samacharsecretary.com

‘कप्तान’ में पुलिस अधिकारी की भूमिका में नजर आयेंगे साकिब सलीम

मुंबई,  अभिनेता साकिब सलीम अपने अगले ओटीटी सीरीज़ ‘कप्तान’ में पुलिस अधिकारी की भूमिका में नजर आयेंगे। अमेजन एमएक्स प्लेयर ने अपनी ओरिजिनल सीरीज़ ‘कप्तान’ का पहला पोस्टर जारी कर दिया है, जिसमें मुख्य भूमिका में साकिब सलीम नजर आ रहे हैं। सीरीज़ में साकिब समरदीप सिंह नाम के एक समर्पित पुलिस अधिकारी का किरदार निभा रहे हैं, जो बदले की आग और एक ईमानदार अफसर होने की जिम्मेदारी के बीच खुद को फंसा हुआ पाता है। इस पोस्टर में साकिब पुलिस की वर्दी में नजर आ रहे हैं, जो इशारा करता है कि यह कहानी एक्शन से भरपूर होने वाली है। दर्शकों ने अब तक साकिब को पुलिस अधिकारी के रूप में नहीं देखा है, लेकिन यह पोस्टर साफ दिखाता है कि वह इस किरदार के जरिए अपने अभिनय के नए आयाम पेश करने के लिए तैयार हैं। ‘कप्तान’ में साकिब सलीम के साथ कविता कौशिक, सिद्धार्थ निगम, वरुण बडोला, अनुष्का कौशिक, पूजा गोर और विक्रम कोचर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।  

फिल्म के गाने से शुरू हुई प्रेम कहानी, ऐसे गीता बसरा बनीं हरभजन सिंह के दिल की रानी

मुंबई, गीता बसरा आज अपना 42वां जन्मदिन मना रही हैं। गीता ने दिल दिया है से बॉलीवुड में कदम रखा था। कभी क्रिमिनल साइकोलॉजिस्ट बनने का सपना देखने वाली गीता बाद में अभिनेत्री बनीं। बॉलीवुड अभिनेत्री गीता बसरा आज अपना 42वां जन्मदिन मना रही हैं। खूबसूरती और शानदार स्क्रीन प्रेजेंस के लिए जानी जाने वाली गीता भले ही लंबे समय से फिल्मों से दूर हों, लेकिन आज भी उनके चाहने वालों की कमी नहीं है। कम समय के करियर में उन्होंने हिंदी और पंजाबी फिल्मों में अपनी खास पहचान बनाई। दिलचस्प बात यह है कि अगर वह अभिनेत्री नहीं बनतीं तो शायद आज एक क्रिमिनल साइकोलॉजिस्ट होतीं। गीता बसरा का जन्म 13 मार्च 1984 को यूनाइटेड किंगडम के पोर्ट्समाउथ में हुआ था। उनका पालन-पोषण भी वहीं हुआ। गीता को बचपन से ही अभिनय का शौक था। कहा जाता है कि उन्होंने महज दो साल की उम्र में पहली बार स्टेज पर परफॉर्म किया था। स्कूल के दिनों में भी वह कई नाटकों का हिस्सा रहीं और करीब चार से पांच साल तक थिएटर आर्टिस्ट के तौर पर काम करती रहीं। दिल दिया है से मिला पहला बड़ा मौका अपने सपनों को पूरा करने के लिए गीता ने बाद में मुंबई का रुख किया और यहां आकर मशहूर किशोर नमित कपूर एक्टिंग इंस्टीट्यूट से अभिनय की ट्रेनिंग ली। इसी संस्थान से ऋतिक रोशन, प्रियंका चोपड़ा और विक्की कौशल जैसे कई बड़े सितारे भी ट्रेनिंग ले चुके हैं। मॉडलिंग से अपने करियर की शुरुआत करने वाली गीता बसरा को साल 2006 में फिल्म दिल दिया है से बॉलीवुड में पहला बड़ा मौका मिला। इस फिल्म में उनके साथ इमरान हाशमी नजर आए थे। गीता बसरा का फिल्मी करियर गीता बसरा ने हिंदी और पंजाबी फिल्मों में काम किया और अपने बोल्ड अंदाज और ग्लैमरस लुक से खूब सुर्खियां बटोरीं। गीता का फिल्मी करियर लगभग एक दशक तक चला। साल 2006 से 2016 के बीच उन्होंने करीब छह फिल्मों में मुख्य भूमिका निभाई। हालांकि फिल्मों में आने से पहले वह साइकोलॉजी की पढ़ाई कर रही थीं और उनका सपना क्रिमिनल साइकोलॉजिस्ट बनने का था। दिलचस्प है हरभजन सिंह से लव स्टोरी गीता बसरा की निजी जिंदगी भी काफी चर्चा में रही है। उनकी लव स्टोरी भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह के साथ किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। हरभजन ने पहली बार गीता को फिल्म द ट्रेन के गाने ‘वो अजनबी’ में देखा था और पहली नजर में ही उन्हें पसंद कर लिया था। बताया जाता है कि युवराज सिंह की मदद से हरभजन को गीता का नंबर मिला, लेकिन शुरुआत में गीता ने उन्हें नजरअंदाज कर दिया। बाद में जब भारतीय टीम ने आईसीसी टी20 विश्व कप 2007 जीता, तब गीता ने हरभजन को बधाई संदेश भेजा। यहीं से दोनों की बातचीत शुरू हुई। हरभजन सिंह और गीता बसरा की शादी करीब एक साल बाद हरभजन सिंह और गीता बसरा की पहली मुलाकात हुई और धीरे-धीरे दोनों के बीच प्यार परवान चढ़ गया। कई सालों तक डेटिंग करने के बाद गीता बसरा और हरभजन सिंह ने साल 2015 में शादी कर ली। आज यह कपल दो बच्चों के साथ खुशहाल जिंदगी बिता रहा है और अक्सर सोशल मीडिया पर अपने परिवार की झलकियां साझा करता रहता है।  

