samacharsecretary.com

कुरुक्षेत्र में मिठाई दुकानों पर CM फ्लाइंग टीम ने की छापेमारी, त्योहारी सीजन में मिलावट रोकने को सक्रिय कदम

कुरुक्षेत्र  त्योहारी सीजन में मिठाईयों में मिलावट की आशंका बढ़ी है, जिसे रोकने के लिए प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। सीएम फ्लाइंग ने सुबह ही मिष्ठान विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर छामारी शुरू कर दी है।  एसआई राजबीर सिंह के नेतृत्व में टीम ने सबसे पहले पिपली स्थित एक प्रसिद्व मिष्ठान भंडार पर छापा मारा है। बताया जा रहा है कि यहां बड़ी मात्रा में मिलावटी व निम्न स्तर की मिठाई बरामद हुई है। फिलहाल टीम कार्रवाई में लगी है लेकिन इससे अन्य मिठाई विक्रेताओं में भी हड़कंप मचा हुआ है।  बता दें कि पिछले साल भी त्येहारी सीजन में छापामारी के दौरान धर्मनगरी में बड़ी मात्रा में मिलावटी व निम्न स्तर की मिठाई बरामद की थी। दो क्विंटल से ज्यादा मिठाई नष्ट करवाई गई थी। यहां तक की नकली मावा भी पकड़ा गया था।

जापान में CM सैनी ने किए 1185 करोड़ के निवेश समझौते, 13 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार

चंडीगढ़  जापान में सीएम नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा के प्रतिनिधिमंडल ने दौरे के पहले ही दिन जापान की शीर्ष कंपनियों के साथ छह एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं। इन समझौतों के तहत हरियाणा में 1185 करोड़ रुपये का निवेश होगा और 13 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार मिलेगा। विकसित भारत, विकसित हरियाणा की दिशा में यह साझेदारी एक निर्णायक कदम मानी जा रही है। सीएम ने टोक्यो में एआईएसआईएन, एयर वाटर, टीएएसआई, नम्बू, डेंसो, सोजित्ज, निसिन, कावाकिन और टोप्पन जैसी अग्रणी जापानी कंपनियों के साथ बैठकें कीं। इन मुलाकातों के नतीजे में हरियाणा को निवेश और रोजगार दोनों का लाभ मिला है। सैनी ने कहा कि हरियाणा आज निवेश के लिए देश का सबसे भरोसेमंद गंतव्य बन चुका है। राज्य में उपकरण निर्माण, ऑटो पार्ट्स, इलेक्ट्रॉनिक्स और मेटल वर्किंग जैसे क्षेत्रों में अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने छोटे और मध्यम उद्योगों के बीच सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया ताकि दोनों देशों की अर्थव्यवस्था को गति मिल सके। जापान यात्रा के नतीजों ने साबित कर दिया है कि हरियाणा अब वैश्विक औद्योगिक नक्शे पर नई ऊंचाइयां छूने को तैयार है। जापान में गूंजा गीता का शाश्वत संदेश जापान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। सीएम ने कहा कि गीता केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं बल्कि जीवन जीने की कला है। इसमें कर्मयोग, सत्य और कर्तव्य का ऐसा मार्ग बताया गया है जो आज भी मानवता के लिए प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार गीता के सार्वभौमिक सिद्धांतों को विश्वभर में प्रसारित करने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि शांति और सद्भाव का मार्ग मजबूत हो। सीएम ने बताया कि विदेश मंत्रालय के सहयोग से अब 40 देशों में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत और जापान के संबंध सदियों पुराने हैं और आज दोनों देशों की साझी संस्कृति इस आयोजन के माध्यम से और मजबूत हुई है। जापान में गूंजा गीता का यह शाश्वत संदेश हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत का गौरवपूर्ण प्रतीक बन गया। सीएम सैनी के साथ उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह, मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, प्रधान सचिव अरुण गुप्ता, विदेश सहयोग विभाग की सचिव अमनीत पी. कुमार, उद्योग विभाग के सचिव डॉ. अमित अग्रवाल और एचएसआईआईडीसी के एमडी डॉ. यश गर्ग सहित वरिष्ठ अधिकारी माैजूद रहे।    

