samacharsecretary.com

सीएम भगवंत मान के आगमन से पहले शहर में सुरक्षा बढ़ाई गई, प्रशासन ने जारी किए दिशा-निर्देश

चंडीगढ़  मुख्यमंत्री की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले में एक साथ 5 लोगों के एकत्रित होने ओर ड्रोन उठाने पर रोक लगा दी है। अतिरिक्त जिला मैजिस्ट्रेट गुरप्रीत सिंह थिंद ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत अपने अधिकारों का प्रयोग करते हुए आदेश जारी किए हैं कि 2 नवंबर 2025 को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की जिले में आगमन के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर हैलीपैड, मार्ग और कार्यक्रम स्थलों के आसपास 5 या 5 से अधिक लोगों के अवैध रूप से एकत्र होने तथा हथियार लेकर चलने पर प्रतिबंध रहेगा। आदेशों की उल्लंघना करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। एक अन्य आदेश के तहत मुख्यमंत्री की आमद को देखते हुए हैलीपैड, रूट और कार्यक्रम स्थलों को नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। कार्यक्रम स्थल और उसके 5 किलोमीटर दायरे (360 डिग्री क्षेत्र) में ड्रोन, बिना चालक वाले वाहन या रिमोट कंट्रोल यू.ए.वी. उड़ाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। 

पंजाब के गांवों में खुशखबरी! CM मान ने दी बड़ी सौगात, अब हर गांव में मिलेगा ये फायदा

चंडीगढ़ पंजाब सरकार ने खेलों को बढ़ावा देने और युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने के लिए एक बड़ी पहल की है। इसके तहत राज्य के हर गांव में अत्याधुनिक स्टेडियम बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पहले चरण में 3,083 स्टेडियमों का निर्माण कार्य चल रहा है, जिससे ग्रामीण स्तर पर खेलों के लिए बुनियादी ढांचा मजबूत होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य न केवल खेल सुविधाएं प्रदान करना है, बल्कि पंजाब के युवाओं को नशे की लत से बचाना भी है। उन्होंने कहा कि नई खेल नीति से खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। पंजाब सरकार के खेल विभाग के अनुसार, हर स्टेडियम में आधुनिक खेल उपकरण, ट्रैक और कोचिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही, गांवों के बच्चों और युवाओं को अपने घर के पास ही खेलों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। 

पंजाब यूनिवर्सिटी को लेकर केंद्र का बड़ा फैसला जारी, छात्रों और स्टाफ पर पड़ेगा असर

चंडीगढ़ पंजाब यूनिवर्सिटी को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, केंद्र सरकार ने पंजाब यूनिवर्सिटी के प्रशासनिक ढांचे में बड़ा बदलाव किया है। इसके तहत 59 साल पुरानी सीनेट और सिंडिकेट को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है। इस संबंध में केंद्र सरकार की ओर से आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। अब यूनिवर्सिटी का संचालन वाइस चांसलर की अध्यक्षता में बने एक “बोर्ड ऑफ गवर्नर्स” द्वारा किया जाएगा। इस बोर्ड में केंद्र सरकार, यूजीसी (UGC) और चंडीगढ़ प्रशासन के प्रतिनिधि शामिल होंगे। केंद्र सरकार के आदेशों के बाद अब यूनिवर्सिटी में सीनेट चुनाव नहीं होंगे और ग्रेजुएट वोटरों को कोई प्रतिनिधित्व नहीं मिलेगा। पहले 91 सदस्यीय सीनेट और 15 सदस्यीय सिंडिकेट यूनिवर्सिटी की नीतियां और बजट तय करते थे, लेकिन अब यह सभी शक्तियां नए गठित बोर्ड ऑफ गवर्नर्स को सौंप दी जाएंगी।   

