samacharsecretary.com

फरहाना को थप्पड़ मारने वाली घटना पर शहबाज बोले, सोशल मीडिया पर शहनाज गिल का जिक्र छाया

मुंबई कश्मीर की फरहाना भट्ट ' बिग बॉस 19 ' की नई कैप्टन बनी हैं। वह जब सभी घरवालों को डाइनिंग टेबल पर बैठाकर घर की ड्यूटीज असाइन कर रही थीं, तब अभिषेक बजाज और शहबाज कुछ हंसी-मजाक कर रहे थे और वहां रखी चीजों को एक-दूसरे पर फेंक रहे थे। इसी दौरान फरहाना ने जोर से शहबाज को थप्पड़ जड़ दिया था। लेकिन तब ये बात शहनाज गिल के भाई ने मजाक में उड़ा दी थी। मगर सलमान खान ने वीकेंड का वार पर इस बात को उठाया और कहा कि वह बेघर हो सकती थीं क्योंकि ये बहुत बड़ी बात थी। अब शहबाज की टीम ने भी बयान जारी किया है। शहबाज के इंस्टाग्राम स्टोरी में टीम की तरफ से एक पोस्ट किया गया है, जिसमें लिखा है, 'सिर्फ इसलिए कि शहनाज औरत की इज्जत करता है, उनकी रिस्पेक्ट करता है, मतलब ये नहीं कि वो स्टैंड नहीं ले सकता… चाहता तो बहुत बड़ा मुद्दा बना सकता था पर उसने मैच्योरिटी दिखाई और दोस्ती निभाई है। वो सच्चा दोस्त है। उसको टेकेन फॉर ग्रांटेड कभी मत लेना। टीम शहबाज बादेशा।' शहबाज की टीम के बयान पर लोगों का रिएक्शन शहबाज की टीम का ये पोस्ट जब इंटरनेट पर शेयर किया जाने लगा तो लोगों ने रिएक्ट किया। एक ने लिखा, 'शहबाज को कलेश पसंद है और कलेश ऐसे ही होता है। उसमें टेकिंग फॉर ग्रांटेड लेने वाली बात ही नहीं है। आप शहबाज तक मैसेज पहुंचाइए ये, दर्शकों को नहीं। और ये भी कॉमेडी और इंसल्ट करने में बहुत फर्क होता है और वो लाइन क्रॉस कर रहा है।' एक ने लिखा, 'जब शहनाज ने सिद्धार्थ को मस्ती में थप्पड़ मारा था तो सिड की टीम ने ऐसी स्टोरी पोस्ट नहीं की थी।' एक ने लिखा, 'तुम लोग सलमान सर के कहने के बाद मुद्दा बना रहे हो।' शहबाज की हुई थी वाइल्डकार्ड एंट्री बता दें कि शो में शहबाज की वाइल्डकार्ड एंट्री है। वह प्रीमियर वाले दिन हीं आने वाले थे लेकिन मृदुल तिवारी को लोगों के ज्यादा वोट्स मिलने की वजह से वह इसका हिस्सा नहीं बन सके थे। और अब उनके आने से घर में खुशनुमा माहौल है, जिसकी तारीफ सलमान हर हफ्ते करते हैं। वहीं, मृदुल को रियलिटी चेक देते हैं कि वह शो में कुछ नहीं कर रहे हैं, जिस कारण टीवी पर नजर भी नहीं आ रहे हैं।

