samacharsecretary.com

गणना पत्रक भरने के लिए आवश्यक नहीं किसी भी प्रकार का ओटीपी

सीईओ श्री संजीव कुमार झा ने किया मतदाताओं को सतर्क भोपाल  एसआईआर-2026 के दौरान गणना पत्रक भरने के लिए बीएलओ या किसी भी अन्य अधिकारी द्वारा किसी भी माध्यम से ओटीपी मांगे जाने की आवश्यकता नहीं है। मध्यप्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री संजीव कुमार झा ने मतदाताओं को सतर्क करते हुए बताया है कि वर्ष 2003 की मतदाता सूची में स्वयं, माता-पिता या दादा-दादी संबंधी जानकारी प्राप्त करने के लिए मतदाता अपने क्षेत्र के बीएलओ अथवा नजदीकी हेल्पडेस्क से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा जानकारी ऑनलाइन voters.eci.gov.in या ceoelection.mp.gov.in पर भी प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया है कि एसआईआर पत्रक भरते समय सुरक्षा उपायों का पालन करें। आधिकारिक सरकारी वेबसाइट पर ही एसआईआर भरें। ये हैं सुरक्षा उपाय ओटीपी या व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें। एसआईआर की प्रक्रिया में निर्वाचन विभाग या किसी अधिकारी द्वारा फोन/मैसेज पर ओटीपी, आधार नंबर, मोबाइल नंबर आदि मांगना प्रक्रिया का हिस्सा नहीं है। यदि कोई इस तरह की जानकारी माँगता है तो वह 'साइबर फ्रॉड कॉल' हो सकता है। एसआईआर भरते समय इन बातों का रखें ध्यान एसआईआर प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है। किसी भी प्रकार की फीस, प्रोसेसिंग चार्ज या भुगतान करने के लिए कहे जाने पर ध्यान दें-ऐसे संदेश/कॉल धोखाधड़ी हो सकते हैं। व्हॉट्सऐप या सोशल मीडिया पर मिले लिंक न खोलें। 'आपका वोटर कार्ड रद्द हो जाएगा', 'तुरंत एसआईआर भरें' जैसे संदेश फर्जी हो सकते हैं। एसआईआर के लिये साइबर कैफे का उपयोग करते समय सतर्क रहें। ऑटो-सेव बंद रखें, कार्य समाप्त होने पर ब्राउजर इतिहास/कैश साफ़ करें और अनिवार्य रूप से लॉगआउट करें। किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या गतिविधि की तुरंत रिपोर्ट राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल: www.cybercrime.gov.in अथवा हेल्पलाइन: 1930 पर करें।  

लोकतंत्र सशक्तिकरण में जुटा पूरा मैदानी अमला

एसआईआर 2026 को समय सीमा में पूर्ण करने के लिये बीएलओ और शासकीय सेवक पूरे मनोयोग से कार्यरत भोपाल  मध्यप्रदेश में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR 2026) का कार्य भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रमानुसार जारी है। 4 नवंबर से 4 दिसंबर 2025 तक गणना पत्रकों के डिजिटाइजेशन को समय पर पूरा करने के लिए बीएलओ सहित पूरा मैदानी अमला पूर्ण निष्ठा और मनोयोग से कार्य में जुटा है। प्रत्येक बीएलओ को कार्य में सहयोग प्रदान करने के लिए 2 से 3 सदस्यों की टीम लगाई गई है। इनमें ऐसे शासकीय सेवक शामिल हैं जिन्हें क्षेत्र और वहां के निवासियों की बेहतर जानकारी हो—जैसे पटवारी, पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सहायक आदि। इसके साथ ही गणना पत्रकों के डिजिटाइजेशन के लिए कंप्यूटर ऑपरेटरों की अलग टीम भी तैनात की गई है। मतदाताओं के मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए राज्य स्तर और सभी जिलों में हेल्प डेस्क स्थापित की गई हैं। साथ ही राज्य का टोल-फ्री नंबर 1950 भी सक्रिय रूप से संचालित है। कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन और समय पर कार्य पूर्ण करने वाले बीएलओ को राज्य एवं जिला स्तर पर सम्मानित किया जा रहा है, जिससे अन्य बीएलओ भी प्रेरित हों और कार्य की गति एवं गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो।  