वाहन चालकों के लिए राहत: पंजाब में बदले चालान भरने के नियम, अब होगा आसान भुगतान

लुधियाना  पंजाब सरकार ने ट्रांसपोर्ट सिस्टम में बड़ा बदलाव करते हुए अब सभी चालान पूरी तरह ऑनलाइन भरने की व्यवस्था लागू कर दी है। राज्य में फेसलेस RTO सिस्टम शुरू होने के बाद अब सभी RTO दफ्तरों के चालान काउंटर बंद कर दिए गए हैं। यानी अब किसी भी वाहन चालक से RTO दफ्तर में नकद राशि नहीं ली जाएगी। अब चालान होंगे सिर्फ ऑनलाइन पंजाब ट्रांसपोर्ट विभाग ने स्पष्ट किया है कि अब चालान का भुगतान केवल ऑनलाइन मोड में ही किया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस और RTO विभाग दोनों अब चालान ऑनलाइन ही जारी करते हैं। चालान बनते समय ही चालक को राशि की जानकारी दी जाती है। अगर चालक मौके पर ही भुगतान कर देता है, तो उसे दस्तावेज़ जमा नहीं करवाने पड़ेंगे। अगर भुगतान बाद में किया जाता है, तो पुलिस या RTO दस्तावेज़ जब्त कर लेते हैं। भुगतान के बाद चालक ई-रसीद दिखाकर अपने दस्तावेज़ वापस ले सकता है। अब दस्तावेज़ पहुंचेंगे घर तक RTO अधिकारी कुलदीप सिंह बावा ने बताया कि विभाग अब ऐसी योजना पर काम कर रहा है जिसके तहत ऑनलाइन भुगतान के बाद दस्तावेज़ चालक के घर तक पोस्ट से भेजे जाएंगे। भुगतान की जानकारी सिस्टम में मिलते ही RTO की ओर से दस्तावेज़ घर भेजने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। दलालों की भूमिका खत्म नई व्यवस्था लागू होने के बाद अब दलालों का खेल पूरी तरह खत्म हो जाएगा। पहले चालान भरने पहुंचे लोग अक्सर दलालों के झांसे में आ जाते थे। कई मामलों में पैसे लेकर दलाल गायब भी हो जाते थे। लुधियाना RTO दफ्तर में ऐसे कई मामलों में FIR दर्ज की जा चुकी है। 260 चालान अभी भी पेंडिंग RTO कुलदीप सिंह बावा ने बताया कि फिलहाल दफ्तर में करीब 260 चालान लंबित हैं, जो पुलिस विभाग से आए हैं। इन मामलों के लिए एक कर्मचारी नियुक्त किया गया है जो लोगों को ऑनलाइन भुगतान की प्रक्रिया समझाएगा। ऑनलाइन चालान भरने की प्रक्रिया अब न थाने जाने की ज़रूरत, न कोर्ट के चक्कर! आप घर बैठे मोबाइल या लैपटॉप से अपना चालान भर सकते हैं। चरण इस प्रकार हैं: ट्रांसपोर्ट विभाग की वेबसाइट या ऐप खोलें “Check Challan Status / Pay Online” विकल्प चुनें अपना वाहन नंबर, चालान नंबर या ड्राइविंग लाइसेंस नंबर दर्ज करें कैप्चा भरकर “Get Details” पर क्लिक करें चालान विवरण जांचें “Pay Now” पर क्लिक कर नेट बैंकिंग, कार्ड या UPI से भुगतान करें भुगतान पूरा होने पर ई-रसीद डाउनलोड कर सुरक्षित रखें  

महीने के पहले ही दिन मिली Good News! केंद्रीय मंत्री ने किया अहम ऐलान

लुधियाना  केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने नवंबर महीने की शुरुआत में पंजाबियों के लिए खुशखबरी सांझा की है। उन्होंने बताया कि दिल्ली-मोगा एक्सप्रेस का विस्तार अब फिरोजपुर कैंट तक कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह फिरोजपुर और आसपास के इलाकों के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। उन्होंने यह भी कहा कि इस फैसले से न केवल रेल यात्रियों को फायदा होगा, बल्कि इससे क्षेत्र के व्यापार और संपर्क को भी काफी बढ़ावा मिलेगा। केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का धन्यवाद किया। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने हमेशा पंजाब के प्रति अपार प्रेम और प्रतिबद्धता दिखाई है। इस फैसले की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए, रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि 22485 दिल्ली-मोगा एक्सप्रेस का विस्तार अब फिरोजपुर कैंट तक कर दिया गया है। यह ट्रेन दिल्ली से चलकर जाखल और लुधियाना होते हुए 13:57 बजे मोगा पहुंचेगी, वहां से 13:59 बजे रवाना होकर 15:00 बजे फिरोजपुर कैंट पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन फिरोजपुर कैंट से 15:35 बजे रवाना होकर 23:35 बजे दिल्ली पहुंचेगी।  

