samacharsecretary.com

फिशर का नया समाधान: AIIMS भोपाल में होम्योपैथी दवा से मरीजों को मिली जबरदस्त राहत

 भोपाल  गुदा विदर (एनल फिशर) जैसी गंभीर और दर्दनाक बीमारी से जूझ रहे मरीजों के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), भोपाल से एक बड़ी खुशखबरी आई है। एम्स के डाक्टरों ने एक अध्ययन में यह साबित किया है कि होम्योपैथी की एक दवा से इस बीमारी का इलाज बिना किसी ऑपरेशन के संभव है। इस सफलता के बाद अब मरीजों को असहनीय दर्द और सर्जरी की पीड़ा से मुक्ति मिलने की एक नई उम्मीद जगी है। यह महत्वपूर्ण अध्ययन एम्स के आयुष (होम्योपैथी) विभाग के डॉ. आशीष कुमार दीक्षित और सर्जरी विभाग के डा. मूरत सिंह यादव की टीम ने मिलकर किया है। इस शोध में एनल फिशर से पीड़ित 34 मरीजों को शामिल किया गया। इन सभी को तीन महीने तक होम्योपैथी दवा ''पियोनिया ऑफिसिनेलिस'' दी गई और साथ ही खान-पान में जरूरी परहेज और सुधार की सलाह दी गई। तीन महीने के इलाज में आए चौकाने वाले नतीजे तीन महीने के इलाज के बाद जो नतीजे सामने आए, वे चौंकाने वाले थे। अध्ययन में शामिल मरीजों के दर्द में 99 प्रतिशत तक की आश्चर्यजनक कमी दर्ज की गई। इलाज से पहले जहां दर्द का स्तर 10 में से नौ अंक पर था, वह इलाज के बाद घटकर लगभग शून्य पर आ गया। इसके अलावा मल त्याग के दौरान होने वाला असहनीय दबाव भी पूरी तरह समाप्त हो गया। सबसे बड़ी सफलता यह रही कि 34 में से 30 मरीजों, यानी लगभग 88 प्रतिशत लोगों के घाव पूरी तरह भर गए। इस पूरे इलाज के दौरान किसी भी मरीज पर कोई गंभीर दुष्प्रभाव नहीं देखा गया। सरल और सुरक्षित इलाज का विकल्प इस सफल अध्ययन पर डॉ. आशीष कुमार दीक्षित ने बताया कि हमारे नतीजे यह प्रमाणित करते हैं कि पियोनिया ऑफिसिनैलिस दवा एनल फिशर के दर्द को जड़ से कम करने, घाव को भरने और मल त्याग को सुगम बनाने में अत्यंत प्रभावी है। यह मरीजों को एक सरल और सुरक्षित इलाज का विकल्प देती है। वहीं, सर्जरी विभाग के डॉ. मूरत सिंह यादव ने कहा कि एनल फिशर के कई मरीजों को अंततः सर्जरी का सहारा लेना पड़ता है, जो कष्टदायक हो सकती है। यह शोध एक सुरक्षित और बिना ऑपरेशन वाले इलाज का रास्ता खोलता है।

नर्मदापुरम में नया स्टार्टअप: कला-शिल्प और पुरातात्विक धरोहर को मिलेगी नई पहचान

भोपाल राज्य की पुरातात्विक महत्व की कला को सुदृढ़ करने और सतत बाज़ार की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से नर्मदापुरम में कला और शिल्प पर आधारित स्टार्टअप के लिए 'राफ्ट एंड रीज़न'  ने 'तसल्ली ब्रांड' के अंतर्गत नवाचार प्रारंभ किया है। इसमें नर्मदापुरम, भोपाल, छिंदवाड़ा, सीहोर, महेश्वर तथा धार जिले के चिन्हित शिल्प पर नवाचार किया जा रहा है। इसके अंतर्गत पुरातात्विक महत्व की कलाकृति को स्टोन पाउडर से बनाया जा रहा है और इस पर स्थानीय सागौन लकड़ी के साथ प्रयोग भी किया जा रहा है। यह कार्य हाथकरघा एवं हस्तशिल्प संचालनालय भोपाल, पुरातत्व संचालनालय भोपाल एवं पाटर्स द स्टूडियो नर्मदापुरम के सहयोग से किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि स्टार्टअप की पहली डिलीवरी बॉउर्नमाउथ, यूके में की गई है। इसे अमेजन ग्लोबल पर भी खरीदा जा सकता है। स्टार्टअप ने निर्यात लाइसेंस भी प्राप्त कर लिया है।  

