samacharsecretary.com

एमपी के 3 जिलों में बनेंगे ऑयल सीड हब, उत्पादन और रोजगार को मिलेगी रफ्तार

ग्वालियर प्रदेश के तीन जिलों- अलीराजपुर, शिवपुरी और ग्वालियर में आयल सीड हब स्थापित किए जाएंगे। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद ने इसके लिए साढ़े सात करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। सीड हब के जरिये किसानों को तिलहनी फसलों के उन्नत बीज उपलब्ध कराए जाएंगे। यहां मूंगफली, सरसों, तिल और सोयाबीन जैसी प्रमुख तिलहन फसलों के बीज तैयार किए जाएंगे। यह कदम किसानों को बेहतर पैदावार के साथ-साथ अतिरिक्त कमाई का भी जरिया बनेगा। तीनों कृषि विज्ञान केंद्र राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय से संबद्ध हैं। मूंगफली का बढ़ रहा रकबा पिछले कुछ वर्षों में मालवा क्षेत्र के अलावा चंबल के शिवपुरी इलाके में किसानों ने मूंगफली की खेती शुरू कर दी है। यहां मूंगफली का रकबा लगातार बढ़ रहा है, लेकिन मांग के अनुरूप बीज उपलब्ध नहीं हो पा रहे। ऐसे में नई किस्मों की मूंगफली बीज उत्पादन की दिशा में यह सीड हब किसानों की बड़ी जरूरत पूरी करेगा।   अलीराजपुर में तिल सीड हब और ग्वालियर में सोयाबीन, सरसों, तिल और मूंगफली सीड हब बनेगा। किसानों को ऐसे मिलेगा फायदा-सीड हब से किसानों को समय पर और पर्याप्त मात्रा में गुणवत्तापूर्ण बीज मिलेंगे। इससे उनकी उपज बढ़ेगी और आय में भी इजाफा होगा। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि यह पहल न केवल प्रदेश को तिलहन उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाएगी, बल्कि किसानों की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत करेगी।

राधारानी अभिषेक दर्शन के दौरान अफरा-तफरी, बैरियर टूटने से श्रद्धालु घायल

बरसाना  राधारानी के जन्म के दौरान पुलिस प्रशासन ने बैरियर लगाकर भीड़ को रोक रखा था, लेकिन श्रद्धालुओं की भीड़ ने पुलिस का बैरियर तोड़कर भागने लगे। इस दौरान तीन लोग चुटैल हुए। गनीमत रही है कि बैरियर पर तैनात पुलिसकर्मियों से किसी बड़े हादसे को नहीं होने दिया। तुरंत गिरे लोहे के बैरियर को हटा दिया। वृषभान दुलारी के अभिषेक दर्शनों के लिए रात्रि दो बजे से ही श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ने लगा। इस दौरान पीली कोठी से लेकर कटारा पार्क तक जगह जगह पुलिस प्रशासन ने बैरियर लगाकर श्रद्धालुओं की भीड़ को रोक रखा था।   श्रद्धालुओं की भीड़ ने बैरियर तोड़ दिया अभिषेक दर्शनों के लिए सुबह करीब तीन बजे कस्बे के कटारा पार्क पर श्रद्धालुओं की भीड़ ने बैरियर तोड़ दिया। इस दौरान कुछ श्रद्धालु बैरियर कूदते नजर भी आए। बैरियर गिरने से अचानक श्रद्धालु भागने लगे। इस दौरान एक युवती सहित तीन लोग चुटैल हो गए। गनीमत यह रही कि बैरियर पर तैनात पुलिस कर्मियों ने गिरे लोहे के बैरियर को तुरंत हटा दिया। जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। पुलिस द्वारा कस्बे में लगाए गए जगह जगह बैरियर रविवार सुबह से लेकर शाम तक भीड़ का दबाव बनता रहा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे वैदिक घड़ी ऐप का उद्घाटन, सीएम हाउस में नई पहल

