samacharsecretary.com

एक्सप्रेसवे बना मौत का रास्ता: दर्दनाक हादसे में चार मृत, छह से अधिक घायल

कोटा जिले के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, वहीं आधा दर्जन लोग घायल हो गए। यह हादसा जिले के बूढ़ादीत थाना इलाके में चम्बल नदी पर हुआ। हादसे में मरने वाले लोग करौली के रहने वाले थे। जो कि मध्यप्रदेश के इंदौर से एक कार्यक्रम में भाग लेकर वापस करौली लौट रहे थे। हादसे में गाड़ी बुरी तरह से चकनाचूर हो गई। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां पर उनका उपचार जारी है। बूढ़ादीत थाना अधिकारी रघुनाथ सिंह ने बताया कि करौली का एक परिवार अपने रिश्तेदारों के साथ गोद भराई के कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के इंदौर गया था। कार्यक्रम समाप्ति के बाद सभी लोग इंदौर से वापस दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे के रास्ते करौली लौट रहे थे। तभी बूढ़ादीत के पास चंबल नदी पर अज्ञात वाहन ने टेंपो ट्रैक्स को टक्कर मार दी, जिससे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। इस जोरदार टक्कर के बाद टेंपो ट्रैक्स वाहन पीछे से एक अन्य वाहन से टकरा गया। पुलिस ने बताया कि हादसे में सुरेश सोनी, गीता सोनी और अनिल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बृजेश को अस्पताल ले जाते समय उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे के दौरान गाड़ी में 15 से अधिक लोग सवार थे। घायलों को पहले बूंदी जिले के दहीखेड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें कोटा एमबीएस अस्पताल रैफर कर दिया गया। जहां सभी का उपचार जारी है। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने के प्रयास कर रही है।

मनेंद्रगढ़ को मिली शैक्षणिक सौगात, चैनपुर में बनेगा नवोदय विद्यालय

एमसीबी मनेंद्रगढ़ अब स्वास्थ्य के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर हो रहा है। क्षेत्रवासियों के लिए एक और बड़ी सौगात के रूप में जवाहर नवोदय विद्यालय की  स्थापना का मार्ग प्रशस्त हुआ है। चैनपुर में इस विद्यालय के लिए 11.8 हेक्टेयर भूमि का चिन्हांकन किया गया है।   स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के निरंतर प्रयासों से यह महत्वपूर्ण उपलब्धि संभव हो सकी है। उनके नेतृत्व में मनेंद्रगढ़ को पहले ही मेडिकल कॉलेज जैसी अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधा मिल चुकी है, और अब शिक्षा के क्षेत्र में भी नई क्रांति की शुरुआत हो रही है।    जवाहर नवोदय विद्यालय की स्थापना से अब जिले के छात्रों को राष्ट्रीय स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा अपने ही जिले में मिल सकेगी। उन्हें उच्च स्तर की पढ़ाई के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे अभिभावकों की चिंता भी कम होगी और विद्यार्थियों का समग्र विकास संभव होगा।    यह कदम मनेंद्रगढ़ क्षेत्र के शैक्षणिक विकास की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा और आने वाले वर्षों में यहां की नई पीढ़ी को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाएगा।

विदिशा में लापरवाही पर भड़के शिवराज, चेताया- केंद्र से दल बुलाया तो सबकी खैर नहीं