जापान दौरे पर हरियाणा सीएम सैनी, निवेशकों को दिया समिट 2026 का न्यौता, ये है पूरा कार्यक्रम

चंडीगढ़  मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार से तीन दिवसीय जापान दौरे पर रहेंगे। यह दौरा विकसित भारत-विकसित हरियाणा के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री 6 से 8 अक्तूबर तक टोक्यो और ओसाका में कई उच्च स्तरीय बैठकों और निवेशक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। साथ ही विदेशी कंपनियों को हरियाणा में औद्योगिक साझेदारी और निवेश के लिए आमंत्रित करेंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जापान पहुंच गए हैं। उनकी अध्यक्षता में जापान सरकार के साथ हरियाणा का प्रतिनिधिमंडल मिला है। जापान के विदेशी मामलों के राज्यमंत्री मियाजी तकुमा से सीएम सैनी ने मुलाकात की है। हरियाणा और जापान के बीच आर्थिक, सांस्कृतिक के संबंधों को और भी मजबूत करने पर दोनों देशों के नेताओं में बात हुई है। मुख्यमंत्री ने हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2026 का भी न्यौता दिया है।  9 अक्तूबर को वापसी कर पीएम नरेंद्र मोदी के हरियाणा दौरे को लेकर दिल्ली हरियाणा भवन में सीएम सैनी सुबह 11 बजे कैबिनेट की बैठक और दोपहर एक बजे भाजपा विधायक दल की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इससे पूर्व सीएम सैनी शनिवार को शताब्दी ट्रेन से चंडीगढ़ से दिल्ली रवाना हुए। ट्रेन में यात्रा के दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि 17 अक्तूबर को प्रदेश सरकार के वर्तमान कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने पर सोनीपत में भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और प्रदेश को अनेक परियोजनाओं की सौगात देंगे। सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए सैनी ने बताया कि पिछले एक वर्ष में संकल्प पत्र के 42 वायदे पूरे किए जा चुके हैं और 90 पर कार्य प्रगति पर है। राज्य की 19 लाख बहनों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर मिल रहे हैं और अब तक 25 हजार युवाओं को रोजगार दिया जा चुका है। ऐसे रहेगा सीएम का विदेश दौरा 6 अक्तूबर: सीएम सुबह टोक्यो पहुंचेंगे और अपनी आधिकारिक गतिविधियों की शुरुआत जापान के विदेश मंत्रालय एवं अर्थव्यवस्था, व्यापार और उद्योग मंत्रालय के मंत्रियों से मुलाकात से करेंगे। वे जापान के विदेश राज्य मंत्री मियाजी ताकुमा और उद्योग राज्य मंत्री कोगा यूइचिरो के साथ द्विपक्षीय व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा वे टोक्यो में भारतीय दूतावास में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे और जेईटीआरओ, डेंसो, सुमितोमो, निसिन फूड्स, टोप्पन जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधियों से मिलेंगे। 7 अक्तूबर : शिंकानसेन (बुलेट ट्रेन) से ओसाका जाएंगे जहां वे वर्ल्ड एक्सपो 2025 में भाग लेकर हरियाणा स्टेट जोन का उद्घाटन करेंगे। सीएम जापानी मेयरों और उद्योगपतियों के साथ निवेश बैठकें करेंगे तथा निवेश रोड शो में राज्य के औद्योगिक अवसरों को प्रस्तुत करेंगे। 8 अक्तूबर: सैनी सुजुकी और कुबोटा संयंत्र का दौरा करेंगे और ओसाका प्रिफेक्चर के गवर्नर से भेंट करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दौरा हरियाणा को वैश्विक औद्योगिक साझेदारी और विदेशी निवेश के नए अवसरों से जोड़ने वाला मील का पत्थर साबित होगा।  

हरियाणा HTET 2023: 3.31 लाख परीक्षार्थियों को रिजल्ट का इंतजार, 12 अक्टूबर तक जारी होने की उम्मीद

