samacharsecretary.com

मादक पदार्थ चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार, सवा 2 लाख का माल बरामद

क्राइम ब्रांच ने इंद्रानगर इलाके से आरोपी को दबोचा भोपाल। राजधानी की क्राइम ब्रांच टीम ने एक मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास अवैध रूप से रखी चरस जब्त की है। जब्त हुए मादक पदार्थ की कीमत करीब सवा दो लाख रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली कि इंद्रानगर पंप हाउस के पास बैरागढ़ में एक व्यक्ति मादक पदार्थ चरस लेकर बिक्री के लिए किसी ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की और बताए गए संदेही युवक को हिरासत में लिया।पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम रंजीत मारन उर्फ भूरा (23) निवासी ग्राम बिसनखेड़ी थाना गांधी नगर, हाल पता बैरागढ़ बताया। आरोपी की तलाशी लेने पर पुलिस को उसके पास से 210 ग्राम चरस बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब सवा दो लाख रुपये बताई गई है। आरोपी को गिरफ्तार करने में एसआई इरशाद अंसारी, एएसआई मोहम्मद सादिक, हेड कांस्टेबल विश्वजीत भार्गव, मुजफ्फर अली, आरक्षक नीरज यादव, आनंद पाण्डेय, मुकेश शर्मा, विवेक नामदेव, मनीष कौरव, रणधीर और महिला आरक्षक संध्या शर्मा की सराहनीय भूमिका रही है।

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने करनपठार थाने में सौंपा ज्ञापन

शराब ठेकेदार के कर्मचारियों पर आदिवासी युवतियों से छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप अनूपपुर /राजेन्द्रग्राम थाना करनपठार क्षेत्र अंतर्गत लीला टोला में संचालित शराब दुकान को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी युवा मोर्चा जिला अनूपपुर (म.प्र.) के जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह टेकाम ने थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर शराब ठेकेदार वीरेंद्र राय के कर्मचारियों पर आदिवासी युवतियों के साथ अभद्र तरीके से छेड़छाड़ और उनके परिजनों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। शिकायत पत्र के अनुसार घटना दिनांक 13 फरवरी 2026 की दरमियानी रात लगभग 1:30 बजे की बताई गई है। पत्र में उल्लेख है कि खेमली देवी मरावी (पिता बलम सिंह) एवं नीलम देवी मरावी (पिता कैलाश सिंह) शहडोल से बस द्वारा लीला पहुंची थीं। बस से उतरने के बाद दोनों युवतियां अपने परिजनों का इंतजार कर रही थीं, इसी दौरान शराब ठेकेदार वीरेंद्र राय के कर्मचारी वहां पहुंचे और कथित रूप से दोनों के साथ गलत तरीके से छेड़छाड़ करने लगे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विरोध करने पर दोनों युवतियों को पकड़कर खेत की ओर झाड़ियों में ले जाने का प्रयास किया गया तथा उन्हें जबरदस्ती बोलेरो वाहन में बैठाने की कोशिश की गई। इसी समय युवतियों के चाचा और भाई मौके पर पहुंचे और जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उनके साथ बेरहमी से लाठी-डंडों से मारपीट की गई। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के अनुसार इस मारपीट में प्रेम शंकर सिंह एवं पोषन कुमार को गंभीर चोटें आई हैं। जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह टेकाम ने पुलिस से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। शिकायत पत्र में लीला टोला में संचालित शराब दुकान की विधिवत जांच कराने की भी मांग की गई है। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया है कि शराब ठेकेदार वीरेंद्र राय द्वारा पूरे पुष्पराजगढ़ क्षेत्र में अवैध रूप से पैकारी के माध्यम से शराब बिक्री कराई जा रही है, जिस पर तत्काल रोक लगाई जाए। पत्र में यह भी कहा गया है कि यदि जनहित की मांगों पर त्वरित कार्रवाई नहीं की गई, तो गोंडवाना गणतंत्र पार्टी आंदोलन के लिए बाध्य होगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने में ऐ रहे मौजूद प्रदेश उपाध्यक्ष गोंडवाना गणतंत्र पार्टी, जिला अध्यक्ष दुर्गा सिंह कोर्राम,युवा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह टेकाम,चंद्रिका सिंह मरकाम,महेश कुशराम,मान  सिंह मरकाम,सहित संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे l

चौहान ने कहा, योजनाओं का लाभ पात्रों तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए

पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध और पारदर्शी प्रक्रिया से मिले योजनाओं का लाभ – मंत्री  चौहान अनुसूचित जाति कल्याण विभाग की विभागीय परामर्शदात्री समिति की बैठक हुई आयोजित भोपाल  अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री  नागर सिंह चौहान ने निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से उपलब्ध कराया जाए और छात्रावासों की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ कर विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएँ सुनिश्चित की जाएँ। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग एवं फील्ड स्तर पर सतत समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।मंत्री  चौहान अनुसूचित जाति कल्याण विभाग की विभागीय परामर्शदात्री समिति की बैठक ले रहे थे। बैठक में समिति के सदस्य जतारा विधायक  हरिशंकर खटीक, पानसेमल विधायक  श्याम बरडे, प्रमुख सचिव अनुसूचित जाति कल्याण  ई. रमेश कुमार और आयुक्त  सौरभ के. सुमन सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में अनुसूचित जाति वर्ग के समग्र विकास के लिए विभिन्न  योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।विधायकगण द्वारा जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन को और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में सुझाव प्रस्तुत किए गए।बैठक में अनुसूचित जाति बस्ती विकास,भवन विहीन छात्रावासों के निर्माण, छात्रावासों के रख-रखाव एवं अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण, विभाग में रिक्त पदों की पूर्ति, प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति, विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति, स्वरोजगार योजनाएँ और सिविल सेवा प्रोत्साहन राशि जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा, सीएचसी को एफआरयू में अपग्रेड करने के लिए पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध कराया जाए

सीएचसी को एफआरयू के रूप में उन्नत करने के लिए मैनपावर की उपलब्धता सुनिश्चित करें: उप मुख्यमंत्री  शुक्ल भोपाल उप मुख्यमंत्री  राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय में प्रदेश की स्वास्थ्य अधोसंरचना के विकास और चिकित्सा सेवाओं के सुदृढ़ीकरण से संबंधित विभिन्न तकनीकी एवं प्रशासनिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उप मुख्यमंत्री  शुक्ल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को फर्स्ट रेफरल यूनिट (एफआरयू) के रूप में उन्नत करने के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि इन इकाइयों में चिकित्सकीय एवं सहायक चिकित्सकीय मैनपावर की उपलब्धता प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए एफआरयू का सुचारू संचालन अत्यंत आवश्यक है। चयनित मैनपावर की समयबद्ध जॉइनिंग के निर्देश उप मुख्यमंत्री  शुक्ल ने चयनित हो चुके स्टाफ की जॉइनिंग प्रक्रिया को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि अस्पतालों में मानव संसाधन की कमी को दूर कर सेवाओं को और बेहतर बनाया जा सके।बैठक में स्वास्थ्य जांच की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए प्रदेश की टेस्टिंग लैब्स के सुदृढ़ीकरण कार्यों पर भी चर्चा हुई। उप मुख्यमंत्री  शुक्ल ने आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता और पैथोलॉजी सेवाओं के विस्तार हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर मुख्य सचिव  अशोक बर्नवाल, आयुक्त  धनराजू एस सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।  

कुबेरेश्वर धाम में हुई ग्रीन शिवरात्रि, पंडित प्रदीप मिश्रा के मार्गदर्शन में शिवभक्तों ने लगाए पौधे

