samacharsecretary.com

मजदूर की मौत से भड़की क्रांति सेना, पुलिस-प्रशासन पर दबाव बनाने के लिए किया प्रदर्शन

रायपुर राजधानी रायपुर के उरला इलाके में मजदूर की हत्या के बाद छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने आज उरला थाने का घेराव कर दिया. सेना के कार्यकर्ता कंपनी प्रबंधन के साथ मामले में संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं. जानकरी के मुताबिक, 5 अगस्त की शाम नव दुर्गा इस्पात के गेट के सामने कुछ बदमाश युवकों ने किरत साहू नाम के मजदूर की लाठी, डंडे और राड से बेदम पिटाई कर दी थी, जिसकी उपचार के दौरान आज मृत्यु हो गई. इस घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में छत्तीसगढ़ी क्रांति सेना के समर्थकों ने फैक्ट्री और थाना का घेराव कर दिया. छत्तीसगढ़ी क्रांति सेना का आरोप है कि फैक्ट्री प्रबंधन की लापरवाही से मजदूर की मृत्यु हुई है. जिसके कारण मजदूर के परिवार को उचित मुआवजा मिलना चाहिए. उरला थाना पुलिस के मुताबिक, कीरत साहू की मौत के मामले में चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. छत्तीसगढ़ी क्रांति सेना के कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव किया है. जिन्हें समझाइश दी गई है. पूरे प्रकरण की जांच जारी है.

जनकपुर में 16 अगस्त को भव्य श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मटकी फोड़ और दही हांडी प्रतियोगिता रहेंगी आकर्षण का केंद्र

एमसीबी/जनकपुर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व इस वर्ष भी जनकपुर के हनुमान मंदिर प्रांगण में हर्षोल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा। आयोजन समिति ने बताया कि नगरवासियों के सहयोग से होने वाला यह वार्षिक आयोजन न केवल धार्मिक आस्था, बल्कि सांस्कृतिक परंपराओं का भी प्रतीक है। कार्यक्रम का शुभारंभ शनिवार, 16 अगस्त 2025 को रात्रि 8 बजे से होगा। मटकी फोड़ प्रतियोगिता (बालक, बालिका, पुरुष और महिला वर्ग) में विजेताओं को ₹1100 और अन्य आकर्षक उपहार प्रदान किए जाएंगे। वहीं, बालक वर्ग की दही हांडी प्रतियोगिता का प्रथम पुरस्कार ₹21,000 नगद रखा गया है। रात्रि 12 बजे श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का विशेष धार्मिक आयोजन होगा, जिसमें भजन-कीर्तन, आरती और भगवान के जन्म का उत्सव मनाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मंदिर प्रांगण में भक्ति संगीत, सजावट और पारंपरिक झांकियों से वातावरण कृष्णमय रहेगा। प्रतियोगिताओं के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 15 अगस्त 2025 निर्धारित की गई है। पंजीकरण एवं अधिक जानकारी के लिए 9893048348, 9617338199, 7354241551 पर संपर्क किया जा सकता है। आयोजकों ने नगर के सभी श्रद्धालु, माताओं-बहनों, युवाओं और बच्चों से आग्रह किया है कि वे सपरिवार इस आयोजन में शामिल होकर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को और भी भव्य व सफल बनाएं।

कलेक्ट्रेट में फंदे से झूलता मिला ई-रिक्शा चालक, वजह की पड़ताल जारी

दुर्ग कलेक्ट्रेट परिसर में शुक्रवार सुबह एक व्यक्ति का शव फांसी के फंदे से लटका मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान ई-रिक्शा चालक युवराज सार्वा (45) के रूप में हुई है. पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है. जानकारी के अनुसार, शव कलेक्ट्रेट परिसर स्थित नोटरी काउंटर में मिला. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक को क्षेत्र में लोग छत्तीसगढ़ के फोगाट बहनों के पिता अशोक फोगाट के नाम से जानते थे. युवराज सार्वा की तीन बेटियां पहलवानी में चैंपियन रह चुकी हैं. फिलहाल मौत के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है और पुलिस मामले की जांच कर रही है.

