samacharsecretary.com

स्थानीय भाषाओं के संरक्षण के लिए सांस्कृतिक आयोजन महत्वपूर्ण- उप मुख्यमंत्री शुक्ल

विन्ध्य बघेली महोत्सव के आयोजन की सराहना की भोपाल  उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक आयोजन आवश्यक है। इन आयोजनों से हमें अपनी लोकभाषा से परिचित होने का सौभाग्य मिलता है। हमारी बघेली भाषा में जो ममत्व है वह अन्य भाषा में नही। जो व्यक्ति जमीन से जुड़ा होगा उसे अपनी भाषा से ममत्व अवश्य होगा। भाषा में संस्कृति परंपराओं का समावेश होता है। स्थानीय भाषाओं के संरक्षण के लिए सांस्कृतिक आयोजन महत्वपूर्ण हैं। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल कृष्णा राजकपूर आडिटोरियम रीवा में विन्ध्य बघेली ममत्व महोत्सव में शामिल हुए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बघेली को बचाकर रखना होगा और आने वाली पीढ़ी में इसे फैलाना भी होगा। इस प्रकार के आयोजन लोक कलाकारों को मंच प्रदान करते हैं। हमारे यहां प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत है कि कलाकारों को नृत्य, संगीत व नाटक आदि प्रस्तुत करने के लिए मंच प्राप्त हो। उप मुख्यमंत्री ने विन्ध्य बघेली महोत्सव के आयोजन की प्रशंसा की और आयोजकों को बधाई दी। विधायक मनगवां इंजी. नरेन्द्र प्रजापति सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जन व कलाकार उपस्थित रहे।  