बुंदेलखंड में नया धार्मिक स्थल, छतरपुर में बन रहा पहला श्रीकृष्ण धाम

छतरपुर  मध्य प्रदेश के छतरपुर में बुंदेलखंड का पहला श्रीकृष्ण धाम बनकर तैयार हो गया है। 30 अगस्त को पूरी भव्यता और गरिमा के साथ बनाए जा रहे श्रीकृष्ण महोत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। छतरपुर विधायक और भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष ललिता यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मेला ग्राउण्ड में आयोजित मंचीय कार्यक्रम में शामिल होने के साथ ही भगवान श्रीकृष्ण की शोभायात्रा में भी शामिल होगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव हवाई मार्ग से दोपहर 12 बजे छतरपुर आएगे। वे मेला ग्राउण्ड पहुंचेगे जहां मंचीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर नौगांव रोड पर 2 करोड़ 20 लाख की लागत से बनने वाले श्रीकृष्ण धाम के बारे में एलईडी के माध्यम से प्रस्तुति दी जाएगी। श्रीकृष्ण धाम में भगवान श्रीकृष्ण का विग्रह होगा तथा बचपन से लेकर रहसलीला का चित्रण किया जाएगा। श्रीकृष्ण धाम में गरीब बेटियों के विवाह के लिए बेटी विवाह वाटिका बनाई जाएगी तथा बारातियों को ठहरने के लिए कमरों का भी निर्माण होगा। यहां सुंदर और आर्कषक पार्क एवं ध्यानकेंद्र भी बनाया जाएगा।  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव यही पर श्रीकृष्ण धाम का भूमि-पूजन करेंगे। इस अवसर पर वृंदावन के कलाकारों द्वारा मयूर नृत्य और रहसलीला की मनोहारी प्रस्तुतियां दी जाएगी। बनारस के कलाकार शंखनाद करेंगे जबकि हरिद्धार के पंडितों द्वारा गंगा आरती की प्रस्तुति की जाएगी। समारोह में मुंबई की भजन गायिका द्वारा राधाकृष्णों के भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। मंचीय कार्यक्रम के बाद मेला ग्राउण्ड से भगवान श्रीकृष्ण की शोभायात्रा प्रारंभ होगी जो छत्रसाल चौक, महल, चौक बाजार, हटवारा होकर बस स्टैंड पहुंचेगी जहां इसका समापन हो जाएगा। शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण और राधा सहित विभिन्न अवतारों की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित अनेक अतिथि शोभायात्रा में सहभागिता करेंगे। इस दौरान रास्ते में जगह-जगह मटकी फोड़ के आयोजन होगे। विधायक ललिता यादव ने सभी क्षेत्रवासियों, नगरवासियों, श्रद्धालुओं तथा भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं से श्रीकृष्ण महोत्सव में पूरी उत्साह और उमंग के साथ शामिल होने तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का स्वागत करने की अपील की है।