खंडवा में बदमाशों का आतंक, महिला की गर्दन पर हथियार रखकर की लूट

खंडवा  ओंकारेश्वर के मांधाता थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात नकाबपोश बदमाशों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। सुबह करीब 3:30 बजे तीन नकाबपोश बदमाश एक महिला के घर में घुसे और लूट करने लगे। महिला की नींद खुली तो बदमाशों ने उसके कंधे पर धारदार हथियार रखकर बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। डर के माहौल में महिला चुप रही और बदमाश घर में रखी नगदी, सोने-चांदी के जेवर तथा बच्चों की गुल्लकों में जमा करीब 50 हजार रुपये की रकम भी लूट ले गए। बदमाशों ने सिर्फ एक ही घर नहीं, बल्कि अपार्टमेंट के 4–5 अन्य घरों के ताले तोड़ने की भी कोशिश की। वारदात के दौरान उन्होंने बाकी घरों के दरवाजे बाहर से कुंडी लगाकर बंद कर दिए, ताकि कोई बाहर निकलकर मदद न कर सके। जानकारी के अनुसार घटना एनएचडीसी कालोनी में हुई। यहां इंदिरा सागर परियोजना में काम करने वाले कर्मचारियों के परिवार रहते हैं। कालोनी में कमिश्नर स्तर तक के अधिकारी भी रहते हैं। पहले भी कई हो चुकी चोरी की घटनाएं कालोनीवासियों का कहना है कि पहले भी यहां कई बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर पाई है। इससे नाराज लोग शुक्रवार सुबह बड़ी संख्या में मांधाता थाना पहुंचे और हंगामा किया।पीड़ित महिला के अनुसार, उनके पति धर्मेंद्र तंवर रात करीब दो बजे ड्यूटी पर गए थे। उन्होंने परिवार को नींद से न जगाते हुए बाहर जाते समय दरवाजे की कुंडी बाहर से लगा दी थी। करीब 3:30 बजे अलमारी और लाकर टूटने की आवाज से महिला की नींद खुली तो देखा कि तीन नकाबपोश बदमाश घर में मौजूद थे। उन्हें देखते ही एक बदमाश ने उनके कंधे पर चाकू रखकर बच्चों को मारने की धमकी दी। डर के कारण उन्होंने शोर नहीं मचाया। बदमाश करीब 25 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवर और बच्चों की गुल्लक में रखी रकम लेकर फरार हो गए।

छत्तीसगढ़ ड्रग तस्करी मामला गरमाया: IB और नारकोटिक्स विभाग जांच में जुटे, 11 अगस्त तक हिरासत में आरोपी

