samacharsecretary.com

सरकार की योजना: अब कारों की माइलेज टेस्ट में AC चालू रहेगा, नए नियम जल्द लागू

नई दिल्ली भारत सरकार नई कारों के लिए कुछ नए सख्त नियम लाने की तैयारी कर रही है. जानकारी के अनुसार आगामी, 1 अक्टूबर, 2026 से, भारत में बिकने वाली पैसेंजर कारों को ज़्यादा सख्त फ्यूल-एफिशिएंसी टेस्टिंग नियमों को पूरा करना पड़ सकता है. इन नियमों के अनुसार, माइलेज को एयर-कंडीशनिंग चालू होने पर मापा जाएगा. बता दें कि यह प्रस्ताव केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय ने पेश किया है और इसका मकसद ऑफिशियल माइलेज के दावों और रोज़ाना ड्राइविंग के एक्सपीरिएंस के बीच के अंतर को कम करना है. क्या दिया जा रहा प्रस्ताव? सेंट्रल मोटर व्हीकल्स रूल्स में एक ड्राफ्ट संशोधन के अनुसार, सभी M1 कैटेगरी की गाड़ियों, जिनमें स्थानीय रूप से बनी या इम्पोर्ट की गई कारें शामिल हैं, जिनका टेस्ट AIS-213 स्टैंडर्ड के तहत किया जाएगा. इस स्टैंडर्ड के तहत एक बड़ा बदलाव यह है कि फ्यूल की खपत को AC चालू होने पर मापा जाएगा. आपकी जानकारी के लिए बता दें कि मौजूदा समय में कारों का माइलेज AC बंद करके किए जाता है. जनता से मांगा गया फीडबैक केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय ने इस प्रस्ताव पर लोगों से फीडबैक मांगा है और नियमों को फाइनल करने से पहले आपत्तियों और सुझावों के लिए 30 दिन का समय दिया है. सरकार क्यों करना चाहती है बदलाव सरकार के इस फैसले के पीछे की वजह बताते हुए अधिकारियों ने कहा कि फ्यूल-एफिशिएंसी के आंकड़ों को आम ड्राइविंग स्थितियों को ज़्यादा सही तरीके से दिखाना चाहिए. क्योंकि ज़्यादातर कार मालिक रेगुलर एयर-कंडीशनिंग का इस्तेमाल करते हैं, खासकर भारतीय मौसम में, इसलिए सर्टिफिकेशन टेस्ट के दौरान माइलेज पर इसके असर को अब नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता. मौजूदा समय में कैसे मापी जाती है फ्यूल एफिशिएंसी मौजूदा समय की बात करें तो भारत में कार बनाने वाली कंपनियां बिना AC चलाए किए गए टेस्ट के आधार पर फ्यूल-एफिशिएंसी के आंकड़े ग्राहकों को बताती हैं. मैन्युफैक्चरर्स लंबे समय से कहते आ रहे हैं कि यह तरीका यूरोपियन टेस्टिंग नॉर्म्स के हिसाब से है. हालांकि, सरकारी अधिकारियों का कहना है कि इस तरीके से अक्सर ऐसे माइलेज के आंकड़े मिलते हैं, जो असल दुनिया में इस्तेमाल की तुलना में ज़्यादा अच्छे लगते हैं, जिसकी वजह से टेस्टिंग की ज़रूरतों में बदलाव करने पर ज़ोर दिया जा रहा है.

2026 की शुरुआत में कारों का धमाका, जनवरी में लॉन्च होंगी 6 नई कारें—यहां देखें लिस्ट

