samacharsecretary.com

दिल्ली में बाढ़ ने ली जान, दो दिन बाद मिली शख्स की लाश

नई दिल्ली  दिल्ली में बाढ़ के पानी में डूबकर एक शख्स की मौत हो गई है। दो दिन पहले डूबे शख्स की लाश काफी तलाशी के बाद शुक्रवार को बरामद की गई। उत्तरपूर्वी दिल्ली के गढ़ी मेंधू गांव में ओमबीर नाम के शख्स की जान गई है। यमुना के पानी में मामूली गिरावट आई है, लेकिन दिल्ली के कई इलाके अब भी बाढ़ की चपेट में है। यमुना किनारे बसे कई इलाकों में लोगों को घर छोड़ना पड़ा है। पुलिस ने बताया कि उन्हें 3 सितंबर को गढ़ी मेंडू गांव में एक शख्स के डूबने की आशंका की सूचना मिली थी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘जांच के दौरान पता चला कि ओमबीर नाम के शख्स को सुबह करीब 8.30 बजे पुस्ता की तरफ से गांव की ओर जाते देखा गया था। लेकिन किसी ने उन्हें डूबते हुए नहीं देखा।’ इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने डिस्ट्रिक्ट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (DDMA), नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (एनडीआरएफ) और स्थानीय लोगों के साथ तलाशी अभियान चलाया। काफी प्रयास के बाद भी ओमबीर का पता नहीं चला था। शुक्रवार को सुबह करीब 11 बजे पुलिस टीम ने बचाव कर्मियों के साथ दोबारा गांव के आसपास के इलाके में तलाशी अभियान चलाया और इस दौरान शव बरामद किया गया। शव को जीटीबी अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। नॉर्थईस्ट दिल्ली के कई इलाके बाढ़ प्रभावित हैं। पिछले सप्ताह भारी बारिश के बाद यमुना में हरियाणा से काफी पानी छोड़ा गया है। दिल्ली में यमुना तट के करीब रहने वाले हजारों लोगों को घर छोड़कर राहत कैंपों में जाना पड़ा है। सरकार और प्रशासन की ओर से राहत कैंपों में कई तरह की व्यवस्था की जा रही है।  

मोटरसाइकिल टक्कर के बाद डीटीसी बस में आग, यात्रियों की हुई रूह कंपाने वाली घटना

पश्चिमी दिल्ली दिल्ली कैंट थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह धौलाकुआं के नजदीक एक डीटीसी बस और मोटरसाइकिल में टक्कर के बाद बस में आग लग गई। घटना में आग से बस पूरी तरह जल गई। गनीमत यह रही कि बस में सवार कोई यात्री घायल नहीं हुआ, लेकिन मोटरसाइकिल सवार को हादसे में चोटें आईं। मोटरसाइकिल सवार का अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले की जांच जारी है। पुलिस के अनुसार सुबह करीब 11 बजे पीसीआर को बस के कंडक्टर ने कॉल किया। यह बस (बस नंबर डीएल 1पीडी 5800 और रूट नंबर 776, उत्तम नगर बस टर्मिनल से जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम) घुम्मनहेड़ा डिपो का था। कंडक्टर ने पीसीआर को पबताया कि धौलाकुआं बस स्टाप, डिफेंस आफिसर्स एंक्लेव पर बस रुकी थी, ताकि यात्री उतर सकें। तभी पीछे से एक मोटरसाइकिल तेजी से आई और बस के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर के बाद मोटरसाइकिल सीएनजी बस के नीचे फंस गई और चिंगारी निकलने के कारण बस में आग लग गई। आग लगते ही ड्राइवर और कंडक्टर ने तुरंत सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस बीच, मोटरसाइकिल सवार मौके से फरार हो गया। देखते ही देखते आग ने बस को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। पुलिस की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। छानबीन के दौरान पता चला कि टक्कर मारने वाली मोटरसाइकिल (टीवीएस अपाचे) ईस्ट ऑफ कैलाश, श्रीनिवासपुरी निवासी समीर रोहिल्ला के नाम पर पंजीकृत है।  