रायपुर पाकिस्तान से छत्तीसगढ़ लाकर ड्रग्स बेचने वाले मामले में अब सेंट्रल इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) और नारकोटिक्स विभाग ने भी जांच शुरू कर दी है. दोनों एजेंसियों के अफसरों ने गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ शुरू कर दी की है. साथ ही कोर्ट ने मुख्य आरोपी लवजीत सिंह, सुवित श्रीवास्तव और सैफ चीला की रिमांड अवधि बढ़ाकर 11 अगस्त तक कर दी है. बता दें,  रायपुर पुलिस ने 4 अगस्त को एक बड़े अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़ किया था. पुलिस ने टिकरापारा थाना क्षेत्र में स्थित कमल विहार के एक मकान में दबिश देकर पाकिस्तान से तस्करी कर लाई गई 1 करोड़ रुपये मूल्य की 412 ग्राम हेरोइन बरामद की थी और पंजाब के कुख्यात ड्रग सप्लायर लवजीत सिंह उर्फ बंटी सहित कुल 9 तस्करों को गिरफ्तार किया था. क्या है पूरा मामला? पुलिस को इनपुट मिला था कि पाकिस्तान से हेरोइन की सप्लाई पंजाब के रास्ते रायपुर तक की जा रही है. इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई. क्राइम ब्रांच एएसपी संदीप मित्तल की अगुवाई में टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया. जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी लवजीत सिंह पाकिस्तान से सीधे हेरोइन मंगवाकर भारत में नेटवर्क के ज़रिए डिस्ट्रीब्यूट करता था. जांच में यह बात भी सामने आई कि आरोपी विदेशी मोबाइल नंबरों से इंटरनेट कॉलिंग, वीडियो व लोकेशन शेयरिंग जैसे हाईटेक तरीकों से ग्राहकों को हेरोइन पहुंचाते थे. पैसों के लेन-देन के लिए म्यूल अकाउंट्स का इस्तेमाल किया जा रहा था, जिससे जांच एजेंसियों को चकमा दिया जा सके. कैसे हुई गिरफ्तारी? 3 अगस्त को पुलिस की स्पेशल टीम ने कमल विहार सेक्टर-4 स्थित एक मकान पर छापा मारा, जहां से लवजीत सिंह, सुवित श्रीवास्तव और अश्वन चंद्रवंशी को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में इन तीनों ने पूरे नेटवर्क का खुलासा किया, जिसके बाद अन्य 6 आरोपियों को अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपी और उनकी भूमिका लवजीत सिंह उर्फ बंटी – पंजाब के गुरदासपुर का निवासी, नेटवर्क का मुख्य सप्लायर. सुवित श्रीवास्तव – रायपुर में स्थानीय नेटवर्क का सरगना, मकान को सप्लाई हब बनाया था. अश्वन चंद्रवंशी – कमल विहार स्थित मकान में सहयोगी. सप्लाई चैन के अन्य सदस्य – लक्ष्य परिफल राघव उर्फ लव, अनिकेत मालाधरे, मनोज सेठ, मुकेश सिंह, जुनैद खान उर्फ सैफ चिला, राजविंदर सिंह उर्फ राजू. आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया मामला पुलिस ने इन आरोपियों के कब्जे से 412.87 ग्राम हेरोइन (कीमत लगभग ₹1 करोड़), कई मोबाइल फोन, क्रेटा कार (CG 04 QH 7491), तौल मशीन, हेरोइन पीने में उपयोगी सामग्री, एटीएम कार्ड, चेकबुक समेत कई सबूत जब्त किए गए हैं. आरोपियों के खिलाफ थाना टिकरापारा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी), 29 के तहत अपराध दर्ज किया गया है. प्रारंभिक जांच में करोड़ों रुपये के लेन-देन और अंतरराष्ट्रीय लिंक सामने आए हैं, जिनके आधार पर आगे की गिरफ्तारी और जांच जारी है. पुलिस ने बताया कि लवजीत सिंह द्वारा पाकिस्तान से हेरोइन मंगवाने की पुष्टि हुई है और वह वर्चुअल इंटरनेशनल नंबरों का उपयोग करता था. नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है और आगे जल्द ही अधिक गिरफ्तारी संभव है. इस बड़ी सफलता पर पुलिस महानिदेशक ने रायपुर रेंज के आईजी और पूरी टीम को बधाई दी है और टीम को पुरस्कृत करने की अनुशंसा की गई है.

मौर्य की बढ़ी परेशानी, कोर्ट ने दिए FIR के आदेश, जानिए क्या है मामला

वाराणसी  उत्तर प्रदेश सरकार में पूर्व मंत्री रहे स्वामी प्रसाद मौर्य की मुश्किलें करने का नाम नहीं ले रही हैं. वर्ष 2023 में रामचरितमानस और तुलसीदास जी पर की गई विवादित टिप्पणी को लेकर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश कोर्ट ने दिया है. मामले की शिकायत वाराणसी के अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एमपी-एमएलए कोर्ट में की गई थी. जिसपर वाराणसी के कैंट थाने में मौर्य के खिलाफ 156(3) के तहत मुकदमा पंजीकृत करके विवेचना शुरू करने का आदेश थाना प्रभारी को दिया गया है.   दरअसल, 22 जनवरी 2023 को स्वामी प्रसाद मौर्य ने एक टीवी चैनल पर दिए इंटरव्यू में कहा था कि रामचरितमानस को तुलसीदास ने अपनी प्रसन्न्ता के लिए लिखा था. यह सब बकवास है. सरकार को इसे बैन कर देना चाहिए. इसी बयान को लेकर उनपर एफआईआर दर्ज करने का आदेश हुआ है.    गौरतलब है कि मौर्य अक्सर अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं. कई मौकों पर उन्होंने हिंदू, सनातन और ब्राह्मणों को लेकर विवादित टिप्पणी की. इस क्रम में बीते दिन उनपर रायबरेली में हमला भी हुआ था. आरोपी का कहना था कि वो मौर्य द्वारा ब्राह्मणों, हिंदुओं पर दिए गए बयान से खफा था. हालांकि, मौर्य समर्थकों ने हमलावार को जमकर पीटा था और पुलिस के हवाले कर दिया था.  फिलहाल, वाराणसी के अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एमपी एमएलए कोर्ट ने स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ सुसंगत धाराओं में वाराणसी के कैंट थाने में 156(3)के तहत मुकदमा पंजीकृत करके थाना प्रभारी को विवेचना शुरू करने का आदेश दे दिया है. इससे मौर्य की मुश्किलें बढ़ सकती हैं.   मामले में उनके खिलाफ भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष और पेशे से वकील अशोक कुमार ने वाराणसी के कोर्ट में प्रार्थना पत्र दाखिल किया था. अक्टूबर 2023 में इस प्रार्थना पत्र को खारिज भी कर दिया गया था, लेकिन रिवीजन दाखिल करने के बाद पुनः वाराणसी के एमपी-एमएलए कोर्ट ने स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत करने का आदेश गुरुवार को दिया है. 