नई दिल्ली साल 2026 के शुरू होते ही वाहन निर्माता कंपनियों ने अपने नए उत्पादों को बाजार में उतारने की तैयारी शुरू कर दी है. कार बनाने वाली कंपनियां जनवरी 2026 में अपने कुछ उत्पाद बाजार में उतारने वाली हैं. इसमें सबसे आगे घरेलू कार निर्माता Mahindra & Mahindra और Tata Motors हैं, जिनमें से Tata Motors चार मॉडल (एक EV सहित) लॉन्च करने वाली है. इसके अलावा घरेलू कार निर्माता कंपनी Maruti Suzuki की पहली EV भी लॉन्च की जा सकती है. इस लिस्ट में Kia India भी शामिल होती, लेकिन आज ही कंपनी ने नई-जनरेशन Kia Seltos को लॉन्च कर दिया है. इसके अलावा, Nissan और Renault जनवरी 2026 में एक-एक नया मॉडल पेश करने वाली हैं. Renault लगभग चार साल बाद अपने एक पॉपुलर नेमप्लेट को फिर से जीवित कर रही है. 1. Mahindra XUV 7XO (लॉन्च: 5 जनवरी, 2026) Mahindra XUV700 के नाम से जानी जाने वाली बेहतरीन एसयूवी को Mahindra XUV 7XO के नाम से जनवरी में लॉन्च किया जा सकता है. इसकी अनुमानित कीमत 14.00 लाख रुपये से 25.00 लाख रुपये के बीच होने वाली है. इसमें महिंद्रा का आजमाया हुआ, 2.0-लीटर, टर्बो-पेट्रोल और 2.2-लीटर टर्बो-डीजल इंजन इस्तेमाल किया जाएगा, जो अपनी मौजूदा ट्यूनिंग में क्रमशः 200hp और 185hp तक की पावर प्रदान करता है. Mahindra XUV 7XO डीजल में ऑल-व्हील ड्राइव का सेटअप दिया जाएगा, जबकि ट्रांसमिशन ऑप्शन में मैनुअल और टॉर्क-कन्वर्टर ऑटोमैटिक ऑप्शन मिलते हैं. Mahindra XUV 7XO के खास फीचर्स में ट्रिपल-स्क्रीन सेटअप मिलता है, जैसा कि Mahindra XEV 9e और 9S में मिलता है. आगे के पैसेंजर सीट के लिए पावर्ड 'बॉस' मोड, दो-स्पोक स्टीयरिंग व्हील और हरमन कार्डन ऑडियो शामिल हैं. एक्सटीरियर और इंटीरियर डिज़ाइन में किए गए बदलाव 7XO को XUV700 से अलग पहचानने में मदद करेंगे. 2. Tata Harrier और Safari पेट्रोल वर्जन (लॉन्च: जनवरी के पहले सप्ताह में) नई Tata Sierra में पेश किया गया, Tata Motors का नया 1.5-लीटर 'हाइपरियन' टर्बो-पेट्रोल इंजन अब Tata Harrier और Safari में भी देखने को मिलता है. इन दोनों गाड़ियों में, इस चार-सिलेंडर पेट्रोल इंजन का आउटपुट बढ़ाकर 170hp की पावर और 280Nm का टॉर्क कर दिया गया है. इसे 6-स्पीड मैनुअल या 6-स्पीड टॉर्क-कन्वर्टर ऑटोमैटिक के साथ जोड़ा जा सकता है. संभावना जताई जा रही है कि नई Tata Harrier पेट्रोल की कीमत लगभग 13.00 लाख रुपये से 24.50 लाख रुपये के बीच हो सकती है, जबकि Tata Safari पेट्रोल वेरिएंट की कीमत 14.00 लाख रुपये से 25.50 लाख रुपये के बीच हो सकती है. इन SUVs के टॉप-स्पेक पेट्रोल वेरिएंट में 14.5-इंच का QLED टचस्क्रीन, आगे और पीछे के कैमरों के लिए 'वॉशर' फंक्शन, एक डिजिटल IRVM, और 10-स्पीकर वाला JBL ऑडियो सिस्टम मिलता है. 3. Tata Punch फेसलिफ्ट (लॉन्च: जनवरी के मध्य में) Tata Motors जनवरी 2026 के बीच में Tata Punch फेसलिफ्ट को लॉन्च कर सकती है, जिसकी कीमत 6.00 लाख रुपये से 9.50 लाख रुपये के बीच हो सकती है. अपडेटेड Tata Punch को ज़्यादा मॉडर्न लुक देने के लिए Punch EV से कुछ डिज़ाइन एलिमेंट्स लिए जा सकते हैं, जबकि नए कन्वीनियंस और टेक फीचर्स से ओवरऑल एक्सपीरिएंस बेहतर होगा. 