अक्षय ओबेरॉय ने देहरादून में शुरू की रोमांटिक कोर्टरूम थ्रिलर ‘लव लॉटरी’ की शूटिंग

मुंबई, अभिनेता अक्षय ओबेरॉय ने अपनी आने वाली रोमांटिक कोर्टरूम थ्रिलर ‘लव लॉटरी’ की शूटिंग उत्तराखंड के खूबसूरत शहर देहरादून में शुरू कर दी है। फिल्म लव लॉटरी का निर्देशन अरविंद पांडे कर रहे हैं और इसे कुलदीप भार्गव ‘तुषार’ अपनी प्रोडक्शन कंपनी सिनेमा गंज फिल्म्स.के बैनर तले बना रहे हैं।अक्षय ने हाल ही में सेट से कुछ झलकियां भी साझा की हैं, जिससे फैंस को शूटिंग के शुरुआती दिनों और खूबसूरत लोकेशन की झलक देखने को मिली। लव लॉटरी कोर्टरूम ड्रामा है, जिसमें रोमांस और सस्पेंस का मिश्रण देखने को मिलेगा। इस फिल्म में अक्षय ओबेरॉय के साथ हेली दरूवाला भी नज़र आएंगी। इसके अलावा फिल्म में कबीर दुहान सिंह और विज्यंत कोहली जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। अक्षय ओबेरॉय ने देहरादून में शूटिंग शुरू करने के अनुभव के बारे में बात करते कहा कि यह उनके लिए काफी ताज़गी भरा और उत्साहजनक अनुभव रहा है। उन्होंने कहा, “देहरादून में लव लॉटरी की शूटिंग शुरू करना बहुत अच्छा अनुभव रहा है। इस शहर का माहौल बेहद शांत और खूबसूरत है, और यहां से इस सफर की शुरुआत करना बहुत अच्छा लग रहा है। अभी हमने शूटिंग शुरू ही की है, लेकिन सेट पर सभी की ऊर्जा कमाल की है। अरविंद पांडे और इतनी प्रतिभाशाली टीम के साथ काम करने को लेकर मैं बहुत उत्साहित हूँ और बेसब्री से इंतजार कर रहा हूँ कि दर्शक देखें कि हम क्या बना रहे हैं।”  