विदिशा जिले में आयोजित जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में केंद्रीय कृषि मंत्री और सांसद शिवराज सिंह चौहान अधिकारियों पर जमकर बरसे। मनरेगा कार्यों में मशीनों के उपयोग और योजना में अनियमितताओं को लेकर उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि केंद्र से जांच दल आया, तो सभी नप जाएंगे। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि जिले में मनरेगा के तहत मशीनों से काम कराया जा रहा है। विधायक उमाकांत शर्मा और जिला पंचायत के कृषि समिति अध्यक्ष धनराज दांगी ने कहा कि मजदूरी दर इतनी कम है कि मजदूर काम ही नहीं करना चाहते। इस पर चौहान ने स्पष्ट किया कि मनरेगा कानून के अनुसार 60 प्रतिशत राशि मजदूरी पर खर्च होनी चाहिए।   मनरेगा में सबसे ज्यादा गड़बड़‍ियां उन्होंने कहा, मनरेगा में सबसे अधिक गड़बड़ियां होती हैं। अगर मैंने केंद्रीय टीम भेजी, तो कोई नहीं बचेगा। चौहान ने 121 अमृत सरोवरों का भौतिक सत्यापन कराने और आवास योजना में धीमी प्रगति पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि आवंटन में कोई गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए। दो साल से जिले में हो, कुछ नहीं जानते कृषि विभाग की समीक्षा में भी अधिकारियों की तैयारियों की पोल खुल गई। जब शिवराज ने बीज वितरण और लक्ष्य की जानकारी मांगी, तो उप संचालक कृषि केएस खपेड़िया जवाब नहीं दे सके। इस पर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए कहा कि दो साल से जिले में हो और कुछ नहीं जानते। जिले में 287 किसानों की सोयाबीन बोवनी खराब होने की जानकारी पर चौहान ने तत्काल राहत और मुआवजा प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। दुकानों के साथ कंपनियों पर भी कार्रवाई हो उन्होंने अमानक खाद और कीटनाशक मामले में सिर्फ दुकानदारों पर कार्रवाई को नाकाफी बताया और उत्पादक कंपनियों पर भी कार्रवाई करने को कहा। इसके अलावा विधायक मुकेश टंडन और गीता रघुवंशी ने ठेकेदारों के डंपरों द्वारा ग्रामीण सड़कों को नुकसान पहुंचाने की शिकायत की। इस पर एनएचएआइ के प्रोजेक्ट डायरेक्टर को क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के आदेश दिए गए।

गांव में हाथी का कहर, हमले और तबाही के बाद जंगल की ओर हुई वापसी

धमतरी वनांचल क्षेत्र से भटककर मैदानी क्षेत्र पहुंचा एक हाथी अब केरेगांव क्षेत्र के जंगल में पहुंच गया है। 24 घंटे के भीतर हाथी 50 किलोमीटर चले और हाईवे पार करते हुए अब जंगल में चला गया है। हाथी के जाने के बाद मैदानी क्षेत्र के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। वन विभाग इस हाथी पर नजर रखे हुए है। एक ही दिन में हाथी कई किसानों के धान फसल को रौंदकर जमकर नुकसान पहुंचाया है। हाथी के वनांचल क्षेत्र पहुंचने के बाद ही वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने भी राहत महसूस किया है। भखारा क्षेत्र के गांवों में जंगली हाथी कभी पहुंच जाएगा, ऐसा लोगों ने कभी नहीं सोचा था, लेकिन हाथी वनांचल क्षेत्र से भटककर 11 जुलाई को मैदानी क्षेत्र के ग्राम रीवांगहन, भेंडरा, डोमा, खम्हरिया में पहुंच गया। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया था। यह हाथी किसानों के खेत होते हुए पहुंचा था।   पल-पल का लोकेशन की जानकारी ले रहा था मैदानी क्षेत्र में हाथी के प्रवेश करने से वन विभाग के अमला भी रातभर नहीं सो पाया, क्योंकि हाथी किसी को मारकर नुकसान न पहुंचा दें। हालांकि हाथी ने मैदानी क्षेत्र में एक युवक पर हमला जरूर किया था, जो घायल हो गया था, ऐसे में वन विभाग की टीम इस हाथी का पल-पल का लोकेशन की जानकारी ले रहा था। रातभर यह हाथी कई किलोमीटर चले और हाईवे पार करके वनांचल क्षेत्र पहुंच गया है। मिली जानकारी के अनुसार हाथी भखारा रोड पार करके डोमा, खम्हरिया, ढिमरटिकुर नवागांव, देवपुर होते हुए केरेगांव परिक्षेत्र के जोगीडीह के जंगल में पहुंचा।   विभाग की टीम व पुलिस जवान लगे रहे हाथी पिछले 24 घंटों के भीतर 50 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर केरेगांव रेंज में पहुंच चुका है। सुरक्षा के मद्देनजर हाथी के पीछे वन विभाग की टीम व पुलिस जवान लगे रहे, ताकि किसी तरह जनहानि न हो। हाथी मानिटरिंग टीम के कर्मचारियों को सिंगल हाथी कक्ष क्रमांक 143 में पद चिन्ह मिला, तब जाकर कर्मचारियों ने राहत ली। डिप्टी रेंजर आरके तिवारी ने बताया कि हाथी केरेगांव क्षेत्र के जंगल पहुंच चुका है। किसानों के धान फसल को पहुंचाया नुकसान हाथी एक ही दिन में ग्राम भेंडरा, रीवांगहन, डोमा, खम्हरिया, डाही, छाती, डांडेसरा, ढिमरटिकुर नवागांव, देवपुर समेत कुछ अन्य गांव खेत वाले मार्ग से पहुंचे। इस दौरान हाथी कई किसानों के खेतों से होते हुए निकले, तो खेतों में लगे खरीफ सीजन के धान फसल को रौंदकर नुकसान पहुंचाया है। धान फसल के रौंदने से कई किसानों को नुकसान उठाना पड़ा है।