2026 Tata Punch मौजूदा 1.2-लीटर तीन-सिलेंडर इंजन के साथ आएगी, जो लगभग 88hp की पावर और 115Nm का टॉर्क प्रदान करता है, जिसे 5-स्पीड मैनुअल या 5-स्पीड AMT गियरबॉक्स के साथ जोड़ा जाएगा. 4. Nissan Gravite (लॉन्च: जनवरी के मध्य में) जापानी कार निर्माता Nissan भी अपनी पहली एमपीवी भारत में लॉन्च करने वाली है. नई Nissan Gravite को CMF-A+ प्लेटफॉर्म पर बनाया जाएगा, जिसका इस्तेमाल Renault Triber के लिए किया जाता है. इस कार की अनुमानित कीमत 6.00 लाख रुपये से 9.00 लाख रुपये के बीच होने वाली है. Nissan Gravite के इंजन की बात करें तो इसमें वही 1.0-लीटर, तीन-सिलेंडर पेट्रोल इंजन इस्तेमाल किया जाएगा, जो Renault Triber में इस्तेमाल किया जाता है. यह इंजन 72hp की पावर और 96Nm का टॉर्क उत्पन्न करता है. इसी तरह, संभावना जताई जा रही है कि गियरबॉक्स विकल्पों में 5-स्पीड मैनुअल और 5-स्पीड AMT शामिल होंगे. 5. नई-जनरेशन Renault Duster (लॉन्च: 26 जनवरी) लगभग चार साल पहले Renault ने अपनी Renault Duster की बिक्री और उत्पादन भारत में बंद कर दिया था. अब कंपनी एक बार फिर से इस नेमप्लेट को जीवित करने वाली है. नई-जनरेशन Renault Duster को रिपब्लिक डे 2026 पर नए अवतार में पेश किया जा सकता है. नई Renault Duster के हायर वेरिएंट में 156hp का पावर देने वाला 1.3-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन इस्तेमाल किया जा सकता है, जो ग्लोबल-स्पेक मॉडल में उपलब्ध है. वहीं लोअर वेरिएंट में 1.0-लीटर तीन-सिलेंडर टर्बो-पेट्रोल इंजन मिल सकता है, जो Renault Kiger में इस्तेमाल होता है, यहां यह इंजन 100hp की पावर और 160Nm तक का टॉर्क देता है. हालांकि संभावना यह है कि Renault इस इंजन में कुछ बदलाव कर सकती है ताकि इससे ज़्यादा पावर मिल सके, जिससे इस मिडसाइज़ SUV के बढ़े हुए वज़न की भरपाई हो सके. नई Renault Duster की कीमत 10.00 लाख रुपये से 20.00 लाख रुपये के बीच हो सकती है, और संभावना है कि इंडिया-स्पेक मॉडल अपने ग्लोबल मॉडल से अलग दिखेगा. 6. Maruti Suzuki e-Vitara (लॉन्च: जनवरी के अंत में) लिस्ट में Maruti Suzuki का नाम भी शामिल है, और अगर कोई समस्या नहीं होती है, तो कंपनी भारत में अपनी पहली EV, Maruti Suzuki e-Vitara को जनवरी 2026 में लॉन्च हो सकती है. कीमत की बात करें तो इस कार को लगभग 18.00 लाख रुपये से 25.00 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच उतारा जा सकता है. Maruti e-Vitara के एंट्री-लेवल वेरिएंट में 49kWh बैटरी पैक के साथ 144hp की फ्रंट-माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर हो सकती है. वहीं, इस मारुति EV के टॉप-स्पेक वेरिएंट में 61kWh बैटरी पैक मिलने वाला है, जो 174hp की इलेक्ट्रिक मोटर को पावर देता है, जो फ्रंट व्हील्स को भी चलाती है. बड़े बैटरी पैक वाली ई विटारा की ARAI-क्लेम्ड रेंज 543km है.

