samacharsecretary.com

Jalandhar में अकेली महिला ने दो बदमाशों का किया मुकाबला

जालंधर. जालंधर देहात के किशनगढ़–कर्टारपुर रोड पर गांव फरीदपुर स्टॉप के पास दिनदहाड़े लूट की वारदात सामने आई है। कपूरथला निवासी ज्योति रानी एक्टिवा पर दुगरी गांव जा रही थीं। रास्ते में मोटरसाइकिल सवार दो लुटेरों ने उनका पीछा किया। महिला को शक होने पर वह फरीदपुर स्टॉप पर रुककर दुकान की ओर गईं, तभी एक लुटेरे ने उनका पर्स छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने तेजधार हथियार से हमला कर दिया। घायल होने के बावजूद महिला ने साहस दिखाया, लेकिन बदमाश हथियार दिखाकर पर्स लेकर फरार हो गए। पर्स में करीब 20 हजार रुपये की विदेशी मुद्रा, पासपोर्ट और जरूरी दस्तावेज थे। वारदात के दौरान आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और किसी ने मदद नहीं की। पुलिस चौकी किशनगढ़ के प्रभारी एएसआई राजेंद्र शर्मा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

CBSE Exam में रट्टा नहीं अब तर्क और समझ से मिलेंगे अंक

लुधियाना. सैंट्रल बोर्ड ऑफ सैकेंडरी एजुकेशन (सी.बी.एस.ई.) की बोर्ड परीक्षाओं में अब पारंपरिक यानी रटे-रटाए सवालों का युग समाप्त हो रहा है। बोर्ड ने अपनी मूल्यांकन पद्धति में क्रांतिकारी बदलाव करते हुए अब कॉम्पिटेंसी बेस्ड (योग्यता आधारित), केस बेस्ड और सोर्स बेस्ड इंटीग्रेटेड प्रश्नों पर अपना पूरा ध्यान केंद्रित किया है। इस नए बदलाव का उद्देश्य शिक्षा को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर उसे व्यावहारिक और विश्लेषणात्मक बनाना है। शिक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, अब प्रश्नपत्र इस तरह तैयार किए जा रहे हैं जो छात्र की सिर्फ याद्दाश्त का नहीं, बल्कि उनकी तर्क शक्ति, विश्लेषण क्षमता और किसी विशेष परिस्थिति को समझने की क्षमता का आकलन कर सकें। इस नए पैटर्न में ‘असर्शन-रीजन’ (कथन-कारण) आधारित सवालों की संख्या में भी उल्लेखनीय बढौतरी की गई है। कैमिस्ट्री, बायोलॉजी, अकाउंटेंसी और कक्षा 10वीं के अन्य महत्वपूर्ण विषयों में भी इसी तरह के चुनौतीपूर्ण और समझ पर आधारित प्रश्नों की प्रधानता रहेगी, ताकि छात्रों को विषय की गहराई तक ले जाया जा सके। विशेषज्ञों के अनुसार कॉम्पिटेंसी आधारित प्रश्नों को बढ़ाना आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। इससे छात्र रटने के बजाय कॉन्सेप्ट को बेहतर तरीके से समझेंगे। उन्होंने छात्रों को सुझाव दिया कि वे एन.सी.ई.आर.टी. के हर सिद्धांत को गहराई से पढ़ें, सैंपल पेपर हल करते समय प्रश्नों की भाषा और तर्क को समझें तथा प्रतिदिन केस-स्टडी आधारित प्रश्नों का अभ्यास करें।

