samacharsecretary.com

छठ पर्व पर महिलाओं ने अर्पित किया अर्घ्य, आमातालाब घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

लोक आस्‍था के पर्व छठ पर महिलाओं ने अस्‍ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्‍य, आमातालाब छठ घाट पर उमड़े श्रद्धालु रायपुर लोक आस्था का महापर्व छठ पर  व्रती महिलाओं राजधानी रायपुर के आमातालाब छठ घाट पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया. 4 दिनों तक चलने वाले इस लोक आस्था के पर्व का आज तीसरा दिन है। रायपुर विश्वकर्मा समाज के अध्यक्ष श्री रमेश शर्मा ने बताया कि राजधानी रायपुर के आमातालाब छठ घाट पर लोक आस्था का महापर्व छठ पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है. सोमवार शाम को अस्‍ताचलगामी सूर्य को अर्घ्‍य देने के लिए आमातालाब छठ घाट पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी. पारंपरिक गीतों और पूजा के बीच माहौल आस्थामय नजर आया. इस मौके पर भोजपुरी इंडस्‍ट्री के कलाकार भी भक्ति में सराबोर नजर आए. घाटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और प्रशासन ने व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष टीम तैनात की थी. छठ पूजा की खासियत यह रही कि लोग सुबह से ही तैयारी में जुटे रहे और शाम होते ही सूर्य को अर्घ्‍य देने के लिए घाटों पर पहुंचे. सोमवार को इस पर्व के तीसरे दिन व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। कल 28 अक्टूबर को प्रातः 6 बजे उषा अर्घ्य उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इस अवसर पर क्षेत्र के विधायक एवं पार्षद गण,मंडल अध्यक्ष सहित समाज के सभी सदस्य सपरिवार उपस्थित रहेंगे। आज के कार्यक्रम में विशेष रूप से  विश्वकर्मा समाज के पूजन व्यवस्था हेतु युवा वर्ग से सुरज शर्मा,विनय शर्मा,रोहित,विश्वकर्मा संतोष विश्वकर्मा,शंकर शर्मा,सुनील शर्मा,सन्नी शर्मा,आकाश शर्मा एवं अन्य सदस्यों ने अपना योगदान दिया है।  

CM हेमंत सोरेन ने झारखंडवासियों को छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं, जानें क्या कहा

रांची आज छठ पूजा का तीसरा दिन है। समापन कल यानी मंगलवार, 28 अक्टूबर 2025 को प्रातः कालीन अर्घ्य के साथ होगा। आज छठव्रती महिलाएं डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य देंगी। वहीं, सीएम हेमंत ने छठ पूजा की सभी को शुभकामनाएं दी हैं। सीएम हेमंत ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, "लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा की सभी को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार। आज छठव्रती माताएं-बहनें डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य देंगी। प्रकृति की महानता को दर्शाता छठ का हर अनुष्ठान हमें सिखाता है कि जीवन में उगते सूर्य के प्रति कृतज्ञता और अस्त होते प्रकाश के प्रति धैर्य सच्ची साधना और समर्पण का मार्ग है। छठी मैया और भगवान भास्कर आप सभी की मनोकामना पूर्ण करें। जय छठी मैया! जय भगवान भास्कर!  

झारखंड की जेलों में छठ महापर्व की रौनक, बंदियों ने उठाया आस्था का संकल्प

रांची झारखंड की सभी जेलों में इस साल भी छठ महापर्व की विशेष तैयारियां की गई हैं। जेलों में व्रत करने वाले बंदियों के लिए पूजा सामग्री और अर्घ्य की व्यवस्था जेल प्रबंधन की ओर से की गई है। बंदियों के लिए की गई अर्घ्य की व्यवस्था राज्य भर के कारागारों में छठ की भक्ति में बंदी डूबे हुए हैं, जहां पुरुष बंदियों की संख्या महिलाओं से ज्यादा है। झारखंड कारा विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, राज्य की विभिन्न जेलों में कुल 25 महिला और 31 पुरुष बंदी इस वर्ष छठ का व्रत कर रहे हैं। रांची स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में सबसे अधिक 08 महिला और 08 पुरुष बंदी आराधना में लीन हैं। इनके लिए विशेष रूप से पूजन सामग्री उपलब्ध कराई गई है और अर्घ्य देने की व्यवस्था की गई है। भक्तिमय वातावरण में डूबा हुआ कारा परिसर इसी तरह केंद्रीय कारा दुमका में 02 महिलाएं, हजारीबाग के लोकनायक जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारा में 05 महिला और 07 पुरुष, जबकि पलामू में 04 महिला और 06 पुरुष बंदी श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना कर रहे हैं। अन्य जिलों की जेलों में भी श्रद्धा और सादगी के साथ व्रत किया जा रहा है। जेल अधीक्षक स्वयं व्यवस्था पर नजर रखे हुए हैं। कारा परिसर इन दिनों पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में डूबा हुआ है।  