सीहोर कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के पावन सानिध्य में इस साल महाशिवरात्रि के मौके पर कुबेरेश्वर धाम में एक अनूठा और पर्यावरण-हितैषी 'ग्रीन शिवरात्रि महोत्सव' का आयोजन किया गया. माना जाता है कि शिव प्रकृति के देवता हैं और इस बार कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने ग्रीन शिवरात्रि मनाने का आह्वान किया था.  महाशिवरात्रि पर प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के कुबेरेश्वर धाम में शिवभक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी. बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचे, हर हाथ में एक पौधा है और मकसद है पर्यावरण संरक्षण. शिवभक्तों ने मदिर परिसर में शिवरात्रि पर आरती के बाद पूरे विधि विधान से पौधे लगाए. आध्यात्मिकता को प्रकृति संरक्षण से जोड़ने का सराहनीय प्रयास यह आयोजन आध्यात्मिकता को प्रकृति संरक्षण से जोड़ने का एक सराहनीय प्रयास है. एक करोड़ पौधे लगाने का संकल्प लिया है, उन्होंने सभी लोगों से पौधे लगाने की अपील की है. श्रद्धालुओं ने यहां पर बेल और शमी के पौधे लगाए. इनका कहना है कि प्रकृति से ही हमारा अस्तित्व है, आज वातावरण प्रदूषण सबसे बड़ी समस्या है इसलिए ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाना जरूरी हो गया है.  ज्योतिर्लिंग गार्डन की स्थापना इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण 'ज्योतिर्लिंग गार्डन' की स्थापना है. पंडित प्रदीप मिश्रा द्वारा परिसर में 12 विशेष पौधे रोपे जाएंगे जो भारत के 12 ज्योतिर्लिंगों का प्रतिनिधित्व करेंगे. इन पौधों को धाम से उनकी वास्तविक भौगोलिक दूरी के आधार पर स्केल डिस्टेंस पद्धति से रोपित किया जाएगा. प्रमुख दूरियां (किलोमीटर में)     श्री महाकालेश्वर: 127.00 किमी     श्री ओंकारेश्वर: 135.00 किमी     श्री केदारनाथ: 864.00 किमी     श्री रामेश्वरम: 1557.00 किमी पर्यावरण संरक्षण के तीन मुख्य संकल्प आयोजन के दौरान तीन प्रमुख बिंदुओं पर विशेष बल दिया जा रहा है.      बेलपत्र पौधारोपण: प्रकृति की सेवा हेतु धाम में व्यापक स्तर पर बेलपत्र के पौधे लगाए जाएंगे.     अभिषेक जल का सदुपयोग: शिवलिंग पर अर्पित किए गए जल को व्यर्थ बहने से रोककर उसे भूगर्भ जल पुनर्भरण और पौधों की सिंचाई हेतु उपयोग में लाया जाएगा.     वैज्ञानिक निर्माल्य विसर्जन: पूजा के बाद एकत्रित फूलों और बेलपत्रों (निर्माल्य) को नदियों में विसर्जित करने के बजाय उनसे जैविक खाद बनाई जाएगी.  बेटी और बहू के सम्मान का संदेश  पंडित मिश्रा ने सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार करते हुए कहा कि बेटी आपके पुण्यों की रसीद है.' उन्होंने एक नया नारा देते हुए कहा, ''अब केवल 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ ही नहीं बल्कि 'बहू पढ़ाओ, देश बचाओ के संकल्प की आवश्यकता है. जिस घर में बेटी और बहू का सम्मान होता है, वहां दरिद्रता कभी नहीं आती.'' जल संरक्षण की सीख पर्यावरण के प्रति सचेत करते हुए उन्होंने कहा कि शादियों में पानी की बर्बादी रोकना अनिवार्य है. पानी की बोतलों पर लिखा होना चाहिए कि 'मैं जल हूं, आने वाला कल हूं. अगर हमने आज जल का सम्मान नहीं किया, तो भविष्य में इसके लिए तरसना पड़ेगा.''

राज्यपाल पटेल से केरल के पार्षदों की मुलाकात, राजधानी के स्वच्छता मॉडल की सराहना

राज्यपाल  पटेल से केरल राज्य के पार्षदगणों ने की मुलाकात राजधानी के स्वच्छता प्रबंधन कार्यों की सराहना की भोपाल  राज्यपाल  मंगुभाई पटेल से रविवार को लोकभवन में केरल राज्य के विभिन्न स्थानीय निकायों के पार्षद एवं जनप्रतिनिधियों ने शिष्टाचार भेंट की। राज्यपाल  पटेल ने सभी का आत्मीय स्वागत कर परिचय प्राप्त किया। उनके क्षेत्र के राजनैतिक और प्रशासनिक नवाचारों की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी भी मौजूद थे। राज्यपाल  पटेल ने कहा कि मध्यप्रदेश के भ्रमण पर आए केरल के जनप्रतिनिधि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के “सबका साथ-सबका विकास” के मंत्र के साथ समाज और राष्ट्र की सेवा करें। प्रदेश सरकार के अनुकरणीय नवाचारों और भ्रमण के अनुभवों को अपने क्षेत्रों में जनकल्याणकारी और विकासात्मक कार्यों  में लागू करें। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं को अंतिम पंक्ति तक पहुँचाने में आपकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी से स्थानीय शासन को और अधिक प्रभावी बनाएं। हमेशा गरीब, वंचितों और जरूरतमंदों की सेवा के संकल्प का पालन करें। राज्यपाल  पटेल से केरल के जनप्रतिनिधियों ने मध्यप्रदेश भ्रमण के अनुभव साझा किए। देश की स्वच्छतम राजधानी के रूप में भोपाल के सफ़ाई प्रबन्धन की सराहना की। प्रदेश के जल प्रबन्धन, स्मार्ट सिटी परियोजना, कचरा निस्तारण, सौर ऊर्जा आदि की चर्चा की। शिष्टाचार भेंट कार्यक्रम में राजभवन के अधिकारी और प्रदेश में निवासरत मलयाली समाज के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।  