मणिपुर में उग्रवादियों से लड़ते हुए पंजाब के सैनिक गुरप्रीत सिंह हुए शहीद

संगरूर. पंजाब के संगरूर जिले के गांव महलां चौक के रहने वाले सैनिक गुरप्रीत सिंह मणिपुर में ड्यूटी के दौरान उग्रवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में शहीद हो गए। बताया जा रहा है कि वे भारतीय सेना में तैनात थे और पिछले 21 वर्षों से देश की सेवा कर रहे थे। मणिपुर में चल रहे एक ऑपरेशन के दौरान आतंकियों की ओर से हुई। अचानक फायरिंग में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। साथियों ने उन्हें बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन उन्होंने मातृभूमि की रक्षा करते हुए वीरगति प्राप्त की। शहादत की खबर मिलते ही गांव महलां चौक सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और आसपास के इलाकों के लोग परिवार के घर पहुंचकर संवेदना जता रहे हैं। शहीद अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। परिवार में छाया मातम परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि गुरप्रीत सिंह मिलनसार, बहादुर और कर्तव्यनिष्ठ सैनिक थे, जिन्हें गांव का हर व्यक्ति सम्मान देता था। इस बीच शहादत को लेकर मुआवजे और सरकारी सहायता को लेकर चर्चा तेज हो गई है। नंबरदार यूनियन पंजाब के नेता रण सिंह मैहलां ने राज्य सरकार से मांग की है कि शहीद के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए और गांव में उनकी याद में स्मारक बनाया जाए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार शीघ्र घोषणा नहीं करती तो संगठन स्तर पर आवाज उठाई जाएगी। लोग वीर सपूत को अंतिम विर्दा देने की तैयारी में जुटे प्रशासन की ओर से एसडीएम दिड़बा ने जानकारी दी कि शहीद का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। क्षेत्र के लोग अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई देने की तैयारी में जुटे हैं। गुरप्रीत सिंह की शहादत ने एक बार फिर देश की सुरक्षा में तैनात जवानों के साहस और बलिदान को उजागर किया है।

केजरीवाल की VIP कल्चर पर घमासान, सुखपाल खैहरा का आरोप—पब्लिक मनी का हो रहा दुरुपयोग

पंजाब भुलत्थ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस MLA सुखपाल सिंह खैहरा ने आज मोहाली के फेज 8 में गुरुद्वारा अंब साहिब के पास खड़े होकर आम आदमी पार्टी सरकार और अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला। खैहरा ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार ने अरविंद केजरीवाल की 'फिजूलखर्ची' के लिए मोहाली में नया हेलीपैड और एक शानदार फाइव स्टार गेस्ट हाउस बनवाया है, जबकि राज्य पहले से ही भारी कर्ज में डूबा हुआ है। सुखपाल खैहरा ने सवाल उठाया कि जो राज्य साढ़े 4 लाख करोड़ रुपये के कर्ज में डूबा है और जहां सरकार वादे के मुताबिक सैलरी, DA की किश्तें और महिलाओं को एक हजार रुपये भी नहीं दे पाई है, वहां अरविंद केजरीवाल के लिए करोड़ों रुपये क्यों बर्बाद किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल न तो दिल्ली में MC हैं और न ही MLA, लेकिन पंजाब में वह 'सुपर VIP' की तरह रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास भवन को रेनोवेट करके एक शानदार गेस्ट हाउस में बदल दिया गया है, जिसके लिए सारे नियमों को ताक पर रखकर एक अलग VIP गेट भी बनाया गया है। हेलीपैड और सड़क तोड़फोड़ का मुद्दा खेहरा ने सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री के घर के बहुत पास पहले से ही एक सरकारी हेलीपैड है, तो फिर मोहाली में केजरीवाल के लिए नया हेलीपैड बनाने की क्या जरूरत थी? उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस हेलीपैड तक जल्दी पहुंचने के लिए सड़क के डिवाइडर भी तोड़ दिए गए हैं।   अपने घर की दीवार गिराने की कार्रवाई पर बोलते हुए खैहरा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान बदले की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुलविंदर सिंह रंधावा नाम के एक 'भ्रष्ट' अधिकारी (BDPO) का इस्तेमाल उनके घर की दीवार गिराने के लिए किया गया, जिस पर पहले से ही लाखों रुपये के गबन के मामले हैं। खैहरा के मुताबिक, ऐसे दागी अधिकारियों को सिर्फ इसलिए नियुक्त किया जा रहा है ताकि वे विरोधियों के खिलाफ कार्रवाई कर सकें। किसानों पर ज़ुल्म और कानून-व्यवस्था पर सवाल सुखपाल खैहरा ने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी सवाल उठाए और कहा कि सरकार किसानों पर बेरहमी से ज़ुल्म कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब में ड्रग्स और गैंगस्टर बढ़ रहे हैं लेकिन सरकार का पूरा ध्यान विरोधी पार्टियों को दबाने और अपने आकाओं के लिए VIP सुविधाएं पक्की करने पर है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार इन गड़बड़ियों पर जवाब नहीं देती है, तो पंजाब के लोग 2027 में इसका करारा जवाब देंगे।

