samacharsecretary.com

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शूटर ऐश्वर्य प्रताप को वर्ल्ड कप-2025 में रजत पदक जीतने पर दी बधाई

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खरगोन निवासी अंतर्राष्ट्रीय शूटर ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर को दोहा (कतर) में आयोजित आईएसएसएफ विश्व कप फाइनल -2025 में रजत पदक जीतने पर बधाई दी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के गौरव ऐश्वर्य प्रताप सिंह ने 50 मीटर रायफल 3 पोजिशन -पुरूष इवेंट में पदक जीत कर प्रदेश एवं देश का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्री तोमर के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।  

दीपक बैज बोले, कांग्रेस लोकतांत्रिक धरनों पर हुई कार्रवाई के खिलाफ

रायपुर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने हाल के दिनों में विरोध-प्रदर्शन कर रहे लोगों पर की जा रही कार्रवाई को लेकर विरोध जताया है. उन्होंने कहा कि बीजेपी की सरकार लोकतांत्रिक रूप से धरना कर रहे लोगों पर लाठियां बरसा रही है. बिना बात किए लाठी चार्ज करना गलत है, कांग्रेस इसका विरोध करती है. छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मीडिया से चर्चा में कहा कि कोल माइंस हथियाने के लिए ऐसा (लाठी चार्ज) किया जा रहा है. आँसू गैस दागे गए, उसी तरह कल खैरागढ़ में श्री सीमेंट के द्वारा जमीन हथियाया जा रहा है, इसे लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों पर लाठी चार्ज कराया गया. सरकार को इन सब मुद्दों को लेकर चर्चा करना चाहिए. वहीं किसान आत्महत्या पर बैज ने कहा कि महासमुंद के किसान टोकन के लिए दर-दर भटक कर थक गया. टोकन नहीं मिलने से किसान गला काटकर मर गया. ये स्थिति है राज्य के किसानों की. गलत नियम के तहत धान खरीदी कराई जा रही है. न ऑनलाइन और न ही ऑफलाइन टोकन मिल रहा है. धान ना खरीदना पड़े इसीलिए सरकार ऐसा जानबूझ कर रही है. बस्तर के स्वास्थ्य सुविधा को लेकर दीपक बैज ने कहा कि कल से पूरे बस्तर संभाग से ओपीडी पर्ची काटना बंद कर दिया गया है. आने वाले दिनों में अनिश्चितकालीन धरना देने की बात कही है. 16 महीनों से डॉक्टर-नर्स को प्रोत्साहन राशि सरकार ने नहीं दिया है. नक्सल क्षेत्र में यह अपनी जान जोखिम में डाल कर काम कर रहे हैं. डॉक्टर और नर्सों को तत्काल प्रोत्साहन राशि देना चाहिए. स्वास्थ्य मंत्री छोड़ दें अपना पद सरकारी अस्पताल में दवाई में मांस मिलने को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष कहा कि यह जानकारी हमारे पास आई है कि एक प्रसूता को सिरप में मांस का टुकड़ा मिला है. कितनी गंभीर बात है. इस सरकार में नकली दवाई धड़ल्ले से बिक रही है, इसका जवाबदार कौन है? ये सरकार अपनी काली कमाई के लिए प्रदेश के लोगों की जान से खिलवाड़ कर रही है. इस तरह की अमानक दवाई कैसे बेची जा रही है. स्वास्थ्य मंत्री को अपना पद छोड़ देना चाहिए.

पीड़िता की नाबालिग होने की बात साबित नहीं कर पाई सरकार, हाईकोर्ट ने नहीं माना दुष्कर्म का आरोप

