samacharsecretary.com

वाल्मी में तीन दिवसीय अल्पविराम आनंद कार्यशाला संपन्न

भोपाल आनंद विभाग द्वारा तीन दिवसीय  'आनंदम सहयोगी' प्रशिक्षण कार्यशाला का 16 से 18 जुलाई 2025 तक वाल्मी, भोपाल में आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में प्रतिभागियों ने नकारात्मक विचार छोंड़ने तथा व्यवहार से रिश्तों में सुधार करने का निर्णय लिया। प्रतिभागियों ने कहा कि सगे संबंधियों को भी इस  कार्यशाला से जुड़ने का अवसर मिले जिससे कि उनके जीवन में आनंद का प्रसार हो। राज्य आनंद संस्थान द्वारा ‘खाद्य, नागरिक, आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के अधिकारियों  के लिए कार्यक्रम में भावनात्मक, मानसिक और सामाजिक रूप से अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया गया, जिससे वे जनसेवा के रूप में बेहतर योगदान दे सकें। प्रशिक्षण में मानसिक स्वास्थ्य, कार्य में आनंद, सकारात्मक सोच तथा सामूहिक सहभागिता जैसे विषयों पर ध्यान दिया गया।  विभिन्न जिलों से  ‘खाद्य, नागरिक, आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के कुल 56 अधिकारी/कर्मचारी  इस कार्यशाला में शामिल हुए। सत्र संचालन में राज्य आनंद संस्थान के मास्टर ट्रेनर श्री गणेश कनाडे, श्री संतोष तिवारी, श्रीमती मुक्ति राय, श्रीमती पुष्पेंद्र सिसोदिया , सुश्री श्रद्धा ठाकुर तथा कार्यक्रम संयोजक के रूप में श्री प्रदीप महतो उपस्थित रहे।  राज्य आनंद संस्थान, आनंद विभाग के डायरेक्टर श्री सत्य प्रकाश आर्य ने प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया।  

विश्व मंच पर चमका मध्य प्रदेश: सीएम यादव के विदेश दौरे से खुले निवेश और विकास के द्वार

