samacharsecretary.com

10वीं-12वीं बोर्ड से पहले CBSE ने जारी किया अलर्ट, स्कूलों को कहा— ये गलती बिल्कुल न करें

लुधियाना सैंट्रल बोर्ड ऑफ सैकेंडरी एजुकेशन (सी.बी.एस.ई.) ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं से पहले स्कूलों को साफ कर दिया है कि हर कार्य तय सीमा में पूरा न किया तो बोर्ड सख्त एक्शन लेने को मजबूर होगा। उक्त बारे जारी पत्र में बोर्ड ने स्कूलों को अंक अपलोड करते समय अत्यधिक सावधानी बरतने पर जोर दिया है। पिछले समय से हुई कई गलतियों को सामने रखते हुए बोर्ड ने यह साफ किया है कि अंक अपलोड करने की प्रक्रिया में अक्सर गलतियां सामने आती रही हैं। स्कूलों से कहा गया है कि वे गंभीरता से निर्देशों का पालन करें और गलतियों से बचें। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि स्कूल बाद में अंक सुधार के लिए अनुरोध न करें। इसका सीधा मतलब है कि स्कूलों को शुरुआत में ही सही और सटीक जानकारी अपलोड करनी होगी, अन्यथा बाद में किसी भी त्रुटि को सुधारने में समस्या आ सकती है। सी.बी.एस.ई. ने परीक्षाओं के आयोजन के संबंध में महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। बोर्ड ने सभी विषयों के लिए थ्योरी (लिखित परीक्षा) और प्रैक्टिकल पेपर के अंकों के विभाजन (डिवीजन) को स्पष्ट करते हुए एक विस्तृत नोटिस जारी किया है। छात्रों और स्कूलों को विस्तृत जानकारी के लिए बोर्ड की आधिकारिक वैबसाइट पर सर्कुलर देखने की सलाह दी गई है। प्रैक्टिकल की तिथियां सी.बी.एस.ई. द्वारा जारी सर्कुलर में बताया गया है कि 2026 बोर्ड परीक्षा के लिए प्रैक्टिकल परीक्षाएं, प्रोजैक्ट असैसमैंट और इंटरनल असैसमैंट की प्रक्रिया 1 जनवरी से शुरू होगी और 14 फरवरी तक चलेगी। सभी स्कूलों को यह मूल्यांकन प्रक्रिया इन तिथियों के बीच हर हाल में पूरी करनी होगी। बोर्ड ने स्कूलों के लिए 2 अलग-अलग नोटिस जारी किए हैं जिनमें 10वीं और 12वीं के सभी विषयों के थ्योरी पेपर, प्रैक्टिकल/प्रोजैक्ट और आंतरिक मूल्यांकन के अंकों का सटीक वितरण दिया गया है। बोर्ड का मानना है कि इससे स्कूलों को परीक्षाओं को सही तरीके से आयोजित करने में मदद मिलेगी।  

पंजाब रोडवेज बस को महिलाओं ने रोका, यात्रियों सहित पुलिस स्टेशन पहुंची बस—जानिए पूरा विवाद

जलालाबाद  जलालाबाद बस स्टैंड पर आज उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब कुछ महिलाओं ने फाजिल्का से चंडीगढ़ जा रही पंजाब रोडवेज की बस को घेर लिया। महिलाओं का आरोप है कि बस ड्राइवर और कंडक्टर ने उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, जिससे हाईवे पर ट्रैफिक जाम हो गया। जानकारी के मुताबिक, जब बस जलालाबाद पहुंची तो कुछ महिलाएं बस में चढ़ रही थीं। कंडक्टर ने उन्हें आगे बढ़ने को कहा, इसी दौरान दोनों पक्षों में बहस हो गई। महिलाओं का आरोप है कि कंडक्टर ने उनके साथ अभद्र शब्दों का इस्तेमाल किया। इस मौके पर जब बस ड्राइवर ने कहा, “कौन बदतमीजी कर रहा है?” जिसके बाद मामले ने दूसरा मोड़ ले लिया और महिलाओं ने बस को घेर लिया। कंडक्टर ने क्या कहा कंडक्टर का कहना है कि बस की कैपेसिटी 50 थी लेकिन उसमें 100 से ज़्यादा यात्री थे। भीड़ और टिकट कटने की वजह से महिलाओं से उसकी बहस हुई थी, लेकिन उसने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने से इनकार किया। जब झगड़ा बढ़ा तो पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रैफिक जाम खुलवाया और बस को यात्रियों समेत थाने ले जाया गया, जहां दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद अगला फैसला लिया जाएगा। रोडवेज यूनियन का बयान पंजाब रोडवेज यूनियन के प्रेसिडेंट प्रितपाल सिंह गिल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने सरकार पर नई बसें न देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “50 की कैपेसिटी वाली बस में 100 से ज़्यादा लोग सवार होते हैं। बसें कम हैं, यात्री ज्यादा हैं और सारा इल्जाम ड्राइवर-कंडक्टर पर आता है।” 

