samacharsecretary.com

सड़कों की बदहाली पर अनोखा प्रदर्शन : व्यापारियों ने गड्ढों में नहाकर किया विरोध

कोरबा सड़क पर जगह-जगह गड्‌ढों से शहरवासी परेशान हैं. कोरबा जिले के कुसमुंडा क्षेत्र में सड़क की समस्या को लेकर व्यापारियों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया. व्यापारियों ने सड़क पर गड्‌ढों वाले स्थान पर बाल्टी मंगाकर गड्‌ढों में भरे पानी से नहाकर विरोध जताया. व्यापारियों का कहना है कि कुसमुंडा मार्ग में विशालकाय गड्ढे और जलभराव की समस्या से लोग बीते एक दशक से जूझ रहे हैं. यहां फोरलेन निर्माण का कार्य हुआ था, लेकिन इमली छापर में ओवरब्रिज की समस्या के कारण लोगों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. विकास नगर कुसमुंडा फोरलाइन में लगभग 100 मीटर तक जलभराव होता है और सड़क पर जगह-जगह गड्ढों के कारण राहगीरों और शरहवासियों का चलना मुश्किल हो गया है. सड़क खराब होने से व्यवसाय चौपट व्यापारिक संघ के अध्यक्ष अशोक राठौर ने बताया कि बीते लगभग 2 साल से यही स्थिति है, जिससे व्यापारियों का व्यवसाय चौपट हो चुका है. कॉलोनीवासियों की आवाजाही मुश्किल हो गई है. इस प्रदर्शन के माध्यम से व्यापारियों ने शासन-प्रशासन का ध्यान खराब सड़क की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया है.

खेल सम्मान 2025: छत्तीसगढ़ के 77 खिलाड़ी पाएंगे अलंकरण

रायपुर  छत्तीसगढ़ में खेल अलंकरण समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. खेल विभाग ने इस वर्ष सम्मानित किए जाने वाले खिलाड़ियों की अनंतिम सूची जारी कर दी है. इस सूची में 77 खिलाड़ियों के नाम शामिल किए गए हैं जिन्हें विभिन्न खेल पुरस्कारों से नवाजा जाएगा. बता दें, खिलाड़ियों का यह सम्मान समारोह 3 सितंबर को आयोजित होगा. इससे पहले खेल अलंकरण समारोह की तारीख 29 अगस्त को तय हुई थी, लेकिन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विदेश प्रवास के चलते कार्यक्रम की तारीख आगे बढ़ा दी गई है. खेल संचालक तनुजा सलाम ने खिलाड़ियों की सूची जारी करते हुए बताया कि इस बार खिलाड़ियों को शहीद राजीव पांडे पुरस्कार, शहीद कौशल पांडे पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम सम्मान, शहीद विनोद चौबे सम्मान, मुख्यमंत्री ट्रॉफी और ओलंपिक खेल सम्मान जैसे प्रतिष्ठित अलंकरणों से सम्मानित किया जाएगा.

खेती में आधुनिक तकनीक: ड्रोन से हो रहा नैनो यूरिया का छिड़काव

रायपुर, प्रदेश में किसान खेती-किसानी में नई तकनीकों को अपना रहे हैं। महासमुंद जिले के ग्राम जोगनीपाली में शनिवार को किसानों के बीच ड्रोन तकनीक के माध्यम से नैनो यूरिया का छिड़काव कर प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर अधिकारीयों ने किसानों को पारंपरिक यूरिया के विकल्प के रूप में नैनो यूरिया के लाभों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। किसानों को नैनो यूरिया के प्रयोग से लागत में कमी, मिट्टी की उर्वरता में वृद्धि और पर्यावरणीय लाभों के बारे में अवगत कराया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के वरिष्ठ किसान श्री अमृत पटेल, भोगलाल चौधरी, नेहरू चौधरी, चुम्बन लाल, बाबूलाल चौधरी, फागु लाल, शिवप्रसाद, वासुदेव साहू, गणेश साहू सहित लगभग 30 किसान उपस्थित रहे।