जिमखाना चुनावों की तारीख तय होगी 14 मार्च को? AGM बैठक पर टिकी नजरें

जालंधर जालंधर जिमखाना क्लब की वार्षिक सामान्य सभा (AGM) इस बार 14 मार्च को आयोजित होने जा रही है, और इसे क्लब की प्रमुख घटनाओं में से एक माना जा रहा है। AGM में लंबे समय से प्रतीक्षित क्लब चुनावों की तारीख की घोषणा की जाएगी। अनुमान है कि मतदान अप्रैल के अंतिम सप्ताह तक हो सकते हैं, क्योंकि नियम के अनुसार चुनाव AGM के 45 दिनों के भीतर करवाए जाने जरूरी हैं। क्लब के परिसर में हाल ही में आयोजित प्रबंधन बैठक में वरिष्ठ पदाधिकारी और डिविजनल कमिश्नर मौजूद थे, जहां AGM की तारीख तय की गई। क्लब में वर्तमान में लगभग 4,320 सदस्य हैं, जिनकी संख्या अधिकतम 4,400 तक सीमित है। शहर के प्रतिष्ठित परिवार और उच्च अधिकारियों के जुड़ाव के कारण जिमखाना क्लब के चुनाव हमेशा से ही विशेष ध्यान का केंद्र रहे हैं। इस बार भी सभी की नजरें 14 मार्च पर टिकी हुई हैं।

पंजाब में रात और सुबह हो रहा गुलाबी ठंड का एहसास

चंडीगढ़. मौसम विज्ञान विभाग, चंडीगढ़ ने 25 फरवरी 2026 के लिए मौसम का पूर्वानुमान जारी कर दिया है। IMD के मुताबिक, इस हफ्ते (28 फरवरी) तक राज्य में कोई खास बारिश नहीं होगी। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार तक राज्य में तापमान नॉर्मल रहने की संभावना है। प्रदेश में इन दिनों दिन में ठंड बिल्कुल खत्म हो गई है। हालांकि, रात और सुबह से समय गुलाबी ठंड का एहसास होता है। गेहूं की फसल के लिए खतरे की घंटी पंजाब के तापमान में लगातार होने वाली बढ़ोतरी गेहूं की फसल के लिए खतरे की घंटी बन सकती है, जिससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। किसानों को होने वाले नुकसान से बचाने के लिए पंजाब कृषि विश्व विद्यालय (पीएयू) लुधियाना के निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. मखन सिंह भुल्लर द्वारा एडवाइजरी जारी की गई है। डॉ. भुल्लर का कहना है कि पंजाब अंदर 25 अक्टूबर से 15 नवंबर के बीच सीजन दौरान 95 प्रतिशत रकबे में किसानों द्वारा गेहूं की बिजाई की गई है। उनके अनुसार, फसल में जब दाना पड़ने का समय आता है तो फसल के लिए उच्च तापमान काफी संवेदनशील होता है। क्योंकि इस दौरान बढ़े तापमान का गेहूं के दाने के वजन पर बुरा असर पड़ता है, जिसके चलते फसल का झाड़ व गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। गेहूं की फसल को हल्का पानी लगाने की सलाह डॉ. भुल्लर के अनुसार, हल्की व दरमियानी जमीन पर एडवांस बिजाई वाली गेहूं की फसल के सिट्टे अधिक तापमान के कारण समय से पहले पक जाते हैं, जिसके चलते दाना कमजोर रह जाता है। उन्होंने बताया कि फरवरी 2026 के दूसरे सप्ताह के दौरान पिछले वर्ष की तुलना में इस बार तापमान में दो से चार डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जोकि फसल के लिए चिंताजनक है। उन्होंने वर्तमान हालातों को देखते हुए किसानों को गेहूं की फसल को हल्का पानी लगाने की सलाह दी। इसके साथ विशेष रूप से कहा कि सिंचाई करते वक्त हवा के रुख का ध्यान जरूर रखा जाए ताकि फसल को गिरने से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि सतर्कता से होने वाले नुकसान से बचा जा सकता है।