GST Reforms पर सीएम रेखा गुप्ता का बयान, देश और दिल्ली दोनों को मिलेगा लाभ

नई दिल्ली  दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को कहा कि माल एवं सेवा कर (जीएसटी) की दरों में कटौती देश के लिए एक बड़ा उपहार है और यह भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए मील का पत्थर साबित होगी। बुधवार को जीएसटी परिषद की पहली बैठक में शामिल हुईं गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस कदम से देश में व्यापार और कारोबार मजबूत होगा। रेखा गुप्ता ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह देश के लिए बहुत बड़ी सौगात है… स्वास्थ्य बीमा और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की दरों में कटौती देश के करोड़ों लोगों के लिए बड़ी राहत है, जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आभारी हैं।'' मुख्यमंत्री ने कहा कि जीएसटी परिषद ने जीएसटी की दरों में संशोधन को अपार समर्थन के साथ पारित कर दिया है। उन्होंने कहा कि इससे व्यापार और कारोबार को बढ़ावा मिलेगा तथा यह कदम भारतीय अर्थव्यवस्था में मील का पत्थर साबित होगा। गुप्ता ने कहा, ‘‘ दिल्ली बहुत खुश है और मैं दिल्लीवासियों की ओर से प्रधानमंत्री को स्वास्थ्य बीमा तथा शिक्षा संबंधी वस्तुओं पर शून्य जीएसटी लगाने के लिए धन्यवाद देती हूं। नवीकरणीय ऊर्जा को समर्थन दिया गया है और इससे दिल्ली को काफी लाभ होगा क्योंकि हम सौर ऊर्जा को बढ़ावा दे रहे हैं।'' जीएसटी परिषद ने बुधवार को आम सहमति से माल एवं सेवा कर में व्यापक सुधारों को मंजूरी दी। इन सुधारों के तहत साबुन, साइकिल, टीवी और व्यक्तिगत स्वास्थ्य तथा जीवन बीमा पॉलिसी जैसे आम उपयोग के उत्पादों पर जीएसटी की दरें कम की गयी हैं। जीएसटी में पांच प्रतिशत और 18 प्रतिशत की दो-स्तरीय कर संरचना को मंजूरी दी गयी है। कुछ चुनिंदा वस्तुओं जैसे महंगी कारें, तंबाकू और सिगरेट के लिए भी 40 प्रतिशत का विशेष स्लैब प्रस्तावित है।  