कार बाजार में धमाका! अक्टूबर में सबसे ज्यादा बिकी इस कंपनी की गाड़ियां, बाकी सब पीछे

नई दिल्ली भारत का ऑटो सेक्टर अक्टूबर 2025 में त्योहारी जोश और GST 2.0 के असर से पूरी तरह चमक उठा है। देश की बड़ी कंपनियां मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki), टाटा मोटर्स (Tata Motors), महिंद्रा (Mahindra), किआ (Kia) और टोयोटा (Toyota) ने इस महीने अब तक की सबसे ज्यादा सेल्स दर्ज की हैं। त्योहारी सीजन (नवरात्रि से दिवाली तक) में गाड़ियों की डिमांड इतनी जबरदस्त रही कि शोरूम पर बुकिंग और डिलीवरी दोनों के रिकॉर्ड टूट गए। पसंदीदा मॉडल्स पर सीमित समय की शानदार डील भारत की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) ने अक्टूबर 2025 में 2.42 लाख यूनिट्स की डिलीवरी की, जो कि इसका अब तक का सबसे बड़ा रिटेल रिकॉर्ड है। कंपनी के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (सेल्स और मार्केटिंग) पार्थो बनर्जी ने बताया कि हमने 40 दिनों के फेस्टिव सीजन में 5 लाख से ज्यादा बुकिंग्स दर्ज कीं, जिनमें से 4.1 लाख कारें हमने ग्राहकों को डिलीवर कीं। ये पिछले साल की तुलना में दोगुना प्रदर्शन है। मारुति स्विफ्ट (Swift), ब्रेजा (Brezza), बलेनो (Baleno) और फ्रोंक्स (Fronx) जैसी कारों की डिमांड अब भी टॉप पर बनी हुई है। SUV सेगमेंट में महिंद्रा (Mahindra) का राज कायम है। अक्टूबर 2025 में कंपनी ने 71,624 SUVs बेचीं, जो महिंद्रा (Mahindra) के इतिहास की सबसे ज्यादा मासिक बिक्री है। कंपनी के ऑटो डिविजन के CEO नलिनीकांत गोंलगुंटा ने कहा कि स्कॉर्पियो-N और XUV700 की डिमांड अब भी सप्लाई से आगे चल रही है। हर महीने बुकिंग बढ़ती जा रही है। टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल (Tata Motors Passenger Vehicles) ने भी अपना अब तक का सबसे शानदार महीना दर्ज किया है। कंपनी ने 61,295 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की, जो पिछले साल की तुलना में 26.6% ज्यादा है। किआ (Kia) ने भी अक्टूबर 2025 में अपनी इंडिया जर्नी का सबसे अच्छा प्रदर्शन किया। कंपनी ने 29,556 यूनिट्स बेचीं। यह किआ (Kia) के लिए अब तक का बेस्ट मंथली सेल्स रिकॉर्ड है। सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अतुल सूद ने कहा कि हमारी प्रोडक्ट रेंज भारतीय ग्राहकों की बदलती जरूरतों से पूरी तरह मेल खाती है। EV सेगमेंट में बढ़ता योगदान हमारे फ्यूचर रेडी फोकस को साबित करता है। टोयोटा (Toyota Kirloskar Motor- TKM) ने भी जबरदस्त 39% की ग्रोथ दिखाई। अक्टूबर में कंपनी ने 42,892 यूनिट्स बेचीं, जो पिछले साल की तुलना में काफी बेहतर है। फेस्टिव सीजन में इनोवा हाईक्रॉस (Innova Hycross) और अर्बन क्रूजर टेजर (Urban Cruiser Taisor) की डिमांड सबसे ज्यादा रही। वहीं, स्कोडा ऑटो इंडिया (Skoda Auto India) ने भी नया रिकॉर्ड बनाया। इस कंपनी ने अक्टूबर में 8,252 यूनिट सेल की, जो कंपनी की अब तक की सबसे ज्यादा मासिक बिक्री है। जनवरी से अक्टूबर 2025 के बीच स्कोडा (Skoda) ने पहले ही 2022 के पूरे साल का रिकॉर्ड पार कर लिया है। हुंडई (Hyundai Motor India) की बिक्री में मामूली 3% की गिरावट रही, लेकिन फिर भी यह कंपनी के लिए क्रेटा (Creta) और वेन्यू (Venue) की दूसरी सबसे बड़ी बिक्री वाला महीना रहा। दोनों SUVs की लगातार मजबूत डिमांड यह साबित करती है कि हुंडई (Hyundai) की पकड़ अब भी SUV मार्केट में बनी हुई है। इस महीने के आंकड़े साफ बताते हैं कि SUV सेगमेंट भारत के कार बाजार पर पूरी तरह हावी है। त्योहारी मांग और GST 2.0 के असर ने ग्राहकों को खरीदारी के लिए प्रेरित किया है। ग्रामीण इलाकों में रिकवरी और नई लॉन्चेज ने भी ऑटो इंडस्ट्री में जान फूंक दी है।

राजस्थान के अलवर में हाईटेक कार हुई फेल, ई-रिक्शे ने दिखाई ताकत — सोशल मीडिया पर VIDEO छाया

अलवर में बीच सड़क बंद हुई 15 लाख की EV कार, ई-रिक्शे ने खींचकर पहुंचाया घर — VIDEO वायरल राजस्थान के अलवर में हाईटेक कार हुई फेल, ई-रिक्शे ने दिखाई ताकत — सोशल मीडिया पर VIDEO छाया 15 लाख की इलेक्ट्रिक कार बनी मज़ाक का कारण, ई-रिक्शे ने खींचकर पहुंचाया घर अलवर राजस्थान के अलवर का एक वीडियो वायरल हो रहा है. जहां कुछ दिन पहले खरीदी गई एक टाटा नेक्सन ईवी कार बीच रास्ते बंद हो गई. जिससे सड़क पर जाम लग गया. आनन-फानन में कार मालिक ने ई-रिक्शे वाले को बुलाया. जिसके बाद डेढ़ लाख रुपए के ई-रिक्शे ने रस्सी से खींचकर कार को घर तक पहुंचाया. ई-रिक्शे द्वारा कार को खींचने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.  दरअसल सरकार ईवी कारों को प्रमोट कर रही है. कार कंपनियां भी तेजी से ईवी कार बना रही हैं. आए दिन बाजार में नई गाड़ियां लॉन्च भी हो रही हैं. लेकिन ईवी कारों के लिए अभी पर्याप्त चार्जिंग के स्टेशन नहीं हैं. साथ ही इनके चार्जिंग के लिए कंपनियों की तरफ से पर्याप्त व्यवस्था भी नहीं की गई है. जिसके चलते कार चालक व आम आदमी परेशान होता है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है वीडियो  अलवर के काला कुआं क्षेत्र में रहने वाले व्यापारी सुभाष अग्रवाल की टाटा नेक्सन ईवी की चार्जिंग खत्म हो गई. ऐसे में ज्योति राव फूले सर्किल पर कार बीच रास्ते में खड़ी हो गई. इससे सड़क पर जाम लगने लगा और वाहन चालकों को आने-जाने में परेशानी होने लगी. जिसके बाद मजबूरी में सुभाष अग्रवाल ने एक ई-रिक्शा बुक किया. जिसके बाद मौके पर पहुंचे ई-रिक्शा ने गाड़ी को रस्सी से खींचकर घर पहुंचाया. इस दौरान रास्ते में लोगों ने ई-रिक्शा द्वारा कार खींचने का वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. यह वीडियो अब देश भर में तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो ने ईवी गाड़ियों की पोल खोल कर रख दी.  