बिजली बिल न भरने वालों के काटे जा रहे कनेक्शन

चंडीगढ़/जीरकपुर. बिजली बिल न भरने वाले कंज्यूमर्स के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए पावरकॉम ने एक खास मुहिम शुरू की है। नवंबर 2025 तक बकाया बिल जमा न कराने वाले कंज्यूमर्स के कनेक्शन रोजाना काटे जा रहे हैं। डिपार्टमेंट ने साफ कर दिया है कि बकाया रकम जमा कराए बिना कोई राहत नहीं दी जाएगी। ऑफिशियल सूत्रों के मुताबिक, 31 जनवरी 2026 तक इलाके के कंज्यूमर्स पर करीब 62.5 करोड़ रुपये बकाया थे। इस भारी बकाए को देखते हुए फरवरी की शुरुआत से ही रिकवरी मुहिम तेज कर दी गई थी। 1 फरवरी से अब तक करीब 2.5 करोड़ रुपये वसूले जा चुके हैं। डिपार्टमेंट का टारगेट 31 मार्च तक 20 करोड़ रुपये वसूलना है। अधिकारियों का दावा है कि आने वाले दिनों में यह आंकड़ा और बढ़ेगा। पावरकॉम अधिकारियों के मुताबिक, डिफॉल्टर्स में बड़े बिल्डर्स से लेकर छोटे घरेलू कंज्यूमर्स तक शामिल हैं। कई मामलों में तो लंबे समय से बिल जमा नहीं कराए गए थे, जिससे डिपार्टमेंट की फाइनेंशियल हालत पर असर पड़ रहा था। डिपार्टमेंट की टीमें अलग-अलग इलाकों में भेजी जा रही हैं, जो मौके पर जाकर बकाया बिल चेक कर रही हैं और पेमेंट न करने पर तुरंत कनेक्शन काट रही हैं। अधिकारियों ने कंज्यूमर्स से अपील की है कि वे अपना बकाया समय पर जमा कर दें ताकि कनेक्शन काटने की कार्रवाई से बचा जा सके। डिपार्टमेंट का कहना है कि यह कैंपेन पूरी ट्रांसपेरेंसी के साथ चलाया जा रहा है और किसी भी लेवल पर कोई भेदभाव नहीं होगा। लाखों रुपये बकाया छोड़कर गायब बिल्डर्स पर नजर पहले भी शहर में S प्लस फ्लैट बनाने की होड़ में कई बाहरी लोगों ने टेम्परेरी मीटर लेकर कंस्ट्रक्शन का काम शुरू कर दिया था। अब खबर मिली है कि ऐसे कई छोटे बिल्डर्स पावरकॉम का लाखों रुपये बकाया छोड़कर गायब हो गए हैं या किसी दूसरी फर्म के नाम पर नए कनेक्शन लेकर काम कर रहे हैं। पावरकॉम ने साफ किया है कि मामलों की जांच की जा रही है और संदिग्ध कंज्यूमर्स पर खास नजर रखी जा रही है। बकाया वसूलने के लिए सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। एक हफ़्ते में 100 से ज़्यादा कनेक्शन काटे गए: रक्ष भाटिया SDO राकेश भाटिया ने बताया कि पावरकॉम कर्मचारियों की हाल ही में हुई हड़ताल को देखते हुए शहर के कई कंज्यूमर्स ने डिपार्टमेंट की कार्रवाई को हल्के में लिया था और समय पर बिजली बिल जमा नहीं किए थे, लेकिन अब डिपार्टमेंट ने साफ़ कर दिया है कि इस मामले में कोई ढील नहीं दी जाएगी। पिछले एक हफ़्ते से एक स्पेशल कैंपेन चलाया जा रहा है, जिसके दौरान 100 से ज़्यादा डिफॉल्टर कंज्यूमर्स के बिजली कनेक्शन काटे गए हैं, जिन कंज्यूमर्स ने बकाया रकम जमा कर दी है, उनके कनेक्शन नियमानुसार दोबारा जोड़े जा रहे हैं। कंज्यूमर्स से रिक्वेस्ट है कि वे बिना देर किए अपने बिजली बिल जमा करें। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि एक बार कनेक्शन कटने के बाद पूरी बकाया रकम जमा होने के बाद ही सप्लाई बहाल की जाएगी। 31 मार्च तक 20 करोड़ रुपये वसूलने का टारगेट: हेमंत कुमार SDO हेमंत कुमार ने बताया कि पावरकॉम की तरफ से बकाया रकम वसूलने के लिए चलाए जा रहे स्पेशल कैंपेन को शहर में बड़ा सपोर्ट मिल रहा है। पिछले 20 दिनों में पावरकॉम के अकाउंट में करीब 2.5 करोड़ रुपये जमा हो चुके हैं। जीरकपुर सर्कल के कंज्यूमर्स पर कुल 62 करोड़ रुपये से ज्यादा का बकाया था, जिसमें से अब तक 2.5 करोड़ रुपये वसूले जा चुके हैं। डिपार्टमेंट ने 31 मार्च तक 20 करोड़ रुपये और वसूलने का टारगेट रखा है और दावा किया गया है कि यह टारगेट तय समय से पहले ही हासिल कर लिया गया है। अभी सिर्फ उन्हीं कंज्यूमर्स पर एक्शन लिया जा रहा है, जिनका 30 नवंबर 2025 तक का बकाया है। जो लोग समय पर बिल जमा करेंगे, उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।