चंडीगढ़  हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) 2025 में शामिल हुए लाखों अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डा. पवन शर्मा ने जानकारी दी है कि HTET का परिणाम आगामी एक सप्ताह के भीतर, यानी 12 अक्टूबर 2025 तक घोषित कर दिया जाएगा। डॉ. शर्मा ने बताया कि परिणाम जारी करने से पहले बोर्ड सुरक्षा ऑडिट (Security Audit) कर रहा है। इसमें उन सभी एजेंसियों की जांच की जा रही है, जिन्होंने परीक्षा में अपनी सेवाएं दी थीं, जैसे कि CCTV कैमरे, बायोमेट्रिक अटेंडेंस, और अन्य तकनीकी व्यवस्थाएं। उन्होंने कहा कि रिजल्ट लगभग तैयार है। लेकिन इसकी आधिकारिक घोषणा से पहले हमें संबंधित एजेंसियों को भुगतान करना होता है और यह तय करना होता है कि आगे किन एजेंसियों की सेवाएं ली जाएंगी। यह प्रक्रिया रिजल्ट जारी करने के बाद नहीं की जा सकती, इसलिए कुछ समय लग रहा है। 30 और 31 जुलाई को हुई थी परीक्षा  बता दें कि हरियाणा में एचटेट की परीक्षा 30 व 31 जुलाई को आयोजित की गई थी। HTET पीजीटी लेवल-3 के लिए 1 लाख 20 हजार 943 परीक्षार्थियों ने आवेदन किया था और परीक्षा कुल 1 लाख 559 अभ्यर्थियों ने दी। टीजीटी लेवल-2 के लिए 2 लाख 1 हजार 517 उम्मीदवारों ने आवेदन किया और परीक्षा एक लाख 67 हजार परीक्षार्थियों ने दी। वहीं पीआरटी लेवल-1 के लिए 82 हजार 917 अभ्यार्थियों ने आवेदन किया और परीक्षा में 66 हजार परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। HTET परीक्षा इस बार 3,31,041 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी।   परीक्षा परिणाम में क्यों हुई देरी ? : शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने परिणाम में हुई देरी के कारणों पर भी बोलते हुए कहा कि "परिणाम में देरी बाहरी एजेंसियों द्वारा की जा रही जांच गुणवत्ता सुनिश्चित करने की प्रक्रिया के कारण हुई है. पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए बोर्ड किसी भी तरह की जल्दबाजी से बचना चाहता है. परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैनिंग और परीक्षार्थियों द्वारा दर्ज की गई आपत्तियों की विषय विशेषज्ञों द्वारा गहन समीक्षा भी की गई है. इन सभी गुणवत्ता जांच प्रक्रियाओं में समय लगने के कारण परिणाम घोषणा में थोड़ी देरी हुई है. डॉ. पवन कुमार ने आश्वासन दिया कि जैसे ही एजेंसियों द्वारा सभी आवश्यक गुणवत्ता जांच और सत्यापन प्रक्रियाएं पूरी कर ली जाएंगी, एचटेट का परिणाम तुरंत जारी कर दिया जाएगा." शिक्षक बनने के लिए जरूरी एचटेट : एचटेट परीक्षा हरियाणा के सरकारी स्कूलों में शिक्षक बनने के लिए अनिवार्य है. इस परीक्षा के परिणाम का इंतजार कर रहे लाखों परीक्षार्थियों के लिए ये खबर राहत भरी है. परिणाम जारी होने के बाद सफल अभ्यर्थी आगामी शिक्षक भर्ती प्रक्रियाओं में शामिल होने के पात्र हो जाएंगे. बोर्ड की इस घोषणा से प्रदेश के शिक्षा क्षेत्र में नई नियुक्तियों का रास्ता भी साफ होने की उम्मीद है. आप ऐसे देख पाएंगे रिजल्ट :     हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) की वेबसाइट www.bseh.org.in पर जाएं.     होम पेज पर जाने के बाद HTET रिजल्ट 2025 से जुड़े हुए लिंक की तलाश करें और फिर उस पर क्लिक करें.     अपना रजिस्ट्रेशन डिटेल्स जैसे पंजीकरण नंबर और जन्म तिथि दर्ज करें.     सब्मिट बटन पर क्लिक करने के बाद आपका रिजल्ट स्क्रीन पर नज़र आ जाएगा.     इसके बाद रिजल्ट डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें. 