अटल प्रतिमा से लेकर आईटीआई तक – चंबल अंचल के सर्वांगीण विकास का रोडमैप तैयार

मुख्यमंत्री ने अंबाह में 21 फीट ऊँची अटल प्रतिमा का किया अनावरण अंबाह-दिमनी विधानसभा क्षेत्र को दी विकास कार्यों की सौगातें दिमनी विधानसभा क्षेत्र में आईटीआई खोलने की घोषणा भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भारत रत्न स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी की 21 फीट ऊँची भव्य प्रतिमा का अनावरण सौभाग्य का क्षण है। “अटल स्मृति संघ, अंबाह की पुण्य भूमि पर आज एक स्वर्णिम अध्याय की शुरुआत हुई है।” मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को मुरैना जिले के अंबाह में 31 लाख रुपये की लागत से निर्मित प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अटल जी की यह प्रतिमा जयश्वर महादेव पार्क में स्थापित की गई है, जहाँ 25 लाख की लागत से जिम और 40 लाख की लागत से लाइटिंग एवं प्लेटफॉर्म का निर्माण कराया गया है। यह प्रतिमा लगभग 200 करोड़ मूल्य की शासकीय भूमि पर स्थापित की गई है। उन्होंने कहा कि अटल जी के नेतृत्व में गांव-गांव तक सड़कों का जाल बिछाया गया। वर्ष 1956 से 2003 तक प्रदेश में केवल 5 मेडिकल कॉलेज थे, जबकि पिछले डेढ़ वर्षों में प्रदेश में 5 नए मेडिकल कॉलेज खोले गए हैं।    शिक्षा के क्षेत्र में सांदीपनि विद्यालयों की स्थापना विकासखंड स्तर पर की जा रही है। इसके अतिरिक्त आईटीआई संस्थान भी खोले जा रहे हैं, जिससे छात्र-छात्राएं पढ़-लिखकर अपने ही जिले में रोजगार प्राप्त कर सकें। इसी क्रम में 500 करोड़ की लागत से ग्राम पिपरसेवा में उद्योग स्थापना हेतु भूमिपूजन किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में सिंचाई के क्षेत्र में भी बड़ी उपलब्धि हासिल की गई है। अब तक सिंचित रकबा 44 लाख हेक्टेयर तक बढ़ाया जा चुका है और पिछले सवा साल में 7.5 लाख हेक्टेयर भूमि अतिरिक्त सिंचित की गई है। सरकार का संकल्प है कि वर्ष 2028 तक प्रदेश में 100 लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित की जाए। उन्होंने कहा कि मुरैना बदलते समय के साथ नवीन स्वरूप में दिखाई देगा। विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार के क्षेत्र में राज्य सरकार पूर्णतः प्रतिबद्ध है। सरकार का लक्ष्य है कि युवाओं को पढ़ाई के बाद अपने ही क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध हो। इसी उद्देश्य से रजौधा में सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण, कॉलेज का भूमिपूजन और पिपरसेवा में उद्योग स्थापना जैसे ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अंबाह एवं गोठ क्षेत्र में भी सांदीपनि विद्यालय शीघ्र ही पूर्ण होंगे। बच्चों को श्रेष्ठ शिक्षा मिले, इसके लिए वे पूरी लगन से अध्ययन करें। विकास कार्यों की सौगात और घोषणाएं मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अंबाह के विकास हेतु 96 लाख की लागत से विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने 1 करोड़ 30 लाख की लागत से फायर ब्रिगेड की स्थापना, 33 करोड़ की लागत से भारत सरकार द्वारा निर्मित नाले के कार्य को तीव्र गति देने तथा एसबीएम योजना के अंतर्गत नगर पालिका क्षेत्र में दूषित जल को नदियों में जाने से रोकने के लिए योजनाबद्ध कार्य योजना बनाने की घोषणा की। 143 करोड़ की लागत से 30.20 किमी लंबी दिमनी नहर मार्ग पर सड़क निर्माण, 52 करोड़ की लागत से 15.50 किमी लंबी बड़ागांव से सिहोनिया तक की सड़क (जिससे 20 गांव लाभान्वित होंगे) तथा एनएच 52 नहर पर 30 किमी लंबी सड़क (पाय का पुरा से किर्रायच तक) निर्माण की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने दिमनी में एक नवीन आईटीआई संस्थान खोलने, सी.आर.एफ. मद से जींगनी-सुरजनपुर नहर से मानपुर चौराहा तक और मिरधान से बाराहेट तक सड़क निर्माण की घोषणा भी की। इस अवसर पर नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला , सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर, महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी, सबलगढ़ विधायक श्रीमती सरला रावत, अंबाह विधायक श्री देवेंद्र सखवार, पूर्व मंत्री श्री मुंशीलाल, पूर्व विधायक श्री सूबेदार सिंह रजौधा, जनपद अध्यक्ष सुश्री मधुरिमा तोमर, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती अंजली जिनेश जैन, समाजसेवी श्री कमलेश कुशवाह सहित नागरिक एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।    

भारत धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक समरसता का देश – मंत्री विजयवर्गीय

सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रदेश में किए जा रहे विकास कार्य: मंत्री श्री चौहान आगर मालवा में हुआ महाराणा प्रताप एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण भोपाल  नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि भारत धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक समरसता का देश है। यहाँ जन्म लेना सौभाग्य है। मंत्री श्री विजयवर्गीय ने ऋषि-मुनियों की महान परम्परा का उल्लेख करते हुए उज्जैन को प्राचीनकाल से कालगणना का केंद्र बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश नई ऊंचाइयों को छू रहा है और वर्ष-2047 तक भारत शांति व प्रेम का संदेश देकर विश्व में नंबर-वन बनेगा। मंत्री श्री विजयवर्गीय ने स्वदेशी सामग्री के महत्व पर जोर देते हुए लोगों से इसका उपयोग करने का आग्रह किया। अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री श्री नागर सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में समाज के अंतिम छोर के व्यक्ति के कल्याण के लिए योजनाएं संचालित हो रही हैं। मंत्री श्री चौहान ने कहा कि महाराणा प्रताप और डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं का अनावरण कर आगर नगर को समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि आगर मालवा के सर्वांगीण विकास के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में विकास कार्य किए जाएँगे। आगर मालवा में रविवार को मंत्री द्वय श्री कैलाश विजयवर्गीय एवं श्री नागर सिंह चौहान ने विजय स्तंभ चौराहा पर 66 लाख रुपये की लागत से निर्मित विजय द्वार और महाराणा प्रताप की प्रतिमा का लोकार्पण किया। साथ ही नेहरू स्मृति वन में 14 लाख रुपये की लागत से निर्मित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण भी किया। कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधि,कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित थे।

