samacharsecretary.com

MP में मौसम बदलने के संकेत, कुछ शहरों को मिलेगी ठंड से राहत

भोपाल वर्तमान में कोई प्रभावी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर पर बना पश्चिमी विक्षोभ भी आगे बढ़ गया है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, हवा के रुख में कुछ बदलाव होने से शनिवार से ठंड से मामूली राहत मिलना शुरू हो सकती है। हालांकि कुछ शहरों में शीतलहर का प्रभाव अभी बना रह सकता है। तीन दिन बाद रात के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। उधर, शुक्रवार को भोपाल, राजगढ़, शाजापुर, रीवा, शहडोल, जबलपुर, नौगांव एवं शिवपुरी में शीतलहर का और इंदौर में तीव्र शीतलहर का प्रभाव रहा। रात का सबसे कम आठ डिग्री सेल्सियस तापमान शिवपुरी में रिकॉर्ड किया गया। दिन का सबसे अधिक 30.8 तापमान नर्मदापुरम में दर्ज किया गया।   तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी एचएस पांडे के मुताबिक, अभी तीन दिन तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। उसके बाद रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। हालांकि राजस्थान पर एक प्रति चक्रवात बना हुआ है। इस वजह से हवाओं का रुख उत्तरी होने के साथ ही बीच-बीच में पूर्वी भी होने लगा है। इसके चलते शनिवार से कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिलने लगेगी। दो दिन बाद हवाओं का रुख पूर्वी होने की भी संभावना है। इसके चलते रात के तापमान में बढ़ोतरी होने लगेगी।

शहरों में हरियाली बढ़ाने की तैयारी तेज, निकायों को मिला पौध-रोपण का टास्क

भोपाल  नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने प्रदेश के सभी नगरीय निकायों को वर्ष 2026 में किये जाने वाले व्यापक पौध-रोपण अभियान की तैयारी और इससे जुड़ी कार्य-योजना बनाने के निर्देश दिये हैं। इस संबंध में आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास ने निकायों से कार्य-योजना दिसम्बर-2025 तक पूर्ण करने के लिये भी कहा है। प्रदेश में वर्ष 2025 में प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों में नगरीय निकायों द्वारा करीब 36 लाख पौधों का रोपण किया गया है। निकायों को लगाये गये पौधों की सुरक्षा में सजगता बरतने को भी कहा गया है। नगरीय प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि नगरीय निकाय अपने क्षेत्रों में हितधारकों की बैठक और कार्यशाला आयोजित कर वर्ष 2026 के पौध-रोपण लक्ष्यों का पहले आकलन करें और उसके अनुसार रणनीति बनायें। निकायों को यह भी सुनिश्चित करने के लिये कहा गया है कि कुल लक्ष्य में से शेष पौध-रोपण का कार्य निकायों द्वारा अपने संसाधनों से करना होगा। निकाय सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, वाटर ट्रीटमेंट प्लान, ओवरहेड टैंक के आसपास की भूमि, सड़कों के दोनों ओर, स्कूल, कॉलेज, अस्पताल एवं शासकीय परिसरों की बाउण्ड्रीयुक्त भूमि, नदियों, नालों, तालाबों, डैम एवं नहरों के किनारों के साथ मुक्तिधाम और खेल मैदानों के आसपास का क्षेत्र चिन्हित करने के लिये कहा गया है। शहरी क्षेत्र में पौधों की उपलब्धता के लिये उद्यानिकी एवं वन विभाग की नजदीकी नर्सरियों से अभी से सम्पर्क किया जाये। पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और पौधों के क्रय के लिये बजट के इंतजाम का प्रस्ताव जल्द तैयार किया जाये। नगरीय क्षेत्र में अधिकतम हरियाली बढ़ाने के लिये जामुन, अर्जुन, देशी बबूल, बड़े वृक्षों जैसे पीपल, बरगद, आम, महुआ, इमली आदि प्रजातियों के पौधे को प्राथमिकता दी जाये। बीज छिड़काव के लिये उत्तम व्यवस्था की जाये। संचालनालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि वर्ष 2026 के पौध-रोपण कार्य की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नवम्बर माह से ही साप्ताहिक समीक्षा की जायेगी। निर्देश में यह भी कहा गया है कि शहरी क्षेत्र के कुछ भवनों में बाउण्ड्री-वॉल नहीं होती है, वहाँ मेहंदी की बाउण्ड्री-वॉल सुरक्षा के हिसाब से लगाने के प्रस्ताव भी तैयार किये जायें। इससे परिसर में सुरक्षा के साथ हरियाली का भी विस्तार होगा। जल संरक्षण को बढ़ावा देना नगरीय निकायों से कहा गया है कि शहरी क्षेत्रों में वर्ष 2026 के पौध-रोपण के साथ जल संरक्षण से संबंधित प्रस्ताव भी तैयार किये जायें। इन दोनों उपायों से शहरी क्षेत्रों में जल संरक्षण के साथ पर्यावरण सुधार में बेहतर कार्य हो सकेगा।