भारी भगदड़ के बाद विजय का बड़ा कदम, पीड़ित परिवारों को मिलेगी आर्थिक मदद

करूर करूर में भगदड़ के बाद तमिलगा वित्रा कजगम (TVK) चीफ और ऐक्टर विजय ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि इस रैली में जिन लोगों की जान गई है उनके परिवारों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। बता दें कि शनिवार को तमिलनाडु के करूर में मची भगदड़ में कम से कम 39 लोगों की मौत हो गई है। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने मृतकों के परिवारों को 10 लाख रुपये देने का ऐलान किया था। शनिवार को ऐक्टर से राजनेता बने विजय ने एक बड़ी रैली का आयोजन किया था। इसमें 10 हजार लोगें के पहुंचने का अनुमान था। हालांकि पहुंचने वालों की संख्या 27 हजार को भी पार कर गई। लोग सुबह से ही विजय का इंतजार कर रहे थे। ऐसे में वे गर्मी और भूख-प्यास से परेशान थे। ऐक्टर विजय शाम को 7 बजे के बाद पहुंचे। उनके भाषण के दौरान ही लोग बेहोश होकर गिरने लगे और भगदड़ मच गई। इसमें करीब 39 लोगों की मौत हो गई और 100 के करीब लोग घायल हो गए। घटना को लेकर राजनीति गलियारों में आरोप प्रत्यारोप का सिलसिला भी शुरू हो गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को ही तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि और मुख्यमंत्री एमके स्टालिन से करूर में अभिनेता एवं टीवीके प्रमुख विजय की रैली में मची भगदड़ के बाद की स्थिति की जानकारी ली और उन्हें स्थिति से निपटने के लिए हर संभव केंद्रीय सहायता का आश्वासन दिया। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस घटना पर तमिलनाडु सरकार से रिपोर्ट भी मांगी है। तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) महासचिव के. पलानीस्वामी ने रविवार को दावा किया कि शनिवार को यहां टीवीके की राजनीतिक रैली में हुई भगदड़ पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा में हुई चूक का सबूत है। पलानीस्वामी ने कहा कि अगर पुलिस और राज्य सरकार ने पर्याप्त एहतियाती कदम उठाए होते तो ऐसी ‘‘त्रासदी’’ टाली जा सकती थी। इस हादसे में 39 बेकसूर लोगों की जान चली गई और 51 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पलानीस्वामी ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘मीडिया रिपोर्ट के अनुसार विजय की तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) की सभा में सुरक्षा चूक के सबूत हैं। बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण अफरा-तफरी और भगदड़ मची। टीवीके को अपने पार्टी कार्यकर्ताओं की सुरक्षा पर ध्यान केंद्रित करते हुए एहतियाती कदम उठाने चाहिए थे, क्योंकि उसने अब तक चार सभाएं की हैं।’’  

रेमो डिसूज़ा ने ‘बोल कफारा क्या होगा’ में सोनम बाजवा के शानदार प्रदर्शन की तारीफ की

मुंबई,  जानेमाने कोरियोग्राफर रेमो डिसूज़ा ने फिल्म 'एक दीवाने की दीवानीयत' में अभिनेत्री सोनम बाजवा के शानदार प्रदर्शन की तारीफ की है। गाना 'बोल कफारा क्या होगा' रिलीज़ हो गया है। रिलीज़ होते ही यह गाना अपने शानदार विजुअल्स और दिल को छू लेने वाली धुन के कारण चर्चा में आ गया है। गाने में सोनम बाजवा और हर्षवर्धन राणे नज़र आ रहे हैं।इस गाने की कोरियोग्राफी मशहूर कोरियोग्राफर रेमो डिसूज़ा ने की है। उन्होंने इसमें क्लासिक अदाओं को गहरे इमोशंस के साथ जोड़ा है। सोनम के परफॉर्मेंस की तारीफ करते हुए रेमो ने कहा, "सोनम बेहद मेहनती आर्टिस्ट हैं। इस गाने की कोरियोग्राफी आसान नहीं थी, इसमें बहुत कंट्रोल और एक्सप्रेशन की जरूरत थी। लेकिन, सोनम ने इसे बेहद फोकस और समर्पण के साथ सीखा। उन्होंने किरदार की भावनाओं को हर स्टेप में ढाला, जिससे गाने का प्रभाव और बढ़ गया।" इस गाने को नेहा कक्कड़ और फरहान साबरी ने गाया है। इसका संगीत डीजे चेतस और लिजो जॉर्ज ने तैयार किया है, जबकि इसके बोल आसिम रज़ा और समीर अंजान ने लिखे हैं। फिल्म 'एक दीवाने की दीवानीयत' का निर्देशन मिलाप मिलन ज़वेरी ने किया है और इसे अंशुल गर्ग ने राघव शर्मा के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म इस दीवाली, 21 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।  

