samacharsecretary.com

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट से पहले भारत की रणनीति बदलेगी, सिराज समेत कई विकल्प तैयार

नई दिल्ली
वेलिंगटन टेस्ट में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड पर दबदबा बनाया, लेकिन मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ. अब दोनों टीमें क्राइस्टचर्च में दूसरे टेस्ट के लिए आमने-सामने होंगी. सीरीज फिलहाल 0-0 है, लेकिन भारतीय टीम के सामने एक बड़ी परेशानी है. पहले टेस्ट में गेंदबाजों ने 241 ओवरों तक गेंदबाजी की और अब महज चार दिन के अंतराल पर उन्हें फिर मैदान में उतरना है. ऐसे में सवाल है कि क्या टीम इंडिया उसी गेंदबाजी आक्रमण के साथ उतरेगी या दूसरे टेस्ट में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे?

दूसरे टेस्ट से पहले मोहम्मद सिराज की वापसी की चर्चा तेज हो गई है. क्राइस्टचर्च में हुए अभ्यास सत्र में सिराज ने गेंदबाजी की. उनके साथ टेस्ट टीम में शामिल गुरनूर बरार ने भी नेट्स पर गेंदबाजी की. दूसरी ओर, जसप्रीत बुमराह, अंशुल कंबोज, आकाश दीप और प्रसिद्ध कृष्णा ने अभ्यास सत्र में गेंदबाजी नहीं की.

आमतौर पर टेस्ट मैच से ठीक एक दिन पहले उन तेज गेंदबाजों को गेंदबाजी से दूर रखा जाता है, जिनका प्लेइंग-11 में खेलना लगभग तय होता है. ऐसे में इन चारों गेंदबाजों का नेट्स पर गेंदबाजी नहीं करना चौंकाने वाला नहीं है. पहले टेस्ट में इन सभी ने 40 से ज्यादा ओवर फेंके थे. बेसिन रिजर्व की मुश्किल पिच पर लगातार गेंदबाजी करने के बाद उन्हें आराम देना जरूरी था.

वेलिंगटन टेस्ट के बाद क्या हुआ?
वेलिंगटन टेस्ट के बाद भारतीय टीम मंगलवार को क्राइस्टचर्च पहुंची. गेंदबाजों पर काम के भारी बोझ को देखते हुए बुधवार को अभ्यास नहीं रखा गया था. गुरुवार को पूरी टीम के अभ्यास का कार्यक्रम था, लेकिन दिन के पहले हिस्से में भारी बारिश ने इसमें बाधा डाल दी.

बल्लेबाजों ने इनडोर अभ्यास में थ्रोडाउन का सामना किया. बाद में जब खिलाड़ी आउटडोर नेट्स पर पहुंचे तो टेस्ट टीम के सिर्फ सिराज और गुरनूर बरार ने गेंदबाजी की. टीम के साथ नेट बॉलर के तौर पर आए अर्शदीप सिंह और आकिब नबी ने भी गेंदबाजी की.

जडेजा- बरार के लिए भी खुल सकता है रास्ता
दूसरे टेस्ट में भारतीय टीम के सामने गेंदबाजी संयोजन चुनने की चुनौती होगी. पहले टेस्ट में तेज गेंदबाजों ने काफी मेहनत की थी. ऐसे में टीम मैनेजमेंट किसी एक तेज गेंदबाज को आराम देकर सिराज को मौका दे सकता है. इसके अलावा रवींद्र जडेजा का विकल्प भी टीम के सामने है.

गुरनूर बरार ने अभ्यास सत्र में गेंदबाजी की है और वह भी संभावित विकल्पों में शामिल हैं. हालांकि, सिर्फ नेट्स पर गेंदबाजी करने से उनके प्लेइंग-11 में शामिल होने की पुष्टि नहीं होती.

क्या उसी अटैक के साथ उतरेगा भारत?
भारतीय टीम के सामने दो रास्ते हैं. पहला, वेलिंगटन टेस्ट में उतरे गेंदबाजी आक्रमण पर भरोसा बरकरार रखा जाए. दूसरा, गेंदबाजों के वर्कलोड को देखते हुए बदलाव किए जाएं. 241 ओवरों की गेंदबाजी के बाद यह फैसला आसान नहीं होगा.

सिराज की वापसी से भारत के तेज गेंदबाजी आक्रमण को नई ऊर्जा मिल सकती है. वहीं जडेजा को शामिल करने से गेंदबाजी में एक अतिरिक्त स्पिन विकल्प मिलेगा. अब देखना होगा कि क्राइस्टचर्च में टीम इंडिया किस संयोजन के साथ उतरती है और क्या दूसरे टेस्ट में सिराज की वापसी होती है.

Leave a Comment

हम भारत के लोग
"हम भारत के लोग" यह वाक्यांश भारत के संविधान की प्रस्तावना का पहला वाक्य है, जो यह दर्शाता है कि संविधान भारत के लोगों द्वारा बनाया गया है और उनकी शक्ति का स्रोत है. यह वाक्यांश भारत की संप्रभुता, लोकतंत्र और लोगों की भूमिका को उजागर करता है.
Click Here
जिम्मेदार कौन
Lorem ipsum dolor sit amet consectetur adipiscing elit dolor
Click Here
Slide 3 Heading
Lorem ipsum dolor sit amet consectetur adipiscing elit dolor
Click Here