गुप्त ठिकाने पर चल रहा था जुआ, पुलिस ने दबिश देकर 11 बड़ी हस्तियों को पकड़ा

दुर्ग बावन परियों के साथ शहर के धन्ना सेठों के खेलने की खबर पर वैशाली नगर और भिलाई नगर पुलिस टीम की संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई की. मौके से 11 लोगों को छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर 10 नग मोबाइल के साथ नगद 2,18,000 रुपए जब्त किया गया. जानकारी के अनुसार, पुलिस को 23 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली कि रामनगर जलाराम केटर्स के पीछे कुछ लोग पैसे लगाकर ताश पत्ती खेल रहे हैं. इस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में तत्काल थाना वैशालीनगर और भिलाई नगर की टीम के साथ नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर ने छापामार कार्रवाई की. पुलिस को देखकर जुआ खेल रहे आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन चाक-चौबंद पुलिस ने घेराबंदी कर सभी जुआरियों को पकड़ लिया. पकड़े गए बावन परियों के शौकिनों में खुर्सीपार निवासी गोपाल कुमार अग्रवाल, स्मृति नगर निवासी प्रदीप लाया, वैशाली नगर निवासी एके जैन, दुर्ग निवासी बुधराम निर्मलकर, जामुल निवासी मनोज सिंह, वैशाली नगर निवासी पवन कुमार, स्मृति नगर निवासी अनूप कुमार धौटे, मोहन नगर निवासी शंक गेडवानी, वैशाली नगर निवासी विनोद अग्रवाल, जामुल निवासी रोहन अग्रवाल और वैशाली नगर निवासी राजेश शामिल हैं. बताया गया कि आरोपीगणों के कब्जे से 10 मोबाइल, 52 पत्ती ताश और नगदी 218000 रुपए को समक्ष गवाहों के जब्त किया गया. आरोपीगणों के विरूद्ध थाना वैशाली नगर में अपराध क्रमां- 284/2025, धारा छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया जाकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है.

नक्सलियों को तगड़ा झटका! कोईमेंटा जंगल से मिला विस्फोटक डंप

सुकमा नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर मेट्टागुड़ा कैंप से जवानों की टीम नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना हुई थी. इस दौरान जवानों को नक्सलियों के खुफिया डंप को बरामद कर बड़ी सफलता हासिल हुई है. नक्सलियों के छिपाए गए कंट्रीमेड रायफल, विस्फोटक और भारी मात्रा में लोहे की सामग्री सुरक्षाबलों ने बरामद की है. जानकारी के मुताबिक, 23 अगस्त को जवानों को नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी. इसके बाद 203 कोबरा वाहिनी, 241 बस्तर बटालियन सीआपीएफ और जिला बल की संयुक्त पार्टी नक्सल विरोधी अभियान के लिए ग्राम बोटेलंका, ईरापल्ली, कोईमेंटा पहाड़ी, दारेली व आस-पास क्षेत्र की ओर रवाना हुई. अभियान के दौरान कोईमेंटा पहाड़ी में नक्सलियों द्वारा डंप कर कंट्रीमेड हथियार और अन्य नक्सल सामग्राी को बरामद किया गया.   नक्सल डंप से क्या-क्या मिला ? बरामदगी के दौरान जवानों को नक्सलियों के डंप से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री मिली है. इसमें कंट्रीमेड रायफल, बीजीएल लांचर और उसका बैरल, यूएवी नेत्रा का टूटा हुआ प्रोपेलर, इलेक्ट्रिक होल्डर वेल्डिंग, बैंच वाइस और स्टील पाइप शामिल है. इसके अलावा 7 लोहे के छड़, करीब 2 किलो वजनी 45 लोहे के बेस प्लेट, 8 किलो के 47 पोल एंगलर और लगभग 480 भारी-भरकम आयरन क्लैंप बरामद किए गए. वहीं 35 ग्राउंड सपोर्टर, 1 किलो, 18 और 12 इंच के दर्जनों क्लैंप, एक टी-टाइप क्लैंप, काला वर्दी, एम्युनेशन पाउच और टूटी हुई इन्वर्टर बैटरी भी मिली. मौके से करीब 20 मीटर इलेक्ट्रिक वायर और एक इलेक्ट्रिकल एक्सटेंशन बोर्ड भी जब्त किया गया.