कांग्रेस पर भड़के हरियाणा मंत्री, कहा – ‘अंग्रेजों की औलाद’, राहुल गांधी को भी निशाने पर लिया

अंबाला कोलंबिया में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आरएसएस के खिलाफ दिए बयान पर हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। रविवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस को अंग्रेजों की औलाद बताया। उन्होंने कहा राहुल गांधी को बुरी आदत है कि वह विदेशों में जाकर देश को कोसते हैं। उन्होंने कहा, कांग्रेस को एक अंग्रेज एओ ह्युम ने पैदा किया था इसलिए आप अंग्रेज की औलाद हो, लेकिन भाजपा एक देसी पार्टी है जो दिन-रात भारत की तरक्की के लिए काम करती है। केजरीवाल को मंत्री विज की दो टूक आम आदमी पार्टी नेता अरविंद केजरीवाल के बयान कि गोवा में भाजपा-कांग्रेस की मिलीभगत वाली सरकार चल रही है, पर ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने अरविंद केजरीवाल को नसीहत देते हुए कहा की आप अपनी पार्टी के प्रमुख हो और आप इधर-उधर की बात न करके,यह देखें कि आपके पंजाब में क्या हाल हैं। उन्होंने गुनगुनाते हुए कहा, पंजाब क्यों बेहाल है, तू उसका कर ले ख्याल, तू इधर-उधर न भटक, पंजाब का कर ले ख्याल। सुरजेवाला हताश कवि: अनिल विज कांग्रेस के नेता रणदीप सुरजेवाला द्वारा भाजपा सरकार पर किसान विरोधी होने के ट्विट पर व कुछ पंक्तियां लिखने पर ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सुरजेवाला एक हताश कवि की तरह लगे हुए हैं और वैसे ही गीत लिख रहे हैं, जैसे कोई डिप्रेशन में लिख रहा हो। मंत्री विज ने कहा भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन की सरकार है, जितना किसानों के लिए हितकारी है, उससे पहले आज तक किसी सरकार ने किसानों पर ध्यान नहीं दिया। 

हरियाणा की बेटियों का जलवा, 8 महिला पहलवान वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी

रोहतक   हरियाणा की बेटियों ने एक बार फिर अपने दमखम से देश का मान बढ़ाया है। दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी स्टेडियम में ट्रायल के दौरान चयनित 10 महिला पहलवानों में आठ हरियाणा की हैं। सर्बिया में 20 से 27 अक्तूबर तक होने वाली अंडर-23 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। वहीं, इनमें दो महिला पहलवान दिल्ली की हैं। भारतीय टीम में चयनित महिला पहलवानों में सोनीपत की सारिका मलिक व हनी, हिसार की हंसिका, जींद की नीशू, पुलकित व दीक्षा, रोहतक की सविता और भिवानी की दीक्षा मलिक हैं। वहीं, दिल्ली से नेहा शर्मा और सृष्टि शामिल हैं। भारतीय टीम में रोहतक के सर छोटूराम स्टेडियम में ट्रेनिंग लेने वाली चार पहलवानों में दिल्ली से नेहा शर्मा (57 किग्रा) और हरियाणा की सारिका मलिक (59 किग्रा), सविता दलाल (62 किग्रा) और दीक्षा मलिक (72 किग्रा) हैं। इनके कोच मनदीप ने बताया कि प्रदेश की ये बेटियां सर्बिया की धरती से देश के लिए पदक जीतकर लौटेंगी और भारत का तिरंगा ऊंचा फहराएंगी। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में आएंगे करीब 700 पहलवान  इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में करीब 700 पहलवान भाग लेंगी। मुकाबले सर्बिया के नोवी साद स्थित स्टेडियम में होंगे जहां ग्रेको-रोमन, महिला और फ्रीस्टाइल तीनों वर्गों में स्पर्धाएं होंगी। सबसे पहले ग्रेको-रोमन बाउट्स होंगे। इनके बाद महिला और फ्री-स्टाइल मुकाबले खेले जाएंगे। पिछले वर्ष इसी प्रतियोगिता में भारतीय दल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 पदक (1 स्वर्ण, 2 रजत, 6 कांस्य) अपने नाम किए थे। महिला टीम ने विशेष रूप से प्रभावशाली प्रदर्शन दिखाया था। लड़कों में रोहतक के एक और सोनीपत के दो खिलाड़ियों का चयन विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के लड़कों के ट्रायल लखनऊ में हुए। लड़कों के 74 किलोग्राम भारवर्ग में रोहतक के परविंदर, 63 किलोग्राम में सोनीपत के गौरव और 60 किलोग्राम में सोनीपत के कुनाल का चयन हुआ है। ये सभी पहलवान रोहतक के देव कॉलोनी स्थित मेहर सिंह अखाड़े में कोच रणबीर ढाका के पास अभ्यास करते हैं। 