भोपाल  एमपी के सीएम हाउस में विक्रमादित्य वैदिक घड़ी लगाई गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार यानि 1 सितंबर को इसका लोकार्पण करेंगे। इसी के साथ भारतीय काल गणना पद्धति और वैज्ञानिक परम्परा को नई पहचान मिलेगी। सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री निवास में विक्रमादित्य वैदिक घड़ी के साथ ही इसके मोबाइल एप का लोकार्पण भी किया जाएगा। इस मौके पर शौर्य स्मारक से मुख्यमंत्री निवास तक :भारत का समय – पृथ्वी का समय: नाम से युवाओं का मार्च होगा। मुख्यमंत्री युवाओं से संवाद भी करेंगे। वैदिक घड़ी भारतीय पंचांग और कालगणना को आधुनिक तकनीक से जोड़ती है। इसे 189 से अधिक भाषाओं में देखा जा सकेगा। इस अद्वितीय घड़ी के माध्यम से समय के साथ-साथ पंचांग, तिथि, नक्षत्र, योग, वार, मास, व्रत और त्यौहारों की जानकारी भी मिल सकेगी। विक्रमादित्य वैदिक घड़ी भारतीय काल गणना पर आधारित विश्व की पहली घड़ी है। भारतीय काल गणना सर्वाधिक विश्वसनीय पद्धति का पुनर्स्थापन विक्रमादित्य वैदिक घड़ी के रूप में उज्जैन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 29 फरवरी 2024 को किया गया था, जिसे देश और दुनिया में अच्छा प्रतिसाद मिला।   विक्रमादित्य वैदिक घड़ी के मोबाइल ऐप में 3179 विक्रम पूर्व यानि श्रीकृष्ण के जन्म, महाभारतकाल से लेकर 7000 से अधिक वर्षों के पंचांग, तिथि, नक्षत्र, योग, करण, वार, मास, व्रत एवं त्यौहारों की दुर्लभ जानकारियां शामिल की गई हैं। धार्मिक कार्यों, व्रत और साधना के लिए 30 अलग-अलग शुभाशुभ मुहूर्तों की जानकारी एवं अलार्म की सुविधा भी है। प्रचलित समय में वैदिक समय (30 घंटे), वर्तमान मुहूर्त स्थान, GMT और IST समय, तापमान, हवा की गति, आर्द्रता एवं मौसम संबंधी सूचनाएं भी लोगों को मिलेगी। ऐप पर 189 से अधिक भाषाओं में सूचनाएं उपलब्ध हैं।   भारत का समय – पृथ्वी का समय" मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी ने बताया कि 1 सितम्बर को सुबह 9 बजे शौर्य स्मारक पर कॉलेज, विश्वविद्यालयों के युवा और विद्यार्थी एकत्रित होंगे। यहां से बाइक, बस रैली "भारत का समय – पृथ्वी का समय" आरंभ होगी, जो श्यामला हिल्स थाने तक जायेगी। श्यामला हिल्स थाने में बाइक पार्क कर रैली पैदल मार्च में बदलकर मुख्यमंत्री निवास के मुख्य द्वार तक पहुंचेगी। इस मौके पर विक्रमादित्य वैदिक घड़ी: भारत के समय की पुनर्स्थापना की पहल विषय युवा संवाद कार्यक्रम भी होगा, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. यादव युवाओं से चर्चा करेंगे।

राज्यमंत्री गौर ने कहा- स्वदेशी ही समृद्धि का आधार है

स्वदेशी सुरक्षा एवं स्वावलंबन अभियान के समापन कार्यक्रम में शामिल हुई भोपाल  पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने कहा कि स्वदेशी से स्वावलंबन और स्वावलंबन से सशक्त भारत बनता है। यह बात रविवार को भोपाल स्थित राष्ट्रीय तकनीकी शिक्षण प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान में आयोजित दो दिवसीय स्वदेशी सुरक्षा एवं स्वावलंबन अभियान के अखिल भारतीय महिला प्रशिक्षण के समापन कार्यक्रम में कहीं। राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत को गढ़ने में महिलाओं की सहभागिता देश के उज्जवल भविष्य का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि हमारे देश में स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आज तक महिलाओं ने हमेशा निर्णायक भूमिका निभाई है। राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने देश के विभिन्न राज्यों से आयी 124 प्रतिभागी महिलाओं को संबोधित करते हुए स्वदेशी विचारधारा, आत्मनिर्भर भारत के संकल्प और महिला सशक्तिकरण पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि स्वदेशी मूल्यों पर आधारित यह अभियान न केवल महिला शक्ति को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है, बल्कि राष्ट्र निर्माण में हमारी सक्रिय भूमिका को भी सुदृढ़ करता है। हर घर में स्वदेशी का आहवान आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इस अवसर पर राष्ट्रीय संगठक स्वदेशी जागरण मंच श्री कश्मीरी लाल जी, अखिल भारतीय महिला प्रमुख स्वदेशी जागरण मंच श्रीमती अर्चना मीना, निदेशक एन. आई. टी. टी. आर, भोपाल प्रो. चंद्र चारु त्रिपाठी, डॉ. प्रतिभा चतुर्वेदी, डॉ. रश्मि विजय सहित कई पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।  