यमुना का पानी बढ़ा, दिल्ली के 8 इलाके जलमग्न – रिंग रोड और NH-154A पर रोक

नई दिल्ली दिल्‍ली-एनसीआर में गुरुवार 4 सितंबर 2025 को झमाझम बारिश हुई है. खासकर राष्‍ट्रीय राजधानी के संगम विहार, कालकाजी समेत महानगर के कई हिस्‍सों में बारिश हुई है. दिल्‍ली के सोनिया विहार इलाके में जमीन धंसने की घटना समने आई है. ऊपरी इलाकों में लगातार बारिश की वजह से यमुना का जलस्‍तर खतरे के निशान को पार कर गया है. कई इलाकों में पानी भर गया है. सैकड़ों की संख्‍या में लोगों को सुरक्षित जगहों पर आश्रय लेना पड़ा है. हथिनी बैराज से लगातार पानी छोड़े जाने की वजह से हालात और भी बिगड़ रहे हैं. पंजाब और जम्‍मू-कश्‍मीर में भी बाढ़ से स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है. पंजाब का हर जिला बाढ़ से प्रभावित है, जिसे देखते हुए प्रदेश सरकार ने पूरे राज्‍य को आपदा प्रभावित घोषित कर दिया है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्‍यों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. जम्‍मू-कश्‍मीर में मूसलाधार बारिश, बाढ़, लैंडस्‍लाइड और फ्लैश फ्लड के चलते हालात बेहद गंभीर हो गया है. पंपोर में बारिश से हालात इस कदर खराब हो चुके हैं कि राहत-बचाव के लिए सेना को उतरना पड़ा है. झेलम नदी लगातार खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिसके कारण बाढ़ का पानी लगातार नए इलाकों में घुस रहा है. इस वजह से आमलोगों की परेशानियां काफी बढ़ गई हैं. लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने के साथ ही आर्मी के जवान झेलम के पानी को रोकने का प्रयास भी कर रहे हैं, ताकि हालात बिगड़े नहीं. राजस्‍थान में मूसलाधार बारिश से हालात खराब राजस्थान में जयपुर समेत कई जिले में भारी बारिश से हालात खराब है. जयपुर के पास कोटखावदा गांव भी सड़कों के दरिया बनने से टापू बन गया है. गांव के कई इलाके पानी में डूबे हैं. इस गांव की आस पास के छोटे गांव यानी ढाणियों के टापू बनने से ग्रामीण संकट में फंसे है. पानी की निकासी की कोशिश जारी है, इसके बावजूद संकट बना हुआ है. कोट खावदा गांव टापू में तब्‍दील हो गया है. कोट खावदा गांव की संपर्क सड़क पूरी तरह पानी में डूब गई है. प्रभावित पीड़ितों को ट्रैक्टरों की मदद से बाहर निकाला जा रहा है. पंजाब सरकार ने आवंटित किया करोड़ों का फंड पंजाब सरकार ने आपदा की स्थिति से निपटने के लिए कुल 71 करोड़ रुपये का फंड जारी किया है. सभी जिलों को पहले ही 35.50 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं. वित्त आयुक्त (माल) ने बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित 12 जिलों को 35.50 करोड़ रुपये के अतिरिक्त फंड जारी किए. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार ने कहा कि वह प्रदेशवासियों के नुकसान की भरपाई के लिए वचनबद्ध है और उसके लिए प्रयास करेगी.  चंबा में आपदा के बाद राहत कार्य तेज़, भरमौर एनएच की बहाली में जुटा प्रशासन आज का मौसम लाइव: हाल ही में हुई मूसलधार बारिश के चलते चंबा ज़िले की अधिकांश सड़कों पर यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया है. खासकर चंबा से भरमौर को जोड़ने वाला राष्ट्रीय उच्च मार्ग 154-A बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है. इस आपदा के चलते जहां मणिमहेश यात्रा के अधिकतर श्रद्धालु सुरक्षित रूप से अपने घरों को लौट चुके हैं, वहीं कुछ यात्री अब भी फंसे हुए हैं. उन्हें निकालने के लिए सरकार द्वारा हेलीकॉप्टर सेवाएं चलाई जा रही हैं. प्रशासन ने राहत और पुनर्बहाली कार्यों में तेजी लाने के लिए विशेष प्रयास शुरू कर दिए हैं. इसी कड़ी में बिलासपुर से एससी वर्ग के वरिष्ठ अधिकारी जीत सिंह ठाकुर को विशेष रूप से चंबा भेजा गया है. उन्हें इस मार्ग की बहाली की जिम्मेदारी सौंपी गई है और वे दिन-रात मौके पर निगरानी रख रहे हैं.  

बाढ़ से बेहाल दिल्ली, यमुना खतरे के निशान से ऊपर, खाने को सिर्फ बिस्किट

नई दिल्ली दिल्ली वालों को यमुना की लहरें डरा रही हैं। बाढ़ से हालात बिगड़ने लगे हैं। अपना घरबार छोड़ चुके लोग बिस्किट पर गुजारा कर रहे हैं। यमुना ने बुधवार को जलस्तर का एक रिकॉर्ड तोड़ दिया। दिल्ली में यमुना दोपहर 1 बजे 207 मीटर के निशान को पार कर गई। 1963 के बाद से यह 5वीं बार है जब यमुना ने 207 मीटर के निशान को पार किया है। केंद्रीय जल आयोग का अनुमान है कि रात 8 बजे तक यमुना का जलस्तर 207.40 मीटर तक पहुंच जाएगा। यमुना का जलस्तर कब कितना मीटर? 1- 2023 – 208.66 मीटर 2- 1978 – 207.49 मीटर 3- 2013 – 207.32 मीटर 4- 2010 – 207.11 मीटर दिल्ली में बिगड़ने लगे हालात दिल्ली के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए सड़कें नदियां और बाजार तालाब बन गए हैं। यमुना नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर से जान और सामान बचाने के लिए लोग सुरक्षित जगहों की ओर भाग रहे हैं। मजनू का टीला में दुकानदारों से लेकर मदनपुर खादर और बदरपुर में रहने वाले परिवार अब अस्थायी शेल्टरों में रह रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि निचले बाढ़ग्रस्त इलाकों से 7,500 से अधिक लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। याद आया 2023 का मंजर पुराने रेलवे पुल को यातायात के लिए बंद कर दिया है। मजनू का टीला में पानी गलियों में घुस गया है। इससे बाजार में सन्नाटा पसरा है। दुकानदार अनूप थापा ने कहा कि यह 2023 के बाद दूसरी बार हुआ है। उन्होंने रात 11 बजे अपनी दुकान खाली कर दी। फिर भी कुछ सामान खराब हो गया है। थापा, पत्नी और तीन साल की बेटी के साथ सड़क किनारे बने एक कैंप में चले गए हैं। सड़क किनारे प्लास्टिक तान रह रहे लोग मदनपुर खादर में अपनी झुग्गियां खो चुके परिवार सड़क के किनारे प्लास्टिक की पुरानी चादरें बांधकर रह रहे हैं। एक निवासी तैयरा ने कहा- हमारा सारा सामान अंदर है। हम मुश्किल से कुछ चीजें बाहर निकाल पाए। महिलाओं को बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि कोई शौचालय नहीं है। आवारा कुत्ते भी बढ़ते पानी से बचने के लिए खाली पड़े घरों की सीढ़ियों पर चढ़ गए हैं। बिस्किट खाकर गुजार कर रहे लोग एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि परिवारों के पास न तो खाना है और ना ही बर्तन.. हम अपने खाना पकाने का सामान भी नहीं ला सके। अब हमारे पास खाना पकाने की कोई सुविधा नहीं है। लोग सिर्फ बिस्किट खाकर गुजारा कर रहे हैं। लोगों को अपने बुजुर्ग माता-पिता को कमर तक गहरे पानी में से पार कराते हुए देखा गया। कुछ लोग सड़क किनारे टेंटों में अपने बचाए हुए सामान के साथ बैठे नजर आए।

