samacharsecretary.com

बड़ी कार्रवाई: अमेरिका ने कुख्यात गैंगस्टर अमन भैंसवाल को किया डिपोर्ट, भारत लाया गया

गुरुग्राम हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सोनीपत के कुख्यात गैंगस्टर अमन भैंसवाल को बुधवार को भारत लाने में सफलता हासिल की है। हिमांशु भाऊ गैंग के इस शार्प शूटर को इंटरपोल और गृह मंत्रालय के सहयोग से अमेरिका से डिपोर्ट किया गया है। दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरते ही एसटीएफ की टीम ने उसे हिरासत में ले लिया।   फर्जी पासपोर्ट के सहारे पहुंचा था अमेरिका मूल रूप से सोनीपत के गांव भैंसवाल कलां निवासी अमन भैंसवाल पर हत्या और रंगदारी समेत 10 से ज्यादा गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि अमन ने दिल्ली के मयूर विहार इलाके के एक फर्जी पते पर 'अमन कुमार' के नाम से पासपोर्ट बनवाया और साल 2025 में चकमा देकर अमेरिका फरार हो गया था। एसटीएफ ने इस मामले में गोहाना सदर थाने में जालसाजी का मुकदमा दर्ज कर इसकी जानकारी इंटरपोल को साझा की थी। हलवाई से एक करोड़ की रंगदारी और फायरिंग में था नाम अमन भैंसवाल का नाम हाल ही में रोहतक के सांपला में 'सीताराम हलवाई' की दुकान पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में प्रमुखता से आया था। इस हमले के दौरान बदमाशों ने एक पर्ची फेंककर 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी, जिस पर अमन भैंसवाल ग्रुप का नाम लिखा था। इसके अलावा गोहाना के 'मातूराम हलवाई' कांड में भी उसकी संलिप्तता के सबूत मिले थे। वह कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग के लिए काम करता था। STF की 'हंटिंग' लिस्ट में था शामिल हरियाणा एसटीएफ के अधिकारियों के मुताबिक, अमन भैंसवाल को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि उसके अन्य साथियों और विदेशों में बैठे आकाओं के नेटवर्क का खुलासा हो सके। गौरतलब है कि हरियाणा एसटीएफ अब तक विदेश भाग चुके 8 से ज्यादा बड़े गैंगस्टरों को भारत वापस लाने में सफल रही है, जिनमें मनपाल और जोगेंद्र ग्योग जैसे नाम शामिल हैं।  

हरियाणा में सरकारी दफ्तरों में एआई की एंट्री, चंडीगढ़ में होगी मेगा वर्कशॉप

चंडीगढ़. कृत्रिम बुद्धिमत्ता कैसे काम करती है और आप अपनी परियोजनाएं बनाने के लिए एआई उपकरणों का कैसे उपयोग कर सकते हैं, इसकी जानकारी देने के लिए हरियाणा सरकार और द इंडस एंटरप्रेन्योर्स (टीआइई-टाई) राज्य में मिलकर काम करेंगे। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रानिक्स डेवलपमेंट कारपोरेशन (हारट्रोन) और स्टार्ट अप हरियाणा के सहयोग से 31 जनवरी को चंडीगढ़ में राज्य स्तरीय कार्यशाला-सेमीनार का आयोजन किया जा रहा है। एआई का तकनीकी ज्ञान उपलब्ध कराने के लिए आयोजित होने वाली यह कार्यशाला इसलिए काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वित्त मंत्री के नाते अपने वार्षिक बजट में पंचकूला व गुरुग्राम को एआई का हब बनाने की घोषणा कर रखी है। भविष्य विभाग का निर्माण भी इसी योजना का हिस्सा है। द इंडस एंटरप्रेन्योर्स (टीआइई-टाई) चंडीगढ़ के प्रधान पुनीत वर्मा और महासचिव रवि शर्मा ने एआई आधारित कार्यशाला के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को निमंत्रण दिया। राज्य के पूर्व मंत्री असीम गोयल टाई प्रतिनिधियों के साथ मुख्यमंत्री से मिले। चैट जीपीटी के इस्तेमाल और एआई तकनीक की जानकारी प्राप्त करने के लिए यह कार्यशाला काफी महत्वपूर्ण रहने वाली है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस कार्यशाला में काफी रुचि दिखाई है और राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया है। देश-विदेश से अलग-अलग क्षेत्रों के करीब तीन दर्जन तकनीकी विशेषज्ञ इस कार्यशाला-सेमीनार में जानकारी उपलब्ध कराएंगे। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य लोगों को यह समझाना है कि एआई की जानकारी के बिना न तो उद्योग तरकीकी कर सकते हैं और न ही सरकारी कामों में इस तकनीक के बिना प्रगति की जा सकती है। द इंडस एंटरप्रेन्योर्स (टीआइई-टाई) चंडीगढ़ के प्रधान पुनीत वर्मा के अनुसार एडब्ल्यूएस, गूगल, एक्सेंचर, विश्व बैंक और माइक्रोसाफ्ट जैसी विभिन्न बहुराष्ट्रीय कंपनियों के विचारकों को एक मंच पर लाकर विभिन्न क्षेत्रों में एआई के विकास का पता लगाया जाएगा। पंचकूला और ट्राइसिटी के वैश्विक प्रभाव को प्रदर्शित करना, एआई पर काम करना और वैश्विक बाजार में निर्यात को बढ़ावा देना इस कार्यशाला के मुख्य बिंदुओं में शामिल है। पंचकूला आइटी पार्क में स्थित कुछ कंपनियां ग्राजिट्टी इंटरएक्टिव, अल्ट्रूइस्ट सिस्टम्स और आउटसोर्सिंग टेक्नोलाजीज पहले से ही स्वास्थ्य सेवा, विपणन और प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में एआई के साथ काम कर रही हैं। हरियाणा स्थित एआई स्टार्टअप्स को अपने उत्पादों और सेवाओं को प्रदर्शित करने के लिए बूथ स्थान उपलब्ध कराने की मांग भी सरकार से की जाएगी। महिला उद्यमियों द्वारा संचालित एआई आधारित व्यवसायों को वित्तपोषण और बाजार तक पहुंचने में सहायता प्रदान की जाएगी। सरकारी कार्यालयों में एआई के कार्यान्वयन और अधिकारी अपने दैनिक कार्यों में एआई का उपयोग कैसे कर सकते हैं, इस विषय पर अलग सेमीनार रखा गया है। प्रतिभा विकास के लिए हरियाणा के पांच से 10 प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों को शामिल किया जाएगा। इनमें एनआइटी कुरुक्षेत्र, आइआइएम रोहतक, गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय हिसार, आइआइआइटी सोनीपत, पानीपत इंजीनियरिंग संस्थान, महर्षि मार्कंडेय मुल्लाना विश्वविद्यालय प्रमुख हैं। हरियाणा में नये उद्योगों के लिए जमीन की कमी नहीं हरियाणा सरकार ने जयपुर में आयोजित डिजीफेस्ट के दौरान स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने के प्रति प्रतबद्धता जताई है। एचएसआइआइडीसी और टाई की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उद्यमी, उद्यम पूंजी फर्म, इनक्यूबेटर और स्टार्टअप के प्रमुख प्रतिनिधियों ने हिस्सेदारी की। हरियाणा की ओर से उद्यमियों को अवगत कराया गया कि राज्य में 9,500 से अधिक डीपीआइआइटी पंजीकृत स्टार्टअप मौजूद हैं, जिनमें लगभग 50 प्रतिशत महिलाओं के नेतृत्व वाले हैं। नीति आयोग के भारत इनोवेशन इंडेक्स और बीआरएपी में 'टाप अचीवर' के रूप में मान्यता मिली है। एचएसआइआइडीसी की ओर से उद्यमियों को भरोसा दिलाया गया कि राज्य में नये उद्योगों के लिए जमीन की कोई कमी नहीं है।