ऐतिहासिक शहीदी दिवस पर बढ़ी सतर्कता, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए होंगे खास प्रबंध

चंडीगढ़  पंजाब सरकार ने नौवें गुरु, धन धन श्री गुरु तेग बहादुर जी की शहादत को समर्पित 350वीं शहीदी वर्षगांठ के जश्न के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए हैं। चीफ सेक्रेटरी के.ए.पी. सिन्हा और डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस गौरव यादव ने समागम की तैयारियों का रिव्यू किया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चीफ सेक्रेटरी ने कहा कि सभी अधिकारी सेवा की भावना से काम करें और श्रद्धालुओं को पूरी सुविधाएं देना अपनी प्राथमिकता बनाएं।    चीफ सेक्रेटरी ने कहा कि 22 नवंबर को चार अलौकिक नगर कीर्तन श्री आनंदपुर साहिब पहुंचेंगे, जबकि 23 नवंबर को गुरु का बाग बुड्ढा दल छावनी में श्री अखंड पाठ साहिब शुरू होगा। 23 नवंबर को होने वाले सर्वधर्म सम्मेलन में देश-विदेश से बड़े-बड़े धार्मिक लोग और संत-महापुरूष शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि 24 नवंबर को भाई जैता जी मेमोरियल में पंजाब विधानसभा का स्पेशल सेशन होगा, जबकि 25 नवंबर को श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले जाएंगे। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान भी अलग-अलग धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। चीफ सेक्रेटरी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सरकार ने टेंट सिटी में करीब 10 हजार श्रद्धालुओं के रहने का इंतजाम किया है। इसके साथ ही, 500 फ्री ई-रिक्शा और शटल बसों से श्रद्धालुओं को कार्यक्रम स्थल तक आने-जाने में आसानी होगी। उन्होंने बताया कि गाड़ियों के लिए 100 एकड़ में 30 मॉडर्न पार्किंग बनाई गई हैं।    श्री आनंदपुर साहिब को साफ-सुथरा और हरा-भरा बनाने के लिए एक खास पेड़ लगाने की मुहिम भी शुरू की जा रही है, जिसमें बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स, सेवादार और सामाजिक संगठन हिस्सा लेंगे। प्रशासन लगातार मीटिंग कर रहा है और इंतजामों को फाइनल करने के लिए अलग-अलग लेवल पर मौकों का रिव्यू कर रहा है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि आने वाले हर भक्त को एक आसान और सुरक्षित अनुभव दिया जाएगा।  सरकार का मुख्य मकसद है कि यह ऐतिहासिक कार्यक्रम भक्ति, अनुशासन और सेवा के सबसे ऊंचे स्टैंडर्ड पर हो। सुरक्षा व्यवस्था के बारे में डी.जी.पी. गौरव यादव ने कहा कि 8000 से ज़्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं, जो 25 अलग-अलग सेक्टर में निगरानी कर रहे हैं। 500 से ज़्यादा सी.सी.टी.वी. कैमरे पूरे इलाके पर नजर रखेंगे, ताकि किसी भी असामाजिक तत्व को तुरंत कंट्रोल किया जा सके। ए.डी.जी.पी. नौनिहाल सिंह विधानसभा के स्पेशल सेशन की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार होंगे।  इस मौके पर एडिशनल चीफ सेक्रेटरी पार्लियामेंट्री अफेयर्स डी.के. तिवारी, प्रिंसिपल सेक्रेटरी वाटर सप्लाई एंड सैनिटेशन नील कंठ अवहक, सेक्रेटरी टूरिज्म डॉ. अभिनव, सेक्रेटरी पंजाब मंडी बोर्ड और इन्फॉर्मेशन एंड पब्लिक रिलेशन्स रामवीर, स्पेशल डी.जी.पी. अर्पित शुक्ला, ए.डी.जी.पी. परमार, ए.डी.जी.पी. नौनिहाल सिंह, गमाडा के सी.ए. साक्षी साहनी, हरगुनजीत कौर, डिप्टी कमिश्नर रूपनगर वरजीत वालिया, अभिमन्यु मलिक, नानक सिंह, डिप्टी कमिश्नर जालंधर हिमांशु अग्रवाल, डिप्टी कमिश्नर लुधियाना हिमांशु जैन, अमरदीप संधू डी.सी. फाजिल्का, एडीए संदीप गढ़ा, एडीसी पूजा सियाल और अन्य अधिकारी मौजूद थे।