गरबा सीखने के लिए खूब मेहनत करती हैं आशी सिंह

मुंबई, सोनी सब के शो ‘उफ्फ… ये लव है मुश्किल’ में काम कर रही आशी सिंह का कहना है कि गरबा उन्हें बहुत आकर्षित करता है और वह इसे सीखने के लिए खूब मेहनत करती हैं। सोनी सब के ‘उफ्फ… ये लव है मुश्किल’ में आशी सिंह ,कैरी शर्मा का किरदार निभा रही हैं। कैरी एक जीवंत, संवेदनशील और सहज युवती है, जिसकी यात्रा प्यार की जटिलताओं को दर्शाते हुए रोज़मर्रा की ज़िंदगी की मासूमियत और खूबसूरती को सामने लाती है। आशी अपनी बारीक अदाकारी से कैरी के किरदार को जीवंत बना देती हैं, जिससे दर्शक तुरंत उससे जुड़ जाते हैं। नवरात्रि के माहौल में डूबी हुई पूरी देशभर की रौनक के बीच, आशी सिंह ने इस त्योहार के महत्व और अपने अनोखे जुड़ाव के बारे में बात की। उनके लिए नवरात्रि का उत्सव उनकी जड़ों और रंगीन परंपराओं का खूबसूरत संगम है। आशी सिंह ने कहा, “मैं उत्तर भारत से हूं और वहां नवरात्रि का मतलब हमेशा माता का जागरण, पूजा और सारे रीति-रिवाज होते थे। लेकिन मुझे हमेशा गरबा और डांडिया ने आकर्षित किया। जब मैं मुंबई आई, तो मैंने गरबा सीखने की खूब कोशिश की। आज भी सीख रही हूं क्योंकि ये साल में सिर्फ नौ दिन आता है, इसलिए आसान नहीं है! मुंबई का नवरात्रि वाला माहौल ग़ज़ब होता है, जब आप देखते हो कि सब लोग वही रंग पहने होते हैं जो आप पहने हो, नौ दिनों के लिए नौ रंगों का पालन करते हैं। मुझे ये कॉन्सेप्ट बहुत अच्छा लगता है। आज भी मैं वो पूजा और व्रत करती हूं, जिनके साथ मैं बड़ी हुई हूं। शाम को मैं अपने परिवार के साथ, कभी-कभी दोस्तों के साथ, गरबा ग्राउंड्स जाती हूं – कभी गरबा खेलने, तो कभी सिर्फ दूसरों को आनंद लेते देखने। वहां का माहौल सचमुच बेहद खुशहाल और रंगीन होता है।” ये लव है मुश्किल’, सोमवार से शनिवार, रात आठ बजे सिर्फ सोनी सब पर प्रसारित होता है।  

महेश भट्ट और सुहृता दास ने अरहान पटेल को ‘तू मेरी पूरी कहानी’ से किया लॉन्च

मुंबई, बॉलीवुड फिल्मकार महेश भट्ट और निर्देशक सुहृता दास ने अरहान पटेल को फिल्म 'तू मेरी पूरी कहानी' से लॉन्च किया है। मध्य प्रदेश के सीहोर की खेतों से लेकर बॉलीवुड की चमचमाती दुनिया तक, अरहान पटेल का सफर सपनों की ताकत का असली सबूत है। किसान पिता के बेटे अरहान ने संघर्ष और धैर्य के वर्षों बाद महेश भट्ट की फिल्म 'तू मेरी पूरी कहानी' से अब बड़े पर्दे पर बतौर लीडिंग मैन डेब्यू किया है। अरहान ने कहा, "सुहृता मैम की हमारी अधूरी कहानी एक बेहद काव्यात्मक और आत्मा को छू लेने वाली फिल्म है। उसी फिल्म के बाद उन्होंने मुझमें वह क्षमता और चिंगारी देखी, जिसकी वजह से मुझे यह ब्रेक मिला। उन्होंने ही सोचा कि मैं रोहन के किरदार में फिट बैठ सकता हूँ। वे एक कमाल की स्टोरीटेलर हैं और मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूँ कि मुझे अपनी पहली फिल्म में उनके मार्गदर्शन और महेश भट्ट जैसे निर्माता के साथ काम करने का मौका मिला।" अरहान के करियर के इस बड़े मौके को गढ़ने में महेश भट्ट और निर्देशक सुहृता दास की अहम् भूमिका रही है। भट्ट कैंप का नया टैलेंट खोजने का लंबा इतिहास रहा है।सीहोर के छोटे-से कस्बे से निकलकर बॉलीवुड का हीरो बनने का अरहान पटेल का सफर, देशभर के सपने देखने वालों के लिए एक प्रेरणा है: मेहनत, जज़्बे और सही मार्गदर्शन से कोई भी सपना हकीकत में बदला जा सकता है। फिल्म 'तू मेरी पूरी कहानी' 26 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ हो चुकी है।  