पुलिस की सख्त कार्रवाई से हरदा में करणी सेना का आंदोलन समाप्त, आंसू गैस और वाटर कैनन का इस्तेमाल

हरदा मध्य प्रदेश के हरदा में धोखाधड़ी के आरोपी को पुलिस द्वारा संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए शनिवार को करणी सेना ने प्रदर्शन किया। इस दौरान इसके बाद पुलिस ने करणी सेना जिला अध्यक्ष सुनील सिंह राजपूत सहित 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तारी के विरोध में बड़ी संख्या में करणी सेना के कार्यकर्ता खंडवा बायपास पर बैठ गए और जाम लगा दिया। पुलिस ने रात में इन्हें हटाने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ी से पानी की बौछारें डाली और फिर आंसू गैस के गोले भी छोड़े। इस दौरान पुलिस ने राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीवन सिंह शेरपुर सहित दर्जनों कार्यकर्ता गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद करणी सेना का यहां हो रहा प्रदर्शन खत्म हो गया।   पुलिस ने रिमांड ही नहीं मांगी करणी सेना का आरोप है कि धोखाधड़ी के आरोपी को जब कोर्ट में पेश किया गया तो पुलिस ने उसकी रिमांड भी नहीं मांगी। इस दौरान सिटी कोतवाली पर शनिवार को हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज भी कर दिया था। जिला अध्यक्ष सहित 4 लोगों की गिरफ्तारी के खिलाफ करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। इसके साथ ही दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे।

एमपी में पकड़ा गया खुद को डी कंपनी से जोड़ने वाला युवक, पीएम पर बोले थे आपत्तिजनक शब्द

इंदौर  मध्य प्रदेश में खुद को डी कंपनी का बताकर लोगों को धमकाने और प्रधानमंत्री मोदी के बारे में असभ्य बातें करने के आरोप में एक आदमी को गिरफ्तार किया गया है। पीएम मोदी के बारे में आपत्तिजनक बातें करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हिंदूवादी भड़क गए। उन लोगों ने उसकी गिरफ्तारी की मांग करते हुए थाने पर प्रदर्शन भी किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक बातें करने वाले भूमाफिया को खजराना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी खुद को डी कंपनी का आदमी बताकर लोगों को धमका रहा था।जानकारी के अनुसार, आरोपी का नाम रहमत पटेल है और वह खजराना का रहने वाला है। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें एक मुस्लिम बुजुर्ग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में अर्मादित बातें कह रहा था। खजराना पुलिस ने जांच की तो आरोपी की पहचान हुई। पूछताछ में सामने आया कि वह लसूड़िया क्षेत्र के पिपलिया कुमार में तुलसी नगर स्थित अपनी जमीन पर खड़े होकर कुछ लोगों को धमकी दे रहा था। इस दौरान वह खुद को डी कंपनी (दाउद इब्राहिम) से जुड़ा होना बता रहा था। मामले में गौतम टिक्वल निवासी शिवबाग कालोनी ने शिकायत दर्ज करवाई थी। खजराना पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। खजराना थाना के इंचार्ज मनोज सेंधव के मुताबिक रहमत ने माफी मांगी और कहा कि उसने उम्रदराज होने के चलते आवेश में आकर बढ़-चढ़कर बातें बोली थीं। सामाजिक संगठनों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की है कि इस मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) से जांच कराई जाए और रहमत पटेल के डी कंपनी से कथित संबंधों की गहराई से जांच हो। सवाल उठा रहे हैं कि जब आरोपी खुलकर देश विरोधी बयानबाजी कर रहा है, सहकारी जमीन पर कब्जा कर रहा है और खुद को आतंकी नेटवर्क से जोड़ रहा है तब भी प्रशासन क्यों शांत है? स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि ऐसे मामलों पर कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो यह समाज में भय और अविश्वास का माहौल पैदा करेगा। हिंदू संगठन ने वीडियो वायरल किया यह वीडियो मोहर्रम के वक्त का बताया गया है। इसमें लसूड़िया थाने में एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। लसूड़िया थाना प्रभारी ने बताया कि वीडियो संज्ञान में आने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था। अब यह वीडियो हिंदू संगठन द्वारा तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है।  