बॉलीवुड शॉक केस: सलमान हाउस फायरिंग का आरोपी पकड़ा, 4 जगह मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दबोचा

चंडीगढ़  सलमान खान के घर पर फायरिंग करने वाला गैंगस्टर एनकाउंटर में पुलिस के हत्थे चढ़ गया. गैंगस्टरों के खिलाफ आरपार की लड़ाई छेड़ते हुए हरियाणा पंजाब में एक ही दिन में चार पुलिस एनकाउंटर किए गए. अकेले पंजाब में ही एक दिन में तीन पुलिस एनकाउंटर किए गए जिनमें भारी तादाद में पिस्तौल हैंड ग्रेनेड ओर गोलियां बरामद की गई है. हरियाणा के रोहतक से लेकर पंजाब के अमृतसर तक पुलिस की गोलियों की आवाज सुनाई दी इधर रोहतक में एनकाउंटर हुआ तो इससे पहले लुधियाना अमृतसर ओर फिरोजपुर में एनकाउंटर हुआ जिससे पुलिस ने साफ संकेत दिए कि अब चाहे आतंकी हो जा गैंगस्टर किसी की भी खैर नहीं है . एनकाउंटर में पकड़े गैंगस्टर ने माना-सलमान के घर फायरिंग की लुधियाना में पकड़े गए आतंकियों को पाकिस्तान से ऑपरेट किया जा रहा था जो इनका हैंडलर था वह वर्चुअल नबर पर गुर्गों को आदेश देता था इनके तार बिहार हरियाणा और पंजाब से जुड़े हुय थे.ओर गिरफ्तार किए गए लोग भी इन्हीं राज्यों से संबंधित है इनको टास्क पंजाब में धार्मिक सद्भाव खराब करवाने का दिया गया था ओर एक भीड़ पर इन्होंने ग्रेनेड अटैक करना था. जब पुलिस ने इनसे सख्ती से पूछताछ की तो एक आरोपी ने माना कि उसने सलमान खान के घर पर फायरिंग की थी उसमें मुख्य भूमिका निभाई थी यह हैरी का भाई था.   आरएसएस नेता का हत्यारोपी भी एनकाउंटर में पकड़ा गया इसी तरह फिरोजपुर में भी कुछ दिन पहले आरएसएस नेता नवीन अरोड़ा की गोलियां मार कर हत्या कर दी गई थी यहां पर भी टारगेट किलिंग का मामला सामने आया है और यहां पर भी विदेशी लिंक ने साजिश रची थी उसी ने पिस्तौल लेकर दिया था ओर गोली चलाने वाला हत्या करने वाला गुरसिमरन उर्फ काला एक नकाउंटर के जरिए गिरफ्तार किया गया जिसकी टांग में गोली लगी जबकि विदेश में बैठे व्यक्ति की पुलिस ने पहचान कर ली है.   ISI के लिए काम करने वाला एनकाउंटर में मारा गया इसी तरह अमृतसर में भी पुलिस ने आईएसआई के लिए काम करने वाले हरजिंदर उर्फ हैरी को मार गिराया है कुछ दिन पहले ही वह जेल से छूट कर आया था ओर वह लगातार आईएसआई से संपर्क में था. पुलिस को सूचना मिली थी कि वह अमृतसर के इलाके में घूम रहा है जिसके बाद पुलिस का एनकाउंटर शुरू हो गया ओर हैरी को गोली लगी ओर अस्पताल में जाकर उसने दम तोड़ दिया उसके पास से दो पिस्टल और कुछ कारतूस मिले थे. हैरी का अमृतसर में संगीन आपराधिक रिकॉर्ड था. रोहतक में सपना के हत्यारोपी एनकाउंटर में पकड़े इसी तरह रोहतक में भी रोहतक पुलिस के सीआईए टीम ने आधी रात को एनकाउंटर किया जिसमें कहानी गांव की हॉरर किलिंग करने वाले लोगों को मुठभेड़ में घायल कर दिया गया क्योंकि सपना नामक युवती को इन लोगों ने मार दिया था जिसके बाद पुलिस इन आरोपियों का लगातार पीछा करती आ रही थी और पुलिस ओर इनके बीच आधी रात को मुठभेड़ हो गई जिसके बाद इन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया .

ट्रैफिक नियम तोड़े तो तैयार रहें: हाईकोर्ट ने E-Challan सिस्टम को दी कड़ी मंजूरी

पंजाब  पंजाब के वाहन चालकों से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। ई-चालान को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने अहम फैसला लिया है। हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार को साफ कहा है कि ई-चालान प्रणाली लागू करने में अब टालमटोल नहीं चलेगी। चीफ जस्टिस शील नागू और जस्टिस संजीव बेरी की बेंच ने ये आदेश पंजाब में ई-चालान को पूरी तरह लागू करने की मांग वाली एक पब्लिक इंटरेस्ट लिटिगेशन (PIL) पर सुनवाई करते हुए दिए। याचिका में कहा गया कि 2019 में मोटर व्हीकल एक्ट में बदलाव के बाद ई-चालान की संख्या बढ़ी है, लेकिन लोगों को अभी भी चालान फाइल करने के लिए कोर्ट या ऑफिस में फिजिकली जाना पड़ता है। याचिका में दलील दी गई कि हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और चंडीगढ़ में पहले से ही नेशनल वर्चुअल कोर्ट पोर्टल हैं, जिनके जरिए लोग छोटे चालान ऑनलाइन भर सकते हैं। पंजाब में इस देरी को 'समझ से बाहर' बताते हुए, पूरे राज्य में इस सिस्टम को लागू करने की मांग की गई। सुनवाई के दौरान NIC ने बताया कि अभी HLR ई-चालान एप्लीकेशन सिर्फ मोहाली में काम कर रहा है। इसका कारण यह है कि ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट ने अभी तक दूसरे जिलों के लिए फॉर्मल अपील नहीं भेजी है। NIC अधिकारियों ने कहा कि राज्य जिस भी जिले के लिए अपील भेजेगा, वहां 2 हफ्ते के अंदर एप्लीकेशन एक्टिवेट हो जाएगी। NIC ने यह भी साफ किया कि ई-चालान लागू करने का प्रोसेस 2 हिस्सों में बंटा हुआ है। पहला, जनरल लाइन एप्लीकेशन जिसे ई-कमेटी की मंजूरी के बिना तुरंत सेट अप किया जा सकता है। राज्य को बस अपील और इंफ्रास्ट्रक्चर देना होगा। दूसरा हिस्सा वह खास मॉड्यूल है जिसकी मांग राज्य ने की है, जिसके लिए ई-कमेटी की मंजूरी जरूरी है। यह प्रोसेस रजिस्ट्रार जनरल और हाई कोर्ट की टीम के जरिए आगे बढ़ाया जाएगा। सुनवाई के दौरान यह भी सुझाव दिया गया कि रजिस्ट्रार जनरल को ज़रूरी पार्टी बनाया जाए ताकि पूरा मामला ई-कमेटी तक ठीक से पहुंच सके। NIC ने एक बार फिर दोहराया कि बेसिक ई-चालान एप्लीकेशन तुरंत लागू किया जा सकता है, बशर्ते राज्य फॉर्मल अपील भेजे।   जालंधर और अमृतसर में भी पूरा हो चुका काम राज्य की ओर से पेश वकील ने कहा कि जालंधर और अमृतसर में ई-चालान से जुड़ा ज़्यादातर टेक्निकल काम पूरा हो चुका है। लुधियाना में कैमरे और इक्विपमेंट लगा दिए गए हैं। उन्होंने माना कि कुछ टेक्निकल दिक्कतों की वजह से देरी हुई है, लेकिन राज्य सभी जिलों में ई-चालान के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर देने के लिए पूरी तरह से कमिटेड है। कोर्ट ने स्टेटस रिपोर्ट पर भी नाराजगी जताई और पूछा कि पहले फाइल की गई रिपोर्ट में इन बातों का ज़िक्र क्यों नहीं किया गया। राज्य ने कहा कि ये डेवलपमेंट हाल ही में हुए हैं और पैराग्राफ-वाइज़ जवाब देने के लिए और समय चाहिए। कोर्ट ने इसे मानते हुए कड़ा रुख दिखाया और कहा कि अगली तारीख तक डिटेल में जवाब फाइल करना होगा।