श्री बजरंग सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष हितेश विश्वकर्मा ने दी रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं

भोपाल  श्री बजरंग सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष हितेश विश्वकर्मा जी ने रक्षाबंधन के पावन पर्व पर समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। अपने संदेश में उन्होंने कहा: "रक्षाबंधन भारतीय संस्कृति की आत्मा में समाहित एक ऐसा पर्व है, जो भाई-बहन के पवित्र संबंध को आदर, समर्पण और सुरक्षा के सूत्र में बाँधता है। यह केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी पारिवारिक और सामाजिक एकता का प्रतीक है।" राष्ट्रीय अध्यक्ष विश्वकर्मा ने इस अवसर पर देशवासियों से आह्वान किया कि वे इस शुभ दिन पर समाज में समरसता, सौहार्द और राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक मजबूत करें। उन्होंने कहा कि "आज जब देश विविध चुनौतियों का सामना कर रहा है, तब हर नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह अपने परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व को समझे और उसके पालन के लिए सजग रहे।" उन्होंने विश्वकर्मा समाज के समस्त बंधुओं को भी विशेष रूप से शुभकामनाएं दीं और समाज की एकता, शिक्षा और स्वावलंबन के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया। इस संदेश के अंत में उन्होंने सभी देशवासियों से आग्रह किया कि वे इस पावन पर्व को न केवल पारिवारिक उत्सव के रूप में मनाएँ, बल्कि इसे एक राष्ट्रीय संकल्प दिवस के रूप में भी देखें — जहाँ हम एक-दूसरे की रक्षा, सम्मान और सहयोग के लिए प्रतिबद्ध हों।

रेलवे का बड़ा कारनामा: 4.5 किमी लंबी मालगाड़ी ने यूपी से दौड़ लगाकर रचा नया इतिहास

चंदाैली पूर्व मध्य रेल के पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल (डीडीयू मंडल) ने एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए 4.5 किलोमीटर लंबी मालगाड़ी 'रुद्रास्त्र' का सफल संचालन किया है। यह अब तक भारतीय रेल की सबसे लंबी मालगाड़ी बन गई है। सात अगस्त 2025 को दोपहर 2:20 बजे, डीडीयू मंडल के गंजख्वाजा स्टेशन से ‘रुद्रास्त्र’ को गढ़वा रोड के लिए रवाना किया गया। यह अभूतपूर्व मालगाड़ी छह खाली बॉक्सन रेक को जोड़कर तैयार की गई, जिसमें कुल 354 वैगन और सात इंजन लगाए गए। ट्रेन ने पहले डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर और फिर भारतीय रेल के सामान्य ट्रैक पर सफर किया। ‘रुद्रास्त्र’ के सफल संचालन से यह साबित होता है कि डीडीयू मंडल सिर्फ संचालन नहीं बल्कि नवाचार में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। यह मॉडल भविष्य में भारतीय रेल की अर्थव्यवस्था और लॉजिस्टिक्स को नई दिशा दे सकता है। क्या है ‘रुद्रास्त्र’? ‘रुद्रास्त्र’ नामक यह सुपर लॉन्ग मालगाड़ी डीडीयू मंडल की नवाचार और क्षमता निर्माण की नई पहल है। आमतौर पर इस तरह की रेकें अलग-अलग चलाई जाती हैं, लेकिन इन्हें एक साथ जोड़कर चलाना प्रबंधन दक्षता, समय की बचत, और मार्ग की अधिकतम उपयोगिता का उत्कृष्ट उदाहरण है। डीडीयू मंडल की भूमिका डीडीयू मंडल भारतीय रेल के अहम माल परिवहन केंद्रों में से एक है, जो विशेष रूप से धनबाद मंडल को कोयला और अन्य आवश्यक वस्तुओं की ढुलाई में सहयोग करता है। यहां से खाली मालगाड़ियों को जांच और मरम्मत के बाद समय पर भेजा जाता है। ‘रुद्रास्त्र’ की प्रमुख विशेषताएं     लंबाई: 4.5 किलोमीटर     कुल रेक: 6 बॉक्सन रेक     कुल वैगन: 354     इंजन: 07     शुरुआत बिंदु: गंजख्वाजा स्टेशन (डीडीयू मंडल)     गंतव्य: गढ़वा रोड (सोननगर से होकर) अन्य उपयोगिता     6 मालगाड़ियों को एक साथ चलाकर ट्रैक की अधिकतम क्षमता का उपयोग     समय और संसाधनों की बचत (चालक दल, मार्ग योजना आदि)     माल ढुलाई की गति और मात्रा में उल्लेखनीय वृद्धि     रेलवे के कार्बन फुटप्रिंट को घटाने में सहायक  