हरियाणा सरकार की 48 योजनाएं बदलेंगी गरीबों की तकदीर

चंडीगढ़/पंचकूला. अंत्योदय के उत्थान के प्रयास नए साल में और तेज होंगे। शहरों और गांवों में बेघर परिवारों के सिर पर छत, बेहतर शिक्षा और अंत्योदय परिवारों के युवाओं को रोजगार के लिए कई योजनाएं परवान चढ़ेंगी। प्रदेश में छह लाख गरीब परिवारों को घर उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) के अनुसार एक लाख 80 हजार रुपये तक की वार्षिक पारिवारिक आय वाले जरूरतमंद परिवारों को मकान बनाने के लिए डेढ़ लाख रुपये की अतिरिक्त सब्सिडी दी जाएगी। अगर ऐसे परिवार के पास भूमि नहीं हुई तो सरकार जमीन भी उपलब्ध कराएगी। इसके अलावा गरीबों को कुपोषण से निजात दिलाने के लिए पौष्टिक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जाएंगे। हर गरीब परिवार की न्यूनतम वार्षिक आय एक लाख 80 हजार रुपये करने के प्रयास चल रहे हैं। इस कड़ी में लाडो लक्ष्मी योजना (Ladho Laxmi Yojana) गरीब महिलाओं के लिए संबल बनेगी। योजना में पात्र महिलाओं के खातों में हर महीने 1100 रुपये डाले जाएंगे, जबकि एक हजार रुपये की एफडी होगी। यानी कि प्रदेश सरकार हर महीने 2100 रुपये देगी, जिससे उन्हें आर्थिक मजबूती मिलेगी। इसके अलावा बुजुर्गों-विधवाओं और दिव्यांगों की पेंशन में भी बढ़ोतरी की जाएगी। प्रदेश में गरीबी रेखा के नीचे (बीपीएल) के 35 लाख से अधिक परिवारों को मुफ्त राशन उपलब्ध करवाया जा रहा है। रोडवेज बसों में एक हजार किलोमीटर तक मुफ्त यात्रा एक लाख रुपये से कम आय वाले अंत्योदय परिवारों के सभी सदस्यों को रोडवेज बसों में 1000 किलोमीटर तक मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। अंत्योदय मेलों के माध्यम से अभी तक 60 हजार गरीब युवाओं को स्वरोजगार के लिए लोन और कौशल प्रशिक्षण दिलाया जा चुका है। जल्द ही अंत्योदय उत्थान मेलों का अगला दौर शुरू होगा, जिसमें गरीब युवाओं को स्वावलंबी और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के प्रयास होंगे। अंत्योदय परिवार उत्थान योजना में 18 विभागों की 48 योजनाएं शामिल की गई हैं जिनका लाभ युवा उठा सकते हैं। अनुसूचित एवं विमुक्त जाति के परिवार का नाम अगर बीपीएल सूची में है तो उन्हें कन्या विवाह शगुन योजना के तहत 71 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा सभी वर्गों की विधवाओं, बेसहारा महिला, अनाथ बच्चे, जो बीपीएल सूची में हैं या उनकी आय एक लाख 80 हजार रुपये से कम है तो उन्हें शादी में 51 हजार रुपये का शगुन दिया जाएगा। अनुसूचित जाति के युवाओं सूक्ष्म और लघु उद्योग लगाने के लिए प्लाटों की कीमत में 20 प्रतिशत छूट मिलेगी। हालांकि योजना का लाभ उठाने के लिए प्लाट मिलने के तीन साल के भीतर परियोजना को शुरू करना होगा। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आइटीआइ) में प्रवेश लेने वाली तीन लाख रुपये वार्षिक से कम पारिवारिक आय वाली प्रत्येक छात्रा को 2500 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। मध्यम वर्ग और गरीब लोगों के घरों की छतों पर रूफटॉप सौर पैनल स्थापित किए जाएंगे जिससे न केवल बिजली बिलों से निजात मिलेगी, बल्कि अतिरिक्त बिजली को वितरण कंपनियों को बेचकर अतिरिक्त कमाई की जा सकेगी। गरीबों के लिए न्यूनतम बिजली बिल की अनिवार्यता पहले ही खत्म की जा चुकी है। प्रशिक्षित कारीगरों को पांच हजार रुपये का टॉप-अप प्रशिक्षित कारीगरों को 5000 रुपये का टॉप-अप मुख्यमंत्री विश्वकर्मा सम्मान योजना शुरू की गई है, जिसके तहत प्रशिक्षित कारीगरों को 5000 रुपये का टॉप -अप दिया जाएगा। श्रमिकों व आश्रितों को मुफ्त कौशल प्रशिक्षण के साथ ही हरियाणा कौशल विकास मिशन के तहत दो लाख बेरोजगार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि वे रोजगार प्राप्त कर सकें। पारंपरिक नौकरियों के अलावा आधुनिक उद्योगों से संबंधित नौकरियों और उभरती प्रौद्योगिकियों के अनुसार कौशल प्रशिक्षण पर फोकस रहेगा। हर साल पांच हजार युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, डेटा साइंस, डेटा एनालिटिक्स और प्रोग्रामिंग तथा विद्युत वाहन विनिर्माण के क्षेत्र में नौकरियों के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। कौशल स्कूल स्थापित किए जाएंगे जहां छठी कक्षा से ही बच्चों का कौशल विकास किया जाएगा। पांच स्थानों पर शुरू होंगे श्रमिक सुविधा केंद्र जल्द ही पांच स्थानों पर श्रमिक सुविधा केंद्र शुरू किए जाएंगे। चौराहों पर 150 श्रमिक शेड बनाए जाने हैं। सोनीपत, गुरुग्राम, सोहना, पलवल और बावल में पांच नए श्रम न्यायालय खोलने के प्रस्ताव को हरी झंडी मिल गई है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में श्रमिकों के लिए किफायती किराए की आवास योजना के रूप में लेबर हॉस्टल बनाए जाएंगे। निर्माण स्थलों पर क्रेच, प्ले स्कूल और साइट स्कूल खोले जाएंगे ताकि श्रमिकों के बच्चे भी पढ़ाई कर सकें। मुख्यमंत्री श्रमयोगी प्रतिभावान योजना के तहत श्रमिकों के बच्चों की फीस माफ करने के साथ ही छात्रावास शुल्क, पुस्तकों और कंप्यूटर द्वारा उनकी तकनीकी, व्यावसायिक और उच्च शिक्षा के लिए सहायता दी जाएगी। वेंचर कैपिटल फंड से स्टार्टअप खोल सकेंगे युवा युवाओं को स्टार्टअप स्थापित करने और उद्यमशीलता को बढ़ावा देने के लिए इन्क्यूबेशन केंद्रों की स्थापना कर बैंकों, वित्तीय संस्थानों और उद्यम पूंजी निधियों से ऋण दिलाया जाएगा। 200 करोड़ रुपये का वेंचर कैपिटल फंड बनाया गया है जो महिलाओं, गरीबों और अनुसूचित जाति व पिछड़े वर्ग से संबंधित परिवारों को वित्तीय सहायता सुनिश्चित करेगा। वेंचर कैपिटल फंड से युवाओं को पांच करोड़ तक लागत वाली परियोजनाएं स्थापित करने में मदद मिलेगी। विदेशी भाषाएं सीखकर विदेश में पा सकेंगे रोजगार रोजगार को बढ़ावा देने के लिए 1000 हरहित स्टोर और खोले जाएंगे। ‘हरियाणा ओवरसीज प्लेसमेंट सेल’ विदेश में प्लेसमेंट की आवश्यकताओं और कौशल की जरूरतों के अनुसार युवाओं को प्रशिक्षित करेगा। विदेश में रोजगार के इच्छुक युवाओं को जर्मन, जापानी, इतालवी जैसी भाषाएं सिखाई जाएंगी। छह लाख तक की आय वाले परिवारों के युवाओं को फारेन लैंग्वेज सर्टिफिकेशन टेस्ट का खर्च भी सरकार देगी।