नीतीश कुमार पर तेजस्वी की विवादित टिप्पणी, राजनीति में मचा घमासान

पटना बिहार में 'वोटर अधिकार यात्रा' में भाषा की सारी सीमाएं टूट गईं। प्रधानमंत्री मोदी को लेकर अमर्यादित टिप्पणी की गई। अब, बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने 'मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना' को लेकर नीतीश सरकार पर विवादित टिप्पणी कर दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर विवादित बयान देते हुए उन्हें 'चिट मिनिस्टर' बता डाला। राजद नेता ने कहा कि नीतीश सरकार के पास अपना कोई विजन नहीं है। बिहार की जनता इनके चाल और चरित्र को समझ चुकी है और अब परिवर्तन लाएगी। पटना में रविवार को मीडिया से बातचीत में राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा, ''मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तो चीटिंग कर ही रहे हैं। उनका अपना विजन तो है नहीं। वह मुख्यमंत्री की तरह नहीं, बल्कि 'चिट मिनिस्टर' की तरह काम कर रहे हैं। इनके पास अपना कोई विजन नहीं है। बिहार की जनता इनके चाल और चरित्र को पहचान गई है। अब परिवर्तन लाएगी।" ‎दरअसल, बिहार मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को महिलाओं के रोजगार के लिए नई योजना 'मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना' की स्वीकृति दी। इस योजना का मुख्य लक्ष्य राज्य के सभी परिवारों की एक महिला को उनकी पसंद का रोजगार शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता देना है। ‎ ‎इस योजना को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लटेफॉर्म एक्स पर लिखा था, "हम लोगों ने नवंबर, 2005 में सरकार बनने के बाद से ही महिला सशक्तीकरण के लिए बड़े पैमाने पर काम किया है। महिलाओं को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। अब महिलाएं अपनी मेहनत से न केवल बिहार की प्रगति में अपना योगदान दे रही हैं, बल्कि वे अपने परिवारों की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत कर रही हैं। इसी मिशन को आगे बढ़ाते हुए हम लोगों ने महिलाओं के हित में अब एक महत्वपूर्ण एवं अभूतपूर्व निर्णय लिया है, जिसके सकारात्मक दूरगामी परिणाम होंगे।" ‎‎नई योजना के तहत आर्थिक सहायता के रूप में सभी परिवारों की एक महिला को अपनी पसंद के रोजगार के लिए 10 हजार रुपए की राशि प्रथम किस्त के रूप में दी जाएगी। इच्छुक महिलाओं से आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी। ‎ ‎