एक्ट्रेस मलाइका की लव लाइफ: 17 साल छोटे बिजनेसमैन के साथ रिलेशनशिप की चर्चा

मुंबई लाइका अरोड़ा बॉलीवुड की सबसे खूबसूरत एक्ट्रेस में से एक मानी जाती हैं. 52 की उम्र में भी उनका ग्लैमरस अवतार हर किसी को पसंद आता है. मलाइका अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी चर्चा में रहती हैं. कहा जा रहा है कि अर्जुन कपूर से ब्रेकअप के बाद, एक्ट्रेस अब डायमंड मर्चेंट हर्ष मेहता को डेट कर रही हैं।  फिर सुर्खियों में आई मलाइका की डेटिंग लाइफ मलाइका और हर्ष को पहली बार एक साथ मुंबई में कॉन्सर्ट के दौरान देखा गया था. वहां से दोनों की डेटिंग की खबरें सामने आने लगीं. फिर उनकी इटली वेकेशन से एक फोटो वायरल हुई, जिसमें मलाइका और हर्ष सेल्फी लेते दिखाई दिए. अब दोनों एक बार फिर सुर्खियों में आए हैं. मलाइका अरोड़ा और हर्ष मेहता गुरुवार 12 मार्च की शाम गौरव कपूर और कृतिका कामरा की रिसेप्शन पार्टी में साथ थे।  मलाइका पार्टी में अपने ग्लैमरस अंदाज में नजर आईं. सिल्वर कलर की डीप-नेक ड्रेस में वो बेहद खूबसूरत दिखीं. एक्ट्रेस ने पैप्स को भी पोज दिए. लेकिन इसके कुछ पलों बाद हर्ष मेहता भी पार्टी में पहुंचे. हालांकि उन्होंने इस दौरान पैप्स को इग्नोर किया. हर्ष गाड़ी से उतरकर सीधा पीछे के दरवाजे से पार्टी में दाखिल हुए. पैप्स ने उन्हें तुरंत स्पॉट किया और इसका वीडियो भी बनाया।  मलाइका अरोड़ा एक बार फिर अपने से छोटी उम्र के आदमी को डेट करने के लिए सुर्खियों में बनी हुई हैं. हालांकि दोनों में से किसी ने भी अपनी डेटिंग की चर्चाओं पर रिएक्ट नहीं किया है. फैंस के लिए उनका रिश्ता अभी भी सस्पेंस बना हुआ है. मगर कई लोग मलाइका को उनसे 17 साल छोटे हर्ष को डेट करने के लिए ट्रोल करते दिख रहे हैं।  मलाइका का साल 2017 में अरबाज खान से तलाक हो गया था. दोनों की शादी करीब 19 साल चली जिनसे आज उन्हें एक बेटा अरहान भी है, जिसकी उम्र 23 साल है. हालांकि तलाक के बावजूद, मलाइका खान परिवार के करीब हैं. हाल ही में जब सलीम खान की तबीयत बिगड़ी थी, तब मलाइका को उनसे मिलने अस्पताल जाते देखा गया था। 

पुरानी चैट लीक होते ही रश्मिका का गुस्सा फूटा, कहा– ‘सीमा पार की तो कानूनी कार्रवाई होगी’