भारी बाढ़ से पंजाब के 8 जिले प्रभावित, सेना सक्रिय होकर बचाव में जुटी

फिरोजपुर  हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के कारण सतलुज, ब्यास और रावी नदियों तथा नालों में जलस्तर बढ़ने के बाद पंजाब के कई इलाकों में भी बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई और फंसे लोगों को राहत पहुंचाने के लिए विभिन्न एजेंसियों ने समन्वय के साथ अभियान शुरू किया। राज्य के आठ जिले बाढ़ की चपेट में हैं। राज्य में अब तक 23 मौतें हो चुकी हैं। प्रदेश की आपदा टीमों सहित सेना एवं बीएसएफ के जवान राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं। पंजाब में रावी का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। अमृतसर में ये पानी अब कस्बा अजनाला के करीब पहुंच गया है। शुक्रवार देर रात तक पानी हरड़ कलां गांव के करीब पहुंच गया था। जिसके बाद बचाव कार्यों को तेज किया गया है। पंजाबी सिंगर सतिंदर सरताज ने अमृतसर डीसी को पीड़ित परिवारों की मदद के लिए राशन भेजा है। वहीं, पठानकोट, गुरदासपुर, फिरोजपुर, अमृतसर, तरनतारन, फाजिल्का, कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी और होशियारपुर में हालात बेकाबू होने के बाद अब पटियाला में भी बाढ़ का असर देखने को मिल रहा है। बीते दिनों चंडीगढ़ की सुखना लेक से छोड़े गए पानी की मार पंजाब-हरियाणा बॉर्डर के गांवों तक पहुंची। घग्गर नदी के ओवरफ्लो होने से पटियाला के कुछ गांवों के खेतों में पानी भर गया है। इसका पानी खजूर मंडी गांव, तिवाना, साधनपुर, सरसेनी और आसपास की खेतीबाड़ी वाली जमीनों तक घुस गया। खजूर मंडी से यह पानी हरियाणा की टांगरी नदी की ओर बह रहा है। गांव के लोगों में 2023 का मंजर सोचकर डर बैठ गया है। हालांकि, बीते दिन शाम तक पानी हल्का उतर गया था। वहीं, पाकिस्तान में बाढ़ से प्रभावित नारोवाल स्थित गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब में सफाई अभियान शुरू किया गया है। यहां हाल ही में 10 फीट तक पानी चढ़ गया था। पर स्थानीय सीएम मरियम नवाज शरीफ के आदेश के बाद अब परिसर से पानी निकाल दिया गया है और सफाई का काम जारी है। उधर, कपूरथला में बृहस्पतिवार को लापता हुए 40 वर्षीय व्यक्ति का शव ढिलवां में ब्यास नदी में मिला। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों को राहत पहुंचाने के लिए कई एजेंसियों ने समन्वय किया है।

पंजाब: हरसिमरत कौर बादल का हरमंदिर साहिब में मत्था टेकने का पवित्र दृश्य, बाढ़ पर चिंता

अमृतसर  शिरोमणि अकाली दल नेता और बठिंडा सांसद हरसिमरत कौर बादल शनिवार को सचखंड श्री हरमंदिर साहिब पहुंची। इस दौरान उन्होंने अखंड पाठों का भोग डाला और नए अखंड पाठ शुरू करवाए। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने पंजाब में आई प्राकृतिक आपदा और जनता की समस्याओं पर चिंता व्यक्त की। हरसिमरत ने कहा, " पंजाब के लोग आज बहुत मुश्किल हालात से जूझ रहे हैं। सोशल मीडिया पर पीड़ितों को देखकर रातों की नींद नहीं आती।" मुख्यमंत्री भगवंत मान को निशाने पर ले कहा, "जब भी पहले प्राकृतिक आपदा आती थी, सरकार हेल्पलाइन नंबर जारी करती थी, ताकि लोग खाना, दवा, नाव या अन्य मदद के लिए संपर्क कर सकें। अगर स्कूलों में शौचालयों का उद्घाटन हो सकता है, तो आज जरूरतमंदों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी करना भी जरूरी है।" उन्होंने आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री मान से तत्काल कदम उठाने की मांग की। साथ ही, गृह मंत्री अमित शाह से अनुरोध किया कि पंजाब में एनडीआरएफ की टीमें भेजी जाएं, ताकि बाढ़ प्रभावितों को समय पर मदद मिले। हरसिमरत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी बाढ़ पीड़ितों की मदद का आग्रह किया। बोलीं, "जैसे अन्य राज्यों में सेना भेजी जाती है, वैसे ही पंजाब में फौज भेजकर लोगों की जान बचाई जाए।" उन्होंने सवाल उठाया कि कुछ हफ्ते पहले भाजपा नेता गांवों में अपनी योजनाएं बताने गए थे, लेकिन आज बाढ़ग्रस्त इलाकों में क्यों नहीं दिख रहे। उन्होंने केंद्र से बड़ी नावें मांगी, जो दूर-दराज के गांवों तक जाकर लोगों और पशुधन को सुरक्षित स्थानों पर ले जा सकें। अगर 24 घंटे के भीतर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर नहीं जारी करते, तो वे शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल से पार्टी का खुद का नंबर जारी करने का आग्रह करेंगी। उन्होंने कहा कि अकाली दल और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी जनता की सेवा के लिए हर संभव प्रयास कर रही है और आगे भी जारी रखेगी।