मुख्यमंत्री ने ग्राम राजौधा में किया सांदीपनि विद्यालय के नवीन भवन का लोकार्पण

नये महाविद्यालय भवन का भूमिपूजन भी किया महाराजा मानसिंह तोमर के नाम से जाना जाएगा महाविद्यालय भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी अन्नदाताओं (किसानों) को सम्मान और सुविधा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द 20 लाख से अधिक किसानों को सोलर पावर पंप उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे उन्हें बिजली बिल की समस्या से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को मुरैना जिले के ग्राम राजौधा में आयोजित लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव कहा कि प्रदेश के किसानों को केंद्र सरकार और राज्य सरकार की ओर से 6-6 हजार रुपए, इस प्रकार कुल 12 हजार रुपए सम्मान निधि दी जा रही है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार प्रदेश की सभी लाड़ली बहनों को दीपावली के बाद भाईदूज से हर माह 1500 की राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शिक्षा के क्षेत्र में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश के बेटे-बेटियां खूब पढ़ें-लिखें, इसके लिए सरकार सभी इंतजाम कर रही है। बोर्ड परीक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप, होनहार विद्यार्थियों को स्कूटी, साथ ही साइकिल और गणवेश भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश का सर्वांगीण विकास ही हमारा लक्ष्य है। प्रदेश का कोई भी अंचल विकास से वंचित नहीं रहने दिया जायेगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 52 करोड़ 59 लाख्र रुपए से अधिक लागत के विकास कार्यों को लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इसमें 37.67 करोड़ की लागत से नवनिर्मित सांदीपनि विद्यालय भवन का लोकार्पण और 14.92 करोड़ की लागत के नये शासकीय महाविद्यालय भवन का भूमिपूजन शामिल है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घोषणा करते हुए कहा कि यह नया महाविद्यालय भवन महाराजा मानसिंह तोमर के नाम से जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस महाविद्यालय में सभी जरूरी पाठ्यक्रम एवं संकाय प्रारंभ किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज राधाष्टमी है। इस शुभ प्रसंग के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण के गुरु सांदीपनि के नाम से विद्यालय भवन का लोकार्पण सरकार के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने बताया कि हाल ही में समीपवर्ती श्योपुर जिले को मेडिकल कॉलेज की सौगात दी गई है और मुरैना भी विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश बदल रहा है। मुरैना की धरती से श्री नरेंद्र सिंह तोमर जैसे बड़े राजनेता निकले हैं। प्रदेश के कई जिले आगे बढ़ गए, लेकिन चंबल के जिले पिछड़ गए। कांग्रेस की सरकारों ने डाकुओं को बढ़ावा दिया और युवाओं का भविष्य खराब कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश को धार्मिक पर्यटन का केंद्र बनाया जा रहा है। शहर-शहर में सांदीपनि विद्यालय खोले जा रहे हैं। ऐसे ही सांदीपनि आश्रम में श्रीकृ्ष्ण ने वेद, शास्त्रों और विद्याओं का ज्ञान प्राप्त किया था। भगवान श्रीकृष्ण ने कंस को मारकर संदेश दिया कि सत्ता अत्याचार के लिए नहीं, बल्कि जनकल्याण का माध्यम होती है। विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव की विकास के प्रति ललक, समाज के हर वर्ग के लिए संवेदनशीलता और संकल्प से विकास की गंगा गांव-गांव तक पहुंच रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ही इस गांव में महाविद्यालय खोलने की घोषणा की थी। फिलहाल इस महाविद्यालय का संचालन गांव के स्कूल भवन से हो रहा है। महाविद्यालय में वर्तमान में बीए संकाय में 240 से अधिक बालिकाएं अध्ययनरत हैं। नए भवन में बीएससी और बीकॉम संकाय भी प्रारंभ होंगे, जिससे क्षेत्र की महाविद्यालय में पढ़ने की आकांक्षी 500 से अधिक छात्राओं को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह सांदीपनि विद्यालय 27 करोड़ की लागत से बनकर तैयार हुआ है। बड़े से बड़े विद्यालयों में भी सांदीपनि जैसी सुविधाएं नहीं मिलेंगी। पहले किसी गांव में विद्यालय बनता था तो कक्ष कम और विद्यार्थी अधिक होते थे। तब जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया जाता था कि एक कक्ष और बन जाए, इसकी घोषणा हो जाए। राज्य सरकार ने सांदीपनि विद्यालयों के माध्यम से किसान और गरीबों के बच्चों को सौगात दी है। राजौधा में महाविद्यालय भवन का भी शिलान्यास हो रहा है। यहां महाविद्यालय की शुरुआत होने से विद्यार्थियों में बेहद हर्ष व्याप्त है। पोरासा में अस्पताल खुलने से नागरिकों को चिकित्सा सुविधाएं भी मिली हैं। सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में विकसित विद्यालयों की श्रृंखला से चंबल अंचल के विद्यार्थियों को श्रेष्ठ शिक्षा का अवसर मिल रहा है। यह विद्यालय निश्चित रूप से क्षेत्र और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेगा। उन्होंने कहा कि चंबल की धरती पर महाराज श्री लोचनदास, महाराज श्री रामदास, श्री बालकदास, श्री माखनदासजी और ऋषिजी का जन्म हुआ। सांसद श्री सिंह ने मुरैना जिले को ढेरों सौगातें देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार जताया। कार्यक्रम में नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, छात्र-छात्राएँ एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। ग्राम ओरेठी में आसमानी माता मंदिर में किया पूजन मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुरैना प्रवास के दौरान तहसील पोरसा के ग्राम ओरेठी स्थित प्रसिद्ध आसमानी माता मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।  