छोटे हक़ के लिए बड़ा संघर्ष: 8 रुपये के विवाद पर कोर्ट ने दिलाए 15 हजार रुपये

भोपाल अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) से आठ रुपये अधिक लेना डी-मार्ट को भारी पड़ गया। भोपाल के जिला उपभोक्ता आयोग क्रमांक-2 ने इसे अनुचित व्यापार बताते हुए 15 हजार रुपये की क्षतिपूर्ति देने का आदेश दिया है। उपभोक्ता ने इस आठ रुपये के लिए तीन साल की कानूनी लड़ाई लड़ी। आयोग ने अपने फैसले में कहा है कि स्टोर पैकेट पर लिखी एमआरपी से अधिक कीमत नहीं वसूल सकता। दुकानदार का दायित्व है कि वह बिल में उत्पाद की एमआरपी एवं डिस्काउंट को स्पष्ट रूप से अंकित करे। कोलार रोड निवासी विवेक शर्मा ने 13 अप्रैल 2022 को डी मार्ट से खरीदी की थी। कुल चार हजार 235 रुपये के सामान में एक अंडरगारमेंट भी था। घर आकर जब उन्होंने सामान और बिल का मिलान किया तो पता चला कि अंडरमारमेंट पर एमआरपी केवल 200 रुपये अंकित है, जबकि बिल में उसका मूल्य 208 रुपये बताया गया है। उन्होंने डीमार्ट से शिकायत की तो स्टोर ने उन्हें आठ रुपये लौटाने से मना कर दिया। उसके बाद शर्मा ने आयोग में याचिका लगाई।   सुनवाई के दौरान डीमार्ट का तर्क था कि जो उत्पाद दिया गया, वह पुरानी पैकिंग थी। खरीदी वाले दिन उस अंडरगारमेंट की एमआरपी 260 रुपये था, जिसमें डिस्काउंट कर उसे 208 रुपये में दिया गया। आयोग का कहना था कि स्टोर ऐसा नहीं कर सकता। पैकेट पर 200 रुपया एमआरपी अंकित है तो वह किसी भी स्थिति में उससे अधिक कीमत नहीं वसूल सकता। दुकानदार का यह दायित्व है कि वे बिल में उत्पाद की एमआरपी एवं डिस्काउंट को स्पष्ट रूप से अंकित करें। ऐसा ना कर डीमार्ट ने सेवा में कमी की है। यह अनुचित व्यापार की श्रेणी में आता है। कोर्ट का ग्राहक को 15 हजार देने का आदेश आयोग ने डीमार्ट को आदेशित किया कि वे उपभोक्ता को दो माह के अंदर नौ प्रतिशत ब्याज के साथ 15 हजार रुपये अदा करे। बाक्स अपने अधिकारों प्रति जागरूक हो जिला उपभोक्ता आयोग की अध्यक्ष गिरीबाला सिंह ने बताया कि उपभोक्ता अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना चाहिए। कभी भी किसी शापिंग काम्पलेक्स से खरीददारी करें तो घर पर बिल का मिलान जरूर करें। अगर गड़बड़ी मिले तो बेखटके उपभोक्ता आयोग का दरवाजा जरूर खटखटाएं।

