samacharsecretary.com

राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी के खिलाफ धोखाधड़ी मामले में लुकआउट नोटिस

मुंबई बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा एक बड़े विवाद में घिर गए हैं। मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। आरोप है कि उन्होंने व्यापारी दीपक कोठारी से लगभग 60 करोड़ रुपये की ठगी की है। इस मामले में अब EOW ने उनकी मूवमेंट पर नज़र रखने के लिए लुकआउट नोटिस जारी कर दिया है, जिससे दोनों देश से बाहर नहीं जा सकेंगे।   व्यापारी का आरोप शिकायतकर्ता दीपक कोठारी का कहना है कि उन्होंने 2015 से 2023 के बीच शिल्पा-राज की कंपनी Best Deal TV Pvt. Ltd. में निवेश किया था। यह कंपनी ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म चलाती थी। कोठारी ने आरोप लगाया कि कंपनी में निवेश किए गए 60 करोड़ 48 लाख रुपये का इस्तेमाल बिज़नेस के बजाय निजी खर्चों में कर लिया गया। कोठारी के मुताबिक, 2016 में खुद शिल्पा शेट्टी ने पैसों की वापसी की पर्सनल गारंटी भी दी थी, लेकिन बाद में उन्होंने कंपनी के डायरेक्टर पद से इस्तीफा दे दिया और कंपनी दिवालिया घोषित हो गई। शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्हें न तो इसकी जानकारी दी गई और न ही उनका पैसा लौटाया गया। पुलिस की जांच EOW ने अब इस मामले में IPC की धारा 403, 406 और 34 के तहत FIR दर्ज की है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि निवेश की रकम का इस्तेमाल किन-किन कामों में हुआ और पैसों का फ्लो कहां गया। पुलिस ने दंपति के ट्रैवल रिकॉर्ड की भी जांच शुरू कर दी है। लुकआउट नोटिस जारी होने के बाद शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। अब दोनों बिना अनुमति देश से बाहर यात्रा नहीं कर पाएंगे।

सीमा पाहवा से ट्रेनिंग ले रही हैं निर्मित कौर अहलूवालिया

मुंबई,  अभिनेत्री निर्मित कौर अहलूवालिया ने शिक्षक दिवस के मौके पर दिग्गज अभिनेत्री और निर्देशक सीमा पाहवा के प्रति अपना गहरा आभार व्यक्त किया। निमृत इस समय सीमा पाहवा के मार्गदर्शन में अपनी कला को निखार रही हैं। आने वाली एक अनटाइटल्ड फिल्म में, जिसे सीमा पाहवा निर्देशित कर रही हैं, निर्मित को उनसे सीखने और अभिनय की बारीकियों को समझने का मौका मिल रहा है। अपने अनुभव साझा करते हुए निर्मित ने कहा, “मैं खुद को बहुत भाग्यशाली मानती हूं कि मुझे सीमा पाहवा मैम के निर्देशन और मार्गदर्शन में काम करने का मौका मिला। वह न सिर्फ बेहतरीन अभिनेत्री हैं बल्कि एक शानदार टीचर भी हैं, जो अपने छात्रों से उनका बेस्ट निकलवाना जानती हैं। इस प्रोजेक्ट के दौरान मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा, चाहे वह किरदार की गहराई समझना हो, परफॉर्मेंस में ईमानदारी लाना हो, या फिर यह देखना कि वह हर सीन को कितनी गंभीरता और बारीकी से अप्रोच करती हैं। उन्होंने मेरी सोच को और गहरा किया है और मुझे बतौर आर्टिस्ट निखारा है। सबसे खास बात जो मैंने उनसे सीखी है, वह यह कि वह आपको अपनी सच्चाई खोजने के लिए प्रेरित करती हैं, न कि केवल उनके बताए अनुसार चलने के लिए। मेरे लिए सीमा मैम सिर्फ डायरेक्टर या मेंटर नहीं बल्कि एक प्रेरणा और मार्गदर्शक हैं। शिक्षक दिवस के मौके पर मैं दिल से उनका धन्यवाद करना चाहती हूँ कि वह मेरी इस यात्रा का इतना अहम हिस्सा बनीं।”  