  मुंबई रश्मिका मंदाना इन दिनों अपनी शादी को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बीच वह एक और मामले को लेकर चर्चा में आ गई हैं। उन्होंने गुरुवार को इन्फ्लुएंसर्स के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी, जो आठ साल पहले की एक लीक हुई निजी बातचीत को फैला रहे हैं। रश्मिका का इल्जाम एक्स पर एक लंबी पोस्ट में, एक्ट्रेस ने कहा कि पिछले आठ वर्षों से उनके खिलाफ गलत जानकारी फैलाने, उन्हें परेशान करने और उन पर जान-बूझकर हमले करने का एक अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बातों को बार-बार संदर्भ से हटाकर पेश किया गया और व्यूज हासिल करने के लिए नफरत फैलाने वाली झूठी कहानियां गढ़ी गईं। बिना सहमति के रिकॉर्ड की गई बातचीत रश्मिका मंदाना ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि जो ऑडियो वायरल किया जा रहा है, वह करीब आठ साल पुरानी एक प्राइवेट बातचीत का हिस्सा लग रहा है। इसे शायद उसमें शामिल लोगों की सहमति के बिना रिकॉर्ड और शेयर किया गया है। नजरअंदाज करना हुआ मुश्किल रश्मिका ने खुलासा किया कि पिछले आठ वर्षों से उन्होंने ऑनलाइन कुछ लोगों की तरफ से फैलाई गई गलत जानकारी और उत्पीड़न को झेला है। दर्द सहने के बावजूद उन्होंने धैर्य और चुप्पी बनाए रखना चुना था, लेकिन पिछले 24 घंटों की घटनाओं ने उस सीमा को पार कर दिया जिसे वह अब नजरअंदाज नहीं कर सकती। उन्होंने इस बात पर भी निराशा जताई कि इस विवाद की वजह से उनके परिवार और करीबियों को बेवजह परेशानी हुई है, जबकि उनका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है। रश्मिका ने दी 24 घंटे की मोहलत इस क्लिप को फैलाना भ्रामक और मानहानि वाला बताते हुए, रश्मिका ने इन्फ्लुएंसर्स और इस कंटेंट को शेयर करने वाले लोगों से इसे तुरंत हटाने का अनुरोध किया है। उन्होंने यह भी कहा कि इस मटेरियल को फैलाने वालों को 24 घंटे की मोहलत दी गई है, ऐसा न होने पर कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी। आवाज उठाने और एक्शन लेने का फैसला हल्के में नहीं लिया गया है, बल्कि अपनी गरिमा, प्राइवेसी और शांति की रक्षा के लिए यह जरूरी है। रश्मिका ने अदा किया शुक्रिया रश्मिका ने आखिर में लिखा, 'उन सभी लोगों के लिए जिन्होंने इन वर्षों में मुझे दया, समझ और प्यार के साथ सपोर्ट किया है। मैं आपकी बहुत शुक्रगुजार हूं। मैं आपसे प्यार करती हूं और चाहती हूं कि आप ये जानें कि कोई भी अनजान व्यक्ति यह तय नहीं करेगा और न ही कर सकता है कि हमें कैसे जीना है। चुनाव हमारा है। हमें ही करना होगा।' किस बारे में ऑडियो क्लिप? यह मामला तब सुर्खियों में आया जब कई साल पहले की, कथित तौर पर उनकी और उनकी मां के बीच हुई एक बातचीत ऑनलाइन लीक हो गई। लीक हुई बातचीत की ऑडियो कथित तौर पर 2018 की है। यह उस समय की बात है जब रश्मिका और कन्नड़ अभिनेता-फिल्म निर्माता रक्षित शेट्टी ने अपनी सगाई तोड़ी थी।