खंडेलवाल परिवार में शादी का माहौल, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के बेटे वरद की हुई सगाई, दुल्हन की पहचान

बैतूल   बैतूल गंज के लैंडमार्क होटल के मालिक संजय मिलानी की बेटी आशी से होगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल, आरडी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के डायरेक्टर रितु खंडेलवाल के सुपुत्र, भारतीय एग्रो क्लस्टर के डायरेक्टर वरद खंडेलवाल शीघ्र परिणयसूत्र में बंधने वाले हैं। लैंडमार्क होटल के संचालक संजय मिराणी एवं ममता मिराणी की सुपुत्री आशी के साथ उनका वैवाहिक रिश्ता तय हुआ। लैंडमार्क होटल परिसर स्थित मिराणी निवास में नितांत पारिवारिक कार्यक्रम में दोनों परिवारों के चुनिंदा सदस्यों की मौजूदगी में वरद–आशी की रोका सेरेमनी की गई। दोनों परिवारों के शुभचिंतकों और इष्टमित्रों, सामाजिक बंधुओं ने फोन कर खंडेलवाल और मिराणी परिवार को शुभकामनाएं दी। जल्द ही विवाह की तिथि तय कर परिणय बंधन का कार्यक्रम किया जाएगा।

भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराकर बनाई सुपर-8 में जगह, धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, ‘बाप तो बाप होता है…’

छतरपुर  आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC Men's T20 World Cup 2026) में भारत की पाकिस्तान पर शानदार जीत के बाद बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर बागेश्वर महाराज धीरेंद्र शास्त्री ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि जैसे ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना ने दुश्मनों को जवाब दिया था, वैसे ही अब क्रिकेट के मैदान पर भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है. बागेश्वर महाराज ने कहा, 'आखिर बाप तो बाप होता है.'  भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराया कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में रविवार को खेले गए टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराकर सुपर-8 में जगह बना ली. इस हाई-वोल्टेज मैच में ईशान किशन की विस्फोटक बल्लेबाजी और जसप्रीत बुमराह की धारदार गेंदबाजी जीत की सबसे बड़ी वजह रही. भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन बनाए पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन बनाए. मुश्किल पिच पर ईशान किशन ने 40 गेंदों में 77 रनों की शानदार पारी खेली. उन्होंने तिलक वर्मा (11) के साथ दूसरे विकेट के लिए 87 रन जोड़े. ईशान ने 27 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और पाकिस्तानी स्पिनरों की जमकर धुनाई की. हालांकि 15वें ओवर में सैम अयूब ने उन्हें बोल्ड कर भारत को बड़ा झटका दिया. बाद के ओवरों में तिलक (25), हार्दिक पांड्या (0) जल्दी आउट हो गए, जिससे स्कोर 126/2 से 126/4 हो गया. कप्तान सूर्यकुमार यादव (32) और शिवम दुबे (27) ने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए टीम को 150 के पार पहुंचाया. अंतिम ओवर में शाहीन अफरीदी के खिलाफ दुबे और रिंकू सिंह ने 15 रन बटोरकर भारत को 175 तक पहुंचाया. पाकिस्तान की टीम शुरुआत से ही दबाव में आई 176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम शुरुआत से ही दबाव में आ गई. हार्दिक पांड्या ने पहले ही ओवर में साहिबजादा फरहान को आउट किया. इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने सैम अयूब और सलमान अली आगा को पवेलियन भेज दिया. बाबर आजम भी अक्षर पटेल की गेंद पर आउट हो गए. पावरप्ले में पाकिस्तान 38/4 पर सिमट गया, जबकि भारत ने 52/1 बनाए थे. बीच के ओवरों में कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, तिलक वर्मा और वरुण चक्रवर्ती ने कसकर गेंदबाजी की. पाकिस्तान की पूरी टीम 18 ओवर में 114 रन पर ढेर हो गई. बुमराह (2/17) और हार्दिक (2/16) सबसे सफल गेंदबाज रहे. टी20 वर्ल्ड कप में भारत की पाकिस्तान पर यह 9 मैचों में 8वीं जीत है. इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में अपना दबदबा बरकरार रखा.

