samacharsecretary.com

एशिया कप में पाकिस्तान से खेलने को लेकर कोई संशय नहीं : सैकिया

केन्द्र की नीति का ही पालन कर रहे मुंबई एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट में भारतीय टीम के पाकिस्तान के खिलाफ खेलने का विरोध हो रहा है और प्रशंसकों का मानना है कि पहलगाम आतंकी हमले को देखते हुए इस मैच का बहिष्कार होना चाहिये। वहीं भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि एशिया कप में भारतीय टीम का पाक से खेलना केंद्र सरकार की नीति के अनुरूप ही है और बीसीसीआई अब इसको लेकर किभी भी प्रकार से संशय में नहीं है। एशिया कप नौ सितंबर से यूएई में शुरू होगा, वहीं भारत और पाक टीमें 14 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में मुकाबला करेंगी। बोर्ड सचिव ने कहा, ‘बीसीसीआई का रुख बिल्कुल साफ है, हम केंद्र सरकार के फैसले के साथ हैं। भारत सरकार ने जो नीति बनाई है, हमें उसे अनुसार ही काम करना होगा। हमारे लिए उस नीति का पालन करना सबसे आसान काम है। वहीं सैकिया ने तीनों प्रारूपों में शुभमन गिल को कप्तान बनाने को लेकर कहा कि अभी इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता है पर माना कि शुभमन इस भूमिका में सबसे आगे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के भविष्य पर टिप्पणी करना अभी से संभव नहीं है। इसके लिए कई बातों पर ध्यान देना होगा। सैकिया को उम्मीद है कि भारतीय टीम एशिया कप में अच्छा प्रदर्शन करेगी।   

लीग्स कप विवाद: लुइस सुवारेज़ पर छह मैच का बैन

न्यूयॉर्क इंटर मियामी के स्टार खिलाड़ी लुइस सुवारेज़ पर लीग्स कप की अनुशासन समिति ने छह मैचों का प्रतिबंध लगाया है। यह सज़ा उन्हें पिछले सप्ताहांत सिएटल साउंडर्स के खिलाफ हुए फाइनल मैच में विवादित घटनाक्रम के चलते दी गई है। 38 वर्षीय उरुग्वे, लिवरपूल और बार्सिलोना के पूर्व स्टार सुवारेज़ पर आरोप है कि उन्होंने मियामी की 0-3 की हार के बाद मैदान पर हुई झड़प में साउंडर्स के एक अधिकारी पर थूक दिया। समिति ने साफ किया कि यह प्रतिबंध अगले साल होने वाले लीग्स कप पर लागू होगा, जबकि मेजर लीग सॉकर (एमएलएस) चाहे तो इस पर अतिरिक्त कार्रवाई भी कर सकती है। सुवारेज़ ने गुरुवार को इंस्टाग्राम पर बयान जारी करते हुए माफी मांगी। उन्होंने लिखा, यह तनाव और निराशा का क्षण था। मैच खत्म होते ही ऐसी चीजें हुईं जो नहीं होनी चाहिए थीं। लेकिन यह मेरे रिएक्शन को सही नहीं ठहराता। मैं गलत था और मुझे इसका सच्चा अफसोस है। सिर्फ सुवारेज़ ही नहीं, उनके साथी खिलाड़ी भी सज़ा के दायरे में आए हैं। सर्जियो बुस्केट्स को दो मैच, जबकि तोमास अविलेस को तीन मैच का प्रतिबंध झेलना होगा। वहीं, सिएटल साउंडर्स के कोचिंग स्टाफ सदस्य स्टीवन लेंहार्ट पर पांच मैच का बैन लगाया गया है।  

जिम्बाब्वे का आखिरी दांव: श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज में जीत ही है विकल्प

