुबह से ही कई वाहन मार्ग अवरुद्ध रहे, जिससे शहर के महत्वपूर्ण मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने पहले चेतावनी देने के बावजूद प्रदर्शनकारियों ने मार्ग खाली नहीं किया, जिसके बाद अधिकारियों ने कड़ी कार्रवाई करते हुए लाठीचार्ज किया। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों को मामूली चोटें आई हैं। इससे पहले भी यहां व्यापारियों का जोरदार प्रदर्शन देखने को मिला था, जब प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के काफिले को रोककर व्यापारियों ने विरोध जताया था। प्रशासन ने उस समय भी संयम बरतने और बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने की कोशिश की थी।

अवैध दवा भंडारण पर कोर्ट ने दिखाई सख्ती, एक को 3 साल, दूसरे को 6 महीने की जेल

 जांजगीर-चांपा जिले में बिना वैध अनुज्ञप्ति के दवाओं के भंडारण और संचालन से संबंधित दो मामलों में स्पेशल कोर्ट ने कठोर सजा सुनाई है. पहले मामले में आरोपी मनीष पूरन विश्वास को अधिनियम की धारा 18(ए) सहपठित धारा 28 के उल्लंघन में दोषी पाते हुए 6 महीने सश्रम कारावास और 20,000 रुपए अर्थदंड से दंडित किया गया. दूसरे मामले में आरोपी प्रणव दत्त पांडेय को धारा 18(ए), 18(सी) सहपठित धारा 28 और धारा 27(B)(i) के उल्लंघन में दोषी पाते हुए कुल 3 वर्ष और 6 महीने सश्रम कारावास की सजा सुनाई गई. वहीं 1,00,000 रुपए अर्थदंड से दंडित किया गया. विभाग ने स्पष्ट किया कि बिना वैध औषधि अनुज्ञप्ति के दवाओं का भंडारण और  बिक्री करना दंडनीय अपराध है। अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी. आमजन से अपील की गई है कि दवाइयां केवल लाइसेंस प्राप्त दुकानों से ही खरीदें. कोटपा अधिनियम का कड़ाई से पालन, चालानी कार्रवाई राज्य में COTPA Act, 2003 के प्रावधानों के सख्त अनुपालन के लिए महासमुंद, मनेन्द्रगढ़–भरतपुर–चिरमिरी और रायपुर जिले के औषधि निरीक्षकों ने पिछले सप्ताह धारा 4 और 6 के तहत विशेष कार्रवाई की है. स्कूल–कॉलेजों के आसपास तंबाकू बेचने वाले दुकानदारों और सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 18,700 रुपए अर्थदंड वसूल किया गया. विभाग ने कहा कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए ऐसी कार्रवाईयां आगे भी जारी रहेंगी.

मौसम में करवट: बादल घिरेंगे, कई इलाकों में आज होगी बरसात

रायपुर ऊपरी वायुमंडल में हवा के साथ आ रही नमी से छाए बादल दिन में ठंडक लेकर आए. अगले दो दिन तक इसी तरह की स्थिति रहने का अनुमान है. इस दौरान दिन का पारा चढ़ने से रात की ठंड में थोड़ी कमी आएगी. दिसंबर महीने की शुरुआत प्रदेश के कई इलाकों में हल्की बारिश और ठंडी के साथ होने की संभावना है. कई इलाकों में अलर्ट भी जारी किया गया है. आने वाले पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम में उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना है. रविवार को राज्य का 8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया. श्रीलंका चक्रवाती सिस्टम की वजह से राज्य में नमी का प्रवेश हो रहा है. इसके प्रभाव से रविवार को दिन में रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में बादल छा गए. धूप का प्रभाव कम होने से पारा नहीं चढ़ पाया और मौसम में थोड़ी ठंडकता महसूस हुई. राज्य में रात का औसत तापमान एक डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि नमी का प्रभाव एक दो दिन बने रहने की संभावना है. इससे रात के न्यूनतम तापमान में दो से पांच डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने के आसार हैं. इसके साथ दिसंबर के महीने में ठंड बढ़ने के साथ उतार-चढ़ाव की स्थिति भी बने रहने की संभावना है. पिछले चौबीस घंटे में राज्य का सबसे अधिक तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दुर्ग का रिकार्ड किया. वहीं न्यूनतम पारा अंबिकापुर का था. रायपुर का न्यूनतम तापमान 14.6 तथा अधिकतम पारा 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. इन क्षेत्रों में बारिश का अलर्ट मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर और दुर्ग में हलकी वर्षा की संभावना जताई है. यहां यलो अलर्ट जारी किया गया है. आज कैसा रहेगा राजधानी में मौसम? राजधानी में सुबह के वक्त बादल छाए हुए हैं, लोगों का अच्छी ठंडी महसूस हो रही है. मौसम विभाग ने आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई है. 24 घंटों में तापमान 16 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.