जीएसटी 2.0 के प्रभाव से कार बिक्री में तेजी, 7 लाख यूनिट्स तक पहुंची बिक्री, Maruti Suzuki ने लगाया नया मुकाम

नईदिल्ली   केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने  कहा कि 22 सितंबर से लागू हुए जीएसटी सुधारों से घरेलू ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री को काफी फायदा हुआ है और गाड़ियों की बिक्री दोगुनी होकर 7 लाख यूनिट्स तक पहुंच गई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में केंद्रीय वित्त मंत्री ने कहा कि बाजार के जानकारों का कहना है कि 22 सितंबर से जीएसटी लागू होने के बाद से दीपावली तक पूरी वाहन इंडस्ट्री की रिटेल बिक्री 6,50,000 से 7,00,000 यूनिट्स के बीच रही है। उन्होंने एक मीडिया आर्टिकल को पोस्ट करते हुए लिखा, एक महीने पहले लागू हुए जीएसटी 2.0 से ऑटो इंडस्ट्री को काफी बढ़ावा मिला है और कारों की बिक्री दोगुनी से भी अधिक होकर 6,50,000 से 7,00,000 यूनिट्स तक पहुंच गई है। वित्त मंत्री ने कहा कि दीपावली की खरीदारी के दौरान ई-कॉमर्स और क्विक-कॉमर्स प्लेटफार्मों पर भी मांग में तेज वृद्धि दर्ज की गई। इसमें प्रीमियम उत्पादों और इंस्टेंट डिलीवरी सर्विसेज ने ग्रोथ को बढ़ाने का काम किया। त्योहारी खर्च बड़े शहरों से आगे छोटे शहरों में भी दिखाई दिया। जीएसटी में कटौती और त्योहारी मांग के कारण कंपनियों ने बिक्री के रिकॉर्ड आंकड़े पेश किए हैं। टाटा मोटर्स ने कहा कि उसने नवरात्रि से लेकर दीपावली तक के 30 दिनों के दौरान एक लाख से अधिक गाड़ियों की डिलीवरी दी है। इस दौरान कंपनी की बिक्री में सालाना आधार पर 30 प्रतिशत का इजाफा देखने को मिला है। फेस्टिव सीजन में बेच डाली 4.50 लाख कारें; विदेश में भी बढ़ी डिमांड नवरात्रि से लेकर दिवाली तक ऑटोमोबाइल कंपनियों ने बिक्री में रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की, जिसमें देश की सबसे बड़ी कार निर्माता मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) ने सबसे आगे रहकर झंडा गाड़ दिया। मारुति सुजुकी ने इस फेस्टिव सीजन में कुल 3.25 लाख वाहनों की रिटेल बिक्री (Retail Sales) की और लगभग 4.50 लाख गाड़ियों की बुकिंग दर्ज की। इन आंकड़ों ने साबित कर दिया कि भारतीय ग्राहक नई गाड़ी खरीदने के लिए किस कदर उत्सुक थे। कार बिक्री में इस ऐतिहासिक वृद्धि के पीछे दो प्रमुख कारक थे, जिन्होंने एक आदर्श माहौल बनाया। जीएसटी 2.0 सुधारों के तहत कारों पर टैक्स दरों में कमी आने से कई लोकप्रिय मॉडलों की कीमतें घट गईं। इससे जो ग्राहक पहले खरीदी टाल रहे थे, उत्साह के साथ शोरूम पहुंचे और जमकर खरीदारी की। कंपनियों और बैंकों द्वारा दिए गए आकर्षक लोन और फाइनेंस विकल्पों ने भी खरीदारों के लिए कार खरीदना आसान बना दिया। अनुमान बताते हैं कि नवरात्रि से दिवाली के बीच बिक्री में पिछले साल की तुलना में 15 से 35 प्रतिशत तक की तेज उछाल आई है। एसयूवी (SUV) और इलेक्ट्रिक वाहनों (EVs) की डिमांड खास तौर पर जोरदार रही। कंपनी रिटेल बिक्री (Navratri-Diwali) सालाना वृद्धि (YoY) खास बात मारुति सुजुकी 3.25 लाख यूनिट्स 50% से अधिक 4.50 लाख बुकिंग का रिकॉर्ड। टाटा मोटर्स 1 लाख यूनिट से ज्यादा ~33% अकेले धनतेरस पर रिकॉर्ड डिलीवरी। हुंडई लगभग 75,000 यूनिट ~30% डेली डिलीवरी औसतन 2,500 यूनिट। टाटा मोटर्स के लिए यह सीजन अभूतपूर्व रहा। कंपनी ने 1 लाख से ज्यादा गाड़ियों की डिलीवरी दी, जिसमें से एसयूवी ने मुख्य भूमिका निभाई। नेक्सन (Nexon): 38,000 यूनिट्स से अधिक बिकी, जिसमें 73% YoY वृद्धि हुई। पंच (Punch): लगभग 32,000 यूनिट्स बिकी, 29% YoY वृद्धि दर्ज की गई। इलेक्ट्रिक वाहन (EVs): टाटा के ईवी पोर्टफोलियो ने 10,000 से ज्यादा डिलीवरी दी, जो दिखाता है कि भारतीय बाजार में इलेक्ट्रिक कारों के प्रति आकर्षण बढ़ रहा है। सिर्फ धनतेरस के एक दिन में 51,000 से ज्यादा गाड़ियों ने नए मालिकों का घर सजाया, जो एक दिन की बिक्री का नया रिकॉर्ड है। बेशक कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि यह वृद्धि केवल 'पुल-फॉरवर्ड डिमांड' (यानी जिन ग्राहकों ने पहले खरीदना टाल दिया था, उन्होंने अब ख़रीदा है) का परिणाम हो सकती है, लेकिन यह आंकड़े बाजार के लिए एक बड़ा सकारात्मक संकेत है। इस बड़ी बिक्री ने ऑटोमोबाइल कंपनियों को वित्त वर्ष के शेष महीनों के लिए एक मजबूत आधार प्रदान किया है। इस 'फेस्टिव बोनांजा' में सिर्फ मारुति ही नहीं, बल्कि अन्य बड़ी कंपनियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया है। मारुति सुजुकी की भी पॉजिशन मजबूत रही है और कंपनी ने मार्केट लीडर का खिताब बनाए रखा है। इंडस्ट्री बॉडी कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के मुताबिक, जीएसटी दरों में कटौती और स्थानीय या स्वदेशी उत्पादों की जोरदार मांग के चलते, 2025 में दीपावली की बिक्री रिकॉर्ड 6.05 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गई है। दीपावली पर व्यापार में आई तेजी से लॉजिस्टिक्स, परिवहन, खुदरा सहायता, पैकेजिंग और डिलीवरी जैसे क्षेत्रों में लगभग 50 लाख लोगों के लिए अस्थायी रोजगार पैदा होने का अनुमान है।