बिलासपुर हाईकोर्ट ने शादी का वादा कर नाबालिग से दुष्कर्म करने के आरोपी को दोषमुक्त किए जाने के खिलाफ पेश राज्य शासन की अपील खारिज कर दी है. पीड़िता ने इस बात का स्वीकार किया था कि वह आरोपी के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी. मामले की सुनवाई जस्टिस संजय एस. अग्रवाल एवं जस्टिस राधाकिशन अग्रवाल की डीविजन बेंच में हुई. जानकारी के मुताबिक, रायगढ़ जिले की रहने वाली पीड़िता ने 10 फरवरी 2016 को रिपोर्ट दर्ज कराई कि 1 फरवरी 2016 से आरोपी उसके साथ लिव इन रिलेशनशिप में था, और इस दौरान उसने शादी का झूठा बहाना बनाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया. जब पीड़िता ने उससे शादी करने के लिए कहा, तो उसने मना कर दिया. पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 376 एवं पास्को एक्ट के तहत जुर्म दर्ज किया. पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण रिपोर्ट में पीड़िता के साथ जबरदस्ती सेक्सुअल इंटरकोर्स का कोई निशान नहीं देखा और न ही पीड़िता के शरीर पर अंदर या बाहर कोई चोट का निशान पाये जाने की रिपोर्ट दी गई. उम्र प्रमाणित करने के लिए पीड़ित का वर्ष 2011 का प्रोग्रेस कार्ड के हिसाब से जन्म प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया गया. मामले की सुनवाई स्पेशल कोर्ट में हुई. सुनवाई के बाद कोर्ट ने पीड़ित के बयान व उसकी उम्र 18 वर्ष से कम होना साबित नहीं होने पर आरोपी को दोषमुक्त किया. स्पेशल कोर्ट द्वारा दोषमुक्ति को चुनौती देते हुए राज्य शासन ने हाई कोर्ट में अपील की थी. मामले की सुनवाई जस्टिस संजय एस. अग्रवाल व जस्टिस राधाकिशन अग्रवाल की डीविजन बेंच में हुई. पीड़िता की आयु 18 वर्ष से कम साबित नहीं हो पाया.

मेवाड़ ने किया इंस्पेक्टर महेश नागदा का सम्मान, ऑपरेशन सिंदूर की वीरता को नमन

उदयपुर बीएसएफ के इंस्पेक्टर महेश नागदा के उदयपुर पहुंचते ही ओल्ड सिटी देशभक्ति के रंग में डूब गई। ओल्ड सिटी वेलफेयर कमेटी द्वारा आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, क्षेत्रवासी और उनके मित्र मौजूद रहे। भट्टियानी चौहट्टा निवासी नागदा को भारत सरकार, गृह मंत्रालय द्वारा ऑपरेशन सिंदूर में प्रदर्शित साहस, सूझबूझ और कर्तव्यनिष्ठा के लिए डायरेक्टर जनरल डिस्क व कमेंडेशन रोल से सम्मानित किया जाएगा।   रंगनिवास से जगदीश मंदिर तक निकला सम्मान जुलूस इंस्पेक्टर नागदा का स्वागत रंगनिवास चौकी से शुरू होकर जगदीश मंदिर तक भव्य जुलूस के रूप में किया गया। रास्तेभर लोगों ने फूलमालाओं से उनका अभिनंदन किया और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। जुलूस के दौरान आतिशबाजी, पगड़ी, उपरणा और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मान प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर उनके पिता रेवाशंकर नागदा भी मौजूद रहे।   भावुक कर देने वाला पिता–पुत्र का क्षण समारोह का सबसे भावुक पल तब आया जब बिना पूर्व सूचना पिता रेवाशंकर नागदा को बताया गया कि उनका पुत्र महेश उदयपुर पहुंच चुका है और शहर उनका सम्मान कर रहा है। पिता-पुत्र के इस मिलन ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। स्वागत से अभिभूत इंस्पेक्टर नागदा ने कहा कि वे सदैव भारत की माटी और मेवाड़ की धरा का मान बनाए रखने के लिए समर्पित रहेंगे। कार्यक्रम में उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़, गोपाल जोशी, अजय पोरवाल, देवेंद्र जांवलिया, जगदीश शर्मा, मनु राव, कुलदीप सिंह गहलोत, कैलाश सोनी, कुलदीप जोशी, शिवराज धाबाई, गोपाल नागर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी शामिल हुए।  

विवादित वीडियो: दंतेल हाथी ने घर में प्रवेश की कोशिश, इलाके में मची दहशत

रायगढ़ छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बीती रात एक दंतेल हाथी ने ग्रामीण के घर घुसने की कोशश की. हाथी ने घर के बाहरी गेट को तोड़ने की भी कोशिश की. घटना वन मंडल धर्मजयगढ़ के परिक्षेत्र छाल अंतर्गत परिसर ऐडू के ग्राम पुसल्दा (कोया मुड़ा) की है. हाथी की धमक से दहशत में आए घर वालों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद हाथी मित्र दल मौके पर पहुंचा. जानकारी के मुताबिक शनिवार देर रात जंगल से भटककर एक दंतेल हाथी कोयामुड़ा गांव निवासी हरिशचन्द्र राठिया के घर आ धमका. उसने घर का मुख्य द्वार को तोड़ने का प्रयास किया. हाथी की इस हरकत से घर वाले और ग्रामीणों में दहशत फैल गई है. फिलहाल हाथी मित्र दल हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रख रहा है. टीम ने बताया कि क्षेत्र में हाथियों की मूवमेंट अभी भी सक्रिय है और स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है. ग्रामीणों के लिए चेतावनी वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए विशेष चेतावनी जारी की है:     पुसल्दा से बरभोना कच्ची सड़क और ऐडू से बरभोना पक्की सड़क पर आवागमन सावधानीपूर्वक करें.     पुसल्दा, ऐडू, खेदापाली, बहेरामुडा, चीतापाली और रामनगर के निवासी अनावश्यक रूप से जंगल या सुनसान क्षेत्रों में न जाएं.