सोनी सब के कलाकारों ने साझा किए अपने गुरुओं से मिले सबक

मुंबई,  सोनी सब के कलाकारों ने शिक्षक दिवस के अवसर पर अपने गुरुओं से मिले सबक को प्रशंसकों के साथ साझा किया है। उफ़्फ…ये लव है मुश्किल में कैरी की भूमिका निभा रहीं आशी सिंह ने कहा, “इस शिक्षक दिवस पर, मैं उन सभी की आभारी हूं जिन्होंने मुझे सिखाया कि अभिनय सिर्फ प्रदर्शन नहीं है, बल्कि भीतर से जीवन को जीना और समझना भी है। हर निर्देशक, सह-कलाकार और गुरु जिनके साथ मैंने काम किया, किसी न किसी रूप में मेरे शिक्षक रहे, जिन्होंने मुझे मेरे किरदारों के ज़रिए खुद के नए पहलुओं को खोजने का मार्ग दिखाया। मुझे लगता है कि हम लगातार सीखते और विकसित होते रहते हैं, चाहे सेट पर हों या जीवन में। आज मैं अपने सभी शिक्षकों को धन्यवाद देना चाहती हूं, जिन्होंने मुझे केवल कलाकार ही नहीं बल्कि इंसान के रूप में भी गढ़ा। कैरी जैसे जटिल किरदार को निभाते हुए मैंने धैर्य, संवेदनशीलता और ईमानदारी जैसे अनगिनत सबक सीखे हैं।” उफ़्फ…ये लव है मुश्किल में मायरी की भूमिका निभा रहीं सुप्रिया शुक्ला ने कहा, “कई बरसों से पर्दे पर मां का किरदार निभाना ही धैर्य, करुणा और बिना शर्त प्रेम का एक बड़ा सबक रहा है। मुझे ऐसे अद्भुत कोच और निर्देशक मिले जिन्होंने हमेशा यही कहा,‘इसे सच्चा महसूस करो, इसे मायने दो।’ शिक्षक दिवस पर मुझे याद आता है कि गुरु कई रूपों में आते हैं—कभी शिक्षक बनकर, कभी सह-कलाकार बनकर और कभी उन किरदारों के रूप में जिन्हें हम निभाते हैं। हर किसी ने कोई न कोई सबक दिया है जो मेरे साथ हमेशा जुड़ा रहा, और आज मैं उन सबके प्रति गहरी कृतज्ञता महसूस करती हूं जो मुझे निरंतर मार्गदर्शन और प्रेरणा देते रहे।” इत्ती सी खुशी में विराट की भूमिका निभा रहे रजत वर्मा ने कहा, “चाहे वह मेरा पहला डायलॉग कोच हो या कोई वरिष्ठ सह-कलाकार जिसने मुझे ‘एक बार और कोशिश करो’ कहकर प्रेरित किया, ऐसे हर पल मेरे लिए सीखने का अवसर रहा है। ये सबक सेट तक ही सीमित नहीं रहे बल्कि उन्होंने मेरे काम के प्रति दृष्टिकोण और जीवन जीने के तरीके को भी गढ़ा है। अनुशासन, रचनात्मकता और ईमानदारी ऐसी चीज़ें हैं जिन्हें किताबें पूरी तरह नहीं सिखा सकतीं, बल्कि ये साथ काम करने वाले लोग अपने आचरण से हमें सिखाते हैं। इस शिक्षक दिवस पर मैं उन सभी के प्रति आभार व्यक्त करता हूं जिन्होंने जान-बूझकर या अनजाने में मेरे सफर में शिक्षक की भूमिका निभाई। मेरा हर किरदार उनकी सीख की नींव पर खड़ा है, और इसके लिए मैं हमेशा सम्मान और आभार के साथ उन्हें याद रखूंगा।” वीर हनुमान में केसरी की भूमिका निभा रहे आरव चौधरी ने कहा, “जब एक बच्चा जन्म लेता है, तो उसकी पहली गुरु मां होती है, फिर परिवार के बड़े और निश्चित रूप से स्कूल के शिक्षक। लेकिन मेरा मानना है कि एक सबसे बड़ा शिक्षक, जिसका अक्सर उल्लेख नहीं होता, वह है समय। अच्छे और कठिन दौर से समय जो सिखाता है, वह वास्तव में अनमोल होता है। मैं अपने सभी गुरुओं का आभारी हूं, जिनमें मेरे आध्यात्मिक गुरु तर्नेवजी भी शामिल हैं, और हर वह शिक्षक जिन्होंने प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से मुझे गढ़ा है। फिल्मकारों, निर्देशकों, निर्माताओं और दिग्गज कलाकारों से लेकर हर किसी ने मेरे लिए मार्गदर्शक का काम किया है। शिक्षक दिवस पर मैं इन सभी प्रभावों के प्रति गहरी कृतज्ञता महसूस करता हूं, क्योंकि यही मेरे जीवन के सच्चे शिक्षक रहे हैं।”  