सत्ता बरकरार, संदेश भी साफ: CM योगी बोले— बिहार-यूपी का अटूट बंधन

सोनभद्र  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश और बिहार के संबंध की तुलना भगवान राम और देवी सीता के पवित्र संबंध से करते हुए शनिवार को कहा कि दोनों राज्यों का रिश्ता भी ‘‘अटूट और सुदृढ़'' है। सोनभद्र में आयोजित ‘जनजातीय गौरव दिवस' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने 548 करोड़ रुपये की 432 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ऐतिहासिक जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए योगी ने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश और बिहार साझा संस्कृति, साझा विरासत और साझा संकल्प के प्रतीक हैं। प्रभु राम और माता जानकी के पवित्र संबंध की तरह दोनों राज्यों का रिश्ता भी अटूट और सुदृढ़ है।''  उन्होंने कहा, ‘‘वहां की जनता ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेकर यह संदेश दिया है कि विकास, सुशासन और स्थिरता के लिए डबल इंजन की सरकार पर विश्वास लगातार बढ़ रहा है तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रहित व विकास की नीतियों को जनता का सशक्त समर्थन मिल रहा है।'' मुख्यमंत्री ने सोनभद्र की धरती को उत्तर प्रदेश की ऊर्जा राजधानी, प्राकृतिक सौंदर्य और समृद्ध संसाधनों के अनोखे संगम की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित जनजातीय बहनों–भाइयों की भागीदारी बदलाव की आकांक्षा और विश्वास का प्रतीक है।  सीएम योगी की टिप्पणी इसलिए अहम मानी जा रही है क्योंकि यह बिहार में राजग द्वारा महागठबंधन को हराकर सत्ता बरकरार रखने के एक दिन बाद आई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, योगी आदित्यनाथ ने 10 दिन के चुनाव अभियान में 30 रैलियां और एक रोड शो किया। उनका अभियान 16 अक्टूबर को शुरू हुआ था। अपने भाषणों में योगी ने उत्तर प्रदेश और बिहार में राजग सरकारों के विकास कार्यों को प्रमुखता से रखा, जबकि कांग्रेस-राजद गठबंधन पर ‘‘जंगल राज'', अपराध और भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर हमला बोला।   

हर महीने 2100 नहीं, अब एक साथ मिलेगा लाभ! लाडो लक्ष्मी योजना पर CM सैनी की नई घोषणा