आपसी खटपट के बावजूद पंजाब मुद्दे पर साथ आईं स्वाति मालीवाल और केजरीवाल

नई दिल्ली  राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल और उन्हीं के पार्टी के सर्वेसर्वा अरविंद केजरीवाल के बीच संबंध कैसे हैं, किसी से छिपा नहीं है। सीएम रहते मुख्यमंत्री आवास में कथित पिटाई के बाद से तो स्वाति केजरीवाल पर और मुखर हो गई हैं। दो दिन पहले ही उन्होंने पंजाब में भयावह स्थिति पर केजरीवाल के वहां न जाने पर निशाना साधा था,लेकिन आज उन्होंने पूर्व सीएम की एक बात मान ली है। स्वाति मालीवाल अपनी 1 महीने की सैलरी बाढ़ पीढ़ितों की मदद के लिए दान देंगी। उन्होंने बकायदा एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है। स्वाति मालीवाल ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि देश में कहीं कोई संकट आए तो पंजाबी दिल खोलकर वहां सेवा करने पहुंचते हैं। आज पंजाब बाढ़ की चपेट में है, बहुत नुकसान हुआ है। मैं अपनी एक महीने की सैलरी पंजाब के बाढ़ पीड़ितों के लिए डोनेट कर रही हूं। ये बहुत छोटी पहल है लेकिन मुझे उम्मीद है और लोग इस पहल से जुड़ेंगे। वाहेगुरु जी सबकी मदद करें। स्वाति मालीवाल ने आगे कहा कि पूरे उत्तर भारत में बाढ़ आई हुई है- खासकर पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में। पंजाब में स्थिति बहुत गंभीर है। कई जानें जा चुकी हैं, और सबसे पहले, मैं उन सभी लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं जिनका निधन हुआ है। दिल्ली में भी बाढ़ जैसे हालात बन रहे हैं। मैं ITO, शास्त्री पार्क और यमुना बाजार भी गई थी, जहां पानी का स्तर काफी बढ़ गया है। सरकार लोगों को निकाल रही है; मैंने देखा है कि टेंट लगाए गए हैं और खाने-पीने का भी इंतजाम है। बता दें कि आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा था कि पार्टी के विधायक और सांसद बाढ़ प्रभावित राज्य को मदद पहुंचाने के लिए अपने एक महीने का वेतन पंजाब के मुख्यमंत्री राहत कोष में दान कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी के दिल्ली, गुजरात, कश्मीर, गोवा और देश भर के सभी सांसद और विधायक बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद के लिए अपने एक महीने का वेतन पंजाब के मुख्यमंत्री राहत कोष में दान कर रहे हैं। आज पूरा देश पंजाब के साथ है।  

हमले के बाद और सख़्त हुई रेखा गुप्ता, नई व्यवस्था के साथ फिर शुरू की ‘जन सुनवाई’

