samacharsecretary.com

विवाद के बीच CJP का फैसला, दिवाली तक प्रोटेस्ट नहीं करेंगे कार्यकर्ता

 नई दिल्ली    CJP चीफ अभिजीत दिपके ने दिवाली तक किसी भी प्रोटेस्ट की योजना नहीं होने की बात कही है. उन्होंने अपने समर्थकों को 'कॉकरोच' कहकर संबोधित करते हुए उनसे त्योहार के दौरान परिवार और करीबियों के साथ समय बिताने की अपील की. दिपके ने कहा कि पिछले 10-12 दिनों में आंदोलन से जुड़े लोगों और उनके परिवारों ने काफी मुश्किलों का सामना किया है. उन्होंने सौरभ दास और आशुतोष का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों के जेल में होने के बावजूद आंदोलन के लोग डरेंगे नहीं।  अभिजीत दिपके ने कहा कि आंदोलन में शामिल कई वॉलंटियर्स को सड़कों पर पीटा गया और हिरासत में भी परेशानियों का सामना करना पड़ा. उन्होंने कहा कि इन हालात का असर कार्यकर्ताओं के परिवारों पर भी पड़ रहा है. दिपके ने अपील की कि लोग कुछ दिन अपने परिवार और करीबियों के साथ बिताएं, क्योंकि त्योहार का समय है और उनके परिवार भी चिंतित होंगे।  अभिजीत दिपके ने कहा, "हम नफरत के खिलाफ लड़ रहे हैं. हमें यह भी सुनिश्चित करना है कि वह नफरत हमारे अंदर न आए. हमें उन लोगों जैसा नहीं बनना है जो हमसे नफरत करते हैं. हमारी सबसे बड़ी ताकत एक-दूसरे के लिए प्यार, करुणा और दयालुता है।  'सौरभ और आशुतोष को जेल में डालकर डरा नहीं पाएंगे' दिपके ने कहा कि सौरभ दास और आशुतोष के परिवारों से उनकी बात हुई है. उन्होंने बताया कि सौरभ की मां ने टीम के लोगों को अपना ध्यान रखने के लिए कहा है. वहीं, आशुतोष के परिवार में उनके जेल में रहने के दौरान एक सदस्य की मौत हुई, जिसके कारण वह परिवार के साथ नहीं रह सके।  दिपके ने कहा कि सौरभ और आशुतोष दोनों मजबूत हैं और उनके परिवार भी उनका हौसला बढ़ा रहे हैं. उन्होंने कहा, "हम पीछे नहीं हटेंगे. ऐसा नहीं है कि सौरभ और आशु जेल चले गए तो हम डर जाएंगे. हम डरेंगे नहीं, क्योंकि हम किसी गलत काम के लिए नहीं, बल्कि सही चीज के लिए लड़ रहे हैं।  'महात्मा गांधी के रास्ते पर चलेंगे' दिपके ने कहा कि सौरभ और आशुतोष ने गुस्से और नफरत के बजाय शांति और करुणा का रास्ता चुना. उन्होंने उनकी तुलना महात्मा गांधी के सत्याग्रह से करते हुए कहा कि दोनों जेल में रहकर भी अपने सिद्धांतों पर कायम हैं।  अभिजीत दिपके ने कहा, "हमारे इमोशंस हमारी कमजोरी नहीं, हमारी ताकत हैं. हमारी ताकत प्यार, करुणा और एक-दूसरे के लिए खड़े रहने में है. हम संविधान और महात्मा गांधी के शांति और अहिंसा के मूल्यों पर चलते रहेंगे।  दिपके ने आखिर में सभी वॉलंटियर्स से दिवाली परिवार के साथ मनाने और सौरभ दास व आशुतोष को याद रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि आंदोलन से जुड़े कई ऐसे लोग भी हैं, जिनकी कहानियां खबरों में नहीं आतीं, लेकिन उन्होंने भी पिछले दिनों काफी मुश्किलों का सामना किया है। 

मुंबई CJP प्रदर्शन में 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत से बवाल, अभिजीत दीपके पर हत्या का केस दर्ज होने की चर्चा