प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना से उपभोक्ताओं को मिल रही राहत

कोनी निवासी रमेश साहू का बिजली बिल हुआ शून्य रायपुर, केन्द्र सरकार की प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना अब उपभोक्ताओं की जिंदगी में बड़ा बदलाव ला रही है। प्रदेश के बिजली उपभोक्ता इस योजना का लाभ लेने आगे आ रहे हैं। ऐसे ही बिलासपुर जिले के ग्राम कोनी के निवासी श्री रमेश साहू ने अपने घर की छत पर 3 किलोवाट का सोलर पैनल लगवाया है। इसके बाद उनका बिजली बिल शून्य हो गया है।इस अभिनव योजना के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री का आभार जताया है। कोनी में रहने वाले श्री रमेश साहू बताते हैं कि उनके घर पर बिजली की खपत काफी अधिक थी प्रतिमाह आने वाले बिजली के बिल से उन्हें बड़ा आर्थिक भार झेलना पड़ता था। सूर्यघर योजना के बारे में जानकारी मिलने पर उन्होंने 3 किलोवाट का सोलर पैनल लगवाया जिसकी लागत करीब दो लाख रुपए थी। इस प्लांट पर उन्हें केन्द्र सरकार से 78 हजार रुपये की सब्सिडी मिल चुकी है, जबकि राज्य सरकार से मिलने वाली 30 हजार रुपये की सब्सिडी भी शीघ्र मिलने वाली है। उन्होंने कहा कि अब उन्हें बिजली बिल की चिंता से मुक्ति मिल गई है।अब उन्हें किसी तरह का बिल नहीं भरना पड़ रहा। एक बार निवेश करने पर 25 वर्षों तक बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होती है और इस पर कोई विशेष मेंटेनेंस खर्च भी नहीं है। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में सप्लाई कर आय अर्जित करने का अवसर भी मिलता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में यह योजना बड़ा कदम है। श्री साहू ने आम नागरिकों से अपील की कि वे भी इस योजना का लाभ उठाएं और सौर ऊर्जा को अपनाकर बिजली के मामले में आत्मनिर्भर बनें। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत सोलर पैनल लगवाने पर केन्द्र सरकार से 78 हजार रुपये तक सब्सिडी और राज्य सरकार से 30 हजार रुपये तक सब्सिडी दी जा रही है। साथ ही सरकार 300 यूनिट प्रतिमाह मुफ्त बिजली प्रदान कर रही है। योजना में घर की छत पर सोलर पैनल लगाने की सुविधा मिलती है जिससे बनने वाली खपत से अतिरिक्त बिजली ग्रिड में देकर बिजली उत्पादक भी बना जा सकता है। योजना के तहत ऋण का भी प्रावधान है जिसमें एक बार निवेश पर 25 वर्षों तक मुफ्त और सतत बिजली पाई जा सकती है।

बेलबहरा विद्यालय का एनसीईआरटी नई दिल्ली एवं जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा औचक निरीक्षण