नई दिल्ली जिम्बाब्वे और श्रीलंका के बीच शनिवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में टी20 सीरीज का दूसरा वनडे मैच खेला जाना है। तीन मुकाबलों की सीरीज में बने रहने के लिए जिम्बाब्वे को यह मुकाबला हर हाल में जीतना होगा। जिम्बाब्वे की टीम सीरीज का पहला मुकाबला चार विकेट से हार चुकी है। अगर मेजबान टीम ने दूसरा मैच भी गंवा दिया, तो सीरीज उसके हाथों से निकल जाएगी। इस मैच में श्रीलंका काफी मजबूत नजर आ रही है। इस टीम को पथुम निसांका और कुसल मेंडिस से बल्लेबाजी में खासा उम्मीदें होंगी। वहीं, गेंदबाजी में नुवान तुषारा और महीश थीक्षाना मुकाबले का पासा पलटने का माद्दा रखते हैं। दूसरी ओर, जिम्बाब्वे की टीम बल्लेबाजी में ब्रायन बेनेट और सिकंदर रजा पर काफी हद तक निर्भर करती है। गेंदबाजी में रिचर्ड नगारवा और ट्रेवर टीम को मजबूती देते नजर आ सकते हैं। हरारे की पिच पर बल्लेबाज जमकर रन बना सकते हैं। हालांकि, अच्छी उछाल के कारण तेज गेंदबाज भी अपना दबदबा दिखा सकते हैं। स्पिनर पिच से टर्न हासिल कर सकते हैं। शनिवार को यहां दोपहर के समय बादल छाए रहने का अनुमान है। तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मुकाबले के दौरान बारिश की आशंका नहीं है। श्रीलंका और जिम्बाब्वे के बीच साल 2008 से अब तक कुल सात टी20 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें छह मैच श्रीलंका के पक्ष में रहे। वहीं, एक मुकाबले में जिम्बाब्वे को जीत नसीब हुई है। जिम्बाब्वे ने 16 जनवरी 2024 को पहली और आखिरी बार श्रीलंका के विरुद्ध टी20 मैच जीता था। जिम्बाब्वे टीम: ब्रायन बेनेट, तदिवानाशे मारुमनी (विकेटकीपर), सीन विलियम्स, सिकंदर रजा (कप्तान), रयान बर्ल, ताशिंगा मुसेकिवा, टोनी मुनयोंगा, ब्रैड इवांस, टिनोटेंडा मापोसा, रिचर्ड नगारवा, ब्लेसिंग मुजारबानी, वेलिंगटन मसाकाद्जा, डायोन मायर्स, ब्रेंडन टेलर, क्लाइव मदांडे और ट्रेवर। श्रीलंका टीम: पथुम निसांका, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), कुसल परेरा, नुवानिदु फर्नांडो, चरिथ असलंका (कप्तान), कामिंदु मेंडिस, दासुन शनाका, दुशान हेमंथा, दुशमंथा चमीरा, महीश थीक्षाना, नुवान तुषारा, चमिका करुणारत्ने, डुनिथ वेलालागे, बिनुरा फर्नांडो, मथीशा पथिराना, कामिल मिशारा, विशेन हलंबगे।  

जोकोविच का बड़ा बयान: अभी नहीं लूंगा टेनिस से संन्यास, करियर जारी रहेगा

न्यूयॉर्क यूएस ओपन के सेमीफाइनल में नोवाक जोकोविच को कार्लोस अल्काराज के खिलाफ शिकस्त झेलनी पड़ी, जिसके बाद सर्बियाई खिलाड़ी ने संन्यास की अटकलों को खारिज कर दिया। जोकोविच ने पुष्टि की है कि वह अगले साल एक पूर्ण ग्रैंड स्लैम सीजन खेलना चाहते हैं। 22 वर्षीय स्पेनिश खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज ने 38 वर्षीय सर्बियाई खिलाड़ी को 6-4, 7-6(4), 6-2 से शिकस्त देकर अपने सातवें और न्यूयॉर्क में दूसरे मेजर फाइनल में प्रवेश किया है। आर्थर ऐश स्टेडियम में करीब 2 घंटे 25 मिनट तक चले इस रोमांचक मुकाबले में कार्लोस अल्काराज ने इस साल के ऑस्ट्रेलियन ओपन और 2024 पेरिस ओलंपिक में जोकोविच से मिली हार का बदला लिया। सर्बियाई खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने कहा, “मैं अब भी ग्रैंड स्लैम खेलना चाहता हूं। मैं अगले साल पूरा ग्रैंड स्लैम सीजन खेलना चाहता हूं। देखते हैं कि ऐसा होता है या नहीं। लेकिन स्लैम तो स्लैम होते हैं। यह किसी भी अन्य टूर्नामेंट से अलग हैं। ये हमारे खेल के स्तंभ हैं। यह हमारे सबसे महत्वपूर्ण टूर्नामेंट हैं।” नोवाक जोकोविच ने कहा, “मैं अपने टेनिस के स्तर से खुश हूं, लेकिन यह शारीरिक क्षमता की बात है। जैसा कि मैंने क्वार्टर फाइनल के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था, मैं अपने शरीर को इस स्तर और लय को कई घंटों तक बनाए रखने के लिए तैयार करने की पूरी कोशिश करूंगा, लेकिन यह पर्याप्त नहीं था। अपने करियर के इस पड़ाव पर यह ऐसी चीज है, जिस पर मेरा नियंत्रण नहीं है।” 100 टूर-लेवल खिताब जीत चुके नोवाक जोकोविच ने माना कि जब वह शारीरिक रूप से अपना स्तर बनाए नहीं रख पाते तो यह निराशाजनक होता है, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि उनकी उम्र में यह अपेक्षित है। जोकोविच ने कहा, “यह समय और उम्र के साथ आता है। मैं अब भी प्रतिस्पर्धा का रोमांच महसूस करता हूं। इस मैच में दर्शकों से काफी सपोर्ट मिला। इसके लिए मैं बेहद आभारी हूं। मैंने खेल का भरपूर आनंद लिया। यही एक बड़ी वजह है कि मैं खेलता जा रहा हूं। पिछले कुछ वर्षों में मुझे दुनियाभर से जो प्यार मिला, वह अद्भुत है।” कार्लोस अल्काराज अपने छठे ग्रैंड स्लैम खिताब और पीआईएफ एटीपी रैंकिंग में नंबर 1 पर वापसी की राह पर कायम हैं।  