नई दिल्ली  दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अपने ‘कैंप कार्यालय’ में जनसुनवाई फिर से शुरू की। एक पखवाड़े पहले ही जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान एक व्यक्ति ने उन पर हमला कर दिया था। सुबह 8 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम के दौरान दिल्ली के विभिन्न हिस्सों से आए लोगों ने अपनी-अपनी शिकायतें दर्ज कराईं और मुख्यमंत्री से मदद की गुहार की। अब टेबल-कुर्सी और माइक्रोफोन वाली व्यवस्था गुप्ता एक कुर्सी पर बैठी थीं, जबकि लोग एक-एक करके उनके सामने आकर अपने आवेदन जमा कर रहे थे और इस उद्देश्य के लिए उनकी मेज पर लगाए गए माइक्रोफोन के माध्यम से उनसे बातचीत कर रहे थे। इससे पहले गुप्ता अपने आवास-सह-कैंप कार्यालय में ‘जन सुनवाई’ के लिए एकत्रित लोगों के बीच जाती थीं और उनसे खुलकर बातचीत करती थीं। सुरक्षा में इजाफा मुख्यमंत्री के जनसुनवाई करने के दौरान महिला सुरक्षाकर्मियों सहित पुलिसकर्मियों ने उनके चारों ओर घेरा बना रखा था। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए उचित सुरक्षा व्यवस्था की गई थी, जिसमें मेटल डिटेक्टर से प्रतिभागियों की तलाशी लेना और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कार्यवाही की निगरानी करना शामिल था। गुप्ता पर 20 अगस्त को राज निवास मार्ग स्थित उनके ‘कैंप कार्यालय’, मुख्यमंत्री जन सेवा सदन में जनसुनवाई के दौरान राजकोट (गुजरात) के एक व्यक्ति ने हमला किया था। 165 लोगों की सुनीं शिकायतें अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद और सरकार से मदद की गुहार लगाने के लिए बड़ी संख्या में पुरुष और महिलाएं मुख्यमंत्री आवास पर एकत्रित हुए। अधिकारियों ने बताया कि लगभग 165 लोगों ने मुख्यमंत्री को अपनी शिकायतें और सुझाव सौंपे, जिन पर उन्होंने आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर कई लोगों ने गुप्ता को गुलदस्ते देकर बधाई दी। क्या बोलीं सीएम दिल्ली की मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने समूची दिल्ली से आए लोगों से मुलाकात की और अधिकारियों को उनकी शिकायतों के तत्काल निवारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, ‘जनता से बातचीत मुझे हमेशा एक नई ऊर्जा से भर देती है और सेवा के प्रति मेरी प्रतिबद्धता को और गहरा करती है। जन सुनवाई एक नई परंपरा है।’ उन्होंने कहा, ‘जन सुनवाई के दौरान हर नागरिक की बात सुनी जाती है और हर सुझाव दिल्ली के विकास का प्रतीक बन जाता है।’ उन्होंने कहा कि जनसेवा और हर शिकायत का निवारण दिल्ली सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।  