रायपुर में जुटेंगी भारत-दक्षिण अफ्रीका टीमें, कल तैयारी में जुटेंगे खिलाड़ी

रायपुर रांची में वनडे सीरिज की जीत के साथ शुरुआत करने के बाद टीम इंडिया सोमवार शाम को रायपुर पहुंचेगी. साथ ही दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी भी चार्टेड प्लेन से पहुचेंगे. इसके दूसरे दिन यानी 2 दिसंबर को दोपहर डेढ़ बजे दक्षिण अफ्रीका और शाम 5.30 बजे भारतीय टीम प्रैक्टिस सत्र में शामिल होगी. नवा रायपुर के शहीद वीर नारायाण सिंह स्टेडियम में 3 दिसंबर को वनडे सीरिज का दूसरा मुकाबला मैच खेला जाएगा. बीसीसीआई के क्यूरेटर्स ने मैच के लिए मैदान और पिच टेकओवर कर लिया है. क्यूरेटर्स ने रविवार को बताया कि रायपुर स्टेडियम की आउटफील्ड रांची स्टेडियम से तेज रहेगी, क्योंकि यहां मैदान में नियमित फर्टिलाइजर के उपयोग के साथ ही समय पर वाटरिंग और खुली धूप के कारण यह बेहतर बन चुका है. पिच बल्लेबाजी के लिए अनुकूल है. दूसरे सत्र में ओस के कारण यहां की बाद में गेंदबाजी करने वाली टीम को मुश्किल होगी. लक्ष्य बचाने उतरे गेंदबाजों को कड़ी परीक्षा से गुजरना पड़ सकता है. बीसीसीआई के क्यूरेटर्स आने के साथ ही छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के क्यूरेटर्स अभी पिच को बेहतर बनाने के लिए रोलिंग हल्के रोलर से कर रहे हैं. इसके बाद रात में ओस से बचाने के लिए इसे ढंका जा रहा है. यहां दोपहर 2 बजे की धूप सेंटर पिच नंबर 5 व 6 को दी जा रही है. स्टेडियम के पास काउंटर पर असमंजस बूढ़ातालाब किनारे इंडोर स्टेडियम में ऑनलाइन टिकट बुकिंग वालों को 2 दिसंबर की शाम तक ही फिजिकल टिकट मिल पाएगी. क्रिकेट संघ ने इसके बाद दर्शकों की सुविधा के लिए नवा रायपुर रेलवे स्टेशन के आसपास उपयुक्त जगह पर अस्थायी टिकट काउंटर खोलने की अनुमति नवा रायपुर विकास प्राधिकरण से मांगी थी. उसका जवाब अब तक नहीं आ पाया, इसलिए तीन दिसंबर को खुलने वाले काउंटर पर असमंजस की स्थिति बनी हुई है. पहली बार लगेगा स्पाइडर कैमरा रायपुर के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में बीसीसीआई की ब्रॉडकॉस्टिंग टीम ने मैदान के ऊपर बीचों-बीच स्पाइडर कैमरा लगाने की तैयारी शुरू कर दी है. इसी के साथ मैदान के चारों ओर लगभग 4 के अल्ट्रा क्वालिटी के 40 अतिरिक्त कैमरे भी लगाये जा रहे हैं. इसी प्रकार स्टेडियम के चारों ओर अधिकृत विज्ञापन एजेंसियों के बोर्ड बाउंड्री के पार लगाने का काम 1 दिसंबर को सुबह से शुरू कर दिया है.