सोनू निगम से मुलाकात पर दिव्या दत्ता की खुशी, तस्वीर के साथ लिखा खास संदेश

मुंबई, अभिनेत्री दिव्या दत्ता इन दिनों अपनी आगामी वेब सीरीज ‘चिरैया’ को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में अभिनेत्री की मुलाकात मशहूर गायक सोनू निगम से हुई। इस मुलाकात की जानकारी अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर शेयर की। अभिनेत्री ने अपनी पोस्ट में सोनू को खास दोस्त से संबोधित किया। उन्होंने बताया कि दोनों की मुलाकात एक खास यात्रा के दौरान हुई। इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई सेल्फी में दोनों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही है। कैप्शन में दिव्या ने लिखा, “जब सफर के दौरान अचानक अपनी सबसे अच्छी दोस्त से मुलाकात हो जाए, तो पूरा सफर जैसे संगीत से भर जाता है। है ना? “ दिव्या के कैप्शन से साफ पता चल रहा है कि दोनों की दोस्ती काफी गहरी और पुरानी है। जहां दिव्या अभिनय के क्षेत्र में बड़ा नाम हैं, वहीं सोनू भी गायिकी में खास मुकाम रखते हैं। फैंस को दोनों की पोस्ट काफी पसंद आ रही है। वे कमेंट सेक्शन पर दोनों की जमकर तारीफ कर रहे हैं और दोनों की दोस्ती की सराहना कर रहे हैं। अभिनेत्री जल्द ही वेब सीरीज ‘चिरैया’ लेकर आ रही हैं। यह सीरीज घरेलू अन्याय और वैवाहिक संबंधों में सहमति जैसे संवेदनशील विषयों पर सवाल उठाती है कि क्या शादी करने भर से जीवनभर की सहमति मिल जाती है। इसी के साथ ही, निर्देशक शशांत शाह ने सीरीज के जरिए स्पष्टता से एक मैसेज दिया है कि शादी कोई लाइसेंस नहीं है और चुप्पी कभी सहमति नहीं मानी जा सकती। शशांत शाह द्वारा निर्देशित सीरीज में दिव्या दत्ता मुख्य भूमिका में नजर आएंगी, जो कुरीति पर सवाल उठाने के साथ-साथ अपनों से ही लड़ती दिखेंगी। वहीं, इसमें संजय मिश्रा भी अहम किरदार में नजर आएंगे। इसके अलावा सिद्धार्थ शॉ, प्रसन्ना बिष्ट, फैसल राशिद, टिन्नू आनंद और सरिता जोशी जैसे कलाकार भी इसमें शामिल हैं। यह सीरीज एसवीएफ एंटरटेनमेंट द्वारा बनाई गई है और जियो हॉटस्टार पर एक्सक्लूसिव तौर पर स्ट्रीम होगी।  