ऋषि परंपरा हमारे देश की सबसे बड़ी ताकत – उप मुख्यमंत्री शुक्ल

रीवा में कश्यप जयंती समारोह में हुए शामिल भोपाल उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि ऋषि परंपरा हमारे देश की सबसे बड़ी ताकत है। यह परंपरा विकास व संस्कृति की संवाहक है। इसे संरक्षित रखना और आने वाली पीढ़ी को गौरवशाली संस्कृति से अवगत कराना आवश्यक है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल रीवा में कश्यप जयंती समारोह के अवसर पर केशरवानी वैश्य समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि ऋषि परंपरा धर्म के मार्ग पर चलने का मार्ग प्रशस्त करती है। धर्म और अध्यात्म से ही भारत विश्वगुरू बनेगा और संपूर्ण विश्व में शांति स्थापना में अपना योगदान देगा। उन्होंने रीवा के विकास में वैश्य समाज के योगदान की चर्चा करते हुए कहा कि यह समाज कंधा से कंधा मिलाकर विकास में सहभागी है। रीवा में शांति व अमन चैन के साथ समाज के लोग व्यापार कर रहे हैं और रीवा को उन्नति की ओर ले जाने में अपना योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि वैश्य समाज से हमारे आत्मीय भाव हैं और जब भी समाज के कार्यक्रम होते हैं मैं यहां उपस्थित होकर अपनत्व का अनुभव करता हूँ। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने अपेक्षा की कि वैश्य समाज का स्नेह व सहयोग हमेशा मिलता रहेगा। उन्होंने समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। पूर्व महापौर श्रीमती ममता गुप्ता सहित वैश्य समाज के स्थानीय जन उपस्थित रहे। झलबदरी तालाब सौन्दर्यीकरण कार्य शीघ्र करें पूर्ण उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने रीवा प्रवास के दौरान वार्ड क्रमांक 9 में झलबदरी तालाब के सौन्दर्यीकरण कार्य का निरीक्षण किया। अमृत 2.0 मिशन अन्तर्गत एक करोड़ 48 लाख रूपये की लागत से तालाब सौन्दर्यीकरण का कार्य किया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने शेष कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। इस दौरान आयुक्त नगर निगम डॉ. सौरभ सोनवणे तथा विभागीय अधिकारी व निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। भैरवनाथ मंदिर पुर्नरूद्धार कार्य का किया निरीक्षण उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने गुढ़ स्थित भैरवनाथ मंदिर के पुनर्रूद्धार कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर परिसर के सौन्दर्यीकरण, पार्किंग, दुकान निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने भैरवनाथ की पूजा अर्चना की तथा आशीर्वाद प्राप्त किया। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने अमहिया के राजा गणपति बप्पा के भी दर्शन किये और आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि भक्तिभाव से सजे पावन अवसर पर आत्मिक ऊर्जा और अपार श्रृद्धा का अनुभव हुआ। उन्होंने विघ्नहर्ता श्री गणेश से सबके जीवन में सुख, समृद्धि एवं मंगल लाने की प्रार्थना की।  

एमपी ट्रांसको शहडोल को डॉ. टाटा राव स्मृति शील्ड

भोपाल  मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस मुख्यालय शहडोल ने वर्ष 2024-25 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य की सर्वश्रेष्ठ ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस टीम का सम्मान हासिल किया है। इस उपलब्धि पर एमपी ट्रांसको कंपनी शहडोल को प्रतिष्ठित डॉ. टाटा राव स्मृति शील्ड और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया है। जबलपुर में आयोजित समारोह में  एमपी ट्रांसको के प्रबंध संचालक श्री सुनील तिवारी ने यह सम्मान शहडोल टीम के सहायक अभियंता जितेंद्र तिवारी तथा लाइन मेंटेनेंस कर्मी बलसिंह, फरहान और आशीष पाल को प्रदान किया। टीम को इस वर्ष कठिन परिस्थितियों में समय पर मरम्मत व रखरखाव कर निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के लिए यह पुरस्कार दिया गया। 

मायावती ने तेज की बिहार चुनावी तैयारियां, बसपा कार्यकर्ताओं को मिली बड़ी जिम्मेदारी