क्रिकेट मैच की ब्लैक टिकट बिक्री का भंडाफोड़, दो युवक रंगे हाथों पकड़े गए

रायपुर रायपुर पुलिस ने 3 दिसंबर को होने वाले भारत-दक्षिण अफ्रिका मैच की टिकटें ब्लैक करते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. दोनों युवकों के पास से 2500 रुपए वाली 7 टिकटें बरामद की गई है, जिसे वह दोगुनी कीमत पर बेच रहे थे. मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है. मैच से पहले सभी थानों को टिकटों की कालाबाजारी की शिकायत को लेकर अधिकारियों ने तत्काल जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. सीएसपी सिविललाइंस रायपुर रमाकांत साहू ने जानकारी दी कि टिकटों की कालाबाजारी रोकने कई स्तरों पर तैयारी की गई है. लोगों से टिकट ब्लैक करने वालों के बारे में सूचना देने की अपील की गई है. पुलिस ने ग्राहक बनकर बुलाया था ब्लैकरों को गिरफ्तार आरोपियों के नाम ऋतिक माखीजा पिता दीपक माखीजा (25 वर्ष) और देवव्रत माखीजा पिता संजय माखीजा (21 वर्ष) बताए गए हैं. दोनों आरोपी फाफाडीह में अमित सेल्स के पास रहते हैं और रिश्तेदार बताए जा रहे हैं. शिकायत मिलने पर पुलिस के मुखबिर ने इनसे ग्राहक बनाकर फोन से संपर्क किया. 5 हजार रुपए में रेट तय होते ही आरोपी टिकट लेकर शंकरनगर में भारत माता चौक पहुंचे और सिविललाइंस थाने की टीम ने उन्हें दबोच लिया. दोनों फोन के जरिये ग्राहकों से संपर्क कर रहे थे.

छत्तीसगढ़ में राहत: आज से 200 यूनिट तक आधा बिजली बिल लागू

रायपुर छत्तीसगढ़ के लोगों को आज से सरकार बड़ी राहत देने जा रही है. आज से 200 यूनिट हाफ बिजली योजना होगी लागू. इससे लाखों बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलने वाली है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधानसभा के विशेष सत्र में इसकी घोषणा की थी. अगर कोई उपभोक्ता 201 यूनिट बिजली खपत करता है तो उसे इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जानकारी दी थी कि प्रदेश के ऐसे घरेलू उपभोक्ताओं जिनका 200 यूनिट तक विद्युत खपत है, उन्हें 200 यूनिट तक हाफ बिजली का पूरा लाभ प्राप्त होगा. इस निर्णय से राज्य के 36 लाख घरेलू उपभोक्ता सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे. 200 से 400 यूनिट तक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं को भी अगले 1 वर्ष तक 200 यूनिट तक हॉफ बिजली बिल का लाभ मिलेगा, इससे 6 लाख उपभोक्ता लाभान्वित होंगे. इन उपभोक्ताओं को 1 वर्ष तक की छूट दी गई है, ताकि इस अवधि में वे अपने घरों में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर प्लांट स्थापित करा सके. बता दें कि 4 महीने पहले यानी 1 अगस्त 2025 को राज्य सरकार ने बिजली बिल हाफ योजना पर बड़ा बदलाव किया था. पूर्व भूपेश सरकार के समय लागू हुई 400 यूनिट की सीमा को घटाकर 100 यूनिट कर दिया गया था. इसका सीधा असर लाखों परिवारों को पड़ा. हालांकि नई योजना के तहत आज से 200 यूनिट तक हाफ बिजली बिल योजना लागू कर दी गई है.

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू बोले— मुंगेली मेला बनी शहर की पहचान, पांचवें दिन दर्शकों की भारी भीड़