‘हर दिन मुस्कुराने की वजह ढूंढे’, जेनेलिया डिसूजा के लुक ने जीता फैंस का दिल

  मुंबई,  एक्ट्रेस जेनेलिया डिसूजा अपनी मासूमियत और सादगी से लोगों के दिलों में खास जगह बनाए रखती हैं। फिल्मों के अलावा, वह अक्सर अपने फैंस से जुड़ने के लिए सोशल मीडिया पर कुछ न कुछ खास पोस्ट करती रहती हैं। गुरुवार को उन्होंने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुछ खूबसूरत तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसे लोग काफी पसंद कर रहे हैं। तस्वीरों में जेनेलिया का अंदाज किसी राजकुमारी से कम नहीं लग रहा। उन्होंने डार्क ब्राउन कलर का लहंगा पहना हुआ है, जिसमें गोल्डन कलर की स्ट्राइप्स हैं। इस आउटफिट की खास बात उसका दुपट्टा है, जो लाइट बेज कलर का फ्लोरल प्रिंटेड है। इसमें ब्लू, रेड और ग्रीन कलर के फूलों के डिजाइन हैं। जेनेलिया ने इस लुक के साथ ट्रेडिशनल गहनों को बेहद खूबसूरती से कैरी किया हुआ है। उनके गले में कुंदन चोकर हार है, कानों में भारी झुमके हैं, और हाथों में कंगनों की भरमार है। बालों को उन्होंने हल्का कर्ल कर करके पीछे की ओर बांधा हुआ है, और उसमें सफेद फूलों का एक छोटा सा गजरा है, जो उनके पूरे लुक में चार चांद लगा रहा है। पहली तस्वीर में जेनेलिया नीचे बैठी हैं, उनकी नजरें झुकी हुई हैं और चेहरे पर हल्की मुस्कान है। तस्वीर देखकर ऐसा लग रहा है, मानो वो किसी सुनहरे ख्यालों में डूबी हुई हों। दूसरी तस्वीर क्लोजअप क्लिक है। इसमें वह पलके नीचे झुकाते हुए कैमरे के लिए पोज दे रही हैं। तीसरी तस्वीर में वह खड़ी हैं और कहीं और देख रही हैं। इन तस्वीरों को पोस्ट करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा, “हर दिन मुस्कुराने की वजह ढूंढे।” जेनेलिया के इस पोस्ट पर फैंस के कमेंट्स की बाढ़ आ गई है। लोग उनके लुक के साथ-साथ आउटफिट की भी जमकर तारीफ कर रहे हैं। एक फैन ने लिखा, “आपकी स्माइल ही तो हमारी मुस्कान की वजह है।” दूसरे फैन ने लिखा, “आपकी खूबसूरती की बात ही अलग है।” अन्य फैंस ने उन्हें ‘एथनिक क्वीन’ का टैग दिया।  