पीएम मोदी की छठ पूजा के बाद चुनावी धमाका, जानें कौन-कौन से जिलों में मंच संभालेंगे

पटना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 अक्टूबर को एक बार फिर बिहार आने वाले हैं। यह जानकारी शनिवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने दी। इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने समस्तीपुर और बेगूसराय का दौरा किया और चुनावी राज्य में दो रैलियों को संबोधित किया। दिलीप जायसवाल ने कहा, "प्रधानमंत्री छठ पूजा के ठीक बाद 30 अक्टूबर को फिर से बिहार आ रहे हैं। उनका पहला कार्यक्रम सुबह करीब 10 बजे मुजफ्फरपुर के मोतीपुर में होगा। मुजफ्फरपुर के बाद, दोपहर करीब 1 बजे छपरा में उनका कार्यक्रम होगा और इन दो कार्यक्रमों के बाद, नवंबर में उनके कार्यक्रम जारी रहेंगे। फिलहाल, प्रधानमंत्री 30 अक्टूबर को मुजफ्फरपुर और छपरा में कार्यक्रमों के लिए बिहार आ रहे हैं।" शुक्रवार को, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपने चुनाव अभियान की शुरुआत की और राज्य में एनडीए की सत्ता में वापसी का दावा किया। समस्तीपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "लोकतंत्र के महापर्व का बिगुल बज चुका है। पूरा बिहार कह रहा है 'फिर एक बार एनडीए सरकार', 'फिर एक बार सुशासन सरकार'। जंगलराज वालों को दूर रखेगा बिहार।"  

मनोज तिवारी का ‘छठ तोहफा’, रिलीज किया ‘हां, हम बिहारी हैं जी’ गाना

मुंबई,  भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और भारतीय जनता पार्टी के सांसद मनोज तिवारी ने एक नया गाना ‘हां, हम बिहारी हैं जी’ रिलीज किया है, जो बिहार की संस्कृति, गौरव और माटी से जुड़े हर पहलू को सुंदरता से उजागर करता है। इस गाने में छठ पूजा का भी जिक्र किया गया है। गाने की लय और बोल बिहार के लोगों की मेहनत, कला और संस्कृति को प्रगति की ओर अग्रसर करने की प्रेरणा देते हैं। ‘हां, हम बिहारी हैं जी’ गाना भोजपुरी आईटी सेल के यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया गया है। मनोज तिवारी ने इंस्टाग्राम पर इस गाने का एक क्लिप पोस्ट की और कैप्शन में लिखा, “सबसे ज्यादा आईएस-पीसीएस विद्यापति की रचना हैं हम। रेणु की कहानी दे दी, दिनकर की कविता हैं हम। कभी सांचे में ढल जाते हैं, कभी खुद सांचा बन जाते हैं, कभी चट्टानों से टकराकर झरना हम नया बनाते हैं। गुरु गोविंद सिंह का साहस नालंदा की क्यारी हैं जी। हां, हम बिहारी हैं जी, थोड़े संस्कारी हैं जी।” अपने इस पोस्ट में उन्होंने अपने फैंस से अपील की कि वे इस गाने को जरूर देखें और बिहार की सांस्कृतिक धरोहर को महसूस करें। गाने की टीम की बात करें, तो गाने के बोल अतुल कुमार राय ने लिखे हैं और संगीत मधुकर आनंद ने दिया है। इसके साथ ही शैलेंद्र द्विवेदी ने गाने को कंपोज किया है। मनोज तिवारी ने हमेशा अपने गानों और फिल्मों के जरिए बिहार की पहचान को बढ़ावा दिया है। उनका यह गाना न केवल भोजपुरी संगीत प्रेमियों के लिए एक तोहफा है, बल्कि बिहार की संस्कृति को पूरी दुनिया तक पहुंचाने का एक प्रयास भी है। बिहार की मेहनतकश जनता, उनकी कला और उनके गौरवशाली इतिहास को मनोज तिवारी ने पेश किया है। मनोज तिवारी का करियर हमेशा से ही बहुआयामी रहा है। भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में उनका योगदान एक अभिनेता और गायक के रूप में अत्यधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने ‘ससुरा बड़ा पैसावाला’, ‘दरोगा बाबू आई लव यू’, और ‘बंधन टूटे ना’ जैसी फिल्मों में अपनी अदाकारी से लोगों के दिलों में जगह बनाई। इसके अलावा उनका गाना ‘जिया हो बिहार के लाला’ आज भी लोगों का पसंदीदा है। वहीं, राजनीति में भी उनका सफर काफी दिलचस्प रहा है। वे 2014 और 2019 के आम चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर दिल्ली के उत्तर पूर्वी दिल्ली से सांसद चुने गए।  