भोपाल 'मैंने ऐसा कभी नहीं देखा कि किसी नेता ने 30 मिनट की चर्चा के बाद एमओयू साइन कर लिया हो.., मध्यप्रदेश आपको बुला रहा है, बेहिचक निवेश करें, हम भी आपको रिटर्न गिफ्ट देने में कोई कमी नहीं रखेंगे.., एमपी के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं, हर सेक्टर में निवेशकों का स्वागत है…, कुछ बात है कि हस्ती मिटती नहीं हमारी.., जोत से जोत जले.., एमपी और बार्सिलोना जुड़वा भाई हैं..।' ये चंद भाषणों की लाइनें हैं जो मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दुबई-स्पेन की यात्रा से निकलकर आई हैं। इन लाइनों से यह पता चलता है कि सीएम डॉ. मोहन यादव एक प्रभावी लीडर के रूप में उभर रहे हैं। पहले यूके-जर्मनी-जापान यात्रा और फिर दुबई-स्पेन यात्रा ने इस बात के संकेत दिए हैं कि वैश्विक उद्योगपतियों पर उनका सकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। उनकी ताजा यात्रा को मास्टर स्ट्रोक के रूप में देखा जा रहा है।   गौरतलब है कि सीएम डॉ. यादव स्पेन पहुंचे तो उनका भारतीयों ने जोरदार स्वागत किया। उन्होंने मैड्रिड और बार्सिलोना में यहां विश्व की अग्रणी कंपनियों के शीर्ष पदाधिकारियों से वन-टू-वन मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान सीएम डॉ. यादव का अंदाज उद्योगपतियों को बेहद पसंद आया। निवेशक मध्यप्रदेश सरकार की नीतियों से संतुष्ट दिखाई दिए। स्पेन की नामी सेनेटरीवेयर कंपनी रॉका ग्रुप के कॉर्पोरेट संचालन निदेशक पाउ अबेलो ने सीएम डॉ. यादव को देवास स्थित कंपनी की इकाई ‘रॉका बाथरूम प्रॉडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड’ की जानकारी की। कंपनी ने देवास में 164.03 करोड़ का निवेश किया है, साथ ही 400 से ज्यादा लोगों को रोजगार भी दिया है। इस जानकारी के बीच कंपनी ने प्रदेश के मुखिया को यूनिट के विस्तार और आगामी योजनाओं की जानकारी भी दी। लालीगा के मैचों में हो सकता है चमत्कार दूसरी ओर, सीएम डॉ. यादव ने स्पोर्ट्सफन टीवी एसएल के सह-संस्थापक सिद्धार्थ तिवारी के साथ भी बैठक की। इसमें तिवारी ने उन्हें सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि आपसी सहयोग से मध्यप्रदेश में फुटबॉल की प्रतिभाओं को खोजा जा सकता है। इसी तरह अमेक (Association Multisectorial de AMEC) के निदेशक एलेजांद्रो गैलेगो अल्काइडे ने सीएम डॉ. यादव से कहा कि उनकी कंपनी राज्य की वैश्विक ब्रांडिंग, मीडिया एनालिटिक्स, एआई आधारित संचार रणनीतियों औरै अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर मध्यप्रदेश की पहचान को सशक्त करने की दिशा में सहयोग कर सकती है। इस यात्रा के दौरान सबसे खास रहा उनका लालीगा लीग का दौरा। हो सकता है कि आगामी लालीगा के मैचों में दुनियाभर के करोड़ों दर्शकों को मध्यप्रदेश के सांची और भीमबैठका जैसे टूरिज्म स्पॉट देखने को मिलें। अगर वाकई ऐसा होता है तो प्रदेश में टूरिज्म सेक्टर में न केवल टूरिस्टों की संख्या बढ़ेगी, बल्कि भारी रोजगार भी मिलेगा। दुबई के निवेशक भी हुए प्रभावित स्पेन की ही तरह सीएम डॉ. मोहन यादव की दुबई यात्रा भी सफल रही। वे यहां भी 13 से 15 जुलाई के बीच विभिन्न व्यापारिक बैठकों और निवेश संवाद कार्यक्रमों में शामिल हुए। उनकी यह यात्रा मध्यप्रदेश के विकास यात्रा की एक मजबूत नींव साबित होगी। राज्य की मोहन सरकार ने इस विकास यात्रा को इस भावना के साथ डिजाइन किया था कि यह राज्य के आर्थिक विकास और वैश्विक साझेदारियों के लिए एक मजबूत आधार बने। दुबई में सीएम डॉ.यादव ने डीपी वर्ल्ड, जाएफजा (जेबेल अली फ्री ज़ोन), भारतीय उद्यमियों और निवेशकों के साथ कई रणनीतिक बैठकें की। एक बैठक में भारत मार्ट जैसे महत्वाकांक्षी वैश्विक व्यापार केंद्र को लेकर सहमति भी बनी। अरब संसद के अध्यक्ष मोहम्मद अल यामाहि ने भी मध्यप्रदेश में निवेश के लिए हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।  

राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने विभिन्न वार्डों में संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा की

निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से हटाए जाएं अतिक्रमण भोपाल पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने शनिवार को अधिकारियों को निर्देश दिए कि अतिक्रमण हटाने के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने कहा कि निकाय अधिकारी अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से करें। दर्जनों कॉलोनियों को मिलेगी सीसी रोड, स्ट्रीट लाइट्स राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने इच्छापूर्ण महादेव मंदिर, सोनागिरी ए-सेक्टर में रोड, नाली, शेड और पार्क की बाउंड्रीवाल का कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। आनंद नगर मल्टी का कार्य नवंबर तक पूर्ण करने और उसका नाम पंडित दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर रखने का सुझाव दिया। विभिन्न कॉलोनियों में सीवेज चैंबर की सफाई, सीसी रोड एवं स्ट्रीट लाइटों के लिए इस्टीमेट तैयार करने को कहा गया। अमृत 2.0 योजना से जुड़ेंगे सीवेज, अतिक्रमण हटेगा इंद्रपुरी ए-सेक्टर में रोड निर्माण, मंदिर की छत और फ्लोरिंग, सीवेज लाइन सुधार के निर्देश दिए। नवोदा कैंसर हॉस्पिटल के पास गंदगी फैलाने पर नोटिस जारी करने के आदेश दिए गए। अमृत 2.0 योजना से सीवेज लाइन जोड़ने, पार्कों की सफाई, गड्ढों की मरम्मत व अतिक्रमण हटाने पर भी जोर दिया गया। तेज़ी से पूरे करें विकासकार्य: राज्यमंत्री श्रीमती गौर इंद्रपुरी सी-सेक्टर में दुकानदारों द्वारा किए गए 10-10 फीट तक के अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए और कार्यवाही के दौरान पुलिस बल की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया। सतनामी नगर, अर्जुन नगर, रोजवुड कॉलोनी आदि में नाले और सड़कों के निर्माण के लिए अतिक्रमण हटाने और स्ट्रीट लाइट कार्य में तेजी लाने के आदेश भी दिए गए। बैठक में श्री लवकुश यादव, पार्षद श्रीमती ममता विश्वकर्मा, श्रीमती छाया ठाकुर, श्री संतोष ग्वाला सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

धर्मांतरण की जड़ों तक पहुंची जांच: छांगुर केस से खुला यूपी में एक्टिव गैंग का राज

लखनऊ  यूपी में धर्मांतरण के धंधेबाज छांगुर बाबा को लेकर रोज नए-नए खुलासे हो रहे हैं। इसी बीच शनिवार को यूपी के डीजीपी राजीव कृष्ण की प्रेस कांफ्रेंस में एक नए गैंग का खुलासा हुआ जो आईएसआईएस की तर्ज पर कई राज्यों में अपना जाल फैलाकर लड़कियों को बरगरलाता और उनका धर्मांतरण कराता था। आगरा से लापता दो लड़कियों का धर्मांतरण करने के मामले में आगरा पुलिस ने छह प्रदेशों में दबिश देकर 10 लोग गिरफ्तार किए। इनका छांगुर गिरोह से संपर्क नहीं मिला है। इन्हें कनाडा, अमेरिका, दुबई समेत कई देश से करोड़ो की फंडिंग हुई थी। मामले की जानकारी देते हुए डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि सीएम योगी के नेतृत्व में यूपी पुलिस अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टालरेंस नीति के तहत पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। कुछ विशिष्ट चुनौतियां हैं जिनका सामना करने के लिए पुलिस ने मिशन अस्मिता लांच किया था जिसमें पूर्व में अवैध धर्म परिवर्तन सिंडिकेट के कुछ अभियुक्त गिरफ्तार किए गए थे। इनमें मोहम्मद उमर गौतम, मुफ्ती जहांगीर आलम कासमी को एटीएस ने गिरफ्तार किया था। डीजीपी ने बताया कि इसी कड़ी में हाल में छांगुर बाबा उर्फ जमालुद्दीन उर्फ जलालुद्दीन के अवैध धर्म परिवर्तन के सिंडिकेट का भी पर्दाफाश किया गया। इसमें एसटीएफ और एटीएस की जांच जारी है जिसमें कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। यह अभियान जेहाद के नाम पर अंतरराष्ट्रीय जेहादी फंडिंग प्राप्त करने, रेडिकाइलेशन की कार्रवाई करने और राष्ट्रीय सुरक्षा में सेंध लगाने के उद्देश्य से अवैध धर्मांतरण, डार्क वेव और अन्य नेटवर्क के जरिए गंभीर अपराध करने वाले अपराधियों के विरुद्ध है। इसी कड़ी में आगरा में एक उल्लेखनीय काम किया गया है। इसमें छह प्रदेशों में दबिश देकर 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। ये लोग देश के विभिन्न राज्यों में विशेष तौर पर कम उम्र की लड़कियों को प्रलोभन, लव जिहाद और अन्य तरीकों से प्रभावित करके अवैध धर्मांतरण के काम में लिप्त थे। अवैध धर्मांतरण का यह मोडस अपरेंडी आईएसआईएस का सिग्नेचर स्टाइल है। प्रारंभिक जांच में इस ग्रुप का संबंध पीएफआई, एसडीपीआई और पाकिस्तान के आतंकी संगठनों से भी होने के संकेत मिले हैं। डीजीपी ने बताया कि आगरा पुलिस की इस उल्लेखनीय कार्रवाई के बाद जांच में एसटीएफ और एटीएस को भी शामिल किया गया है। आवश्यकतानुसार अन्य राज्यों की पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों से भी समन्वय स्थापित किया जाएगा। धर्मांतरण का कौन धंधेबाज कहां से पकड़ा गया? आयशा (एसबी कृष्णा)-गोवा अली हसन (शेखर रॉय)-कोलकाता ओसामा-कोलकाता रहमान कुरैशी-आगरा अब्बू तालिब-खालापार, मुजफ्फरनगर अबुर रहमान-देहरादून मोहम्मद अली-जयपुर राजस्थान जुनैद कुरैशी-जयपुर मुस्तफा (मनोज)-दिल्ली मोहम्मद अली-जयपुर  