सीएम नायब सिंह सैनी का बड़ा ऐलान: बनेगी ‘हरियाणा आपदा राहत बल’ की दो बटालियन

चण्डीगढ़ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश में हरियाणा आपदा राहत बल की दो बटालियन बनाई जाएगी, जो राज्य में किसी भी आपात स्थिति से निपटने और लोगों की सहायता के लिए काम करेगी। इसके अलावा, जिला जींद में बनने वाले फायर एवं डिजास्टर ट्रेनिंग इंस्टीटयूट का शिलान्यास जल्द किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी यहां अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे। नायब सिंह सैनी ने कहा कि फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट की रिन्यूअल के लिए एनओसी आवदेन करते ही ऑटोमैटिक मिल जाएगी। लेकिन रिन्यूअल होने के बाद विभाग के अधिकारी 15 दिन में रैन्डम चैक करेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर स्तर पर अधिकारियों की जवाबदेही और समय सीमा तय की जाए। साथ ही फायर एनओसी को सीएम डैशबोर्ड के साथ जोड़ा जाए। मुख्यमंत्री ने फायर विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंडिंग एनओसी रखने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों के खिलाफ कार्यवाही की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नई तकनीक से लैस 101 मीटर वाली अग्रिशमन की दो गाडिया जल्द ही खरीदी जाए। साथ ही हाइड्रोलिक प्लेटफ़ॉर्म की 13 अग्रिशमन वाहन, जो विभिन्न मीटर के होगें तथा 250 अग्रिशमन वाहन भी खरीदे जाऐंगे, जो ब्लॉक लेवल तक होंगे। इसके अलावा, फायर गाडियों में लगे पानी के पाईप की क्षमता को एक हजार मीटर तक बढाया जाए ताकि भीड़भाड वाले क्षेत्रों में आपदा के दौरान यह काम आ सके। श्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला जींद में बनने वाले फायर एवं डिजास्टर ट्रेनिंग इंस्टिटयूट में एनडीआरएफ के मानदंडों के तहत कार्य होगे और भूकम्प, आग, बाढ़ आदि आपदा से सम्बंधित ट्रेनिंग करवाई जाएगी। इसके अलावा, उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि प्रदेश में जितने भी तैराक है उनका डाटा तैयार कर एक पोर्टल बनाया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय की गाइडलाइन के अनुसार प्रदेश में फायर स्टेशन खोलने के लिए मैपिंग करवाई गई थी, जिसके तहत प्रदेश में 59 नए फायर स्टेशन खोले जाऐंगे। इसके अलावा अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि 10 आधुनिक फायर फाइट रोबोट भी जल्द खरीदे जाए। इनका पायलट के तौर उपयोग किया जाएगा। बैठक में मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव श्री राजेश खुल्लर, गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ सुमिता मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरूण कुमार गुप्ता, अग्निशमन सेवाएँ, हरियाणा के महानिदेशक श्री शेखर विद्यार्थी, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के विशेष सचिव श्री राहुल हुड्डा सहित विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

प्रदेश में सुव्यवस्थित खेल अधोसंरचना और सुदृढ़ खिलाड़ियों का निर्माण सतत प्रक्रिया : मंत्री सारंग