एक भारत – श्रेष्ठ भारत अंतर्गत राज्य के बच्चे नागालैंड के शैक्षणिक भ्रमण पर

मध्यप्रदेश के पेयरिंग स्टेट के रूप में मणिपुर और नागालैंड का चयन भोपाल  प्रदेश में समग्र शिक्षा अभियान लोक शिक्षण संचालनालय के अंतर्गत संचालित 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' गतिविधि के अंतर्गत भोपाल, नर्मदापुरम और सागर संभाग के 14 जिलों के बच्चों का दल नागालैंड राज्य के शैक्षणिक भ्रमण के लिये भोपाल से रवाना हो गया है। अपर संचालक परियोजना श्रीमती मनीषा सेतिया ने हरी झंडी दिखाकर बच्चों को रवाना किया। बच्चों के द्वारा नागालैंड राज्य की संस्कृति का अध्ययन करते हुए वहाँ की शैक्षणिक गतिविधियों का भी अवलोकन किया जाएगा। केन्द्र सरकार की 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' योजना इस उद्देश्य से संचालित की जा रही है कि एक राज्य के विद्यार्थी दूसरे प्रदेश में भ्रमण कर शैक्षणिक गतिविधियों, विविध संस्कृतियों और आयोजनों में सहभागिता करें। शिक्षण सत्र वर्ष 2025-26 में मध्यप्रदेश के लिए 'पेयरिंग स्टेट' के रूप में मणिपुर और नागालैंड का चयन किया गया है। आगामी माह में प्रदेश के जिलों के 110 विद्यार्थी और चयनित शिक्षकों को नागालैंड राज्य का भ्रमण कराया जाएगा।  

कांग्रेस की हालत पर शिवराज का तंज— ‘हम तो डूबे हैं सनम…’, विपक्ष पर जमकर बरसे

विदिशा  मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम और केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक बार फिर अपने अंदाज में कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है। शिवराज सिंह चौहान रविवार को विदिशा जिले के गंजबासौदा में सिविल अस्पताल के लोकार्पण कार्यक्रम में पहुंचे थे। जहां उन्होंने पहले तो सीएम मोहन यादव के साथ रोड शो किया और फिर सिविल अस्पताल के लोकार्पण के बाद कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने मंच से ये भी कहा कि शिव और मोहन में कोई अंतर नहीं है। 'हम तो डूबेंगे सनम तुम्हें भी ले डूबेंगे' शिवराज सिंह चौहान ने गंजबासौदा में मंच से कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि- कांग्रेस तो अब ऐसा बोझ हो गई है कि जो पार्टी उसे लेकर चलती है वही दब जाती है। शिवराज यहीं नहीं रुके उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस के हाल ऐसे हैं कि सनम हम तो डूबे हैं तुम्हें भी ले डूबेंगे। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जहां–जहां पांव पड़े भैया के, वहां बंटाधार। दिल्ली में केजरीवाल, यूपी में अखिलेश और बिहार में लालू को ले डूबे।   150 बिस्तरीय सिविल अस्पताल का लोकार्पण शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में मध्यप्रदेश के सीएम मोहन यादव ने गंजबासौदा में 150 बिस्तरीय नए सिविल अस्पताल का लोकार्पण किया। इस दौरान सीएम मोहन यादव ने गंजबासौदा में 64 करोड़ 29 लाख की लागत से 26 विकास कार्यों का लोकार्पण किया और 85 करोड़ 84 लाख के 28 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। सीएम ने नर्सिंग और पैरा मेडिकल कॉलेज भी गंजबासौदा में खोलने का ऐलान किया। गंजबासौदा को सीएम मोहन यादव के द्वारा दी गई करोड़ों रुपयों के विकासकार्यों की सौगातों को लेकर शिवराज सिंह चौहान ने मंच से सीएम मोहन यादव की तारीफ की और कहा कि शिव और मोहन में कोई अंतर नहीं है।