अमेठी में CRPF जवान की संदिग्ध मौत, पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

अमेठी  जिले के रामगंज स्थित सीआरपीएफ कैंप में तैनात महाराष्ट्र के जवान की गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान खड़गे अमोलदास (24) के रूप में हुई है। वह महाराष्ट्र के बुलडाना जिले के अलंद गांव का रहने वाला था। गुरुवार दोपहर सुल्तानपुर राजकीय मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में सीआरपीएफ के जवान अपने साथी को लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जवान को देखते ही मृत घोषित कर दिया। कई दिनों से डिप्रेशन में था जवान साथी जवानों ने बताया कि खड़गे अपने रूम में था, जहां उसने यह कदम उठाया। वह घरेलू मामलों को लेकर कई दिनों से डिप्रेशन में था। जवान स्पोर्ट्स कोटे से सीआरपीएफ में भर्ती हुआ था। नगर कोतवाल धीरज कुमार ने बताया कि जवान को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। छानबीन में जुटी पुलिस घटना की सूचना मिलने के बाद सीआरपीएफ के जवान बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा भरा और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने उसके परिजनों को सूचित कर दिया है। मामले की छानबीन जारी है।

सिवनी सड़क हादसा: काशी से लौटते समय कांवड़ियों पर टूटा डंपर का कहर

 सिवनी मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में एनएच 44 पर गुरुवार रात करीब 11 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बंडोल थाना क्षेत्र के चोरगरठिया गांव के पास यह हादसा तब हुआ जब महाराष्ट्र के अकोला जिले के करीब 30-35 कांवड़िये बनारस (काशी) से पैदल यात्रा कर लौट रहे थे। क्या थी पूरी घटना? रात लगभग 10 बजे कांवड़ियों का दल सेंटर प्वाइंट होटल के पास रुका और खाना खाने के बाद वे अपने गंतव्य की ओर बढ़ने लगे। कुछ कांवड़िये पैदल आगे चल रहे थे, जबकि उनके पीछे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली थी, जिसमें उनका सामान रखा था। इसी दौरान, एक तेज रफ़्तार डंपर ने पीछे से ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि ट्रैक्टर आगे चल रहे कांवड़ियों के ऊपर चढ़ गया। मौके पर मची चीख-पुकार इस हादसे में दो कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है। बाकी श्रद्धालुओं ने किसी तरह खुद को बचाया और तुरंत मदद के लिए शोर मचाया। हादसे के बाद एनएच 44 पर ट्रैफिक रुक गया और माहौल गमगीन हो गया। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) दीपक मिश्रा, एसडीओपी पूजा पांडे, सोनी एसडीएम मेघा शर्मा समेत पुलिस बल और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। शुरुआत में डॉक्टरों की कमी के कारण उपचार में थोड़ी देरी हुई, लेकिन प्रशासन की सक्रियता से अतिरिक्त डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी बुलाए गए और घायलों का इलाज शुरू किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या कहा? अस्पताल में मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हम सभी काशी से जल लेकर अकोला जा रहे थे। खाना खाने के बाद जैसे ही यात्रा शुरू की, पीछे से डंपर ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी और ट्रैक्टर आगे पैदल चल रहे लोगों के ऊपर चढ़ गया। इस बयान से हादसे की भयावहता साफ झलकती है। एएसपी दीपक मिश्रा ने बताया कि डंपर ने ट्रैक्टर को टक्कर मारी, जिसके चलते आगे चल रहे 11 लोग घायल हुए, जिनमें से 2 की मौत हो गई। बाकी घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है।