रांची में त्योहारों की तैयारी तेज़, DC ने दिए विशेष दिशा-निर्देश

रांची झारखंड की राजधानी रांची में आगामी दीपावली, काली पूजा और छठ पर्व के सफल एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम, पुलिस प्रशासन, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, परिवहन, अग्निशमन, आपदा प्रबंधन, स्वच्छता एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। भजंत्री ने निर्देश दिया कि सभी छठ घाटों की सुरक्षा, स्वच्छता एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने रांची नगर निगम को सभी प्रमुख घाटों की सफाई, चूना छिड़काव और अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया। दीपावली, काली पूजा एवं छठ पूजा को लेकर सभी घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। महिला पुलिस की भी उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। नगर निगम द्वारा घाटों की सफाई, कचरा निस्तारण और रोशनी की व्यवस्था करने के निर्देश। प्रत्येक प्रमुख घाट पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्राथमिक उपचार केंद्र स्थापित किए जाएंगे। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति और पेयजल विभाग को पर्याप्त जल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। ट्रैफिक पुलिस द्वारा घाटों की ओर जाने वाले मार्गों पर विशेष यातायात योजना लागू की जाएगी। एनडीआरएफ/एसडीआरएफ की टीम को सतकर् मोड में रखा जाएगा ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। सभी छठ तालाबों और घाटों में सुरक्षित गहराई में बैरिकेड करने के निर्देश दिए। छठ पूजा को सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता भजंत्री ने दीपावली, काली पूजा एवं छठ पूजा को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था, विधि व्यवस्था को लेकर कई निर्देश दिए। छठ घाटों में अस्थाई चेंजिंग रूम बनाने को लेकर निर्देश। इन पूजा के दौरान वालंटियर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। बिजली विभाग के सभी पदाधिकारी/कर्मी सभी फोन उठाएं ताकि किसी भी आपात स्थिति होने पर लोग उनसे संपर्क कर पाए। सभी प्रमुख स्थानों में सीसीटीवी लगाने के निर्देश दिए गए। पर्व के दौरान असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर बनाए रखने एवं लोकल थाना द्वारा लगातार पेट्रोलिंग करने का निर्देश दिया गया। सभी काली पूजा पंडालों एवं छठ घाटों की साफ सफाई करने के निर्देश दिए गए। छठ, काली पूजा समिति के सदस्यों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का निर्देश दिया गया। भजंत्री ने कहा कि छठ पूजा लोक आस्था का महापर्व है, इसे सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने स्तर से लगातार निगरानी रखें और जनसहभागिता को बढ़ावा दें। साथ ही विशेष रूप से कहा की इन पर्व के दौरान ध्वनि प्रदूषण को लेकर उच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित सभी मानकों का पालन सुनिश्चित रूप से हो। टीम बना कर मानकों का पालन करने का निर्देश दिया गया। पर्व के दौरान बेहतर विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार एंटी क्राइम चेकिंग चलाने का निर्देश वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा दिया गया। इस दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक, राकेश रंजन, अपर जिला दंडाधिकारी विधि-व्यवस्था रांची, राजेश्वर नाथ आलोक, पुलिस अधीक्षक शहर, ग्रामीण एवं ट्रैफिक, अनुमंडल पदाधिकारी सदर रांची, उत्कर्ष कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी बुंडू, किस्टो बेसरा, जिला नजारत उप समाहर्ता रांची, डॉ. सुदेश कुमार, कार्यपालक अभियंता (पेयजल एवं स्वच्छता), सभी सम्बंधित डीएसपी, विद्युत विभाग के पदाधिकारी, अग्निशमन विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।