खंडवा पुलिस की त्वरित कार्यवाही — अंतरजिला नकली नोट गिरोह का भंडाफोड़

मास्टरमाइंड सहित तीन गिरफ्तार भोपाल  खंडवा पुलिस ने नकली नोटों की छपाई और प्रसार में सक्रिय एक अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में गिरोह के मास्टरमाइंड डॉ. प्रतीक नवलखे सहित तीन आरोपियों को भोपाल से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 25 हजार रुपए के नकली नोट, 9 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप, 32 एटीएम कार्ड, 15 चेक बुक, ड्रायर मशीन सहित बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद की गई है। विगत 2 नवंबर 2025 को थाना जावर क्षेत्र के ग्राम पेठिया में मुखबिर की सूचना पर मौलाना जुबेर के कमरे में दबिश दी गई थी। पुलिस ने वहां से 19 लाख 78 हजार रुपये के नकली नोट और नोट छापने के उपकरण बरामद किए थे। प्रकरण दर्ज कर इसकी विवेचना थाना प्रभारी जावर निरीक्षक श्याम सिंह भादले द्वारा लगातार की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक खंडवा श्री मनोज कुमार राय ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री महेंद्र तारनेकर के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था। SIT ने लगातार तकनीकी और मैदानी स्तर पर विवेचना लगातार जारी की जा रही थी। विवेचना के दौरान जानकारी मिली कि आरोपी मौलाना जुबेर को नकली नोट उपलब्ध कराने वाला मुख्य आरोपी बुरहानपुर निवासी डॉ. प्रतीक नवलखे है। इसके बाद मुखबिर से पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई कि मामले में शामिल आरोपी भोपाल के बागमुगलिया क्षेत्र स्थित एक किराए के मकान में छिपे हुए हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए जावर थाना पुलिस टीम ने आज 23 नवंबर 2025 को भोपाल में दबिश दी और तीन आरोपी प्रतीक नवलखे (निवासी बुरहानपुर, उम्र 43), गोपाल उर्फ राहुल (निवासी हरदा, हाल निवासी बागमुगलिया भोपाल, उम्र 35) तथा दिनेश गोरे (निवासी अमरावती, महाराष्ट्र, उम्र 43) को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 25 हजार रुपए के नकली नोट, 9 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप, 32 एटीएम कार्ड, 15 चेक बुक, ड्रायर मशीन सहित बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद की है। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा की गई त्वरित और समन्वित कार्रवाई के परिणामस्वरूप नकली मुद्रा के प्रसार में सक्रिय एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश संभव हो सका। पुलिस की सतर्कता, तकनीकी विश्लेषण और टीमवर्क से प्रदेश में आर्थिक अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है।नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने की दिशा में मध्यप्रदेश पुलिस सदैव प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी ऐसे प्रकरणों में कठोर और निर्णायक कार्रवाई जारी रहेगी।  

विकल्प बनी स्पेशल ट्रेनें भी दे रहीं धोखा, देरी से यात्रियों की परेशानियां चरम पर