यामी गौतम का रोमांटिक अंदाज़, आदित्य धर के बर्थडे पर शेयर कीं यादगार तस्वीरें

मुंबई,  ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ और ‘धुरंधर’ जैसी दमदार फिल्में बनाने वाले मशहूर निर्देशक आदित्य धर गुरुवार को अपना जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर उनकी पत्नी और अभिनेत्री यामी गौतम ने जन्मदिन की बधाई दी। यामी गौतम ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर आदित्यधर के साथ तस्वीरें शेयर कीं। पहली तस्वीर में दोनों रेगिस्तान में रेत के टीलों के बीच खड़े हैं, तो दूसरी तस्वीर में दोनों सेल्फी लेते दिख रहे हैं। यामी ने पोस्ट कर लिखा, “काश मेरे पास इतने शब्द होते कि मैं बता पाती कि तुम मेरे लिए कितने खास हो। मेरे प्रिय आदित्य, जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं, आदित्य।” यामी गौतम और आदित्य धर ने एक-दूसरे-दूसरे को तीन साल तक डेट करने के बाद 4 जून 2021 ‘कोइंटिमेट वेडिंग’ की, जिसमें सिर्फ परिवार के लोग शामिल हुए। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में अपने पैतृक घर पर पारंपरिक तरीके से शादी की थी। बता दें कि दोनों की पहली मुलाकात फिल्म ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ के सेट पर हुई थी, जिसमें आदित्य धर निर्देशक थे और और अभिनेत्री मुख्य भूमिका में थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर वह प्यार में बदल गई। दोनों का एक बेटा है, जिसका नाम वेदविद है। आदित्य धर एक जाने-माने फिल्ममेकर हैं। उन्होंने इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स में बीटेक करने के बाद रेडियो जॉकी के तौर पर करियर की शुरुआत की। इसके बाद स्क्रीनराइटर के तौर पर काम किया। आक्रोश और तेज जैसी फिल्मों के वह लेखक रह चुके हैं। इसके बाद उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने का मन बनाया। पहले तो वो फिल्मों के लिए गाने लिखा करते थे। उन्होंने हाल-ए-दिल, काबुल एक्सप्रेस और डैडी कूल जैसी फिल्मों के लिए गाने लिखे थे। गाने लिखने के साथ ही उन्होंने स्क्रीनराइटिंग भी शुरू कर दी थी। इसके बाद आदित्य ने 2019 में फिल्म ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ रिलीज की थी। इस फिल्म ने उन्हें काफी लोकप्रियता दी थी। साथ ही, इस फिल्म के लिए आदित्य को नेशनल अवॉर्ड से भी नवाजा गया। इसके बाद निर्देशक ने साल 2025 में धुरंधर रिलीज की, जिसने बॉक्स ऑफिस में जोरदार सफलता के साथ वर्ल्डवाइड लोकप्रियता हासिल की।  

‘धुरंधर 2’ के लिए बिका सबसे महंगा टिकट, 3100 रुपये में भी नहीं मिली जगह

मुंबई 'धुरंधर 2' अब सिर्फ एक फिल्म नहीं बची, बल्कि भारत का सबसे बड़ा पॉप कल्चर इवेंट बनने जा रही है. 19 मार्च को रिलीज होने जा रही रणवीर सिंह की फिल्म के लिए अभी पूरी एडवांस बुकिंग खुली भी नहीं है. ट्रेलर आने के साथ सिर्फ 18 मार्च को होने वाले पेड प्रीव्यूज के लिए ही बुकिंग शुरू की गई है. इन प्रीव्यू शोज की एडवांस बुकिंग से ही 'धुरंधर 2' के धमाके सुनाई देने लगे हैं. इस फिल्म ने भारत में सबसे महंगा फिल्म टिकट बेचने का रिकॉर्ड बना लिया है।  'धुरंधर 2' के लिए बिका 3100 रुपये का टिकट जहां दिल्ली-बेंगलुरु के ही प्रीमियम थिएटर्स में 'धुरंधर 2' के टिकट 2500 तक मिल रहे हैं. लेकिन फिल्म के पेड प्रीव्यू शोज में से सबसे महंगा टिकट मुंबई की एक प्रीमियम प्रॉपर्टी में बिका है. बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट बताती है कि मुंबई में बोरिवली के स्काई सिटी मॉल में बने आईनॉक्स मेगाप्लेक्स में, INSIGNIA क्लास के थिएटर में 'धुरंधर 2' के टिकट सबसे ज्यादा महंगे हैं।  हमने खुद चेक करने पर पाया कि इस प्रॉपर्टी के INSIGNIA थिएटर में 'धुरंधर 2' के 10:15pm और 11:15pm के शोज में रिक्लाइनर सीट्स का टिकट 2900 रुपये में अवेलेबल है. जबकि प्राइम रिक्लाइनर सीट्स के टिकट का दाम 3100 रुपये है. टिकटों के ये दोनों प्राइस बिना किसी टैक्स के हैं. इतने महंगे दाम के बावजूद जहां 10:15pm के शो में प्राइम रिक्लाइनर सीट्स सोल्ड आउट हैं. वहीं ये खबर लिखे जाने तक 11:15pm के शो में केवल एक प्राइम रिक्लाइनर सीट अवेलेबल है. आपके ये खबर पढ़ने तक अगर वो एक सीट भी बिक चुकी हो तो हैरान न हों, 'धुरंधर 2' का क्रेज तो ऐसा ही चल रहा है! देश का सबसे महंगा फिल्म टिकट 3100 रुपये के टिकट के साथ, अब भारत में सबसे महंगा रेगुलर फिल्म टिकट बेचने का रिकॉर्ड 'धुरंधर 2' के नाम हो गया है. इससे पहले ये सबसे महंगा रेगुलर फिल्म टिकट अल्लू अर्जुन की फिल्म 'पुष्पा 2' के लिए बिका था. मुंबई के ही Maison PVR में 'पुष्पा 2' का एक प्रीमियम टिकट 3000 रुपये का बिका था. इसी थिएटर में 'भूल भुलैया 3' और 'सिंघम अगेन' के टिकट 2700 रुपये तक में बिके थे।  'धुरंधर 2' के लिए थिएटर्स में पहली बार 'सुपर ब्लॉकबस्टर प्लस' रेट्स लागू किए गए हैं. यानी इस बार टिकटों के प्राइस रेगुलर से थोड़े महंगे हैं. इसके बावजूद 18 मार्च के पेड प्रीव्यूज के लिए 'धुरंधर 2' की एडवांस बुकिंग का क्रेज अद्भुत नजर आ रहा है।  सैकनिल्क की एक रिपोर्ट बताती है कि फिल्म के 4 लाख से ज्यादा टिकट एडवांस में बुक हो चुके हैं. और इस ताबड़तोड़ बुकिंग से रिलीज के हफ्ते भर पहले ही 'धुरंधर 2' ने 20 करोड़ से ज्यादा एडवांस ग्रॉस कलेक्शन कर डाला है. देखना है कि आने वाले दिनों में 'धुरंधर 2' और क्या-क्या कमाल करती है।   