कंतारा: चैप्टर 1 में ऋषभ शेट्टी ने बिना बॉडी डबल के किये खतरनाक स्टंट

मुंबई,  दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार ऋषभ शेट्टी ने कंतारा: चैप्टर 1 में बिना बॉडी डबल के खतरनाक स्टंट किया है। होम्बले फिल्म्स की कंतारा: चैप्टर 1 सबसे ज्यादा इंतेज़ार की जाने वाली फिल्मों में से एक है। वर्ष 2022 में रिलीज फिल्म कंतारा की जबरदस्त सफलता के बाद, इसे बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त परफॉर्मेंस के कारण सबसे बड़ी स्लीपर हिट का दर्जा दिया गया। ऐसे ने अब इसका प्रीक्वल उस लेगेसी को आगे ले जाने का वादा करता है, जिससे दर्शकों का उत्साह और भी ज्यादा बढ़ गया है। साल की सबसे बड़ी फिल्म होने के नाते, ऋषभ शेट्टी कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं और उन्होंने अपने सभी स्टंट खुद बिना किसी बॉडी डबल के किए हैं। कंतारा: चैप्टर 1 के एक्शन-स्टंट कोरियोग्राफर अर्जुन राज ने बताया कि, “हमने ऋषभ के लिए बॉडी डबल का इस्तेमाल नहीं किया। उन्होंने बिना किसी मदद, खुद अपने स्टंट किए हैं। उनका बॉडी लैंग्वेज इतना अलग है कि कोई डुप्लीकेट कॉपी नहीं कर सकता। उन्होंने कलारिपयट्टू, तलवारबाज़ी और घुड़सवारी की ट्रेनिंग ली है। इसके बावजूद जो रिस्क उन्होंने उठाए, वो सिर्फ उनकी हिम्मत और जज़्बे से संभव हुआ है। मैंने कई एक्टर्स के साथ काम किया है, लेकिन ऋषभ सिर्फ इतना नहीं कहते कि ‘मैं अपनी तरफ से पूरी कोशिश करूंगा’, बल्कि वो कहते हैं ‘मैं जब तक जिंदा हूं, मैं करूंगा।’ यही स्पिरिट सबकुछ बदल देती है।” होम्बले फिल्म्स की कंतारा: चैप्टर 1 सबसे बड़ी और महत्वाकांक्षी फिल्मों में से एक है। इसकी क्रिएटिव टीम की बात करें तो इसमें म्यूजिक डायरेक्टर बी. अजनीश लोकनाथ, सिनेमैटोग्राफर अरविंद कश्यप और प्रोडक्शन डिज़ाइनर विनेश बंगालन शामिल हैं, जिन्होंने मिलकर इस फिल्म के विजुअल से लेकर इमोशनल नैरेटिव को खूबसूरती से आकर दिया है। इसके अलावा, होम्बले फिल्म्स 2022 की इस ब्लॉकबस्टर फिल्म की विरासत को आगे ले जाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। मेकर्स ने 'कंतारा: चैप्टर 1' के लिए नेशनल और इंटरनेशनल स्पेशलिस्ट के साथ एक बड़ा वॉर सीक्वेंस तैयार किया है, जिसमें 500 से ज़्यादा कुशल फाइटर्स और 3,000 लोग शामिल हैं। यह सीक्वेंस 25 एकड़ में फैले एक पूरे शहर में, ऊबड़-खाबड़ इलाके में 45-50 दिनों के दौरान फिल्माया गया था, जो इसे भारतीय सिनेमा के इतिहास में सबसे बड़े सीक्वेंसेज में से एक बनाता है।यह फिल्म 02 अक्टूबर को दुनिया भर में कन्नड़, हिंदी, तेलुगु, मलयालम, तमिल, बंगाली और अंग्रेजी भाषाओं में रिलीज होगी।  

भारत ने रिलीज़ पर लगी रोका, दुनिया ने सराहा: विपिन शर्मा को हॉलीवुड अवॉर्ड से सम्मानित

लॉस एंजिल्स हॉलीवुड फिल्म 'मंकी मैन' में किन्नर का किरदार निभाने वाले बॉलीवुड एक्टर विपिन शर्मा को 'एस्टार अवार्ड्स 2025' से सम्मानित किया गया है। एक्टर ने मंच पर इसका श्रेय 'स्लमडॉग मिलियनेयर' के एक्टर देव पटेल को दिया। एक्टर विपिन शर्मा को हाल ही में बैंकॉक में आयोजित 'एस्टार अवार्ड्स 2025' के उद्घाटन समारोह में बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फिल्म साइंस एंड आर्ट्स (आईआईएफएसए) ने इस कार्यक्रम को आयोजित किया था। इन पुरस्कारों का उद्देश्य सिनेमा के क्षेत्र में उत्कृष्ट काम करने वालों को सम्मानित करना है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान पाने वाले एक्टर इसमें विभिन्न देशों और संस्कृतियों का प्रतिनिधित्व करने वाले फिल्म प्रड्यूसर और कलाकार मौजूद थे। विपिन शर्मा इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान पाने वाले भारतीय एक्टर्स में से एक बन गए हैं। विपिन शर्मा बोले- ऐसी भूमिका जिसने मेरी जिंदगी बदल दी विपिन शर्मा ने अवॉर्ड पाने के बाद कहा, 'पहले ही एस्टार अवार्ड्स में यह सम्मान पाकर मैं सचमुच अभिभूत हूं। मंकी मैन मेरे लिए एक खास सफर रहा है और दुनिया भर के दर्शकों के साथ इस एक्टिंग से जुड़ते देखना बहुत सुखद है। मैं देव पटेल का भी बहुत आभारी हूं, जिन्होंने मुझे एक ऐसी भूमिका दी जिसे मैं कभी नहीं भूल पाऊंगा, एक ऐसी भूमिका जिसने मेरी जिंदगी बदल दी। इस तरह के अवॉर्ड हमें सिनेमा की सीमाओं को पार करने और लोगों को जोड़ने की शक्ति की याद दिलाते हैं और मैं इस पल का हिस्सा बनकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं।' इसे भारत में रिलीज नहीं किया गया था फिल्म 'मंकी मैन' को एक्टर देव पटेल ने डायरेक्ट किया था। बतौर निर्देशक यह उनकी पहली फिल्म थी। इसे भारत में रिलीज नहीं किया गया था। अब इस फिल्म को ग्लोबल लेवल पर सम्मान मिल रहा है। सेंसर बोर्ड ने इस फिल्म को इसलिए हरी झंडी नहीं दी, क्योंकि इसमें उन्हें ज्यादा हिंसा, इंटीमेट सीन (अंतरंग दृश्य), हिंदू धर्म और पौराणिक कथाओं को लेकर आपत्ति थी। हालांकि यह फिल्म अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भारत में भी उपलब्ध है। 'मंकी मैन' में कई और कलाकार इसमें शोभिता धुलिपाला, सिकंदर खेर, विपिन शर्मा, अश्विनी कालसेकर और मकरंद देशपांडे जैसे कलाकार हैं।