हिसार  हरियाणा के हिसार में आयोजित दादा बाढ़ देव जन्मोत्सव कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नायब सैनी ने महिलाओं के लिए बड़ी राहत की घोषणा की। उन्होंने लाडो लक्ष्मी योजना में अहम बदलाव करते हुए बताया कि अब इस योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता दो किश्तों में जारी की जाएगी। सरकार का मानना है कि इससे महिलाएं प्राप्त धनराशि का बेहतर तरीके से उपयोग कर सकेंगी और चाहें तो किसी रोजगार या छोटे व्यवसाय की शुरुआत भी कर पाएंगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं के लिए नई नौकरियों के अवसर उपलब्ध कराने की बात भी कही। इसके साथ ही उन्होंने नई औद्योगिक मॉडल टाउनशिप स्थापित करने तथा गांवों के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कदम उठाने की घोषणा की। सरकार का दावा है कि इन निर्णयों से ग्रामीण विकास को गति मिलेगी और युवाओं को अधिक रोजगार विकल्प प्राप्त होंगे।  किन महिलाओं को मिलता है लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ हरियाणा सरकार की लाडो लक्ष्मी योजना का उद्देय राज्य की आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को सहायता प्रदान करना है। योजना के पहले चरण में उन महिलाओं को शामिल किया गया है, जिनके परिवार की वार्षिक आय 1 लाख रुपए से कम है। इस योजना का लाभ लेने के लिए महिला का हरियाणा का मूल निवासी होना जरूरी है। इसके लिए महिला के पास कम से कम हरियाणा में रहने का 15 साल तक निवास प्रमाण होना चाहिए। महिला की आयु 23 से 60 साल के बीच होनी चाहिए। इस योजना का लाभ विवाहिता, अविवाहिता व तलाशुदा ले सकती हैं। वहीं जो महिलाएं पहले से किसी अन्य पेंशन योजना का लाभ उठा रही हैं, उन्हें इस योजना में शामिल नहीं किया जाएगा। हालांकि सरकार की ओर से यह स्पष्ट कर दिया गया है कि गंभीर बीमारियों जैसे– कैंसर (स्टेज 3–4) या अन्य दुर्लभ बीमारी या रोगों से पीड़ित महिलाओं को इस योजना के तहत अतिरिक्त वित्तीय सहायता दी जाएगी।   योजना में आवेदन करना सरल लाडो लक्ष्मी योजना में आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने 25 सितंबर को एक विशेष मोबाइल एप लॉन्च किया था, जिसके जरिए महिलाएं सीधे आवेदन कर सकती हैं। योजना के तहत सरकार ने पात्र महिलाओं के खातों में 2100 रुपए की राशि सीधे DBT (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भेजने की व्यवस्था की है। इस पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और डिजिटल बनाने के लिए हर लाभार्थी का ई-केवाईसी और लाइव फोटो वेरिफिकेशन अनिवार्य किया गया है।  

चलती बस में अचानक भड़की आग! फ्लाईओवर पर मचा हड़कंप

पंजाब   जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब 5:00 बजे, चंडीगढ़ से सटे मोहाली ज़िले में स्थित ज़ीरकपुर फ्लाईओवर पर एक टूरिस्ट बस अचानक आग की चपेट में आ गई। बताया जा रहा है कि बस आगरा से अमृतसर जा रही थी और उसमें लगभग 50 यात्री सवार थे। जैसे ही बस फ्लाईओवर पर पहुंची, उसमें अचानक आग लग गई। आग को देख ड्राइवर ने तुरंत बस रोक दी और यात्रियों को तेजी से नीचे उतारकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि सभी यात्रियों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई बड़ा हादसा होने से टल गया। पुलिस ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच जारी है। 