मुंगेली मुंगेली व्यापार मेला के पांचवें दिन रात्रि मेला देखने वाले लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। सभी स्टॉलों में खरीदारी करते लोगों को देखा गया। झूले का आनंद लेने लोगों में बहुत दिलचस्पी दिखी। रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत आरू साहू को देखने-सुनने के लिए आसपास के गांवों से भारी संख्या में लोगों का आगमन हुआ। आरू साहू के गीतों और उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत नृत्य का लोग देर रात तक लुत्फ उठाते रहे। मुंगेली व्यापार मेला के पांचवें दिन दोपहर में चित्रकला प्रतियोगिता संपन्न हुई। जिसमें जूनियर वर्ग के लिए ‘छत्तीसगढ़ महतारी’ एवं सीनियर वर्ग के लिए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसे विषय चित्रकारी करने के लिए दिए गए थे। सीनियर और जूनियर वर्ग की चित्रकला प्रतियोगिता में 100 से अधिक प्रतिभागियों ने अपनी सहभागिता निभाई। जिसमें जूनियर वर्ग प्रतियोगिता में समृद्धि तिवारी ने प्रथम, जिया साहू ने द्वितीय एवं अलंकृत सिंह ठाकुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सीनियर वर्ग में संदीप साहू ने प्रथम, समीर मिरी ने द्वितीय एवं रिया कश्यप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता के निर्णायक हिमांशु ताम्रकार एवं हरनीत कौर रहे। रात्रिकालीन मंचीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू की उपस्थिति रही। मां सरस्वती की पूजा–अर्चना के पश्चात अतिथियों का स्वागत संपन्न हुआ। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि मुंगेली व्यापार मेला का यह दसवां साल है। इसके लिए मैं स्टार्स ऑफ टुमॉरो की पूरी टीम को बधाई देता हूं। 40 स्टॉल से शुरू हुआ यह व्यापार मेला अब मुंगेली की पहचान बन चुका है। इतनी भारी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति यह बताती है कि व्यापार मेला अब लोगों के लिए महत्वपूर्ण हो गया है। मैं आयोजन टीम को बधाई देता हूं। इस अवसर पर जनपद पंचायत मुंगेली के पूर्व उपाध्यक्ष शिवप्रताप सिंह ने कहा कि हमने जो छोटा सा पौधा 10 वर्ष पहले लगाया था, आज वह विशाल वटवृक्ष के रूप में हमारे सामने दिखाई दे रहा है। मैं चाहता हूं कि यह निरंतर और बड़े स्वरूप में दिखाई दे। इस अवसर पर शिक्षाविद और समाजसेवी आकाश परिहार ने कहा कि मुंगेली व्यापार मेला का मैं 6 वर्ष तक सदस्य रहा और अब 4 वर्षों से संरक्षक के रूप में हूं। पर्यावरण के क्षेत्र में स्टार्स ऑफ टुमॉरो की टीम ने जो कार्य किया है वह प्रेरणादायक है। स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने का कार्य अतुलनीय है। मैं इस टीम को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित करता हूं। इसके पूर्व स्टार्स ऑफ टुमॉरो के अध्यक्ष महावीर सिंह ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। मुंगेली व्यापार मेला का उद्देश्य संयोजक रामपाल सिंह ने बताया। कार्यक्रम का शानदार संचालन सह-संयोजक रामशरण यादव ने किया और आभार प्रदर्शन कोषाध्यक्ष धनराज परिहार ने किया। तत्पश्चात बहुत ही आकर्षक कार्यक्रम मिस मुंगेली संपन्न हुआ। जिसमें लगभग 30 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा मंच पर प्रस्तुत की। मिस मुंगेली प्रतियोगिता में बेमेतरा की चित्रांशी यादव विजेता रहीं। इस प्रतियोगिता में फर्स्ट रनर-अप आकांक्षा पाटले एवं सेकेंड रनर-अप तनु गोस्वामी रहीं।

BLO से मारपीट मामला: रायपुर में महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज

रायपुर मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के दौरान बीएलओ के साथ अभद्रता और मारपीट का मामला अब औपचारिक शिकायत के बाद और गंभीर हो गया है. रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र में पीड़िता वंदना सोनी (54), निवासी शक्ति नगर उपरपारा, ने लिखित शिकायत दर्ज कराई है. वंदना सोनी विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 50 की बीएलओ हैं और मतदाता सूची सुधार कार्य कर रही थीं. जानकारी के मुताबिक, BLO वंदना सोनी एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता है. घटना के बाद उन्होंने आरोपी महिला के खिलाफ पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई. BLO ने महिला पर आरोप लगाया है कि जब वह अपने सहयोगियों (मितानिन, आंगनबाड़ी सहायिका) ईश्वरी तिवारी और रामेश्वरी देवांगन के साथ SIR का कार्य कर रही थीं, तभी मोबाइल नंबर 94252-86791 वाली महिला खम्हारडीह से वहां पहुंची और पहुंचते ही शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए उनके सहयोगियों, पति और बेटे के साथ गाली-गलौज की तथा हाथापाई करते हुए मुक्के मारे. वंदना ने बताया कि महिला ने पास में रखी रेत उठाकर फेंकी और उनके बेटे के साथ भी मारपीट की. बाद में मोहल्ले वालों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला. BLO की लिखित शिकायत: इससे पहले इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, जिसमें बीएलओ के साथ अभद्रता होती दिख रही है. लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की सुरक्षा और अधिकारियों की कार्य परिस्थितियों पर सवाल खड़े कर रही हैं. फिलहाल खम्हारडीह पुलिस ने घटना की शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है.