वसंत विहार केस में बड़ा अपडेट, दिल्ली पुलिस ने आरोपी ड्राइवर की फोटो की जारी

नई दिल्ली दिल्ली पुलिस ने ऑडी कार से फुटपाथ पर सो रहे 5 लोगों को कुचलने वाले आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार करने के बाद उसका फोटो जारी किया है। आरोपी का नाम उत्सव शेखर है। उसने 9 जुलाई 2025 को दिल्ली के वसंत विहार में फुटपाथ पर सो रहे लोगों पर अपनी कार चढ़ा दी थी और 5 लोगों को घायल कर दिया था। पुलिस ने बताया कि ऑडी कार का 40 वर्षीय चालक उत्सव शेखर द्वारका का रहने वाल है और प्रॉपर्टी का काम करता है। जब वसंत विहार स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास यह दुर्घटना हुई वह नोएडा से घर वापस लौट रहा था। कार चालक कथित तौर पर नशे में था और दुर्घटना के बाद जब पुलिस ने उसे पकड़ा तो उसने एक ट्रक को भी टक्कर मार दी थी। दिल्ली पुलिस ने बताया कि उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि इस हफ्ते की शुरुआत में वसंत विहार इलाके में फुटपाथ पर सो रहे पांच लोगों को कुचलने वाली तेज रफ्तार ऑडी कार ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह घटना के समय कथित तौर पर शराब के नशे में था। यह घटना बुधवार तड़के करीब 1:45 बजे हुई, जब नोएडा से आ रही एक तेज रफ्तार ऑडी कार ने वसंत विहार के शिवा कैंप के सामने इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास फुटपाथ पर सो रहे लोगों को कुचल दिया था। घायलों को अस्पताल ले जाया गया और मामले के मुख्य आरोपी कार ड्राइवर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली पुलिस ने कहा, "दिनांक 09.07.2025 को तड़के 01:45 बजे, वसंत विहार थाने को डीडी संख्या 3A के माध्यम से शिवा कैंप, वसंत विहार के सामने, इंडियन पेट्रोल पंप के पास हुई दुर्घटना के संबंध में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी। घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सभी फुटपाथ पर सो रहे थे।" कौन-कौन घायल घायलों की पहचान 40 वर्षीय लाधी, 8 वर्षीय बिमला, 45 वर्षीय सबामी, 35 वर्षीय नारायणी और 45 वर्षीय रामचंदर के रूप में हुई है। ये सभी राजस्थान के रहने वाले हैं। पुलिस ने कहा, "प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए गए हैं, जिनमें उन्होंने बताया है कि एक सफेद रंग की ऑडी कार ने फुटपाथ पर सो रहे इन लोगों को कुचल दिया था। दोषी वाहन चालक उत्सव शेखर को गिरफ्तार कर लिया गया है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।"  

खुफिया साजिश का खुलासा: छांगुर की काठमांडू में आईएसआई से नजदीकी और देशविरोधी मंसूबे