दर्दनाक हादसा: इंदौर में मोबाइल चार्ज करते वक्त करंट लगने से मासूम बच्ची की मौत

इंदौर हीरानगर थाना अंतर्गत एक बच्ची की करंट लगने से मौत हो गई। बच्ची मोबाइल चार्ज करने की कोशिश कर रही थी। तार में कट होने से करंट लग गया। पुलिस के अनुसार घटना ग्राम भांगिया की है। सात वर्षीय गंगा की करंट लगने से मौत हुई है। मूलत: ललितपुर (उप्र) निवासी गंगा के पिता बबलू ईंट भट्टे पर काम करते है। टापरी बनाकर भांगिया में ही परिवार रहता है। गंगा ने मोबाइल चार्ज करने के लिए होल्डर लगाया था। तार में कट लगने के कारण वह करंट की चपेट में आ गई।   दूसरी कक्षा की छात्रा की आकस्मिक मृत्यु इसके साथ ही कट्ठीवाड़ा के विकासखंड के ग्राम काबरी सेल में स्थित कन्या छात्रावास में कक्षा दूसरी की छात्रा की शनिवार सुबह आकस्मिक मृत्यु हो गई। खबर मिलते ही विधायक ने छात्रावास का दौरा किया और प्रशासन पर असंवेदनशीलता और घोर लापरवाही का आरोप लगाया। खंड शिक्षा अधिकारी शंकर जाटव ने बताया कि कन्या छात्रावास काबरीसेल की कक्षा दूसरी की छात्रा कृतिका बघेल सुबह नाश्ते के बाद खेल रही थी, अचानक उल्टी होने के बाद बेसुध हो गई। अधीक्षिका ने खंड मुख्यालय पर सूचना दी, किंतु कुछ ही देर में बालिका की मृत्यु हो गई। आलीराजपुर के लक्ष्मणी क्षेत्र में रहने वाली बालिका के साथ उसकी बड़ी बहन भी वहीं पढ़ती है। उसके अनुसार छात्रा को पूर्व में कोई परेशानी नहीं थी। मौके पर पहुंची क्षेत्रीय विधायक सेना पटेल ने बच्ची की मौत के लिए प्रशासन पर आदिवादियों के प्रति असंवेदनशीलता का आरोप लगाते हुए कहा कि क्या यही आदिवासी गौरव है। मुख्यमंत्री ऊपरी चमक दमक दिखाने में जुटे है वहीं उनकी नाक के नीचे उनका प्रशासन भ्रष्ट्राचार और लापरवाही, संवेदनहीनता के साथ मासूम बच्चियों की जान के साथ खिलवाड़ करते जा रहा है। आदिवासी बच्चियों के स्वास्थ्य के साथ बार बार होते खिलवाड़ के चलते उनकी जान तक चली जाती है और किसी पर भी कोई कार्यवाही नहीं होती।

ऊर्जा मंत्री तोमर की पहल: शामगढ़ में 40 MVA अतिरिक्त पॉवर ट्रांसफॉर्मर से मिलेगी निर्बाध आपूर्ति

भोपाल  ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया है कि मंदसौर जिले की पारेषण व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण करते हुए मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने 132 केवी सबस्टेशन शामगढ़ में एक 40 एमवीए क्षमता का अतिरिक्त पॉवर ट्रांसफॉर्मर स्थापित कर इसे ऊर्जीकृत किया है। इससे सब-स्टेशन में अतिरिक्त पॉवर ट्रांसफॉर्मर की उपलब्धता के साथ-साथ शामगढ़ तहसील क्षेत्र के 21 हजार विद्युत उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली मिलेगी। इस ट्रांसफॉर्मर से सब-स्टेशन की क्षमता 40 एमवीए से बढ़कर अब 80 एमवीए हो गयी है। मंदसौर जिले की पारेषण क्षमता में वृद्धि एमपी ट्रांसको के अधीक्षण अभियंता वाय. आर. मांडलेकर ने बताया कि इससे मंदसौर जिले के चंदवासा, शामगढ़ तथा लिफ्ट इरीगेशन फीडर के साथ 17000 घरेलू, 4000 सिंचाई एवं 3 हाई टेंशन उपभोक्ताओं को फायदा मिलेगा। मंदसौर जिले में एमपी ट्रांसको के कुल 12 एक्स्ट्रा हाई टेंशन सब-स्टेशन हैं, जिनकी कुल क्षमता 2559 एमवीए से बढ़कर 2599 एमवीए की हो गई है।  

विश्व बाजार में गूंजेगी पन्ना की चमक: मुख्यमंत्री ने किया रोडमैप साझा

भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हीरा नगरी 'पन्ना जिले' के हीरे को भारत सरकार द्वारा जीआई (ज्योग्रोफिकल इंडिकेशन) टैग मिलना सम्पूर्ण मध्यप्रदेश के लिए गौरव का विषय है। इससे पन्ना डायमंड अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकेगा और पन्ना के युवाओं तथा कारीगरों को स्थानीय स्तर पर नए अवसर मिलेंगे। पन्ना जिले के हीरे सर्टिफाइड और प्रीमियम प्राकृतिक उत्पाद के रूप में विश्व बाजार में उपलब्ध होंगे और पन्ना के इन प्राकृतिक हीरों को ही पन्ना डायमंड के नाम से बेचा जा सकेगा। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा मिलेगी।