राज्यपाल मंगुभाई पटेल गणेशोत्सव में शामिल हुए

राजभवन मंदिर परिसर में हुआ आयोजन भोपाल  राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल  रविवार को राजभवन में आयोजित गणेशोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन राजभवन परिसर के मंदिर प्रांगण में किया गया है। राज्यपाल श्री पटेल ने मंदिर प्रांगण में स्थापित भगवान श्री गणेश की झांकी का अवलोकन किया और भगवान श्री गणेश की आरती की। प्रदेश के विकास और प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि के लिए प्रार्थना की।  

IMD चेतावनी: अगले 14 घंटे में 27 जिलों में भारी से अतिभारी बारिश संभव

भोपाल मध्यप्रदेश में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून ट्रफ के गुजरने के साथ ही साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव होने से प्रदेश का मौसम बिगड़ने वाला है और आने वाले 14 घंटों में 27 जिलों में भारी से अतिभारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। रविवार को मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल भोपाल, शाजापुर, उज्जैन समेत कई जिलों में बारिश हुई है। इन जिलों में भारी से अतिभारी बारिश की चेतावनी मौसम विभाग ने रविवार को अगले 24 घंटों (सोमवार की सुबह 8.30 बजे) तक के लिए जो ताजा बुलेटिन जारी किया है उसमें प्रदेश के 27 जिलों में भारी से अतिभारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने मुरैना और श्योपुर जिलों अतिभारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है वहीं रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, भिंड, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, पांढुर्ना जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।   मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बीते 24 घंटों में इंदौर संभाग के अधिकांश स्थानों पर बारिश दर्ज की गई है इसके साथ ही नर्मदापुरम, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल संभाग के जिलों में अनेक स्थानों पर, भोपाल संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर और रीवा, जबलपुर, शहडोल संभाग के जिलों में कहीं कहीं पर बारिश दर्ज हुई है। 2 सितंबर को बनेगा नया सिस्टम ! मौसम विभाग की मानें तो वर्तमान में मानसून ट्रफ बीकानेर, अजमेर, गुना, दमोह से रायपुर होते हु पूर्व दक्षिण पूर्व की ओर मध्य बंगाल की खाड़ी तक विस्तर है। इसके साथ ही एक ऊपरी हवा का साइक्लोनिक सर्कुलेशन उत्तर पश्चिम मध्यप्रदेश और निकटवर्ती क्षेत्रों में सक्रिय है। एक अन्य चक्रवातीय परिसंचरण राजस्थान के मध्य भागों पर सक्रिय है और 2 सितंबर के आसपास उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।

अस्पताल तक नहीं पहुंची एंबुलेंस, महिला ने सड़क पर ही जन्मा दिया बच्चा

विदिशा जिले के शमशाबाद तहसील क्षेत्र के बरखेड़ा जागीर में शनिवार रात को डिलीवरी के लिए अस्पताल जा रही एक महिला ने रास्ते में ही बच्चे को जन्म दे दिया। जानकारी के अनुसार गांव की 27 वर्षीय ममता बाई पति छगन सिंह बंजारा को प्रसव पीड़ा हुई तो ससुराल वाले उन्हें गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने निकले, लेकिन गांव का उप स्वास्थ्य केंद्र बंद मिला। इसके बाद महिला का पति और ससुर उसे मोटरसाइकिल से 15 किलोमीटर दूर शमशाबाद अस्पताल लेकर जा रहे थे। तभी रास्ते में गिरधर मार्केट पहुंचते ही महिला को तेज दर्द हुआ और वहीं प्रसव हो गया। आसपास मौजूद नागरिकों ने मदद कर एक लोडिंग वाहन की व्यवस्था की और मां-बच्ची को शमशाबाद के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल दोनों स्वस्थ हैं।   स्वास्थ्य केंद्र में लगे थे ताले, नहीं मिली मदद महिला के ससुर घीसा लाल बंजारा ने बताया कि रात में उनकी बहू को दर्द शुरू होने के बाद वह तुरंत गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां गेट पर ताला लगा हुआ था। पास के सरकारी क्वार्टर में रहने वाली सफाई कर्मी ने कहा कि अस्पताल बंद है आप शमशाबाद लेकर चले जाओ। घीसालाल ने कहा कि हमने उनसे एम्बुलेंस बुलाने या नंबर देने को कहा लेकिन नंबर भी नहीं दिया गया। जब रास्ते में डिलीवरी हो गई तब शमशाबाद का अस्पताल 2 किलोमीटर दूर था। वह मोटरसाइकिल से अस्पताल पहुंचे। वहां की स्टाफ नर्स से एक वाहन उपलब्ध कराने की मांग की, लेकिन स्टाफ नर्स ने भी मदद नहीं की। हमसे कहा गया कि अपनी व्यवस्था से मां और बच्ची को अस्पताल लेकर आ जाओ। तब जाकर वहां एक लोडिंग वाहन मिला, जिस पर मां और बच्ची को अस्पताल पहुंचाया। स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ को दिया नोटिस मामला सामने आने के बाद रविवार सुबह शमशाबाद तहसीलदार प्रेमलता पाल ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरखेड़ा जागीर का निरीक्षण किया। इस दौरान कर्मचारियों को 24 घंटे अस्पताल में रहने के निर्देश दिए, वही ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर नीतू राय ने स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

रोड एक्सीडेंट में दमोह के GRP ASI की मौत, तेज बस ने मारी टक्कर

दमोह शहर के क्रिश्चियन कॉलोनी क्षेत्र में रहने वाले जीआरपी सहायता केंद्र दमोह के प्रभारी महेश कोरी की रविवार सुबह करीब 9 बजे सड़क हादसे में मौत हो गई। एएसआई कोरी सुबह अपनी ड्यूटी पर वारंट तामील के लिए बाइक से निकले थे। शहर के बीचों बीच जबलपुर से सागर जाने वाले मुख्य मार्ग पर किल्लाई नाका चौराहे के पास एक यात्री बस चालक ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। अस्पताल में हुई मौत हवा में उछलकर करीब 15 फीट दूर गिरे एएसआई गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया जहां ड्यूटी डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। खबर मिलते ही कोतवाली टीआई मनीष कुमार मौके पर पहुंचे और उन्होंने मृतक एएसआई कोरी के परिजनों को सूचना दी।   परिजनों ने कहा- प्रशासन करे कड़ी कार्रवाई एएसआई महेश कोरी के भाई लखन कोरी ने बताया कि वह सुबह करीब 8 बजे घर से निकले और सड़क पर पहुंचते ही यह हादसा हो गया। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि शहर के भीतर तेज रफ्तार बसों पर नियंत्रण किया जाए। इस मार्ग पर कई स्कूल है जहां बच्चों का आवागमन होता रहता है। प्रशासन को कड़े फैसले लेकर इस लापरवाही पर प्रतिबंध लगाना चाहिए, ताकि हमारे परिवार की तरह किसी और दूसरे के परिवार को इस तरह का दुख ना झेलना पड़े। आरोपी चालक की तलाश जारी कोतवाली टीआई ने बताया कि बस को जब्त कर लिया गया है। आरोपी चालक फरार हो गया है उसकी तलाश की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। घटना की सूचना मिलने के बाद दमोह पहुंचे सागर जीआरपी एसआई एच एल चौधरी ने बताया कि कल ही उन्होंने एएसआई को स्थाई वारंट के नोटिस तामील करने के निर्देश दिए थे और वह उस ड्यूटी को निभाने के लिए निकले थे तभी यह हादसा हो गया और उनकी दुखद मौत हो गई।

ठगों का शिकार हुआ MP का व्यापारी, सोने के नाम पर पीतल की माला और 7 लाख की चोरी

जबलपुर विजय नगर थाना क्षेत्र निवासी एमपीईबी के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी को दो युवकों ने सोना बताकर पीतल की गुरिया वाली माला पकड़ाया। उसे गिरवीं रखने का बोलकर बदले में मिले लिए सात लाख रुपये हड़प लिए। आरोपितों ने ठगी से पहले सेवानिवृत्त कर्मी को विश्वास में लिया। फिर धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम दिया। कर्मचारी को ठगों ने ऐसे फंसाया एकता नगर निवासी प्रकाश नारायण दुबे (64) एमपीईबी के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। उनके घर में कॉस्टमेटिक की दुकान है। वह भी खाली समय पर दुकान में बैठते है। 25 जुलाई को जब वह दुकान में थे, दो युवक पहुंचे। दोनों ने उसने बातचीत की। दुकान से कुछ सामान खरीदा और चले गए। अगले दिन दोनों फिर युवक पहुंचे। सेवानिवृत्त कर्मी से जान पहचान बढ़ाई और चले गए।  27 जुलाई को सेवानिवृत्त कर्मी जब दुकान पर थे, दोनों युवक फिर पहुंचे। इस पर उनके पास में सोने की दो गुरिया थी। बोले कि उनकी मां अस्वस्थ्य है। उन्हें उपचार के लिए रुपये चाहिए है। सेवानिवृत्त कर्मचारी ने जांचा तो दोनों गुरिया सोने की थी। उसने बदले में रुपये उधार दे दिए। ऐसा करके दोनों शातिर युवकों ने सेवानिवृत्त कर्मी पर विश्वास जमा लिया। सोना बताकर थमाई पीतल की माला एक अगस्त को फोन कर बताया कि मां को इलाज के लिए बाहर लेकर जाना पड़ रहा है। उनके पास में 15 तोला सोना है। उसे गिरवीं रखकर रुपये लेना है। सात लाख रुपये की आवश्यकता होना बताया। 15 तोला सोना गिरवीं रखकर बदले में सात लाख रुपये देने को सेवानिवृत्त कर्मी तैयार हो गया। तब दोनों युवकों ने उसे दीनदनयाल चौक अंतरराज्यीय बस अड्डा के प्रवेश द्वार के पास रुपये लेकर बुलाया। वह जैसे ही पहुंचे उनसे रुपये लेकर सोने जैसे दिखने वाली गुरिया की एक माला थमा दिया। जिसे घर में आकर जांचा तो वह पीतल की निकली। पुलिस ने जांच के बाद शुक्रवार की रात को एफआईआर पंजीबद्ध किया है। सीसीटीवी फुटेज देखकर दोनों आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में की मध्यप्रदेश की मिनी ब्राजील विचारपुर फुटबॉल टीम व वॉटर स्पोर्ट्स टीम की सराहना

मंत्री सारंग ने जताया आभार, कहा- प्रदेश के खिलाड़ियों को मिलेगी वैश्विक पहचान भोपाल  प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 125वें संस्करण में मध्यप्रदेश की 'मिनी ब्राजील' विचारपुर फुटबॉल टीम और वॉटर स्पोर्ट्स टीम की उपलब्धियों की सराहना की। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने प्रदेश के खिलाड़ियों की सराहना किए जाने पर आभार व्यक्त किया। मंत्री श्री सारंग ने कहा कि यह हम सबके लिए गर्व का क्षण है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने दो वर्ष पूर्व ‘मन की बात’ (30 जुलाई 2023) में शहडोल जिले के विचारपुर ग्राम को ‘मिनी ब्राजील’ के रूप में उल्लेखित किया था। आज वही फुटबॉल क्रांति विश्वस्तर पर स्थापित हो रही है। प्रधानमंत्री द्वारा पॉडकास्ट में विचारपुर टीम का उल्लेख किए जाने के बाद जर्मनी के प्रतिष्ठित फुटबॉल क्लब FC Ingolstadt 04 ने विचारपुर के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण का अवसर प्रदान करने की इच्छा व्यक्त की है। यह न केवल मध्यप्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए गौरव की बात है। मंत्री श्री सारंग ने बताया कि जर्मनी के फुटबॉल क्लब ने विचारपुर ग्राम के 2 बालक, 2 बालिका एवं 1 प्रशिक्षक को 4 से 12 अक्टूबर तक जर्मनी आमंत्रित किया है, जहां उन्हें प्रशिक्षण एवं सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह अवसर विचारपुर के खिलाड़ियों के भविष्य को नई दिशा देगा और प्रदेश की खेल प्रतिभा की वैश्विक पहचान बनेगा। मंत्री श्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी का छोटे-छोटे विषयों को गंभीरता से लेना और आदिवासी अंचलों की प्रतिभाओं को मंच देना अत्यंत उत्साहवर्धक है। प्रधानमंत्री का यह दृष्टिकोण न केवल खिलाड़ियों को प्रेरित करता है बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा भी प्रदान करता है। प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा मध्यप्रदेश की वॉटर स्पोर्ट्स टीम की प्रशंसा पर भी प्रसन्नता व्यक्त की। प्रथम खेलो इंडिया वॉटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल, श्रीनगर में मध्यप्रदेश ने 10 स्वर्ण, 3 रजत और 5 कांस्य पदक सहित कुल 18 पदक जीतकर प्रथम स्थान प्राप्त किया था। इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री श्री मोदी ने खिलाड़ियों को बधाई दी। मंत्री श्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी की यह बधाई हमारे लिए ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत है। मध्यप्रदेश में वॉटर स्पोर्ट्स और फुटबॉल जैसे खेलों को बढ़ावा देने के लिए हम निरंतर कार्य कर रहे हैं। विचारपुर और हमारे खिलाड़ियों को विश्व स्तर पर पहचान मिलना हम सबके लिए अत्यंत गर्व का क्षण है।  

वॉटर स्पोर्ट्स शो में खिलाड़ियों ने बड़े तालाब में दिखाये करतब

भोपाल  राष्ट्रीय खेल दिवस के अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय खेल महोत्सव का समापन रविवार को राजधानी भोपाल में फिट इंडिया साइकिल रैली और वॉटर स्पोर्ट्स शो के साथ हुआ। साइकिल रैली का नेतृत्व सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने किया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा भारतीय खेल प्रधिकरण भोपाल शाखा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित साइकिल रैली का शुभारंभ वीआईपी रोड स्थित राजाभोज प्रतिमा से हुआ, जिसमें हजारों की संख्या में साइकिलिस्टों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली वीआईपी रोड होते हुए लेक व्यू स्थित वॉटर स्पोर्ट्स अकादमी तक पहुँची। पूरे मार्ग में फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और अनुशासन का संदेश जन-जन तक पहुँचाया गया। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने पूरे देश को फिट इंडिया मूवमेंट का आहवान किया था और उनका मंत्र है “फिट इंडिया से ही हिट इंडिया होगा”। “संडे ऑन साइकिल” कार्यक्रम ने उसी संदेश को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि तीन दिवसीय इस खेल महोत्सव के दौरान पूरा प्रदेश खेलमय हो गया और राजधानी भोपाल ने इस आयोजन के माध्यम से पूरे देश को स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया है। मंत्री श्री सारंग ने साइकिल राइडर एसोसिएशन को बधाई देते हुए कहा कि साइकिल चलाना केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि यह हमारी जीवनशैली में अनुशासन और संतुलन लाने वाला साधन है। प्रदेश में हम साइकलिंग को और बढ़ावा देने के लिये सार्थक प्रयास करेंगे। साइकिल रैली के समापन पर वॉटर स्पोर्ट्स अकादमी में भव्य जल क्रीड़ा गतिविधियों का आयोजन हुआ। यहाँ खिलाड़ियों ने बड़े तालाब में अपने खेल कौशल का रोमांचक प्रदर्शन किया। कायकिंग, कैनोइंग, स्लैलम और सेलिंग जैसी प्रतियोगिताओं ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने राजधानी में खेल महोत्सव के समापन को यादगार बना दिया और यह आयोजन लंबे समय तक खेल प्रेमियों की स्मृतियों में अंकित रहेगा। इस अवसर पर भोपाल सांसद श्री आलोक शर्मा, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक श्री राकेश गुप्ता, उप निदेशक श्री बी.एस. यादव, भारतीय खेल प्राधिकरण के मध्य क्षेत्रीय केन्द्र भोपाल के क्षेत्रीय निदेशक श्री अभिषेक सिंह चौहान सहित विभागीय अधिकारी, खेल संगठन और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।