बिना किसी कट के ‘उस्ताद भगत सिंह’ को मिला U/A सर्टिफिकेट, 19 मार्च को सिनेमाघरों में दस्तक

  हैदराबाद,  तेलुगु पावर स्टार पवन कल्याण की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘उस्ताद भगत सिंह’ की रिलीज का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। सेंसर बोर्ड (CBFC) ने फिल्म को बिना किसी कट या काट-छांट के ‘U/A’ सर्टिफिकेट के साथ पास कर दिया है। फिल्म के निर्माताओं ने मंगलवार को आधिकारिक तौर पर इसकी घोषणा करते हुए बताया कि फिल्म की अवधि 2 घंटे 34 मिनट की है। मेकर्स के अनुसार, बोर्ड से मिली इस हरी झंडी के बाद अब यह फिल्म अपने पूर्ण स्वरूप में दर्शकों के सामने होगी, जो इस गर्मी में मनोरंजन का बड़ा धमाका करने के लिए तैयार है। उगादी के शुभ अवसर पर रिलीज होने जा रही इस फिल्म के शेड्यूल में हाल ही में बड़ा बदलाव किया गया है। पहले यह फिल्म 26 मार्च को रिलीज होने वाली थी, लेकिन प्रशंसकों के उत्साह को देखते हुए मेकर्स ने इसे एक हफ्ते पहले यानी 19 मार्च, 2026 को ही दुनिया भर के सिनेमाघरों में उतारने का फैसला किया है। फिल्म में पवन कल्याण के साथ श्रीलीला और राशि खन्ना मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगी। संगीत के मोर्चे पर एक दिलचस्प टीम वर्क देखने को मिलेगा, जहाँ देवी श्री प्रसाद ने गाने तैयार किए हैं, वहीं बैकग्राउंड स्कोर की जिम्मेदारी एस थमन ने संभाली है। 19 मार्च को बॉक्स ऑफिस पर एक बड़ा फिल्मी मुकाबला देखने को मिलेगा। ‘उस्ताद भगत सिंह’ का सीधा क्लैश बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ से होने जा रहा है। तेलुगु नववर्ष (उगादी) के मौके पर रिलीज होने के कारण दक्षिण भारत में पवन कल्याण की फिल्म को जबरदस्त ओपनिंग मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। मेकर्स ने फिल्म का नया पोस्टर जारी करते हुए दावा किया है कि ‘उस्ताद’ इस बार बॉक्स ऑफिस पर जश्न का माहौल बनाएंगे। क्लीन चिट मिलने के बाद अब टीम फिल्म के अंतिम प्रचार प्रसार में पूरी ताकत से जुट गई है।  