संकुल स्तरीय सामाजिक अंकेक्षण एवं एसएमडीसी के सदस्यों का प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न एमसीबी/बेलबहार  शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेलबहरा का नई दिल्ली एनसीआरटी से मनोवैज्ञानिक करियर काउंसलिंग एवं गाइडलाइंस विभाग से आए अशोक कुमार तथा जिला शिक्षा अधिकारी राम प्रसाद मिरे द्वारा विद्यालय का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के के दौरान विद्यालय की शैक्षिक गतिविधियां , प्रयोगशाला, पुस्तकालय, आईसीटी लैब, कक्षा – कक्ष तथा विद्यार्थियों की अध्ययन स्थिति का मूल्यांकन किया गया। प्रोफेसर श्री कुमार ने विद्यार्थियों को कैरियर मार्गदर्शन तथा मनोवैज्ञानिक दृष्टिकोण से पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए सुझाव दिए। जिला शिक्षा अधिकारी आरपी मिरे द्वारा मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने पर बल दिया गया। अधिकारियों द्वारा विद्यालय की व्यवस्थाओं एवं अनुशासन को संतोषजनक एवं उत्तम पाया गया। विशेष रूप से विद्यालय द्वारा प्रदान की जा रही शिक्षा की गुणवत्ता को सराहनीय एवं उत्कृष्ट बताया गया। प्राचार्य बलराज पाल एवं शालेय परिवार  द्वारा सभी आगंतुकों का स्वागत किया गया। उनके सुझावों का विद्यालय विकास में उपयोग करने का आश्वासन दिया गया  जिला शिक्षा अधिकारी श्री मिरे द्वारा द्वारा 12वीं साइंस के छात्र-छात्राओं को कक्षा बोर्ड में ही विषय वस्तु को विस्तार से समझाया गया तथा सभी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा एवं उच्च संस्था के बारे में भी बतलाया गया उन्होंने कहा कि पढ़ाई को निरंतर जारी रखते हुए सभी छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा को अवश्य प्राप्त करें जिससे उनका भविष्य उज्जवल हो सके। सभी छात्र-छात्राएं अपने लक्ष्य अवश्य बनाएं एवं उस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए अहर्निश मेहनत करें उन्होंने 12वीं कक्षा में प्रथम श्रेणी में आने के लिए विशेष टिप्स के साथ सभी छात्रों को नोट्स बुक तैयार कर ब्लूप्रिंट के माध्यम से पढ़ने के लिए  प्रेरणा दी। तत्पश्चात एसएमडीसी के सदस्यों का संकुल स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान सक्रिय सदस्यों ने सहभागिता निभाई तथा इस प्रशिक्षण में संकुल स्तर के  प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं के प्रधान पाठक तथा संकुल सदस्यगण उपस्थित रहे। प्रशिक्षण में सामाजिक अंकेक्षण की प्रक्रिया, उद्देश्य एवं शाला स्तर पर पारदर्शिता और उत्तरदायित्व सुनिश्चित करने की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। संकुल प्राचार्य  श्री पाल ने  बताया कि सोशल ऑडिट केवल लेखा-जोखा की जाँच भर नहीं है, बल्कि यह एक सामूहिक प्रयास है जिसमें विद्यालय की गुणवत्ता सुधार और शैक्षिक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाता है। प्रशिक्षण में यह भी बताया गया कि सामाजिक अंकेक्षण से अभिभावकों एवं समुदाय की भागीदारी बढ़ेगी और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित होगी। इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी कृष्ण गोपाल दुबे, पूर्व विकासखंड शिक्षा अधिकारी डीपी मिश्रा, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष आरसी राजवाड़े, सीएसी धर्मेंद्र पैकरा सहित  व्याख्यातागण माता प्रसाद द्विवेदी, सुधा शुक्ला, सुषमा टोप्पो,  सुनीता मिश्रा, निर्मला अग्रवाल, कमलेश पांडे, अश्विनी कुमार दुबे, नित्यानंद द्विवेदी, जयंत देवांगन, माया वर्मा, मंजू बघेल, शोभा जायसवाल तथा सहायक शिक्षक सुनीता यादव, विशाल ठाकुर, अभिलाष पांडे सहित संकुल स्तर के शिक्षक गण तथा पालकगण उपस्थित थे।