वर्ल्ड कप में दहाड़! एलिसा हीली ने दी चुनौती, ऑस्ट्रेलियाई कप्तान बोले- हर हाल में मुकाबला करेंगे

सिडनी  आस्ट्रेलियाई कप्तान एलिसा हीली को भरोसा है कि उनकी टीम भारतीय उपमहाद्वीप में होने वाले आगामी महिला वनडे वर्ल्ड कप में हर तरह की चुनौती से पार पाने में सफल रहेगी। ऑस्ट्रेलिया महिला वनडे विश्व कप में सात बार का चैंपियन है और वह भारत और श्रीलंका में 30 सितंबर से शुरू होने वाले टूर्नामेंट में अपने खिताब का बचाव करने के लिए उतरेगा। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अनुसार हीली ने कहा, ‘‘मैं निश्चित रूप से इस टूर्नामेंट में खेलने को लेकर बेहद उत्साहित हूं, लेकिन क्रिकेट की परिस्थितियां हमारे ग्रुप के लिए एक अलग चुनौती पेश करती हैं, जिसके लिए मुझे लगता है कि हम वास्तव में अच्छी स्थिति में हैं।’’ इस 35 वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर-बल्लेबाज ने कहा, ‘‘हमारे पास हर विभाग में इतनी गहराई है कि हमारे सामने जो भी परिस्थितियां आएंगी, हम उनका सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इसलिए मैं टूर्नामेंट में अपनी टीम की अगुवाई करने को लेकर वास्तव में उत्साहित हूं।’’ ऑस्ट्रेलिया ने शुक्रवार को इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की है, जिसमें चोट के कारण लंबे समय से बाहर रहने के बाद बाएं हाथ की स्पिनर सोफी मोलिनक्स की वापसी हुई है। सोफी और जॉर्जिया वेयरहम की स्पिन जोड़ी भारतीय उपमहाद्वीप में ऑस्ट्रेलिया की संभावनाओं के लिए महत्वपूर्ण होगी। हीली ने कहा, ‘‘भारत क्रिकेट खेलने के लिए बहुत अच्छी जगह है। वहां की संस्कृति बहुत अलग है, लेकिन मुझे लगता है कि जिस तरह से वे (भारत) अपनी क्रिकेट से प्यार करते हैं और जिस तरह से इसे आत्मसात करते हैं उसे देखते हुए यह एक क्रिकेटर के लिए क्रिकेट खेलने के लिए खास जगह बन जाती है।’’ ऑस्ट्रेलिया 50 ओवर के इस टूर्नामेंट से पहले भारत के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज भी खेलेगा। हीली ने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि किसी ने पिछले कुछ समय से लगातार दो विश्व कप जीते हैं और ऐसे कई मुकाम हैं जिन्हें हम हासिल करना चाहेंगे। विश्व कप जीतना खास है, ये हमारे खेल का चरम है। इसलिए, हम जानते हैं कि हमें वहां जाकर लगातार अच्छा प्रदर्शन करना होगा।’’  