‘द रॉक’ बने और भी दमदार! ड्वेन जॉनसन के ट्रांसफॉर्मेशन पर इंटरनेट में हंगामा

इस वक्त हॉलीवुड स्टार ड्वेन जॉनसन चर्चा में हैं अपने ट्रांसफॉर्मेंशन को लेकर। 1 सितंबर को वेनिस फिल्म फेस्टिवल में जैसे ही ड्वेन 'द रॉक' जॉनसन पहुंचे उनका अंदाज देखकर हर कोई हैरान था। हर किसी की निगाहें उनपर जा थमी क्योंकि वो उस लुक में थे जो इससे पहले कभी किसी को नहीं दिखा। इस एक्टर की मोस्ट अवेटेड नई फिल्म, 'द स्मैशिंग मशीन' का वर्ल्ड प्रीमियर इसी फेस्टिवल में हुआ। सोशल मीडिया पर ड्वेन के अपने नए लुक से सबका ध्यान खींच लिया है। सोशल मीडिया पर नजर आए इस वीडियो को देख हर कोई हैरान नजर आ रहा है।   'ऐसा लग रहा है कि द रॉक कंकड़ बन गए' एक्स पर सामने आए उनके इस वीडियो को देखकर लोग जमकर रिएक्शंस दे रहे हैं। ड्वेन जॉनसन को देखकर एक ने कहा, 'ऐसा लग रहा है कि द रॉक कंकड़ बन गए।' दूसरे ने मज़ाक करते हुए कहा, 'ये कहीं AI का कमाल तो नहीं।' वहीं एक और फैन ने कहा, 'इन महीनों में उनका वजन काफी कम हो गया है, उम्मीद करते हैं कि वो अपनी सेहत का ध्यान रख रहे होंगे।' 'तो अपनी आदतें बदलनी पड़ती हैं' एक अन्य फैन ने कहा, 'उन्होंने इतना वजन कम कर लिया है और अब वो स्वस्थ दिख रहे हैं, रॉक के लिए ये अच्छी बात है।' कुछ ने कहा है, 'अपनी इस फिजिक को बनाए रखने के लिए उन्हें बहुत ज़्यादा खाना पड़ता था। जब आप एक खास उम्र के हो जाते हैं तो या तो अपनी आदतें बदलनी पड़ती हैं या फिर जिंदगी खत्म हो जाती। जो लोग उन्हें जज कर रहे हैं, वे बेवकूफ हैं।' 'द स्मैशिंग मशीन' के बारे में 'द स्मैशिंग मशीन' में, ड्वेन एमएमए फाइटर मार्क केर की भूमिका में हैं। ये फिल्म साल 2002 में आई इसी नाम की डॉक्यूमेंट्री से प्रेरित है। मार्क केर ने अपने करियर में कई अवॉर्ड जीते, और दूसरी तरफ नशीले पदार्थों के सेवन की समस्या से भी जूझते रहे। यह फिल्म उनकी तत्कालीन प्रेमिका, एमिली ब्लंट के साथ उनके संबंधों को भी दिखाती है। इस फिल्म का निर्देशन बेनी सफी ने किया है।

सुपर डांसर चैप्टर 5 में लौटेगा नब्बे के दशक का जादू, करिश्मा कपूर बनेंगी खास मेहमान!