धनतेरस बनी ऑटोमोबाइल कंपनियों के लिए लकी! Maruti ने बेचीं 50 हज़ार कारें, Hyundai ने रचा नया इतिहास

मुंबई  Car Sales on Dhanteras: इस बार की दिवाली देश के ऑटो सेक्टर के लिए बेहद ही शानदार साबित हो रही है. धनतेरस पर इस बार ऑटोमोबाइल बाजार सचमुच जगमगा उठा है. देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया (Maruti Suzuki) ने इस धनतेरस के मौके पर रिकॉर्ड तोड़ बिक्री का आंकड़ा छू लिया है. वहीं, दूसरी ओर हुंडई मोटर इंडिया ने भी पिछले साल की तुलना में करीब 20 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है. यह त्योहारी सीजन भारतीय ऑटो इंडस्ट्री के लिए अब तक का सबसे सुनहरा साबित हो रहा है. मारुति सुजुकी ने बताया कि कंपनी को उम्मीद है कि इस धनतेरस पर कंपनी की बिक्री का आंकड़ा 50,000 यूनिट्स के पार पहुंच जाएगा. कंपनी के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (मार्केटिंग एंड सेल्स) पार्थो बनर्जी ने कहा कि, सिर्फ शनिवार को शाम तक ही कंपनी ने 38,500 यूनिट्स की डिलीवरी कर ली है जो दिन खत्म होने तक करीब 41,000 डिलीवरीज़ होने की संभावना है. जबकि शेष 10,000 ग्राहकों को रविवार को गाड़ी सौंपी जाएगी. चूंकि इस बार धनतेरस का शुभ मुहूर्त शनिवार दोपहर 12:18 बजे से शुरू होकर रविवार दोपहर 1:51 बजे तक रहेगा. ऐसे में उम्मीद है कि मारुति बिक्री के नए और तगड़े रिकॉर्ड बनाएगी. उन्होंने कहा, “यह अब तक का सबसे बड़ा डिलीवरी डे साबित होने जा रहा है. हमारी प्रोडक्शन टीम छुट्टी के दिन भी काम कर रही है ताकि हर ग्राहक तक कार समय पर पहुंच सके.” बनर्जी ने बताया कि, “पिछले साल धनतेरस पर कंपनी ने 41,500 यूनिट्स की बिक्री की थी, जबकि इस बार आंकड़ा उससे कहीं ऊपर निकल जाएगा.” उन्होंने कहा कि “GST 2.0 के प्रभाव से ग्राहकों में उत्साह है और बुकिंग इतनी तेज़ी से हो रही है कि कई जगह हमें समय पर डिलीवरी देने में चुनौती आ सकती है.” नवरात्र से शुरू हुए इस पूरे फेस्टिव सीजन को लेकर मारुति सुजुकी बेहद उत्साहित है. बनर्जी के अनुसार, कंपनी को औसतन हर दिन 14,000 बुकिंग्स मिल रही हैं. 18 सितंबर से कीमतें घटाने के बाद से अब तक 4.5 लाख बुकिंग्स दर्ज हुई हैं. इनमें 94,000 से ज़्यादा छोटी कारों की बुकिंग शामिल है, जो उपभोक्ताओं की बढ़ती हुई कार खरीदारी को दर्शाता है. Hyundai ने भी दर्ज की जबरदस्त ग्रोथ हुंडई मोटर इंडिया (Hyundai Motor India) के मौजूदा सीओओ, तरुण गर्ग (जो आगामी 1 जनवरी 2026 से कंपनी की कमान बतौर MD एवं CEO) ने भी शानदार बिक्री की पुष्टि की है. उन्होंने कहा, “हम इस धनतेरस पर लगभग 14,000 यूनिट्स की डिलीवरी की उम्मीद कर रहे हैं, जो पिछले साल से करीब 20 प्रतिशत ज़्यादा है. यह उत्सव का माहौल, स्ट्रांग मार्केट सेंटिमेंट और GST सुधारों के चलते संभव हुआ है.” गर्ग ने बताया कि इस बार धनतेरस दो दिनों में बंटा होने से डिलीवरीज़ लगातार जारी रहेंगी. सस्ती हुईं Maruti-Hyundai की कारें नए जीएसटी रिफॉर्म के ऐलान के बाद 22 सितंबर से मारुति सुजुकी की कारें 1.29 लाख रुपये तक सस्ती हो गई हैं. जिसमें ब्रेजा, ऑल्टो, वैगनआर और स्विफ्ट इत्यादि सभी कारें शामिल हैं. अब कंपनी के पोर्टफोलियो की सबसे सस्ती कार S-Presso हो गई है. जो अब केवल 3,49,900 रुपये की शुरुआती कीमत में आती है.  