सड़क सुधार की पहल: गुरुग्राम में 12 सेक्टरों की जर्जर सड़कें बनेंगी दोबारा

गुरुग्राम  गुरुग्राम के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त हुई शहर के 12 प्रमुख सेक्टरों की सड़कों की सूरत बदलने की तैयारी नगर निगम (एमसीजी) ने शुरू कर दी है। निगम ने इन सड़कों को दुरुस्त करने के लिए करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से एक व्यापक योजना बनाई है, जिसके टेंडर जारी कर दिए गए हैं। बता दें कि मानसून के दौरान नगर निगम के सेक्टरों और कॉलोनियों की सड़कें छलनी हो गई थी। अब निगम की तरफ से इन सड़कों के निर्माण के लिए निगम ने एस्टीमेट तैयार करके टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। निगम अधिकारियों का दावा है कि नवंबर माह के पहले सप्ताह में इन सभी सड़कों के निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इसको लेकर 80 फीसदी सड़कों के निर्माण और मरम्मत के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। निगम की इस योजना में मुख्य रूप से सेक्टर-30, 42, 43, 55, 5, 16, 17ए, 41, और सेक्टर-34 की बदहाल सड़कों को दुरुस्त किया जाएगा। इन सेक्टरों में रहने वाले हजारों लोगों को इससे सीधा फायदा मिलेगा। सेक्टर 16 औद्योगिक क्षेत्र, सेक्टर 42, सेक्टर 43 (नाला), सेक्टर 43 (तुलसी पार्क), -सेक्टर 17ए, सुशांत लोक दो, सेक्टर-55, पालीवास से बंधवाड़ी, सेक्टर-47 (मॉडल रोड), सेक्टर-30, साउथ सिटी-1 (ब्लॉक सी), सेक्टर 5 (भाग-3 और 4), सेक्टर- 41 आदि में सड़कें बनेंगी। गुरुग्राम नगर निगम ने सेक्टर 43 के निवासियों को बड़ी राहत देते हुए एक महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजना शुरू की है। निगम ने व्यस्त गोल्फ कोर्स रोड के पास 18 मीटर चौड़ी सड़क के किनारे फुटपाथ के निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया है। यह कार्य नगर निगम के नए वार्ड संख्या 22 के अंतर्गत आता है। यह नया फुटपाथ निवासियों और छात्रों दोनों के लिए सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करेगा। फुटपाथ का निर्माण एचवीपीएनएल कार्यालय, गोल्फ कोर्स रोड से शुरू होगा और पारस अस्पताल रोड तक जाएगा। यह फुटपाथ गैलेक्सी अपार्टमेंट्स, एंबिएंस स्कूल और हरिजन कॉलोनी जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों से होकर गुजरेगा, जिससे इन इलाकों के निवासियों और स्कूल आने-जाने वाले छात्रों को सुरक्षित रास्ता मिल सकेगा। इस फुटपाथ निर्माण कार्य पर अड़तालीस लाख रुपये से अधिक की लागत से किया जाएगा। लोगों को ये सुविधा मिलेंगी सुगम आवागमन: टूटी और गड्ढों वाली सड़कों से मुक्ति मिलेगी, जिससे वाहनों का मेंटेनेंस खर्च कम होगा और आवागमन सुगम होगा। सुरक्षा: सड़कों की गुणवत्ता सुधरने और नालों के निर्माण से शहर में जलभराव की समस्या खत्म होगी, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा कम होगा। बुनियादी ढांचा: मॉडल रोड और फुटपाथ बनने से शहर का बुनियादी ढांचा सुधरेगा और पैदल यात्रियों को सुरक्षित रास्ता मिलेगा। स्वच्छता: जल निकासी की बेहतर व्यवस्था से सड़कों पर गंदगी और जल जमाव की समस्या खत्म होगी, जिससे स्वच्छता बढ़ेगी। नगर निगम के इस कदम से उम्मीद है कि आगामी वर्षों में शहर की आंतरिक सड़कें उच्च गुणवत्ता वाली बनेंगी।