AFG स्पिनर से कड़ी टक्कर, लेकिन एशिया कप में नया कीर्तिमान बना सकते हैं पंड्या

दुबई  एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट 2025 की शुरुआत में अब एक हफ्ते से भी कम का समय बचा है. इस बार यह टूर्नामेंट टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा और इसमें 8 टीम्स भाग लेंगी. इसके मुकाबले संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दो शहरों दुबई और अबू धाबी में आयोजित होंगे. उद्घाटन मैच 9 सितंबर को होगा, जबकि 28 सितंबर को खिताबी मुकाबला निर्धारित है. एशिया कप में टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या पर भी सकती निगाहें होंगी, जो एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं. हार्दिक पंड्या यदि 3 विकेट हासिल करते हैं, तो वो एशिया कप के टी20 फॉर्मेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को पछाड़ देंगे. टीम इंडिया से बाहर चल रहे भुवनेश्वर कुमार एशिया कप के टी20 फॉर्मेट में सबसे सफल गेंदबाज हैं. भुवी ने सिर्फ 6 मैचों में 13 विकेट हासिल किए और उनका औसत 9.46 रहा. यूएई के पूर्व तेज गेंदबाज अमजद जावेद इस मामले में दूसरे नंबर पर हैं. जावेद ने 7 मैच खेलकर 12 विकेट झटके. ये अफगानी स्पिनर भी रेस में शामिल तीसरे नंबर पर संयुक्त रूप से हार्दिक पंड्या, राशिद खान, अल अमीन हुसैन और मोहम्मद नवीद हैं. इन चारों ने ही 11-11 विकेट झटके हैं. अल अमीन हुसैन (बांग्लादेश) और मोहम्मद नवीद (यूएई) एशिया कप का हिस्सा नहीं होंगे, ऐसे में हार्दिक पंड्या के अलावा राशिद खान के पास भुवनेश्वर कुमार से आगे निकलने का मौका होगा. श्रीलंकाई स्पिनर वानिंदु हसारंगा चौथे नंबर पर हैं, जिन्होंने कुल 9 विकेट झटके हैं. पांचवें स्थान पर पाकिस्तान के शादाब खान, मोहम्मद नवाज और हारिस रऊफ हैं. शादाब, नवाज और रऊफ ने एशिया कप के टी20 फॉर्मेट में 8-8 विकेट चटकाए हैं. नवाज और रऊफ इस बार भी एशिया कप में भाग लेते दिखेंगे. एशिया कप में सर्वाधिक विकेट (टी20 फॉर्मेट) भुवनेश्वर कुमार (भारत)- 6 मैच, 13 विकेट, एवरेज 9.46 अमजद जावेद (यूएई)– 7 मैच, 12 विकेट, एवरेज 14.08 मोहम्मद नवीद (यूएई)- 7 मैच, 11 विकेट, एवरेज 13.18 राशिद खान (अफगानिस्तान)– 8 मैच, 11 विकेट, एवरेज 18.36         हार्दिक पांड्या (भारत)– 8 मैच, 11 विकेट, एवरेज 18.81 अल अमीन हुसैन (बांग्लादेश)– 5 मैच, 11 विकेट, एवरेज 12.18         वानिंदु हसारंगा (श्रीलंका)- 6 मैच, 9 विकेट, एवरेज 18.88 शादाब खान (पाकिस्तान)– 5 मैच, 8 विकेट, एवरेज 14.12 मोहम्मद नवाज (पाकिस्तान)- 8 मैच, 8 विकेट, एवरेज 21.75     हारिस रऊफ (पाकिस्तान)- 6 मैच, 8 विकेट, एवरेज 19.12 एशिया कप की शुरुआत 1984 में हुई थी और तब से लेकर 2014 तक यह टूर्नामेंट ओडीआई फॉर्मेट में ही खेला जाता रहा. 2016 में पहली बार एशिया कप T20 फॉर्मेट में आयोजित हुआ था. इसके बाद 2022 में भी ये टूर्नामेंट टी20 फॉर्मेट में खेला गया. अब तीसरी बार यह टूर्नामेंट सबसे छोटे फॉर्मेट में खेला जाना है. इस बार एशिया कप में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, अफगानिस्तान, बांग्लादेश, ओमान, यूएई और हॉन्ग कॉन्ग की टीमें भाग ले रही हैं. ग्रुप-ए में भारत के अलावा पाकिस्तान, यूएई और ओमान को रखा गया है. जबकि हॉन्ग कॉन्ग, श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान की टीमें ग्रुप-बी में हैं.