उत्तर भारत में बढ़ी ठंड, हरियाणा-पंजाब में तापमान लुढ़का, फरीदकोट-नारनौल में रिकॉर्ड गिरावट

चंडीगढ़  पंजाब और हरियाणा में रविवार को भी कड़ाके की ठंड का दौर जारी रहा। स्थानीय मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब के फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 4.4 डीग्री सेल्सियस दर्ज किये जाने के साथ यह राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा जबकि हरियाणा में सबसे कम न्यूनतम तापमान(4.6 डिग्री सेल्सियस) नारनौल में दर्ज किया गया। पंजाब में बठिंडा और गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि फिरोजपुर में छह डिग्री, अमृतसर में 6.1 डिग्री, लुधियाना में 6.8 डिग्री और पटियाला में 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, हरियाणा के भिवानी में न्यूनतम तापमान छह डिग्री, हिसार में 6.2 डिग्री, सिरसा में 6.6 डिग्री, करनाल में सात डिग्री, रोहतक में 7.8 डिग्री और अंबाला में 9.8 डिग्री रहा। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब' श्रेणी में, शीत लहर का पूर्वानुमान दिल्ली में रविवार सुबह वायु गुणवत्ता ‘‘बेहद खराब'' श्रेणी में दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के 'समीर' ऐप के अनुसार, सुबह 10 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 302 रहा। राष्ट्रीय राजधानी के 26 केंद्रों में एक्यूआई "बेहद खराब" श्रेणी में दर्ज की गई। सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा', 51 से 100 ‘संतोषजनक', 101 से 200 ‘मध्यम', 201 से 300 ‘खराब', 301 से 400 ‘बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच एक्यूआई ‘गंभीर' माना जाता है। इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिन में शीत लहर चलने का अनुमान जताया है। दिल्ली में तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम है तथा सुबह सापेक्ष आर्द्रता 100 प्रतिशत तक पहुंच गई। आईएमडी के अनुसार अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।   राजस्‍थान के कुछ हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान राजस्‍थान के कुछ हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहने और न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी का अनुमान है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ के असर से कुछ हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। जयपुर स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, एक नए कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से आने वाले कुछ दिन राज्य के कुछ भागों में आंशिक बादल छाए रहने और राज्य में आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने की प्रबल संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, वहीं कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी होगी और शीतलहर से राहत मिलेगी। विभाग के अनुसार, अगले दो-तीन दिन शेखावाटी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान चार डिग्री से ऊपर और अधिकांश भागों में 10 डिग्री से ऊपर (सामान्य के आसपास) रहेगा। मौसम विभाग ने बताया कि फतेहपुर में शनिवार रात न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम के अंतर्गत योगी सरकार ने बुंदेलखंड के 6 कृषि विज्ञान केंद्रों में तैयार कराए मिलेट्स प्रोसेसिंग प्लांट