अश्लीलता फैलाने वाले कलाकार गरबा में न आएं: हिंदू संगठन की सख्त टिप्पणी

अंबिकापुर  छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में नवरात्रि पर्व के अवसर पर आयोजित गरबा और डांडिया महोत्सव में यू-ट्यूबर एल्विश यादव और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अंजली अरोड़ा के कार्यक्रम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। हिंदुवादी संगठनों का कहना है कि ये दोनों कलाकार अश्लीलता फैलाते हैं और उनका कार्यक्रम अंबिकापुर में नहीं होने देंगे। आपको बता दें कि 27 सितंबर को एल्विश यादव होटल पर्पल आर्किड में तो 28 सितंबर को अंजली अरोड़ा सरगवां पैलेस में प्रस्तुति देंगी। वहीं बॉलीवुड स्टार गोविंदा भी 29 सितंबर को सरगवां पैलेस पहुंचेंगे। कितनी रखी गई फीस.. डांडिया पास की कीमत 800 रुपए से लेकर 25,000 रुपए तक रखी गई है। VVIP पास की कीमत 25,000 रुपए है, जबकि कलाकारों के साथ फोटो खिंचवाने के लिए अलग से 11,000 रुपए चार्ज लिया जा रहा है। हिंदुवादी संगठनों ने दी चेतावनी हिंदुवादी संगठनों ने एल्विश यादव और अंजली अरोड़ा के पुतले जलाकर विरोध करने की चेतावनी दी है। संगठनों ने सरगुजा एसपी और कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन भी सौंपा। उनका कहना है कि डांडिया और गरबा का धार्मिक महत्व है और ऐसे अश्लीलता फैलाने वाले कलाकारों का यहां कोई काम नहीं। आयोजन समिति करण घोष एंड पर्पल संग जस्ट डांडिया द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। एल्विस यादव को करीब 17 लाख रुपए और अंजली अरोड़ा को 10 लाख रुपए देकर यहां बुलाया गया है। विरोध के कारण आयोजन की तैयारी में संशय की स्थिति बन गई है।