जबलपुर ट्रेन में त्योहारों से वापसी की भीड़ कुछ छंटी थी कि अब ट्रेनों में वैवाहिक सीजन का यात्रा भार बढ़ गया है। जबलपुर होकर चलने वाली लंबी दूरी की ज्यादातर ट्रेनें दो सप्ताह तक फुल है। इस सप्ताह के अंत से लेकर अगले माह के पहले सप्ताह तक कुछ तिथियों में कई नियमित ट्रेनों में कन्फर्म टिकिट नहीं है। विकल्प के रुप में यात्री स्पेशल ट्रेन चुन रहे है। स्पेशल ट्रेनों के घंटों विलंब से चलने से यह विकल्प यात्रियों के परेशानी का सबब बन रहा है। रेलवे बोर्ड के स्पेशल ट्रेनों को समय पर संचालित करने के निर्देश के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं आया है। ज्यादातर स्पेशल ट्रेनें औसतन चार से लेकर आठ घंटे तक विलंब से चल रही है। नवंबर माह के अंतिम दिनों और दिसंबर के पहले सप्ताह में मांगलिक कार्यों की तिथियां है। विवाह सहित अन्य प्रयोजन से शामिल होने के लिए ज्यादा लोग ट्रेन से ही लंबी दूरी की यात्रा करते है। ट्रेनों के स्लीपर कोच यात्रियों से खचाखच भरे हुए चल रहे है।   ऑफिस छूटा, शादी में देर से पहुंचे जबलपुर के विजय नगर निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवती को सहेली के विवाह में पुणे जाना था। किसी नियमित ट्रेन में टिकट नहीं मिला तो विकल्प के रुप में दानापुर-पुणे स्पेशल ट्रेन को चुना। ट्रेन को शाम को पहुंचना था लेकिन अगले दिन सुबह पहुंची। शादी में शामिल नहीं हो सकी। पारिवारिक विवाह समारोह में गए मंडला निवासी शिव सागर मुंबई से जबलपुर आने के लिए सीएसएमटी-रीवा स्पेशल में सवार हुए। स्पेशल का अधिक किराया देकर टिकिट लिया कि अगले दिन समय पर ऑफिस पहुंच जाएंगे। लेकिन सुबह पांच बजे की जगह ट्रेन शाम को चार बजे पहुंची। मुंबई, पुणे मार्ग पर ज्यादा भार जबलपुर से अगले कुछ दिनों तक मुंबई, पुणे, बैंगलुरु, दिल्ली, लखनऊ सहित प्रमुख शहरों के लिए नियमित ट्रेनों में वेटिंग है। सर्वाधिक मांग मुंबई एवं पुणे के लिए है। पुणे के लिए कुछ ट्रेनों में आगामी कई दिनों तक स्लीपर श्रेणी में बुकिंग बंद हो चुकी है। जबलपुर-मुंबई गरीबरथ एक्सप्रेस में छह दिसंबर तक वेटिंग है। 29 नवंबर को वेटिंग 96 व छह दिसंबर को 71 तक पहुंच चुकी है। अमरकंटक एक्सप्रेस और ओवरनाइट एक्सप्रेस में भी सीटें खाली नहीं है। प्रयागराज, वाराणसी के लिए यात्री स्पेशल ट्रेन पर आश्रित है। शनिवार को ये स्पेशल ट्रेन देरी से जबलपुर पहुंची     01450 दानापुर-पुणे स्पेशल 11.03 घंटे विलंब     02188 सीएसएमटी-रीवा स्पेशल 10.50 घंटे विलंब     06262 मुजफ्फरपुर-बेंगलुरु केंट स्पेशल 6.10 घंटे विलंब     07008 रक्सोल-चर्लापल्ली स्पेशल 7.53 घंटे विलंब     05585 सहरसा-एलटीटी स्पेशल 5.51 घंटे विलंब     03260 बेंगलुरु-दानापुर स्पेशल 17.41 घंटे विलंब     07652 छपरा- जालान स्पेशल 6.01 घंटे विलंब     04116 एलटीटी-सूबेदारगंज स्पेशल 5.53 घंटे

मुख्यमंत्री डॉ. यादव पंचायतों को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने राज्य स्तरीय कार्यशाला का सोमवार को करेंगे शुभारंभ

