samacharsecretary.com

ठंड ने बढ़ाई कंपकंपी: जयपुर संभाग में शीत लहर की चेतावनी जारी

जयपुर उत्तर भारत में हुई बर्फबारी का असर अब राजस्थान में दिखने लगा है। राज्य में मौसम तेजी से बदल रहा है और सर्दी ने दस्तक दे दी है। पिछले कुछ दिनों से कई शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। रविवार को सीकर और टोंक में शीतलहर चली, जबकि फतेहपुर में न्यूनतम तापमान सबसे कम 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4 से 5 दिनों तक राज्य में सर्दी स्थिर रहेगी और तापमान में कोई बड़ा उतार-चढ़ाव नहीं होगा। दिन में आसमान साफ रहेगा और धूप निकलेगी, लेकिन सुबह-शाम ठंडी हवाओं के साथ तेज सर्दी महसूस होगी। पिछले 24 घंटे में पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहा। बाड़मेर, जोधपुर, बीकानेर और चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री बाड़मेर में रहा, जबकि जयपुर में 29 और कोटा में 29.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, उत्तरी हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के आसपास ऊपरी हवा में एक हल्का चक्रवाती तंत्र बना हुआ है, जिससे ठंडी हवाओं का असर थोड़ा कमजोर हुआ है। इस कारण राजस्थान में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है। जयपुर मौसम केंद्र का कहना है कि आज जयपुर, अजमेर संभाग में कहीं-कहीं शीतलहर चलने की संभावना है। बीते 24 घंटों में राजस्थान का तापमान राजस्थान में 9 नवंबर को सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 33.6 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान फतेहपुर में 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अजमेर का अधिकतम तापमान 29.7 और न्यूनतम 10.4, वनस्थली (टोंक) 30.1 और 9.9, अलवर 27.4 और 9, जयपुर 29 और 13.8, पिलानी 29.7 और 10.2, सीकर 27.5 और 7.5, कोटा 29.1 और 15, चित्तौड़गढ़ 30.3 और 11.4, उदयपुर 28.8 और 11.3, जैसलमेर 31.7 और 14.7, जोधपुर 31.5 और 12.2, बीकानेर 31.3 और 14.6, चूरू 30.5 और 9.7, गंगानगर 29.4 और 12.1, नागौर 30.8 और 8, बारां 28.1 और 10.3, हनुमानगढ़ 29.3 और 14.5, जालौर 31.8 और 11.2, सिरोही 29.6 और 8.8, फतेहपुर 30.5 और 7, करौली 28.2 और 9.5, दौसा 29.7 और 8.6, जबकि झुंझुनूं का तापमान 28.5 अधिकतम और 10.5 न्यूनतम दर्ज हुआ।

लोकतंत्र के महापर्व की शुरुआत: प्रशिक्षण केंद्रों से मतदान टीमें बूथों की ओर रवानगी पर

जयपुर/बारां अंता विधानसभा उपचुनाव 2025 के तहत 11 नवंबर को मतदान होगा। स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने की तैयारी के बीच सोमवार को मतदान दल अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगे। इसके लिए प्रशासन ने सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। अंता विधानसभा क्षेत्र में कुल 268 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान दलों की रवानगी से पहले उन्हें राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंता के मैदान में अंतिम प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण स्थल पर एक बड़ा पंडाल तैयार किया गया है ताकि सभी दलों को आवश्यक दिशा-निर्देश एक साथ दिए जा सकें। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने बताया कि सुबह 8 बजे से प्रशिक्षण के बाद इन्हें पोलिंग बूथों के लिए रवाना किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान मतदान दलों को मतदान दिवस पर किए जाने वाले कार्यों, नियमों, सावधानियों और आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई है। इसके बाद दलों को मतदान सामग्री सौंपी दी गई है और पुलिस बल, वीडियोग्राफर व माइक्रो ऑब्जर्वर के साथ निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जा रहा है। मतदान दलों के लिए हेल्प डेस्क महाजन ने बताया कि निर्वाचन विभाग ने स्वतंत्र और भयमुक्त माहौल में मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रशिक्षण स्थल पर मतदान दलों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। प्रशिक्षण के दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक और जिला स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। इस बीच, उपचुनाव के तहत चुनावी प्रचार का शोर रविवार शाम 6 बजे थम गया। मतदान समाप्ति से 48 घंटे पूर्व लागू साइलेंस पीरियड के दौरान अब किसी भी प्रकार की सार्वजनिक सभा, जुलूस, टेलीविजन या सोशल मीडिया पर प्रचार-प्रसार पर प्रतिबंध रहेगा। लाउडस्पीकर से प्रचार भी वर्जित कर दिया गया है। बाहरी नेताओं को छोड़ना होगा अंता निर्वाचन नियमों के अनुसार, इस अवधि में कोई भी राजनीतिक व्यक्ति जो उस क्षेत्र का मतदाता, अभ्यर्थी, सांसद या विधायक नहीं है, वह अब अंता विधानसभा क्षेत्र में ठहर नहीं सकेगा। जिला प्रशासन और पुलिस ने इस संबंध में सख्त निगरानी व्यवस्था लागू कर दी है ताकि चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष माहौल में संपन्न हो सके।  

15 मौतों पर सुप्रीम कोर्ट का संज्ञान: हादसे पर NHAI व राज्य सरकार को नोटिस

 राजस्थान सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को राजस्थान के फलौदी में हुए दर्दनाक सड़क हादसे, जिसमें 15 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए, पर स्वतः संज्ञान लिया। न्यायमूर्ति जे.के. माहेश्वरी और न्यायमूर्ति विजय विश्नोई की पीठ ने राजमार्गों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को निर्देश दिया कि वह दो सप्ताह के भीतर विस्तृत स्थिति रिपोर्ट दाखिल करें, जिसमें राजस्थान के राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्थित ढाबों और अन्य स्थापनाओं की संख्या एवं स्थिति का ब्योरा दिया जाए। इसके साथ ही अदालत ने सड़क की स्थिति के संबंध में भी रिपोर्ट तलब की। पीठ ने वरिष्ठ अधिवक्ता ए.एस. नाडकर्णी को मामले में न्याय मित्र नियुक्त किया और निर्देश दिया कि राजस्थान के मुख्य सचिव को पक्षकार के रूप में शामिल किया जाए, ताकि वे मामले में स्थिति रिपोर्ट दाखिल करें। राजस्थान सरकार की ओर से उपस्थित अतिरिक्त महाधिवक्ता शिव मंगल शर्मा ने अदालत को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार पूर्ण सहयोग करेगी और इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर न्यायालय की हर प्रकार से सहायता करेगी। अदालत ने इसके अतिरिक्त आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम में हुए समान सड़क हादसे का भी संज्ञान लिया और निर्देश दिया कि आंध्र प्रदेश के मुख्य सचिव को भी पक्षकार बनाया जाए, ताकि राष्ट्रीय राजमार्ग सुरक्षा और सड़क किनारे ढांचों के नियमन के लिए एक समन्वित नीति और दृष्टिकोण अपनाया जा सके।

सर्द हवाओं का असर: राजस्थान में सर्दी ने दी जोरदार दस्तक

जयपुर उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के असर से राजस्थान में सर्दी ने रफ्तार पकड़ ली है। अलवर, उदयपुर और झुंझुनूं सहित 12 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। अलवर, उदयपुर और झुंझुनूं में सीजन की सबसे ठंडी रात रही, जबकि बारां और करौली में पहली बार तापमान 10 डिग्री से नीचे गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक राज्य में मौसम शुष्क और ठंडा रहेगा। सीकर में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। फतेहपुर में 7.4, दौसा में 7.7, अजमेर में 8.1, अलवर में 8.5, सिरोही में 8.1, उदयपुर में 9.5 और करौली में 9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। शेखावाटी और आसपास के जिलों में उत्तरी हवाओं का असर सबसे ज्यादा है, जिससे तापमान सामान्य से 3 से 9 डिग्री तक नीचे आ गया है। अजमेर में तापमान सामान्य से 9.2 डिग्री, सीकर में 7.1 और जोधपुर में 4.4 डिग्री नीचे दर्ज हुआ। दिन में आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने से अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी हुई। सिरोही में दिन का तापमान 31.5 डिग्री, जालोर में 31.8, जैसलमेर में 32.4 और बाड़मेर में 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। राजधानी जयपुर में रात का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री और दिन का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा।  वहीं पिलानी, उदयपुर और वंशस्थली में तापमान 9.5 से 10.2 डिग्री के बीच रहा। बाड़मेर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां दिन का तापमान 33.8 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री दर्ज किया गया। जैसलमेर में अधिकतम तापमान 32.4, बीकानेर और जोधपुर में 31.3, चूरू में 30.8, गंगानगर में 30.1 और चित्तौड़गढ़ में 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक आसमान साफ रहेगा और दिन में धूप के कारण हल्की राहत रहेगी, लेकिन रात और सुबह के समय ठंड का असर और तेज होगा। मौसम केंद्र जयपुर ने बताया कि अगले सप्ताह राज्य में तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, हालांकि सुबह और रात में ठंड का असर और बढ़ेगा।

सरकारी टीचर बनने का सुनहरा मौका, RPSC ने निकाली बंपर भर्ती

जयपुर  राजस्थान में सरकारी स्कूलों में शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए शानदार अवसर आया है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSMSSB), जयपुर ने प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के शिक्षकों की भर्ती का बड़ा नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के तहत कुल 7000 से अधिक पदों पर नियुक्ति की जाएगी। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 7 नवंबर से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 6 दिसंबर 2025 तक आवेदन कर सकते हैं। भर्ती का पूरा विवरण बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट पर उपलब्ध है। पदों का विवरण प्राथमिक शिक्षक (कक्षा 1 से 5): संस्कृत और सामान्य शिक्षा विभाग के लिए भर्ती उच्च प्राथमिक शिक्षक (कक्षा 6 से 8): संस्कृत, हिंदी, अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान, गणित और विज्ञान विषयों के लिए वैकेंसी शैक्षणिक योग्यता प्राथमिक शिक्षक (कक्षा 1–5): किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से कम से कम 50% अंकों के साथ उच्चतर माध्यमिक परीक्षा या इसके समकक्ष उत्तीर्ण। साथ में प्रारंभिक शिक्षा में 2 वर्षीय डिप्लोमा (D.El.Ed) अनिवार्य। संस्कृत शिक्षक के लिए वरिष्ठ उपाध्याय या समकक्ष पारंपरिक संस्कृत परीक्षा भी मान्य होगी। उच्च प्राथमिक शिक्षक (कक्षा 6–8): विषयानुसार स्नातक (Graduation) के साथ 2 वर्षीय डिप्लोमा इन एलीमेंटरी एजुकेशन, बीएड, बीएलएड, बीएससी एड या एमएड आवश्यक। संस्कृत अध्यापक के लिए पारंपरिक संस्कृत परीक्षा के साथ प्रारंभिक शिक्षा में द्विवर्षीय डिप्लोमा जरूरी। सभी आवेदकों को राजस्थान पात्रता परीक्षा (REET) उत्तीर्ण होना चाहिए। आवेदन शुल्क सामान्य / ओबीसी / बीसी वर्ग: ₹600 एससी / एसटी / पीएच / ओबीसी (नॉन-क्रीमीलेयर): ₹400 आवेदन प्रक्रिया उम्मीदवार राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन फॉर्म भर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 6 दिसंबर तय की गई है।

जेल से बाहर आएंगे आसाराम? कोर्ट ने स्वास्थ्य कारणों पर दी अंतरिम जमानत

जोधपुर यौन शोषण के आरोपी आसाराम को मेडिकल ग्राउंड पर छह महीने की जमानत मिल गई है। जमानत मंजूर होने के बाद वे जोधपुर स्थित अपने आश्रम पहुंचे, जहां उनके अनुयायियों में खुशी की लहर दौड़ गई। आसाराम की वापसी की खबर मिलते ही राजस्थान समेत कई राज्यों से श्रद्धालु जोधपुर पहुंचे। आश्रम परिसर में भक्ति कार्यक्रमों की पुनः शुरुआत हुई, जहां श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन किए और “हरिओम हरिओम” के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। आश्रम में माहौल पूरी तरह धार्मिक रहा, वहीं पुलिस प्रशासन सतर्क नजर आया। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए। एसीपी आनंद सिंह और थाना प्रभारी शकील अहमद की टीम ने हालात पर लगातार निगरानी रखी। इसके अलावा, बोरानाडा थाने के एसआई हैम सिंह के नेतृत्व में जाब्ता तैनात किया गया है, जो आश्रम परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा सुनिश्चित कर रहा है। प्रशासन ने बताया कि आसाराम के स्वास्थ्य की स्थिति को ध्यान में रखते हुए उन्हें सीमित समय तक ही सार्वजनिक रूप से मिलने-जुलने की अनुमति दी गई है।

सावधान! जालंधर-जम्मू नेशनल हाईवे पर बढ़ी परेशानी, निकलने से पहले देखें अपडेट

भोगपुर जालंधर-जम्मू नेशनल हाईवे पर पड़ते भोगपुर शहर में पिछले लंबे समय से ट्रैफिक समस्या से जूझ रहा है। हर रोज शहर में लगते लंबे ट्रैफिक जाम से शहरवासी परेशान हैं परंतु पुलिस और सिविल प्रशासन लोगों कि इस समस्या से बिल्कुल बेखबर हैं। सनद रहे कि चीनी मिल के चालू होने पर जब गन्नों की ट्रालियां सड़क पर आएंगी तो यह समस्या और गंभीर हो सकती है, जिसका हल पुलिस और सिविल प्रशासन को समय रहते कर लेना चाहिए। भोगपुर शहर में लगते हर रोज लंबे ट्रैफिक जाम का मुख्य कारण चार लेन नेशनल हाईवे के दोनों तरफ कथित तौर पर गलत तरीकों से गाड़ियों की पार्किंग होना है, जिसके कारण चार लेन नेशनल हाईवे के केवल 2 मार्ग ही ट्रैफिक के लिए उपलब्ध रहते हैं, जबकि 2 मार्ग गाड़ियों की कथित तौर पर पार्किंग के लिए इस्तेमाल किए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि नेशनल हाईवे के बीच पार्किंग की जाती गाड़ियां सारा दिन ही खड़ी रहती है, जिस वजह से ट्रैफिक जाम होने से शहर में लंबा जाम लग जाता है। वहीं ट्रैफिक को सुचारू करने के लिए कहीं भी कोई पुलिस मुलाजिम कोशिश करता हुआ नजर नहीं आता है। ट्रैफिक जाम में फंसे लोग परेशानी के कारण प्रशासन को कोसते रहते हैं। कई बार इस ट्रैफिक जाम में गंभीर हालातों में मरीजों को लेकर जा रही एंबुलेंस भी फंस जाती हैं। वहीं शहर की ट्रैफिक समस्या की ओर पुलिस और सिविल प्रशासन को जल्द दूर करने के लिए कदम उठाने चाहिए, ताकि आम जनता को इस गंभीर समस्या से निजात मिल सके।

भयंकर सड़क हादसा: दिल्ली-मुंबई सुपर एक्सप्रेसवे पर कार कई बार पलटी, चार घायल, एक की मौत

अलवर दिल्ली-मुंबई सुपर एक्सप्रेस-वे पर रात करीब ढाई बजे तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पलट गई, जिससे ड्राइवर कप्तान निवासी धमरेड राजगढ़ की मौत हो गई। वहीं दो गंभीर घायलों को जयपुर रेफर किया गया है। स्कॉर्पियों में कुल पांच लोग सवार थे। हादसा अलवर जिले में लक्ष्मणगढ़ के पास चैनल नंबर 122 के पास का है। अलवर के राजगढ़ निवासी जितेंद्र ने तीन दिन पहले ही नई स्कॉर्पियों खरीदी थी। जिसे मॉडिफाई कराने के लिए दिल्ली गए थे। दिल्ली से लौटते समय लक्ष्मणगढ़ के पास चैनल नंबर 122 के पास तेज धमाके के साथ स्कॉर्पियो पलटती चली गई। रफ्तार इतनी तेज थी कि स्कॉर्पियो सात बार पलटी खाकर चकनाचूर हो गई। पलटने से घायल कुल चार लोग घायल हुए हैं। घायलों के परिजन मुकुट और शक्ति ने बताया कि धर्मेंद्र पुत्र पप्पूराम जागा निवासी राजगढ़, जितेंद्र पुत्र पप्पूराम जागा वार्ड नंबर 6 निवासी राजगढ़, राकेश पुत्र जगदीश निवासी राजगढ, डेनी पुत्र पप्पूराम निवासी राजगढ़ घायल हुए हैं। मृतक कप्तान धमरेड़ राजगढ़ का निवासी था, जो कार बाजार में काम करता है। जितेंद्र और धर्मेंद्र दोनों सगे भाई हैं। ये भी कार बाजार में काम करते हैं। डेनी और धर्मेंद्र को गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया है। जितेंद्र और जगदीश का अलवर में इलाज जारी है। मृतक के शव को लक्ष्मणगढ़ सीएचसी की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। दो घायलों को अलवर से जयपुर रेफर कर दिया। एक का अलवर जिला अस्पताल में इलाज जारी है। अलवर के राजगढ़ निवासी जितेंद्र ने कुछ दिन पहले ही नई स्कॉर्पियों खरीदी थी। जिसे मॉडीफाई कराने के लिए दिल्ली गए थे। दिल्ली से लौटते समय लक्ष्मणगढ़ के निकट चैनल नंबर 122 के पास तेज धमाके के साथ कार पलटती चली गई। इतनी तेज रफ्तार में पलटी कार चकना चूर हो गई। कार की पूरी बॉडी मुरझा गई। हादसे का कारण कार का अचानक बैलेंस बिगड़ना बताया गया है। अब पुलिस मामले की जांच करने में लगी है। घायलों में धर्मेन्द्र पुत्र पप्पूराम जागा उम्र 26 साल निवासी राजगढ़, जितेंद्र पुत्र पप्पूराम जागा वार्ड नंबर 6 निवासी राजगढ़, राकेश पुत्र जगदीश उम्र 21 साल निवासी राजगढ़, डेनी पुत्र पप्पूराम उम्र 30 साल निवासी राजगढ़ शामिल हैं।  

राजस्थान के विद्यार्थी साल में दो बार दे सकेंगे बोर्ड परीक्षा, शिक्षा मंत्री का ऐलान

कोटा कोटा जिले के दौरे पर मौजूद शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने घोषणा की कि माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान, अजमेर अगले सत्र से विद्यार्थियों को सत्र में दो बार बोर्ड परीक्षा का अवसर प्रदान करेगा। शिक्षा मंत्री दिलावर ने कहा कि माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति- 2020 के प्रावधानों के अनुसार अगले सत्र से दो बार बोर्ड परीक्षा ली जाएगी। सभी विद्यार्थियों के लिए प्रथम बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होना अनिवार्य होगा, जबकि उत्तीर्ण विद्यार्थियों को समस्त विषयों में से किन्हीं तीन विषयों में द्वितीय अवसर परीक्षा में अपने प्रदर्शन में सुधार करने की अनुमति दी जाएगी। पूरक योग्य घोषित विद्यार्थियों को भी अधिकतम तीन विषयों में द्वितीय अवसर परीक्षा में अपने प्रदर्शन सुधारने की अनुमति दी जाएगी, जिसमें पूरक विषय सम्मिलित रहेंगे। यदि कोई विद्यार्थी प्रथम परीक्षा में अनुत्तीर्ण रहता है तो उसे भी द्वितीय अवसर परीक्षा में अनुत्तीर्ण विषयों के प्रदर्शन में सुधार करने की अनुमति दी जाएगी। यदि विद्यार्थी इस द्वितीय अवसर परीक्षा में किसी विषय में अनुत्तीर्ण रहता है तो ऐसे विद्यार्थियों को आवश्यक पुनरावृत्ति श्रेणी में रखा जाएगा और वे केवल अगले वर्ष फरवरी माह में मुख्य परीक्षा में ही सम्मिलित हो सकेंगे। शिक्षा मंत्री ने बताया कि वर्ष में एक बार मुख्य परीक्षा फरवरी-मार्च में आयोजित की जाएगी। उसके परिणाम की घोषणा के बाद इसी सत्र में दूसरी परीक्षा मई-जून में आयोजित की जाएगी। जिसे 'द्वितीय अवसर परीक्षा' नाम दिया जा सकता है। दोनों परीक्षाएं उस वर्ष के पूर्ण पाठ्यक्रम पर आधारित होगी तथा अध्ययन योजना और परीक्षा योजना सामान रहेगी। मुख्य परीक्षा में अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थी को सक्षम अधिकारी के चिकित्सा प्रमाण पत्र/संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक मुख्यालय द्वारा जारी प्रमाण पत्र के आधार पर ही द्वितीय अवसर परीक्षा में प्रवेश की अनुमति दी जा सकेगी। द्वितीय अवसर पर परीक्षा शुल्क मुख्य परीक्षा के समान ही रहेगा तथा 'बेस्ट ऑफ टू अटेम्प्ट्स' सिद्धांत लागू रहेगा, अर्थात दोनों परीक्षाओं में प्राप्त श्रेष्ठ अंक अंतिम परिणाम में मान्य होंगे।  

पारिवारिक विवाद बना हिंसा का रूप: बेटे ने पिता के प्राइवेट पार्ट और नाक पर दांत से काटा

अलवर  राजस्थान के अलवर शहर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में एक हैरान और परेशान करने वाली घटना सामने आई है। यहां जयपुर रोड स्थित क्षेत्र में एक नाबालिग लड़के ने अपने पिता पर हमला करते हुए उनकी नाक और प्राइवेट पार्ट पर दांत से काट लिया। घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अब यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले अलवर क्षेत्र में एक मंदिर में भगवान कृष्ण की मूर्ति तोड़े जाने का मामला सामने आया था। जांच के दौरान यह बात सामने आई थी कि उक्त मूर्ति एक नाबालिग ने तोड़ी थी। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। अब उसी नाबालिग ने बीती देर शाम अपने पिता पर ही बर्बर हमला कर दिया। परिजनों ने बताया कि बच्चे में पिछले कुछ समय से ‘ऊपरी चक्कर’ होने की बात कही जा रही थी। देर रात अचानक बच्चे ने अपने पिता पर हमला करते हुए उनकी नाक और प्राइवेट पार्ट पर दांत से काट लिया, जिससे पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल व्यक्ति को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों ने बताया कि घायल की स्थिति फिलहाल स्थिर है। पुलिस ने घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। थाना अधिकारी रामेश्वर लाल ने बताया कि नाबालिग बेटे के द्वारा पिता पर हमला करने का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में घटना घरेलू झगड़े और मानसिक असंतुलन से जुड़ी लग रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बच्चे की काउंसलिंग और मेडिकल जांच कराई जाएगी।