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अमर शहीद मंगल पांडे को किया नमन

भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अमर शहीद श्री मंगल पांडे की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए पुण्य स्मरण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अग्रदूत अमर शहीद मंगल पांडे ने असाधारण साहस के बूते देश के स्वाभिमान की रक्षा की और स्वतंत्रता के लिए राष्ट्र को जागृत करने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। प्रत्येक भारतवासी सदैव उनका ऋणी रहेगा।  

मध्यप्रदेश ईको पर्यटन विकास बोर्ड द्वारा दो दिवसीय प्रबंधन कैम्पिंग प्रशिक्षण सम्पन्न

भोपाल मध्यप्रदेश ईको पर्यटन विकास बोर्ड द्वारा 17 एवं 18 जुलाई को सीहोर जिले के वन मण्डल अंतर्गत ग्राम कठौतिया ईको जंगल कैम्प में दो दिवसीय गंतव्य स्थल प्रबंधन एवं कैम्पिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य ईको पर्यटन स्थल पर कार्यरत समिति सदस्यों को रोजगार के नये आयाम विकसित करना, स्थल पर आने वाले पर्यटकों को वन एवं वन्य-जीव पर्यावरण के संबंध में शिक्षित करना और स्थल के आसपास के सभी गाँवों को वनों को संरक्षित करने के लिये जागरूक करना है। प्रशिक्षण में मुख्य कार्यपालन अधिकारी ईको पर्यटन विकास बोर्ड डॉ. समिता राजौरा ने सभी प्रशिक्षणार्थियों से संवाद किया। प्रशिक्षण में 12 ईको पर्यटन से आये 49 सदस्यों ने लिया भाग प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रदेश के 12 ईको पर्यटन गंतव्य स्थलों, जिनमें सापना ईको पर्यटन स्थल वन मण्डल दक्षिण बैतूल, मगरपाठ व कठौतिया ईको पर्यटन स्थल वन मण्डल सीहोर, बोदाखो व समर्धा ईको पर्यटन स्थल वन मण्डल भोपाल, चिड़ीखो अभयारण्य वन मण्डल राजगढ़, देलावाड़ी ईको पर्यटन स्थल रातापानी टाइगर रिजर्व, उमरीखेड़ा ईको पर्यटन स्थल वन मण्डल इंदौर, देवखो कूनो वन्य-प्राणी अभयारण्य, चारखेड़ा ईको पर्यटन स्थल वन मण्डल खण्डवा, पनपथा ईको पर्यटन स्थल बाँधवगढ़ टाइगर रिजर्व और खिवनी अभयारण्य वन मण्डल देवास से आये कुल 49 सदस्यों, वन परिक्षेत्र अधिकारी, वन रक्षक, समिति अध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, सदस्य ने प्रशिक्षण में भाग लिया। ईको पर्यटन की गतिविधियों को समझाया प्रशिक्षण के पहले सत्र में ईको पर्यटन समिति का गठन एवं संचालन, समिति सदस्यों की चयन प्रक्रिया, समिति गठन की प्रक्रिया, समिति सदस्यों तथा अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष का दायित्व एवं कर्त्तव्य, प्रत्येक माह में समिति की बैठकों का रजिस्टर संधारण, संघर्ष प्रबंधन, सेवा प्रदाता का चयन और कानूनी अनुपालन के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। दूसरे सत्र में अतिथि सत्कार प्रबंधन, अतिथि रवानगी, स्टोर प्रबंधन, किचन प्रबंधन, कैम्प साइड प्रबंधन, टॉयलेट प्रबंधन, तीसरे सत्र में साइड प्रबंधन, साफ-सफाई एवं स्वच्छता प्रबंधन, बुनियादी सुविधा, भण्डार प्रबंधन, सुरक्षा प्रबंधन, ट्रेकिंग एवं कैम्पिंग आदि के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। ईको पर्यटन के अंतर्गत गतिविधियों में प्राकृतिक पथ-भ्रमण, पक्षी-दर्शन, विलेज वॉक, रात्रि जंगल वॉक, साहसिक गतिविधि, सेल्फी पाइंट और बैलगाड़ी की सैर इत्यादि शामिल है। प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र भी दिये गये।  