वहीं Hyundai ने अपनी कारों की कीमत में अधिकतम 2.4 लाख रुपये तक की कटौती की है. कंपनी ने अपने प्रीमियम एसयूवी टक्सन पर सबसे ज्यादा 2,40,303 रुपये की कटौती की है. वहीं Creta के दाम में 38,311 रुपये की कटौती की गई है. अब इसकी शुरुआती कीमत 10.73 लाख रुपये हो गई है जो पहले 11.11 लाख रुपये हुआ करती थी.

बिलासपुर: बर्थडे सेलिब्रेशन के लिए निकले रईसजादों का हाईवे पर हंगामा, स्टंट करते बनाए वीडियो, NH पर लगा जाम

बिलासपुर  छत्तीसगढ़ के बिलासपुर-मस्तूरी नेशनल हाईवे पर फिर रसूखदारों ने गाड़ियों का काफिला निकालकर जाम लगा दिया। शहर की सड़कों पर 15-20 कारों का काफिला एक साथ निकला। जिसमें करीब 18 लड़के सवार थे। ये सभी मस्तूरी में किसी कारोबारी के फॉर्म हाउस में बर्थडे पार्टी मनाने जा रहे थे।  मामला मस्तूरी थाना क्षेत्र का है। बदमाशों ने ना केवल सड़कों पर जाम लगाया बल्कि रील बनाने के लिए स्टंटबाजी भी की। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लड़के चलती कार की खिड़की पर बैठकर फोन चलाते दिखे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने सभी 18 बदमाशों को पकड़ लिया है। कार की विंडो पर बैठकर स्टंटबाजी, लगा जाम इस दौरान शहर के बदमाश युवक नेशनल हाईवे पर अलग-अलग 15-20 कारों में सवार थे, विंडो पर बैठकर मस्ती कर रहे थे। युवकों ने रील्स बनाने के लिए फिल्मी स्टाइल पर नेशनल हाईवे पर कारों का काफिला लगाकर स्टंटबाजी भी की। बर्थडे पार्टी में शामिल होने जा रहे थे सभी बताया जा रहा है कि मस्तूरी क्षेत्र में एक जमीन कारोबारी का फार्म हाउस है, जहां बुधवार की रात बर्थ-डे सेलिब्रेशन किया जा रहा था। इस आयोजन में शहर के युवाओं को बुलाया गया था। फार्म में DJ लगाकर शराब और कबाब के साथ युवक मस्ती कर रहे थे। वहीं, पार्टी में शामिल होने के लिए शहर के रसूखदार युवक नेशनल हाईवे पर कारों का काफिला लगाकर सड़क जाम कर दिए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की बदमाशों के इस काफिले से नेशनल हाईवे जाम हो गया था। पीछे चल रही गाड़ियों के कुछ लोगों ने वीडियो बनाकर पुलिस को सूचना दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। सभी गाड़ियों को जब्त कर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। 18 युवकों के खिलाफ होगी कार्रवाई पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी कार को जब्त कर 18 युवकों को गिरफ्तार किया गया। एडिशनल एसपी अर्चना झा ने बताया कि पुलिस ने सभी कार को जब्त किया है। साथ ही कार सवार 18 युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।