कार्यशाला में 24 से 26 नवंबर तक कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कंन्वेंशन सेंटर में होगा मंथन भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पंचायतों को आत्मनिर्भर व समृद्ध बनाने के लिए राज्यस्तरीय कार्यशाला का सोमवार को शुभारंभ करेंगे। कार्यशाला पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा 24 से 26 नवंबर तक कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कंन्वेंशन सेंटर, भोपाल में आयोजित की जा रही है। कार्यशाला में तीन दिन तक मंथन होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव वाटर शेड महोत्सव का शुभारंभ के साथ ही जल गंगा संवर्धन अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी को पुरस्कृत करेंगे। कार्यशाला में उपमुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल, श्री जगदीश देवड़ा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रहलाद पटेल, श्री कैलाश विजयवर्गीय, श्रीमती संपतिया उइके, श्री कुंवर विजय शाह, श्रीमती राधा सिंह सहित बड़ी संख्या में जन-प्रतिनिधि, विषय-विशेषज्ञ व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहेंगे। कार्यशाला का उद्देश्य: कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य पंचायतों को प्रशासनिक, वित्तीय एवं सामुदायिक स्तर पर मजबूत बनाते हुए उन्हें आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बनाने की दिशा में ठोस रणनीति तैयार करना है। इसके अंतर्गत स्थानीय शासन की पारदर्शिता व जवाबदेही, मनरेगा, आजीविका मिशन, सामाजिक अंकेक्षण, डिजिटल ट्रैकिंग एवं मॉनिटरिंग, वित्तीय प्रबंधन एवं पंचायत शासन, "स्‍वनिधि से समृद्धि" अभियान, वाटरशेड परियोजनाओं का क्रियान्वयन, शुद्ध पेयजल, स्वच्छ ग्राम तथा विभिन्न राष्ट्रीय योजनाओं का प्रभावी संचालन, पेसा ग्राम सभाओं की वर्तमान स्थिति एवं सफल क्रियान्वयन जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा और प्रशिक्षण दिया जाएगा।  

मुख्यमंत्री ने की घोषणा, लांच नदी परियोजना की स्वीकृति, शाहगढ़ में बनेगा सिविल अस्पताल, बण्डा में बनेगा सर्वसुविधायुक्त स्टेडियम