उत्तर प्रदेश में कांवड़ लेने जा रहे 4 श्रद्धालुओं को ट्रैक्टर ट्रॉली ने मारी टक्कर, एक की मौत

संभल  उत्तर प्रदेश के संभल जिले में कांवड़ यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं के साथ एक दर्दनाक हादसा हो गया. असमोली थाना क्षेत्र के मनोटा पुल के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक सवार चार कांवड़ियों को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक कांवड़िए की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और RRF (रैपिड रेस्पॉन्स फोर्स) की टीम मौके पर पहुंची. चारों घायलों को तुरंत संभल जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक और कांवड़िए को मृत घोषित कर दिया. बाकी तीन घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है. हादसे के बाद अस्पताल में भारी भीड़ जमा हो गई.

कांग्रेस अध्यक्ष पद पर राव दान सिंह की चर्चा पर किरण का कटाक्ष – अब तो पूरी तबाही तय है

भिवानी  राज्यसभा सांसद किरण चौधरी आज भिवानी रेलवे स्टेशन पहुंचीं। उन्होंने बताया कि स्टेशन के नवीनीकरण पर 16 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। यह काम केंद्र सरकार की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हो रहा है। राव दान सिंह को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा पर किरण चौधरी ने ली चुटकी  इस दौरान किरण चौधरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा प्रदेश कार्यकारिणी की 30 जून तक गठन किए जाने के बाद भी अभी तक नहीं बनने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस की डेटलाईन आती-जाती रहती है। यह पार्टी शून्य पर थी तथा शून्य पर ही बनी रहेगी। जनता को इस पार्टी से अधिक अपेक्षा नहीं रखना चाहिए। हरियाणा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव दान सिंह को बनाए जाने की चर्चाओं पर किरण चौधरी ने चुटकी ली। उन्होंने कहा कि उनके नाम तो पहले ही 16 हजार करोड़ रूपये का घोटाला है। यदि ऐसा प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस का बनेगा तो रही-कसी कसर भी पूरी हो जाएगी।  उन्होंने कहा कि कि पूर्व मुख्यमंत्री चौ. बंसीलाल ने रेलवे मंत्री रहते हुए भिवानी के इस रेलवे स्टेशन को उस समय का एक मॉडल रेलवे स्टेशन बनाया था, जिसका जीर्णोद्धार अब 16 करोड़ रूपये की लागत से किया गया है। आधुनिकीकरण के तहत रेलवे स्टेशन पर सांस्कृतिक झलक के साथ डिजाईन, दिव्यांगों के लिए रैंप, आधुनिक प्रतीक्षालय व शौचालय, टिकट काऊंटर व आकर्षित प्रवेश द्वार इस योजना के तहत बनाए गए है। ताकि भारतीय रेलवे और भी सुदृढ़ तरीके से लोगों की यात्राएं सुगम बढ़ाने की तरफ आगे बढ़ सकें। इस मौके पर राज्यसभा सांसद किरण चौधरी ने कहा कि भारत एक विशाल देश है। इसे सांस्कृतिक रूप से जोड़े रखने में रेलवे की अहम भूमिका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत इस वीजन को आगे बढ़ाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि भिवानी सिटी स्टेशन पर दिल्ली जाने वाली ट्रेनों के ठहराव को लेकर भी राज्यसभा में मुद्दा उठाएंगी। वहीं अभय सिंह चौटाला को अपराधिक तत्वों द्वारा धमकी दिए जाने को किरण चौधरी ने गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि पुलिस इस दिशा में कार्य कर रही है तथा मुख्यमंत्री भी कह चुके है कि प्रदेश में गुंड़ों को नहीं रहने दिया जाएगा। राव इंद्रजीत सिंह व किरण चौधरी को दिग्विजय चौटाला द्वारा टिप्पणी किए जाने के सवाल पर राज्यसभा सांसद ने कहा कि दिग्विजय चौटाला के पास कोई पद नहीं है। वे जिम्मेदारी वाली बात नहीं करते। उनके लिए अंगूर अभी खट्टे है।