हुड्डा-राव नरेंद्र के कदम पीछे, कांग्रेस पदयात्रा से अलग होकर दिया पहला संकेत

 चंडीगढ़ हरियाणा कांग्रेस में भूपिंदर सिंह हुड्डा को नेता विपक्ष बनाया गया है। इसके अलावा प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर उनके ही करीबी राव नरेंद्र सिंह को जिम्मेदारी मिली है। इसके बाद भी पार्टी में उनकी पकड़ कमजोर ही दिख रही है। वजह यह है कि पूर्व सांसद और पार्टी नेता बृजेंद्र सिंह ने 'सद्भाव यात्रा' की शुरुआत की है। उन्होंने जींद जिले के दनोडा गांव से यात्रा की शुरुआत की। इसमें राजस्थान से पार्टी सांसद राहुल कस्वां मौजूद थे तो वहीं बृजेंद्र के पिता और पूर्व मंत्री बिजेंद्र सिंह भी थे। इस कार्यक्रम में कई स्थानीय कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी रही तो कैथल से विधायक आदित्य सुरजेवाला भी पहुंचे। दिलचस्प बात यह है कि इस आयोजन में पहुंचने वाले नेताओं से ज्यादा चर्चा दूरी बनाने वालों की रही। इनमें नेता विपक्ष भूपिंदर सिंह हुड्डा शामिल हैं और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह भी अलग रहे। इसके चलते यह भी कयास लग रहे हैं कि क्या यह भूपिंदर सिंह हुड्डा खेमे को नेता विपक्ष और अध्यक्ष पद पर ताजपेशी के बाद मिली पहली चुनौती है। कांग्रेस के कुछ नेताओं ने तो इस यात्रा को पार्टी से अलग बताया है और कहा कि यह बृजेंद्र सिंह की निजी यात्रा है। ऐसे लोगों में हिसार से सांसद जय प्रकाश भी शामिल हैं। कांग्रेस की विदेश मामलों की समिति के वाइस चेयरमैन बृजेंद्र सिंह का कहना है कि उनकी यात्रा सद्भाव के लिए है। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि राज्य में सभी वर्गों के बीच सद्भाव बना रहे। इसीलिए यह यात्रा निकाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने राजनीतिक फायदे के लिए समाज का बंटवारा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की विभाजनकारी राजनीति ने हरियाणा में जाति, क्षेत्र और संप्रदाय के विवादों को बढ़ावा दिया है। उन्होंने कहा कि हमारा पहला उद्देश्य यही है कि हरियाणवी समाज में भाईचारे को बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने कहा कि 2024 के विधानसभा चुनाव के बाद अद्भुत शांति है। ऐसा इसलिए क्योंकि नतीजे चौंकाने वाले थे। लेकिन हमने यह यात्रा इसलिए प्लान की है ताकि अप्रत्याशित चुप्पी तोड़ी जा सके। कार्यकर्ताओं को नाउम्मीदी के दौर से निकाला जाए। पूर्व सांसद ने कहा कि हम राज्य के ज्यादातर हिस्सों और समाज के वर्गों को इस यात्रा के जरिए कवर करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा बांटो और राज करो की नीति अपनाई है। हुड्डा समेत कई नेताओं के यात्रा की लॉन्चिंग पर ना पहुंचने को लेकर बृजेंद्र सिंह ने कहा कि हाईकमान के आशीर्वाद से यह यात्रा शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि अन्य नेता भी आगे चलकर इस यात्रा का हिस्सा बनेंगे।