स्टॉकयार्ड में पानी भरने से 300 नई मारुति कारें डूबीं, झज्जर में हड़कंप

झज्जर   हरियाणा के झज्जर जिले के बहादुरगढ़ से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां आई बाढ़ में करीब 300 नई मारुति सुजुकी कारें एक साथ डूब गईं। आमतौर पर बाढ़ में गाड़ियां डूबने की खबरें आती रहती हैं, लेकिन इतने बड़े पैमाने पर नई कारों का डूबना काफी असामान्य है।  वायरल हुआ वीडियो न्यूज एजेंसी एएनआई द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में साफ दिख रहा है कि मारुति सुजुकी के स्टॉकयार्ड में खड़ी सैकड़ों नई गाड़ियां पानी में डूबी हुई हैं। इन कारों में अल्टो K10, वैगनआर, ब्रेजा और इनविक्टो जैसे मॉडल शामिल हैं। वीडियो में यह भी नजर आता है कि कई कारों के एयरबैग खुल चुके हैं और कई गाड़ियों के ड्राइवर साइड के शीशे भी निकाले गए हैं।   सात दिनों से पानी में डूबी गाड़ियां रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये कारें करीब सात दिनों से पानी में फंसी हुई हैं, जिससे उन्हें बाहर निकालना बेहद मुश्किल हो गया है। कई गाड़ियों में पानी इतना ऊपर तक भर गया है कि उनके इंजन तक डूब चुके हैं। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि इन कारों को दोबारा चलने लायक बनाना बेहद कठिन होगा। फैक्ट्रियों और इलाकों पर भी असर स्थानीय फैक्ट्री कर्मचारियों ने बताया कि ये गाड़ियां बहादुरगढ़ के मारुति सुजुकी शो-रूम मालिकों की थीं। रात में जब अचानक पानी आया, तो वॉचमैन को इसकी जानकारी दी गई। लेकिन तब तक गाड़ियां डूब चुकी थीं और कई कारों के अलार्म बजने लगे थे। फिलहाल इलाके में बाढ़ का हाल और बिगड़ रहा है। पानी बढ़ने से लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। वहीं, औद्योगिक क्षेत्रों में भी असर दिख रहा है। दिल्ली से लगे आधुनिक इंडस्ट्रियल एरिया की कई फैक्ट्रियों में 4 से 5 फीट तक पानी भर गया है और वहां कामकाज बंद करना पड़ा है।  

उज्जैन पुलिस ने ट्रैक की दो एक नंबर की कारें — एक मुख्यमंत्री काफिले की

उज्जैन  एक ही नंबर की दो इनोवा कार चलाने का मामला सामने आया है। माधव नगर पुलिस ने दोनों वाहनों को थाने में खड़ा करवाया है। फाइनेंस कंपनी के अधिकारियों ने इसकी शिकायत की थी। आरोपित ने कंपनी से कार फाइनेंस करवाने के बाद उसकी किश्त जमा नहीं की थी। कंपनी की कार्रवाई से बचने के लिए उसने अपनी दूसरी कार का नंबर लगा लिया था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बताया जा रहा है कि एक कार को बीते दिनों सीएम के कारकेट भी लगाया गया था। बचने के लिए दूसरी कार का नंबर लगा दिया जानकारी के अनुसार एक फाइनेंस कंपनी के अधिकारी माधव नगर थाने पहुंचे थे। जहां उन्होंने एक ही नंबर की दो इनोवा कार चलाए जाने की बात कही थी। शिकायत में पुलिस को बताया गया था कि एक सुनील नामक व्यक्ति ने उनकी कंपनी से कार फाइनेंस करवाई थी। इसकी किश्त उसने जमा नहीं की है। इसके बाद उसने फाइनेंस कंपनी की कार्रवाई से बचने के लिए कार पर दूसरी कार का नंबर लगा लिया है। इसके बाद उसे शहर में चलाया जा रहा है। कंपनी के अधिकारियों पर पुलिस ने जांच की तो एक ही नंबर की दो इनोवा कार भी मिली है। जिसके बाद दोनों कारों को जब्त कर थाने पर खड़ा करवा दिया गया है। टीआइ राकेश भारती का कहना है कि दो कारों पर एक ही नंबर लगा होने की सूचना मिली थी। जिस पर दोनों कारों को जब्त कर थाने ले जाया गया है। मामले की जांच की जा रही है। सीएम कारकेट में भी लगी एक कार बताया जा रहा है कि एक नंबर की दो कारों में से एक को बीते दिनों सीएम डा. मोहन यादव के कारकेट में भी लगाया गया था। जिसकी भी जांच की जा रही है।