मुख्यमंत्री साय बोले – नई औद्योगिक नीति के माध्यम से विकास और रोजगार सृजन कर रही है हमारी सरकार

फार्मास्यूटिकल इकाई का शुभारंभ प्रदेश के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण कदम रायपुर मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने आज नवा रायपुर के सेक्टर-05 स्थित एस्पायर फार्मास्यूटिकल्स की नवनिर्मित इकाई का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रबंधन को शुभकामनाएं दीं और उत्पादन इकाई का भ्रमण कर दवा निर्माण की संपूर्ण प्रक्रिया का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री शसाय ने कहा कि कोविड के कठिन दौर में दवाइयों की किल्लत को देखते हुए इस इकाई के निर्माण का सपना देखा गया था और आज वह साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि जब पूरी दुनिया कोविड के संकट से जूझ रही थी, तब भारत ने स्वदेशी वैक्सीन विकसित कर एक मिसाल कायम की। श्री साय ने कहा कि फार्मास्यूटिकल्स की  इकाई का शुभारंभ प्रदेश के औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति निवेशकों को आकर्षित कर रही है और पिछले सात-आठ महीनों में 6 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से कई परियोजनाओं पर कार्य आरंभ हो चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार औद्योगिक इकाइयों के माध्यम से अधिक से अधिक रोजगार सृजन का कार्य कर रही है और ऐसी इकाइयों को विशेष प्रोत्साहन भी दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ आज रजत जयंती वर्ष में प्रवेश कर चुका है, और इन 25 वर्षों में जो विकास हुआ है, उसमें पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह ने न केवल प्रदेश से भूखमरी को दूर किया, बल्कि स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में भी ठोस नींव रखी। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य गठन के समय प्रदेश में केवल एक मेडिकल कॉलेज था, जबकि आज प्रदेश में 15 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं। प्रदेश में आयुष्मान भारत योजना और मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के जरिए लोगों को निःशुल्क इलाज मिल रहा है। श्री साय ने बताया कि पिछले डेढ़ वर्ष की अवधि में छह से अधिक विशेषज्ञ अस्पतालों के शुभारंभ का मैं साक्षी रहा हूं, जो दर्शाता है कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री श्री मोदी का मानना है कि लोग बीमार न पड़ें, निरोगी रहें, और उनकी इसी संकल्पना के अनुरूप वेलनेस सेंटर के माध्यम से लोगों को आरोग्य प्राप्त हो रहा है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सरकार ने “विकसित छत्तीसगढ़ 2047” की परिकल्पना के तहत विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश की सकल राज्यीय उत्पाद (GSDP) 5 लाख करोड़ है, जिसे 2030 तक ₹10 लाख करोड़ और 2047 तक ₹75 लाख करोड़ तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है, और यह प्रदेशवासियों के सहयोग से ही संभव होगा। मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर एस्पायर फार्मास्यूटिकल्स का भ्रमण कर उन्नत तकनीकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह इकाई पूरी तरह ऑटोमेटेड है, जहाँ टैबलेट, सिरप, ऑइंटमेंट और क्रीम जैसे विभिन्न प्रकार की दवाइयों का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस इकाई के विस्तार से बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि प्रदेश के फार्मास्यूटिकल सेक्टर में यह एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक शुरुआत है। उन्होंने कहा कि भारत ने इस क्षेत्र में अपनी विशेष पहचान बनाई है और कोविड काल के दौरान पूरी दुनिया को यह एहसास हुआ कि दवाइयों और चिकित्सा संसाधनों का क्या महत्व है। उन्होंने कहा कि अमेरिका और यूरोप जैसे विकसित देशों ने भी उस दौर में भारत की फार्मा क्षमता पर विश्वास जताया। उन्होंने आगे कहा कि हाल ही में विकसित छत्तीसगढ़ की संकल्पना को साकार करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए विजन डॉक्यूमेंट जारी किया गया है, जो आने वाले वर्षों में प्रदेश को नई ऊँचाइयों पर ले जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश के औद्योगिक विकास में नवा रायपुर की केंद्रीय भूमिका है। यह क्षेत्र न केवल औद्योगिक निवेश के लिए उपयुक्त है, बल्कि सभी प्रमुख मार्गों से जुड़ाव के कारण लॉजिस्टिक्स की दृष्टि से भी अत्यंत सुविधाजनक है। डॉ. सिंह ने एस्पायर फार्मास्यूटिकल्स की टीम को इस नई शुरुआत के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह इकाई नवा रायपुर के विकास को नई गति देगी। इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, पवन साय, विधायक गुरु खुशवंत साहेब, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक ललित चंद्राकर, विधायक संपत अग्रवाल, विधायक अनुज शर्मा, सीजीएमएससी के अध्यक्ष दीपक म्हस्के, सीएसआईडीसी के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्षसंजय श्रीवास्तव, एस्पायर फार्मास्यूटिकल्स से कोमलचंद चोपड़ा, अनिल देशलहरा और उज्ज्वल दीपक सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