दुग्ध उत्पादन को बढावा देने एवं गौशाला खोलने पर 10 लाख तक का दिया जाएगा अनुदान हर जनपद पंचायत क्षेत्र में बनाए जाएंगे वृन्दावन ग्राम एवं गीता भवन 50 करोड़ रुपए से अधिक के 16 निर्माण कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि केन-बेतवा लिंक परियोजना से बुन्देलखंड के हर खेत को पानी मिलेगा। इससे क्षेत्र में समृद्धि आएगी। किसान अपने खेतों को समृद्ध बनायें और किसी हालत में अपनी कृषि भूमि न बेचें। केन-बेतवा लिंक परियोजना से आने वाला समय कृषि के लिये बहुत लाभकारी होगा। मुख्यमंत्री ने कहा है कि किसानों का सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकता है। मध्यप्रदेश में खेती के साथ साथ पशुपालन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। पशुपालन के माध्यम से दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए गौशाला खोलने के लिए अनुदान राज्य सरकार दे रही है। मध्यप्रदेश को दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में नंबर वन बनाने का कार्य किया जाएगा। प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढाने के लिए 25 गायों के साथ गौशाला खोलने पर 40 लाख रुपए में से 10 लाख तक का अनुदान देने का कार्य मध्यप्रदेश सरकार द्वारा किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव  रविवार को सागर जिले की तहसील बण्डा में सांदीपनि विद्यालय भवन के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 50.65 करोड़ रुपए के 16 निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। साथ ही सागर जिले की बहुप्रतीक्षित लांच नदी परियोजना की स्वीकृति की घोषणा की। शाहगढ़ में सिविल अस्पताल बनाने, बण्डा में सर्वसुविधा युक्त स्टेडियम, सिविल अस्पताल, बण्डा में पोस्टमार्टम हाउस, बण्डा क्षेत्र में राखसी, चकेरी, विनेयका में भवन विहीन स्कूलों के लिए भवन बनाने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश को देश का नम्बर वन प्रांत बनाने के लिए सभी तरह के प्रयास किए जा रहे हैं। दानवीर डॉ. हरीसिंह गौर द्वारा स्थापित विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय बनाया गया। विद्यार्थियों के हित में वीरांगना अवंति बाई लोधी विश्वविद्यालय प्रारंभ कर नई सुविधा उपलब्ध करवाई गई। शीघ्र ही कृषि के क्षेत्र में बुंदेलखंड पंजाब और हरियाणा को पीछे छोड़ देगा। सागर जिले सहित सागर संभाग के सभी जिलों में विकास की गंगा बहेगी।    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि तहसील मुख्यालय बण्डा में आज लगभग 31 करोड़ रुपए की लागत से नव निर्मित सर्वसुविधा युक्त सांदीपनि विद्यालय भवन का लोकार्पण किया गया है। इस विद्यालय में सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा है कि बण्डा क्षेत्र में सर्वसुविधा युक्त स्कूल भवन के निर्माण से इस क्षेत्र के विद्यार्थियों को सीधा लाभ होगा। मुख्यमंत्री ने कहा है कि बण्डा में बने सांदीपनि विद्यालय का भवन बहुत ही अद्भुत और सर्व-सुविधा युक्त है। सांदीपनि विद्यालय परियोजना मध्यप्रदेश शासन की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जो गरीब वर्ग के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विज़न के साथ प्रारंभ की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि गुणवत्तापूर्ण और रोजगारपरक शिक्षा ही किसी देश की मजबूती का आधार है। बेहतर शिक्षा के बूते ही भारत आज दुनिया का सबसे बड़ा गणतंत्र बनकर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। मध्यप्रदेश सरकार बच्चों के सुनहरे भविष्य के लिए उन्हें उच्च-गुणवत्ता युक्त शिक्षा और सभी सुविधाएँ प्रदान करने के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में संचालित सांदीपनि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के केंद्र बनकर उभरे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में 01 दिसंबर से प्रदेशव्यापी गीता जयंती उत्सव मनाया जाएगा। प्रदेश सरकार द्वारा सभी नगरीय निकायों में गीता भवन बनाए जा रहे हैं। सभी जिलों के प्रत्येक जनपद पंचायत में वृंदावन ग्राम एवं गीता भवन बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में किसानों के हित में भावान्तर योजना लागू की गई है। भावांतर जैसी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए वित्तीय साधन आड़े नहीं आएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षा स्थली उज्जैन सहित अनेक ऐसे स्थानों को तीर्थ स्थल बनाने का निर्णय लिया गया है, जहां कृष्ण कन्हैया के चरण पड़े। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि बुंदेलखंड की धरती साहस और शौर्य की भूमि है। स्वतंत्रता की प्राप्ति के लिए यहां संघर्ष का इतिहास है। यहां आज आनंददायक वातावरण है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हाल ही में होटल ओबेराय के माध्यम से छतरपुर और पन्ना के मध्य पर्यटन विकास का महत्वपूर्ण कदम उठाया है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्त सरंक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा है कि बुन्देलखंड क्षेत्र खनिज संपदा का भण्डार है, बुन्देलखंड में निवेश का अच्छा मौका है। उन्होंने कहा कि भविष्य में बण्डा अग्रणी क्षेत्र के रूप में विकसित होगा। सांसद दमोह संसदीय क्षेत्र श्री राहुल सिंह लोधी एवं विधायक बण्डा श्री वीरेन्द्र सिंह ने भी संबोधित किया। समारोह में मुख्यमंत्री द्वारा सागर जिले की बंडा तहसील के ग्राम क्वायला के शहीद श्री राजेश यादव के पिता को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने बण्डा क्षेत्र के ग्राम पंचायत लिधौरा की मूल निवासी क्रिकेटर क्रांतिगौड़ के पिता को भी सम्मानित किया।

राष्ट्रवादी विचारधारा का केंद्र रहा विदिशा, कृषि और उद्योग में भी दे रहा महत्वपूर्ण योगदान