लखनऊ बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को बसपा सुप्रीमो मायावती ने बिहार इकाई के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान मायावती ने स्पष्ट किया कि बसपा बिहार में अकेले चुनाव लड़ेगी और पूरे कार्यक्रम का दिशा निर्देशन वह खुद करेंगी। बसपा सुप्रीमो मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "बिहार विधानसभा के लिए जल्द अगले कुछ महीनों में ही होने वाले चुनाव में बसपा उम्मीदवारों के चयन समेत पार्टी के हर स्तर की तैयारियों को लेकर वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ पिछले दो दिनों की बैठक में गहन चर्चा और समीक्षा की गई। इस दौरान अकेले अपने बल पर चुनाव लड़ने के फैसले के मद्देनजर आने वाले दिनों में पार्टी के अलग-अलग कार्यक्रमों की रूपरेखा को भी अंतिम रूप दिया गया।" मायावती ने बैठक में पार्टी पदाधिकारियों को कमियों को दूर करके पूरी मुस्तैदी और तन-मन-धन से आगे बढ़ने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी बताया कि अगले महीने से बिहार में बसपा की यात्रा और जनसभाएं शुरू हो जाएंगी। इस संबंध में भी मायावती ने पार्टी पदाधिकारियों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी हैं। बसपा सुप्रीमो ने स्पष्ट कहा है कि सभी कार्यक्रम उनके दिशा-निर्देशन में होंगे। इसकी विशेष जिम्मेदारी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद और केंद्रीय कोआर्डिनेटर व राज्यसभा सांसद रामजी गौतम के साथ-साथ बिहा इकाई को सौंपी गई है। अपने पोस्ट में मायावती ने लिखा, "बिहार एक बड़ा राज्य है और इसलिए वहां की जरूरतों को देखते हुए सभी विधानसभा सीटों को तीन जोन में बांटा गया है। इसी हिसाब से पार्टी के वरिष्ठ लोगों को अलग-अलग से उनकी जिम्मेदारी सौंपने का फैसला भी बैठक में लिया गया।" बसपा की बैठक में राज्य इकाई ने चुनावी तैयारियों और रणनीति के बाद मायावती को भी बेहतर परिणाम लाने की भरोसा दिया है। इससे पहले मायावती ने ओडिशा और तेलंगाना राज्य में भी संगठन की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। बसपा सुप्रीमो ने पोस्ट में लिखा, "उन्होंने उत्तर प्रदेश पैटर्न पर ओडिशा और तेलंगाना में जिला-बूथ कमेटी बनाने के अलावा पार्टी का जनाधार बढ़ाने के टारगेट को लेकर समीक्षा बैठक की।"

सिंचाई परियोजना का कार्य शीघ्र करें पूर्ण – उप मुख्यमंत्री शुक्ल

विंध्य क्षेत्र की सिंचाई परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की भोपाल  उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने सर्किट हाउस रीवा के नवीन खण्ड में विंध्य क्षेत्र में सिंचाई परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि बहुती नहर प्रणाली, सीतापुर-हनुमना उद्वहन सिंचाई परियोजना एवं नईगढ़ी माइक्रो परियोजना के कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूर्ण करें। एक्वाडक्ट्स, नहर, चैनल आदि अन्य निर्माण कार्य में आने वाली बाधाओं को समन्वय से दूर कर किसानों को सिंचाई के लिये पानी उपलब्ध करायें। उन्होंने कहा कि आगामी 2 वर्षों में 6 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा हो जायेगी और आने वाले तीन वर्षों में रीवा एवं मऊगंज जिले के एक-एक इंच क्षेत्र में सिंचाई का पानी किसानों को मिलने लगेगा। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि सिंचाई की सुविधा मिल जाने से किसान निर्धारित फसलों से पूर्ववर्ती फसलें भी ले सकेंगे और यह क्षेत्र प्रदेश में अग्रणी बन सकेगा। उन्होंने निर्देश दिये कि नवम्बर माह तक नईगढ़ी प्रथम के इंटेक तक पानी पहुंचाना सुनिश्चित करें। पानी पहुँचने पर भव्य सोन आरती की जायेगी। उप मुख्यमंत्री ने नहर, चैनल, एक्वाडक्ट, सहित अन्य निर्माण कार्यों में वन तथा पर्यावरण विभाग से समन्वय कर स्वीकृति लेते हुए शेष कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए जिससे किसानों को गेंहू के सीजन में सिंचाई के लिये पानी उपलब्ध हो सके। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि रीवा जिले के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में बड़े-बड़े उद्योग स्थापना के लिये उद्यमियों द्वारा कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इन सभी औद्योगिक क्षेत्रों में पानी की उपलब्धता के कार्यों को सिंचाई विभाग प्राथमिकता दें। उन्होंने त्योंथर फ्लो, त्योंथर माइक्रो परियोजना, लोनी माइक्रो सिंचाई परियोजना, सीतापुर-हनुमना सिंचाई परियोजना तथा नईगढ़ी एक एवं दो माइक्रो परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में कमिश्नर श्री बीएस जामोद ने आश्वस्त किया कि सभी परियोजनाओं के लंबित कार्यों की सभी बाधाओं को दूर कराते हुए नियत समय सीमा में कार्य पूर्ण कर लिये जायेंगे। संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।