चुनावी पोस्टर लगे वाहन में मिली भारी मात्रा में शराब, जांच में जुटी पुलिस

रोहतास रोहतास जिले के काराकाट थाना क्षेत्र अंतर्गत जोरावरपुर गांव के पास शनिवार सुबह एक वाहन दुर्घटना के बाद उस वक्त हड़कंप मच गया जब उसमें से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। खास बात यह रही कि उक्त वाहन पर जन सुराज पार्टी के पोस्टर लगे हुए थे, जिससे कई तरह के सवाल उठने लगे हैं। पुलिस ने वाहन सहित शराब की खेप को जब्त कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है। दुर्घटना के बाद उजागर हुआ मामला प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जन सुराज पार्टी के पोस्टर लगे एक बोलेरो वाहन और एक ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हुई। हादसे के बाद दोनों वाहन चालक मौके से फरार हो गए। टक्कर की आवाज सुनकर पहुंचे स्थानीय लोगों ने जब वाहन को देखा, तो उसमें शराब की खेप पाई गई। घटना की जानकारी मिलते ही काराकाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बोलेरो से बड़ी मात्रा में शराब बरामद की। पुलिस ने बोलेरो और ट्रक दोनों को जब्त कर लिया है और कागजातों की जांच की जा रही है। जांच के घेरे में कई सवाल पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि क्या शराब की यह खेप किसी राजनीतिक कार्यकर्ता से जुड़ी थी या किसी तस्कर ने पहचान छिपाने के लिए राजनीतिक पार्टी का पोस्टर वाहन पर चिपकाया था। फिलहाल वाहन मालिक की पहचान की जा रही है और प्राथमिकी दर्ज कर जांच प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।