गंजबासौदा में 150 बिस्तरीय नवीन सिविल अस्पताल का किया लोकार्पण त्योंदा में कॉलेज और ग्यारसपुर को नगर पंचायत बनाने की घोषणा गंजबासौदा में शुरू होगा नर्सिंग और पैरामेडिकल कॉलेज विदिशा जिले के गंजबासौदा में विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राष्ट्रवादी विचार धारा का केन्द्र रहा विदिशा जिला, राजमाता सिंधिया, पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी और पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्रद्धेय श्रीमती सुषमा स्वराज्य की कर्म भूमि रही है। वर्तमान में यह क्षेत्र कृषि, उद्योग और व्यापार-व्यवसाय में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। गंजबासौदा विरासत से विकास के पथ पर अग्रसर है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में राज्य सरकार अन्नदाता, गरीब, महिला और युवाओं के कल्याण के लिए समर्पित है। सनातन संस्कृति को सर्वेभवन्तु सुखिनं:-सर्वे संतु निरामया: और वसुधैव कुटुम्बकम् के भाव के अनुसार सबके कल्याण के लिए राज्य सरकार समर्पित भाव से कार्य कर रही है। समाज के अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास गतिविधियों का लाभ पहुंचाना हमारा उद्देश्य है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को विदिशा जिले के गंजबासौदा में सिविल अस्पताल के नवनिर्मित भवन के लोकार्पण सहित अन्य विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन को कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, विदिशा के प्रभारी, पशुपालन एवं डेयरी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री लखन पटेल विशेष रूप से उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने त्योंदा में कॉलेज खोलने, ग्यारसपुर को नगर पंचायत बनाने, गंजबासौदा नगर पालिका की सीमा बढ़ाने, गंजबासौद में नर्सिंग और पैरामेडिकल कॉलेज आरंभ करने की घोषणा भी की। कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या-पूजन के साथ हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों, महिलाओं और युवाओं के बेहतरी के लिए राज्य सरकार द्वारा विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। नदी जोड़ो अभियान के अंतर्गत प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़ाने और हर खेत तक पानी पहुंचाने के लक्ष्य का कार्य जारी है। भावान्तर योजना से सोयाबीन का वाजिब मूल्य दिलाते हुए किसानों के हक के पैसे उनके खातों में भेजे जा रहे हैं। किसानों से गेंहूँ की खरीदी भी 2600 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। महिला सशक्तिकरण के लिए लाड़ली बहना योजना की राशि बढ़ाकर 1500 रुपये प्रति माह की गई है। उद्योगों में काम करने वाली बहनों को 5 हजार रुपये प्रतिमाह दिलाने के उद्देश्य से नारी सशक्तिकरण योजना के तहत उद्योगों को राशि उपलब्ध कराई जा रही है। प्रदेश में हर युवा को रोजगार से जोड़ते हुए उनकी जिन्दगी बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। 150 करोड़ रुपए की लागत वाले 54 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज बासौदा को 150 करोड़ रुपये की लागत से 54 विकास कार्यों की सौगात मिली है। इसमें 32 करोड़ 42 लाख रुपये की लागत से बने 150 बिस्तरीय नवीन सिविल अस्पताल लोकार्पित किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जमांधर नदी पर 4 करोड़ की लागत से बने ब्रिज, 13 करोड़ 21 लाख रुपये की लागत से निर्मित विभिन मार्गों, लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से 04 केवी उपकेन्द्र में ट्रांसफार्मर, लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से 11 ग्रामो में नलजल योजनाओं, 1 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से सब जेल गंजबासौदा में 40 बंदियों के लिए बनी जेल बैरक, 1 करोड़ 79 लाख रुपये की लागत से बने सीएचओ आवास सहित 03 उप स्वास्थ्य केंद्र भवनों का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 85 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत से 28 विकास कायों का भूमिपूजन भी किया। मध्यप्रदेश के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी : केंद्रीय कृषि मंत्री श्री चौहान केंद्रीय कृषि किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। केंद्र और राज्य सरकार दोनों मिलकर प्रदेश के विकास की गति को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में विकास का एक नया अध्याय लिखा जा रहा है। प्रदेश में कृषि, उद्योग, स्वास्थ्य, सिंचाई, सड़क और पेयजल सहित विभिन्न बुनियादी सुविधाओं के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं। भारत सरकार की योजनाओं को मध्यप्रदेश में गति देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लगातार प्रयास कर रहे हैं और उनका पूरा सहयोग मिल रहा है। विदिशा जिला और बासौदा से मेरा वर्षों से संबंध रहा है। यहां की जनता में मेरे लिए अद्भुत प्रेम है, मेरी सांसों और हृदय में यहां की जनता बसती है। यहां के विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। केन्द्रीय मंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने मुझे कृषि एवं ग्रामीण विकास की जिम्मेदारी सौंपी है जिसका निर्वहन करने में कोई कसर नहीं रहने दी जाएगी। कृषि को उद्यानिकी और पशुपालन से जोड़कर और अधिक आगे बढ़ाया जाएगा। प्रदेश में कृषि- उद्योग के क्षेत्र में नया चमत्कार कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि बेतवा नदी का पानी पाराशरी नदी में डालने का प्रयास किया जाए। यहां की मिट्टी सोना उगलती है लेकिन यहां पत्थरों सहित विभिन्न प्रकार की खदानें मौजूद है। बासौदा को उद्योग के क्षेत्र में आगे बढ़ाया जा सकता है।  केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में गौरवशाली, वैभवशाली और शक्तिशाली भारत का निर्माण हो रहा है। किसानों की तरक्की के लिए विभिन्न प्रकार के कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री मोदी की मंशानुसार स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करने और प्रोत्साहित करने की अपील की। उन्होंने नशा मुक्ति अभियान में सभी के सहयोग के लिए आह्वान किया। केन्द्रीय मंत्री श्री चौहान ने प्रदेश में महिला सशक्तिकरण के लिए किये जा रहे प्रयासों की सराहना की। बासौदा विधायक श्री हरिसिंह रघुवंशी ने क्षेत्र में चल रही विकास गतिविधियों के संबंध में जानकारी दी। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीता कैलाश रघुवंशी, शमशाबाद विधायक श्री सूर्यप्रकाश मीणा, सिरोंज विधायक श्री उमाकांत शर्मा, कुरवई विधायक श्री हरिसिंह सप्रे, विदिशा विधायक श्री मुकेश टंडन, जन-प्रतिनिधि, अधिकारी, किसान बंधु सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री का बासौदा रोड शो में हुआ भव्य स्वागत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का बासौदा नगर में … Read more