सिनर बनाम अल्कारेज! यूएस ओपन फाइनल में होगा जबरदस्त टक्कर, जोकोविच भी तैयार

न्यूयॉर्क वर्ल्ड नंबर-1 टेनिस खिलाड़ी जैनिक सिनर ने यूएस ओपन 2025 में मेन्स सिंगल्स स्पर्धा के फाइनल में एंट्री कर ली है. शुक्रवार (5 सितंबर) को न्यूयॉर्क के आर्थर ऐश स्टेडियम में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में जैनिक सिनर ने कनाडा के फेलिस्क ऑगर अलियासिमे को चार सेट तक चले मुकाबले में 6-1, 3-6, 6-3, 6-4 से हराया. सिनर ने 25वीं वरीयता प्राप्त कनाडाई खिलाड़ी के खिलाफ मुकाबला 3 घंटा और 21 मिनट में जीता. अब इटली के जैनिक सिनर का फाइनल में सामना वर्ल्ड नंबर-2 कार्लोस अल्कारेज से होगा. स्पेनिश स्टार अल्कारेज ने पहले सेमीफाइनल में 7वीं सीड सर्बिया के नोवाक जोकोविच को 6-4, 7-6 (4), 6-2 से हराया. अल्कारेज को ये मुकाबला जीतने में 2 घंटे और 23 मिनट लगे. जोकोविच ने इससे पहले अल्कारेज के खिलाफ 8 में से 5 मुकाबले जीते थे, लेकिन अबकी बार सर्बियाई खिलाड़ी का जादू नहीं चला. देखा जाए तो जैनिक सिनर और कार्लोस अल्कारेज लगातार तीसरे ग्रैंड स्लैम फाइनल में भिड़ेंगे. इतालवी खिलाड़ी ने विम्बलडन 2025 के फाइनल में कार्लोस अल्कारेज को हराया था. उससे पहले कार्लोस अल्कारेज ने फ्रेंच ओपन 2025 के फाइनल में जैनिक सिनर की चुनौती ध्वस्त की थी. अल्कारेज और सिनर में किसका पलड़ा भारी? 24 साल के जैनिक सिनर ओपन एरा में रॉड लेवर (1969), रोजर फेडरर (2006-07, 2009) और नोवाक जोकोविच (2015, 2021, 2023) के बाद एक सीजन में सभी चार ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंचने वाले चौथे पुरुष टेनिस प्लेयर हैं. अल्कारेज और सिनर के बीच अबतक 14 मुकाबले हुए हैं. इसमें अल्कारेज ने 9 और सिनर ने 5 मैच जीते. 22 वर्षीय कार्लोस अल्कारेज साल 2022 में यूएस ओपन जीत चुके हैं. वहीं जैनिक सिनर ने पिछले साल यहां पर खिताब जीता था. अल्कारेज ने कुल मिलाकर पांच ग्रैंड स्लैम खिताब जीते हैं. इसमें विम्बलडन (2023, 2024), फ्रेंच ओपन (2024, 2025) और यूएस ओपन (2022) शामिल है. वहीं जैनिक सिनर चार ग्रैंड स्लैम टाइटल जीत चुके हैं. सिनर ने ऑस्ट्रेलियन ओपन (2024, 2025), यूएस ओपन (2024) और विम्बलडन (2025) जीता था. उधर यूएस ओपन 2025 के महिला सिंगल्स फाइनल में वर्ल्ड नंबर-1 आर्यना सबालेंका का सामना यूएसए की अमांडा अनिसिमोवा से होगा. बेलारुस की सबालेंका ने पहले सेमीफाइनल में अमेरिकी खिलाड़ी जेसिका पेगुला को 4-6, 6-3, 6-4 से हराया था. वहीं आठवीं सीड अनिसिमोवा ने सेमीफाइनल में जापान की नाओमी ओसाका को 6-7 (4), 7-6 (3), 6-3 से पराजित किया.