राज कुंद्रा पर ED की शिकंजा, ₹150 करोड़ के बिटकॉइन घोटाले में दाखिल हुई चार्जशीट

मुंबई  प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति और बिजनेसमैन राज कुंद्रा के खिलाफ 150 करोड़ के बिटकॉइन के मालिकाना हक मामले में चार्जशीट दायर की है. ED का दावा है कि कुंद्रा सिर्फ एक बिचौलिये की भूमिका में नहीं थे, बल्कि वो खुद 285 बिटकॉइन के एक्चुअल लाभार्थी हैं, जिसकी मौजूदा कीमत 150 करोड़ रुपये है. PMLA कोर्ट में दायर आरोपपत्र में कहा गया है कि कुंद्रा को बिटकॉइन, जिनकी वर्तमान कीमत ₹150.47 करोड़ है, क्रिप्टो घोटाले के दिवंगत मास्टरमाइंड अमित भारद्वाज से मिले थे. कुंद्रा ने सबूत छुपाए : ED ED के मुताबिक, कुंद्रा लेन-देन के महत्वपूर्ण डिटेल बताने में विफल रहे हैं. आरोपपत्र में कहा गया है कि कुंद्रा ने जानबूझकर बिटकॉइन वॉलेट के एड्रेस सहित महत्वपूर्ण सबूत छुपाए और भारद्वाज से मिले बिटकॉइन भी नहीं लौटाए. आरोपपत्र में कहा गया है, '2018 से कई मौकों के बावजूद कुंद्रा लगातार उन वॉलेट के एड्रेस नहीं दे पाए हैं जहाँ 285 बिटकॉइन ट्रांसफर किए गए थे. कुंद्रा ने कथित तौर पर जांचकर्ताओं को बताया कि उनके शुरुआती बयान के तुरंत बाद वॉलेट डिटेल वाला उनका iPhone X खराब हो गया था.  बिटकॉइन पोंजी स्कैम से जुड़ा लिंक ये मामला महाराष्ट्र पुलिस और दिल्ली पुलिस द्वारा वेरिएबल टेक प्राइवेट, अमित भारद्वाज और अन्य सहयोगियों के खिलाफ दर्ज की गई FIR से सामने आया. भारद्वाज ने कथित तौर पर क्रिप्टो माइनिंग के जरिए निवेशकों को ऊंचे रिटर्न का लालच दिया, लेकिन इसके बजाय उन्हें 'धोखा' दिया और 'गलत तरीके से कमाए गए बिटकॉइन को अज्ञात ऑनलाइन वॉलेट में छिपा दिया गया था.' क्या है पूरा मामला? ये पूरा मामला क्रिप्टो दुनिया के कुख्यात नाम अमित भारद्वाज से जुड़ा है.  जिसे ‘गेन बिटकॉइन’ पोंजी स्कैम का मास्टरमाइंड कहा जाता था. ED का आरोप है कि भारद्वाज से राज कुंद्रा को 285 बिटकॉइन मिले थे. जांच एजेंसी के मुताबिक, कुंद्रा ने लगातार जांच को गुमराह करने की कोशिश की.  ED ने कहा- सिर्फ बिचौलिये नहीं, मालिक थे राज कुंद्रा राज कुंद्रा ने ये तर्क दिया कि वो इस मामले में केवल मध्यस्थ थे और उनके पास कोई प्रत्यक्ष स्वामित्व नहीं था, लेकिन ED का कहना है कि समझौते की शर्तों और लगातार लेन-देन की जानकारी रखने के कारण ये साफ है कि राज ही वास्तविक लाभार्थी थे।     इतना ही नहीं, 7 साल पुराने लेन-देन को लेकर उनका स्पष्ट विवरण देना यह साबित करता है कि बिटकॉइन उन्हीं के पास थे। गेन बिटकॉइन घोटाला क्या है? इस घोटाले में हजारों निवेशकों से पैसे जुटाए गए थे। वादा किया गया था कि बिटकॉइन माइनिंग से उन्हें मोटा मुनाफा मिलेगा, लेकिन इसके बजाय निवेशकों का पैसा गायब कर दिया गया और बिटकॉइन गुप्त वॉलेट्स में छिपा दिए गए।     महाराष्ट्र और दिल्ली पुलिस ने इस धोखाधड़ी को लेकर कई शिकायते दर्ज की थीं, जिसके आधार पर ED ने मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया। चार्जशीट में राज के अलावा कारोबारी राजेश सतीजा का नाम भी सामने आया है।       