कलेक्टर का बड़ा फैसला: गणेश चतुर्थी की छुट्टी रद्द

सूरजपुर छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में कलेक्टर ने गणेश चतुर्थी का अवकाश रद्द कर दिया है. कलेक्टर एस जयवर्धन ने आदेश जारी कर 27 अगस्त यानि गणेश चतुर्थी को पूर्व में घोषित अवकाश को रद्द कर दिया है. साथ ही तीन सितंबर को मनाए जाने वाले करमा जिसे ढोल ग्यारस भी कहा जाता है को स्थानीय अवकाश घोषित किया है. बता दें कि इससे पहले सरकार ने नवरात्रि महाअष्टमी का अवकाश निरस्त किया था और उसके बदले नुआखाई को स्थानीय अवकाश घोषित किया है. 30 सितंबर महाअष्टमी के बदले 28 अगस्त को नुआखाई (ऋषि पंचमी) के मौके पर स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है.

जन-सेवा ही संकल्प : रेणुका सिंह

एमसीबी/खोंगापनी     विधायक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह के निर्देश पर क्षेत्र के जरूरतमंद परिवारों को लगातार सहयोग पहुँचाया जा रहा है। आज नगर पंचायत खोंगापानी एवं नई लेदरी के जरूरतमंद परिवारजनों को स्वेच्छानुदान की राशि प्रदान की गई। वहीं आगे केल्हारी एवं जनकपुर में भी अनुदान राशि वितरित की जाएगी। रेणुका सिंह ने कहा “मैं अपने क्षेत्रवासियों के हर सुख-दुख में शामिल हूँ। मुझे आमजनों की चिंता हमेशा रहती है और मेरा प्रयास यही रहेगा कि उनके लिए कुछ बेहतर कर सकूँ।” प्रदेश सरकार की यही मंशा है कि “हर जरूरतमंद तक समय पर सहयोग पहुँचे और कोई भी परिवार अकेला महसूस न करे।” मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सुशासन की सरकार इस संकल्प को धरातल पर उतार रही है। इस अवसर पर नगर पंचायत नई लेदरी के अध्यक्ष वीरेंद्र राणा, हसदेव मंडल अध्यक्ष बबीता सिंह एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

शादी के एक साल बाद हत्या: पत्नी की जान लेने के बाद पति ने खुद थाने में किया समर्पण

दुर्ग जिले के भिलाई में तीजा पर्व से पहले सनसनीखेज वारदात हुई है. महिला और उसके पति के बीच शनिवार की रात घरेलू विवाद हुआ था. झगड़ा इतना बढ़ा कि पति ने अपनी ही पत्नी का गला दबाकर बेरहमी से कत्ल कर दिया. घटना से परिवार में पर्व की खुशियों का माहौल शोक में तब्दील हो गया है. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति सीधे थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया. यह सनसनीखेज वारदात नेवई थाना क्षेत्र की है. जानकारी के मुताबिक, राजनांदगांव के खपरी की निवासी मृतिका दीक्षा दुबे की उम्र करीब 20 साल थी, उसका भाई आईटीबीपी में जवान है. दीक्षा और मरोदा सेक्टर निवासी एकल तिवारी की शादी 1 साल पहले हुई थी. आरोपी पति फ्लोर मिल चलाने और पूजा-पाठ कराने का काम करता है. शनिवार रात को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जो इतना बढ़ गया कि एकल ने अपनी पत्नी दीक्षा की गला दबाकर हत्या कर दी. थाने पहुंचकर किया सरेंडर आरोपी पति एकल दुबे ने खुद थाने पहुंचकर पुलिस को पूरा मामला बताया और सरेंडर कर दिया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति एकल तिवारी को गिरफ्तार कर लिया. वहीं घर से मृतिका के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटना को लेकर मृतिका की मां और बड़े पिता ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.