मुंबई,  बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविज़न के शो सुपर डांसर चैप्टर 5 में खास मेहमान के रूप में नजर आयेंगी। इस वीकेंड सुपर डांसर अपने दर्शकों को 90 का जादू थीम के साथ एक नॉस्टैल्जिक सफर पर ले जाने वाला है। शो में बॉलीवुड दिवा करिश्मा कपूर स्पेशल गेस्ट बनकर शिरकत करेंगी। शो के बेहद टैलेंटेड कंटेस्टेंट्स अपने सुपर गुरुओं के साथ मिलकर 90 के दौर के कलाकारों को ट्रिब्यूट देंगे। वे उनके आइकॉनिक गानों और कभी न भूले जाने वाले डांस नंबर्स पर परफॉर्म करेंगे। करिश्मा कपूर ने बताया,90 के दशक एक अलग ही समय था। तब सोशल मीडिया नहीं था और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की मौजूदगी भी आज जितनी नहीं थी। इसलिए हमें डबल मेहनत करनी पड़ती थी और बहुत लगन से काम करना पड़ता था। मेरे हिसाब से वो एक खूबसूरत वक्त था और शानदार दौर। आज जब ये स्टेज 90 के दशक का जश्न मना रहा है, तो ये बहुत इमोशनल और खास महसूस करने जैसा है। शिल्पा शेट्टी, जिन्होंने करिश्मा के साथ स्क्रीन शेयर किया है, ने उनकी मेहनत और लगन की तारीफ करते हुए कहा, “लोग सोचते हैं कि शायद करिश्मा को सबकुछ (सफलता) बिना मेहनत के मिल गया, या फिर सिर्फ इसलिए क्योंकि वो कपूर फैमिली से आती हैं। लेकिन करिश्मा ने ये सफलता अपनी मेहनत से हासिल की है। मेरे हिसाब से वो अपनी सफलता की असली हकदार हैं।” सुपर डांसर चैप्टर 5, शनिवार और रविवार रात 8 बजे, सिर्फ़ सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविज़न और सोनी लिव पर प्रसारित होता है।  

‘बॉर्डर-2’ के बाद हॉरर फिल्म करेंगे अहान शेट्टी, पैट्रिक ग्राहम लिखेंगे कहानी

मुंबई, बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी के बेटे अहान शेट्टी की नई फिल्म की घोषणा हो गई है। यह एक हॉरर फिल्म होगी। इसकी कहानी फेमस फिल्ममेकर पैट्रिक ग्राहम लिखेंगे। फिल्म का नाम अभी फाइनल नहीं हुआ है। इसकी लीड एक्ट्रेस की भी तलाश जारी है। इसकी कहानी अलग होगी, क्योंकि इसके जरिए पैट्रिक ग्राहम हिंदी फिल्मों में फिर से वापसी कर रहे हैं। इससे पहले पैट्रिक ने ‘घोल’ और ‘बेताल’ जैसी हॉरर सीरीज बनाई थीं। इन्हें नेटफ्लिक्स पर रिलीज किया गया था। दोनों की कहानी की खूब सराहना हुई थी। नई फिल्म रोमांटिक होने के साथ ही हॉरर भी होगी, जो ऐतिहासिक घटनाओं से जुड़ी बताई जा रही है। इसे ख्याति मदान के नॉट आउट एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनाया जाएगा। अहान शेट्टी ने 2021 में फिल्म ‘तड़प’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। यह एक रोमांटिक एक्शन थ्रिलर मूवी थी। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई थी। इन दिनों वो ‘बॉर्डर-2’ की शूटिंग में बिजी हैं। वहीं, नई फिल्म के जरिए अहान हॉरर-कॉमेडी के जोनर में खुद को साबित करते दिखाई देंगे। अहान की अपकमिंग फिल्म ‘बॉर्डर 2’ की बात करें तो, यह देशभक्ति पर आधारित फिल्म है। इसे 22 जनवरी, 2026 को रिलीज किया जाएगा। इसके निर्देशक अनुराग सिंह हैं। ‘बॉर्डर 2’ में सनी देओल, वरुण धवन, मेधा राणा, मोना सिंह और सोनम बाजवा जैसे सितारे भी हैं। इसका निर्माण भूषण कुमार और जेपी दत्ता ने किया है। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सोशल मीडिया पर फिल्म के सेट से कुछ तस्वीरें साझा की थीं। इनके जरिए उन्होंने सेना के जवानों को नमन किया था। अहान शेट्टी ने अपनी पोस्ट में लिखा था, “इन वीरों के साथ खड़ा होना सर्वोच्च सम्मान की बात है। ये अद्वितीय साहस, अनुशासन और बलिदान के योद्धा हैं, जो भारतीय सशस्त्र बलों की भावना को साकार करते हैं। ये वो पुरुष और महिलाएं हैं, जो राष्ट्र को अपने हृदय में और उसकी सुरक्षा को अपने कंधों पर उठाते हैं। उनके साथ खड़ा होना स्वतंत्रता के साथ खड़ा होना है।”  