देवास में भीषण दुर्घटना: कार को तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर, एक की मौत

देवास इंदौर-भोपाल राजमार्ग पर अगेरा फाटा में अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद एक कार कई पलटी खा गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। कार सवार परिवार चौबाराधीरा से शादी समारोह में शामिल होने के बाद बागली लौट रहा था। सीएनजी डलवाने के लिए कार को बागली की तरफ न लाते हुए भोपाल की ओर ले गए थे, वहां हादसा हो गया। हादसे में एक की मौत, 3 घायल जानकारी के अनुसार हादसा शनिवार रात को हुआ। कार एमपी09सीडब्ल्यू7344 को किसी वाहन ने टक्कर मारी। हादसे की सूचना डायल-112 के माध्यम से मिलने के बाद प्रधान आरक्षक सुशील भटूरकर व पायलेट नवीन मालवीय मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से घायलों को सोनकच्छ सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डाक्टर रामराज ने जांच करने के बाद बागली निवासी मीना पति सुरेश राठौर को मृत घोषित कर दिया। वहीं ललिताबाई पति सुरेश राठौर को प्राथमिक उपचार के बाद देवास रेफर कर दिया गया। अन्य घायल सुरेश पिता रामचंद्र राठौर निवासी बागली, श्यामलाल पिता हजारीलाल निवासी बड़ी चुरलाय का प्राथमिक उपचार किया।   परिवार में पसरा मातम हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतक व घायलों के स्वजन एवं क्षेत्र के रिश्तेदार भी सिविल अस्पताल पहुंचे। मीना की मौत की खबर सुनने के बाद माहौल गमगीन हो गया, देर रात तक रिश्तेदारों का आना जाना लगा रहा। मामले में सोनकच्छ पुलिस ने मर्ग कायम कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। रविवार सुबह पोस्टमॉर्टम कर मीना का शव स्वजनों को सौंपा गया। शार्ट पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सिर के पिछले हिस्से में चोट होने से मौत होना सामने आया है।