तैयार हो जाइए! पंजाब में आने वाली है तेज बारिश, गिरेगा तापमान

चंडीगढ़  पंजाब में नवंबर महीना शुरू होते ही मौसम को लेकर नई अपडेट सामने आई है। मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि पंजाब में नवंबर में ही दिसंबर जैसी ठंड पड़ सकती है। जानकारी के मुताबिक, नवंबर मीहने के पहले हफ़्ते में पंजाब को प्रदूषण से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने 5 और 6 नवंबर को राज्य में गरज के साथ झमाझम बारिश की संभावना जताई है। फिलहाल विभाग ने अभी तक कोई अलर्ट जारी नहीं किया है।  मौसम विभाग के अनुसार, एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। यह विक्षोभ 4 नवंबर से सक्रिय होगा। नवंबर के पहले सप्ताह में पंजाब में 2 दिन बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। इस बारिश से तापमान में भारी गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे राज्य में सर्दी के मौसम का आगमन होगा। पूर्वानुमान के अनुसार, जालंधर में 4 नवंबर की देर रात हल्की बारिश हो सकती है, जिसके बाद 5 नवंबर को सुबह-सुबह गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं, जिसकी 55% संभावना है। इसके साथ ही 5 नवंबर को लुधियाना, अमृतसर और मोहाली में गरज के साथ छींटे पड़ने और 6 नवंबर को हल्की, छिटपुट बारिश होने की संभावना है। साथ ही पंजाब के कई अन्य जिलों में भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। इसके साथ ही पंजाब में ठंड भी बढ़ेगी। ठंडी हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है। वहीं, इस बारिश से प्रदूषण के कण खत्म हो जाएंगे और वायु गुणवत्ता सूचकांक में सुधार होगा। फिलहाल, पंजाब के सभी शहरों का AQI 100 से ऊपर है, जबकि बठिंडा में यह 205 दर्ज किया गया है। गौरतलब है कि पंजाब में अधिकतम तापमान लगातार गिर रहा है। पिछले 24 घंटों में तापमान में 1 डिग्री की गिरावट आई है। राज्य में सबसे अधिक तापमान मानसा में दर्ज किया गया, जहाँ पारा 32.3 डिग्री रहा। इस दौरान, राज्य में सबसे कम तापमान गुरदासपुर में 16 डिग्री दर्ज किया गया। रात के न्यूनतम तापमान में 1.1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। यह तापमान सामान्य से 4 डिग्री अधिक है।   

अब रोज़ मिलेगा कुछ नया! पंजाब के स्कूलों में मिड डे मील का मेन्यू बदला, बच्चे हुए खुश

लुधियाना पंजाब सरकार ने प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत सरकारी स्कूलों में बच्चों को दिए जाने वाले भोजन के साप्ताहिक मेन्यू में बड़ा बदलाव किया है। नया मेन्यू 1 नवंबर से 30 नवंबर तक लागू रहेगा। सरकार का कहना है कि यह बदलाव बच्चों के पोषण स्तर को बेहतर करने और भोजन को अधिक स्वास्थ्यवर्धक बनाने के उद्देश्य से किया गया है। शिक्षा विभाग के नए निर्देश शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेशों के अनुसार सभी स्कूलों में भोजन बच्चों को लाइन में बैठाकर परोसा जाएगा। इसकी पूरी ज़िम्मेदारी मिड-डे मील इंचार्ज की होगी। सभी स्कूलों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार ही खाना तैयार करना होगा। सरकार ने साफ कहा है कि यदि किसी स्कूल में इन निर्देशों की अनदेखी या लापरवाही पाई जाती है तो उसकी ज़िम्मेदारी संबंधित स्कूल प्रबंधन की होगी। नया मिड-डे मील मेन्यू (1 से 30 नवंबर तक) दिन                   मेन्यू सोमवार            दाल और रोटी मंगलवार           राजमा-चावल और मौसमी फल   बुधवार             काले-सफेद चने (आलू के साथ) और पूरी/रोटी गुरुवार           कढ़ी (आलू और प्याज़ के पकौड़े के साथ) और चावल शुक्रवार          मौसमी सब्ज़ी के साथ रोटी शनिवार          साबुत मांह की दाल के साथ चावल और खीर सरकार का कहना है कि इस नए मेन्यू से बच्चों को संतुलित आहार, प्रोटीन, और विटामिन्स की पर्याप्त मात्रा मिलेगी। साथ ही, स्कूलों में भोजन वितरण की पारदर्शिता और गुणवत्ता पर भी सख्त निगरानी रखी जाएगी।  

छुट्टी का ऐलान! पंजाब में आज बंद रहेंगे सभी स्कूल-कॉलेज और ऑफिस

पंजाब  पंजाब सरकार ने आज  “न्यू पंजाब डे” के अवसर पर राज्यभर में (आरक्षित) छुट्टी का ऐलान किया है। वहीं जालंधर जिले में श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को समर्पित नगर कीर्तन के कारण आधे दिन की छुट्टी घोषित की गई है। डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि सभी सरकारी और निजी स्कूल-कॉलेज 1 नवंबर को दोपहर 12 बजे तक खुले रहेंगे। इसके बाद विद्यार्थियों और शिक्षकों को छुट्टी दी जाएगी ताकि वे प्रकाश पर्व से जुड़े कार्यक्रमों में भाग ले सकें। नगर कीर्तन के चलते शहर की कई सड़कों पर यातायात प्रभावित रहेगा। प्रशासन और पुलिस को सुरक्षा, ट्रैफिक और सफाई सहित सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। गौरतलब है कि 5 नवंबर को श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा, जबकि अगले दिन रविवार को संत नामदेव जी का जन्म दिवस भी राज्यभर में सरकारी अवकाश के रूप में घोषित किया गया है। 

नियम तोड़ने वाले दुकानदारों पर गिरी गाज, अमृतसर प्रशासन ने दिखाई सख्ती

अमृतसर शहर में सफाई व्यवस्था को बनाए रखने के लिए बड़ा एक्शन लिया जा रहा है। अमृतसर नगर निगम ने कूड़ा प्रबंधन और प्लास्टिक उपयोग नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू किया है। नॉवेल्टी चौक पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अचानक निरीक्षण किया और इस दौरान कई दुकानदारों को सिंगल यूज प्लास्टिक बैग इस्तेमाल करते हुए पकड़ा और उनके चालान काटे। जिन दुकानदारों पर कार्रवाई हुई, उनमें नॉवेल्टी स्वीट्स और हीरा पनीर जैसी मशहूर दुकानें भी शामिल हैं। दोनों को सरकारी आदेशों की अवहेलना करने पर कड़ी चेतावनी दी गई। नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी योगेश अरोड़ा ने बताया कि निगम बार-बार दुकानदारों को निर्देश दे रहा है कि वे कचरा सही तरीके से निपटाएं और सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल पूरी तरह बंद करें, क्योंकि यह पंजाब सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत पूर्ण रूप से प्रतिबंधित है। इसके बावजूद कई दुकानदार नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। अधिकारी अरोड़ा ने कहा कि यह अभियान इस संदेश के साथ चलाया गया है कि “शहर में गंदगी फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।” उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोबारा ऐसे उल्लंघन पाए गए तो भारी जुर्माना और यहां तक कि दुकान का लाइसेंस रद्द करने जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

ड्राइविंग सेंटर पर विवाद बढ़ा: पंचायत ने ताला लगाकर किया संचालन बंद

गोराया  गोराया और फिल्लौर के बीच गांव दोसांझ खुर्द की पंचायती जमीन पर बने ऑटोमेटेड टेस्ट ड्राइविंग सेंटर पर पंचायत सदस्यों ने ताला जड़ दिया। जिस कारण ट्रैक स्टाफ व ड्राइविंग लाइसेंस का काम करवाने आए लोगों को करीब डेढ़ घंटे तक तपते ट्रैक के बाहर खड़ा रहना पड़ा। मौके पर नायब तहसीलदार नूरमहल व अन्य अधिकारी आए और पंचायत के 15 दिन के आश्वासन को देखते हुए ट्रैक का ताला खुलवाया गया और काम सामान्य रूप से शुरू हो गया। दरअसल, ग्राम पंचायत दोसांझ खुर्द ने बताया कि यह जमीन उनकी पंचायती जमीन है जिस पर ड्राइविंग टेस्ट सेंटर बना हुआ है। पिछले तीन साल से उन्हें किराया नहीं दिया गया है, जो करीब 6 लाख रुपये बनता है, जिससे उन्हें अपने गांव का विकास करना है। वे बार-बार अधिकारियों व संबंधित विभागों से मिल चुके हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं कर रहा। इसी से तंग आकर उन्होंने गुरुवार शाम को ट्रैक पर ताला जड़ दिया। कर्मचारियों को सुबह इसकी जानकारी हुई। जब उन्होंने ट्रैक का गेट खोलने की कोशिश की तो देखा कि अंदर से ताला लगा हुआ था। इसके बाद पता चला कि यह ताला पंचायत ने लगाया था। लोग और कर्मचारी करीब डेढ़ घंटे तक बाहर खड़े रहे।   जिसके बाद नायब तहसीलदार नूरमहल, बी.डी.पी.ओ. रुड़का कलां और पंचायत सचिव के साथ मौके पर आए। उन्होंने पंचायत को आश्वासन दिया कि पंचायत अपनी सहमति और बकाया राशि लिखित में दे, जिसके बाद उन्हें 15 दिन में उनकी राशि दे दी जाएगी। इसके बाद पंचायत ने ताला खोला और लोगों ने भी राहत की सांस ली और अपना काम शुरू किया।