युवाओं से सोनू सूद की अपील: ड्राइविंग करते वक्त याद रखें, किसी की जिंदगी आपके हाथ में है

मुंबई,  दिल्ली समेत कई राज्यों में ऐसे केस सामने आए, जहां तेज स्पीड और नाबालिग बच्चों द्वारा गाड़ी चलाने से लोगों की जान चली गई। हाल ही में द्वारका में एक नाबालिग ने एलयूवी से 23 वर्षीय युवक को कुचल दिया था और युवक की मां से सोशल मीडिया पर इंसाफ की गुहार लगाई थी। इसी मुद्दे को लेकर अब सोनू सूद ने युवाओं और माता-पिता से खास अपील की है। उन्होंने साफ कहा है कि किसी को हक नहीं है कि वह सड़क पर चलने वाले लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करे। हमेशा की तरह सोनू सूद ने एक बड़े सामाजिक मुद्दे पर बात की है। एक बच्चे के पिता होने के नाते, अभिनेता ने इस बात के प्रति संवेदनशीलता दिखाई कि स्कूल के साथ-साथ संस्कारों की शिक्षा भी कितनी अहम है। उन्होंने सड़कों पर गाड़ी चलाने वाले युवाओं से अपील की है कि वो अपनी गाड़ी की स्पीड को नियंत्रित रखें। उन्होंने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट कर कहा, “आज हम ऐसी जिंदगी जी रहे हैं, जहां सड़क पर चलने वाले लोगों की जिंदगी आपके हाथों में है। कितनी तेजी से आप रेस बढ़ाते हैं और कितनी तेजी से ब्रेक को दबाते हैं, यह तय करता है कि सामने वाला कितना जिएगा।” उन्होंने आगे कहा, मेरी सभी बच्चों से गुजारिश है कि जो बच्चे गाड़ी सीखना चाहते हैं और उनकी उम्र नहीं हुई है, वो इंतजार करे, सही समय का। वहीं माता-पिता को ध्यान रखने की जरूरत है कि वाहन की चाबी कहां है क्योंकि बच्चे मौका देखते ही वाहन की चाबी लेकर निकल जाते हैं और फिर होते हैं घातक एक्सीडेंट।” अभिनेता के पोस्ट को यूजर्स का भी समर्थन मिल रहा है, और उनका कहना है कि आज की जनरेशन जल्दी बड़ा होना चाहती है, और यही कारण है कि देश में दुर्घटनाओं का सिलसिला तेजी से बढ़ रहा है। बता दें कि इससे पहले सोनू सूद ने संयुक्त अरब अमीरात में फंसे लोगों की मदद का एलान किया था। उन्होंने वहां फंसे किसी भी देश के नागरिक को सीधा उनसे कांटेक्ट करने के लिए कहा था। अभिनेता वहां फंसे उन लोगों की मदद कर रहे हैं, जिनके पास घर नहीं है और किसी सुरक्षित स्थान से दूर हैं। अभिनेता कोविड के समय से ही लोगों की मदद का काम कर रहे हैं। चाहे महामारी हो या फिर बाढ़, हर परिस्थिति में वह लोगों की सहायता के लिए तैयार हैं।