गुरुग्राम तक सफर हुआ आसान: चंडीगढ़ और पंचकूला से नया रूट, अब 6 घंटे में पहुँचें

नई दिल्ली हरियाणा रोडवेज की बसों से चंडीगढ़ और पंचकूला से गुरुग्राम जाने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अब उन्हें इन शहरों से आने-जाने में दिल्ली में लगने वाले ट्रैफिक जाम को नहीं झेलना पड़ेगा। लोग आठ से नौ घंटे में पहुंचने की बजाय केवल छह घंटे में गुरुग्राम पहुंच सकेंगे और गुरुग्राम से वापस चंडीगढ़ या पंचकूला आ सकेंगे। हरियाणा रोडवेज ने अपनी बसों को दिल्ली के कश्मीरी गेट स्थित अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आइएसबीटी) से होकर चलाने की बजाय दिल्ली से सोनीपत को जोड़ने वाले अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (यूईआर-2) से चलाने का निर्णय लिया है। इस रूट से बसों को दिल्ली को पार करने से डेढ़ से दो घंटे का अतिरिक्त समय नहीं लगेगा।   दिल्ली में जाम लगने की वजह से रोडवेज बस को राजधानी को पार करने में ही करीब दो घंटे लग जाते हैं। पीक आवर्स में तो दो से तीन घंटे भी लग जाते हैं। यूईआर-2 से जाने पर समय की बचत होगी और बसें सही गति से भी चल सकेंगी। हरियाणा रोडवेज ने इस रूट से चलाने के लिए नई बसें गुरुग्राम तथा पंचकूला और अन्य डिपो को दी हैं। नई बसों का ट्रायल के रूप में संचालन आरंभ भी कर दिया गया है।

नामी स्कूल की महिला शिक्षक से हिंसा, पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

 गुरुग्राम हरियाणा से बड़ी खबर सामने आ रही है। गुरुग्राम के एक नामी स्कूल की टीचर से गैंगरेप का मामला सामने आया है। मामले में चार जिम ट्रेनर्स को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता टीचर इस स्कूल में विदेशी भाषा पढ़ाती है और सभी आरोपी जिम में बतौर ट्रेनर और जूंबा डांस की कोचिंग देते हैं। पीड़िता की ओर से मिली शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा जानकारी के अनुसार, गुरुग्राम पुलिस के ईस्ट महिला पुलिस थाना को महिला टीचर ने शिकायत दी जिसमें बताया कि सितंबर में महिला टीचर की एक पार्टी में जिम ट्रेनर गौरव से दोस्ती हुई थी। दोनों ने एक-दूसरे की फोन पर बातचीत होने लगी। 1 अक्टूबर की रात को करीब 1 बजे गौरव ने महिला टीचर को फोन किया और मिलने की बात कही, जिसके बाद पीड़िता गौरव से मिलने महिला थाना पूर्व इलाके में गई थी। महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि जिम ट्रेनर गौरव महिला टीचर को अपने दोस्त के कमरे में ले गया, जहां गौरव ने पीड़िता के साथ रेप किया। उसके बाद गौरव ने नीरज और उसके दोस्त अभिषेक और योगेश को भी बुला लिया और दोनों ने मिलकर महिला के साथ रेप किया। अगले दिन यानी 2 अक्टूबर को पीड़िता अपने घर पहुंची और परिवारवालों को आपबीती सुनाई। इसके बाद पीड़िता ने 2 अक्टूबर को महिला थाना पूर्व में पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने पीड़िता की  शिकायत के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले को लेकर पुलिस प्रवक्ता ने संदीप कुमार ने बताया कि महिला टीचर के साथ रेप करने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5), 64(1), 70(1) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।