मलेशिया की सड़कों पर दिखा दिलजीत सिंह का देसी अंदाज, फैंस के साथ की खूब मस्ती

मुंबई,  सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपनी कला और काम के जरिए लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। हाल ही में उन्हें इम्तियाज अली की फिल्म ‘अमर सिंह चमकीला’ के लिए एमी अवॉर्ड्स में नॉमिनेशन मिला, जो उनके करियर के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इसके साथ ही, उन्होंने अपना ‘औरा टूर’ भी शुरू कर दिया है, जिसकी शुरुआत उन्होंने मलेशिया के कुआलालंपुर से की है। यह टूर उनके संगीत प्रेमियों के लिए एक खास मौका है, जहां वे लाइव परफॉर्मेंस के जरिए अपने गानों से लोगों को जोड़ते हैं। इस टूर के पहले कॉन्सर्ट के बाद, दिलजीत ने अपने इंस्टाग्राम पर एक मजेदार ब्लॉग वीडियो भी पोस्ट किया, जिसमें वह कुआलालंपुर की सड़कों पर घूमते, फैंस से मिलते और स्थानीय संस्कृति का आनंद लेते हुए नजर आते हैं। वीडियो की शुरुआत में दिलजीत रात के समय में कुआलालंपुर की सड़कों पर घूमते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में वह पेट्रोनास ट्विन टावर्स के पास खड़े होकर फोटो क्लिक करवाते हैं और मस्ती करते हुए गाना गाते हैं, ‘ऊंची है बिल्डिंग, लिफ्ट तेरी बंद है।’ इसके बाद वह मजाक में कहते हैं, ‘भागो नहीं तो ट्विन टावर की बत्ती बंद हो जाएगी।’ वीडियो में उनका फनी स्टाइल फैंस को काफी हंसा रहा है। वीडियो में वह कई भारतीय फैंस से घिरे आते हैं, जो उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए काफी उत्सुक दिखते हैं। दिलजीत बड़े ही प्यार से सबके साथ सेल्फी लेते हैं और बातचीत करते हैं। एक महिला फैन दिलजीत को देख काफी सरप्राइज हो जाती है और बोलती है, ‘असली हो न?’ इस पर दिलजीत हंसते हुए जवाब देते हैं, ‘हां जी, असली ही है।’ वीडियो में वह कुआलालंपुर के एक खास आयोजन ‘ड्यूरियन फेस्ट’ में पहुंचे हैं, जिसे वे मजाक में ‘ड्यूरियन’ के बजाय ‘दूरियां’ कहते हैं। वह बताते हैं कि ड्यूरियन फल को परंपरा के अनुसार खाने के लिए ग्लव्स पहनना जरूरी होता है क्योंकि इसकी गंध बहुत तेज होती है। वह ग्लव्स पहनकर इस फल का स्वाद लेते हैं, लेकिन उन्हें यह बिलकुल भी पसंद नहीं आता। उनके साथ टीम के कुछ सदस्य भी इस फल को चखते हैं और उन्हें भी यह स्वाद कुछ खास अच्छा नहीं लगता। इस पर दिलजीत कहते हैं कि हर किसी का स्वाद अलग होता है और हो सकता है कि यह पहली बार चखने की वजह से हमें पसंद न आया हो। ड्यूरियन फल के अनुभव के बाद वे एक कंगारू के पोस्टर के साथ भी तस्वीर खिंचवाते हैं। आखिर में दिलजीत अपने अगले कॉन्सर्ट की जानकारी देते हुए बताते हैं कि उनका अगला स्टॉप हॉन्ग-कॉन्ग है, जहां वे फिर से फैंस के साथ मस्ती करने और अपने संगीत का जादू बिखेरने वाले हैं।  

पवन कल्याण की ‘ओजी’ ने बॉक्स ऑफिस पर रचा इतिहास, ‘जॉली एलएलबी 3’ को टक्कर

मुंबई, इस साल की दो बड़ी फिल्मों ने दर्शकों का खासा ध्यान खींचा है, जो बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त टक्कर दे रही हैं। पहली साउथ सुपरस्टार पवन कल्याण की फिल्म ‘दे कॉल हिम ओजी’ और दूसरी कोर्टरूम ड्रामा ‘जॉली एलएलबी 3’ है। ‘ओजी’ जहां एक एक्शन-थ्रिलर फिल्म है, जिसने अपनी दमदार कहानी और पावरफुल अभिनय से दर्शकों का दिल जीता है। वहीं, ‘जॉली एलएलबी 3’ सामाजिक मुद्दों पर आधारित मनोरंजन का बेहतरीन पैकेज है। इस साल की सबसे बड़ी ओपनर बनने की दौड़ में दोनों ही फिल्मों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। सैकनिल्क के मुताबिक, ‘दे कॉल हिम ओजी’ ने रिलीज के पहले दिन से ही तहलका मचा दिया। पवन कल्याण के फैंस के बीच इस फिल्म का क्रेज काफी देखने को मिल रहा है। फिल्म ने पहले दिन ही बॉक्स ऑफिस पर लगभग 90 करोड़ रुपए का बिजनेस किया, जो कि इस साल की अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग मानी जा रही है। इसके साथ ही इस फिल्म ने रजनीकांत की ब्लॉकबस्टर ‘कुली’ के पहले दिन के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है। इस शानदार शुरुआत के चलते यह फिल्म लंबी अवधि तक बॉक्स ऑफिस पर अपना कब्जा जमा सकती है। दूसरी ओर ‘जॉली एलएलबी 3’ ने पहले सप्ताह के अंदर अपनी खास जगह बनाई है। इस फिल्म ने एक हफ्ते में भारत में लगभग 73.5 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया है। पहले दिन यानी शुक्रवार को ‘जॉली एलएलबी 3’ ने 12.5 करोड़ की ओपनिंग की, जो एक अच्छी शुरुआत है। इसके बाद शनिवार और रविवार को फिल्म ने जबरदस्त उछाल लिया। शनिवार को 20 करोड़ और रविवार को 21 करोड़ रुपए की कमाई दर्ज की गई। इस तरह फिल्म ने अपने पहले तीन दिनों में ही 53.5 करोड़ रुपए का कलेक्शन कर लिया था। चौथे दिन, यानी सोमवार से फिल्म की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ने लगी। सोमवार को फिल्म ने केवल 5.5 करोड़ का कलेक्शन किया, जबकि मंगलवार को 6.5 करोड़ रुपए की कमाई हुई। बुधवार को यानी छठे दिन फिल्म का ग्राफ गिरा और इसने महज 4.25 करोड़ रुपए का कारोबार किया। गुरुवार को फिल्म ने 3.50 करोड़ का कारोबार किया। शुरूआती दिनों में इसकी कमाई उतनी तेजी से नहीं बढ़ी जितनी कि ‘ओजी’ की हुई, लेकिन लगातार बढ़ती दर्शक संख्या ने इसे स्थिर प्रदर्शन देने में मदद की।  