MP अमृतपाल सिंह की रिहाई पर फैसला करीब, 1–19 दिसंबर के बीच मिल सकती है रिहाई की मंजूरी

चंडीगढ़ खडूर साहिब से लोकसभा सदस्य अमृतपाल सिंह ने पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में पैरोल की मांग करते हुए एक याचिका दाखिल की है। याचिका में राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम, 1980 की धारा 15 के तहत अस्थायी रिहाई की मांग करते हुए अमृतपाल सिंह ने कहा है कि उन्हें 1 से 19 दिसंबर तक चलने वाले संसद के शीतकालीन सत्र में शामिल होना है। इसी लिए इस अवधि के दौरान उन्हें पैरोल देने की मांग की गई है, ताकि वह सांसद के रूप में अपने संसदीय कर्तव्यों का पालन कर सकें। फिलहाल यह याचिका हाई कोर्ट की रजिस्ट्री शाखा में जांच (स्क्रूटनी) के लिए पड़ी हुई है। स्क्रूटनी पूरी होने के बाद ही इसे अदालत के समक्ष सूचीबद्ध (लिस्ट) किया जाएगा।  

मजीठिया के नज़दीकी पर कानूनी शिकंजा कसता, गिरफ्तारी वारंट जारी

पंजाब  पूर्व कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया से जुड़े आय से अधिक संपत्ति मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। विशेष अदालत ने मजीठिया के साले गजपत सिंह ग्रेवाल की गिरफ्तारी के आदेश जारी किए हैं। यह कार्रवाई विजिलेंस ब्यूरो द्वारा दी गई रिपोर्ट और अदालत में दायर आवेदन के आधार पर की गई। विजिलेंस के मुताबिक जांच के दौरान ग्रेवाल की भूमिका संदिग्ध पाई गई और बाद में उनका नाम एफआईआर में जोड़ा गया। जांच अधिकारी इंस्पेक्टर इंदरपाल सिंह ने अदालत में बताया कि ग्रेवाल को कई बार नोटिस भेजे गए, लेकिन वे न तो जांच में पेश हुए और न ही किसी तरह का सहयोग किया। विजिलेंस का कहना है कि ग्रेवाल पर मजीठिया की कथित अवैध संपत्तियों को इकट्ठा करने और उन्हें छिपाने में मदद करने का आरोप है। रिकॉर्ड देखने और दलीलें सुनने के बाद विशेष जज नीतिका वर्मा ने गिरफ्तारी वारंट जारी करने की अनुमति दे दी। जारी किए गए वारंट 29 नवंबर 2025 को रिटर्नेबल होंगे। गौरतलब है कि बिक्रम मजीठिया पहले से आय से अधिक संपत्ति के मामले में विजिलेंस की जांच के दायरे में हैं। जांच एजेंसी के अनुसार, मजीठिया ने लगभग 700 करोड़ रुपये की संपत्ति कथित तौर पर खड़ी की, जो कथित तौर पर 2013 के ड्रग नेटवर्क की कमाई को वैध दिखाकर बनाई गई थी।

महिला एवं बाल विकास विभाग पंजाब: 6100 से अधिक आंगनवाड़ी पदों पर सुनहरा मौका

चंडीगढ़  पंजाब सरकार की तरफ से आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और हेल्पर के पदों पर बंपर भर्ती निकली है. सामाजिक सुरक्षा एवं महिला बाल विकास विभाग ने कुल 6116 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इसमें 1316 पद आंगनवाड़ी वर्कर (AWW) और 4794 पद आंगनवाड़ी हेल्पर (AWH) के लिए रखे गए हैं. ये सभी पद सिर्फ महिलाओं के लिए हैं और पंजाब के अलग-अलग जिलों के आंगनवाड़ी सेंटर्स में भरे जाएंगे. इस भर्ती के लिए आवेदन की प्रक्रिया 19 नवंबर 2025 से ही शुरू हो चुकी है. इच्छुक महिला उम्मीदवार 10 दिसंबर 2025 तक ऑफिशियल वेबसाइट sswcd.punjab.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं. आवेदन करने के लिए नीचे दिए स्टेप्स को फॉलो करें. कौन कर सकता है अप्लाई? उम्मीदवार महिला होनी चाहिए. 10वीं तक पंजाबी भाषा पास होना जरूरी है. इसमें अलग-अलग पदों के लिए योग्यता अलग है. अगर आपकी शिक्षा ज्यादा है, जैसे 12वीं, ग्रेजुएशन, BEd या ETT है, तो ये मेरिट में फायदा देगा क्योंकि चयन पूरी तरह मेरिट से होगा. कैसे होगा सेलेक्शन? इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि इसमें किसी भी तरह की लिखित परीक्षा नहीं होगी और पूरा चयन सिर्फ मेरिट के आधार पर किया जाएगा. मेरिट तैयार करते समय 10+2 पास होने पर 30%, ग्रेजुएशन पर 30%, B.Ed या ETT पर 10% और इंटरव्यू में प्रदर्शन पर 30% वेटेज जोड़ा जाएगा. इन सब को जोड़कर फाइनल मेरिट तैयार की जाएगी. मेरिट में नाम आने के बाद कैंडिडेट्स को काउंसलिंग या इंटरव्यू के लिए ईमेल, कॉल या वेबसाइट के जरिए जानकारी दी जाएगी.