क्रिकेट जगत की बड़ी खबर: BCCI अध्यक्ष पद के लिए फाइनल लिस्ट तैयार, राजीव शुक्ला रेस में शामिल

नई दिल्ली  भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) की 94वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) इस महीने मुंबई में होनी है. इस आम बैठक में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के लिए चुनाव होगा. सूत्रों ने बताया है कि एजीएम से पहले एक हाई लेवल मीटिंग होने वाली है, जिसमें बोर्ड के शीर्ष अधिकारी भाग लेंगे. बंद कमरे में होने वाली इस मीटिंग में आगामी चुनावों के लिए उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है. बीसीसीआई में सचिव, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष के पदों पर पुराने पदाधिकारी ही बने रहेंगे. अध्यक्ष पद के लिए बीसीसीआई ने अभी तक कोई नाम तय नहीं किया है. अध्यक्ष कोई पूर्व खिलाड़ी भी हो सकता है या फिर कोई वरिष्ठ क्रिकेट प्रशासक. बोर्ड ने अभी तक किसी एक उम्मीदवार पर अंतिम फैसला नहीं लिया है. अंतिम निर्णय हाई लेवल मीटिंग में लिया जाएगा. सूत्रों के अनुसार, राजीव शुक्ला के लिए तीन संभावनाएं हैं. बीसीसीआई के वो वाइस-प्रेसिडेंट बने रह सकते हैं. या आईपीएल के चेयरमैन बन सकते हैं. या उनका प्रमोशन हो सकता है और वो बीसीसीआई अध्यक्ष बन सकते हैं. हालांकि सबसे ज्यादा संभावना है कि वो मौजूदा पद (उपाध्यक्ष) पर बने रहें, लेकिन अध्यक्ष पद के लिए भी उनके पक्ष में समीकरण 60-40 बताया जा रहा है. कौन बनेगा अगला IPL चैयरमैन? उधर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के अध्यक्ष पद में बदलाव हो सकता है. पूर्व कोषाध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी आईपीएल के अगले चेयरमैन बन सकते हैं. आईपीएल चेयरमैन पद के लिए  बंगाल से अभिषेक डालमिया का नाम भी चर्चा में है. डालमिया फिलहाल आईपीएल गवर्निंग काउंसिल के सदस्य हैं. रोजर बिन्नी की उम्र 70 साल से ज्यादा हो गई है, जिसके चलते उन्होंने हाल ही में बीसीसीआई के अध्यक्ष का पद छोड़ दिया था. बीसीसीआई के संविधान के अनुसार 70 साल से ज्यादा की उम्र के व्यक्ति को बोर्ड में कोई पद नहीं मिलेगा. फिलहाल उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर रोजर बिन्नी की जगह कार्यवाहक अध्यक्ष का पदभार संभाले हुए हैं. बीसीसीआई की वार्षिक आम सभा (AGM) सितंबर के आखिरी हफ्ते में होने की संभावना है. इसके लिए नोटिस अगले 2-3 दिनों में जारी किया जाएगा.

गाजीपुर के हाकी सितारे अंकिता और मनोज का CISF में चयन, जिले का गर्व बढ़ा

सैदपुर (गाजीपुर) ज‍िले में मेघबरन सिंह स्टेडियम करमपुर की बड़ी उपलब्धि सामने आई है इस पर पूर्व सांसद ने बधाई भी दी है। दरअसल अंकिता पाल और मनोज यादव को सीआइएसएफ में नौकरी पक्‍की हो गई है। उन दोनों की इस सफलता से पूर्वांचल और गाजीपुर में गौरव बढ़ा है। खेलों के माध्यम से नारी सशक्तीकरण और अंतरराष्ट्रीय पहचान की मिसाल दोनों ख‍िलाड़ी बने हैं। खेल प्रतिभाओं को तराशने और उन्हें ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाला मेघबरन सिंह स्टेडियम करमपुर एक बार फिर बड़ी उपलब्धि का गवाह बना है। स्टेडियम की नई बैच की होनहार खिलाड़ी अंकिता पाल और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम कमा चुके मनोज यादव का चयन केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) में हुआ है। मूलतः प्रतापगढ़ के निवासी सुमेर पाल की बेटी अंकिता पाल पिछले पांच वर्षों से मेघबरन सिंह स्टेडियम करमपुर में प्रशिक्षण ले रही हैं। उन्होंने जूनियर नेशनल (2022) और सीनियर नेशनल (2023) में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। इसके अलावा उन्होंने खेलो इंडिया गेम्स, विश्वविद्यालय खेलों और पूर्वांचल विश्वविद्यालय की ओर से पूर्वी क्षेत्रीय विश्वविद्यालय खेलों में पदक जीता। इधर ईदिलपुर, सैदपुर निवासी मनोज यादव का सफर भी प्रेरणादायक रहा है। वे भारतीय सब-जूनियर हाकी टीम का हिस्सा रह चुके हैं और उत्तर प्रदेश से जूनियर नेशनल में खेले हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्होंने जर्मनी के बर्लिन में आयोजित चार नेशन टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व किया और टीम ने दूसरा स्थान हासिल किया। स्टेडियम के निदेशक और पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि केवल करमपुर ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश का गर्व है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा और सामूहिक प्रयासों का परिणाम आज अंकिता और मनोज की सफलता है। स्टेडियम के महासचिव अनिकेत सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि स्व. श्री तेज बहादुर सिंह (संस्थापक) के सपनों को साकार करने की दिशा में मील का पत्थर है। कोच इन्द्रदेव ने भी दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी। यह सफलता न केवल खेल प्रतिभाओं की पहचान बढ़ाती है बल्कि खेलों के माध्यम से नारी सशक्तीकरण और गरीब-पिछड़े वर्ग के बच्चों को अवसर प्रदान करने का संदेश भी देती है।  