1 करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी का आरोपी – जमानत खारिज

बड़वानी जिला एवं सत्र न्यायालय बड़वानी ने करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में आरोपी की जमानत याचिका खारिज कर दी है। प्रकरण पुलिस थाना अंजड़ का है, जिसमें अपराध क्रमांक 444/2025 के तहत धारा 406, 420, 409, 201 भा.दं.सं. में मामला दर्ज है। अदालत के समक्ष प्रस्तुत दस्तावेजों के अनुसार आरोपी पर अलग-अलग व्यक्तियों से सोना-चांदी व्यापार एवं निवेश के नाम पर लगभग 1,01,52,000 रुपये से अधिक की राशि प्राप्त कर धोखाधड़ी करने का आरोप है। प्रकरण में बताया गया कि आरोपी ने कई ग्रामीणों और व्यापारियों को ऊंचा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर रकम ली, लेकिन राशि वापस नहीं की। न्यायालयीन अभिलेख के अनुसार विभिन्न व्यक्तियों द्वारा अलग-अलग तिथियों में लाखों रुपये आरोपी को दिए गए। प्रकरण में कई फरियादियों के बयान दर्ज हैं तथा आरोप है कि आरोपी द्वारा विश्वास में लेकर आर्थिक अपराध को अंजाम दिया गया। अभियोजन पक्ष ने तर्क दिया कि आरोप गंभीर प्रकृति के हैं, बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं और आरोपी के फरार होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। वहीं बचाव पक्ष ने आरोपी के स्थायी निवास एवं जांच पूर्ण होने का हवाला देते हुए जमानत की मांग की। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने एवं केस डायरी के अवलोकन के बाद न्यायालय ने माना कि आरोप गंभीर आर्थिक अपराध की श्रेणी में आते हैं और वर्तमान परिस्थितियों में जमानत देना न्यायोचित नहीं है। अतः न्यायालय ने आरोपी का जमानत आवेदन निरस्त कर दिया। प्रकरण में पुलिस द्वारा जांच पूर्ण कर चालान प्रस्तुत किया जा चुका है और मामले की सुनवाई जारी है।

मध्य प्रदेश में कांवड़ियों का तांडव, ई-रिक्शा फूंका, चालक को पीटकर अधमरा छोड़ा

भिण्ड मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के डिडी गांव में कांवड़ यात्रा के दौरान एक ई-रिक्शा की टक्कर से कांवड़ खंडित होने पर आक्रोशित कांवड़यिों ने चालक के साथ मारपीट कर दी और ई-रिक्शा में आग लगा दी। ग्रामीणों की सूझबूझ से चालक की जान बचाई जा सकी। प्राप्त जानकारी के अनुसार ई-रिक्शा चालक फूप से भिण्ड की ओर आ रहा था। डीडी गांव के पास पीछे से ई-रिक्शा की टक्कर कांवड़ियों से हो गई, जिससे उनकी कांवड़ खंडित हो गई। बताया गया है कि यह सामान्य कांवड़ नहीं, बल्कि बड़ी कांवड़ थी, जिसे लगभग 50-60 कांवड़िये मिलकर ला रहे थे। कांवड़ यात्रा उत्तर प्रदेश के सिंगिरामपुर से करीब 185 किलोमीटर दूर से लाई जा रही थी। टक्कर के बाद आक्रोशित कांवड़ियों ने चालक को घेर लिया। पहले गाली-गलौज हुई, फिर मारपीट शुरू कर दी गई। आरोप है कि चालक को पीटने के बाद उसे जलाने का भी प्रयास किया गया। इसी दौरान आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर चालक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया। चालक को बचाए जाने के बाद भी कांवड़ियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। आरोप है कि उन्होंने ई-रिक्शा में आग लगा दी। कुछ ही देर में वाहन धू-धू कर जल उठा और पूरी तरह नष्ट हो गया। आगजनी से गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक ई-रिक्शा पूरी तरह खाक हो चुका था। घटना की सूचना मिलते ही भिण्ड देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है तथा आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कारर्वाई की जाएगी।