मेट्रो विस्तार का बड़ा प्लान: दिल्ली-NCR में 18 नए कॉरिडोर, जुड़ेंगे 5 शहर

नई दिल्ली  दिल्ली और एनसीआर के लाखों यात्रियों के लिए राहत की बड़ी खबर सामने आई है। जल्द ही मेट्रो नेटवर्क का दायरा और भी व्यापक होने जा रहा है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने शहर और उससे जुड़े इलाकों में 18 नए मेट्रो कॉरिडोर विकसित करने की योजना पर काम शुरू कर दिया है। यह परियोजना सिर्फ कनेक्टिविटी नहीं बढ़ाएगी, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगी। दो चरणों में होगा मेट्रो विस्तार इस महापरियोजना को दो चरणों में विभाजित किया गया है: फेज-5A के तहत 3 कॉरिडोर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जा चुकी है। फेज-5B में बाकी 15 कॉरिडोर को शामिल किया गया है, जिसकी प्रक्रिया प्रगति पर है। इस पूरे विस्तार को केंद्र सरकार के नेशनल मोबिलिटी प्लान के तहत आर्थिक सहायता से क्रियान्वित किया जा रहा है। दिल्ली-NCR के 5 बड़े शहर होंगे जुड़ाव का हिस्सा नई योजना के तहत गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और बहादुरगढ़ जैसे एनसीआर के प्रमुख शहरों को भी सीधे दिल्ली मेट्रो से जोड़ा जाएगा। गाजियाबाद में सबसे ज्यादा-5 नए मेट्रो रूट्स की योजना बनाई गई है, जो निम्नलिखित हैं: -वैशाली से मोहन नगर -नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी से साहिबाबाद -मयूर विहार फेज-3 से लोनी बॉर्डर -नया बस अड्डा से गाजियाबाद रेलवे स्टेशन -गोकुलपुरी से अर्थला -इसके अलावा कुछ अन्य प्रस्तावित रूट्स: -द्वारका सेक्टर-21 से उद्योग विहार, गुरुग्राम -तुगलकाबाद से नोएडा सेक्टर-142 -राजा नाहर सिंह से पलवल -बहादुरगढ़ से असुधा कुल नेटवर्क में 400+ किमी का इजाफा DMRC के मुताबिक, इन 18 प्रस्तावित रूट्स को मिलाकर करीब 404 किलोमीटर का नया नेटवर्क तैयार किया जाएगा। योजना के अनुसार, मेट्रो स्टेशनों को इस तरह डिजाइन किया जाएगा कि वो घर से सिर्फ 500 मीटर दूरी पर हों, जिससे आम जनता की सुविधा में जबरदस्त सुधार आएगा।    कहां तक पहुंचा फेज-4? वर्तमान में फेज-4 के तहत 6 कॉरिडोर में से 3 पर काम तेजी से चल रहा है: तुगलकाबाद से एयरोसिटी इंद्रप्रस्थ से आरके आश्रम मौजपुर से मजलिस पार्क तीनों मिलाकर कुल 65.15 किलोमीटर लंबे होंगे। साथ ही, इन रूट्स पर आधुनिक तकनीक से अंडरग्राउंड और एलिवेटेड स्टेशन बनाए जा रहे हैं। जैसे: इंद्रप्रस्थ से आरके आश्रम: 9.5 किमी लंबा, 8 भूमिगत स्टेशन एयरोसिटी से टर्मिनल: 2.3 किमी, 1 स्टेशन तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज: 4 किमी, 3 एलिवेटेड स्टेशन क्या मिलेगा फायदा? दिल्ली-एनसीआर में ट्रैफिक जाम में भारी कमी यात्रियों को घर से मेट्रो तक आसान एक्सेस रोजगार के हजारों नए अवसर रियल एस्टेट सेक्टर को बूस्ट पर्यावरण पर भी सकारात्मक असर  

दिल्ली-जयपुर हाईवे पर जलभराव, NCR में बारिश की चेतावनी जारी

नई दिल्ली दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से बारिश का दौर थम नहीं रहा है। सोमवार को गुरुग्राम समेत एनसीआर के कई इलाकों में झमाझम बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने सोमवार को बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। बता दें कि सोमवार दोपहर से जारी भारी बारिश ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। कई जगहों पर जलभराव हो गया है, जिससे आम आदमी को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर खांडसा के पास सर्विस लेन पर पानी भर गया है। हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि मुख्य हाईवे पर भी जलभराव शुरू हो गया है। वाहन रेंग-रेंग कर चल रहे हैं और कहीं-कहीं तो काफी देर तक रुके हुए नजर आ रहे हैं। शहर की मुख्य सड़कों का भी बुरा हाल है। शीतला माता रोड, सुभाष चौक, सेक्टर-9, 9ए और सेक्टर-10ए समेत पुराने और नए गुरुग्राम की कई कॉलोनियां जलमग्न हो गई हैं। कई इलाकों में घरों और दुकानों के सामने जलभराव से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर फिलहाल वाहन धीमी गति से चल रहे हैं। अगर शाम तक इसी तरह बारिश जारी रही तो हाईवे पर भारी जाम लगने की आशंका है। वहीं, आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ घंटों तक भारी बारिश जारी रहेगी।