चंडीगढ़ जनगणना 2027 में 16 अप्रैल से होगी स्व-गणना

चंडीगढ़. चंडीगढ़ प्रशासन ने केंद्र शासित प्रदेश में भारत की जनगणना 2027 के तहत मकानों की सूची तैयार करने पर स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) के काम के लिए ऑफिशियल शेड्यूल नोटिफाई कर दिया है। प्रशासन की तरफ से जारी ऑर्डर के मुताबिक, शहर में सेल्फ-एन्यूमरेशन (स्व-जनगणना) प्रोसेस 16 अप्रैल, 2026 से शुरू होगा, जबकि मकानों की सूची तैयार करने का काम मई महीने में पूरा हो जाएगा। यह फैसला गृह मंत्रालय के रजिस्ट्रार जनरल और जनगणना कमिश्नर ऑफिस की तरफ से जारी नोटिफिकेशन के तहत लिया गया है। विवरण के मुताबिक, गृह मंत्रलाय की तरफ से  7 जनवरी, 2026 को जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, चंडीगढ़ प्रशासन ने इसे केंद्र शासित प्रदेश के असाधारण गजट में दोबारा पब्लिश किया है। इसके तहत स्व-गणना की प्रक्रिया 16 अप्रैल, 2026 से 30 अप्रैल, 2026 तक चलेगी। इसके तुरंत बाद, पूरे केंद्र शासित प्रदेश में घरों की लिस्ट बनाने का काम 1 मई, 2026 से 30 मई, 2026 तक चलेगा। 

गुरदासपुर में दो पुलिसकर्मियों के हत्यारे बदमाश का एनकाउंटर

गुरदासपुर. गांव आदियां स्थित पुलिस चेक पोस्ट पर तैनात दो पुलिस कर्मियों की बेरहमी से हत्या के मामले में आरोपित रणजीत सिंह निवासी आदियां को बुधवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया गया। मुठभेड़ में आरोपित जख्मी हो गया, जिसने अस्पताल में दम तोड़ दिया। यह मुठभेड़ बुधवार सुबह हुई, जब पुलिस टीम आरोपित रणजीत सिंह की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। घायल अवस्था में उसे तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रणजीत सिंह शनिवार-रविवार की दरमियानी रात आदियां पुलिस चेक पोस्ट पर हुए हमले में शामिल था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वहां तैनात होमगार्ड जवान अशोक कुमार और एएसआई गुरनाम सिंह की गोलियों से हत्या कर दी थी। इस वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल था और पुलिस पर सख्त कार्रवाई का दबाव था। पुलिस ने मंगलवार को ही इस केस के एक अन्य आरोपित दिलावर सिंह निवासी आलीनंगल को गिरफ्तार कर लिया था। दिलावर सिंह की पूछताछ में ही रणजीत सिंह और उसके दूसरे साथी इंद्रजीत सिंह निवासी आदियां के बारे में अहम सुराग हाथ लगे थे। दिलावर ने बताया था कि रणजीत और इंद्रजीत भी हत्या में शामिल थे। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने दोनों की धरपकड़ के लिए अभियान तेज कर दिया था।

CM मान बोले- ‘दशकों तक पंजाब के बच्चों को जानबूझकर अनपढ़ रखा’

मानसा. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि शिअद और कांग्रेस ने अपने दशकों के शासन के दौरान जानबूझकर पंजाब के बच्चों को अनपढ़ रखा, जबकि राजनीतिक परिवार फलते-फूलते रहे। इन पार्टियों को लोगों की तरक्की की नहीं, बल्कि अपने बेटा-बेटी व रिश्तेदारों के लिए सत्ता हासिल करने की चिंता थी। सरदूलगढ़ के गांव साहनेवाली में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आइटीआइ) का नींवपत्थर रखने के बाद संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संस्थान हर वर्ष 240 विद्यार्थियों को हुनरमंद बनाएगा। मान ने कहा कि भाजपा दलबदलुओं पर निर्भर है। अकाली दल और कांग्रेस पुराने इंजन वह अन्य पार्टियों के नेताओं की मदद से पंजाब में चुनाव जीतने का सपना देख रही है, लेकिन यह सपना ही रह जाएगा। सीएम ने कहा, आप सरकार पंजाब के विकास के लिए अरविंद केजरीवाल के नए इंजन पर चल रही है, जबकि भाजपा, अकाली दल और कांग्रेस के इंजन पुराने हो चुके हैं और सूबे को आगे बढ़ाने के सक्षम नहीं हैं।