राष्ट्रीय खेल दिवस महोत्सव का दूसरा दिन: सरदारपुर की टीम ने मिनी ब्राजील विचारपुर को रोमांचक मुकाबले में 1-0 से हराया भोपाल राष्ट्रीय खेल दिवस से शुरू हुए प्रदेशव्यापी खेल महोत्सव के दूसरे दिन टीटी नगर स्टेडियम भोपाल में 'मिनी ब्राजील' के नाम से प्रसिद्ध शहडोल जिले के विचारपुर ग्राम और धार जिले के सरदारपुर ग्राम की महिला फुटबॉल टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने मैच की शुरुआत की। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने अपने मन की बात कार्यक्रम में विचारपुर ग्राम को “मिनी ब्राजील” के रूप में उल्लेखित कर पूरे देश को प्रेरित किया है। यह हमारे लिए गर्व और जिम्मेदारी दोनों है कि हम खेलों को जमीनी स्तर तक प्रोत्साहित कर उनके सपनों को साकार करें। मंत्री श्री सारंग ने कहा कि विचारपुर और सरदारपुर दोनों ही ग्रामों में फुटबॉल का माहौल बेहद सकारात्मक है और यहां हर घर में खेलों के प्रति विशेष लगाव देखने को मिलता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि खेल एवं युवा कल्याण विभाग इन ग्रामों से प्रेरणा लेकर प्रदेश में फुटबॉल के और अधिक विस्तार और सुदृढ़ीकरण की दिशा में ठोस कदम उठाएगा। मैच का रोमांच मुकाबले की शुरुआत से ही सरदारपुर की टीम ने दबदबा बनाए रखा। पहले हाफ में ही सरदारपुर की कप्तान और अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी सुश्री ज्योति चौहान ने शानदार गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद विचारपुर की टीम ने पूरे दमखम से खेला, लेकिन बराबरी का गोल करने में सफल नहीं हो सकी। निर्धारित समय की समाप्ति पर स्कोर 1-0 रहा और सरदारपुर ने यह यादगार मुकाबला अपने नाम किया। मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विचारपुर की गोलकीपर सुश्री उमा केवट और सरदारपुर की कप्तान सुश्री ज्योति चौहान को ₹21,000 की सम्मान राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। मंत्री श्री सारंग ने दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि यह मुकाबला प्रदेश में फुटबॉल को बढ़ावा देने के लिये मील का पत्थर साबित होगा। टीमों की सूची सरदारपुर टीम: ज्योति चौहान (कप्तान), सुनीता भाबर (गोलकीपर), चंचल, बुलबुल, गायत्री, दीपिका, रक्षा, स्नेहा, दामिनी, दिव्यांशी, मानवी, मनीषा, सोनू, अर्चिता, वंशिका, प्रतिभा। विचारपुर टीम: यशोदा सिंह (कप्तान), उमा केवट (गोलकीपर), एकता रजक, सपना गुप्ता, सानिया सिंह, सानिया कुंदे, रजनी सिंह, सोनू बैगा, राधनी सिंह, शबनम केवट, रेनू केवट, भारती बैगा, शीतल बैगा, पुनीता सिंह, स्नेहा सिंह, लक्ष्मी, सोहनी कोल। विशिष्ट अतिथि इस अवसर पर पूर्व क्रिकेटर और मोटिवेशनल स्पीकर श्री मदनलाल शर्मा, हाइपरफॉर्मेंस स्पोर्ट्स साइकोलॉजिस्ट डॉ. संजना किरन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक श्री राकेश गुप्ता, उप संचालक श्री बीएस यादव, पूर्व कमिश्नर श्री राजीव शर्मा सहित अन्य विभागीय अधिकारीगण भी उपस्थित रहे। कल रविवार को वीआईपी रोड से वॉटर स्पोर्ट्स तक निकलेगी सायकल रैली खेल महोत्सव के अंतिम दिन रविवार को मंत्री श्री सारंग के नेतृत्व में राजा भोज प्रतिमा वीआईपी रोड से लेक व्यू स्थित वॉटर स्पोर्ट्स अकादमी तक 5 किलोमीटर लंबी साइकल रैली निकाली जाएगी। यहाँ रैली के समापन पर वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का प्रदर्शन भी किया जायेगा।  

पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर 1 से 6 सितंबर तक यूजी और पीजी के लिए विशेष सीएलसी चरण

भोपाल  उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत शासकीय/अनुदान प्राप्त अशासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में, शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिये, स्नातक एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं में प्रवेश के लिए "पहले आओ-पहले पाओ" के आधार पर 1 से 6 सितंबर तक विशेष सीएलसी चरण होगा। स्नातक एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए, यह प्रवेश का अंतिम चरण है। आयुक्त उच्च शिक्षा श्री प्रबल सिपाहा ने बताया कि समस्त प्रवेश "पहले आओ-पहले पाओ" के आधार पर प्रदान किए जायेंगे और यह सुविधा केवल रिक्त सीटों के लिए ही होगी। रिक्त सीटों की जानकारी विद्यार्थी के लॉगिन एवं महाविद्यालय के लॉगिन पर प्रदर्शित होंगी। पंजीकृत विद्यार्थी सम्बंधित महाविद्यालय में सीधे प्रवेश शुल्क जमा करके प्रवेश प्राप्त कर सकेंगे। विद्यार्थी जिस महाविद्यालय में प्रवेश चाहते हैं, वहां सीट रिक्त होने पर सीधे महाविद्यालय पहुँच कर प्रवेश प्राप्त कर सकेंगे। विद्यार्थी, प्रवेश के विषय में समस्त जानकारी अथवा अन्य किसी समस्या के लिए संबंधित महाविद्यालय के हैल्प सेंटर पर संपर्क कर सकते हैं। नवीन पंजीकृत विद्यार्थी, केवल एक महाविद्यालय में पंजीयन करा सकेंगे। विद्यार्थी सम्बंधित महाविद्यालय के हैल्प सेंटर पर वेरिफिकेशन के बाद, शुल्क जमा कर उसी दिन प्रवेश प्राप्त कर सकेंगे। मेजर, माइनर के अतिरिक्त अन्य विषय में प्रवेश प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की पात्रता, विश्वविद्यालय अपने स्तर पर निर्धारित कर सकेंगे। समस्त सम्बंधित प्राचार्यों को विश्वविद्यालय से समन्वय कर इनके पात्रता निर्धारण की कार्यवाही करनी होगी। यह प्रक्रिया 1 से 6 सितंबर तक ही होगी। उक्त प्रक्रिया के अंतर्गत 6 सितंबर को शाम 5 बजे तक प्रवेश शुल्क जमा कर प्रवेश प्राप्त किया जा सकता है। यह भी स्पष्ट किया गया है कि 6 सितंबर को निर्धारित समय के बाद किसी भी दशा में प्रवेश मान्य नहीं होंगे।  

पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री पटेल ने ग्राम बांक, इंदौर में एम.आर.एफ. प्लांट का निरीक्षण किया

भोपाल  पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने शनिवार को इंदौर की ग्राम पंचायत बांक में संचालित सामग्री पुनर्चक्रण सुविधा (MRF) प्लांट का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने संस्था ‘सृष्टि वेस्ट मैनेजमेंट’ द्वारा पिछले 2 वर्षों से किए जा रहे सूखा कचरा प्रबंधन कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। संस्था द्वारा प्रतिदिन 3700 घरों, 425 दुकानों, स्कूलों, मैरिज गार्डन और अस्पतालों से लगभग 800 किलोग्राम सूखा कचरा एकत्रित कर उसका वैज्ञानिक तरीके से निपटान किया जाता है। इस नवाचार की सराहना करते हुए श्री पटेल ने कहा कि यह मॉडल न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक है, बल्कि आत्मनिर्भर ग्राम पंचायत की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि इस पूरी प्रक्रिया पर प्रतिमाह लगभग 2 लाख 80 हजार रूपये का व्यय आता है, जबकि समुचित प्रबंधन के बाद संस्था को 70 हजार रूपये का लाभ भी हो रहा है। श्री पटेल ने इस कार्य को प्रशंसनीय, पर्यावरण हितैषी और सतत विकास की दिशा में प्रेरणादायक पहल बताया। इस अवसर पर सर्वश्री मधु वर्मा, मनोज पटेल, कान्हा पटेल एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।  