कैप्टेंसी टास्क में फूटा गौरव खन्ना का गुस्सा, बोले- आज के बाद कोई नहीं कहेगा कि मैं बैकफुट पर खेलता हूं

मुंबई, ‘बिग बॉस 19’ के ड्रामा ने सभी सीजन को पीछे छोड़ दिया है। इस बार का नया कैप्टेंसी टास्क कुछ ऐसा था, जिसने घरवालों के बीच तनातनी को और बढ़ा दिया। कैप्टन चुनने को लेकर हुई वोटिंग के दौरान घरवालों ने एक-दूसरे पर कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया और जमकर आरोप लगाए। हर किसी ने अपने विचार मजबूती से रखे। दर्शक अब बेताबी से यह जानने के लिए इंतजार कर रहे हैं कि आगे आने वाले एपिसोड में इस टास्क का असर घर में किस तरह का रंग लाएगा और कौन किसके खिलाफ खड़ा होगा। जियो हॉटस्टार द्वारा जारी प्रोमो में देखा जा सकता है कि घर के सदस्य एक नए और अनोखे कैप्टेंसी टास्क के लिए असेंबली रूम में एकत्रित हुए। बिग बॉस ने इस बार कुछ ऐसा किया कि सबके दिलों की धड़कनें तेज हो गईं। वीडियो में बिग बॉस घरवालों से फरहाना और गौरव खन्ना में से किसी एक को सूखे गुलाब की माला पहनाने के लिए कहते हैं, जिन्हें वह अगला कप्तान नहीं बनाना चाहते। यह टास्क जैसे ही शुरू हुआ, माहौल में तुरंत तनाव और बहस शुरू हो गई। इस टास्क की शुरुआत करते ही कुनिका सदानंद ने बिना किसी झिझक के फरहाना का नाम लिया। उन्होंने फरहाना को बदतमीज, बददिमाग और बेशर्म जैसे कड़वे शब्द कहे, जिससे कमरे में गहमागहमी बढ़ गई। वहीं, फिल्ममेकर जीशान कादरी ने गौरव खन्ना को कमजोर बताते हुए कहा कि उन्हें गौरव, फरहाना के आगे मजबूत नहीं लगते। इस तरह घर में पहले से ही चले आ रहे तनाव को एक नई हवा मिल गई। इनके अलावा, टास्क के दौरान प्रणित मोरे ने भी फरहाना को वोट देकर कहा कि उन्हें लगता है कि उनका बोलने का अंदाज हमेशा खराब ही रहता है। दूसरी ओर, फरहाना ने अपने ऊपर लगे आरोपों को लेकर सफाई दी, जिससे झगड़ा और गहराता चला गया। इसी बीच, बसीर ने गौरव को माला पहनाते हुए कहा कि आप कुछ करें, तो वह शायद अगली बार उन्हें वोट देंगे। प्रोमो के आखिर में बैकफुट पर खेलने के आरोपों पर गौरव खन्ना का गुस्सा फूट पड़ता है। वह चिल्लाते हुए कहते हैं, “बहुत-बहुत धन्यवाद, आज के बाद कोई नहीं कहेगा कि मैं बैकफुट पर खेलता हूं, क्योंकि मैं ऐसा ही हूं।”