कृषि विज्ञान केंद्रों में बनकर तैयार हुए श्री अन्न आधारित प्रोसेसिंग प्लांट, मिलेट्स प्रसंस्करण के साथ ही पैकेजिंग और विपणन में भी बनेंगे मददगार योगी सरकार ने कृषि विज्ञान केंद्रों को प्रोसेसिंग प्लांट शुरू करने के लिए दी है आर्थिक मदद झांसी, ललितपुर, बांदा, महोबा, जालौन और हमीरपुर में बनकर तैयार हुए हैं मिलेटस प्रोसेसिंग प्लांट मशीनों की खरीद के लिए शुरू हुई प्रक्रिया, नए साल में शुरू हो जाएगा सभी प्रोसेसिंग प्लांट पर काम लखनऊ उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम के अंतर्गत बुन्देलखंड के 6 जिलों में कृषि विज्ञान केंद्रों के माध्यम से मिलेट्स प्रसंस्करण, पैकेजिंग सह विपणन केंद्रों के निर्माण का काम फरवरी पूरा कर लिया गया है।प्रोसेसिंग प्लांट के लिए मशीनों की खरीद और इंस्टालेशन का काम जल्द शुरू होगा। विभागीय अफसरों का कहना है कि अगले वर्ष ये सभी प्रोसेसिंग प्लांट शुरू हो जाएंगे, जिससे किसानों को इसका लाभ मिल सकेगा। झांसी, बांदा, ललितपुर, महोबा, जालौन और हमीरपुर ज़िलों में कृषि विभाग ने प्रोसेसिंग प्लांट के निर्माण के लिए आर्थिक मदद प्रदान की है। योगी सरकार ने प्रत्येक मिलेट्स प्रसंस्करण, पैकेजिंग सह विपणन केंद्र की स्थापना के लिए 95 लाख रुपये प्रदान किए हैं। इन मिलेट्स प्रसंस्करण, पैकेजिंग सह विपणन केंद्रों की स्थापना का उद्देश्य श्री अन्न की खेती को बढ़ावा देना, प्रोसेसिंग करना और किसानों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने में मदद करना है। सभी कृषि विज्ञान केंद्रों पर प्रोसेसिंग प्लांट के लिए भवन तैयार कर लिया गए है। अब आने वाले समय में इनमें अत्याधुनिक प्रोसेसिंग मशीन को लगाया जाएगा। इनके माध्यम से मोटे अनाज की प्रोसेसिंग और पैकेजिंग हो सकेगी। बुन्देलखण्ड की जलवायु के अनुकूल मोटे अनाजों को उगाने के लिए किसानों को बीज उपलब्ध कराए जाएंगे। फसल तैयार हो जाने पर इन केंद्रों पर किसानों के उपज की प्रोसेसिंग और पैकेजिंग की जाएगी। बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के निदेशक प्रसार डॉ एन के बाजपेयी ने बताया कि झांसी, ललितपुर, जालौन, महोबा, बांदा और हमीरपुर में श्री अन्न आधारित प्रोसेसिंग प्लांट के लिए भवन निर्माण का काम पूरा हो गया है। अब बहुत जल्द यहां मशीनों की खरीद और इंस्टालेशन का काम पूरा कर लिया जाएगा। उम्मीद है कि अगले वर्ष किसानों को बीज देने और उससे होने वाली उपज को इन केंद्रों में प्रोसेस करने का काम शुरू हो जाएगा।

झारखंड CM का संदेश: आदिवासी समाज में बिखराव नहीं, एकता जरूरी

रांची झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आदिवासी समुदायों के सामने बढ़ती चुनौतियों को गंभीर बताते हुए पूरे देश के आदिवासियों से व्यापक एकजुटता की अपील की है. उन्होंने कहा कि अगर आदिवासी समाज अब भी बिखरा रहा, तो आने वाले समय में उनका अस्तित्व ही संकट में पड़ सकता है. देश के विभिन्न हिस्सों से आए आदिवासी प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का समय चेतावनी का है. आपने हमेशा देखा होगा कि बड़ी मछली छोटी मछली को खा जाती है. यह कहावत केवल पानी की दुनिया की नहीं है, यह समाज पर भी सही बैठती है. उनका संकेत इस बात पर था कि शक्तिशाली वर्ग हमेशा कमजोर तबकों को दबाने की कोशिश करता है और इस स्थिति से उबरने का एकमात्र रास्ता एकता है. जनगणना में आदिवासियों की उपेक्षा पर सीएम ने जताई नाराजगी हेमंत सोरेन ने जनगणना में आदिवासियों की उपेक्षा पर भी नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि आदिवासी समुदाय को कभी भी उसकी सही हिस्सेदारी या पहचान नहीं दी जाती. सालों से हमारी अस्मिता, हमारी भाषा, हमारी पहचान को सही मान्यता नहीं मिल पाई है. यह अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण लेकिन मजबूत लड़ाई का समय है. जनता ने राज्य का नेतृत्व करने की दी जिम्मेदारी- हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें झारखंड की जनता ने राज्य का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी दी है, लेकिन वह जानते हैं कि आगे का सफर आसान नहीं होगा. जैसे-जैसे हम आगे बढ़ेंगे, चुनौतियां भी बढ़ेंगी. ऐसे में हम सबको एक जुट होकर तैयार रहना होगा. झामुमो अध्यक्ष ने आदिवासी समाज को चेताते हुए कहा कि अगर वे संगठित नहीं हुए, तो उन्हें भविष्य में और ज्यादा हाशिए पर धकेला जा सकता है. प्रणालीगत उपेक्षा और हाशिए पर डालना कोई नई बात नहीं है. आज जरूरत है कि आदिवासी समाज एक मंच पर आए और अपनी पहचान को मजबूत करें. अपार संपदा से भरी है राज्य की मिट्टी – सोरेन हेमंत सोरेन ने झारखंड की प्राकृतिक संपदा, विशेषकर खनिज संसाधनों पर भी चिंता जताई. उन्होंने कहा कि राज्य की मिट्टी अपार संपदा से भरी है, लेकिन लोगों को यह सोचना चाहिए कि क्या यह ‘समृद्धि’ वास्तव में एक वरदान साबित हुई है या फिर इसका दोहन आदिवासी समुदाय के लिए अभिशाप बन गया है. उन्होंने कहा कि संसाधनों पर केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि न्यायपूर्ण उपयोग भी जरूरी है.