फिल्म निशांची का ट्रेलर रिलीज

मुंबई, एमेज़ॅन एमजीएम स्टूडियोज़ इंडिया ने आज अपनी आने वाली फिल्म निशानची का ट्रेलर रिलीज कर दिया है। अनुराग कश्यप निर्देशित फिल्म निशानची की कहानी दो जुडवा भाइयों बबलू और डबलू की रोमांचक ज़िंदगी पर आधारित है, जो एक-दूसरे की तरह दिखते तो हैं लेकिन उनके विचार और मान्यताएँ बिल्कुल अलग हैं। इस फिल्म का निर्माण अजय राय और रंजन सिंह ने जार पिक्चर्स के बैनर तले, फ्लिप फिल्म्स के सहयोग से किया है। पटकथा प्रसून मिश्रा, रंजन चंदेल और अनुराग कश्यप ने लिखी है। वेदिका पिंटो, मोनिका पंवार, मोहम्मद जीशान अय्यूब और कुमुद मिश्रा जैसे बहुमुखी कलाकारों की महत्वपूर्ण भूमिकाओं के साथ, निशांची 19 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। निशांची का ट्रेलर दर्शकों को 2000 के दशक की शुरुआत में, सीधे उत्तर प्रदेश के छोटे से शहर की चहल-पहल भरी गलियों में ले जाता है, जहाँ बबलू निशानची, रंगीली रिंकू और डबलू की ज़िंदगियां अचानक और अनोखे तरीके से टकराती हैं। रोमांच, कॉमेडी और देसी अंदाज़ से भरपूर, इस ट्रेलर में विद्रोह, रोमांस और प्रतिद्वंद्विता को समान रूप से दर्शाया गया है। निशांची में बबलू और डबलू का किरदार निभा रहे ऐश्वर्य ठाकरे ने कहा, “निशानची हमेशा मेरे दिल के बहुत करीब रहेगी, सिर्फ इसलिए नहीं कि यह मेरी पहली फिल्म है, बल्कि इसलिए भी कि इसने मुझे अपने कई अलग-अलग पहलुओं को जानने का मौका दिया। ऐसी दोहरी भूमिका में अभिनय करना जो भावनात्मक, शारीरिक और अभिनेता के रूप में हर तरह से विपरीत हैं, मुझे चुनौतीपूर्ण लगा। साथ ही, फिल्म के संगीत में योगदान देना भी उतना ही खास था। मेरे लिए, अभिनय और संगीत बबलू और डबलू की तरह हैं। मेरे व्यक्तित्व के दो अलग-अलग पहलू जो एक-दूसरे को संतुलित और पूरा करते हैं। मैं नर्वस हूँ, लेकिन साथ ही उत्साहित भी, कि आखिरकार इस दुनिया को सबके साथ साझा करने के लिए। अनुराग सर की मार्गदर्शन में इस यात्रा के दौरान, मैंने हर सीन, हर नोट में कुछ नया मिला। एमेज़ॅन एमजीएम स्टूडियोज़ इंडिया के साथ अपना डेब्यू करना, जो साहसी और ऑरिजिनल कहानियों का घर है, वास्तव में मेरे लिए सम्मान की बात है। निशांची सहज, भावनात्मक और बेहद व्यक्तिगत है, और मैं बेसब्री से इंतजार कर रहा हूँ कि दर्शक 19 सितंबर को इसका अनुभव करें।”