रेलवे ट्रैक जाम की चेतावनी: पंजाब के किसान आंदोलन ने बढ़ाई सरकार की चिंता

पंजाब  पंजाब में किसान जत्थेबंदियों ने बड़ा ऐलान किया है। संगठनों ने घोषणा की है कि 17 और 18 दिसंबर को वे  DC ऑफिस के बाहर धरना देंगे। वहीं किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं हुई, तो वे 19 दिसंबर को पूरे इलाके में रेलवे ट्रैक जाम कर बड़ा रोष प्रदर्शन करेंगे। बता दें कि नाभा की सरकारी कोठी में ट्राली के पार्ट्स और अन्य चोरी का सामान बरामद होने के बाद विवाद गरमा गया है। किसान नेताओं का कहना है कि इस मामले ने प्रशासनिक लापरवाही को उजागर कर दिया है। किसान जत्थेबंदियों ने साफ किया है कि जब तक उचित कार्रवाई और जवाब नहीं दिया जाता, आंदोलन लगातार जारी रहेगा। 

पंजाब पुलिस का ऑपरेशन सफल: खतरनाक गैंगस्टर हरजिंदर का एनकाउंटर, ISI कनेक्शन का खुलासा

अमृतसर  पंजाब के अमृतसर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई. इस मुठभेड़ को लेकर अमृतसर के पुलिस कमिश्नर GPS भुल्लर का बयान सामने आया है. उन्होंने बताया कि ‘देर शाम एंटी-गैंगस्टर ऑपरेशंस सेल को सूचना मिली, जिसमें बताया गया कि ‘पाकिस्तान स्थित ISI और विदेशी गैंगस्टरों से संबंध रखने वाले एक कुख्यात अपराधी और उसका सहयोगी हाल ही में जेल से रिहा हुए थे. रिहाई के बाद उन्होंने एक हत्या की योजना बनाई थी.’ इसके बाद पुलिस एक्शन में आ गई और दोनों अपराधियों को रोकने की कोशिश की. इसी बीच उन्होंने पुलिस पर गोलियां चला दीं. 7 नवंबर को जेल से लौटा था- कमिश्नर पुलिस कमिश्नर ने बताया कि ‘बदमाश की पहचान हरजिंदर हैरी के तौर पर की गई है. वह 7 नवंबर को जेल से लौटा था. इसके विदेशी गैंगस्टरों और ISI से भी संबंध थे. हरजिंदर 7 नवंबर को जेल से रिहा हुआ. हाल ही में दोनों अपराधी मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचे. उसी समय पुलिस की टीम भी वहां पर पहुंच गई और उनको रोकने की कोशिश की गई.’ उन्होंने बताया कि ‘बदमाशों ने पुलिस पर गोलियां चला दीं. वहीं पुलिस ने हवा में गोलियां चलाईं और उन्हें आत्मसमर्पण की चेतावनी भी दी थी.   हरजिंदर हैरी एनकाउंटर में ढेर जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने जब आत्मरक्षा के लिए गोलियां चलाईं तो उसमें से एक गोली आरोपी हरजिंदर को लग गई. वहीं, उसका साथी सनी मौके से अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा. घायल हरजिंदर को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया. हालांकि, अस्पताल में हरजिंदर की मौत हो गई. वहीं, फरार सनी का मोबाइल पुलिस ने बरामद किया है. इसमें से पुलिस को विदेशी नंबर मिले हैं, जिससे ISI और विदेशी गैंगस्टरों से संबंधों की जानकारी भी मिली है. इसके अलावा, कुछ हथियार भी बरामद किए गए हैं, जो पाकिस्तान से लाए गए थे.