फतेहाबाद में अनोखी खुशी: 19 साल में 11 बच्चों की मां बनी सुनीता, अब हुआ बेटा

 फतेहाबाद  हरियाणा के फतेहाबाद जिले के भूना ब्लॉक स्थित ढाणी भोजराज गांव में इन दिनों एक अनोखी खुशी की कहानी हर जुबान पर है. गांव के एक साधारण से परिवार में 19 साल के लंबे इंतजार के बाद बेटे का जन्म हुआ है. इस दंपती की इससे पहले 10 बेटियां हैं और 11वीं संतान के रूप में बेटे ने जन्म लिया है.  ढाणी भोजराज के रहने वाले संजय और उनकी पत्नी सुनीता की शादी को पूरे 19 साल हो चुके हैं.शादी के शुरुआती सालों से ही उन्हें बेटे की चाह थी, लेकिन समय के साथ उनके घर एक-एक कर 10 बेटियों ने जन्म लिया. संजय का कहना है कि उन्होंने हमेशा अपनी बेटियों को बेटे के समान ही माना. लोग ताने देते थे, तरह-तरह की बातें कहते थे, लेकिन हमने कभी बेटियों को बोझ नहीं समझा. संजय बताते हैं. उनकी सबसे बड़ी बेटी 18 साल की है और 12वीं कक्षा में पढ़ रही है. बाकी बेटियां भी पढ़ाई कर रही हैं. संजय और सुनीता की कोशिश रही कि आर्थिक तंगी के बावजूद बेटियों की शिक्षा और परवरिश में कोई कमी न रहे. गांव के लोग बताते हैं कि संजय का परिवार हमेशा सादगी से रहा है. सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी बेटियों को संस्कार, शिक्षा और आत्मसम्मान दिया. यही वजह है कि आज यह परिवार इलाके में एक मिसाल के तौर पर देखा जा रहा है. 11वीं संतान, और इस बार बेटे की सौगात हाल ही में सुनीता ने 11वीं संतान को जन्म दिया. इस बार परिवार को बेटे की सौगात मिली. खास बात यह रही कि सुनीता की यह 11वीं डिलीवरी भी पूरी तरह नॉर्मल हुई. संजय ने बताया कि उन्होंने अपनी पत्नी की डिलीवरी घर से करीब 50 किलोमीटर दूर एक प्राइवेट अस्पताल में करवाई, ताकि बेहतर इलाज मिल सके. जन्म के समय नवजात में खून की कमी पाई गई, जिसके बाद डॉक्टरों ने तुरंत खून चढ़ाया. समय पर इलाज मिलने से बच्चे की हालत में सुधार हुआ. फिलहाल मां और बेटा दोनों स्वस्थ हैं. डॉक्टरों की देखरेख में कुछ दिन अस्पताल में रहने के बाद परिवार अब राहत की सांस ले रहा है. दादी की मन्नत हुई पूरी बेटे के जन्म से परिवार में उत्सव जैसा माहौल है. घर में मिठाइयां बांटी जा रही हैं और दूर-दराज के रिश्तेदार भी बधाई देने पहुंच रहे हैं. संजय की मां माया देवी पोते के जन्म से बेहद खुश हैं. उनकी आंखों में खुशी के आंसू हैं. वह कहती हैं, भगवान ने मेरी वर्षों की मन्नत पूरी कर दी. इतने सालों से मन में एक ही इच्छा थी कि घर में एक पोता हो. संजय के पिता कपूर सिंह का पहले ही निधन हो चुका है. वह लोक निर्माण विभाग (PWD) में बेलदार के पद पर कार्यरत थे. पिता के जाने के बाद परिवार की सारी जिम्मेदारियां संजय के कंधों पर आ गईं. इसके बावजूद उन्होंने कभी हालात से समझौता नहीं किया. आर्थिक तंगी, लेकिन हौसले बुलंद संजय की जिंदगी संघर्षों से भरी रही है. उन्होंने बताया कि वह भी कभी लोक निर्माण विभाग में डेली वेज पर काम करते थे, लेकिन वर्ष 2018 में उन्हें काम से हटा दिया गया. इसके बाद उन्होंने मनरेगा के तहत मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण किया. पिछले एक साल से काम भी बंद है, जिससे वह फिलहाल बेरोजगार हैं. इसके बावजूद संजय के चेहरे पर शिकन कम ही दिखाई देती है. वह कहते हैं मेहनत से कभी भागा नहीं. बच्चों की खातिर जो भी काम मिला, किया. हालात जैसे भी हों, बच्चों की पढ़ाई और जरूरतें पूरी करने की कोशिश करता रहा. एक बेटी गोद दी, बाकी नौ की जिम्मेदारी खुद संजय बताते हैं कि उनकी एक बेटी रिश्तेदारी में गोद दी गई है, जबकि बाकी 9 बेटियों की पूरी जिम्मेदारी वह और उनकी पत्नी खुद निभा रहे हैं. उनका साफ कहना है कि बेटियां किसी से कम नहीं होतीं. अगर बेटियां आगे बढ़ेंगी, पढ़-लिखकर अपने पैरों पर खड़ी होंगी, तो वही हमारी सबसे बड़ी पूंजी होंगी.  गांव में चर्चा, सम्मान की तैयारी 19 साल बाद बेटे के जन्म की यह कहानी अब ढाणी भोजराज और आसपास के इलाकों में चर्चा का विषय बनी हुई है. गांव की सरपंच ज्योति देवी ने इस परिवार को सम्मानित करने का निर्णय लिया है. 19 साल के लंबे इंतजार के बाद बेटे का जन्म इस परिवार के लिए नई उम्मीद लेकर आया है. हालांकि संजय और सुनीता यह भी कहते हैं कि उनकी खुशियां सिर्फ बेटे तक सीमित नहीं हैं. उनके लिए बेटियां भी उतनी ही अहम हैं.

नेहरू कॉलोनी में आपसी विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो परिवार आमने-सामने, पुलिस बल तैनात