फर्जी कॉल से बुजुर्ग महिला से 44 लाख हड़पे, पहलगाम हमले का दिया हवाला

नोएडा गौतमबुद्ध नगर के नोएडा में अलग-अलग घटना के तहत 76 वर्षीय अविवाहित महिला समेत 3 लोगों से धोखाधड़ी करके साइबर अपराधियों ने करीब 84 लाख रुपये की ठगी कर ली। इस मामले में पीड़ितों ने साइबर अपराध थाने में रविवार रात को रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस उपायुक्त (साइबर अपराध) प्रीति यादव ने बताया कि रविवार रात को 76 साल की अविवाहित महिला सरला देवी ने साइबर अपराध थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। सरला ने बताया कि वह अपने घर में अकेले रहती हैं और 18 जुलाई को उनके पास एक फोन कॉल आई थी। सरला ने कहा कि फोन कॉल करने वाली ने खुद को एयरटेल का अधिकारी बताते हुए अपना नाम नेहा शर्मा बताया था। शिकायत के मुताबिक, पीड़िता से कहा गया कि उनके एयरटेल के नंबर का इस्तेमाल जुआ खेलने और ‘ब्लैकमेल’ करने जैसी गतिविधियों में किया गया है। इस दौरान पीड़िता से कहा गया कि उनकी बात मुंबई पुलिस की अपराध शाखा से कराई जा रही है। शिकायत में सरला ने कहा है कि इसी बीच एक व्यक्ति ने एसीपी के रूप में उनसे बात किया और उसने पुलिस की वर्दी पहन रखी थी। उसने खुद को एसीपी संजय सिंह बताया तथा गिरफ्तारी वारंट के नाम पर उन्हें धमकाया। पहलगाम हमले का नाम लेकर ठग लिए 43.70 लाख शिकायत के मुताबिक, सरला से कहा गया कि उनके फोन नंबर का इस्तेमाल ऑनलाइन जुआ खेलने और पहलगाम हमले के आतंकवादियों को पैसा मुहैया कराने सहित विभिन्न मदों में किया गया है। उनसे कहा गया कि अगर आप गिरफ्तारी से बचना चाहते हैं तो हमारे बताए हुए खाता में रकम भेज दें। पीड़िता के अनुसार, उन्होंने विभिन्न खातों में करीब 43 लाख 70 हजार रुपये भेज दिए, लेकिन आरोपी उनसे 15 लाख रुपये की और मांग कर रहे हैं। महिला को जब शक हुआ तो उन्होंने एक वकील से बात की। डीसीपी ने बताया कि वकील ने महिला को बताया कि उनके साथ साइबर ठगी की गई है। इसके बाद उन्होंने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पिता का दोस्त बनकर ठगे 24 हजार पुलिस उपायुक्त ने बताया की बीती रात को यीशु मित्तल ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह सेक्टर 75 में रहते हैं। पीड़ित के अनुसार, एक व्यक्ति ने उन्हें 28 अगस्त को फोन कॉल करके कहा कि वह उनके पिता का दोस्त है। शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने यीशु मित्तल से कहा कि वह उनके पिता को कुछ रकम देना चाहता है इसलिए वह उसे अपने बैंक खाते का नंबर बता दें। आरोपी ने उन्हें अपने जाल में फंसाकर उनके खाते में कुछ रकम भेजी और कहा कि उनके खाते में गलती से ज्यादा रकम चली गई है, इसलिए अतिरिक्त राशि को वापस भेज दें। पीड़ित ने उसकी बात पर विश्वास करके उसके बताए गए खाते में 24 हजार 68 रुपये वापस भेज दिया। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। शेयर मार्केट के नाम पर 40 लाख ठगे पुलिस उपायुक्त (साइबर अपराध) प्रीति यादव ने बताया कि साइबर अपराध थाने में ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी निवासी 63 वर्षीय सूर्य मोहन धर ने बीती रात को रिपोर्ट दर्ज कराई कि दो जुलाई को एक महिला ने वॉट्सऐप पर उनसे संपर्क करके खुद को एक कंपनी का कर्मचारी और शेयर मार्केट का जानकार बताया। शिकायत के मुताबिक, शुरुआत में महिला ने उन्हें शेयर की खरीद-बिक्री के बारे में सलाह दी और कुछ मुनाफा दिखाया। इसके बाद महिला पर विश्वास करके सूर्य मोहन ने 21 जुलाई से 12 अगस्त के बीच करीब 40 लाख 50 हजार रुपये उसके बताए गए अलग-अलग बैंक खातों में जमा कर दिए। इसके बाद जालसाजों ने अपने-अपने नंबर बंद कर लिए और पीड़ित को वॉट्सऐप ग्रुप से बाहर कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।