मुंबई कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके पर हत्या का मुकदमा चल सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अभिजीत दीपके की रैली में एक बुजुर्ग की मौत के बाद लोग CJP फाउंडर पर बुरी तरह भड़के हुए हैं और हत्या का मुकदमा दर्ज करने की भी मांग कर दी है। दरअसल 2 अक्टूबर को मुंबई के शिवाजी पार्क में दीपके द्वारा आयोजित विरोध प्रदर्शन में 75 वर्षीय बुजुर्ग एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। यह प्रदर्शन देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बुलाया गया था। मृतक बुजुर्ग व्यक्ति की पहचान ठाणे के गोपालकृष्ण सुब्बैया पिल्लई के रूप में हुई है। शिवाजी पार्क थाने के एक अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान उन्हें अचानक सीने में दर्द होने लगी। उन्होंने बताया, "पिल्लई शाम करीब साढ़े चार बजे CJP द्वारा आयोजित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए शिवाजी पार्क पहुंचे थे। शाम पांच बजे उन्होंने सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई। प्रदर्शन स्थल पर मौजूद उनके दोस्तों और पुलिसकर्मियों ने उन्हें एक नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।" चिकित्सकों ने बताया कि उपचार के दौरान पिल्लई की मौत हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक CJP का विरोध प्रदर्शन करीब चार बजे शुरू हुआ था और उस समय तेज धूप थी। पुलिस की अनुमति नहीं होने के बावजूद बड़ी संख्या में लोग जुटे और इस प्रतिष्ठित मैदान के आसपास का इलाका हजारों लोगों से भर गया। इस दौरान अराजकता फैल गई और बाद में बाद में बुजुर्ग की मौत हो गई। मर्डर केस दर्ज करने की मांग बुजुर्ग की मौत के बाद 'शिवाजी पार्क सिटीजन्स फोरम' ने अभिजीत दीपके के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। फोरम ने अधिकारियों से अपील की है कि इस दुखद घटना के लिए सीधे तौर पर अभिजीत दीपके को जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाए। वहीं स्थानीय वकील और शिवाजी पार्क की निवासी सिद्धि देवलेकर की शिकायत पर पुलिस ने कानूनी शिकंजा भी कसा है। सिद्धि देवलेकर ने CJP नेता अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका, सौरव दास और रत्ना सिंह के खिलाफ पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। देवलेकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि बॉम्बे हाईकोर्ट और महाराष्ट्र सरकार के स्पष्ट आदेशों के तहत शिवाजी पार्क में सभा की अनुमति खारिज कर दी गई थी। इसके बावजूद CJP नेताओं ने कानून को दरकिनार कर भारी भीड़ जुटाई। उन्होंने एक बयान में कहा, “यह कोई शांतिपूर्ण प्रदर्शन नहीं था। यह राजनीतिक विरोध के नाम पर कानून और अदालत के आदेशों की धज्जियां उड़ाने की कोशिश थी।” शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन में CJP के आयोजकों और 400-500 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 189 और 223 और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 37(1)(3) व 135 के तहत FIR दर्ज की है। ज्ञानेश कुमार के खिलाफ CJP का आंदोलन गौरतलब है कि कॉकरोच जनता पार्टी ने इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट में हुए खुलासे के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया है। रिपोर्ट के मुताबिक आयोग ने चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी की कई आपत्तियों को दरकिनार कर फैसले लिए थे। इसके बाद देश के प्रमुख विपक्षी दलों सहित CJP ने भी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है। CJP ने मुंबई के बाद दिल्ली में प्रदर्शन का भी ऐलान किया है।

अभिजीत दीपके का नया आंदोलन शुरू, इस बार किसके पीछे पड़े ‘कॉकरोच’?