फरीदाबाद फरीदाबाद के डबुआ थाना क्षेत्र स्थित नेहरू कॉलोनी में मंगलवार सुबह दो परिवारों के बीच नशा बेचने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों तरफ से पत्थरबाजी शुरू हो गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें लोग एक-दूसरे पर पत्थर फेंकते नजर आ रहे हैं। वीडियो में दोनों परिवार एक-दूसरे पर पथराव कर रहे हैं। इसमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। इलाके में पथराव होने से वहां हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दोनों तरफ से लोग घरों की छतों से पत्थर फेंकने लगे और सड़कों पर इधर-उधर भागने लगे। मिली जानकारी के अनुसार विवाद नशा तस्करी से जुड़ा बताया जा रहा है। एक पक्ष का आरोप है कि नशा तस्कर मतीन और उसके साथियों ने लतीफ के परिवार पर हमला किया। नशा बेचने से रोकने को लेकर पहले कहासुनी हुई, जो बाद में पत्थरबाजी में बदल गई। दोनों पक्षों से अब तक कोई औपचारिक शिकायत नहीं दर्ज कराई गई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। नेहरू कॉलोनी घनी आबादी वाला इलाका है, जहां छोटे-मोटे विवाद अक्सर होते रहते हैं। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची और इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया है। इसके साथ ही पुलिस की टीम इलाके में गश्त कर रही है। वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है, जांच जारी है और जल्द से जल्द सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हरियाणा में युवक ने पाकिस्तानी युवक से अफेयर बताकर पत्नी का कत्ल किया और खुद भी दी जान

कुरुक्षेत्र. कुरुक्षेत्र के लाडवा कस्बे के गांव दबखेड़ा में एक युवक ने अपने बेटे की बेल्ट से पत्नी की गला घोटकर हत्या कर दी। बाद में गांव के तालाब में कूदकर खुद भी जान दे दी। दंपती की पहचान रणदीप सिंह (35) और उसकी पत्नी निशा (32) के रूप में हुई। घटना रविवार रात करीब एक बजे की है। पुलिस की प्राथमिक जांच में हत्या का कारण महिला के पाकिस्तान के युवक के साथ अवैध संबंध सामने आया है। तालाब के ठेकेदार ने सोमवार तड़के करीब तीन बजे वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रात की फुटेज देखी तो उसे रणदीप सिंह कपड़े व चप्पल उतार कर तालाब में छलांग लगाता दिखा। आधे घंटे तालाब में तलाशी अभियान चला शव बाहर निकाला गया। घटना के बाद पुलिस टीम के साथ लोग घर पहुंचे तो रणदीप की पत्नी घर के कमरे में मृत पड़ी मिली। उसके गले पर बेल्ट के लाल निशान थे। पुलिस को पास की चारपाई पर रणदीप द्वारा लिखा सुसाइड नोट भी बरामद हुआ। घर के दूसरे कमरे में दंपती के दोनों बच्चे सो रहे थे। पुलिस को दी शिकायत में रणदीप सिंह के ताऊ के बेटे मोहन सिंह ने बताया कि अब घर में सिर्फ रणदीप की बुजुर्ग मां के अलावा 11 और सात साल के दो छोटे बच्चे हैं। थाने गया था रिपोर्ट लिखाने कोई नहीं मिला तो लौट आया सरपंच प्रतिनिधि स्वर्ण सिंह ने बताया कि रणदीप रविवार को उनके घर आया और उसने अपनी पत्नी से पीछा छुड़वाने के लिए तलाक देने की बात कही। जब इसका कारण पूछा तो विदेशी नंबर से चैट दिखाकर पत्नी पर संदेह जताया। उसने युवक को पुलिस थाने में जाकर शिकायत करने की बात कही। रविवार को रणदीप थाने में भी गया था। थाने के बाहर शिकायत लिखने वाला नहीं मिला तो वापस घर लौट आया। पाकिस्तानी नंबर से बातचीत और पैसे ट्रांसफर की हुई पुष्टि लाडवा थाना प्रभारी जगदीश टामक ने बताया कि शुरुआती जांच में पाकिस्तानी नंबर से कॉल के बाद पैसे ट्रांसफर की बात सामने आई है। पुलिस इसे पति-पत्नी के बीच मनमुटाव का मामला मान रही है। इसी वजह से दोनों ने