जमीन की गाइडलाइन दरों में बढ़ोतरी पर CM साय का संज्ञान, जरूरत पड़ी तो होंगे बदलाव

रायपुर छत्तीसगढ़ में जमीन खरीद–फरोख्त के लिए जारी नई कलेक्टर गाइडलाइन दरों में भारी बढ़ोतरी के बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। कई जिलों में गाइडलाइन दरों में 100% तक वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि कुछ क्षेत्रों में यह बढ़ोतरी 800% तक पहुंच गई है। अचानक बढ़े इन दरों को लेकर आम जनता, व्यापारी, किसान और राजनीतिक दल खुलकर विरोध जता रहे हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्थिति पर संज्ञान लेते हुए स्पष्ट किया है कि सरकार जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने देगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि गाइडलाइन दरों को लेकर अभी भी विभागीय मंथन जारी है और जरूरत पड़ने पर सरकार इसमें पुनर्विचार करने के लिए तैयार है। 2017 के बाद से जमीन की दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं – CM साय मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद से जमीन की गाइडलाइन दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई थी, जबकि नियमों के अनुसार हर साल इन दरों में संशोधन होना चाहिए। उन्होंने बताया कि गाइडलाइन बढ़ने के कई सकारात्मक पहलू भी हैं, परंतु वे अभी जनता के सामने उतने स्पष्ट रूप से नहीं आ पा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि नई दरों से आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा होती है तो सरकार स्थिति की समीक्षा करेगी और लोगों को राहत देने के विकल्पों पर गंभीरता से विचार करेगी। गौरतलब है कि राज्य में नई गाइडलाइन का विरोध लगातार बढ़ रहा है और सरकार पर दबाव भी। ऐसे में आने वाले दिनों में गाइडलाइन दरों में संशोधन या राहत देने संबंधी कोई निर्णय लिया जा सकता है। छत्तीसगढ़ में जमीन दरों को लेकर जारी यह खींचातानी अब प्रमुख राजनीतिक मुद्दा बन चुकी है।

सिस्टम पर सख्ती: FIR लंबित रखने पर IG सरगुजा ने ASI को निलंबित किया, TI भी लाइन हाजिर

बलरामपुर महिला से सामूहिक दुष्कर्म और मानसिक उत्पीड़न के मामले में तीन महीने तक मामला दर्ज नहीं किए जाने पर सरगुजा आईजी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जांच अधिकारी एएसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के साथ थाना प्रभारी को लाइन अटैच कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं. जानकारी के अनुसार, झारखंड निवासी तीन युवकों पर शादीशुदा महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का आरोप है. आरोप है कि घटना वाले दिन महिला अपने घर में अकेली थी, तभी तीनों युवक जबरन घर में घुसे और दुष्कर्म किया. घटना से मानसिक रूप से टूट चुकी पीड़िता ने उसी रात फांसी लगाकर जान दे दी. घटना के बाद परिजन न्याय की मांग को लेकर बार-बार थाना पहुंचे, लेकिन पुलिस की ओर से एफआईआर दर्ज करने में देरी की गई. परिजनों के अनुसार, यह स्पष्ट रूप से सामूहिक बलात्कार और मानसिक उत्पीड़न का मामला है, लेकिन पुलिस ने इसे आत्महत्या का प्रकरण मानते हुए शिकायत को ठंडे बस्ते में डाल दिया. तीन महीनों तक परिजन इधर-उधर चक्कर काटते रहे, मगर कोई सुनवाई नहीं हुई. आखिरकार परिजनों ने सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा के समक्ष सीधे शिकायत दर्ज करवाई. शिकायत के बाद मामले में उच्चस्तरीय जांच शुरू की गई. सरगुजा आईजी द्वारा प्रारंभिक जांच में पुलिस की गंभीर लापरवाही पाए जाने पर जांच अधिकारी एएसआई रोशन लकड़ा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. वहीं सनावल थाना प्रभारी गजपति मिर्रे को लाइन अटैच करते हुए विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं.