samacharsecretary.com

रेलवे पर बाढ़ का कहर, पंजाब में ठप हुई 30 से अधिक ट्रेनों की आवाजाही

पंजाब  पंजाब में बाढ़ ने तबाही मचाई हुई है। इसी बीच रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। बाढ़ के कारण जम्मू रूट पर चलने वाली ट्रेनें 30 अगस्त को रद्द कर दी गई हैं। इन रूटों में वंदे भारत एक्सप्रेस (26406-05), श्री शक्ति सुपरफास्ट एक्सप्रेस (22462) और अन्य ट्रेनें शामिल हैं। इसके अलावा कुछ ट्रेनों को बीच रास्ते से ही वापस भेजा जा रहा है। इससे यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। रद्द की गई ट्रेनों में शालीमार एक्सप्रेस, भगत दी कोठी-जम्मू तवी एक्सप्रेस, अजमेर जंक्शन, जम्मू तवी पूजा एक्सप्रेस, कानपुर सेंट्रल-जम्मू तवी एक्सप्रेस, नदीम-जम्मू तवी, कोलकाता टर्मिनल जम्मू तवी, जम्मू तवी, हावड़ा जंक्शन जम्मू तवी, नई दिल्ली-माता वैष्णो देवी कटरा, अमृतसर-माता वैष्णो देवी कटरा शामिल हैं। 

बाढ़ पीड़ितों को राहत, मान सरकार ने की विशेष घोषणा

चंडीगढ़  पंजाब के कई जिले इस समय भारी बारिश और बाढ़ की चपेट में हैं। हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार ने राहत कार्यों को तेज़ करते हुए बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं के लिए कई अहम फैसले लिए हैं। बुजुर्गों को वृद्धाश्रम में मिलेगा सुरक्षित आश्रय सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने जानकारी दी कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में फंसे बुजुर्गों को तत्काल बचाकर पास के वृद्धाश्रमों में पहुँचाया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य में फिलहाल 41 वृद्धाश्रम हैं, जिनमें 572 बुजुर्गों के रहने की व्यवस्था है और इस क्षमता को 700 तक बढ़ाया जा सकता है। मानसा में तैयार हुआ नया वृद्धाश्रम पहले से ही चालू कर दिया गया है, जिससे राहत कार्यों में तेजी आ सके। बच्चों के लिए अनाथालय और आंगनवाड़ी केंद्र तैयार सरकार ने यह भी निर्णय लिया है कि बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों के बच्चों को अस्थायी रूप से अनाथालयों और आंगनवाड़ी केंद्रों में रखा जाएगा। यदि कोई बच्चा अपनी माँ के साथ रहना चाहे तो उसके लिए भी विशेष इंतजाम किए जाएंगे। बाढ़ प्रभावित इलाकों में खिचड़ी और दलिया जैसी आसान पचने वाली खाद्य सामग्री पहुंचाई जा रही है। गर्भवती महिलाओं के लिए 'सखी' सेंटर खुलेंगे डॉ. कौर ने बताया कि सभी सरकारी अस्पतालों में चल रहे 'सखी – वन स्टॉप सेंटर' को गर्भवती महिलाओं के लिए खोला जा रहा है, ताकि आपात स्थिति में उन्हें सुरक्षित स्थान मिल सके। साथ ही, महिलाओं को सैनिटरी पैड जैसी बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। सरकार की अपील राज्य सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे राहत कार्यों में सहयोग करें और जरूरत पड़ने पर प्रशासन से संपर्क करें। राहत टीमों को 24 घंटे के लिए सक्रिय रखा गया है।

वाहनों के लिए बड़ी राहत, बिना टैक्स निकली गाड़ियां

पंजाब  भारती किसान यूनियन एकता डकोदा ने गुड़े टोल प्लाजा पर 2 घंटे धरना देकर टोल फ्री किया क्योंकि बीते दिन भारी बारिश के कारण मुल्लांपुर सर्विस रोड़ पर पानी की निकासी न होने के कारण राहगीरों को 2-2 फीट पानी में से गुजरना पड़ रहा था और लोग बहुत परेशान थे। राज्य प्रधान मनजीत सिंह धनेर ने बताया कि पानी और कीचड़ से भरी सड़क पर गहरे खड्डों में गिरते संभलते लोग बहुत मुश्किल से सड़क पार कर रहे हैं। वाहन फंस रहे थे, स्कूली बच्चे गिर रहे थे। उनकी तरफ से लुधियाना मुल्लांपुर ब्लाक कमेटियां के ध्यान में मामला लाने और पड़ताल करने पर पाया गया। अमनदीप सिंह राज्य उपाध्यक्ष की अगुवाई में इक्टठा हुए किसानों ने सुबह 10 बजे से 12 बजे तक गुड़े टोल प्लाजा फ्री कर रोष को व्यक्त किया। इस समय विशेष तौर पर पहुंचे राज्य प्रधान मनजीत सिंह और जिला प्रधान जगतार सिंह देहड़का ने मांग की कि गलोबल मैडीकल सैंटर लुधियाना से लेकर तलवंडी भाई तक फिरोजपुर रोड़ पर 84 किलोमीटर लंबी टोल सड़क का 2 स्थानों से लाखों रूपए टोल उगराही सुभाष चंदरा कंपनी की तरफ से कि जा रही है पर सड़क की मुरम्मत की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। टोल प्लाजा मैनेजर ने एस.एच.ओ. हमराज सिंह, नगर कौंसल मुल्लांपुर के प्रधान जसविंदर सिंह हैप्पी और कौंसलर अमन मुल्लांपुर को सफाई, मुरम्मत करवाने और टोल प्लाजा के उच्च अधिकारियों के साथ मीटिंग का भरोसा देकर सभी मामलों का समाधान करवाने का विश्वास दिलाया। किसान नेता ने चेतावनी दी कि मामलों का जल्द समाधान न होने की सूरत में लंबा समय टोल फ्री कर प्रशासन पर टोल मालिकों का सियापा किया जाएगा। इस समय रजिन्द्र सिंह भनोहड़, प्रधान रणवीर सिंह रूडका, प्रधारन गुरप्रीत सिंह ललतों, प्रधान अजीत सिंह धांधरा, प्रधान हाकम सिंह भटटीयां, सुखदीप सिंह, जगराज सिंह, सतनाम सिंह आदि नेता उपस्थित थे।

केंद्रीय मंत्री अमित शाह से मिले पंजाब राज्यपाल, बाढ़ राहत कार्यों पर हुई चर्चा

पंजाब पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया अपने दो दिवसीय गुवाहाटी (असम) प्रवास के दौरान आज कोइनाधारा गेस्ट हाउस, गुवाहाटी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस अवसर पर राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने गुवाहाटी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जहां चंडीगढ़ नगर निगम हेतु स्वीकृत करोड़ों की अनुदान राशि पर आभार जताया वहीं पंजाब की बाढ़ स्थिति से अवगत कराया। इस मुलाकात के दौरान, राज्यपाल कटारिया ने चंडीगढ़ नगर निगम के लिए हाल ही में स्वीकृत 125 करोड़ रुपए की अनुदान राशि के लिए केंद्रीय गृह मंत्री का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह राशि शहर के बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहायक सिद्ध होगी। राज्यपाल ने केंद्रीय गृह मंत्री को पंजाब में हाल ही में आई बाढ़ की स्थिति की भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति, प्रभावित क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति तथा भविष्य में आवश्यक सहयोग के बारे में भी अवगत कराया। मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय विकास, जनसेवा और आपदा प्रबंधन जैसे विभिन्न विषयों पर भी विचार-विमर्श किया। 

हाई कोर्ट ने गुरुग्राम मेयर के जाति प्रमाण पत्र मामले में उपायुक्त को नोटिस और 30 दिन का समय दिया

गुरुग्राम नगर निगम गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा का जाति प्रमाण पत्र सही है या नहीं, इसकी जांच उपायुक्त करेंगे। यह आदेश पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने फर्जी जाति प्रमाण होने को लेकर डाली गई याचिका पर 25 अगस्त को सुनवाई करते हुए जारी किया है। उपायुक्त को 30 दिनों के भीतर जांच पूरी कर सच्चाई सामने लाने को कहा गया है। साथ ही वादी पक्ष को इस संबंध में हरियाणा सरकार द्वारा बनाई गई स्टेट कमेटी के सामने अपना पक्ष रखने को भी कहा गया है। याचिकाकर्ता यशपाल प्रजापति का आरोप है कि मेयर राजरानी मल्होत्रा ने चुनाव लड़ने के लिए अपनी जाति बदलकर पिछड़ा वर्ग-ए का जाति प्रमाण पत्र बनवाया है। राजरानी मल्होत्रा जाति से पंजाबी जाट खत्री हैं। चुनाव लड़ने के लिए उन्होंने फर्जी तरीके से सुनार दर्शा कर बैकवर्ड क्लास का सर्टिफिकेट जारी करवाया है। प्रजापति ने फर्जी प्रमाण पत्र को रद कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। याचिकाकर्ता ने मेयर पद के लिए कांग्रेस पार्टी से उम्मीदवार रहीं सीमा पाहूजा के ऊपर भी फर्जी जाति प्रमाण पत्र बनवाने का आरोप लगा रखा है। न्यायालय ने यह भी कहा है कि अगर उपायुक्त 30 दिनों में जांच नहीं करते हैं तो याचिकाकर्ता राज्य स्तर की जांच समिति के समक्ष अपील करने के लिए स्वतंत्र है। इधर, जाति प्रमाण पत्र सही है या नहीं, इसकी जांच पूरी होने तक जिला अदालत में भी एक याचिका दायर है। याचिकाकर्ता अधिवक्ता बनवारी लाल का दावा है कि मेयर का जाति प्रमाण पत्र फर्जी है। उनके पास प्रमाण हैं। चुनाव लड़ने के लिए फर्जी प्रमाण बनवाया गया। उनकी मांग है कि जब तक मामले की जांच पूरी नहीं हो जाती है जब तक मेयर को उनके अधिकार से वंचित किया जाए यानी उन्हें काम करने पर रोक लगाई जाए।  

NDRF ने बचाया गुरदासपुर में बाढ़ में फंसे अधिकारी, 15 घंटे तक राहत के लिए इंतजार

गुरदासपुर रावी दरिया में आई बाढ़ के कारण दीनानगर क्षेत्र में आम लोग बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। वहीं, लोगों की मदद के लिए फील्ड में गए कई अधिकारियों और कर्मचारियों को भी भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। ऐसा ही एक मामला सामने आया है जब बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए फील्ड में गए दीनानगर के एसडीएम जसपिंदर सिंह आईएएस और डीएसपी राजिंदर सिंह मिन्हास भी अपनी टीमों के साथ बाढ़ के पानी से घिर गए और अधिकारियों को रावी दरिया के किनारे एक बाढ़ग्रस्त गांव के अंदर रात बितानी पड़ी। जहां से सुबह होने पर दोनों अधिकारियों को उनकी टीम के साथ एनडीआरएफ की टीमों ने रेस्क्यू किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 अगस्त को जब पंजाब के जल संसाधन मंत्री बरिंदर गोयल दीनानगर के बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे तो उनके साथ एसडीएम जसपिंदर सिंह और डीएसपी राजिंदर सिंह मिन्हास भी थे। लेकिन जब कैबिनेट मंत्री बरिंदर गोयल जायजा लेने के बाद वापस लौटे तो दोनों अधिकारी रावी दरिया के धुस्सी तटबंध पर स्थिति और बचाव प्रबंधों का जायजा लेने के लिए आगे बढ़ गए। जब दोनों अधिकारी धुस्सी बांध पर पहुंचे तो रावी दरिया का पानी अभी ज्यादा तेज नहीं था, लेकिन जब अधिकारी शाम करीब 5 बजे गांव झबकरा से दीनानगर लौटने लगे तो दीनानगर जाने वाले सभी रास्ते छह फीट तक पानी से भर गए थे। जिसके बाद बाढ़ में घिरे दोनों अधिकारियों को रावी दरिया के किनारे स्थित गांव झबकरा में रात गुजारनी पड़ी और सुबह होने पर दोनों अधिकारियों को उनकी टीम के साथ एनडीआरएफ की टीमों ने रेस्क्यू किया।

पंजाब बाढ़ में हरसंभव सहायता का भरोसा, नायब सैनी ने लिखा पत्र

पंजाब  पंजाब में लगातार बारिश का कहर जारी है। इसके कारण राज्य के कई जिलों में बाढ़ आ गई है। इसी बीच हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने पंजाब में आई बाढ़ का दुख जताया है और हर संभंव मदद करने का वादा किया है। इस संदर्भ में सीएम सैनी ने पंजाब के सीएम भगवंत मान को पत्र लिखा है। पत्र में सीएम सैनी ने लिखा है कि पंजाब में आई बाढ़ की स्थिति के कारण उत्पन्न कठिनाइयों को जानकर मुझे अत्यंत दुःख हुआ है। इस प्राकृतिक आपदा में हमारे पंजाब के भाई-बहन गहरा कष्ट झेल रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि हरियाणा सरकार और यहाँ की लगभग 2 करोड़ 80 लाख जनता इस कठिन समय में पंजाब के साथ मजबूती से खड़ी है। सीएम सैनी ने पत्र में कहा है कि यदि आपको किसी भी प्रकार की सहायता, राहत सामग्री, बचाव दल, चिकित्सा सेवा या अन्य संसाधनों की आवश्यकता हो, तो कृपया निःसंकोच मुझे सूचित करें। उन्होंने भरोसा जताया कि हर संभव मदद तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी ताकि इस संकट की घड़ी में प्रभावित हर व्यक्ति को शीघ्र राहत मिल सके। 

पंजाब BJP कार्यकारी अध्यक्ष अश्विनी शर्मा के बड़े भाई का निधन

चंडीगढ़  पंजाब भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा को गहरा सदमा लगा है। अश्वनी शर्मा के बड़े भाई राम प्रसाद शर्मा का निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि राम प्रसाद शर्मा 63 वर्ष के थे और पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। पी.जी.आई. में पिछले 15 दिनों से उनका इलाज चल रहा था और पिछले 3 दिनों से वह आई.सी.यू. में भर्ती थे। उनके निधन से अश्वनी शर्मा सहित पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। राम प्रसाद शर्मा का अंतिम संस्कार कल 29 अगस्त  सुबह 11 बजे पठानकोट के सिविल नजदीक श्मशान घाट में किया जाएगा। 

जालंधर में फिर हड़ताल पर नगर निगम कर्मचारी!

जालंधर नगर निगम में आज एक बार फिर सफाई कर्मचारियों और सीवरमैनों ने हड़ताल कर धरना प्रदर्शन किया। यह विरोध पंजाब मजदूर फेडरेशन के प्रधान सनी सहोता की अगुवाई में किया गया। सनी सहोता ने आरोप लगाया कि सीवर की सफाई कर रहे कर्मचारियों को न तो सही वर्दी, न बूट और न ही सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उपकरण न होने से उन्हें काम के दौरान दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान यूनियन की नगर निगम कमिश्नर संदीप ऋषि से बातचीत हुई। इसके बाद कमिश्नर ने आश्वासन दिया कि कर्मचारियों को जल्द ही सभी जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। वहीं हाल ही में हादसे का शिकार हुए सीवरमैन का इलाज बेहतर अस्पताल में कराने का वादा भी किया गया। करीब दो घंटे चली इस हड़ताल को कमिश्नर के आश्वासन के बाद समाप्त कर दिया गया। 

मौजूदा हालात के मद्देनजर पंजाब के लिए BJP की बड़ी रणनीति

पंजाब पंजाब में बाढ़ के खतरे को देखते हुए भाजपा ने बड़ा फैसला लिया है। जानकारी के अनुसार, 'भाजपा के सेवादार आए आप द्वार' अभियान के तहत पंजाब में आयोजित किए जा रहे जन कल्याण शिविरों को स्थगित कर दिया गया है। इस संबंधी जानकारी देते हुए भाजपा पंजाब प्रधान सुनील कुमार जाखड़ ने दी है। जाखड़ ने कहा कि बाढ़ की स्थिति सामान्य होते ही केंद्र सरकार द्वारा गरीबों, बेरोजगारों, किसानों, दलितों, महिलाओं और युवाओं के कल्याण के लिए चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए राज्य भर में फिर से शिविर लगाए जाएंगे। सूत्रों के अनुसार, जाखड़ ने कहा कि पंजाब के हालात को देखते हुए भाजपा के सीनियर नेता और कार्यकर्ता बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर लोगों की समस्याओं को दूर करने और उन्हें हर संभव मदद पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। इसलिए इन समाज कल्याण शिविरों को कुछ समय के लिए स्थगित कर दिया गया है। जैसे ही परिस्थितियां अनुकूल होंगी, ये शिविर फिर से आयोजित किए जाएंगे।