सुसाइड किया या कोई और वजह है जांच के बाद साफ होगा। कोई भांप नहीं पाया रणदीप के इरादे… पहले करना चाहता था आत्महत्या लाडवा के गांव दबखेड़ा में पत्नी की हत्या कर खुद आत्महत्या करने वाले रणदीप पूरा दिन पत्नी के साथ प्यार से रहा और रात को उसे मौत के घाट उतार दिया। उसके इरादों को कोई भांप नहीं पाया था। वह अपनी पत्नी से काफी परेशान चल रहा था। इसके कारण उसने रविवार को गांव के सरपंच प्रतिनिधि के समक्ष अपनी मां के साथ पेश होकर पत्नी से तलाक दिलवाने की गुहार लगाई थी। सरपंच ने रणदीप को कोर्ट में याचिका दायर करने की राय दी। पुलिस जांच में मौके से सुसाइड नोट मिला जिसमें रणदीप ने पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए। नोट में लिखा गया कि निशा का किसी अज्ञात व्यक्ति से अवैध संबंध था। वह उसके साथ व्हाट्सएप पर लगातार संपर्क में रहती थी, घर के गहने बेचकर पैसे भेजती थी। परिवार वालों ने बताया कि दंपती के बीच लंबे समय से झगड़े चल रहे थे। वारदात की रात भी निशा के फोन पर उस नंबर से पांच से छह बार कॉल आई थी। रणदीप पत्नी की हरकतों से मानसिक रूप से परेशान था। अंत में निशा उसे तलाक देने की मांग करने लगी। साथ ही रणदीप के फोन पर भी पाकिस्तानी नंबर से कई बार कॉल आई और निशा को तलाक देने की बात कही। रणदीप उसे तलाक देने के लिए तैयार भी हो गया था। तलाक की गुहार, फिर गुरुद्वारे में बिताई शाम रविवार को रणदीप अपनी मां के साथ गांव के सरपंच प्रतिनिधि से मिला और तलाक की फरियाद की। सरपंच ने सलाह दी कि कोर्ट का दरवाजा खटखटाओ। शाम को रणदीप पत्नी निशा के साथ बाबैन के मंडोखरा साहिब गुरुद्वारे गया। दोनों ने वहां काफी वक्त बिताया, लंगर खाया और देर शाम घर लौटे। बाहर से सब कुछ सामान्य लग रहा था। उसने रात में पहले आत्महत्या का इरादा किया, सुसाइड नोट लिखा। फिर पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद खुद तालाब में कूद गया। दूसरे कमरों में सो रहे परिजन को कुछ पता नहीं चला रणदीप ने पूरी साजिश इतनी चालाकी से रची कि घर में बगल वाले कमरों में सो रहे परिजनों को कुछ पता नहीं चला। सुबह जब रणदीप का शव तालाब से निकाला गया और सरपंच पुलिस के साथ घर पहुंचा, तो मां के पैरों तले जमीन खिसक गई। रोते-बिलखते उन्होंने दोनों पोतों को सीने से लगा लिया। थाने जाने की चर्चा लेकिन शिकायत नहीं हुई गांव में अफवाह उड़ी कि सरपंच से मिलने के बाद रणदीप थाने भी गया था और निशा की शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की लेकिन लिखित शिकायत मांगने पर वह लौट आया। क्योंकि रविवार होने के कारण उसे वहां टाइपिस्ट नहीं मिला। हालांकि थाना प्रभारी जगदीश टामक ने कहा कि रणदीप थाने नहीं आया, न मौखिक और न लिखित कोई शिकायत दी गई। सोशल मीडिया से शुरू हुई थी नजदीकियां पुलिस सूत्रों के अनुसार निशा का किसी अज्ञात व्यक्ति से सोशल मीडिया पर संपर्क हुआ था। वह उसे मॉडलिंग के सपने दिखाकर करीब लाया और कई फोटो मंगवाए। धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ीं जिसने घर की नींव हिला दी। पुलिस दोनों के मोबाइल फोन की गहन जांच कर रही है। बेल्ट, दुपट्टा और सुसाइड नोट बरामद कर लिया गया है। एक चिता पर ही हुआ दंपती का अंतिम संस्कार लोकनायक जयप्रकाश जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद दंपती के शवों को परिजनों के हवाले कर दिया गया। देर रात गांव के श्मशान घाट में एक चिता पर ही दंपती का अंतिम संस्कार कर दिया गया। निशा के रिश्तेदार भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए। सरपंच प्रतिनिधि स्वर्ण सिंह ने बताया कि निशा के माता-पिता व भाई नहीं हैं।

हरियाणा का युवक अम्बाला एयरफोर्स स्टेशन की जानकारी पाकिस्तानी पहुंचते गिरफ्तार

अंबाला. पाकिस्तान को गोपनीय सूचना देने के मामले में पकड़ा गया सबगा गांव निवासी सुनील एयरफोर्स के कांट्रेक्टर के पास 2020 से सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था। इसलिए एयरफोर्स स्टेशन में आना जाना लगा रहता था। फेसबुक के जरिये हनीट्रैप ने फंसने वाली महिला ने खुद को दिल्ली की रहने वाली बताया था। यह जानकारी अंबाला क्राइम डीएसपी विरेंद्र शर्मा ने सोमवार को सीआईए-2 कार्यालय में दी प्रेसवार्ता के दौरान दी। बताया कि सूचना के आधार पर सबगा गांव निवासी सुनील उर्फ सन्नी को काबू किया था। जो एयरफोर्स की सूचना पड़ोसी दुश्मन देश को दिया करता था। प्राथमिक जांच में यह खुलासा हुआ है कि व्यक्ति एक सोशल मीडिया के जरिए एक महिला से बात किया करता था और हनी ट्रैप के जाल में फंस गया था। जिसके बाद आरोपी ने एयरफोर्स की सूचनाएं भेजना शुरू कर दिया, फिलहाल अभी आरोपी को चार दिन के रिमांड पर लिया गया है। इस दौरान इससे पूछताछ की जा रही है। हालांकि अभी ओर भी बड़े खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है, वही ये अकेला था या इसके साथी थे इन सभी मुद्दों पर जांच की जा रही है। आरोपी का आई कार्ड भी किया बरामद पुलिस ने आरोपी का आई कार्ड भी बरामद किया है। आरोपी के फोन को भी खंगाला जा रहा है, ताकि यह पता चल सके कि आखिर कहां-कहां की लोकेशन व जानकारी भेजी गई है। लेनदेन का पता लगाने के लिए बैंक खातों को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस की टीमें सुरक्षा एजेंसियों संग मिलकर इस मामले की गहनता से जांच कर रही है। साइबर सेल की मदद से फेसबुक पर आने वाली फ्रेंड रिक्वेस्ट सहित व्हाट्सएप वाले नंबर को भी ट्रेस किया जा रहा है। इंडियन नंबर के व्हाट्सएप से झांसे में आया था युवक सुनील से फेसबुक के जरिये संपर्क में आई महिला या फिर किसी अन्य व्यक्ति ने एक व्हाट्सएप के जरिये सूचनाएं ली। हैरानी की बात यह है कि यह नंबर भी इंडियन नंबर की तरह था, जिसने युवक को झांसे में लिया। ऐसे में पता नहीं चल पाता कि यह सूचना देश से बाहर कहीं जा सकती हो। हालांकि पुलिस इसकी भी गहनता से जांच कर रही है। बताया जाता है कि सुनील को फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजने वाली महिला ने खुद को दिल्ली की रहने वाली बताया था। आरोपी का सबगा गांव में अपना मकान है। पिता रेलवे से रिटायर्ड है और वह दो भाई है। गांव में हर कोई हैरान है कि ऐसा कैसे हो गया। आरोपी पर पहले किसी तरह का कोई क्रिमिनल रिकॉर्ड भी नहीं है। यह पंजाबी खत्री है। सुनील ने पसियाला के सरकारी स्कूल से पढ़ाई की हुई है। यह था पूरा मामला हनीट्रैप में फंसकर पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के मामले में अंबाला पुलिस ने सबगा गांव निवासी सुनील को 2 जनवरी को काबू किया था। अंबाला सीआईए-2 की टीम ने आरोपी को 3 दिसंबर को कोर्ट में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया हुआ है। सुनील पर आरोप है कि सोशल मीडिया के जरिए आरोपी पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में आया था। सेना से जुड़ी सूचनाएं जैसे सेना की यूनिट कहां जा रही है व कहां कौन सी यूनिट है व अन्य जानकारी साझा कर रहा था। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

हरियाणा में शीतलहर के साथ पाला जमने की आशंका

चंडीगढ़. उत्तरी बर्फीली हवाओं ने हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में ठंड के तेवरों को प्रचंड बना दिया है। शीतलहर चलने के कारण लोगों का हाल बेहाल है। सोमवार को कोल्ड डे (शीत दिवस) व कोल्ड वेव (शीतलहर) ने ठिठुरन को और बढ़ा दिया है। नारनौल में न्यूनतम तापमान 3.0 व हिसार में 3.6 डिग्री दर्ज किया गया। इन स्थानों पर शीतलहर के साथ पाला जमने की स्थिति भी देखने को मिल रही है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि पूरे प्रदेश में रात का तापमान एक बार फिर लुढ़कने लगे हैं। रात के तापमान सिंगल डिजिट में पहुंच गए हैं। नारनौल में अधिकतम तापमान भी सामान्य से 5 डिग्री नीचे रहा, जिससे वहां कोल्ड डे की स्थिति बनी। सोमवार को हरियाणा के पश्चिमी और कुछ दक्षिणी हिस्सों से उत्तरी बर्फीली सर्द हवाओं से ऊपरी सतह का कोहरा साफ़ हो गया, जबकि पूर्वी और कुछ दक्षिणी हिस्सों में अभी भी कोहरा छाया रहा। हालांकि एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से कहीं कहीं हल्के बादल भी छाए रहे। आगे ऐसा रहेगा मौसम उत्तरी बर्फीली हवाओं से दिन व रात के तापमान में और अधिक गिरावट आएगी। साथ ही साथ आमतौर पर आमजन को विंड चिल्ड फैक्टर की स्थिति से रूबरू होना पड़ेगा। कुछ स्थानों पर रात के तापमान शून्य डिग्री के आसपास पहुंच जाएगा, जिसकी वजह से हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में शीतलहर लहर से गंभीर शीतलहर और पाला जमने की संभावना बन रही है। वहीं, दिन के तापमान भी 10 से 12 डिग्री से नीचे पहुंचने से कोल्ड डे की स्थिति देखने को मिलेगी। साथ ही पूर्वी और पूर्वी दक्षिणी हिस्सों में सुबह के समय कोहरा छाया रहेगा। हालांकि वर्तमान समय में कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से केवल आंशिक रूप से बादल छाए रहने और 9 जनवरी से मौसम में बदलाव की संभावना बन रही है।

करनाल में लूट के बाद कारोबारियों दहशत का माहौल

कुरुक्षेत्र. सेक्टर-16 में सराफा कारीगर से डेढ़ किलो सोना और 15 लाख रुपये की लूट की वारदात के बाद सराफा कारोबारियों और पीड़ित परिवार के लोगों ने विधायक जगमोहन आनंद और एसपी नरेंद्र बिजारनिया से मिलकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं विधायक और एसपी ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि जल्दी लूट की गुत्थी को सुलझा लिया जाएगा। इसके अलावा एसपी ने उचित सुरक्षा का भरोसा दिलाया। कर्ण गेट बिजनेस एसोसिएशन के प्रधान संकल्प भंडारी के नेतृत्व में सराफा व्यापारियों पुनीत बजाज, रजनीश सिंगला, शिवम गोयल ने कहा कि एसपी साहब हमारी सुरक्षा बढ़ा दो, उन्हें डर है कभी फिर दोबारा किसी दूसरे सराफा कारोबारी के साथ ऐसी वारदात न हो जाए। व्यापारियों ने कहा कि पहले कभी इतनी बड़ी लूट की वारदात नहीं हुई थी। इसके आलावा व्यापारियों ने कहा कि अब तो उन्हें अपनी दुकान से घर जाने में भी डर लगने लगा है। क्योंकि कारोबार ऐसा है कि साथ ही नगदी और सोना लेकर जाना पड़ता है। ऐसे में वारदात का डर सताता है। सराफा कोरोबारी पुनीत बजाज, रजनीश सिंगला और वारदात का शिकार हुए बबन माने ने एसपी नरेंद्र बिजारनिया से गुहार लगाई की सराफा बाजार में लगातार पुलिस की तैनाती की जाए, क्योंकि अक्सर वहां एक दुकान से दूसरी दुकान पर सोना व अन्य आभूषण लेकर जाने का काम रहता है। वहीं, एसपी नरेंद्र बिजारनिया ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। सीसीटीवी की जांच की जा रही है। जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी हो जाएगी। वहीं क्षेत्र में पुलिस की ओर ज्यादा गश्त बढ़ाई जाएगी। ताकि व्यापारी और आमजन सुरक्षित हो सकें। व्यापारियों को किसी भी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है। महाराष्ट्र सांगली के विधायक ने करनाल विधायक को किया कॉल सोमवार को सोना कारीगर आदिक यशवंत पाटिक के साले बबन माने व्यापारियों के साथ करनाल विधायक जगमोहन आनंद से मिले। आनंद ने बताया कि उनके पास महाराष्ट्र के सांगली के विधायक धन्जय हरी गाडगिल ने फोन करके वारदात के बारे में जानकारी ली। वहां के विधायक ने भी पीड़ितों को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। वहीं विधायक जगमोहन आंनद ने भी पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि जल्द आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। विधायक ने एसपी से बात करके व्यापारियों की एसपी नरेंद्र बिजारनिया से मुलाकात भी करवाई। बाजारों में वारदातें बढ़ रही हैं। पुलिस को सख्ती बढ़ानी चाहिए। पिछले दिनों चोरी का मामला सामने आया था, अब लूट की वारदात हुई है। कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। – संकल्प भंडारी, प्रधान, कर्ण गेट बिजनेस एसोसिएशन। बाजार में व्यापारी दहशत में हैं। सभी को लगता है कि कहीं उनके साथ कोई वारदात न हो जाए, पुलिस को रात में गश्त बढ़ानी चाहिए। बाजारों में सुरक्षा पुख्ता हो। – कुलदीप मक्कड़, व्यापारी, कर्णगेट। पहले मोबाइल शोरूम पर फायरिंग हुई थी, अब सराफ कारीगर के साथ घर जाते समय लूट हुई है। पुलिस को शीघ्र कार्रवाई करके मामले का खुलासा करना चाहिए। – पुनीत बजाज, व्यापारी, सराफा बाजार। बदमाश कारोबारियों की रेकी कर रहे हैं। सुनसान जगहों पर मौका मिलते ही वारदात हो रही है। ऐसी वारदातों का सीधा असर कारोबार पर भी पड़ता है। पुलिस सख्ती करे। – प्रदीप नागपाल, कर्ण गेट मार्केट एसोसिएशन।

दक्षिणी हरियाणा तक एसवाईएल से पहुंचाया जाएगा 6500 क्यूसेक तक पानी

कुरुक्षेत्र. सुप्रीम कोर्ट तक विवाद पहुंचने के बावजूद भले ही एसवाईएल को अभी तक पंजाब से पानी नहीं मिल पाया लेकिन अब यही नहर दक्षिणी हरियाणा और दिल्ली की प्यास बुझाने में कारगर साबित होगी। जरूरत पड़ने पर इसमें नरवाना ब्रांच नहर के साथ-साथ मारकंडा नदी का पानी भी छोड़ा जाएगा जिससे न केवल मारकंडा से आने वाली बाढ़ का खतरा टलेगा बल्कि नहर का सही प्रयोग भी हो सकेगा। सिंचाई विभाग ने 10 हजार क्यूसेक पानी दक्षिणी हरियाणा की ओर पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है। इसमें एसवाईएल के जरिये 6500 क्यूसेक और नरवाना ब्रांच के जरिये 3500 क्यूसेक पानी पहुंचाया जाएगा। इसके लिए नहरों का पहली बार बड़े स्तर पर जीर्णेद्धार किया जा रहा है। लंबे समय से सुध न लिए जाने के कारण अपना मूल आकार तक खो चुकी एसवाईएल के जिले की सीमा में ही किए जाने वाले जीर्णोद्धार पर 50 करोड़ का बजट खर्च होगा। इसका प्रस्ताव विभाग की प्रदेश तकनीकी टीम पास कर चुकी है और अब फाइनल मुहर मुख्यमंत्री की ओर से लगाए जाने का इंतजार है। जिले में एसवाईएल नहर की लंबाई करीब 35 किलोमीटर है। 25 के बजाय 15 फीट रह गई चौड़ाई अनदेखी व लंबे समय तक मरम्मत न होने के कारण समय अनुसार एसवाईएल अपना आकार भी खो चुकी है। 25 फीट के बजाय महज 15 फीट ही अधिकतर जगह चौड़ाई रह गई है। यही नहीं कई-कई फीट तक गाद जम चुकी है और झाड़ियां ही नहीं, अनेक जगह इसमें उगे पौधे पेड़ बन चुके हैं। किनारे भी खस्ताहाल हो चुके हैं। ऐसे में इसकी क्षमता भी बेहद कम रह गई है जिसके कारण किसी आपात स्थिति में भी इसमें पानी छोड़े जाने से खतरा पैदा होने लगा है। मुख्यमंत्री से हरी झंडी मिलते ही शुरू कर दी जाएगी प्रक्रिया : एक्सईएन सिंचाई विभाग के एक्सईएन मुनीष बब्बर का कहना है कि एसवाईएल का जीर्णोद्धार बेहद जरूरी हो गया है। इसके कारण ही प्रस्ताव तैयार किया गया, जो स्टेट तकनीकी टीम पास भी कर चुकी है। अब मुख्यमंत्री से हरी झंडी मिलते ही टेंडर आदि की प्रक्रिया कर तत्काल काम भी शुरू करवा दिया जाएगा। जीर्णोद्धार के एसवाईएल के जरिये दक्षिणी हरियाणा तक 6500 क्यूसेक पानी पहुंचाया जा सकेगा। नरवाना ब्रांच नहर का भी जीर्णोद्धार किया जा रहा है जिसके जरिये भी 3500 क्यूसेक पानी दक्षिणी हरियाणा तक पहुंचने लगेगा। इस नहर में कई कार्य किए भी जा चुके हैं। उनका कहना है कि न केवल एसवाईएल के जीर्णोद्धार से मारकंडा का पानी दक्षिणी हरियाणा तक पहुंचाया जा सकेगा बल्कि मारकंडा की वजह से आने वाली बाढ़ से भी बचा जा सकेगा। इसके बाद नहर अपने मूल आकार में भी आ जाएगी।