मुंबई  कॉकरोच जनता पार्टी के चीफ अभिजीत दीपके ने नया ऐलान कर दिया है। दीपके अब एक बार फिर छात्रों के साथ आंदोलन करेंगे। दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन के बाद दीपके ने अपने साथियों के साथ एक बार फिर मैदान में उतरने की घोषणा की है। इस बार निशाने पर महाराष्ट्र की भाजपा नीत सरकार होगी। बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी बीते कुछ दिनों से अलग-अलग मुद्दों को लेकर लगातार फडणवीस सरकार को घेरने की कोशिश कर रही है। अब पार्टी आंदोलन पर भी बैठेगी। CJP ने रविवार को इस सिलसिले में एक प्रेस रिलीज जारी की है। पार्टी ने इसमें बताया कि CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके और अन्य नेता महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) द्वारा आयोजित अलग-अलग ऑनलाइन परीक्षाओं में पेपर लीक के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन में साथ शामिल होंगे। इससे पहले एमपीएससी के कुछ अभ्यर्थियों ने छत्रपति संभाजीनगर के वालुज इलाके स्थित दीपके के घर पर उनसे मुलाकात भी की थी। दे दिया अल्टीमेटम CJP ने विज्ञप्ति में कहा कि MPSC के अध्यक्ष और सचिव के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन आगे भी जारी रखा जाएगा। अगर 24 सितंबर तक मांग पूरी नहीं हुई, तो एमपीएससी अभ्यर्थियों से बातचीत करने के लिए राज्यव्यापी दौरा भी किया जाएगा। MPSC अभ्यर्थियों से मुलाकात के बाद दीपके ने एक वीडियो संदेश में कहा, ''मैं और CJP MPSC अभ्यर्थियों की इस लड़ाई में उनके साथ हैं। हम अभ्यर्थियों के साथ तब तक खड़े रहेंगे, जब तक इस्तीफा नहीं हो जाता।'' क्या मामला? यह पूरा मामला तब सुर्खियों में आया जब MPSC की परीक्षाओं की तैयारी में जुटे 28 वर्षीय प्रथमेश देशमुख ने पुणे में खुदकुशी ली थी। पास से बरामद एक सुसाइड नोट में उस पर करीब 2.5 लाख रुपये के कर्ज का जिक्र था। इसके बाद CJP फडणवीस सरकार पर हमलावर हो गई। CJP ने कहा है कि देशमुख ने व्यवस्था, बेरोजगारी और ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं की आर्थिक स्थिति से परेशान होकर यह कठोर कदम उठाया। अभिजीत दीपके ने इस सप्ताह प्रथमेश देशमुख के घरवालों से मुलाकात भी की थी। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान दीपके ने कहा कि देशमुख नौकरी पाने और अपने परिवार को गरीबी से बाहर निकालने के सपने के साथ पुणे गया था। उन्होंने कहा, ''उसने अपने खर्चों को पूरा करने के लिए दोस्तों से पैसे उधार लिए थे। लेकिन पेपर लीक और परिणामों में देरी के कारण छात्रों पर दबाव बढ़ता गया। यह व्यवस्था की गलती है और यह व्यवस्था द्वारा की गई हत्या है।'’ सीजन-2 लॉन्च? गौरतलब है कि इससे पहले अभिजीत दीपके ने करीब एक महीने पहले कहा था कि जंतर-मंतर आंदोलन का सीजन 2 जल्द आने वाला है। एक बयान में उन्होंने कहा था कि भाजपा देश के युवाओं से डरी हुई है। उन्होंने देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं का हवाला देते हुए कहा था कि जल्द ही एक बार फिर आंदोलन शुरू किया जा सकता है। जरांगे को भी किया सपोर्ट इस बीच अभिजीत दीपके ने फडणवीस सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे मनोज जरांगे को भी समर्थन दिया था। अभिजीत दीपके बीते शुक्रवार को जरांगे से मिलने पहुंचे थे। मुलाकात के बाद उन्होंने एक बयान में सरकार पर निशाना साधा। दीपके ने कहा, ''सरकार को उनकी मांगों को समझने के लिए उनसे बातचीत करनी चाहिए…।'' दीपके ने कहा, ''मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री क्या कर रहे हैं? वे अपने बच्चों को पढ़ने के लिए विदेश भेजते हैं, वहीं यहां के स्कूलों का स्तर ठीक नहीं हैं।'' दीपके ने यह भी सवाल किया कि क्या सरकार जरांगे को सोनम वांगचुक की तरह 26 दिनों तक भूखा रखना चाहती है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक नेताओं के पास हास्य कलाकारों से मिलने का समय है, लेकिन जरांगे से बातचीत करने कोई नहीं आ रहा। दीपके ने कहा, ''जैसा उन्होंने सोनम वांगचुक के मामले में किया, वैसा मनोज जरांगे के साथ करने की कोशिश भी नहीं करनी चाहिए। लेकिन यह महाराष्ट्र है और यहां यह नहीं चलेगा। अगर किसी ने मनोज जरांगे को छुआ, तो पूरा महाराष्ट्र यहां आ जाएगा।''