इतिहास रच रहा ICC वर्ल्ड कप: टिकट कीमत सिर्फ 100-100 रुपये

नई दिल्ली  Women's Cricket World Cup 2025 के लिए गुरुवार 4 सितंबर को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी आईसीसी ने टिकटों की बिक्री शुरू कर दी है। आप जानकर हैरान हो जाएंगे कि वुमेंस वर्ल्ड कप आईसीसी का सबसे सस्ता ग्लोबल इवेंट बन गया है, क्योंकि वर्ल्ड कप के मैचों की टिकट की कीमत 100 रुपये (1.14 US डॉलर) से शुरू होती है। आईसीसी तमाम ग्लोबल इवेंट्स मेंस और वुमेंस कैटेगरी में कराती है, लेकिन इतनी कम कीमत किसी भी इवेंट्स के टिकटों की नहीं रही। 4 सितंबर से प्री-सेल 4 दिन के लिए शुरू की है, जो रिकॉर्ड लो प्राइस पर है। 2022 में ICC महिला क्रिकेट विश्व कप खेला गया था, जो न्यूजीलैंड में आयोजित हुआ था। पिछले संस्करण के लिए बच्चों के टिकटों की प्राइस 7 न्यूजीलैंड डॉलर यानी करीब साढ़े 350 रुपये या 4.45 यूएस डॉलर थी, जबकि वयस्कों के लिए सबसे कम टिकट 17 NZD थी, जो 850 रुपये या 10 यूएस डॉलर के बराबर है, जो वर्तमान विश्व कप टिकट की कीमत से साढ़े आठ गुना ज्यादा है। बता दें कि भारत और श्रीलंका इस टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहे हैं। 30 सितंबर को गुवाहाटी में वुमेंस वर्ल्ड कप का उद्घाटन मैच खेला जाएगा और इससे करीब चार सप्ताह पहले टिकटों की बिक्री आईसीसी की ओर से शुरू कर दी गई है। आपकी जानकारी के लिए बता दें, महिला क्रिकेट विश्व कप के 13वें संस्करण में आठ टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें सह-मेजबान भारत और श्रीलंका के अलावा पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, बांग्लादेश, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका की टीम शामिल है। सभी टीमें राउंड रोबिन फॉर्मेट में मुकाबला खेलेंगी। हर टीम को बाकी सात टीमों से एक-एक मैच में भिड़ना होगा। पॉइंट्स टेबल में टॉप की चार टीमें सेमीफाइनल में भिड़ेंगी और फिर सीधे फाइनल होगा, जो 2 नवंबर को आयोजित होगा। पाकिस्तान की टीम अपने सभी मुकाबले श्रीलंका में खेलेगी। अगर फाइनल में टीम पहुंचती है तो फाइनल भी श्रीलंका में ही आयोजित होगा। पाकिस्तान की टीम बाहर होती है तो फिर फाइनल में भारत में होगा। इससे पहले आईसीसी ने वुमेंस वर्ल्ड कप के लिए रिकॉर्ड प्राइज मनी का ऐलान किया था। 13.88 मिलियन अमेरिकी डॉलर इस इवेंट के लिए आईसीसी ने निर्धारित किए हैं, जो 2022 संस्करण के मुकाबले चार गुना ज्यादा रकम है। 3.5 मिलियन अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि पिछले संस्करण के लिए थी।