ड्रोन टेक्नोलॉजी में आत्मनिर्भर बनेगा भारत, राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ ने किया शुभारंभ

नोएडा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को नोएडा पहुंचे। दोनों नेताओं ने सेक्टर-81 स्थित राफी मोहिब ड्रोन मैन्युफैक्चरिंग यूनिट और रक्षा उपकरण एवं इंजन टेस्ट फैसिलिटी का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बढ़ती रक्षा क्षेत्र की चुनौतियों को देखते हुए अत्याधुनिक ड्रोन, एयरक्राफ्ट इंजन और एयरोस्पेस टेस्ट फैसिलिटी देश के लिए बड़ी उपलब्धि है। भारत 1947 से लगातार चुनौतियों का सामना करता आ रहा है और 'ऑपरेशन सिंदूर' ने युद्ध के नए दौर में देश की सामर्थ्य और शक्ति का प्रदर्शन किया है। आपके पास ताकत है तो दुनिया आपके सामने नतमस्तक होती है। शास्त्र और शस्त्र दोनों का बेहतर समन्वय होगा तो शांति कायम होगी। उन्होंने शेर और बकरी का उदाहरण देते हुए कहा कि शेर सामर्थ्य और राज दोनों का प्रतीक है। सीएम योगी ने महाराणा प्रताप की वीरता का भी उल्लेख किया और कहा कि उत्तर प्रदेश में नौ ऑर्डिनेंस फैक्ट्रियां संचालित हैं। राज्य सरकार ने साढ़े 12 हजार एकड़ भूमि डिफेंस कॉरिडोर के लिए उपलब्ध कराई है, जिसमें आगरा, अलीगढ़, झांसी, चित्रकूट और कानपुर शामिल हैं। साथ ही लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल की यूनिट स्थापित की गई है, जिसने 'ऑपरेशन सिंदूर' में अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। सीएम योगी ने कहा कि लखनऊ की मुस्कुराहट तब और बढ़ेगी जब वहां से ब्रह्मोस मिसाइल दुश्मन पर निशाना साधेगी। उन्होंने नई ड्रोन यूनिट को बधाई देते हुए आश्वस्त किया कि यूपी सरकार देश की सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यह यूनिट देश को समर्पित है और डिफेंस सिस्टम में साइंटिफिक रिवॉल्यूशन का प्रतीक है। 2017 में महज 10 लोगों के साथ कंपनी की शुरुआत हुई थी और आज 3,600 से ज्यादा वैज्ञानिक व इंजीनियर यहां काम कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका या चीन का कोई भी डिफेंस सिस्टम इस कंपनी के बने ड्रोन को डिटेक्ट नहीं कर सकता। इसे देश की सबसे इनोवेटिव एयरक्राफ्ट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट बताते हुए उन्होंने कहा कि यह सिस्टम दुश्मन में दहशत पैदा करने वाला है। रक्षा मंत्री ने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था इतनी खराब थी कि यहां उद्योग लगाने की कल्पना भी नहीं की जा सकती थी, लेकिन आज योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य निवेशकों की पहली पसंद बन गया है। उन्होंने रूस-यूक्रेन युद्ध का उदाहरण देते हुए कहा कि ड्रोन अब सिर्फ निगरानी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आधुनिक युद्ध का अहम हिस्सा बन चुके हैं। उन्होंने 1998 के पोखरण परमाणु परीक्षण को याद करते हुए कहा कि विरोध झेलने के बावजूद भारत ने हमेशा नई राह बनाई है। मात्र 14 महीनों में इस कंपनी और डीआरडीओ के बनाए प्रोडक्ट्स 'ऑपरेशन सिंदूर' में इस्तेमाल हुए। संकल्प, साहस और विज्ञान के मेल से ही यह संभव हो पाया और सेना के जवानों की वीरता का भी जिक्र किया जाना चाहिए।