बलरामपुर छांगुर…नीतू… और नवीन। ये बस तीन नाम नहीं हैं। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार ये देश विरोधी षडयंत्र, सामाजिक समरसता और सद्भाव के खात्मे के प्रयास के तीन अहम मोहरे हैं। मिशन आबाद के लिए आर्थिक रूप से कमजोर हिंदू परिवारों के अवैध धर्मांतरण से इतर इनकी साजिश बेहद खौफनाक रही। ये पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से भी हाथ मिलाने की तैयारी में थे। इसके लिए छांगुर काठमांडू भी गया था, लेकिन समय रहते सुरक्षा एजेंसियों ने तीनों को दबोचकर प्रदेश और देश को बड़ी अनहोनी से बचा लिया। बीते दिनों नेपाल के पूर्व सैनिकों का एक सम्मेलन राजधानी काठमांडू स्थित पाकिस्तान दूतावास में आयोजित हुआ, जिसमें पाकिस्तान की नेशनल डिफेंस यूनिवर्सिटी (एनडीयू) का प्रतिनिधिमंडल मौजूद था। पाकिस्तान दूतावास के सैन्य सलाहकार कर्नल मुहम्मद अली अल्वी भी मौजूद थे। पाकिस्तानी दल ने किया था भारत सीमा का दौरा दुनिया को दिखाने के लिए भले ही यह एक्सचेंज प्रोग्राम था, लेकिन इस कार्यक्रम के बाद पाकिस्तानी दल ने भारत सीमा का दौरा किया था, जिसमें पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के अधिकारी भी थे। नेपाल के सीमावर्ती जिले दांग के एक कद्दावर धार्मिक नेता के साथ छांगुर आईएसआई से नजदीकी बढ़ाने काठमांडू तक भी पहुंचा था, लेकिन तब सुरक्षा कारणों से वह पाकिस्तानी दूतावास में दाखिल नहीं हो सका। इसकी रिपोर्ट सुरक्षा एजेंसियों ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजी, जिसके बाद छांगुर, नीतू उर्फ नसरीन और नवीन उर्फ जलालुद्दीन की निगरानी बढ़ाई गई। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार छांगुर एक विशेष योजना लेकर नेपाल गया था।  

थानेदार की दबंगई! डीएसपी के सामने झुके भाजपा विधायक, लगाए गंभीर आरोप

बांसवाड़ा जिले के गढ़ी थाना परिसर में शनिवार रात भाजपा विधायक कैलाशचंद्र मीणा थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। विधायक ने थानाधिकारी पर बजरी और भूमि माफियाओं से अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि विधायक, मौके पर पहुंचे पुलिस उपअधीक्षक सुदर्शन पालीवाल के पैर छूने के लिए तक झुक गए। परतापुर कस्बे में जमीन पर अवैध कब्जे और मोर गांव में युवक की संदिग्ध आत्महत्या के मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराज विधायक पीड़ितों के साथ थाने पहुंचे। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर वे थाने के बाहर सीढ़ियों पर धरने पर बैठ गए। विधायक मीणा ने आरोप लगाया कि थानाधिकारी रोहित कुमार भूमाफियाओं और खनन माफियाओं से सांठगांठ कर दलाली कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि थाने को दलालों की धर्मशाला बना दिया गया है, जबकि गरीब आदिवासी न्याय के लिए दर-दर भटक रहे हैं। उन्होंने गुस्से में यहां तक कह डाला कि यदि यही हाल रहा तो थानाधिकारी के कपड़े उतरवाकर घर भेज देंगे। यह टिप्पणी क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई। मौके पर पहुंचे गढ़ी सर्कल के डिप्टी सुदर्शन पालीवाल ने विधायक को आश्वासन दिया कि मामलों की जांच जारी है और उच्च अधिकारियों को सभी तथ्यों से अवगत कराया जा चुका है। थानाधिकारी रोहित कुमार ने भी यही दोहराया कि कार्रवाई जांच के बाद ही की जाएगी।

सपा को शिक्षा पर बोलने का हक नहीं: डिप्टी सीएम केशव मौर्य का बयान

प्रयागराज उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा के नकल अध्यादेश को समाप्त करने वाली समाजवादी पार्टी को शिक्षा के विषय में बोलने का अधिकार नहीं है। डिप्टी सीएम रविवार को प्रयागराज पहुंचे थे। वह सर्किट हाउस में पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा शासन काल में राजनाथ सिंह शिक्षा मंत्री थे। उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता में काफी सुधार किया। नकल अध्यादेश लागू करके शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस कदम उठाया, लेकिन सपा की सरकार बनते ही इस अध्यादेश को  समाप्त करके शिक्षा व्यवस्था को ध्वस्त कर दिया गया। सपा अपराध और माफियाओं के प्रति गंभीर है। शिक्षा के प्रति यह लोग गंभीर नहीं है। स्कूलों के मर्जर का मामला हाईकोर्ट में है। ईडी और सीबीआई के दुरुपयोग के सवाल पर केशव ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद चार राज्यों में विधानसभा चुनाव हो चुके हैं, जिसमें तीन राज्यों में कमल खिल चुका है। बिहार में भी भाजपा सरकार बनने जा रही है। इसके आगे भी जो विधानसभा चुनाव होंगे उसमें भी भाजपा जीत हासिल करेगी। साथ ही 2027 में यूपी में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है। भाजपा पंचायत चुनाव की तैयारी में जुट गई है।